Blog

  • जालंधरः पहली बार सरकारी बसों पर लगा लाखों रुपए का जुर्माना

    जालंधरः पहली बार सरकारी बसों पर लगा लाखों रुपए का जुर्माना

    जालंधर/वरुणः पंजाब में ऐसा पहली बार हुआ है कि जब लेट टैक्स के लिए सरकारी बसों पर भी जुर्माना लगाया गया है। पंजाब रोडवेज बस डिपो होशियारपुर और जालंधर के डिपो 1 और 2 पर क्रमशः 17 लाख और 52.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जो कुल मिलाकर 69 लाख रुपये से अधिक है। तीनों बस डिपो पर बसों की समय अनुसार पासिंग ना करवाने के कारण जुर्माने और टैक्स पर ब्याज का भुगतान किया गया है। आरोप है कि विभाग के निदेशक द्वारा समय पर टैक्स भरने के लिए बजट उपलब्ध कराने के कारण सिर्फ सरकारी बसों पर जुर्माना लगाया गया है।

    बता दें कि सरकारी बसों को भी हर साल पास करना पड़ता है और स्पेशल रोड टैक्स देना पड़ता है। यह टैक्स प्रति किलोमीटर तय होता है। ऐसा कभी नहीं हुआ कि सरकारी बसों से टैक्स न चुकाने पर जुर्माना और ब्याज वसूला गया हो। देरी से टेक्स अदायगी मामले में ट्रांसपोर्ट विभाग को यह टैक्स, जुर्माना और ब्याज का भुगतान करना पड़ा और इस संबंध में बसे भी नहीं चल पाई। जिसका फायदा प्राइवेट बसों को हुआ है। शहीद भगत सिंह नगर बस के डिपो प्रबंधक ने चंडीगढ़ स्थित निदेशक परिवहन सह प्रबंध निदेशक पनबस को बसों की पासिंग के लिए टैक्स भरने के लिए पत्र भेजा है। लेकिन चंडीगढ़ दफ्तर के द्वारा उसकी राशि का भुगतान नहीं किया गया। जिसके चलते रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी अर्थात आर.टी.ए. होशियारपुर में शहीद भगत सिंह नगर बस डिपो की उन बसों को चलने से रोक दिया गया जिनकी पासिंग नहीं हो पाई और न ही दिन का टैक्स अदा हो पाया। ऐसा भी नहीं कि टैक्स अदा करने में मामूली देर हुई हो बल्कि कई बसों का टैक्स तो 11 महीने तक नहीं अदा किया गया।

    जिस पर रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी होशियारपुर ने जुर्माने के साथ-साथ ब्याज भी लगाया। जुर्माने की राशि 16,79,897 रुपये थी और उस पर ब्याज 22,000 रुपए लगा और कुल राशि 17 लाख रुपये से अधिक की बन गई। इससे कुछ दिन पहले जालंधर के डिपो एक और दो की बसों की पासिंग वक्त पर न करवाने के चलते दोनों डिपो को बड़ा जुर्माना लगाया गया। जालंधर बस डिपो एक को 34.98 लाख रुपये और डिपो दो को 17.36 लाख रुपये, कुल मिला कर 52.35 लाख रुपये का जुर्माना और ब्याज लगाया गया। यूनियन के लोगों का आरोप है कि विभाग की डायरेक्टर हर बात को लटका देती है जिसके चलते अनेक मामले विचाराधीन पड़े हैं जबकि पहले अधिकारी देरी नहीं होने देते थे। इस संबंध में जब डायरेक्टर ट्रांसपोर्ट अमनदीप कौर से संपर्क किया गया तो उनका कहना था कि विभाग के पास बजट की व्यवस्था नहीं थी जिसके चलते टैक्स  नहीं भरा जा सका। सरकार का बजट आने के बाद ही विभाग को बजट मिला और फिर राशि अदा की गई।

  • पंजाबः पुलिसकर्मी ने बुजुर्ग को जड़ा थप्पड़, किया जलील, वीडियो वायरल

    पंजाबः पुलिसकर्मी ने बुजुर्ग को जड़ा थप्पड़, किया जलील, वीडियो वायरल

    पठानकोटः जिले के कोर्ट के बाहर से पुलिस कर्मी की एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। दरअसल, कोर्ट के बाहर एक 64 वर्षीय बुजुर्ग गाड़ी को बैक कर रहा था। इस दौरान उसकी गाड़ी पुलिस कर्मी के साथ टच हो गई। जिसके बाद उक्त पुलिसकर्मी भड़क गया।

    इस दौरान बुजुर्ग ने पुलिसकर्मी से माफी भी मांगी, लेकिन गुस्साए पुलिसकर्मी ने भरे बाजार में बुजुर्ग को थप्पड़ जड़ दिए। इतना ही नहीं, पुलिस कर्मी ने बुजुर्ग को पैर छूने के लिए कहा। जिसके बाद बुजुर्ग ने पुलिस कर्मी के पैर भी छूए। पुलिस कर्मी एसआई पद पर तैनात अंग्रेज सिंह है। पुलिस कर्मी की उक्त गुंडागर्दी की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिसकर्मी द्वारा अभ्रद भाषा का इस्तेमाल भी किया गया है। अब देखना यह है कि उक्त एसआई के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। मिली जानकारी के मुताबिक कोर्ट के अंदर पार्किंग की जगह फुल होने के कारण कार पार्किंग के व्यक्ति ने गाड़ी बाहर लगाने के लिए कहा था। जिसके बाद कार चालक की पुलिस के साथ यह विवाद हो गया। 

  • दर्दनाक हादसाः चलती स्कूटी पर गिरा पेड़, देखें वीडियो

    दर्दनाक हादसाः चलती स्कूटी पर गिरा पेड़, देखें वीडियो

    जोधपुरः राजस्थान में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। बिगड़े मौसम का सबसे ज्यादा असर जोधपुर, जयपुर संभाग में देखने को मिल रहा है। जोधपुर शहर में मंगलवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। यहां के कचहरी रोड़ पर सुबह हुए हादसे में तीन युवक घायल हो गए। दरअसल, सुबह करीब नौ बजे एक पेड़ नीचे से निकल रही स्कूटी पर गिर गया। भीड़भाड़ वाली सड़क पर हुए हादसे से अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पेड़ के नीचे दबे तीनों युवकों को बाहर निकालकर नजदीक के हॉस्पिटल पहुंचाया। जोधपुर शहर और आसपास के इलाकों में तूफान और बारिश के कारण काफी नुकसान पहुंचा है।

    वहीं, मौसम विभाग ने फिर प्रदेश के 26 जिलों में अगले 24 घंटे तेज बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। इससे बारिश-तूफान प्रभावित जिलों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। इस बीच तीन-चार दिन से हो रही बारिश के कारण न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के करीब पहुंच गया है। जबकि दिन के तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार को मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के 26 जिलों में तेज तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आज भी 70-80KM प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ आ सकते हैं। इसके साथ ही तेज बारिश के दौरान बिजली भी गिर सकती है। इस बीच बाड़मेर में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। जोधपुर और जैसलमेर में तेज हवा के साथ बारिश हुई।

  • पंजाबः तुर्की में एक साल से फंसे कपूरथला-तरनतारन के तीन पंजाबी युवक घर लौटे, देखें वीडियो

    पंजाबः तुर्की में एक साल से फंसे कपूरथला-तरनतारन के तीन पंजाबी युवक घर लौटे, देखें वीडियो

    अमेरिका जाने के लिए एजेंट ने थमा दिए जाली वीजे, तुर्की एयरपोर्ट पर दबोचे गए

    राज्य सभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयास से हुई घर वापसी

    सुल्तानपुर : ठग ट्रेवल एजेंट के जरिये अमेरिका जाने का सपना संजाने वाले कपूरथला-तरनतारन के तीन युवक एक साल तक तुर्की में फंसे रहे। एजेंट ने इनसे पैसा ऐंठने के लिए ऐसा जाल बुना कि अमेरिका जाने के लिए इनके हाथ में जाली फीजा थमा दिया। तुर्की में एयरपोर्ट से अमेरिका जाने की फ्लाइट पकड़ने पहुंचते ही तुर्की पुलिस ने इन्हें दबोच लिया और एक साल तक परिजनों के 20 लाख रुपये वहां दयनीय हालत में रहन-सहन पर बर्बाद कर डाले। एजेंट ने जो पैसे ठगे, वह अलग हैं। अब राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयास से तीनों युवक सकुशल घर लौट पाए हैं। तीनों युवकों और उनके परिजन संत सीचेवाल का धन्यवाद करते नहीं थक रहे हैं, जिनकी बदौलत उनके बच्चे सही सलामत वतन लौट पाए हैं।

    कपूरथला के गांव भवानीपुर निवासी नवजोत सिंह, गांव टिब्बा निवासी अमृतपाल सिंह और तरनतारन के गांव सरहाली निवासी हैप्पी सिंह अमेरिका व इटली जाने के लिए निकले थे। इनमें से एक युवक इटली के सपने लेकर घर से निकला था और दो युवक अमेरिका के लिए, लेकिन फर्जी एजेंटों के हाथों विदेशी चंगुल में फंस गए। जिसके बाद राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल के प्रयास से इन युवकों को वापस उनके वतन लाया गया है बातचीत के दौरान युवकों ने कहा कि वे लाखों रुपये खर्च कर इस उम्मीद में विदेश जाना चाहते हैं कि उनका भविष्य भी संवर जाए। लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि भविष्य को सुनहरा बनाने की उम्मीद में वे अपनी जान जोखिम में डाल देंगे। उन्होंने कहा कि तुर्की के एक कैंप में उन्हें कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखा गया और उन्होंने कई तरह की यातनाएं झेलीं। यहां तक कि उन्हें लगातार 11 दिन लोहे के कंटेन में बंद रखा जाता था। सिर्फ खाना खाने के लिए 10-15 मिनट के लिए बाहर निकाला जाता था। इन युवकों ने कहा कि एक ओर तो घर लौटने की खुशी है और दूसरी ओर इस बात का भी मलाल है कि वे अपना सपना पूरा नहीं कर सके। संत सीचेवाल ने पंजाब के नौजवानों के भविष्य की चिंता करते हुए कहा कि अक्सर नौजवान फर्जी एजेंटों के झांसे में आ जाते हैं और उन्हें पता नहीं होता कि भविष्य में उन्हें किन-किन मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने पंजाब और भारत सरकार से अपील की है कि ऐसे फर्जी एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे बेहतर भविष्य के लिए विदेश जरूर जाएं, लेकिन सही रास्ते से काबिलियत के दम पर जाएं।

  • पंजाबः गैंगस्टर जरनैल के कत्ल मामले में बंबीहा गैंग के 10 शूटरों की तस्वीरें हुई जारी

    पंजाबः गैंगस्टर जरनैल के कत्ल मामले में बंबीहा गैंग के 10 शूटरों की तस्वीरें हुई जारी

    अमृतसर: गांव सठियाला में हुई गोलीबारी में गैंगस्टर जरनैल सिंह की हत्या के मामले में बड़ी खबर सामने आई है। डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने पूरी साजिश का पर्दाफाश किया है और घटना में बंबीहा गैंग के 10 आरोपियों/शूटरों की भूमिका स्थापित की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पंजाब पुलिस मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशानुसार अपराधियों के नेटवर्क को नष्ट करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

  • पंजाबः रजिस्ट्री पर रिश्वत मांगने के मामले में सरकार ने व्हाट्सएप नंबर किया जारी

    पंजाबः रजिस्ट्री पर रिश्वत मांगने के मामले में सरकार ने व्हाट्सएप नंबर किया जारी

    शिकायत मिलने के 15 से 21 दिनों के भीतर होगा समाधान

    चंडीगढ़ः अगर पटवारी या तहसीलदार जमीन की रजिस्ट्री को लेकर किसी को परेशान करता है या रिश्वत मांगता है या रजिस्ट्री या जमीन को लेकर सुनवाई में शामिल नहीं होता है तो पंजाब सरकार ने एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। इस व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत की जा सकती हैय़ 21 में इसका समाधान किया जाएगा। पंजाब के जिन लोगों को भूमि संबंधी विभाग से शिकायत है, वे भारत के लिए 81849 00002 और एनआरआई के लिए 94641 00168 पर कॉल कर सकते हैं। वे अपनी शिकायत दे सकते हैं, 15 से 21 दिनों के भीतर इसका समाधान किया जाएगा।

    पंजाब में पटवारखानों और तहसीलों की भाषा सरल शब्दों में की जाएगी, पहले उर्दू और फारसी भाषा का प्रयोग किया जाता था लेकिन आने वाले समय में इसे पंजाबी भाषा में किया जाएगा। हम अपनी रजिस्ट्री देख सकते हैं, आम लोग समझ सकते हैं कि उसके नाम पर जमीन कैसे लिखी जाती है, क्या लिखा जाता है, कभी-कभी ऐसे शब्द लिखे जाते हैं, जो अर्थ को नष्ट कर देते हैं। पंजाब के सभी रिकॉर्ड डिजिटलाइजड किए जाएंगे, पहले पंजाब में कई चीजों को डिजिटलाइजड किया जा चुका है लेकिन आने वाले समय में इसे और आगे ले जाया जाएगा, ताकि खसरा नंबर तक की किसी भी जमीन की रजिस्ट्री को डिजिटलाइजड किया जा सके और यह आम लोगों के लिए आसान होना चाहिए। क्योंकि आजकल बहुत ज्यादा अंतर है और ऐसा है कि इसे संभालना मुश्किल है इसे डिजिटल तरीके से हैंडल किया जा सकता है।

    पहले हमारे पास अधिकारियों की कमी थी, लेकिन अब हमने इसे पूरा कर दिया है। आने वाले दिनों में आप देखेंगे कि रजिस्ट्री की लाल चाबी के अंदर आपको लोग दिखाई देंगे। पंजाब में कई अवैध कॉलोनियां हैं, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है, विभिन्न विभागों को एकजुट करके इस मामले को सुलझाया जा सकता है और दिल्ली उच्च न्यायालय में कई मामले लंबित हैं लेकिन हम कार्रवाई करने जा रहे हैं। जल्द ही इस मामले में पंजाब के आम लोगों को एनओसी से राहत मिलेगी। पंजाब के पुराने पटवारियों को राहत देने के लिए अधिकारियों से चर्चा की जाएगी, जिनका प्रशिक्षण अवधि अधिक हो चुकी है और दाखिले की रफ्तार चल रही है, लेकिन इस मामले में किसी भी पटवारी को राहत नहीं दी जाएगी।

  • परिवारिक झगड़े में मां को बचाने गई बेटी पर पिता ने 17 बार चाकू से किया हमला, मौत, देखें वीडियो

    परिवारिक झगड़े में मां को बचाने गई बेटी पर पिता ने 17 बार चाकू से किया हमला, मौत, देखें वीडियो

    सूरतः कडोदरा इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां, एक पति और पत्नी के आपसी झगड़े के बीच उनकी बेटी को अपनी जान गंवनी पड़ी। दरअसल, गर्मी बहुत होने के कारण उसकी पत्नी ने छत पर सोने जाने के लिए कहा था, लेकिन उसके पति को यह मंजूर नहीं था। वह इस बात पर अपनी पत्नी से लड़ाई करने लगा। जानकारी के मुताबिक,बिहार के सीवान जिले के अमरपुर गांव का रहने वाला मजदूर परिवर काफी समय से कडोदरा जिले के एक इलाके में रह रहा है। परिवार में रामानुज महादेव साहू (उम्र 45), पत्नी रेखादेवी (उम्र 40), बेटी चंदकुमारी (उम्र 19) और तीन बेटे सूरज, विशाल और धीरज रहते हैं। मामूली विवाद होने के बाद महिला का पति उससे लड़ाई करने के बाद बाहर चला गया, लेकिन इसके बाद वह बेहद गुस्से में घर वापस लौटा और उसके हाथ में तेजधार चाकू था। उसने अपनी पत्नी पर हमला करते हुए कहा कि मैं तुझे जान से मार डालूंगा।

    रेखादेवी खुद को बचाने के लिए छत पर चली गई, लेकिन उसके पति रामानुज को गुस्से के आगे कुछ नहीं दिखा। वह उसे मारने के लिए छत पर महिला के पीछे चला गया। वहीं, अपनी मां को बचाने के लिए उसके सभी बच्चे भी छत पर पहुंच गए। इसी बीच, मां को पापा से बचाने के लिए उसकी बेटी बीच-बचाव करन आई, लेकिन पिता ने एक न सोची और अपनी ही बेटी को चाकू से 17 बार वार कर मौत के घाट उतार दिया। गुस्साए पति रामानुज ने पत्नी और अन्य तीन लड़को पर भी चाकू से हमला किया, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और बाकी तीनों बेटों को भी गंभीर चोटें आई हैं।

    इसके बाद उसका पति घर से फरार हो गया था। घर में चीख-पुकार सुन कर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिवार जनों से पूरी घटना की जानकारी ली और बच्ची का शव बरामद कर उसे अस्पताल में भर्ती कर दिया है। वहीं, उन्होंने आरोपी पति को कुछ ही देर में ढूंढ निकाला और उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और विभन्न अपराधों के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस ने यह भी कहा कि अभी इस मामले में आगे की जांच चल रही है।

  • दर्दनाक हादसाः बेटी ने मां का किया कत्ल, लोहे की रॉड से किए 17 से ज्यादा वार

    दर्दनाक हादसाः बेटी ने मां का किया कत्ल, लोहे की रॉड से किए 17 से ज्यादा वार

    जूनागढ़ः गुजरात के जूनागढ़ से एक महिला की हत्या का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेटी ने अपनी मां को ही मौत के घाट उतार दिया है। बताया जा रहा है कि बेटी ने मां के सिर पर लोहे की रॉड से 17 से ज्यादा बार वार किए। तड़प-तड़कर मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह घटना जूनागढ़ के इवनगर गांव में हुई। जांच में पुलिस को यह पता चला कि बेटी ने मां को रात में नींद की दवा देकर सुला दिया था। इस बाद प्रेमी को मिलने बुलाया, लेकिन अचानक मां की नींद खुल गई और उसने बेटी को प्रेमी के साथ देख लिया। 

    पुलिस ने बताया कि 28 मई की रात 19 साल की लड़की ने रात में प्रेमी को अपने घर मिलने के लिए बुलाया था। उस दिन परिवार के अन्य बड़े सदस्य कहीं बाहर गए थे। आरोपी लड़की ने घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी पहले ही बंद कर दिए थे। फिर मां को नींद की दवा देकर सुला दिया था। उसे लगा कि मां अब गहरी नींद में होगी। इसके बाद बॉयफ्रेंड को बुला लिया था। मगर, मां जाग गई और उसने दोनों को देख लिया। आरोपी लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने मां की इसलिए हत्या की क्योंकि उसे डर था कि सुबह मां हर किसी को यह बात बता देगी। इससे उसे घर पर बहुत डांट पड़ेगी। इसलिए उसने मां की रॉड से मारकर हत्या कर दी। 

    पुलिस ने मामले की जांच की, तो पता चला कि बेटी ने अपनी मां पर 17 बार लोहे की रॉड से हमला किया था। अगले दिन महिला की मौत की खबर मिली, तो पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि घर में महिला के अलावा सिर्फ बच्चे ही थे। इसके अलावा कुछ देर के लिए रात में सीसीटीवी भी बंद था। किसी के जबरन घर में आने और महिला की हत्या करने की कोई वजह भी नहीं मिली। ऐसे में घर में बड़ी बेटी मीनाक्षी से जब कई तरह के सवाल किए गए, तब उसने खुद ही हत्या की बात कबूल कर ली। मीनाक्षी ने कहा कि “मैंने ही अपनी मां को मार डाला है।”

  • पंजाब में दर्दनाक हादसाः सवा 2 साल के बच्चे की डूबने से मौत

    पंजाब में दर्दनाक हादसाः सवा 2 साल के बच्चे की डूबने से मौत

    गुरदासपुरः गांव धारीवाल कलां के डेरा पडियां में सवा 2 साल के बच्चे की ट्यूवबैल के बंबी में डूबने से मौत हो गई। बच्चे की पहचान अगमजोत सिंह पुत्र इकबाल सिंह पड्डा के रूप में हुई है। मृतक बच्चे की मां सरकारी हाई स्कूल डेहरीवाल दरोगा में टीचर है। बच्चे के चाचा ने बताया कि अगमजोत सिंह अपनी बहन अश्मीत कौर के 9 साल बाद पैदा हुआ था। उनके मुताबिक अगमजोत सिंह खेलते समय अचानक घर से बाहर चला गया। काफी देर तक वह घर के अंदर नहीं आया तो जब वह उसकी तालाश में घर के बाहर चल रहे ट्यूबवेल की बंबी के पास पहुंचे तो देखा कि अगमजोत की पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी। अगमजोत की मौत से इलाके में शोक की लहर छा गई है।

  • 13 दिन तक मंडप में दुल्हन के इंतजार में बैठा रहा दूल्हा

    13 दिन तक मंडप में दुल्हन के इंतजार में बैठा रहा दूल्हा

    राजस्थानः पाली में हुई एक शादी की खूब चर्चा हो रही है, शादी से अहम् पहले ही दुल्हन घर से फरार हो गई। 13 दिन तक दूल्हा शादी के लिए तैयार होकर दुल्हन का इंतजार करता रहा। खबरों की मानें तो दूल्हे ने अपने सिर से पगड़ी तक नहीं उतारी थी। हालांकि किसी तरह 13 दिन बाद लड़की को पकड़कर लाया गया और फिर दोनों का विवाह हुआ। जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के पाली के सैणा गांव के सकाराम की बेटी मनीषा की शादी सिरोही जिले के मणादर गांव निवासी श्रवण कुमार के साथ तय हुई थी। 3 मई को तय समय पर बारात पहुंची। तमाम रीति-रिवाज निभाये गए लेकिन सुबह जब फेरे की बारी आई तो दुल्हन तबियत खराब होने का बहाना बनाया और कमरे में आ गई।

    परिजनों ने कहा कि टॉयलेट जाने के बहाने वह घर से फरार हो गई। लड़की के पिता ने बताया कि जिस लड़के साथ बेटी फरार हुई, वो उनके मामा के बेटे शिवलाल का बेटा भरतकुमार है और वह भाटूंद का रहने वाला है। वहीं दुल्हन के फरार होने के बाद दूल्हा शादी और दुल्हन को साथ ले जाने पर अड़ गया और 13 दिनों तक दुल्हन का इंतजार करता रहा। दुल्हन के फरार होने की जानकारी जब परिजनों को लगी तो सबके होश उड़ गए। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर बारातियों को यह कैसे बताया जाए।

    वहीं जब दूल्हे को इसकी जानकारी मिली तो वह शादी के लिए अड़ गया। दुल्हन की तलाश शुरू हुई तो वह गुजरात में मिली। लड़की को वापस लाया गया और 15 मई को दोनों को शादी हुई और 16 मई को दुल्हन की विदाई हुई। शादी से कुछ मिनट पहले ही दुल्हन के फरार होने की खबर आग की तरह फैल गई। चारों तरफ इसकी खूब चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर भी तमाम लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। राजस्थान में ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जब शादी से पहले ही दुल्हन फरार हो गई।