Blog

  • जालंधरः निगम की ढीली कारगुजारी, 11 अवैध इमारतों के मालिकों ने तोड़ी सीलें, प्रशासन ने नहीं की कोई कार्रवाई

    जालंधरः निगम की ढीली कारगुजारी, 11 अवैध इमारतों के मालिकों ने तोड़ी सीलें, प्रशासन ने नहीं की कोई कार्रवाई

    जालंधर/वरुणः नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम भले ही अवैध बिल्डिंगों के मालिकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। लेकिन हकीकत यह है कि निगम की इस कार्रवाई का असर अवैध इमारतों के मालिकों पर देखने को नहीं मिल रहा। प्रशासन के कुछ अधिकारियों द्वारा यह ढीली कार्रवाई ही निगम कमिशनर अभिजीत कपिलेश के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। जिसके चलते उक्त कुछ अधिकारियों द्वारा सख्ती से कार्रवाई ना किए जाने के कारण अवैध इमारतों के मालिक मिलकर निगम के खजाने को जमकर लूट रहे हैं। बता दें कि इस विभाग की कमान दो बड़े अधिकारियों के हाथ में है हैरानी की बात यह है कि इसके बावजूद विभाग में से भ्रष्टाचार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा।

    गौरतलब है कि निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम के द्वारा कई इमारतों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। लेकिन इसके विपरीत कुछ इमारतों के मालिकों ने निगम प्रशासन की कार्रवाई की धज्जियां उड़ाते हुए सील तोड़कर दोबारा से काम शुरू कर दिया। हैरानी की बात यह है कि शिकायत मिलने के बाद प्रशासन अवैध इमारतों पर कार्रवाई करने के बड़े धावे तो करता है, लेकिन शहर की कुछ अवैध इमारतों के मालिकों द्वारा सील तोड़कर दोबारा से काम किए जाने की खबरें मिलने के बाद भी प्रशासन इनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं करवा पा रहा। 

    मंडी फैंटनगंज में 6 इमारतों के मालिकों ने उड़ाई निगम की धज्जियां

    गौर हो कि बीते कुछ दिन पहले मंडी फैंटनगंज में जिंदल कारपोरेशन वाली इमारत को निगम ने दो बार सील किया था लेकिन उक्त मालिक ने दोनों बार सील तोड़कर दोबारा से काम शुरू कर दिया। वहीं अगर हम इसी रोड पर शिव मंदिर के नजदीक पर निगम द्वारा की गई कार्रवाई की बात करें तो यहां पर निगम की टीम ने 4 दुकानों को सील किया था। दरअसल, इसके पीछे 4 रिहायशी घरों को गिराकर वहां बड़ा हाल बनाकर 2 मंजिला लेंटर डाला जा रहा था। जिस पर निगम ने कार्रवाई करते हुए सील कर दिया था। लेकिन निगम की कार्रवाई की धज्जियां उड़ाते हुए बीते प्राप्टी मालिक ने खुद सील तोड़कर यहां पर दोबारा से निर्माण का काम शुरु करवा दिया है। वहीं दूसरी ओर मंडी फैंटनगंज पुराने डाकखाने के सामने एक होटल को निगम ने नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे थे। हैरानी की बात यह है कि प्राप्टी मालिक न तो निगम की टीम को होटल का मंजूरशुदा नक्शा पेश कर पाया और न ही निगम ने इस होटल को सील करने की फाईल आगे बढ़ाकर कार्रवाई करना सही समझा। 

    प्रताप बाग के समीप सील लगने के बावजूद 4 इमारतों के मालिक प्रशासन को दिखा रहे ठेंगा

    प्रताप बाग के समीप 3 दुकानों पर निगम की बिल्डिंग ब्रांच टीम ने 2 बार कार्रवाई करते हुए सील किया था। लेकिन उक्त दुकान के मालिकों ने दोंनो बार सील तोड़कर काम शुरू कर दिया। हालांकि इसकी शिकायत मिलने पर निगम कमिशनर ने एक सप्ताह का समय देकर तीनों दुकानदारों को सामान बाहर निकालने का समय बिल्डिंग ब्रांच की टीम को दिया था। हैरानी की बात यह है कि कमिशनर के आदेशों के बावजूद एक महीने से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी अभी तक प्रशासन ने उक्त दुकानों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। वहीं मंडी चौंक में शनि मंदिर के नजदीक मित्तल हार्डवेयर का रिहायशी नक्शा पास है। जिसको लेकर निगम के एटीपी सुखदेव वशिष्ट ने खुद मित्तल हार्डवेयर के मालिक को नोटिस जारी किया था। लेकिन इस इमारत के मालिक के खिलाफ भी की गई कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी गई।

    पुराने मड्ड हाउस की छत बदलने के बहाने अवैध निर्माण शुरू

    इसी तरह सेंट्रल टाउन में स्थित होटल AGI INN के सामने एक पुराने मड्ड हाउस की छत बदलने के लिए जनवरी 2021 में एक डम्मी लैटर लिया गया था। जहां तत्कालीन एटीपी की मिलीभगत से 6 बड़े शोरूम का अवैध निर्माण शुरु करवा दिया गया। जिसका कोई भी नक्शा पास नहीं है। लेकिन प्रशासन की ओर से यहां पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

  • टूरिस्ट को बड़ा झटका, बर्फबारी के चलते हाईवे बंद

    टूरिस्ट को बड़ा झटका, बर्फबारी के चलते हाईवे बंद

    शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटे में ताजा बर्फबारी हुई है। कुल्लू, मनाली, लाहौल स्पीति औऱ काजा में ताजा हिमपात हुआ है। हालांकि, मंगलवार को प्रदेश भर में मौसम साफ बना हुआ है औऱ धूप खिली है। लेकिन इससे पहले, सोमवार दोपहर को मनाली के अटल टनल, रोहतांग समेत प्रदेश की अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। इसके अलावास चंबा के भरमौर, चुराह और किन्नौर की चोटियों पर भी हिमपात हुआ है। बर्फबारी से पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है

    जानकारी के अनुसार, ठंड औऱ शीतलहर के प्रकोप से हिमाचल के आठ स्थानों पर पारा माइनस में चला गया है। लाहौल स्पीति के केलांग, मनाली, शिमला के नारकंडा, किन्नौर के रिकॉन्कपिओ, लाहौल के कुकुमसेरी, कुल्लू के सेउबाग, भुंतर और मंडी के सुंदर नगर में न्यूनतम पारा शून्य डिग्री से नीचे लुढक गया है। लाहौल पुलिस के अनुसार, सोमवार को हल्की बर्फबारी के चलते टूरिस्ट के लिए हाईवे बंद किया गया था, लेकिन अब लेह-मनाली हाईवे को खोल दिया गया है। मनाली लेह राष्ट्रीय राजमार्ग दारचा तक खुला है। शिंकुला सड़क मार्ग सभी प्रकार वाहनों के लिए बंद है। इसके अलावा, पांगी किलाड़ राजमार्ग भूस्खलन होने के कारण पांगी की ओर बंद है। काजा सड़क सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बन्द है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश के सभी भागों में 28 दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। 29 और 30 दिसंबर को प्रदेश के कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इसके बाद मौसम साफ रहने के आसार हैं। ऐसे में कहा जा सकता है कि नए साल पर बर्फबारी नहीं होगी। हालांकि, बर्फ के साथ टूरिस्ट मस्ती कर सकते हैं।

  • पंजाबः शराब कारोबारी चरणजीत बजाज और उसके सहयगियों के परिसरों पर ED की रेड

    पंजाबः शराब कारोबारी चरणजीत बजाज और उसके सहयगियों के परिसरों पर ED की रेड

    लुधियाना: शहर में शराब कारोबारी चन्नी बजाज के ठिकानों पर एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) ने दबिश दी है। विभाग की टीम कारोबारी के रिकॉर्ड खंगाल रही है। इस दौरान विभाग के द्वारा घर व ऑफिसों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आज सुबह शुरू हुई छापेमारी बजाज परिवार और उनके सहयोगियों के 10 से अधिक परिसरों पर की जा रही है। इनमें से अधिकांश स्थान लुधियाना में ही हैं।

    जिस समय ईडी विभाग टीम पहुंची उस समय पूरा परिवार सोया हुआ था। कारोबारी की संपत्ति समेत अन्य कामों का ब्योरा और बैंक खातों की डिटेल ईडी की टीम चेक कर रही है। बताया जा रहा है कि गुप्त सूचना के आधार पर रेड की गई है। रेड की किस वजह से हुई इस बारे भी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पा रही है।

    सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा 2019 में मेसर्स प्योर मिल्क प्रोडक्ट्स के खिलाफ दर्ज मामले का नतीजा है, जिसमें बजाज और उनकी पत्नी डायरेक्टर थे। इस कंपनी ने कथित तौर पर स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के साथ 73.41 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी और बैंक अधिकारियों द्वारा दायर एक शिकायत के आधार पर सीबीआई ने बजाज के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन पर छापा भी मारा था।

  • जालंधरः नाहौरियां बाजार में मैसर्ज चोपड़ा गारमैंट्स पर GST विभाग की दबिश

    जालंधरः नाहौरियां बाजार में मैसर्ज चोपड़ा गारमैंट्स पर GST विभाग की दबिश

    जालंधर/वरुण: महानगर के नाहौरियां बाजार में कपड़े की दुकान पर जीएसटी की दबिश का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक स्टेट टैक्स ऑफिसर शैलेन्द्र सिंह ने शहर के पुराने बाजार स्थित मैसर्ज चोपड़ा गारमैंट्स पर दबिश दी है। इस दौरान उन्होंने दुकान से बिल, रजिस्टर, कच्ची पर्चियों सहित अहम दस्तावेज जुटाए है। विभाग द्वारा मैसर्ज चोपड़ा गारमैंट्स के शोरूम पर यह कार्रवाई करीब 3 घंटे तक चली।

    दरअसल, जीसएटी विभाग के अजय कुमार द्वारा असिस्टैंट कमिश्नर जालंधर-2 शुभि आंगरा को इस बाजार पर पैनी नजर रखने की हिदायतें दी गईं थी। जिसके बाद शुभि आंगरा द्वारा जानकारियां पुख्ता होने पर बाजार में स्थित मैसर्ज चोपड़ा गारमैंट्स कार्रवाई के आदेश दिए गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त शोरूम द्वारा टैक्स स्लैब में गड़बड़ी करके 12 प्रतिशत जीएसटी वाले कपड़े 5 प्रतिशत के हिसाब से सेल किए जा रहे थे। जीएसटी विभाग की टीम ने शोरूम के राजेश चोपड़ा की मौजूदगी में दुकान में पड़े स्टोक का पूरा रिकार्ड नोट कर लिया है।

    अधिकारियों का कहना है कि इस मोबाइल पर व्हाट्सअप के जरिए आने वाले कागजात की जांच भी की जाएगी। डिप्टी कमिश्नर ऑफ स्टेट टैक्स के अजय कुमार ने बताया कि टैक्स की अदायगी में गड़बड़ी करने वालों पर विभाग द्वारा फोकस किया जा रहा है। सर्दियों के सीजन में रैडीमेड गारमैंट की सेल बढ़ती है लेकिन टैक्स में उम्मीद के मुताबिक बढ़ौतरी नहीं होती। इसी के चलते सभी असिस्टैंट कमिश्नरों को इस पर ध्यान केन्द्रित करने की हिदायतें दी गई हैं। जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

  • जालंधरः सिविल अस्पताल में कोरोना को लेकर जाने क्या है तैयारियां, देखें वीडियो

    जालंधरः सिविल अस्पताल में कोरोना को लेकर जाने क्या है तैयारियां, देखें वीडियो

    जालंधर/वरुणः भारत में कोरोना से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आज देशभर में मॉकड्रिल हो रही है। इस दौरान अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई, वेंटिलेटर्स, बेड और दवाइयों जैसी महत्वपूर्ण तैयारियों को परखा जा रहा है। इसी के चलते आज शहर के सिविल अस्पताल में भी मॉक ड्रिल की गई है। मामले की जानकारी देते हुए सिविल अस्पताल के मेडिकल सुप्रिडेंट डॉ राजीव शर्मा ने बताया कि जैसे कि सब जानते है कि कोविड को लेकर पूरे भारत मे लहर शुरू होने की संभावना है।

    जिसके चलते हमने अस्पताल में नॉडल ऑफिसर भी लगा दिए है। जिसमें डॉ संदीप भगत व डॉ सुरजीत सिंह को नॉडल अधिकारी लगाया गया है। इस लहर के बचने के लिए हमारे पास आइसोलेशन बेड की संख्या 384, ऑक्सीजन सहित बेड की संख्या 314 साथ ही ICU बेड हमारे पास 70 मौजूद है। हमारे पास ऑक्सीजन के दो पलांट भी मौजूद है। एक  ऑक्सीजन के पलांट में 1000 लीटर तो दूसरे में 700 लीटर कैपिसिटी है। इस दौरान हमने पहले से ही ऑक्सीजन के प्लांटों की सर्विस करवा ली है।

    डॉक्टर ने बताया कि कोरोना के नए वैरिएंट से बचने के लिए हमारी और से पूरी तैयारियां कर ली गई है। जिसे भारत सरकार की और से गूगल शीट सबमिट करवाने के लिए उन्हें कहा गया है। इस दौरान हमने गूगल शीट तैयार करके सरकार को भेज दी है। डॉ राजीव शर्मा ने लोगों से अपील की है कि वह कोरोना के नए वैरिएंट से बचने के लिए मास्क का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें और सोशल डिस्टेंस का पालन करें।

  • कोरोना का कहरः इस दिन से शुरू होगी नेजल वैक्सीन, सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के रेट भी हुए तय

    कोरोना का कहरः इस दिन से शुरू होगी नेजल वैक्सीन, सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के रेट भी हुए तय

    नई दिल्लीः कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच एक अच्छी खबर भी सामने आ रही है। जिसमें अब इंजेक्शन के अलावा नाक द्वारा दी जाने वाली दवा को भी हरी झंडी मिल गयी है। हालांकि, अब तक ये वैक्सीन लगाई नहीं जा रही थी। अब इसे कोविन पोर्टल पर लिस्टेड करने की मंजूरी भी मिल गई है। जिसके बाद iNNOVACC अब CoWin पर उपलब्ध है, जिसकी कीमत निजी बाजारों के लिए 800 रुपए तय की गई है। वहीं सरकारी अस्पतालों में यह 325 रुपए में उपलब्ध होगी। जानकारी के मुताबिक नेजल वैक्सीनेशन जनवरी के चौथे सप्ताह में शुरू किया जाएगा।

    वैक्सीन का नाम iNCOVACC

    बताया जा रहा है कि राज्य सरकारों और भारत सरकार द्वारा बड़ी मात्रा में खरीद के लिए iNCOVACC की कीमत 325/ खुराक होगी। बता दें कि केंद्र सरकार ने हाल ही में भारत बायोटेक की नेजल वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। इस वैक्सीन का नाम iNCOVACC है। कोविन प्लेटफॉर्म पर अब ये वैक्सीन भी उपलब्ध होगी। ये वैक्सीन 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को लगाई जाएगी। नाक से दी जाने वाली इस वैक्सीन को बूस्टर डोज पर लगाया जाएगा।

    18+ को दी जा सकेगी नेजल वैक्सीन

    वर्तमान में भारत बायोटेक की कोवैक्सीन, सीरम इंस्टीट्यूट के कोविशील्ड और कोवोवैक्स, रूसी स्पुतिनिक वी और बायोलॉजिकल ई लिमिटेड की कॉर्बेवैक्स वैक्सीन कोविन पोर्टल पर लिस्टेड हैं। भारत बायोटेक ने बीते 6 सितंबर को घोषणा की थी कि उसकी दुनिया की पहले इंट्रानेजल COVID-19 वैक्सीन iNCOVACC (BBV154) को डीजीसीआई की ओर 18 वर्ष से ऊपर लोगों के इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी मिल गई है।

    कैसे दी जाएगी वैक्सीन? 

    यह वैक्सीन नाक के जरिए स्प्रै करके दी जाती है, मतलब वैक्सीन लेने वाले की बांह पर टीका नहीं लगाया जाता। इसकी दो खुराक दी जाती हैं। सूत्रों ने कहा कि राज्य या केंद्र सरकारों ने खरीद के लिए कोई अपील नहीं की है। दूसरे देशों से मंजूरी मिलने के बाद iNCOVACC को अन्य देशों में वैक्सीन को निर्यात करने की योजना बना रहा है। इस इंट्रानेजल को भारत में 18 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए बूस्टर डोज के लिए इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए CDSCO से भी मंजूरी मिल गई है। वैक्सीन को वाशिंगटन विश्वविद्यालय, सेंट लुइस के साथ साझेदारी में विकसित किया गया था।

  • पंजाबः सरकार की सख्ती, किराएदारों से बिल का पैसा वसूलने वाले मकान मालिकों के लेकर जारी किए आदेश

    पंजाबः सरकार की सख्ती, किराएदारों से बिल का पैसा वसूलने वाले मकान मालिकों के लेकर जारी किए आदेश

    चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार द्वारा लोगों को मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है। अब तक कई ऐसे घर हैं जहां बिजली बिल जीरो आया है। हालांकि ऐसे भी कईं मामले सामने आए हैं जहां मकान मालिक सरकार की इस स्कीम को दरकिनार करते हुए किराएदारों से बिजली बिल वसूल रहे हैं। लेकिन अब सरकार ने ऐसे लोगों के खिलाफ भी सख्ती बरतने की तैयारी कर ली है। जी हां, अगर कोई मकान मालिक किराएदारों बिजल बिल वसूलता हुआ पाया गया तो उसे ही पूरा बिल देना पड़ेगा।

    दरअसल हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं जहां मकान मालिक किराएदारों बिजली बिल जीरो आने पर भी वसूली कर रहे हैं। हालांकि नियमों के अनुसार किराएदार मकान मालिक की तरह ही इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। ऐसे में अब सरकार ने सख्ती कर दी है और अब अगर कोई भी मकान मालिक किराएदार से बिजली वसूलेगा तो उसे पूरा बिजली बिल देना पड़ेगा।

    पंजाब सरकार ने महंगी बिजली का बोझ कम करने के लिए एक जुलाई से हर महीने 300 यूनिट मुफ्त देने का ऐलान किया था। बता दें कि बिजली का बिल दो माह का इकट्ठा आता है, इसलिए सरकार द्वारा किए गए ऐलान के अनुसार लोगों को 600 यूनिट मुफ्त मिल रहे हैं। वहीं मुफ्त बिजली बिल के चक्कर में कई लोगों ने घरों में 2-2 मीटर लगा दिए हैं तो कई लगाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे बिजली की खपत बढ़ी है और बिल में भारी कमी आई है। कई जगह मीटर रीडिंग स्टाफ लगाकर बिल को नियंत्रित किया जा रहा है।

    बता दें कि आदेशों के मुताबिक एक घर में पति-पत्नी दूसरा कनेक्शन नहीं ले सकते। पिता अपने पुत्र के नाम तथा पुत्र अपने माता-पिता के नाम स्वघोषणा पत्र देकर दूसरा कनेक्शन प्राप्त कर सकता है। बिजली रेगुलेटरी कमिशन के आदेशानुसार 10 से 15 दिन के अन्दर मीटर लगाया जाना चाहिए।

  • नोवोसिबिर्स्क में भयंकर आग लगने जलकर राख हुआ माल गोदाम, देखिए वीडियो

    नोवोसिबिर्स्क में भयंकर आग लगने जलकर राख हुआ माल गोदाम, देखिए वीडियो

    नोवोसिबिर्स्क: रूस के नोवोसिबिर्स्क शहर में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है।मिली जानकारी के मुताबिक नोवोसिबिर्स्क शहर के एक गोदाम में आग लगने के बाद जोरदार धमाके हुए। जिसके बाद पूरे गोदाम में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग लगने से दो हजार स्क्वायर मीटर का गोदाम स्वाहा हो गया है।

    गोदाम में आग लगने के बाद सूचना मिलते ही दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम भी शुरू कर दिया गया। आग इतनी भयंकर थी कि तत्काल कोई राहत नहीं मिला। वीडियों में आप देख सकते है कि आग की लपटे दूर से दिखाई दे रही है। 

  • बैकफुट पर आई सरकारः एयरपोर्ट पर टीचर्स की कोरोना ड्यूटी का आदेश लिया वापिस

    बैकफुट पर आई सरकारः एयरपोर्ट पर टीचर्स की कोरोना ड्यूटी का आदेश लिया वापिस

    नई दिल्‍लीः राजधानी दिल्ली में शिक्षकों और अन्‍य टीचिंग स्‍टाफ को एयरपोर्ट पर कोरोना ड्यूटी में लगाने का आदेश वापस ले लिया गया है। डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की तरफ से डीएम वेस्ट द्वारा जारी ऑर्डर में कहा गया है कि इस ड्यूटी से इन्हें एग्जेम्प्ट किया जा रहा है। 31 दिसंबर से 15 जनवरी तक के लिए अलग-अलग शिफ्ट में 85 टीचर्स और अन्य टीचिंग स्टाफ की एयरपोर्ट पर ड्यूटी लगाई गई थी। इस आदेश का टीचर्स ने भी विरोध किया था और सवाल उठ रहे थे। अब इस आदेश को वापस लेते हुए कहा गया है कि ज़रूरत पड़ी तो सिविल डिफेंस स्टाफ को एयरपोर्ट पर लगाया जाएगा।

    बता दें कि दिल्ली में सभी सरकारी नियोजित शिक्षकों को कोविड ड्यूटी के लिए इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर तैनात किए जाने का आदेश दिया गया था।क्योंकि शहर के स्कूल 01 से 15 जनवरी, 2023 तक विंटर वेकेशन के लिए बंद होने वाले हैं। सोमवार 26 दिसंबर को, दिल्ली में 0.39 प्रतिशत पॉ‍जिटिविटी रेट के साथ 7 नए COVID-19 मामले दर्ज किए गए हैं। दिल्ली में कोरोना का आंकड़ा अब 2,007,159 तक पहुंच गया है। 26,521 लोगों की मौत हो चुकी है।

  • पंजाबः सरकारी अस्पताल के नजदीक दो भाईयों पर हमलावारों ने चलाई गोलियां, एक की मौत

    पंजाबः सरकारी अस्पताल के नजदीक दो भाईयों पर हमलावारों ने चलाई गोलियां, एक की मौत

    अमृतसरः पंजाब में क्राइम की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं देर रात मनांवला में सरकारी अस्पताल के नजदीक गोली चलने का मामला सामने आया है। इस दौरान बाइक सवार दो सगे भाईयों में एक की मौत हो गई है, जबकि दूसरे के घायल होने की सूचना मिली है। मिली जानकारी के अनुसार गांव वडाली डोगरां के 28 वर्षीय लखविंदर सिंह उर्फ शेरा और 24 वर्षीय उसका भाई परमिंदर सिहं बब्बू पुत्र बलवंत सिंह अपने बाइक से मनांवला से गांव वडाली डोगरां आ रहे थे।

    इसी दौरान एक पलसर बाइक पर सवार 3 अज्ञात युवकों ने उनपर गोलियां चला दी। इस घटना दौरान 28 वर्षीय लखविंदर सिंह की छाती पर गोली लगने से उसकी मौत हो गई, जबकि 24 वर्षीय परमिंदर सिंह की टांग में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल परमिंदर को उपचार के लिए अमृतसर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलने के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल परमिंदर के बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।