Blog

  • हरियाणा में अनुबंध कर्मचारियों के लिए बढ़ा सेवा सुरक्षा का दायरा

    हरियाणा में अनुबंध कर्मचारियों के लिए बढ़ा सेवा सुरक्षा का दायरा

    चार अतिरिक्त श्रेणियों के लिए पंजीकरण फिर से शुरू

    चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के दायरे का विस्तार करते हुए चार अतिरिक्त श्रेणियों के अनुबंध कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल पुनः खोल दिया है, ताकि उन्हें भी राज्य की सेवा सुरक्षा व्यवस्था का लाभ मिल सके। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, नई अधिसूचित श्रेणियों के पात्र कर्मचारी www.secureemployees.csharyana.gov.in पोर्टल पर 31 जुलाई तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनके सर्विस रिकॉर्ड का सत्यापन किया जाएगा, जिसके उपरांत हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 तथा हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) नियम, 2025 के प्रावधानों के तहत उनके नामों पर विचार किया जाएगा। पंजीकरण प्रक्रिया में शामिल की गई नई श्रेणियों में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत कंप्यूटर फैकल्टी एवं कंप्यूटर लैब अटेंडेंट, सूचना प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विभाग (हारट्रॉन को छोड़कर) के माध्यम से कार्यरत अनुबंध कर्मचारी तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) में कार्यरत अनुबंध कर्मचारी शामिल हैं। ये श्रेणियां पूर्व में चलाए गए पंजीकरण अभियान में शामिल नहीं थीं। आवेदनों के समयबद्ध निपटान के लिए सरकार ने तीन-स्तरीय सत्यापन प्रक्रिया निर्धारित की है। इसके अनुसार, ऑनलाइन पंजीकरण 31 जुलाई तक किया जा सकेगा। इसके बाद संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी (डीडीओ) को 7 अगस्त तक सर्विस रिकॉर्ड का सत्यापन पूरा करना होगा। अंतिम जांच एवं अनुमोदन संबंधित विभागाध्यक्ष द्वारा 15 अगस्त तक किया जाएगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा महानिदेशक, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष तथा सभी उपायुक्तों को पत्र भेजा गया है। साथ ही, उन्हें यह भी निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र कर्मचारी केवल प्रक्रियागत विलंब के कारण अधिनियम के लाभ से वंचित न रह जाए। सत्यापन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए मानव संसाधन विभाग ने खजाना एवं लेखा विभाग के निदेशक तथा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के प्रबंध निदेशक को भी निर्देश दिए हैं कि हाल में शामिल श्रेणियों के कर्मचारियों के सर्विस रिकॉर्ड एवं अन्य आवश्यक विवरण शीघ्रातिशीघ्र मानव संसाधन विभाग तथा हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचकेसीएल) को उपलब्ध कराएं।  
  • गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली 4,056 महिलाओं को 1.70 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता : डॉ. बलजीत कौर

    गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली 4,056 महिलाओं को 1.70 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता : डॉ. बलजीत कौर

    सरकार द्वारा दूसरे बच्चे के रूप में बेटी के जन्म पर 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है

    चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार महिलाओं के कल्याण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनहितकारी कदम उठा रही है। इसी क्रम में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को 1.70 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह जानकारी सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने दी। इस सम्बन्धी ओर जानकारी देते हुए डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि सरकार द्वारा पहले बच्चे के जन्म पर पात्र महिलाओं को 5,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। यह राशि दो किस्तों में प्रदान की जाती है, जिसमें पहली किस्त 3,000 रुपये तथा दूसरी किस्त 2,000 रुपये की होती है। यदि दूसरे बच्चे के रूप में बेटी का जन्म होता है, तो सरकार की ओर से 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता एकमुश्त प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि यह पूरी राशि लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाती है, जिससे पारदर्शिता और समय पर सहायता सुनिश्चित होती है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक 4,056 गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक इस योजना के अंतर्गत 36,154 लाभार्थी महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि माताओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का प्रयास है कि कोई भी मां आर्थिक अभाव के कारण आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे तथा प्रत्येक बच्चे को जन्म से ही सुरक्षित और स्वस्थ शुरुआत मिल सके। उन्होंने अंत में दोहराया कि मान सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
  • Punjab News: घर में सो रहा था परिवार, डेढ़ लाख की नकदी और 18 तोला सोना लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: घर में सो रहा था परिवार, डेढ़ लाख की नकदी और 18 तोला सोना लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    फगवाड़ाः शहर के पास के गांव चाहड़ा में बीती रात बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। जहां घर से चोर 18 तोला सोना और डेढ़ लाख रुपये नकदी लेकर फरार हो गए। इस संबंध में जानकारी देते हुए शमशेर सिंह और अमरीक सिंह ने बताया कि 19-20 की रात को बेखौफ चोर घर में दाखिल हुए। चोरों ने घर की पिछली दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया।

    जब परिवार एक कमरे में एसी चलाकर सो रहा था, तो उसी दौरान चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उनके अनुसार, चोरों ने अलमारी के ताले तोड़े और उसमें रखे डेढ़ लाख रुपये नकद और 18 तोला सोने के गहने लेकर चंपत हो गए। इस चोरी की वारदात से परिवार को काफी बड़ा नुकसान हुआ। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

    सूचना मिलते ही डीएसपी फगवाड़ा और एसएचओ सदर मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने उक्त चोरों की तलाश शुरू कर दी है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द पकड़कर उनके हुए नुकसान की भरपाई कराई जाए। वहीं, इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएचओ सदर ने कहा कि गांव चाहड़ा में एक घर में चोरी होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि चोरी करने वाले उक्त चोरों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।

     

     

     

  • अब इस जगह BJP के खिलाफ प्रदर्शन, छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन, आंसू गैस के दागे गोले, देखें Live

    अब इस जगह BJP के खिलाफ प्रदर्शन, छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन, आंसू गैस के दागे गोले, देखें Live

    IG की एस्कॉर्ट गाड़ी को बनाया निशाना तोड़े शीशे, माहौल तनावपूर्ण

    पटनाः दिल्ली के बाद अब पटना में छात्रों द्वारा भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। जहां छात्रों द्वारा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है। वामदल के छात्र संगठन आइसा के बैनर तले हजारों की तादाद में छात्रों और युवाओं का हल्ला बोल जारी है। पुलिस की सख्ती के बावजूद लगातार आगे बढ़ रहे हैं। जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश हुई तो नोकझोंक भी हुई। जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन से पानी की बौछार की। इस दौरान पुलिस द्वारा छात्रों पर लाठीचार्ज भी किया गया। छात्रों ने बताया कि ये मार्च दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन और वहां शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में निकाला जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बावजूद हजारों की संख्या में छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। कई छात्र विरोध जताने के लिए सड़क पर ही बैठ गए। पुलिस अधिकारी उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन करीब 20 मिनट के भीतर ही छात्रों ने बैरिकेडिंग उखाड़ फेंकी और आगे बढ़ गए। जेपी गोलंबर से निकलकर छात्रों का हुजूम डाकबंगला चौराहे पहुंच गया। जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और भारी संख्या में पुलिस बल, वाटर कैनन और आंसू गैस के दस्तों के साथ तैनात था। प्रदर्शन के दौरान माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया जब कुछ उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर बोतलें और चप्पलें फेंकना शुरू कर दिया। इसी हंगामे के बीच पटना आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी को निशाना बनाया गया। प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी पर हमला करके उसके शीशे तोड़ दिए। स्थिति को बिगड़ता देख पटना आईजी ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के निर्देश जारी कर दिए हैं। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस पूरे इलाके में स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटी हुई है।
  • सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और ई-चालान शिकायत प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए परिवहन विभाग के बड़े कदम: हरपाल सिंह चीमा

    सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और ई-चालान शिकायत प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए परिवहन विभाग के बड़े कदम: हरपाल सिंह चीमा

    नए जिला शिकायत निवारण सेल के माध्यम से नागरिकों को 45 दिनों के भीतर गलत ई-चालानों को चुनौती देने का अधिकार: हरपाल सिंह चीमा

    चंडीगढ़: पंजाब में सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने तथा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वित्त एवं परिवहन मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज कई महत्वपूर्ण कदमों की घोषणा की। नए दिशा-निर्देशों के तहत जहां नागरिकों को गलत ई-चालानों को चुनौती देने के लिए एक पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, वहीं खतरनाक ड्राइविंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा वाहन संबंधी रिकॉर्ड समय पर अपडेट न करने पर भी सख्त दंड का प्रावधान किया गया है। जारी एक प्रेस बयान में परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि ई-चालान संबंधी विवादों के त्वरित और अधिकार क्षेत्र के अनुसार निपटारे के लिए राज्य के प्रत्येक जिले में जिला शिकायत निवारण सेल स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा, “यदि किसी नागरिक को लगता है कि उसका ई-चालान गलत तरीके से जारी किया गया है, तो वह 45 दिनों के भीतर इसे चुनौती दे सकता है। वाहन स्वामी अपने दावे के समर्थन में डैशकैम फुटेज, फोटो, वीडियो क्लिप, गवाहों के बयान अथवा अन्य आवश्यक साक्ष्य जिला शिकायत निवारण सेल के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।” वाहन पंजीकरण संबंधी रिकॉर्ड को अद्यतन रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए श्री चीमा ने कहा कि वाहन स्वामियों द्वारा स्वामित्व अथवा पते में परिवर्तन की जानकारी समय पर दर्ज न कराने पर अब सख्त जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार पता बदलने की स्थिति में 30 दिनों के भीतर पंजीकरण प्राधिकरण को सूचित करना अनिवार्य है। इसी प्रकार, यदि वाहन का स्वामित्व पंजाब के भीतर हस्तांतरित किया जाता है तो 14 दिनों तथा राज्य से बाहर हस्तांतरण होने पर 45 दिनों के भीतर इसकी सूचना देना आवश्यक होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर पहली बार 500 रुपये तथा प्रत्येक अगले उल्लंघन पर 1,500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खतरनाक ड्राइविंग को आधिकारिक रूप से गैर-समझौता योग्य (नॉन-कंपाउंडेबल) अपराध घोषित कर दिया है। इसका अर्थ है कि ऐसे मामलों का निपटारा मौके पर केवल जुर्माना भरकर नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के अंतर्गत आने वाले अपराध, जैसे लालबत्ती पार करना, स्टॉप साइन की अनदेखी करना, यातायात की निर्धारित दिशा के विपरीत वाहन चलाना तथा शराब या नशीले पदार्थों के प्रभाव में वाहन चलाना, अब सख्त कानूनी कार्रवाई के दायरे में आएंगे। चीमा ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी प्रकार की रियायत या समझौते की कोई गुंजाइश नहीं होगी। उन्होंने कहा, “यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए अपराध करता है तो उसके माता-पिता, अभिभावक अथवा वाहन मालिक को उत्तरदायी माना जाएगा। ऐसे मामलों में भारी जुर्माना लगाया जाएगा, वाहन का पंजीकरण तत्काल निरस्त किया जा सकता है तथा संबंधित नाबालिग को 25 वर्ष की आयु तक ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए अयोग्य घोषित किया जाएगा।” सड़क अनुशासन को मजबूत बनाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इन नई अधिसूचित व्यवस्थाओं का उद्देश्य पूरे राज्य में यातायात कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। सभी नागरिकों से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय यातायात नियमों और कानूनी प्रावधानों का पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से पालन करें।
  • Punjab News: पहली बरसात से उफान पर आया जलालिया दरिया, प्रशासन ने की सड़क बंद, देखें वीडियो

    Punjab News: पहली बरसात से उफान पर आया जलालिया दरिया, प्रशासन ने की सड़क बंद, देखें वीडियो

    पठानकोटः पंजाब में आज हुई पहली बरसात ने ही कई जगहों पर पिछले साल आई बाढ़ की याद दिला दी। दरअसल, जिन लोगों ने पिछले साल आई बाढ़ की मार झेली है, वो लोग फिर से दहशत में आ गए है। पठानकोट के साथ लगते भारत पाक सीमा से सटे बामियाल सेक्टर में एक बार फिर से लोगों को पहली बरसात ने ही डरा दिया है। क्योंकि भारत-पाक सीमा से सटे बामियाल सेक्टर में पड़ते जलालीया दरिया ने बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है। जलालीया दरिया के साथ लगते बामियाल गांव के खेतों में पानी ही पानी नजर आ रहा है। किसानों की फसले एक बार फिर खराब होने की कगार पर है।

    यही नहीं पहली बरसात ने ही प्रशासन के विकास कार्यों की भी पोल खोल दी है। क्योंकि भारत पाक सीमा को जाने वाली सड़क जिसकी पुली पिछले साल पानी के तेज बहाव में बह गई थी। वह साल बीतने के बाद अभी तक मुकम्मल नहीं हुई। जिस कारण भारत पाक सीमा को जाने वाला पठानकोट बामियाल मार्ग भी ज्यादा पानी आने के कारण बंद कर दिया गया है। लोगों को जहां आने-जाने में दिक्कत हो रही है। प्रशासन के विकास कार्यों की भी पोल खुल रही है ओर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई।

    जब स्थानीय लोगों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पहली बरसात के साथ ही बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। जलालिया दरिया पूरे उफान पर है और दरिया के साथ लगते बमियाल सेक्टर के जितने भी गांव के खेत है। वह इसकी चपेट में आगे हैं और फसलें खराब होने की भी आशंका है। यही नहीं स्थानीय लोगों ने पंजाब सरकार के खिलाफ भी रोश जताया हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार विकास कार्यों के दावे तो कर रही है, लेकिन अभी तक बामियाल को जाने वाली पुली जो पिछले साल जलालिया दरिया में ज्यादा पानी आने के कारण बह गई थी नहीं बनाई गई। जिस कारण रास्ते को भी बंद कर दिया गया है।

     

  • Punjab News: स्टेशन पर यात्री से हुआ हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से कटे दोनों पैर, देखें वीडियो

    Punjab News: स्टेशन पर यात्री से हुआ हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से कटे दोनों पैर, देखें वीडियो

    लुधियानाः रेलवे स्टेशन पर अल सुबह व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। मिली जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय एक 35 वर्षीय नौजवान को किसी ने पीछे से धक्का दे दिया और वह फिसल कर ट्रैक पर गिर गया। इस घटना में ट्रेन की चपेट में आने से नौजवान के दोनों पैर कट गए। पीड़ित की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी सुनाम के रूप में हुई है। घायल को गंभीर हालत में लुधियाना के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।घटना के दौरान स्टेशन पर गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने जैसे ही यह हादसा देखा, वे तुरंत मौके पर दौड़े।

    जवानों ने बिना समय गंवाए खून से लथपथ सुखविंदर को ट्रैक से बाहर निकाला और तुरंत लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना की जानकारी पीड़ित के परिवार को दे दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे सुखविंदर सिंह ट्रेन के अंदर ही सवार था और उसे लुधियाना स्टेशन पर उतरना था। जब ट्रेन लुधियाना प्लेटफॉर्म पर पहुंची तो उसकी गति काफी धीमी थी। सुखविंदर ने धीमी ट्रेन से ही नीचे उतरने का प्रयास किया। सुखविंदर के मुताबिक, इसी जल्दबाजी के दौरान ट्रेन से उतर रहे किसी अन्य यात्री का पीछे से धक्का लग गया। धक्का लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने के कारण वह सीधा प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच खाली जगह (ट्रैक) पर जा गिरा।

    पलक झपकते ही उसके दोनों पैर ट्रेन के पहियों की चपेट में आ गए और धड़ से अलग हो गए। नूरमहल जा रहा था माथा टेकने बताया जा रहा है कि 35 वर्षीय सुखविंदर सिंह सुनाम में वेल्डिंग का काम करता है। वह धार्मिक यात्रा पर घर से निकला था और उसे जालंधर के पास स्थित नूरमहल में माथा टेकने जाना था। नूरमहल जाने के लिए ही उसे लुधियाना स्टेशन पर उतरकर दूसरी गाड़ी पकड़नी थी, लेकिन भगवान के दर पर पहुंचने से पहले ही यह हृदयविदारक हादसा हो गया। फिलहाल सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम सुखविंदर का इलाज कर रही है। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। रेलवे पुलिस ने सुनाम में उसके परिजनों को फोन पर इस दुखद घटना की सूचना दे दी है। खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन लुधियाना के लिए रवाना हो चुके हैं।

  • बादल फटने और बारिश से तबाही, फ्लैश फ्लड में बहे घर व स्कूल, देखें वीडियो

    बादल फटने और बारिश से तबाही, फ्लैश फ्लड में बहे घर व स्कूल, देखें वीडियो

    पशुशालाएं हुई क्षतिग्रस्त, नेशनल हाईवे रहा बाधित

    कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल की बोह घाटी के स्पैड़ा और गढ़गून गांवों में भारी बारिश के बाद अचानक फ्लैश फ्लड आया। कई इलाकों में जलभराव से बाढ़ जैसे हालात बन गए। इससे लोक निर्माण विभाग की लापरवाही भी खुलकर सामने आ गई है। 32 मील स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक पर नाली निर्माण न होने के कारण पूरा चौक खड्ड में तब्दील हो गया। क्षेत्र की बराहल, बाड़ा, देहर और भेड़ खड्डों सहित स्थानीय नाले उफान पर आने से आवागमन ठप हो गया। प्राकृतिक शिव मंदिर त्रिलोकपुर के साथ बहती तोतकी खड्ड का पानी मंदिर परिसर में घुस गया। इससे वहां कई फीट कीचड़ जमा हो गया। वहीं शाहपुर की बोह घाटी के स्पैड़ा और गढ़गून गांव में बादल फटने से आई बाढ़ में 18 मकान और एक स्कूल भवन बह गया। अचानक आई बाढ़ व मलबे से कई लोग बचने में कामयाब रहे, लेकिन एक महिला और दो बच्चे इसकी चपेट में आ गए। बच्चों को तो कुछ देर में ही निकाल लिया गया, लेकिन महिला दो घंटे तक मलबे में फंसी रही। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला जा सका। वहीं दूसरी ओर, भारी बारिश के चलते पेड़ गिरने से पठानकोट-मनाली नेशनल हाईवे भी कई घंटों तक बाधित रहा, यहां कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को बहाल किया गया। प्रशासन की टीम ने सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्र का रुख कर लिया। गढ़गून में 12 घर और स्पैड़ा में 6 मकान व पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। पशुशालाओं में मवेशी भी दब गए। बताया जा रहा है लोगों ने भागकर जान बचाई। पहाड़ी पर धमाका होने के बाद अचानक बाढ़ और मलबा आ गया, जो मकानों व पशुशालाओं को अपने साथ बहाकर ले गया। फ्लैश फ्लड में मकानों के बहने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्यों के लिए स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) की टीम को तत्काल रवाना किया गया, ताकि लोगों को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर स्वयं प्रशासनिक टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना हुए, लेकिन डिब्बा और मानेड़ नाला क्षेत्र में भारी लैंडस्लाइड के कारण सड़क बंद होने से राहत दलों को मौके तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रशासन सड़क बहाल करने के साथ-साथ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के प्रयासों में जुटा हुआ है।
  • Punjab News: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा बस पर हुआ हमला, 2 गिरफ्तार

    Punjab News: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा बस पर हुआ हमला, 2 गिरफ्तार

    अमृतसरः जिले में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा बस पर हमले होने की घठना सामने आई है। इस हमले को लेकर थाना घरिंडा की पुलिस ने युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। शिकायत के अनुसार, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं से भरी बस वाघा बॉर्डर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में 2 युवकों ने अपनी गाड़ी बस के आगे लगाकर उसका रास्ता रोक दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने बस में सवार लोगों के साथ गाली-गलौज की और हाथापाई करने की कोशिश की।

    शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों युवक अपनी गाड़ी से बेसबॉल बैट और गंडासा लेकर बाहर आए और बस पर हमला करने का प्रयास किया। घटना के समय बस में करीब 45 श्रद्धालु सवार थे। इनमें लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं और 20 प्रतिशत बुजुर्ग शामिल थे।

    आरोप है कि इसी दौरान एक दिव्यांग श्रद्धालु को भी धक्का मारकर नीचे गिरा दिया गया। घटना के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में डर का माहौल पैदा हो गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धाराओं 281, 125A, 126(2), 351 और 109 के तहत मामला दर्ज किया है।

  • Punjab News: हमलावारों ने बाइक सवारों पर किया बेसबेट से हमला, गंभीर घायल

    Punjab News: हमलावारों ने बाइक सवारों पर किया बेसबेट से हमला, गंभीर घायल

    लुधियानाः जगराओं के कमल चौक के पास देर रात 4 अज्ञात हमलावरों ने मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों पर हमला कर दिया। इस घटना में हमलावारों ने बेसबॉल बैट से जानलेवा हमला करके दोनों को घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को लोगों की मदद से सिविल अस्पताल भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों की हालत गंभीर होने के कारण एक को फरीदकोट और दूसरे को लुधियाना के अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया।

    इनमें से एक युवक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सोहिया गांव निवासी बृजपाल अपने दोस्त मोगा जिले के कोकरी गांव निवासी लवप्रीत सिंह के साथ एक निजी ई-कॉमर्स कंपनी में काम करता है। देर रात दोनों काम खत्म करने के बाद दस्ताने खरीदने के लिए कमल चौक से पुरानी सब्जी मंडी रोड की ओर मोटरसाइकिल पर जा रहे थे।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रास्ते में पहले से मौजूद 4 अज्ञात लोगों ने दोनों युवकों को घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने बिना किसी बहस के बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। घटना के दौरान भागते समय आरोपी लवप्रीत सिंह का बैग और मोबाइल और बृजपाल की मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाका निवासियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों के अनुसार बृजपाल की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।