Blog

  • लड़की की गला रेतकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

    लड़की की गला रेतकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

    महरौली: महरौली रोड पर एक झुग्गी में 23 वर्षीय लड़की की गला रेतकर हत्या की गई है।  लड़की का शव उसके घर में मिला है।  जानकारी के अनुसार लड़की की कलाई भी कटी हुई पाई गई है. पुलिस के अनुसार लड़की की पहचान अंजना के रूप में हुई है।  राजमिस्त्री का काम करने वाला हरकेश नामक शख्स रविवार की सुबह अपनी पत्नी के साथ काम पर गया था।  जब वह वापस लौटा तो उसने अपनी बेटी का शव खून से लथपथ पाया।  हरकेश राजस्थान के माधोगढ़ का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ डीएलएफ फेज-1 पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 201 (साक्ष्य छिपाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

    पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि महिला का गला रेता गया था और उसकी कलाई पर चाकू से वार किया गया था।  पुलिस ने कहा कि उसके शरीर पर चोट के और कोई निशान नहीं मिले हैं। लड़की के परिजनों ने हत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है. डीएलएफ फेज 1 पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर दिनेश कुमार ने कहा, ऐसा संदेह है कि महिला को उसके परिचित ने नींद में मार दिया था। 

  • जालंधर रोड पर पलटी पिकअप गाड़ी, बरामद हुआ जानवरों का मांस और हड्डियां

    जालंधर रोड पर पलटी पिकअप गाड़ी, बरामद हुआ जानवरों का मांस और हड्डियां

    जालंधर/वरुणः पंजाब में गौ वंश की हत्या को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है। दरअसल, जालंधर रोड पर नवदीप पैलेस के सामने पिकअप गाड़ी पलट गई। इस दौरान गाड़ी से जानवरों के मांस और हड्डियां देख लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इस मामले को लेकर पुलिस को सूचना दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस को पलटी पिकअप गाड़ी से जानवरों के मांस और हड्डियां बरामद हुई हैं।

    हालांकि पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया था। शक जाहिर किया जा रहा है कि यह गाेमांस हो सकता है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप का माहाैल है। जिसकी पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने गौ वंश की हत्या के एक्ट तहत मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसआइ हरमेश सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जालंधर रोड पर नवदीप पैलेस के सामने पिकअप गाड़ी पलट गई है।

    जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि गाड़ी पलटी हुई थी और जानवर का मांस और हड्डियां सड़क पर बिखरी हुई थीं। जिसे समेटकर गाड़ी में भरकर गाड़ी को थाने लाया गया है।पुलिस का कहना है कि गाड़ी का चालक मौके से फरार हो चुका है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश नंबर की बाेलेरो के नंबर के आधार पर थाना सलेम टाबरी में आपराधिक मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी एएसआइ हरमेश सिंह के अनुसार आरोपित की शिनाख्त कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

  • जालंधरः कांग्रेसी विधायक हैनरी के करीबी पार्षद रिश्तेदार विशाल गिल सहित 5 पर मामला दर्ज

    जालंधरः कांग्रेसी विधायक हैनरी के करीबी पार्षद रिश्तेदार विशाल गिल सहित 5 पर मामला दर्ज

    जालंधर/वरुणः शहर में निगम चुनाव से पहले कांग्रेसी पार्षदों की मुश्किलें बढ़नी शुरू हो गई है। वहीं थाना रामा मंडी पुलिस की ओर से गत दिवस लॉटरी व दड़ा सट्टा के खिलाफ कार्यवाही की गई। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने 5 लोगों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस की ओर से दर्ज किए गए मामले में जालंधर नार्थ से विधायक अवतार हैनरी (जूनियर) बावा के करीबी और वार्ड-57 के पार्षद रजनी मट्टू के पति विकास गिल के भाई विशाल गिल को भी नामजद किया गया है।

    पुलिस ने मामला दर्ज करके लॉटरी एक्ट 1998 अधीन 7(3), पब्लिक गैंबलिंग एक्ट अधीन 13(A) तथा 294-A जोड़ी है। बताया जा रहा है कि इस मामले में रामा मंडी पुलिस ने एफआईआर में नामजद किए गए आरोपियों में से कुछ को हिरासत में भी लिया है। वहीं दूसरी ओर पार्षद रिश्तेदार विशाल गिल की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।

    बता दें कि गत दिनों पार्षद पति रवि सैनी (वार्ड-3) के हक में थाना घेरने पहुंचे जालंधर नॉर्थ से विधायक बावा हैनरी के साथ विशाल गिल भी थाने के बाहर घेराव करता हुआ दिखाई दिया था। इस मामले को लेकर जब बावा हैनरी व पार्षद रजनी मट्टू से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने फ़ोन नहीं उठाया। अगर वह अपना पक्ष रखना चाहते है तो वह सम्पर्क कर अपना पक्ष रख सकते है। वह भी प्रकाशित किया जाएगा।

  • पंजाबः अमृतपाल सिंह को लेकर डीजीपी का आया बड़ा बयान, जाने क्या कहा

    पंजाबः अमृतपाल सिंह को लेकर डीजीपी का आया बड़ा बयान, जाने क्या कहा

    चंडीगढ़ः वारिस पंजाब दे जत्थेबंदी के मुखिया अमृतपाल लगातार खालिस्तान राग अलापने के मामले में विरोधियों के निशाने पर रह रहे है। कई राजनीतिक पार्टियां भी अमृतपाल का विरोध कर रही है। वहीं अमृतपाल सिंह के इस बयानों को लेकर पहली बार डीजीपी गौरव यादव का बयान सामने आया है। डीजीपी गौरव यादव ने अमृतपाल सिंह को लेकर महत्वपूर्ण बात कहते हुए कहा कि हमारे संविधान में सभी को अपनी बात रखने तथा विचार प्रकट करने का अधिकार है। अमृतपाल सिंह धर्म का प्रचार करने के लिए स्वतंत्र हैं परन्तु कानून की उल्लंघना करने पर उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

    डीजीपी ने कहा कि पंजाब सरकार व पुलिस ने भड़काऊ बयानबाजी व सोशल मीडिया पर ऐसी वीडियो अपलोड करने पर रोक लगाई हुई है और उसकी पालना सभी को करनी होगी। चर्च पर पिछले समय हुए हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एसआईटी इसकी जांच कर रही है और जल्द ही यह मामला हल कर लिया जाएगा। डीजीपी ने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और सीमा पार से हथियार व नशीले पदार्थ पंजाब में भेजे जाते हैं। सीमा पर मुख्य कार्य बीएसएफ द्वारा किया जा रहा है और पंजाब पुलिस उसे पूरा सहयोग दे रही है। अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट सैकेंड लाइन ऑफ डिफैंस को मजबूत किया गया है। 

  • ट्विटर की ‘ब्लू वैरिफाइड बैज’ की रीलॉन्चिंग पर मस्क ने किया बड़ा ऐलान

    ट्विटर की ‘ब्लू वैरिफाइड बैज’ की रीलॉन्चिंग पर मस्क ने किया बड़ा ऐलान

    नई दिल्लीः ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने फिर एक बड़ा फैसला किया है। अब उन्होंने ट्विटर पर ‘ब्लू वेरिफाइड बैज’ की रिलांचिंग अस्थाई रूप से रोक दी है। पिछले महीने ही 8 डॉलर के शुल्क के साथ इसे शुरू किया गया था, ताकि इस सोशल साइट के सत्यापित अकाउंट की पहचान हो सके।  ब्लू टिक खातों के सत्यापन की सशुल्क व्यवस्था का मस्क का फैसला ट्विटर के अधिग्रहण के बाद सबसे विवादित माना जाता है। कई फर्जी अकाउंट भी वैरिफाइड हो गए थे।

    इन्हें लेकर काफी मजाक उड़ाई गई थी। ब्लू टिक की सशुल्क व्यवस्था को लेकर मस्क की आलोचना भी की गई थी। इसलिए मस्क ने इसे रोकते हुए कहा कि फर्जी या नकली खातों की पहचान के प्रबंध होने के बाद ही ब्लू टिक बैज की रिलांचिंग होगी। मस्क ने ट्वीट कर कहा कि अब संभवत: व्यक्तियों व कंपनियों अथवा संस्थानों के लिए अलग अलग रंग के ‘टिक’ होंगे।

    ट्विटर के अधिग्रहण के बाद से मस्क के कई फैसले विवादित व आलोचना की वजह बन रहे हैं। अधिग्रहण के तत्काल बाद उन्होंने शीर्ष पदों पर बैठे अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद बड़े पैमाने पर छंटनी की। सत्यापित खातों की सशुल्क व्यवस्था लागू की। ऐसे कई फैसले से ट्विटर खुद हंसी का सबब बन गया है। दुनिया के सबसे धनी एलन मस्क ने 44 अरब डॉलर में ट्विटर का अधिग्रहण किया है। इस सोशल साइट को लेकर उनके कई सपने हैं।

  • बम धमाकों और टारगेट किलिंग मामलों में शामिल कुख्यात आतंकी कुलविंदरजीत गिरफ्तार

    बम धमाकों और टारगेट किलिंग मामलों में शामिल कुख्यात आतंकी कुलविंदरजीत गिरफ्तार

    नई दिल्लीः एनआईए ने दिल्ली एयरपोर्ट से कुख्यात आतंकी कुलविंदरजीत खानपुरिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब में पंजाब में हुई टारगेट किलिंग, सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने व दिल्ली के कनाट प्लेस में हुए धमाके में शामिल था। इसके अलावा 90 के दशक में कई राज्यों में किए गए ग्रेनेड हमले में भी उसकी अहम भूमिका थी। एनआईए ने उस पर पांच लाख का का इनाम भी घोषित किया था। इसके निशाने पर भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी थे। पंजाब में दहशत फैलाने के लिए वह इन अधिकारियों को अपना टारगेट बनाना चाहता था। कुलविंदरजीत खानपुरिया बीकेआई और केएलएफ जैसे आतंकवादी संगठनों से जुड़ा हुआ है।

    उसे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नई दिल्ली में बैंकॉक से आते समय गिरफ्तार किया गया था। वह 2019 से फरार था। पता चला है कि आरोपी पंजाब में आतंकी वारदातों को अंजाम देकर माहौल बिगाड़ने की साजिश में शामिल था। पंजाब में पुलिस और सुरक्षा से जुड़े लोगों के साथ-साथ डेरा सच्चा सौदा से जुड़े धार्मिक स्थानों को निशाना बनाकर भारत में आतंकवादी हमले करने की साजिश के पीछे मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड है। उस पर स्पेशल ऑपरेशन सेल ने 2019 में अमृतसर में मामला दर्ज किया था। जबकि इसके बाद एनआईए 27 जून 2019 को दिल्ली में केस दर्ज किया था। कुलविंदरजीत खानपुरिया ने भारत व विदेशों में बैठे अपने हैंडलरों के साथ मिलकर भारत में आतंकवादी हमले करने की योजना बनाई। खानपुरिया बाद में भारत से भागने में सफल हो गया।

    जब वह विदेश में था, तो वह पाकिस्तान में बैठे हरमीत सिंह पीएचडी के संपर्क में आया था। उसकी मौत के बाद पाकिस्तान में बैठे आतंकी लखवीर सिंह रोडे के साथ मिल गया था। साथ ही भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल था। इतना ही नहीं खानपुरिया को एनआईए विशेष अदालत में मोहाली द्वारा घोषित किया गया था। जिसके बाद, एक लुक आउट सर्कुलर (एलओसीयू) जारी किया गया था और उसके खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। एनआईए ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने वाले को 5 लाख रुपये का नकद इनाम देने की भी घोषणा की थी। उन्हें 21 नवंबर 2019 को फरार के रूप में चार्जशीट किया गया था। हालांकि उसके चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

  • जालंधरः नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जीवन लीला की समाप्त

    जालंधरः नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जीवन लीला की समाप्त

    जालंधर/वरुण : लोहियां कस्बे से दुखःद ख़बर सामने आई है। जहां नवविवाहिता ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। मृतका की पहचान लवप्रीत कौर के रूप में हुई है। मृतका की मां रेखा रानी ने बताया कि उनकी पुत्री लवप्रीत कौर की शादी करीब एक साल पहले लुधियाना के जनता नगर निवासी अमरजीत सिंह के पुत्र गगनदीप सिंह से हुई थी। उनका आरोप है कि लड़का परिवार शादी के कुछ समय बाद ही दहेज़ और कार की मांग करने लगा। इस बात को लेकर बेटी लवप्रीत से मारते-पीटते थे।

    मृतक लड़की की मां का कहना है कि कुछ रिश्तेदारों ने लड़के के परिवार से गुहार भी लगाई थी कि लड़की का परिवार गरीब है और वे पहले ही अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च कर चुके हैं। सुलह होने के बाद लड़की ससुराल चली गई लेकिन उसका पति गगनदीप सिंह और सास अमरजीत कौर ने 26-10-2022 को फिर से यहां छोड़ गए और कहा कि अगर उसे ससुराल में रहना है तो नई ब्रेजा कार लेकर आए।

    इसके बाद लवप्रीत कौर काफी परेशान रहने लगी। गगनदीप सिंह ने फोन कर हमे नकोदर कोर्ट में आ कर तलाक की बात करने को कहा। इसके बाद लवप्रीत ने दोपहर करीब डेढ़ बजे पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इसके बाद लोहियां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति गगनदीप सिंह, ससुर अमरजीत सिंह, सास अमरजीत कौर के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है।

  • बड़ा हादसाः प्लेन क्रैश होने के बाद घर की छत पर गिरा, 8 की मौत

    बड़ा हादसाः प्लेन क्रैश होने के बाद घर की छत पर गिरा, 8 की मौत

    नई दिल्लीः कोलंबिया में बड़ा हादसा सामने आया है, यहां एक छोटा विमान रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया, जिसमे 8 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार को कोलंबिया के मेडेलिन में हुआ है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि हादसे में विमान में सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई है। यह विमान सोमवार की सुबह ओलाया हेरेरा एयरपोर्ट से रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान के दौरान इसका इंजन फेल हो गया और यह एक घर के अंदर गिर गया।

    एयरपोर्ट अथॉरिटी के ट्विटर हैंडल से इस हादसे की जानकारी देते हुए कहा गया कि विमान में 6 यात्री और 2 पायलट सवार थे, सभी की मौत हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार यह विमान जिस घर में क्रैश होकर गिरा है, वहां पर किसी के घायल होने या मारे जाने की खबर नहीं है। मेयर डेनियल क्विनटेरो ने ट्वीट करके लिखा, बेलेन रोसेल्स सेक्टर में विमान हादसा हुआ है।

    पीड़ितों की मदद के लिए सरकार ने अपनी पूरी क्षमता के साथ अभियान शुरू कर दिया है। यह विमान ट्विन इंजन विमान था, जोकि मेडलिन से पिजारो की ओर जा रहा था। टेकऑफ के बाद विमान ने इंजन के फेल होने का संकेत दिया था, लेकिन वह वापस नहीं लौट सका। विमान घर की एक छत पर गिरा, जिसकी वजह से घर की छत क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर आपात मदद के लिए सेवा को भेजा गया। दमकल की टीम ने आग बुझाने की कोशिश की। हादसे से घर के भीतर की दीवारें ढह गई थी।

  • पंजाबः रेप पीड़िता से रिश्वत लेने के मामले ASI के खिलाफ मामला दर्ज

    पंजाबः रेप पीड़िता से रिश्वत लेने के मामले ASI के खिलाफ मामला दर्ज

    15 अगस्त को ASI को विधायक और एसडीएम ने किया गया था सम्मानित

    डेराबस्सीः चंडीगढ़ के पास स्थित डेराबस्सी में महिला एएसआई द्वारा रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। डेराबस्सी में दुष्कर्म पीड़ित महिला से रिश्वत लेते महिला एएसआई का वीडियो वायरल होने पर सोमवार रात केस दर्ज कर लिया गया। एएसपी डेराबस्सी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के निर्देश पर आरोपी महिला एएसआई प्रवीण कौर पर यह कार्रवाई की गई। वीडियो कुछ समय पहले का है। तब आरोपी प्रवीण कौर डेराबस्सी थाने में तैनात थी। फिलहाल उसकी तैनाती पुलिस लाइन में है। केस दर्ज कर डेराबस्सी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    आरोपी महिला एएसआई प्रवीण कौर को गत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में पुलिस में बेहतर सेवाएं देने के लिए इलाका विधायक कुलजीत रंधावा और एसडीएम हिमांशु गुप्ता की ओर से सम्मानित किया गया था। मामले में एएसपी डेराबस्सी दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि वायरल वीडियो में एएसआई प्रवीण कौर वर्दी में एक महिला के घर पर बैठी है और उससे पैसे ले रही है। इसे देखकर लगता है कि उक्त महिला से पुलिसकर्मी किसी काम के बदले पैसे ले रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए प्रवीण कौर के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

    उधर, पीड़ित महिला का आरोप है कि अप्रैल 2022 में एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। डेराबस्सी पुलिस ने केस दर्ज करने के कई महीने बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह मामले में कार्रवाई को लेकर डेराबस्सी थाने के चक्कर लगाती रही लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस बीच महिला एएसआई प्रवीण कौर घटना स्थल का नक्शा बनाने उसके घर पर आई थी। इस दौरान उसने उससे 20 हजार रुपये लिए थे। इसके बाद 10 हजार रुपये और लेकर गई थी। जब डीआईजी के पास वह मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने गई थी तब प्रवीण कौर उसकी कार भी मांगकर ले गई थी।

    पीड़िता के मुताबिक, जब महिला एएसआई उसके घर आई थी और उससे पैसे लेकर जेब में रख रही थी तब उसके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू थे। इसमें पूरी घटना कैद हो गई। पहले इस मामले की शिकायत उन्होंने डेराबस्सी पुलिस से की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने विजिलेंस से शिकायत दी। पीड़िता ने डेराबस्सी थानाध्यक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

  • Gangster रिंदा जिंदा है या मर गया, सच्चाई को लेकर IG गिल ने दिया बड़ा बयान

    Gangster रिंदा जिंदा है या मर गया, सच्चाई को लेकर IG गिल ने दिया बड़ा बयान

    चंडीगढ़ः गैंगस्टर से आतंकी बने हरविंदर सिंह रिंदा की मौत को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पंजाब पुलिस का कहना है कि उसे भी सिर्फ सोशल मीडिया व खबरों से ही पता चला है कि रिंदा की मौत हो गई है लेकिन इसकी सच्चाई के बारे में कोई जानकारी नहीं है। आई.जी. डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि रिंदा की मौत के बारे में जो भी सूचनाएं मिली हैं, वे सारी सोशल मीडिया व खबरों के जरिए ही मिली हैं।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि रिंदा की मौत होने संबंधी पुलिस को कोई सूचना नहीं मिली है, यहां तक कि केंद्रीय एजैंसियों की तरफ से भी उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है, इसलिए इस मामले पर वे कोई भी टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं। वैसे ऐसी सूचनाओं की पुष्टि होने में वक्त लगता है क्योंकि पंजाब पुलिस रिंदा द्वारा चलाई जा रही आतंकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। यदि आगामी दिनों में कोई भी ऐसा सुराग हाथ न लगा कि किसी घटना में रिंदा का हाथ है तो समझा जाएगा कि रिंदा की मौत हो गई है।

    उधर, गोल्डी बराड़ को जल्द गिरफ्तार करके लाने संबंधी पूछे जाने पर आई.जी. गिल ने कहा कि इस संबंध में पूरी प्रक्रिया चल रही है और काफी समय पहले रैड कॉर्नर नोटिस इश्यू हो चुका है।  अब उसकी लोकेशन पुख्ता होने के तुरंत बाद संबंधित देश में पुलिस को एक्टिव किया जाएगा और उसे वापस भारत लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। हैप्पी संघेड़ा की हत्या के बारे में कुछ नहीं कह सकते : सुखचैन सिंह

    गिल ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही हैप्पी संघेड़ा की हत्या की सूचना के बारे में भी पंजाब पुलिस फिलहाल कुछ नहीं कह सकती। विदेशों से संबंधित मामले भारत सरकार के संबंधित विभागों के अधीन आते हैं और वहीं से कोई सूचना पंजाब पुलिस को मिलेगी तो पुष्टि हो पाएगी।