Blog

  • BAT- BMS Chinese App से मोबाइल स्‍क्रीन टच करते ही ई-रिक्शा हो रहा बंद, देखें वीडियो

    BAT- BMS Chinese App से मोबाइल स्‍क्रीन टच करते ही ई-रिक्शा हो रहा बंद, देखें वीडियो

    सरकार ने Play-Store से App हटवाये, जानें हरकत पर कितनी सजा

    जालंधर में भी सक्रिय हुआ गिरोह

    BAT- BMS Chinese App ः सोशल मीडिया पर लगातार कई दिनों से वीडियो वायरल हो रही है। जिसमें देखा रहा है कि चीनी एप्प के जरिए बाइक सवार शख्स अपने मोबाइल फोन से बीच सड़क पर चलते ई-रिक्शा को बंद कर देता है। जिसके बाद ई-रिक्शा चालक परेशान होकर काफी देर तक खड़ा रहता। उसे समझ नहीं आता है कि ई-रिक्शा में क्या खराबी हुई है। जब इस पूरे मामले की जांच पड़ताल की गई तो पता चला है कि इसके पीछे चाइनीज एप्प BAT-BMS है।

    जालंधर से भी वीडियो आई सामने
    महानगर के गुरुनानक पुरा से एक वीडिया सामने आई है। जिसमें देखा जा रहा है कि एक ई-रिक्शा चालक का किसी ने चीनी एप्प के माध्यम से हैक कर लिया। जिसके बाद किसी युवक ने मौके पर जाकर एप के जरिये सही किया। इसके बाद लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्लीस ऐसा कोई न करें। जिससे किसी के साथ दुर्घटना हो जाए।

    सरकार ने लिया एक्शन
    वहीं, इस पूरे मामले में सरकार बड़ा एक्शन लेते हुए ई-रिक्शा को दूर से बंद करने से जुड़े दो ऐप हटाने के निर्देश दिये है। साथ सरकार ने कहा कि वो यह मुद्दा ऐप स्टोर चलाने वाली कंपनियों के साथ प्रमुखता से उठायेगी। मकसद यह है कि आगे ऐसे नुकसान पहुंचाने वाले ऐप स्टोर पर आएं ही नहीं यानी सिर्फ ऐप हटाना नहीं बल्कि आगे के लिए रास्ता बंद करना सरकार की तैयारी है। आने वाले दिनों में देखना यह होगा कि बैटरी बनाने वाली कंपनियों और ऐप स्टोर पर सरकार क्या ठोस कदम उठाती है।

    मिली जानकारी के अनुसार BAT-BMS ऐप को चीन की कंपनी शेन्ज़ेन ग्रीनर्जी टेक्नोलॉजी ने बैटरी की चार्जिंग, तापमान और वोल्टेज जैसी जानकारी देखने के लिए बनाया था। लेकिन भारत में बिकने वाले कई ई-रिक्शों में चीनी लिथियम बैटरी लगी होती है।

    10 से 15 मीटर की दूरी तक किसी भी फोन से जुड़ सकता है
    इसमें पासवर्ड या सुरक्षा नहीं होती। ऐसे में बैटरी का ब्लूटूथ 10 से 15 मीटर की दूरी तक किसी भी फोन से जुड़ सकता है। ऐप में मौजूद बैटरी बंद करने वाला फीचर, जो मरम्मत के दौरान इस्तेमाल के लिए बनाया गया था, अब कुछ लोग उसका गलत इस्तेमाल कर ई-रिक्शा की बिजली काट देते हैं।

    हर ई-रिक्शा पर खतरा नहीं है
    ये खबर सामने आने के बाद हर ई-रिक्शा चालक डर सताने लगी है कि मेरे भी ई-रिक्शा को चलते वक्त कोई बंद न कर दे। ऐसा जानकार बताते है कि यह डर हर ई-रिक्शा पर लागू नहीं होता. जो पुराने ई-रिक्शा लेड-एसिड बैटरी पर चलते हैं, उनमें ब्लूटूथ होता ही नहीं। इसलिए वो पूरी तरह सुरक्षित हैं।

    वहीं साइबर कानून के जानकार के मुताबिक, किसी की ई-रिक्शा की बैटरी से बिना अनुमति जुड़ना आईटी कानून की धारा 43 और 66 के तहत अपराध हो सकता है। उनके अनुसार ई-रिक्शा भी एक तरह का कंप्यूटर सिस्टम है और उसमें बिना इजाजत दखल देना सजा और जुर्माने का कारण बन सकता है। सरकार के पास आईटी कानून की धारा 69A के तहत ऐसे ऐप को ब्लॉक करने का अधिकार भी है।

     

     

  • हरोली में 5.50 करोड़ की लागत से बना ‘आईना’ कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शुरू

    हरोली में 5.50 करोड़ की लागत से बना ‘आईना’ कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शुरू

    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया उद्घाटन, नए SDPO कार्यालय का शुभारंभ और पुलिस वाहन को भी दिखाई हरी झंडी
    ऊना, सुशील पंडित : हरोली में शुक्रवार को तकनीक आधारित पुलिसिंग को नई दिशा देते हुए 5.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित ‘आईना’ (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) का शुभारंभ किया गया। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस अत्याधुनिक कमांड सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। यह कमांड एंड कंट्रोल सेंटर हरोली उपमंडल में अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों की रियल टाइम निगरानी को मजबूत करेगा। इसके माध्यम से वाहनों की प्रभावी ट्रैकिंग, आपराधिक जांच में तेजी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी।
    हरोली उपमंडल की पंजाब से करीब 55 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस परियोजना को विकसित किया गया है। इस नेटवर्क के तहत लगभग 60 प्रमुख स्थानों पर 195 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें 103 एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) और 92 नॉन-एएनपीआर कैमरे शामिल हैं।
    उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विश्वास जताया कि ‘आईना’ कमांड एंड कंट्रोल सेंटर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, त्वरित निगरानी और आपातकालीन परिस्थितियों में शीघ्र एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने नवनिर्मित एसडीपीओ कार्यालय, हरोली का भी उद्घाटन किया तथा पुलिस थाना हरोली के लिए उपलब्ध कराए गए नए पुलिस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
    पुलिस विभाग के अनुसार, यह परियोजना हिमाचल प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण, स्मार्ट पुलिसिंग और नागरिकों को सुरक्षित, प्रभावी तथा तकनीक आधारित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
         
  • HTT Level-3 PJT की परीक्षा कल होगी आयोजित, प्रदेशभर में 238 परीक्षा केन्द्रों पर 73091 अभ्यर्थी होंगे प्रविष्ट

    HTT Level-3 PJT की परीक्षा कल होगी आयोजित, प्रदेशभर में 238 परीक्षा केन्द्रों पर 73091 अभ्यर्थी होंगे प्रविष्ट

    चंडीगढ़: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा जुलाई-2025 के अंतर्गत लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा कल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

    बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि आज बोर्ड मुख्यालय से परीक्षा के प्रश्न-पत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस व बोर्ड के अधिकारियों की अभिरक्षा में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों के लिए रवाना किया गया। कल 04 जुलाई को प्रदेशभर में संचालित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल-3 की परीक्षा में 238 परीक्षा केन्द्रों पर 73,091 अभ्यर्थी प्रविष्ट होंगे। यह परीक्षा सांयकालीन सत्र 3:00 बजे से 5:30 बजे तक संचालित होगी।

    धूपड़ ने स्वयं जायजा लिया तथा उन्होंने प्रश्न-पत्र वितरण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनाए रखना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। एचटेट परीक्षा का निर्विघ्न, सुव्यवस्थित संचालन करने, विश्वसनीयता व पवित्रता बरकरार रखने के लिए अभूतपूर्व प्रबंध किए गए हैं। बोर्ड द्वारा परीक्षा संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं, प्रदेश का सिविल प्रशासन पूरी तरह से सजग व सक्रिय है, पुलिस हर प्रकार से मुस्तैद व जागरूक है।

    बोर्ड प्रशासन ने सभी जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों से समन्वय बनाकर परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया है। बोर्ड अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित समय से पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश पत्र एवं आवश्यक पहचान पत्र साथ लेकर पहुंचें तथा परीक्षा के दौरान बोर्ड द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करें।

  • सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का नया ठिकाना

    सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का नया ठिकाना

    ऊना, सुशील पंडित : प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मेहनत के साथ-साथ शांत, अनुशासित और प्रेरणादायी अध्ययन वातावरण भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ऊना ने सामर्थ्य पहल के अंतर्गत मिनी सचिवालय ऊना के कक्ष संख्या 221 में करीब 15 लाख रुपये की लागत से ‘सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय’ विकसित किया है। आज यह पुस्तकालय प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अध्ययन का एक बेहतर केंद्र बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण को प्राथमिकता देने की राज्य सरकार की सोच के अनुरूप उपायुक्त जतिन लाल के मार्गदर्शन में शुरू की गई सामर्थ्य पहल का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक अवसर, गुणवत्तापूर्ण संसाधन और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। ज्ञानदीप पुस्तकालय उसी सोच का साकार रूप है। इसके माध्यम से युवाओं को जिले में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। उपायुक्त जतिन लाल की परिकल्पना से साकार हुआ यह पुस्तकालय पढ़ाई का बेहतर स्थल होने के साथ ही युवाओं में अध्ययन संस्कृति विकसित करने का एक प्रयास भी है। उनका मानना है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, आवश्यकता केवल ऐसे वातावरण की होती है जहां युवा पूरी एकाग्रता और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की तैयारी कर सकें। इसी सोच के साथ इस पुस्तकालय की स्थापना की गई, ताकि विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं अपने जिले में ही उपलब्ध हो सकें। मिनी सचिवालय ऊना के अलावा सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय पंजावर और मैड़ी खास में भी स्थापित किए गए हैं। वहीं माता श्री चिंतपूर्णी के श्री माईदास सदन स्थित पुस्तकालय के आधुनिकीकरण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

    फ्री वाई-फाई, एसी रूम और शांत वातावरण

    सहायक आयुक्त विनय मोदी ने बताया कि पुस्तकालय प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित किया जाता है। यहां एक समय में लगभग 30 विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था है। पुस्तकालय में वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, निशुल्क वाई-फाई, आधुनिक फर्नीचर, आरामदायक बैठने की व्यवस्था तथा पूरी तरह शांत और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि मात्र 200 रुपये प्रतिमाह के शुल्क पर विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। पुस्तकालय के संचालन के लिए निर्धारित नियम यह सुनिश्चित करते हैं कि अध्ययन का वातावरण हर समय एकाग्रता और अनुशासन के अनुकूल बना रहे। पुस्तकालय की सदस्यता प्राप्त करने के इच्छुक युवा मिनी सचिवालय, ऊना स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव कार्यालय, कक्ष संख्या 406 में कार्यालय समय के दौरान संपर्क कर सकते हैं।

    युवाओं ने सराहे प्रयास

    दूसाड़ा निवासी सोनाक्षी ने बताया कि जमा दो की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। पहले वह घर पर ही पढ़ाई करती थीं, लेकिन वहां एकाग्र होकर अध्ययन करने का उपयुक्त माहौल नहीं मिल पाता था। ज्ञानदीप पुस्तकालय की जानकारी मिलने के बाद अब उन्हें नियमित अध्ययन के लिए शांत, सुरक्षित और प्रेरणादायी वातावरण मिला है। उनका कहना है कि यहाँ उपलब्ध निशुल्क वाई-फाई, वातानुकूलित कक्ष और अनुशासित माहौल उनकी तैयारी में काफी मदद कर रहा है। वहीं डॉ. अनु कौशल, जो पेशे से डेंटल सर्जन हैं और संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रही हैं, कहती हैं कि पुस्तकालय का सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करता है। यहां उपलब्ध सुविधाएं और समय-समय पर उपायुक्त जतिन लाल द्वारा दिया जाने वाला मार्गदर्शन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाता है। उनका मानना है कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस पुस्तकालय का लाभ उठाना चाहिए। ज्ञानदीप पुस्तकालय इस विश्वास को और मजबूत करता है कि सही वातावरण, बेहतर संसाधन और उचित मार्गदर्शन मिल जाए तो प्रतिभा अपने लिए रास्ता स्वयं बना लेती है। जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। मात्र 200 रुपये प्रतिमाह के शुल्क पर उपलब्ध यह पुस्तकालय ऊना के युवाओं को उनके सपनों के करीब ले जाने वाला एक भरोसेमंद अध्ययन केंद्र बनकर उभर रहा है।
  • Punjab News: साले ने जीजे को जिंदा जलाया, महिला की भी मौत

    Punjab News: साले ने जीजे को जिंदा जलाया, महिला की भी मौत

    तरनतारनः जिले से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। इस घटना ने सबके रोंगटे खड़े कर दिए। रिश्तों की हत्या और बेरहमी की एक ऐसी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसे देखकर आपकी रूह कांप उठेगी। एक साले ने अपनी बहन के घरवाले यानी जीजे पर तेल छिड़ककर सरेआम आग लगा दी। इस खूनी खेल में न सिर्फ जीजे की मौत हुई, बल्कि उसे बचाने आई एक और महिला ने भी दम तोड़ दिया।

    पूरा घटनाक्रम तरनतारन के गांव संघा का है। मृतक नौजवान की पहचान लवप्रीत सिंह निवासी गांव लोपोके, अमृतसर के रूप में हुई है। वह अपनी रूठी हुई पत्नी संदीप कौर को ससुराल में मनाने के लिए आया था। लेकिन पर उसे क्या पता था कि ससुराल में उसकी मौत उसका इंतजार कर रही है।

    घर में हुई बहस के बाद, लवप्रीत के साले साजन सिंह ने गुस्से में आकर लवप्रीत पर तेल छिड़क दिया और आग लगा दी। आग इतनी भयानक थी कि लवप्रीत सिंह बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौत हो गई। दर्दनाक बात यह रही कि जब साजन सिंह अपने जीजे को आग लगा रहा था, तो उसे बचाने के लिए उसकी अपनी भाभी गुरजीत कौर आगे आई।

    इस बेरहम आग की लपटों ने गुरजीत कौर को भी अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाई गई गुरजीत कौर ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में आग लगाने वाला आरोपी साजन सिंह भी खुद झुलस गया है, जिसका इस समय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

  • SIR 2026: परिवार के सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर करवाने के लिए भर सकते हैं Form-8

    SIR 2026: परिवार के सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर करवाने के लिए भर सकते हैं Form-8

    चंडीगढ़:  हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान यह पाया गया है कि कई परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं। ऐसी स्थिति तब होती है जब किसी सेक्टर या कॉलोनी के लिए एक ही भवन में दो अलग-अलग मतदान केंद्र बनाए गए हों । ऐसे में यदि कोई परिवार चाहता है कि भविष्य में उसके सभी पात्र मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों  तो प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 के प्रकाशन के बाद दावे एवं आपत्तियों की अवधि के दौरान फॉर्म-8 भरकर मतदान केंद्र परिवर्तन का अनुरोध किया जा सकता है।

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नए मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे फॉर्म-6 भरते समय अपने परिवार के पहले से पंजीकृत सदस्य का विवरण सही एवं पूर्ण रूप से अंकित करें व उसी मतदान केंद्र के BLO के माध्यम से आवेदन जमा कराएं ताकि परिवार के सभी सदस्यों का पंजीकरण एक ही मतदान केंद्र पर सुनिश्चित किया जा सके।

    निर्वाचन विभाग सभी मतदाताओं से आग्रह करता है कि प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम एवं अन्य विवरणों का अवश्य सत्यापित करें। यदि परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं और उन्हें एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करवाना चाहते हैं तो 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक निर्धारित अवधि में प्रपत्र-8 भरकर आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी व सहायता के लिए मतदाता अपने क्षेत्र के BLO, ECINET App के “Book a Call” फीचर तथा टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

  • स्वास्थ्य मंत्री ने रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता की

    स्वास्थ्य मंत्री ने रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता की

    शिमला: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज शिमला से वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से डॉ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मंत्री ने पिछले तीन वित्तीय वर्षों की उपलब्धियों और प्रदर्शन की समीक्षा की।

    स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रोगी देखभाल सेवाओं को सुदृढ़ करने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र के कायाकल्प की दिशा में कार्य कर रही है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्त्वपूर्ण पहल की है। देश के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थानों की तर्ज पर राज्य के चिकित्सा संस्थानों को स्तरोन्नत किया जा रहा है। सरकार के प्रयासों से राज्य में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।

    सरकार ने अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज चमियाणा, आईजीएमसी शिमला और टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में आधुनिक ऑटोमेटिड लैब स्थापित करने के लिए 75 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में पीजी की सीटों में वृद्धि, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी कोर्सिस (एमएलटी) और नर्सिंग की छात्राओं की सुविधा के लिए बेहतर अधोसंरचना को सुनिश्चित किया जाएगा। महाविद्यालय में मरीजों की सुविधा के लिए हाई-परफॉर्मेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी (एचपीएलसी), कटीन्यूअस रीनल रिपलेसमेंट थेरपी (सीआरआरटी) और हीमोडायाफिलट्रेशन (एचडीएफ) डाईलिसिस मशीनें स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय में लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग की सुविधा के विस्तार की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

    प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में दशकों पुरानी मशीनों एवं उपकरणों के स्थान पर नई अत्याधुनिक मशीनों और उपकरणों को स्थापित किया जा रहा है। स्वास्थ्य संस्थानों में अत्याधुनिक एमआरआई, सीटी स्कैन, डिजिटल रेडियोग्राफी और डिजिटल मैमोग्राफी सहित आधुनिक उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य संस्थानों में बड़े स्तर पर डाक्टरों, प्रोफेसरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को भर्ती किया जा रहा है जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में ठोस निर्णय लिए जा रहे है।

    बैठक में विशेष सचिव स्वास्थ्य डॉ. अश्वनी शर्मा और वर्चुअल माध्यम से टांडा से एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आर.एस. बाली और टांडा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • LPU के Summer Upskilling Program ने Innovation, Creativity और अनुभव से सीखने के जरिए Youth Minds को किया प्रेरित

    LPU के Summer Upskilling Program ने Innovation, Creativity और अनुभव से सीखने के जरिए Youth Minds को किया प्रेरित

    जालंधर(Ens): लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने स्कूल के छात्रों के लिए कई अपस्किलिंग प्रोग्राम आयोजित करके गर्मियों की छुट्टियों में सीखने और इनोवेशन करने में इस्तेमाल की। छुट्टियों के दौरान अलग-अलग समय पर आयोजित इन प्रोग्राम्स ने बच्चों को किताबों से आगे बढ़कर टेक्नोलॉजी, क्रिएटिविटी, संस्कृति और अनुभव से सीखने के ज़रिए नई रुचियों को खोजने के लिए प्रोत्साहित किया। रॉकेट बनाने और ड्रोन उड़ाने से लेकर आर्टवर्क और स्टेज पर परफॉर्म करने तक, प्रतिभागियों ने अपनी गर्मियों की छुट्टियों का भरपूर फ़ायदा उठाते हुए कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए।

    कक्षा 7 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘स्टूडेंट रिसर्च एंड प्रोजेक्ट डिपार्टमेंट’ द्वारा आयोजित आठ दिवसीय ‘एरोबोटिक्स बूटकैंप 2026’ में 15 स्कूलों के 71 छात्रों ने एयरोस्पेस, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी और 3डी प्रिंटिंग में सीखने का शानदार अनुभव प्राप्त किया। “जहाँ एयरोस्पेस और रोबोटिक्स मिलते हैं” थीम पर आधारित इस बूटकैंप ने प्रतिभागियों को एक्सपर्ट मेंटर्स के मार्गदर्शन में मॉडल रॉकेट डिज़ाइन और लॉन्च करने, आरसी एयरक्राफ्ट और ड्रोन सिस्टम को समझने और रोबोटिक्स और 3डी प्रिंटिंग प्रोजेक्ट्स विकसित करने में सक्षम बनाया। टीमों में काम करते हुए, छात्रों ने असल दुनिया के एप्लीकेशन के ज़रिए टेक्नोलॉजी का अनुभव करते हुए अपनी क्रिएटिविटी, सहयोग, क्रिटिकल थिंकिंग और समस्या-समाधान कौशल को बेहतर बनाया।

    यूनिवर्सिटी की गर्मियों की गतिविधियों में क्रिएटिविटी का एक नया आयाम जोड़ते हुए, ‘आर्ट्स एंड कल्चर डिवीज़न’ द्वारा आयोजित ‘ एलपीयू समर कैंप 2026’ ने युवा प्रतिभागियों का स्वागत संगीत, नृत्य, थिएटर, कला और इंटरैक्टिव लर्निंग से भरे माहौल में किया। इसमें कई तरह की परफॉर्मेंस भी शामिल थीं, जैसे कि डिवाइन प्रेयर, लोक ऑर्केस्ट्रा, रेट्रो बीट्स, जूनियर यूथ पार्लियामेंट, जूनियर जलवा डांस, मेघ लीला, माइम और नाटक ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’। प्रतिभागियों ने एक खास प्रदर्शनी के ज़रिए अपने आर्टवर्क और क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स भी दिखाए, जबकि माता-पिता ने इंटरैक्टिव गतिविधियों में भाग लिया, जिससे उत्सव जैसा माहौल बन गया।

    एलपीयू की प्रो-चांसलर कर्नल डॉ. रश्मि मित्तल ने कहा, “सीखने का सफ़र बच्चों के हायर एजुकेशन में आने से बहुत पहले ही शुरू हो जाता है। जब युवा मन जिज्ञासु, जागरूक और नई चीज़ें जानने के लिए उत्सुक होते हैं, तो वे अपने भविष्य के सपनों की नींव रखते हैं। जब इस जिज्ञासा को सही दिशा दी जाती है, तो बच्चों में अपनी खूबियों को पहचानने और अपने जुनून को आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास आता है। एलपीयू में हमारा मानना ​​है कि छुट्टियां अनुभव से सीखने (एक्सपीरिएंशियल लर्निंग) का एक अच्छा मौका बन सकती हैं।”

    प्रोग्राम का समापन प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट देने के साथ हुआ। जश्न के अलावा, इन पहलों ने एलपीयू के उस विज़न को दिखाया जिसमें सीखने के ऐसे सार्थक अनुभव बनाने पर ज़ोर दिया जाता है जहां ज्ञान का इस्तेमाल हो, क्रिएटिविटी को बढ़ावा मिले और जिज्ञासा को काबिलियत में बदला जा सके।

  • हिमाचल का पहला पूर्ण CCTV निगरानी वाला विधानसभा क्षेत्र बना हरोली

    हिमाचल का पहला पूर्ण CCTV निगरानी वाला विधानसभा क्षेत्र बना हरोली

    उपमुख्यमंत्री ने हरोली में 5.50 करोड़ रुपये के ‘आईना’ कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का किया लोकार्पण बोले- स्मार्ट पुलिसिंग से अपराधियों पर रहेगी पैनी नजर, जल्द खुलेगा हरोली बस डिपो ऊना (3 जुलाई) सुशील पंडित : ऊना जिले का हरोली विधानसभा क्षेत्र हिमाचल प्रदेश का पहला पूर्ण सीसीटीवी निगरानी वाला विधानसभा क्षेत्र बन गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को 5.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम) ‘आईना’ का लोकार्पण किया। मिनी सचिवालय स्थित डीएसपी कार्यालय में स्थापित यह सेंटर आधुनिक एवं तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में अपराध की मंशा से आने वाला कोई भी व्यक्ति अब कानून की नजर से बच नहीं सकेगा। संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र के 60 महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर स्थापित 195 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। अपराध में प्रयुक्त या संदिग्ध वाहन क्षेत्र में प्रवेश करते ही कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को तत्काल अलर्ट प्राप्त होगा, जिससे पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकेगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी तथा तकनीक के माध्यम से चालान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाई-रिजोल्यूशन कैमरों और अत्याधुनिक तकनीक से लैस ‘आईना’ के साथ हरोली देश के उन चुनिंदा विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हो गया है, जहां अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एडवांस टेक्नोलॉजी आधारित निगरानी तंत्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस स्तर की तकनीक का उपयोग पहली बार हरोली में किया गया है। उन्होंने बताया कि ‘आईना’ प्रदेश की पहली पूर्णतः वायरलेस कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली है। सेंटर में स्थापित 19 बड़ी एलईडी वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे विधानसभा क्षेत्र की गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। सिस्टम में तीन माह तक का डेटा सुरक्षित रखने की क्षमता है, जबकि किसी प्रकार की छेड़छाड़ की स्थिति में भी आठ घंटे तक का डेटा सुरक्षित रिकॉर्ड होता रहेगा। उन्होंने बताया कि लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत से सात इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) भी स्थापित किए गए हैं, जो यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों एवं अपराधियों की पहचान में पुलिस के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस यह व्यवस्था अपराध नियंत्रण को और मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ाएगी।

    ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर फोकस

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जिला मुख्यालयों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शहरों की तर्ज पर गांवों में भी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। हरोली में एसडीएम कार्यालय, विभिन्न सरकारी कार्यालयों तथा वाहन पंजीकरण जैसी सुविधाओं की उपलब्धता क्षेत्र के समग्र विकास का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि हरोली में लगभग 25 हजार वाहन पंजीकृत हैं और अब लोगों को वाहन पंजीकरण के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ता।

    हरोली बस डिपो जल्द होगा शुरू

    उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले कुछ दिनों में हरोली में बस डिपो की स्थापना कर जनता को समर्पित किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं और विभिन्न रूट भी तय कर लिए गए हैं। यहां से दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला तथा एम्स बिलासपुर सहित विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए नियमित बस सेवाएं संचालित होंगी। उन्होंने बताया कि टाहलीवाल में नए पुलिस थाना भवन का निर्माण भी शीघ्र आरंभ किया जाएगा। साथ ही पुलिस बल की आवश्यकता के अनुरूप मैनपावर बढ़ाने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

    विकास की रफ्तार के लिए सरकार प्रतिबद्ध

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली अस्पताल को 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तरों का बनाने के लिए 8.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से चार करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से पुलों के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा 75 करोड़ रुपये की बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-दो तथा 97 करोड़ रुपये की कमांड एरिया डेवलपमेंट एवं मॉडर्नाइजेशन परियोजना के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में हरोली की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तीन सरकारी कॉलेज, दो आईटीआई, ट्रिपल आईटी, केंद्रीय विद्यालय, लॉ कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज तथा आयुर्वेदिक कॉलेज जैसी संस्थाएं संचालित हैं, जो क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की मजबूत आधारशिला हैं।

    बल्क ड्रग पार्क के लिए जल्द होगी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले महीनों में इसकी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की इस महत्वाकांक्षी परियोजना में प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार एक-एक हजार करोड़ रुपये का निवेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना के साकार होने से बड़े निवेश के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

    नए पुलिस वाहन को दिखाई हरी झंडी

    इस अवसर पर उन्होंने डीएसपी कार्यालय हरोली के लिए नए पुलिस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले पुलिस थाना टाहलीवाल और पुलिस चौकी पंडोगा को भी नए वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। डीएसपी कार्यालय को नया वाहन उपलब्ध होने के बाद वहां का वर्तमान वाहन पुलिस थाना हरोली को सौंप दिया जाएगा, जिससे उपमंडल की सभी प्रमुख पुलिस इकाइयों को वाहन सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

    एसपी ने बताईं ‘आईना’ की विशेषताएं

    पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए बताया कि पंजाब के साथ लगभग 55 किलोमीटर लंबी अंतरराज्यीय सीमा साझा करने वाले हरोली उपमंडल के 60 महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर कुल 195 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इनमें 103 ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) तथा 92 अन्य सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं। एएनपीआर तकनीक के माध्यम से संदिग्ध एवं अपराध में प्रयुक्त वाहनों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर तत्काल नजर रखी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी संचालित होगा, जिसके जरिए ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग तथा सीट बेल्ट का उपयोग न करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी, जिससे अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। कार्यक्रम में उपायुक्त जतिन लाल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जल प्रबंधन बोर्ड सदस्य पवन ठाकुर, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह, सुलिंदर कौर एवं ज्योति बाला,हिमकैप्स के अध्यक्ष विक्रमजीत, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, कांग्रेस नेता योगराज योग, प्रमोद कुमार, सुभद्रा चौधरी, उर्मिला देवी, वीरेंद्र मनकोटिया, शक्ति चंद राणा,जसपाल जस्सा, मेहताब ठाकुर, विकास, सुरेखा राणा, सुमित शर्मा, गुरमुख राणा, सुरेश, सेवा सिंह, कमांडेंट होमगार्ड हितेश लखनपाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया एवं सुरेंद्र शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. वर्मा, नगर निगम आयुक्त प्रीति पाल सिंह, संयुक्त निदेशक उद्योग अंशुल धीमान, एसडीएम विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत एवं अजय ठाकुर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।      
  • Punjab News: नाजिया इलाही खान का पुतला फूंककर मुस्लिम समाज ने किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

    Punjab News: नाजिया इलाही खान का पुतला फूंककर मुस्लिम समाज ने किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

    फगवाड़ाः देश भर में नाजिया इलाही खान के खिलाफ मुस्लिम समुदाय द्वारा रोष पाया जा रहा है। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान नाजिया इलाही खान द्वारा पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की शान में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में देशभर की तरह फगवाड़ा में भी मुस्लिम समाज ने रोष प्रदर्शन किया।

    राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा पंजाब की ओर से सरबर गुलाम सब्बा की अगुवाई में नाजिया इलाही खान का पुतला फूंककर विरोध जताया गया। प्रदर्शन के दौरान मौजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कथित टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से पूरे मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सरकार से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

    प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने नाजिया इलाही खान के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की तो मुस्लिम समाज व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे और इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे। मुस्लिम समाज ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी धर्म या धार्मिक आस्था के खिलाफ भड़काऊ या आपत्तिजनक टिप्पणी न करे।