Blog

  • बिजली उपभोक्ताओं पर लंबित 56 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली के लिए 45 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

    बिजली उपभोक्ताओं पर लंबित 56 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली के लिए 45 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

    चंडीगढ़: हरियाणा राज्य में बिजली चोरी के मामलों में लंबित जुर्माना राशि की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक श्री नवदीप सिंह विर्क ने सभी 22 जिलों के प्रवर्तन ब्यूरो थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने राज्यभर में 45 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बिजली चोरी के मामलों में लंबित लगभग 56 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है।

    डीजीपी ने निर्देश दिए हैं कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थानों के अभिलेखों एवं केस डायरी का गहन परीक्षण कर ऐसे सभी मामलों की सूची तत्काल तैयार करें, जिनमें एक लाख रुपये या उससे अधिक की जुर्माना राशि लंबित है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी स्वयं निगरानी करते हुए बकाया जुर्माना राशि की शीघ्र वसूली सुनिश्चित करें तथा अभियान की नियमित समीक्षा करें।

    उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभियान की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तथा वसूल की गई जुर्माना राशि का विवरण प्रत्येक सोमवार को पुलिस अधीक्षक, प्रवर्तन मुख्यालय, शक्ति भवन को अनिवार्य रूप से भेजा जाए। उल्लेखनीय है कि हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो राज्य के सभी 22 प्रवर्तन थानों के माध्यम से चौबीसों घंटे कार्यरत है। ब्यूरो का प्रमुख दायित्व बिजली चोरी, पानी चोरी, अवैध खनन, अवैध शराब के कारोबार तथा अनधिकृत कॉलोनियों के विकास पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।

    डीजीपी नवदीप सिंह विर्क ने कहा कि बिजली चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय अपराध भी है। बिजली उत्पादन में जल और कोयले जैसे प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग होता है। ऐसे में बिजली चोरी प्राकृतिक संसाधनों के अनावश्यक दोहन को बढ़ावा देती है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की वर्तमान परिस्थितियों में बिजली की चोरी रोकना और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देना प्रकृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    प्रवर्तन ब्यूरो समय-समय पर बिजली चोरी की रोकथाम एवं ऊर्जा संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान भी चलाता है, ताकि आमजन की सहभागिता से बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

     

  • Jalandhar में बोले PM MODI, कहा- स्पोर्टस हब के रूप में करेंगे विकसित, देखें वीडियो

    Jalandhar में बोले PM MODI, कहा- स्पोर्टस हब के रूप में करेंगे विकसित, देखें वीडियो

    जालंधरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है। अपने भाषण में पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर खुलकर निशाना साधा। उनके भाषण से यह साफ संकेत मिला कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

    जालंधर को स्पोर्टस हब के रूप में करेंगे विकसित
    जालंधर को विश्व में स्पोर्टस हब के रूप में पहचान दिलाने को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब के युवाओं में खेलों को लेकर जोश और जज्बा है। हमारी सरकार ने खेलो इंडिया योजना खेलों को बढ़ावा देने के लिए शुरू की थी। वहीं, जालंधर को विश्व में स्पोर्टस हब के रूप में पहचान दिलाना हमारा लक्ष्य है।

    विपक्षी दलों पर साधा निशाना
    पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब को विकास और बेहतर शासन की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस भाषण के जरिए भाजपा ने अपने नेताओं और समर्थकों को साफ संदेश दिया कि पार्टी राज्य में मजबूती से चुनाव मैदान में उतरने वाली है।

    संत निरंजन दास से मुलाकात, दलित समाज को साधने की कोशिश
    जालंधर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से ट्रेन में मुलाकात की। अपने भाषण में उन्होंने संत रविदास जी महाराज का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। पंजाब में दलित समुदाय की बड़ी आबादी है और दोआबा क्षेत्र में इसका खासा प्रभाव माना जाता है। ऐसे में इस मुलाकात और संत रविदास जी का जिक्र राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। इसे दलित समाज तक भाजपा की पहुंच मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

    हरी पगड़ी पहनकर किसानों को दिया संदेश
    प्रधानमंत्री मोदी संबोधन के दौरान हरे रंग की पगड़ी पहनकर मंच पर पहुंचे। पंजाब में हरा रंग खेती, खेतों और किसानों की पहचान माना जाता है। इसलिए इसे किसानों के प्रति सम्मान और जुड़ाव का प्रतीक भी माना जाता है। अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसल खरीद का उदाहरण देते हुए कहा कि किसानों के हितों की रक्षा भाजपा की प्राथमिकता है।

    15 बड़े विकास प्रोजेक्ट्स की दी सौगात
    प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब दौरे के दौरान कुल 15 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सड़क, परिवहन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। इनमें मालवा क्षेत्र के 7 प्रोजेक्ट, दोआबा क्षेत्र के 5 प्रोजेक्ट, माझा क्षेत्र के 3 प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन परियोजनाओं का लाभ पंजाब के 12 से अधिक प्रमुख जिलों को मिलने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी।

     

     

     

  • मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू

    मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू

    ऊना,सुशील पंडित: जिला कल्याण अधिकारी, ऊना आवास पंडित ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सहारा योजना का संचालन अब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त पात्र लाभार्थियों की सूची के आधार पर पात्र व्यक्तियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। इसके उपरांत अप्रैल से जून, 2026 की वित्तीय सहायता पात्र लाभार्थियों को प्रदान की जा रही है।

    उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत नए पात्र लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। पात्र व्यक्ति ई-कल्याण पोर्टल https://himparivar.hp.gov.in/ekalyan  के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

    आवास पंडित ने जिले के सभी पात्र एवं जरूरतमंद नागरिकों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री सहारा योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों को भी योजना और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे।

    उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित अधिक जानकारी अथवा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आवेदक जिला कल्याण कार्यालय, ऊना या अपने संबंधित तहसील कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

     

  • हरियाणा को मिली बड़ी सौगात: पीएम मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहे मौजूद

    हरियाणा को मिली बड़ी सौगात: पीएम मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहे मौजूद

    चंडीगढ़: माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुक्रवार को जींद से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने तथा हरियाणा की रेल, सड़क, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी अनेक विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जींद के हुडा ग्राउंड में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में हरियाणा के माननीय राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित रहे। जिलों में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रमों में संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा तथा ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प को साकार करने का सामूहिक संकल्प लिया।

    प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा को दी 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगातें, हाइड्रोजन ट्रेन देश की ऐतिहासिक उपलब्धि – ऊर्जा मंत्री अनिल विज

    हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हरियाणा आगमन का पूरे हरियाणावासियों की ओर से अनूठे अंदाज में स्वागत करते हुए कहा, “इस बरस सावन में अजब बात हुई, पहले गिरती थीं बूंदें, इस बरस नोटों की बरसात हुई, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी हरियाणा में आए हैं और 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगातें लाए हैं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा को मिली ये सौगातें प्रदेश के विकास को नई गति देंगी तथा जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। विज आज अम्बाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जींद से विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने के साथ हरियाणा का नाम इतिहास में दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि कोयला, तेल और गैस जैसे पारंपरिक ऊर्जा संसाधन सीमित हैं और धीरे-धीरे समाप्त हो रहे हैं, ऐसे में हाइड्रोजन आधारित स्वच्छ ऊर्जा भविष्य के परिवहन की दिशा तय करेगी।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा ने रचा इतिहास, स्वच्छ एवं हरित परिवहन की दिशा में देश का बड़ा कदम : कृष्ण लाल पंवार

    सोनीपत के जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज का दिन हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भारत को हरित परिवहन के नए युग में प्रवेश कराया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण हरियाणा को यह गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन अत्याधुनिक फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है। इसमें हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से विद्युत ऊर्जा उत्पन्न होती है, जिससे ट्रेन संचालित होती है। इस प्रक्रिया में किसी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता और केवल जलवाष्प उत्सर्जित होती है। यह तकनीक पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि है।

    स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक बनी हाइड्रोजन ट्रेन: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

    पानीपत के जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लेकर उपस्थित गण मान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत हरियाणा से होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह केवल नई रेल सेवा नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचे की ओर तेजी से बढ़ रहा है और रेलवे में हो रहा यह परिवर्तन आने वाली पीढिय़ों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

    हाइड्रोजन आधारित परिवहन भविष्य की आवश्यकता, हरित ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा : विपुल गोयल

    हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि आज का दिन हरियाणा और देश के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना कर स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक परिवहन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लगभग 14 हजार 700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिससे प्रदेश के बुनियादी ढांचे, परिवहन, उद्योग, ऊर्जा और जन सुविधाओं को नई गति मिलेगी तथा हरियाणा के विकास को और मजबूती मिलेगी।

    भारत में विकास की गति होगी तेज: श्याम सिंह राणा

    कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद की धरती से भारत देश की पहली और लंबी हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ किया है। इससे भारत देश को मजबूती मिलेगी और विकास की गति में तेजी आएगी। यह भारत के लिए बड़ी सौगात है। इस ट्रेन का संचालन जींद से सोनीपत तक होगा और आने वाले समय में इसके दायरे को बढ़ाया जाएगा। भारत देश बदल रहा है और विश्व में देश का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत बनाने के सपने को हम सब मिलकर साकार करेंगे। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री कैथल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे।

    हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ देश को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर बड़ा कदम : श्रुति चौधरी

    भिवानी में जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जींद की धरती से हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करके देश को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर बड़ा कदम उठाया गया है। यह एक अद्भुत एवं ऐतिहासिक लम्हा है जिसको देशवासी हमेशा याद रखेंगे। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा की धरती से उठाया गया यह कदम देश को विकसित बनाने में मिल का पत्थर साबित होगा। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का उदघाटन किए जाने के साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वे जिले में मेडिकल कॉलेज लेकर आई थी और आज यह जिलावासियों को समर्पित हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्ति करते हुए कहा कि दिन-रात प्रदेश के लोगों के लिए काम में जुटे रहते हैं, देर रात तक लोगों की समस्याएं सुनने में लगे रहते हैं। सिंचाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग में छह हजार करोड़ रूपये के बजट का प्रावधान करके किसानों के हित मे बड़ा काम किया है।

    मोदी के विजन और सैनी सरकार की प्रतिबद्धता से बदल रहा हरियाणा का स्वास्थ्य परिदृश्य: आरती सिंह राव

    स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि आज का दिन पूरे देश और विशेष रूप से हरियाणा के लिए ऐतिहासिक और गौरव का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के कारण हरियाणा विकास के नए अध्याय लिख रहा है। उन्होंने कहा कि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाना और अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भारत की तकनीकी क्षमता और हरित विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रदेश को लगभग 1,437.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो नए मेडिकल कॉलेजों भिवानी के पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा कोरियावास के महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल की सौगात देकर हरियाणा के स्वास्थ्य क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है।  
  • मैजिक ब्लेड प्रा. लि. में भरे जाएंगे 41 पद, साक्षात्कार 20 और 21 जुलाई को

    मैजिक ब्लेड प्रा. लि. में भरे जाएंगे 41 पद, साक्षात्कार 20 और 21 जुलाई को

    ऊना,सुशील पंडित: मैसर्ज मैजिक ब्लेड प्राइवेट लिमिटेड में विभिन्न श्रेणी में 41 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 20 जुलाई को प्रातः 10 बजे जिला रोजगार कार्यालय ऊना और 21 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय हरोली में आयोजित होंगे।

     जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि 41 पदों में सेल्स कार्डिनेटर के 2 पद, फिटर का 1 पद, वीएमसी प्रोग्रामर-सह-आप्रेटर का 1 पद, वीएमसी/सीएनसी आप्रेटर के 5 पद, ग्राइंडर एमसी आॅप्रेटर के 6 पद, क्वालिटी कंट्रोलर के 2 पद, टर्नर/लेथ मशीन आप्रेटर के 4 और हेल्पर के 20 पद शामिल है।

    उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए 8वीं, आईटीआई टर्नर, मकैनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, आईटीआई मशीनिस्ट, 12वीं, आईटीआई फिटर और स्नातक की डिग्री श्रेणीवार पदानुसार निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त आयु सीमा 18 से 35 वर्ष और मासिक वेतन 13 हज़ार 500 से लेकर 20 हज़ार रूपये तक पदानुसार निर्धारि होगी।

    अक्षय शर्मा ने बताया कि इच्छुक व योग्यक अभ्यर्थी अपने योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली बोनाफाइड, बायोडाटा और मूल प्रमाण पत्रों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 80913-57003 पर सम्पर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में आने जाने का भत्ता देय नहीं होगा।

  • लोकायुक्त ने राज्यपाल को हिमाचल प्रदेश मानवाधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट सौंपी

    लोकायुक्त ने राज्यपाल को हिमाचल प्रदेश मानवाधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट सौंपी

    शिमला: हिमाचल प्रदेश के लोकायुक्त न्यायमूर्ति चंद्र भूषण बरोवालिया, जो हिमाचल प्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं, ने आज यहां लोक भवन में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश मानवाधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस रिपोर्ट में आयोग की पिछले एक वर्ष की कार्यप्रणाली और गतिविधियों का विस्तृत विवरण दिया गया है। यह रिपोर्ट राज्य में मानवाधिकारों के संरक्षण और संवर्धन के प्रति आयोग के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के 23 विद्यार्थियों ने NEET UG 2026 में लहराया सफलता का परचम

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के 23 विद्यार्थियों ने NEET UG 2026 में लहराया सफलता का परचम

    ऊना,सुशील पंडित: वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को कायम रखते हुए NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के 23 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय, अपने अभिभावकों तथा पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

     विद्यालय की छात्रा भानवी ने 506 अंक प्राप्त कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त रमनीत कौर (479), चंदन लट्ठ (448), अदम्या शर्मा (435), मन्नत (392), अर्णव शर्मा (390), रीवा (375), आँचल (351), रितिका एवं नवनीत (350), शिवांगी (335) तथा ऋषभ (314) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेडिकल क्षेत्र में अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की। अन्य सफल विद्यार्थियों ने भी विद्यालय की इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

    इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग तथा विद्यालय के अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को जाता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में उत्कृष्ट चिकित्सक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे।

    विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। यह परिणाम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निरंतर मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के समर्पण का प्रमाण है। हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है।” विद्यालय के अध्यक्ष सतपाल वशिष्ट ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

     

  • विशेष प्रचार अभियान के तहत जन कल्याणकारी योजनाओं और नशा निवारण पर जागरूक किए ग्रामीण

    विशेष प्रचार अभियान के तहत जन कल्याणकारी योजनाओं और नशा निवारण पर जागरूक किए ग्रामीण

    ऊना,सुशील पंडित: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित विशेष प्रचार अभियान के दूसरे चरण के चैथे दिन आज(शुक्रवार) को पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा के कलाकारों ने उपमंडल ऊना के तहत जखेड़ा और बहडाला लोअर में जन-जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जातियों के कल्याणार्थ चलाई जा रही योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों, उपलब्धियों तथा नशामुक्त अभियान के बारे में जानकारी दी।

    जगरूकता कार्यक्रम में कलाकारों ने बताया कि हिमाचल सरकार द्वारा कम्पयूटर प्रशिक्षण योजना के तहत अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग, विधवा, एकल, परित्यक्ता व अल्पसंख्यकों को एक वर्ष के पीजीडीसीए और डीसीए कम्पयूटर कोर्स करवाने का प्रावधान है। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और विधवा व एकल नारियों को प्रशिक्षण के दौरान 1,000 रूपये मासिक भत्ता और 1500 रूपये प्लेसमेंट संबंधी स्टाइपेंढ़ प्रदान किया जाता है। इसके अलावा योजना के तहत दिव्यांग श्रेणी में बारह सौ रूपये मासिक भत्ता और 1,800 प्लेसमेंट संबंधी स्टाइपेंढ़ देने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष और परिवार की वार्षिक आमदनी 2 लाख से कम होनी चाहिए।

    नाटय दलों ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना के साथ-साथ अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इसके अलावा कलाकारों ने विशेष रूप से नशा निवारण पर बल देते हुए नशे को समाज की गंभीर बुराई बताया और लोगों से नशे से दूर रहने व समाज को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

    आगामी जन जागरूकता कार्यक्रमों का शेडयूल

    पूर्वी कलां मंच जलग्रां टब्बा द्वारा विशेष प्रचार प्रसार अभियान के अंतिम दिन 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर जखेड़ा की प्रधान जस्वीर कौर, बहडाला लोअर की प्रधान कुसम लता, उप प्रधान नरेश बग्गा, वार्ड सदस्य संजय सिंह, काजल, लक्ष्मी देवी, ज्योति लाल बग्गा सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।

     

  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार, यहां के नौजवान, किसान, बहनें-बेटियां, सबके लिए बेहतरीन काम कर रही है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार, यहां के नौजवान, किसान, बहनें-बेटियां, सबके लिए बेहतरीन काम कर रही है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    हरियाणा की डबल इंजन सरकार सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चल रही है

    चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा की डबल इंजन सरकार सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चल रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में हरियाणा सरकार, यहां के नौजवानों, किसानों, बहनें-बेटियां, सबके लिए बेहतरीन काम कर रही है। बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी देने का जो रास्ता हरियाणा सरकार ने दिखाया है, वो इतना आसान नहीं था, लेकिन ये भाजपा सरकार ने करके दिखाया है। हरियाणा अब तेज़ विकास के पथ पर दौड़ रहा है। खेती हो या फिर उद्योग, ये दो ऐसे पहिए हैं, जो हरियाणा को सशक्त कर रहे हैं। प्रधानमंत्री शुक्रवार को जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद जींद में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो, असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित रहे। नरेंद्र मोदी ने हरियाणवी में कहा कि यहां आकर मन गदगद हो गया है। यो कोई साधारण धरती नहीं सै। यो धरती इतिहास, वीरता, धर्म और गौरव की धरती सै। शक्ति पीठ माता जयंतियां का नाम और आशीर्वाद इस शहर पर बना रहता है। यहां के लोगों ने जो अपनत्व दिया, जो प्रेम दिया, वो आज तक नहीं भूला। मुर्रा भैंस का दूध-दही और घी, जींद का देसी बुरा, और यहां का घेवर, ये वो यादें हैं, जो जींद से जुड़ ही जाती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इतने वर्षों में जींद का घी और घेवर तो नहीं बदला, लेकिन जींद के तेवर बदल गए हैं। आज जींद, बीजेपी-एनडीए के सुशासन मॉडल की तस्वीर बन रहा है। बीते वर्षों में पूरा हरियाणा ही, विकास की नई पटरी पर चल पड़ा है। आज का ये कार्यक्रम, डबल इंजन की बीजेपी सरकार के इसी मिशन को, नई ऊर्जा से भर रहा है। उन्होंने कहा कि आज जींद, हरियाणा का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। आज यहां से, देश को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिली है। आज भी हम पढ़ते हैं, सुनते हैं कि भारत में पहली ट्रेन बॉम्बे से ठाणे के बीच चली थी। वैसे ही भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र आएगा, तो जींद का, सोनीपत का, हरियाणा का नाम भी आएगा। आज 14 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक के अन्य प्रोजेक्ट्स भी हरियाणा को मिले हैं। इसमें रेलवे, हाईवे, विरासत से जुड़े प्रोजेक्ट्स हैं और दो नए मेडिकल कॉलेज भी हरियाणा की सेवा के लिए समर्पित हुए हैं। इससे यहां के नौजवानों के लिए, डॉक्टर और अन्य मेडिकल प्रोफेशनल्स बनने के नए रास्ते भी बनेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के 5 लाभार्थियों को मंच पर प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी सौंप कर उनके अपने घर का सपना पूरा किया। जींद और हरियाणा के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता से स्वागत पहल को लोगों ने जिस गंभीरता से लिया है, वो दिल खुश कर देने वाला है। पिछले एक सप्ताह से सोशल मीडिया में सफाई अभियान की भारी चर्चा रही है। उन्होंने कहा कि सभी लोग यह तय कर लें कि स्वच्छता ही हमारा स्वभाव बने, स्वच्छता ही हमारे संस्कार बना देंगे, हम स्वच्छता को इसी तरह अपनी हर दिन की जिंदगी का हिस्सा बनाएंगे। उन्नीसवीं सदी के रेलवे की पहचान स्टीम इंजन से बने थे। बीसवीं सदी की पहचान, डीजल और बिजली से चलने वाली रेल बनी, और अब इक्कीसवीं सदी की रेल हाइड्रोजन से चलने वाली है। आज भारतीय रेल ने भी, इक्कीसवीं सदी की इस टेक्नोलॉजी में एक बड़ा स्टेप लिया है। आज जींद से सोनीपत के बीच, हाइड्रोजन ट्रेन चली है। अभी ये सफर 90 किलोमीटर का है, लेकिन भविष्य में इसका विस्तार होने की बहुत संभावनाएं हैं। दुनिया में हाइड्रोजन ट्रेन अभी-अभी आई है, करीब 7-8 साल पहले ही अस्तित्व में आई है। अभी दुनिया के 3 या 4 देश ही हैं, जिनके पास हाइड्रोजन ट्रेन चलाने का सामर्थ्य है। और जिन देशों में अभी ऐसी हाइड्रोजन ट्रेन चल भी रही है, वहां बहुत शुरुआती दौर में है। लेकिन जींद से सोनीपत चलने वाली हाइड्रोजन ट्रेन दुनिया की सबसे ताकतवर हाइड्रोजन ट्रेन है। ये हाइड्रोजन ट्रेन, 3200 हॉर्स पावर की है और सबसे ताकतवर ही नहीं, भारत की हाइड्रोजन ट्रेन, सबसे लंबी भी है। भारत ने पहली बार में सीधे 10 कोच वाली हाइड्रोजन ट्रेन चलाकर, दुनिया में अपना झंडा गाड़ दिया है। भारत की ये हाइड्रोजन ट्रेन, धुआं रहित तो है ही, ये मेक इन इंडिया का भी एक बहुत सफल उदहारण है। इस हाइड्रोजन ट्रेन को भारत के ही इंजीनियर्स ने डिज़ाइन किया है, भारत की ही कंपनी ने इसको बनाया है। ये हाइड्रोजन ट्रेन, बाकी ट्रेनों से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां हाइड्रोजन ट्रेन से जुड़ा और भी इंफ्रास्ट्रक्चर बनेगा, नई-नई फैक्ट्रियां लगेंगी, जो हाइड्रोजन ट्रेन नेटवर्क की ज़रूरतों को पूरा करेंगी। इस ट्रेन से, हरियाणा के नौजवानों के लिए रोजगार के अनेक नए अवसर बनने तय हैं। पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेल में जो ये बड़े बदलाव हुए, इससे भारत को फायदा हुआ है। पिछले कई महीनों से पश्चिमी एशिया में, होर्मुज के पूरे क्षेत्र में, ईरान और गल्फ में युद्ध चल रहा है, और जिस समुद्री रास्ते से होर्मुज से भारत, बहुत बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल-एलपीजी गैस, किसानों के लिए खाद, आता है। लेकिन पिछले 3-4 महीनों से ये रास्ता, निरंतर युद्ध का मैदान बन चुका है, संकटों से घिरा हुआ है। अगर 2014 से पहले अगर ये स्थिति आती, तो आज हिन्दुस्तान का रेलवे का काम पूरा का पूरा ठप पड़ा गया होता। क्योंकि उस समय 2014 में, देश का बहुत बड़ा हिस्सा ऐसा था, जहां हमारी ट्रेनें सिर्फ और सिर्फ डीजल से चलती थीं। अब आप सोचिए, अगर डीजल आना बंद हो गया होता, आज डीजल से चलने वाली ट्रेनें कैसे चलती? देश कितने बड़े संकट में आ जाता। लेकिन ये 2014 की स्थिति नहीं है, ये मोदी है। बहुत पहले सोचता भी है और समस्या के समाधान के रास्ते भी जमीन पर उतारता है। आज जींद, जो इतने सारे हाईवे से जुड़ रहा है। आज दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस वे के हरियाणा वाले हिस्से का लोकार्पण हुआ है। जींद-गोहाना नेशनल हाईवे भी राष्ट्र को समर्पित किया गया है। इसके अलावा, अंबाला-कालाअंब फोरलेन से भी, हरियाणा और हिमाचल, दोनों राज्यों के लोगों को बहुत सुविधा होगी। अब जींद देश का ऐसा जिला बन गया है, जो पांच-पांच नेशनल हाइवे से कनेक्टेड है। ऐसी कनेक्टिविटी से, यहां के किसानों और पशुपालकों की उपज को बड़ी मंडियों तक पहुंचाना आसान और सस्ता होगा। इससे उद्योगों को बल मिलेगा, पर्यटन को पंख लगेंगे, और इससे बड़ी संख्या में नए रोजगार भी बनेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले ही वे इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा से लौटे हैं। इस दौरान वहां भारत ने अनेक तरह के समझौते किए। लेकिन एक विषय ऐसा है, जिस पर उतनी बात नहीं हुई। ये विषय विशेषकर हरियाणा के युवाओं से जुड़ा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में, वहां की सरकारों से, स्पोर्ट्स को लेकर व्यापक चर्चा हुई है। इन दोनों देशों के साथ मिलकर, आने वाले समय में हम स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, खिलाड़ियों की ट्रेनिंग, ऐसे अनेक मामलों में बहुत सारा काम साथ मिलकर करने वाले हैं। इससे हरियाणा के युवाओं को भी बहुत लाभ होगा। आज भारत में स्पोर्ट्स को फिटनेस और रोजगार का बड़ा माध्यम बनाया जा रहा है। हमारी सरकार ने नई नेशनल स्पोर्ट्स पॉलिसी, खेलो भारत नीति भी बनाई है। खेलो इंडिया अभियान से लेकर टीओपीएस स्कीम तक, आज खिलाड़ियों को अभूतपूर्व सुविधाएं मिल रही हैं, उन्हें हजारों रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है। यहां हरियाणा में भी, भाजपा सरकार, खेल और खिलाड़ियों को बहुत प्रोत्साहन दे रही है। साल 2030 में भारत कॉमनवेल्थ गेम्स को होस्ट करने वाला है। 2036 में ओलंपिक गेम्स भारत में हों, इसके लिए हम पूरी तैयारी कर रहे हैं। इसलिए, हर खिलाड़ी को ज़ोरदार तैयारी करनी है, पूरा दमखम लगाना है। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि डबल इंजन की बीजेपी सरकार खिलाड़ियों को हर सुविधा देगी। जो 2036 के ओलंपिक को देखना चाहते हैं, आज जो 5 से 12-15 की उम्र के बच्चे हैं , हमें उस पर ध्यान केंद्रित करना होगा। इतना ही नहीं, आने वाले समय में अहमदाबाद में, वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स भी होने वाले हैं। प्रधानमंत्री ने हरियाणा के खिलाड़ियों को कहा कि इसके लिए भी खूब तैयारी कीजिए। मुझे पूरा विश्वास है, हरियाणा के बेटे-बेटियां, हमेशा की तरह इनमें भी अपना परचम लहराएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों का हित हमारी प्राथमिकता में है। जींद की मंडी, तो हरियाणा की सबसे बड़ी मंडियों में से एक है। डबल इंजन की भाजपा सरकार के कारण, हरियाणा के किसानों को बहुत लाभ हो रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि से, हरियाणा के किसानों को, करीब 8 हजार करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इसमें जींद के हमारे किसानों को भी 600 करोड़ रुपए से ज्यादा मिल चुके हैं। हमारा देश, संस्कारों और संस्कृति का देश है। और ये क्षेत्र तो इस समृद्ध विरासत का बहुत बड़ा केंद्र है। ये जींद की धरती है, जहां महाराजा रणजीत सिंह का गौरव भी है, और पांडवों की आस्था भी है, पांडु-पिंडारा और रामराय जैसे पवित्र तीर्थ, आज भी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। आस्था और आध्यात्म की यही विरासत है, जिसे आज का भारत, सहेजता भी है और अब अगली पीढ़ी तक पूरे मान के साथ पहुंचाता भी है। इसी भाव के साथ, आज कुरुक्षेत्र में एक सिख म्यूज़ियम की आधारशिला रखी गई है। हरियाणा का ये नया संग्रहालय, भारत की महान गुरु परंपरा को, अगली पीढ़ियों तक पहुंचाएगा।
  • प्रधानमंत्री की हरित परिवहन की सोच को मिला जनसमर्थन: जींद में आयोजित इको फ्रेंडली रैली में 466 इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग

    प्रधानमंत्री की हरित परिवहन की सोच को मिला जनसमर्थन: जींद में आयोजित इको फ्रेंडली रैली में 466 इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग

    पेट्रोल-डीजल की बचत और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में हरियाणा ने पेश किया उदाहरण

    चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्यावरण संरक्षण, पेट्रोल-डीजल की बचत तथा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के आह्वान का सकारात्मक प्रभाव के शुक्रवार को जींद में आयोजित विशाल जनसभा में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने इलेक्ट्रिक वाहनों (ई-व्हीकल्स) के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर हरित एवं सतत परिवहन को बढ़ावा दिया।

    रैली के लिए 155 इलेक्ट्रिक बसों और 311 इलेक्ट्रिक कारों (466 इलेक्ट्रिक वाहनों) का उपयोग किया गया। इनके अलावा, 273 सीएनजी बसों के माध्यम से भी लोग रैली में पहुंचे। ई-वाहनों के सुचारू संचालन एवं चार्जिंग की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 41 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए, जबकि 6 अतिरिक्त (रिजर्व) चार्जिंग स्टेशन भी उपलब्ध रखे गए। इसके अलावा कुल 91 ईवी चार्जिंग गन (नोजल) की व्यवस्था भी की गई, जिससे वाहनों को निर्बाध रूप से चार्ज किया जा सके।

    यह पहल न केवल ईंधन की बचत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, हरित परिवहन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता का भी परिचायक है। बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग यह दर्शाता है कि नागरिक स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं।

    रैली से पूर्व की तैयारियों के दौरान 16 और 17 जुलाई को लगभग 135 इलेक्ट्रिक बसों को ईवी चार्जिंग स्टेशनों पर चार्ज किया गया, जबकि रैली के दौरान लगभग 150 इलेक्ट्रिक कारों ने भी इन चार्जिंग सुविधाओं का लाभ उठाया। जींद की यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, हरित परिवहन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में बढ़ती जागरूकता का भी सशक्त उदाहरण बनी। बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से यह संदेश गया कि आधुनिक तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को अपनाकर ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण को भी प्रभावी रूप से कम किया जा सकता है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, ग्रीन एनर्जी, हरित परिवहन और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जींद की यह जनसभा इस बात का प्रमाण है कि आम नागरिक भी इन प्रयासों से प्रेरित होकर पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हरियाणा द्वारा इस आयोजन में इलेक्ट्रिक वाहनों के व्यापक उपयोग ने यह संदेश दिया है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं तथा हरित भविष्य के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।