Blog

  • जालंधरः श्री गुरु रविदास टाइगर फोर्स ने इस दिन इलाके बंद करने का किया ऐलान, जानें मामला

    जालंधरः श्री गुरु रविदास टाइगर फोर्स ने इस दिन इलाके बंद करने का किया ऐलान, जानें मामला

    जालंधर/वरुणः श्री गुरु रविदास टाइगर फोर्स ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पावरकाम के चेयरमैन और निजी फोन कंपनी के मालिकों पर मामला दर्ज करने की मांग रखी है। दरअसल, बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता रमन माही की चार माह पहले करंट लगने से मौत हो गई थी, लेकिन अभी तक उन्हें इंसाफ नहीं मिला है। इसी के तहत आज श्री गुरु रविदास टाइगर फोर्स ने डीसी जसप्रीत सिंह को मांग पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की है।

    उन्होंने मांग पूरी ना होने पर 23 नवंबर को जालंधर के सभी देहाती इलाके बंद रखने का ऐलान भी किया है। इस संबंध में संस्था के अध्यक्ष जस्सी तलहन ने कहा कि रमन माही की मौत के चार महीने बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिला है। दर-दर की ठोकरें खा रहे परिवार को केवल प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जा रहे हैं, जो बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार पावरकाम व निजी फोन कंपनी के मालिकों को संरक्षित किया जा रहा है। इसे लेकर ना केवल पार्टी बल्कि समूचे समाज में भारी रोष है।

    उन्होंने कहा कि इसी रोष के चलते 23 नवंबर को जालंधर के सभी देहाती इलाके बंद रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि 23 नवंबर के दिन अगर देहाती क्षेत्र में किसी दुकान या फिर अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान का नुकसान होता है, तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। इसके साथ ही उन्होंने गुरुद्वारा बाबा निहाल सिंह तलहन साहिब को जाती ढीलवां रोड के निर्माण की भी मांग रखी। जस्सी तलहन ने कहा कि उद्घाटन होने के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है। इससे देश-विदेश से आने वाली संगत की भावनाएं आहत हो रही है। 

  • घर से निकली युवती की मिली लाश, मां ने शव की शिनाख्त

    घर से निकली युवती की मिली लाश, मां ने शव की शिनाख्त

    नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे की एक सर्विस लेन के पास शुक्रवार को सूटकेस में जिस लड़की का शव मिला था, उसकी पहचान दिल्ली के बदरपुर की निवासी के रूप हुई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की की पहचान 21 वर्षीय आयुषी यादव के रूप में हुई है। अधिकारी ने कहा, उसकी मां को शवगृह में बुलाया गया और शव की शिनाख्त की गई।

    17 नवंबर को घर से निकली थी आयुषी

    आयुषी यादव मूल रूप से यूपी के गोरखपुर की रहने वाली थी, लेकिन वह अपने परिवार के साथ दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र के मोलड़बंद क्षेत्र में रह रही थी। के पिता नितेश यादव इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। पुलिस मृतका के माता-पिता और भाई से भी पूछताछ कर रही है। 17 नवंबर की सुबह वह अपने घर से निकली थी उसके बाद परिजन अपने स्तर पर आयुषी की तलाश कर रहे थे। यूपी पुलिस ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत FIR दर्ज की है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है।

    फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के मकसद के बारे में निश्चित नहीं है। वह पीड़िता के कॉल डिटेल रिकॉर्ड को खंगाल रहे हैं और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह दिल्ली से मथुरा कैसे पहुंची। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने एक मामला दर्ज किया है और हमारे सबसे अच्छे अधिकारी मामले को सुलझाने के लिए काम कर रहे हैं।”

    झाड़ियों में पड़े ट्रॉली बैग से रिस रहा था खून

    बता दें कि 18 नवंबर शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेस-वे के पास सूटकेस में एक लड़की का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। एक्सप्रेस-वे पर राया कट की सर्विस रोड पर दोपहर में कुछ मजदूरों ने झाड़ियों में लाल रंग का सूटकेस देखा। नया ट्रॉली बैग देखकर मजदूरों को लगा कि किसी कार की डिग्गी से गिर गया होगा लेकिन, जब पास जाकर देखा तो उसमें से खून रिस रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रॉली सूटकेस को खोलकर देखा तो उसमें युवती का शव देखकर क्षेत्र में हडकंप मच गया था। युवती के सीने में गोली मारकर हत्या की गई। शरीर पर चोट के कई निशान हैं जिससे लग रहा है कि हत्या से पहले लड़की ने खुद को बचाने की बहुत कोशिश की। पुलिस को लग रहा था कि ये हत्या कहीं और की गई फिर शव को लाल कलर के ट्रॉली बैग में एक पॉलिथीन में बंद कर यहां लाकर फेंक दिया गया।

    लड़की की शिनाख्त के किए जा रहे प्रयास

    पुलिस लड़की की सभी से पहचान में जुट गई थी। उसकी शिनाख्त के लिए उसके फोटो जिले के थाने के साथ-साथ अन्य जिलों के थानों में सर्कुलेट कर दी गई थी। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया था कि पुलिस की कई टीमें मृतक लड़की की शिनाख्त और हत्यारों को पकड़ने के लिए लगाई।

  • पंजाबः बहबल कलां इंसाफ मोर्चे ने सरकार को दी ये चेतावनी

    पंजाबः बहबल कलां इंसाफ मोर्चे ने सरकार को दी ये चेतावनी

    फरीदकोट : बहबल कलां इंसाफ मोर्चे को लेकर वहां मौजूद सुखराज सिंह ने सरकार को चेतावनी दी है। सुखराज सिंह ने कहा कि सरकार ने 3 बार समय लेने के बाद भी हमारी इस मुश्किल का कोई हल नहीं किया और न ही इंसाफ दिया। इसके अलावा ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भी दावा किया था कि मामले में 24 घंटे के अंदर इंसाफ दिया जा सकता है पर अब इनके सवाल खुद पर आ कर ही खड़े हो गए हैं। सुखराज ने कहा कि अब सरकार द्वारा मांगे समय में सिर्फ 9 दिन बाकी रह गए हैं। अब देखना होगा कि क्या स्पीकर असल में पंथक हैं या फिर सरकार के साथ खड़े होकर समय बढ़ाने या घटाने की बात करते हैं।

    सुखराज ने कहा कि इस मामले में एसआईटी द्वारा पुछताछ करने का काम पिछले 8 वर्षों से लगातार जारी है। एसआईटी अपनी खानापूर्ती करती आई है पर मोर्चे में बैठी संगत और पंजाबी यह देख रहे हैं कि इसका नतीजा क्या आएगा। सुखराज सिंह ने कहा कि हम नतीजे का इंतजार कर रहे हैं और किसी से पूछताछ करनी इसका हल नहीं है। इसका हल है कि सरकार बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है, क्या इस मामले में आरोपी को मौत की सजा तक ले कर जाएगी, गोलीकांड में गोली चलाने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोग परिणाम के इंतजार में हैं, खानापूर्ति के नहीं। अब 30 तारीख तक अगर इंसाफ नहीं मिलता तो सभी सिख जत्थेबंदियां इकट्ठा होंगी।

    सरकार को सोचना चाहिए कि उन्हें राजनीति करनी है या घर बैठना है क्योंकि पंजाब के लोगों ने अच्छे काम करने के लिए सरकार बनाई थी। जिन मुद्दों का सहारा लेकर सरकार आगे आई है अगर वही हल न हुए तो फिर लोग इन्हें घर पर बैठा देगें। बता दें कि पिछले महीने करवाए गए शहीदी समारोह के दौरान विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा और ‘आप’ विधायक कुंवर विजय प्रताप पहुंचे थे। इस दौरान जहां कुंवर विजय प्रताप ने इंसाफ न मिलने की बात कही थी वहीं विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने संगतों को भरोसा दिलवाया था कि सरकार इंसाफ देकर डेढ़ महीने बाद इसी स्थान पर शुकराने का समारोह करवाएगी पर सवा महीने का समय बीत जाने के बाद भी अब तक इंसाफ की कोई उम्मीद नहीं जताई जा रही। 

  • पंजाबः धरने पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की बिगड़ी तबीयत, देखें वीडियो

    पंजाबः धरने पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की बिगड़ी तबीयत, देखें वीडियो

    फरीदकोट: जिले में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलकर बैठे किसानों के धरने का आज छठा दिन चल रहा है। इस धरने पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डल्लेवाल का शूगर लेवल कम हो गया था। इसी के चलते डाक्टरों ने किसान नेता डल्लेवाल को अस्पताल में दाखिल करने की सलाह दी है।

    डाक्टरों के मुताबिक डल्लेवाल को अटैक आने का भी खतरा है। उधर, आमरण अनशन पर बैठे डल्लेवाल ने अस्पताल जाने और दवाइयां लेने से इंकार कर दिया है। बता दें कि किसानों ने अपनी मानी हुई मांगों को लागू करने के लिए धरना लगाया है। किसान नेता डल्लेवाल ने कहा कि जब तक मांगें नहीं मानी जाती तब तक मरण व्रत जारी रखा जाएगा। 

  • हाईवे पर एक के बाद एक 48 गाड़ियां टकराईं, 30 लोग घायल, देखें वीडियो

    हाईवे पर एक के बाद एक 48 गाड़ियां टकराईं, 30 लोग घायल, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर रविवार रात को भीषण हादसा हो गया। हादसा इतना भयंकर था कि इसमें लगभग 48 वाहन एक के बाद एक टकराते चले गए। इस घटना में 30 लोगों घायल हुए है। जानकारी के मुताबिक हादसा नावले पुल पर हुआ है। घटना स्थल पर रेस्क्यू अभियान जारी है।

    पुणे फायर ब्रिगेड ने कहा, ‘पुणे-बेंगलुरु हाईवे के नावले पुल पर एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें करीब 48 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुणे फायर ब्रिगेड और पुणे मेट्रोपालिटन रीजन डेवलपमेंट अथारिटी (PMRDA) से बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं।’ जानकारी के अनुसार, यह घटना नावले ब्रिज इलाके में हुई। पुणे फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की आशंका है। कुछ घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया है।

    कंटेनर की वजह से हुआ एक्सीडेंट

    हादसे के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद एक कंटेनर की वजह से हादसा होने की बात कही है। पुलिस के अनुसार एक कंटेनर का ब्रेक फेल होने के चलते ये दुर्घटना हुई है। धुंध की वजह से तेज रफ्तार में आ रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं।

    उन्नाव में हुआ था ऐसा ही हादसा

    एक सप्ताह पहले ही लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भी ऐसा हादसा हुआ था। उन्नाव के पास एक लोडर पलटने से पीछे से आ रहे 10 वाहन आपस में टकरा गए थे। इस हादसे में लोग बाल-बाल बच गए थे। पुलिस के मुताबिक धुंध की वजह से पीछे से आ रहे 10 वाहन आपस में टकरा गए थे। ये हादसा सुबह साढे चार बजे के करीब हुआ था। हादसे के बाद लोडर चालक मौके से फरार हो गया था।

  • पंजाबः नायब तहसीलदार भर्ती घोटाले में CIA टीम की रेड

    पंजाबः नायब तहसीलदार भर्ती घोटाले में CIA टीम की रेड

    पटियालाः जिले में नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा की धांधली के मामले में पटियाला सीआईए टीम छापामारी कर आरोपियों की तालाश कर रही है। सीआईए के पुलिसकर्मी आज सुबह से ही जिले में विभिन्न जगहों पर छापामारी में कर रहे हैं। इस घोटाले के मामले में अभी तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से धांधली करवाने वाले 5 मुख्य आरोपियों का पुलिस आज कोर्ट से दोबारा रिमांड मांगेगी।

    जिन 5 आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, उनमें नवराज चौधरी उर्फ गोगी, गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी, जतिंदर सिंह उर्फ मक्खन, सोनू कुमार और विजेंद्र सिंह शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में कई अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा में धांधली करवाने वाले मुख्य 5 आरोपियों के अलावा पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल कर हाई रेंक लेने वाले 2 परीक्षार्थियों को भी गिरफ्तार किया था।

    इनमें संगरूर के थाना मुणक के गांव बसोहरा निवासी बलराज सिंह उर्फ विक्की और पटियाला के थाना घग्गा के गांव दोधना निवासी वरिदंरपाल चौधरी शामिल हैं। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं। आरोपी बलराज उर्फ विक्की ने परीक्षा में दूसरा रेंक और वरिंदरपाल चौधरी ने 21वां रेंक हासिल किया था।

  • अहम ख़बरः रेलवे ने रद्द की अमृतसर रूट की 16 ट्रेनें, देखें सूची

    अहम ख़बरः रेलवे ने रद्द की अमृतसर रूट की 16 ट्रेनें, देखें सूची

    अमृतसर: उत्तर रेलवे ने कोहरे के दिनों में ट्रेनों की समयसारिणी और परिचालन व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अमृतसर रेल मार्ग पर चलने वाली अप और डाउन की 16 यात्री ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों को दिसंबर महीने की शुरुआत से लेकर फरवरी महीने के अंत तक पूर्ण रूप से रद्द किया गया है।

    वहीं 4 ट्रेनों को आंशिक तौर पर रद्द करने की तैयारी है। इन ट्रेनों की सूची जारी हो चुकी है। दिसंबर महीने की शुरुआत के साथ ही ट्रेनों के रद्द होने का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जो अगले तीन महीने तक जारी रहेगा। इसलिए कोहरे के दिनों में सफर दौरान किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए टिकट खरीदने और यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की कैंसेलेशन सूची अवश्य देख लें।

     ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

    • 14617 बनमनखी-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस (3 दिसंबर से 28 फरवरी)
    • 14618 अमृतसर-बनमनखी जनसेवा एक्सप्रेस (1 दिसंबर से 2 मार्च)
    • 14505 अमृतसर-नंगल डैम एक्सप्रेस (1 दिसंबर से 28 फरवरी)
    • 14506 नंगल डैम-अमृतसर एक्सप्रेस (1 दिसंबर से 28 फरवरी)
    • 12241 चंडीगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस (1 दिसंबर से 28 फरवरी)
    • 12242 अमृतसर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (2 दिसंबर से 1 मार्च) 
    • 14674 अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस (1 दिसंबर से 28 फरवरी)
    • 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस (3 दिसंबर से 2 मार्च)
    • 19611 अजमेर-अमृतसर एक्सप्रेस (1 दिसंबर से 25 फरवरी)
    • 19614 अमृतसर-अजमेर एक्सप्रेस (2 दिसंबर से 26 फरवरी)
    • 18103 टाटा-अमृतसर जलियांवालाबाग एक्सप्रेस  (5 दिसंबर से 27 फरवरी)
    • 18104 अमृतसर-टाटा जलियांवालाबाग एक्सप्रेस (7 दिसंबर से 1 मार्च)
    • 12317 कोलकाता-अमृतसर अकाल तख्त एक्सप्रेस (4 दिसंबर से 26 फरवरी)
    • 12318 अमृतसर-कोलकाता अकाल तख्त एक्सप्रेस (6 दिसंबर से 28 फरवरी)
    • 12357 कोलकाता-अमृतसर दुर्गियाणा एक्सप्रेस (3 दिसंबर से 28 फरवरी)
    • 12358 अमृतसर-कोलकाता दुर्गियाणा एक्सप्रेस (5 दिसंबर से 2 मार्च)

    ये ट्रेनें आंशिक तौर पर रद्द रहेंगी

    • 14681 नई दिल्ली-जालंधर सिटी एक्सप्रेस (1 दिसंबर से 28 फरवरी) अंबाला से जालंधर सिटी।
    • 14682 जालंधर सिटी-नई दिल्ली एक्सप्रेस (2 दिसंबर से 1 मार्च) जालंधर-सिटी से अंबाला।
    • 15211 दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस (1 दिसंबर से 27 फरवरी) जालंधर सिटी से अमृतसर।
    • 15212 अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस (3 दिसंबर से 1 मार्च)  अमृतसर से जालंधर सिटी।
  • एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, मचा हड़कंप 

    एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, मचा हड़कंप 

    उदयपुरः राजस्थान के उदयपुर से बड़ी खबर सामने आई है। एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। गोगुंदा थाना क्षेत्र के झाडोली गांव की घटना है। छह लोगों की मौत से हड़कंप मचा हुआ है। 4 मासूम सहित पति-पत्नी की मौत हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

    सीआई योगेंद्र व्यास ने बताया कि यह गोगुंदा थाना क्षेत्र के झाड़ोली के गोल नेड़ी गांव की घटना है। उन्होंने बताया कि यहां 6 लोगों की एक साथ मौत होने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

    घटना को लेकर झाड़ोली सरपंच ने बताया कि सोमवार सुबह ग्राम पंचायत आने के बाद घटना का पता चला। ग्रामीणों ने सूचना दी कि गोल नेड़ी गांव में एक ही परिवार के 6 लोगों ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

  • सेब की पेटियों में छिपाकर ला रहे 190 किलो चूरापोस्त सहित एक गिरफ्तार

    सेब की पेटियों में छिपाकर ला रहे 190 किलो चूरापोस्त सहित एक गिरफ्तार

    लुधियानाः जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने पंजाब के जिला लुधियाना के युवक को साथी सहित नशा तस्करी मामले में गिरफ्तार किया है। तस्करों का एक साथी मौके से फरार हो गया। तस्करों से पुलिस को 190 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ है। ये चूरापोस्त पंजाब के विभिन्न शहरों में सप्लाई होना था। पुलिस ने गुप्त सूचना के बाद आरोपी को मनपोरा पंपोर में ही दबोच लिया। दो लोगों को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन एक आरोपी पुलिस को गच्चा देकर भाग गया।
    एसडीपीओ पंपोर मीर इम्तियाज अहमद की निगरानी में एसएचओ मंजूर अहमद के नेतृत्व में खरियू पुलिस स्टेशन की एक टीम ने गांव एंड्रोसा में नाकाबंदी के दौरान पंजाब जा रहे ट्रक को रोका। जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर पीबी19एच-0454 था, जिसमें तीन लोग सवार थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक की जब तालाशी ली तो नशा तस्करों ने सेब की पेटियों में छिपाया चूरापोस्त मिला। चेकिंग के दौरान 22 पेटियां सेब की बरामद हुई।
    तीन आरोपियों में से दो आरोपियों की पहचान बलराज सिंह निवासी जमालपुर और दानिश गफ्फार निवासी पाहू पुलवामा के रूप में हुई है। जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मुताबिक तीसरे तस्कर को दबोच लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि लुधियाना से ही आरोपी का बड़ा नेटवर्क नशा तस्करी का चलाया जा रहा था। आरोपियों के खिलाफ थाना खरियू में मामला दर्ज कर लिया है।
  • अगर आप पासपोर्ट बनवाने जा रहे हैं तो पढ़े ये ख़बर, आ रही ये परेशानी

    अगर आप पासपोर्ट बनवाने जा रहे हैं तो पढ़े ये ख़बर, आ रही ये परेशानी

    चंडीगढ़ः इन दिनों पासपोर्ट बनवाने के लिए खूब मारामारी हो रही है। हालात यह है कि अब पासपोर्ट के लिए लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। विदेश घूमने या नौकरी के लिए जाने वाले लोगों के लिए पासपोर्ट बनवाने में इन दिनों दिक्कत आ रही है। पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को अगले साल की आठ फरवरी तक इंतजार करना होगा। आठ फरवरी तक सभी बुकिंग फुल है। यही हाल तत्काल कोटे में पासपोर्ट बनवाने का भी है। तत्काल कोटे में पासपोर्ट बनवाने के लिए 16 जनवरी 2023 तक कोई बुकिंग या तारीख उपलब्ध नहीं है।

    ऐसे में जिन लोगों का पासपोर्ट नहीं बना है और वह अपने स्टडी वीजा या विदेश घूमने के लिहाज से पहली बार पासपोर्ट बनवा रहे हैं, उनके लिए समस्या बनी हुई है। सामान्य तरीके से पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को नौ फरवरी 2023 की तारीख दी जा रही है। जबकि तत्काल कोटे में पासपोर्ट बनवाने के लिए 16 जनवरी 2023 की तारीख दी जा रही है। पूछताछ की बुकिंग भी 30 दिसंबर तक फुल सेक्टर-34 ए के एससीओ नंबर-28-32 स्थित रीजनल पासपोर्ट आफिस में लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए पूछताछ केंद्र तक में बुकिंग फुल चल रही है। पूछताछ केंद्र में 30 दिसंबर 2022 तक एडवांस बुकिंग है, पूछताछ के लिए भी लोगों को आनलाइन अप्वाइंटमेंट 31 दिसंबर 2022 के बाद की दी जा रही है।

    बता दें आरपीओ में केवल पूछताछ की सुविधा उपलब्ध है, जबकि सामान्य, तत्काल कोटे या पासपोर्ट में किसी प्रकार के संशोधन के लिए इंडस्ट्रियल एरिया फेज दो स्थित प्लाट नंबर-50 में विजिट करना पड़ता है। शहर के पासपोर्ट केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया प्लाट नंबर-50 में आदर्श लाइफस्टाल माल में जल्द ही लोगों की सुविधा के लिए एटीएम की सुविधा उपलब्ध होगी। अंबाला के पासपोर्ट सेवा केंद्र अंबाला सिटी प्लाट नंबर-2014 ए और लुधियाना स्थित ज्ञान सिंह रारेवाला मार्केट अकाश दीप कांप्लेक्स के पासपोर्ट सेवा केंद्र में एटीएम की सुविधा उपलब्ध होगी।