Blog

  • Punjab News: सब्जी मंडी में गुंडागर्दी का नंगा नाच, 2 पक्षों में हुई मारपीट, देखें वीडियो

    Punjab News: सब्जी मंडी में गुंडागर्दी का नंगा नाच, 2 पक्षों में हुई मारपीट, देखें वीडियो

    होशियारपुरः जिले की रहीमपुर सब्जी मंडी में गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। जहां 2 पक्षों में तेजधार हथियारों से हमला किया गया। मिली जानकारी के अनुसार आलू लेकर जा रहे व्यक्ति से पहले मारपीट की गई, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने कुछ नौजवानों को बुला लिया और दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया गया। घटना की वीडियो भी सामने आई है। जिसमें देखा जा सकता है कि दुकान में घुसकर मारपीट की गई।

    हालांकि इस दौरान एक युवक को वह काबू कर लेते है और उसके साथ तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर देते है और उसकी बेरहमी से मारपीट की गई। इस दौरान 2 नौजवानों के हाथों में तेजधार हथियार देखें गए। घटना देर रात की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुहिरां पुलिस को दी गई। एएसआई सुखदेव सिंह पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गई। इस दौरान मौके पर एक बाइक को जब्त किया गया। वहीं घटना के दौरान वह सिविल अस्पताल पहुंचे तो वहां से पीड़ित उपचार करवाकर घर चला गया था।

    एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि इस घटना में मुकेश कुमार पुत्र बुद्धिराम घायल हुआ था और वह अस्पताल से छुट्टी लेकर चला गया। वहीं दूसरे पक्ष का व्यक्ति सिविल अस्पताल भी पहुंचा था। एएसआई ने कहा कि प्रवासी मजदूरों को लेकर झगड़ा हुआ था। दुकानदार को नौजवानों को पेश करने के लिए कहा गया। पुलिस ने कहा कि घायल व्यक्ति के बयान दर्ज करके उक्त नौजवानों को राउंडअप किया जाएगा।

     

  • Punjab News: भीषण सड़क हादसे में एक्टिवा सवार लड़की की मौत

    Punjab News: भीषण सड़क हादसे में एक्टिवा सवार लड़की की मौत

    होशियारपुरः जिले के माहिलपुर गढ़शंकर रोड पर आज सड़क हादसा हो गया। दरअसल, सैले खुर्द के पास पेपर मिल के सामने खड़े टिप्पर से एक एक्टिवा सवार लड़की की टक्कर हो गई। इस घटना में लड़की की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिम्मी कजला पुत्री अमरजीत सिंह, निवासी पंडोरी गंगा सिंह माहिलपुर के रूप में हुई है।

    सिम्मी पब्बी गारमेंट की दुकान पर काम करती थी और किसी काम से किसी की एक्टिवा लेकर जा रही थी। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची थाना माहिलपुर अंतर्गत चौकी इंचार्ज ने वाहन व लाश कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • Haryana News: ईआरवी टीम ने 3 घंटे में ढूंढा लापता बच्चा, परिवार ने जताया आभार, देखें वीडियो

    Haryana News: ईआरवी टीम ने 3 घंटे में ढूंढा लापता बच्चा, परिवार ने जताया आभार, देखें वीडियो

    पंचकूला: पुलिस की ईआरवी-522 की टीम ने खोए हुए 8 साल के बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता से मिलवाया है। यह घटना 7 दिसंबर की शाम पिंजौर क्षेत्र की है। करीबन 5 बजे परिजनों से डांट खाने के बाद बच्चा घर से नाराज होकर निकल गया।

    परिवार वालों ने आस-पास तलाशी ली परंतु बच्चा उन्हें कहीं नहीं मिला। इसके बाद तुरंत उन्होंने इस बारे में पंचकूला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ईआरवी इंचार्ज रामू स्वामी के नेतृत्व में इंचार्ज केशपाल और एसपीओ रमन कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे।

    क्षेत्र में लाउडस्पीकर के जरिए से उन्होंने बच्चे की तलाश शुरु की। इसके बाद पुलिस ने पिंजौर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर सर्च अभियान चलाया गया। टीम की सतर्कता और तेजी के जरिए बच्चा रात में 8 बजे एप्पल मंडी, पिंजौर क्षेत्र से सुरक्षित पाया गया।

    पुलिस ने जरुरी सवाल पूछे जाने के बाद बच्चे को सही सलामत उसके परिवार वालों को दे दिया। बच्चे को देखकर परिवार वाले काफी खुश नजर आए थे। परिवार वालों ने पंचकूला पुलिस की तुरंत कार्रवाई और मानवीय रवैये के लिए आभार व्यक्त किया।

    अधिकारियों का यह कहना है कि हमारा पहला कर्तव्य नागरिकों की सुरक्षा और उनकी मदद करना है। खासतौर पर ऐसे मामलों में जहां बच्चों की सुरक्षा की बात है हम हर संभव प्रयास करते हैं कि उन्हें जल्द और सुरक्षित तौर पर उनके परिवार वालों के साथ मिलवाया जाए।

  • उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले सेंसर-आधारित ड्राइविंग ट्रेनिंग ट्रैक एवं ट्रैफिक पार्क का किया निरीक्षण

    उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले सेंसर-आधारित ड्राइविंग ट्रेनिंग ट्रैक एवं ट्रैफिक पार्क का किया निरीक्षण

    रोड़ा में 6.50 करोड़ से बन रहा प्रदेश का पहला अत्याधुनिक ट्रैफिक पार्क

    ऊना/सुशील पंडित: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार देर सायं हरोली के रोड़ा में 6.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे ड्राइविंग ट्रेनिंग ट्रैक एवं ट्रैफिक पार्क की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य में गति लाने और गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सभी कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह मॉडल पार्क पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बनेगा।

    यह पार्क प्रदेश का पहला सेंसर-आधारित अत्याधुनिक ट्रैफिक पार्क होगा। इसमें लाइसेंस ट्रायल के लिए नवीनतम तकनीक, वाहन पासिंग और जांच के लिए सेंसरयुक्त ऑटोमेटिक सिस्टम, सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण और जागरूकता गतिविधियों की आधुनिक व्यवस्था होगी। यहां वाहन चालकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार ट्रैफिक नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तकनीक-सम्पन्न प्रणाली से लाइसेंस प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज़ और निष्पक्ष बनेगी। वाहन फिटनेस और जांच प्रक्रिया में दक्षता आएगी, जिससे सड़क सुरक्षा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह ट्रैफिक पार्क युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण दोनों के अवसर प्रदान करेगा।

  • Punjab News: पिंक प्लाज़ा मार्केट के दुकानदारों ने लगाया धरना, देखें वीडियो

    Punjab News: पिंक प्लाज़ा मार्केट के दुकानदारों ने लगाया धरना, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के चौड़ा बाजार के अंदर पिंक प्लाज़ा मार्केट दुकानदारों की तरफ से धरना लगाया गया। चौड़ा बाजार में बने पिंक प्लाज़ा मार्केट के अध्यक्ष रुबेल के मुताबिक चौड़ा बाजार थाना के बाहर अनाधिकृत तरीके से ठेलियां लगी हुई थीं, जिन्हें नगर निगम ने कुछ समय पहले हटवाया था। लेकिन अब नगर निगम के अधिकारियों के बदले जाने के बाद अवैध कब्जे फिर से लगने शुरू हो गए।

    इससे परेशान होकर दुकानदारों ने आज धरना लगाया। दूसरी तरफ ठेलेवालों का कहना था कि हम पिछले 20 साल या उससे भी ज्यादा समय से ठेलियां लगा रहे हैं, हमारी आजीविका इन ठेलों पर निर्भर है। समय‑समय पर सरकारों ने हमारे कार्ड भी बनाए हैं। जब तक वेंडिंग जोन निर्धारित नहीं होता, तब तक हमें ना हटाया जाए। वहीं अधिकारी द्वारा कहा गया कि वह दस्तावेज लेकर सुबह दफ्तर आ जाए, उसके बाद दफ्तर में बैठकर मामले को लेकर बात की जाएगी।

    वाइस प्रेजिडेंट जसकरण सिंह ने कहाकि 2 माह पहले भी उनके द्वारा अवैध कब्जे को लेकर धरना लगाया था। वहीं आज दोबारा से अवैध कार्रवाई शुरू होने लगी है। इसी के विरोध में धरना लगाया गया और कहा कि यहां अवैध कब्जे को बर्दाशत नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि पता चला है कि चौड़ा बाजार के लिए 150 करोड़ रुपए का टेंडर पास हुआ है, लेकिन उनकी मांग है कि इस बाजार को अवैध कब्जे से मुक्त करवाया जाए, यह बाजार अपने आप सुंदर लगना शुरू हो जाएगा।

  • नए प्रशासनिक ढांचे की तैयारी: विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में सब-कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक

    नए प्रशासनिक ढांचे की तैयारी: विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में सब-कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक

    चंडीगढ़: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में आज चंडीगढ़ में नए जिले, तहसील और उप–तहसील निर्माण से संबंधित सब–कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कमेटी के सदस्य के रूप में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त, डॉ. सुमिता मिश्रा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव और विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. साकेत कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

    मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रशासनिक ढांचे को अधिक परिणामकारी बनाने की दिशा में कदम— पंवार

    बैठक उपरांत कृष्ण लाल पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नई इकाइयों के गठन पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों द्वारा गांवों को तहसील एवंनए प्रशासनिक ढांचे की तैयारी: विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में सब-कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक उप–तहसील में शामिल करने संबंधी सरकार के पास अनेक प्रस्ताव आ रहे हैं, जिनमें से आज की बैठक में कुल 62 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और मानदंडों के अनुसार सिफारिशें तय की गई हैं। पंवार ने बताया कि कमेटी द्वारा प्राप्त सभी प्रस्तावों व मानदंडों का अध्ययन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली गई है, जिसे अब अंतिम स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष भेजा जाएगा। उप तहसील बनाने के लिए निर्धारित मानदंडों में 10 से अधिक गांव, 5 से 10 पटवार सर्कल, 60 हजार से अधिक जनसंख्या, 15 हजार हेक्टेयर या इससे अधिक क्षेत्रफल तथा उप मंडल मुख्यालय 15 किलोमीटर की दूरी पर होना चाहिए। इसी प्रकार तहसील के लिए निर्धारित मापदंडों में 20 या इससे अधिक गांव, दो उप-तहसील, पांच से अधिक पटवार सर्कल, 80 हजार या अधिक जनसंख्या, 15 हजार हेक्टेयर या अधिक क्षेत्रफल तथा एक उपमंडल से दूरी 15 किलोमीटर होनी चाहिए। उपमंडल के लिए यह मापदंड 40 या इससे अधिक गांव, एक या उससे अधिक तहसील/उप तहसील, 15 या इससे अधिक पटवार सर्कल, ढाई लाख या इससे अधिक जनसंख्या,15 हजार हेक्टेयर या इससे अधिक क्षेत्रफल व जिला मुख्यालय से दूरी 10 किलोमीटर या इससे अधिक होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि नए जिलों के मामलों में यह मानदंड 125 से 200 गांव, एक या दो उपमंडल, एक से तीन तहसील या उप तहसील, चार लाख या इससे अधिक की जनसंख्या, 80 हजार हेक्टेयर या इससे अधिक क्षेत्रफल तथा किसी अन्य जिला मुख्यालय से दूरी 25 से 40 किलोमीटर होनी चाहिए।  
  • युवक ने गौ माता को खिलाए मांस वाले मोमोज, शिकायत दर्ज, देखें वीडियो

    युवक ने गौ माता को खिलाए मांस वाले मोमोज, शिकायत दर्ज, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः गुरुग्राम के सेक्टर-56 में एक युवक पर गौ माता को कथित तौर पर मांस वाले मोमोज खिलाने का आरोप लगा है। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद गौ रक्षक दल ने युवक की पहचान कर उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक ने बाद में सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

     

  • Punjab News: चुनाव आयोग ने BDPO का किया तबादला

    Punjab News: चुनाव आयोग ने BDPO का किया तबादला

    पटियालाः पंजाब में चुनाव आयोग ने नाभा के बीडीपीओ बलजीत कौर का तबादला कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार शिरोमणि अकाली दल की शिकायत पर चुनाव आयोग द्वारा यह कार्रवाई की गई है। कहा जा रहा है कि बलजीत कौर एनओसी नहीं दे रही थी जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। उधर, बलजीत कौर की एक वीडियो भी वायरल हुई थी, जिसमें वह सभी पार्टियों को कह रही थी उनके पास उम्मीदवार नहीं है। फिलहाल अकाली दल की शिकायत पर बीडीपीओ का तबादला कर दिया गया है।

     

  • सेवा और समर्पण को सलाम: सीएम सुक्खू ने हवलदार संजीव कुमार के निधन पर संवेदना जताई

    सेवा और समर्पण को सलाम: सीएम सुक्खू ने हवलदार संजीव कुमार के निधन पर संवेदना जताई

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 13वीं बटालियन डोगरा रेजिमेंट के हवलदार संजीव कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वह बैजनाथ के डंडेरा गांव के निवासी थे और कमांड अस्पताल बेंगलुरु में बीमारी के कारण उनका निधन हो गया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार संजीव कुमार ने राष्ट्र की सेवा में जो योगदान दिया वह हमेशा याद रखा जाएगा। इस कठिन समय में राज्य सरकार संजीव कुमार के परिवार के साथ खड़ी है और सभी आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

  • शब्दों में संवेदना, पन्नों में अनुभव, सीएम नायब सिंह सैनी ने किया महत्वपूर्ण प्रशासनिक पुस्तक का विमोचन

    शब्दों में संवेदना, पन्नों में अनुभव, सीएम नायब सिंह सैनी ने किया महत्वपूर्ण प्रशासनिक पुस्तक का विमोचन

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को ‘हैंडबुक फॉर एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट्स’ का विमोचन किया। यह पुस्तक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी (सेवानिवृत्त) डॉ. के.के. खंडेलवाल और हरियाणा सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह द्वारा लिखी गई है। हरियाणा आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में आईएएस एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस मौके पर हरियाणा आईएएस ऑफिसर एसोसिएशन के सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राज्य की प्रशासनिक और न्यायिक व्यवस्था के लिए सार्थक बताते हुए कहा कि यह साधारण समारोह नहीं है बल्कि यह विचारों का उत्सव है। जब एक पुस्तक लिखी जाती है तो वह केवल शब्दों का संगम नहीं होता बल्कि वह लेखक की सोच, उसकी साधना और उसकी संवेदनाओं का संगम होता है। पुस्तक केवल लाइब्रेरी की शोभा ही नहीं बनती, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों का एक मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के पवित्र संविधान को मजबूत करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। सैनी ने कहा कि आज का यह विमोचन इसलिए भी ऐतिहासिक है, क्योंकि यह पुस्तक ऐसे समय में प्रकाशित हो रही है, जब देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था में एक नया अध्याय आरम्भ हुआ है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता – 2023 ने क्रिमिनल प्रोसीजर कोड, 1973 का स्थान लिया है। यह परिवर्तन न्याय प्रक्रिया को तेज, सरल, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में उठाया गया एक निर्णायक कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में राज्य सरकार ने हरियाणा में इन तीनों आपराधिक कानूनों को पूर्ण रूप से लागू कर दिया है। ऐसे परिवर्तन के दौर में कार्यकारी मजिस्ट्रेटों की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। क्योंकि, वे प्रशासनिक प्रणाली का वह स्तंभ हैं, जिनके कंधों पर कानून-व्यवस्था, जन सुरक्षा, शांति और निष्पक्ष न्याय की सीधी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक की विशेषता यह है कि यह कानूनों का संकलन मात्र नहीं है। यह एक ऐसा व्यापक मार्गदर्शक है, जो कार्यकारी मजिस्ट्रेटों की भूमिका से लेकर उनकी शक्तियों, व्यावहारिक प्रक्रियाओं, कानूनी आवश्यकताओं और जमीनी परिस्थितियों में उनके प्रयोग तक, हर पहलू को अत्यंत सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करती है। 10 भागों और 45 अध्यायों में लिखी गई यह पुस्तक अपने आप में एक संपूर्ण संदर्भ ग्रंथ है।

    यह पुस्तक हर नए, युवा और अनुभवी अधिकारी को दिशा देने वाली और निर्णायक क्षमता बढ़ाने वाली सिद्ध होगी

    इस पुस्तक में विभिन्न पहलुओं का विस्तृत, विवेचनात्मक और अत्यंत व्यावहारिक विवरण दिया गया है। इनमें निवारक न्याय, सुरक्षा कार्यवाही, मजिस्ट्रियल जांच, मृत्यु घोषणाओं, पहचान परेड, सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने, दंगा नियंत्रण, मानहानि, अवमानना, अनुशासनिक अधिकार आदि शामिल हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक हर नए, युवा और अनुभवी अधिकारी को दिशा देने वाली, स्पष्टता प्रदान करने वाली और निर्णायक क्षमता बढ़ाने वाली सिद्ध होगी। दोनों लेखकों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. के.के. खंडेलवाल का इंजीनियर, विधि विशेषज्ञ, प्रशासक, लेखक और सार्वजनिक सेवक के रूप में व्यापक अनुभव प्रशासनिक प्रणाली के लिए अमूल्य रहा है। वर्तमान में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के चीफ नेशनल कमिश्नर के रूप में उनका मार्गदर्शन युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित कर रहा है। इसी प्रकार अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह ने ऊर्जा, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, शहरी एस्टेट, खनन, सिंचाई एवं जल संसाधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अपने नेतृत्व से राज्य को नई दिशा प्रदान की है। यह पुस्तक दोनों के अनुभव और दृष्टि का उत्कृष्ट समन्वय है।

    अनुभव और कानून दोनों का संतुलन ही अधिकारी को सक्षम और प्रभावी बनाता है

    मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को अक्सर ऐसी स्थिति का भी सामना करना पड़ता है, जहां कुछ मिनटों में बड़े निर्णय लेने होते हैं। ऐसे समय में अनुभव और कानून दोनों का संतुलन ही अधिकारी को सक्षम और प्रभावी बनाता है। यह पुस्तक उसी संतुलन को मजबूत करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सदैव सुशासन, पारदर्शिता और उत्तरदायित्वपूर्ण प्रशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी। हमारा लक्ष्य है कि प्रशासन का हर स्तर आम नागरिक के जीवन को सरल, सुरक्षित और सम्मानपूर्ण बनाए।

    यह पुस्तक फील्ड अधिकारियों के लिए ‘वन-स्टॉप सॉल्यूशन’ – सुधीर राजपाल

    अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने कहा कि नए अधिकारियों को जब अचानक फील्ड में या कार्यालय में जटिल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, तब उन्हें एक ऐसी पुस्तक की आवश्यकता होती है जो उनके लिए ‘वन-स्टॉप सॉल्यूशन’ का कार्य करे। यह पुस्तक उसी सोच का परिणाम है कि वरिष्ठ अधिकारी अपनी टीम को मजबूत बनाने और हर कदम पर मार्गदर्शन देने के लिए कैसे साथ खड़े रहें। मुख्यमंत्री ने भी हमें सिखाया है कि एक टीम की भावना के साथ पूरे हरियाणा को आगे बढ़ाना है। इसी सोच के अंतर्गत इस पुस्तक का विमोचन किया गया है, जो अधिकारियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी और अधिकारियों को उनके करियर के हर चरण में मार्गदर्शन प्रदान करती रहेगी।

    एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट्स हैंडबुक हर युवा और कार्यरत अधिकारी के लिए एक जीवंत मार्गदर्शिका के रूप में काम करेगी – डॉ. के.के. खंडेलवाल

    पुस्तक के लेखक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी (सेवानिवृत्त) डॉ. के.के. खंडेलवाल ने पुस्तक के उद्देश्य और इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री का आगमन सभी अधिकारियों के लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि गहरी प्रेरणा का क्षण है। मुख्यमंत्री की सरलता, जनसेवा के प्रति निष्ठा और नेतृत्व क्षमता प्रशासनिक तंत्र के लिए सदैव एक मिसाल रही है। डॉ. खंडेलवाल ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक पुस्तक के विमोचन का अवसर नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक अनुभवों, जिम्मेदारियों और जनता की सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को पुनः स्मरण करने का अवसर भी है। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक केवल एक हैंडबुक नहीं, बल्कि वर्षों के अनुभव, चुनौतियों और सीखों की यात्रा का संकलन है। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता 2023 लागू होने के बाद फील्ड प्रशासन की भूमिका में कई नई परिस्थितियां और जिम्मेदारियां सामने आई हैं। ऐसे समय में एक ऐसी संदर्भ पुस्तक की आवश्यकता महसूस की गई जो व्यावहारिक, सरल, और फील्ड में कार्यरत अधिकारियों को तुरंत मार्गदर्शन देने वाली हो। इस पुस्तक को तैयार करते समय मुख्य प्रयास रहा कि यह हर युवा और कार्यरत अधिकारी के लिए एक जीवंत मार्गदर्शिका के रूप में काम करे, जिसे वे फील्ड में निर्णय लेते समय तुरंत उपयोग कर सकें। यह पुस्तक प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और फील्ड स्तर पर त्वरित निर्णय लेने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।

    एक अधिकारी का धैर्य, अनुभव और विवेक सही निर्णय का आधार बनते हैं – ए.के. सिंह

    पुस्तक के लेखक व हरियाणा सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने कहा कि वास्तविक ज्ञान केवल पुस्तकों से नहीं, बल्कि अनुभव और तजुर्बे से आता है। एक अधिकारी के भीतर धैर्य, स्फूर्ति और विवेक का होना सबसे आवश्यक गुण हैं, क्योंकि हर परिस्थिति में केवल कानून की जानकारी पर्याप्त नहीं होती। जब कानून स्थिति को पूरी तरह परिभाषित नहीं कर पाता, तब अधिकारी का धैर्य, अनुभव से विकसित विवेक और मौके पर उसकी तैयारी ही सही निर्णय का आधार बनते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक नए अधिकारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी, क्योंकि यह उन्हें नए कानूनों की समझ तो देगी ही, साथ ही व्यावहारिक परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान करेगी।

    यह पुस्तक नए अधिकारियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी और उन्हें दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में निरंतर प्रेरणा प्रदान करती रहेगी – डॉ. अमित अग्रवाल

    हरियाणा आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल एक पुस्तक का विमोचन नहीं, बल्कि प्रशासनिक प्रणाली को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पुस्तक नए अधिकारियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी और उन्हें अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में निरंतर प्रेरणा व दिशा प्रदान करती रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जो हरियाणा के गृह मंत्री भी हैं, उनके नेतृत्व में हरियाणा उन अग्रणी राज्यों में शामिल है जिन्होंने तीन नए आपराधिक कानूनों को पूरी तरह लागू किया है। पुराने आपराधिक कानून ब्रिटिश शासनकाल से चले आ रहे थे और समय के साथ उनमें सुधार की आवश्यकता थी। वर्तमान सरकार ने बदलते परिदृश्य के अनुसार इन कानूनों को नए रूप में तैयार किया और हरियाणा ने उन्हें तेजी से लागू कर एक उदाहरण स्थापित किया। अपराध नियंत्रण, सेवा और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने में इन तीनों कानूनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार निरंतर तेज गति से, नॉन-स्टॉप काम करते हुए प्रशासनिक दक्षता और सुशासन को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, पूर्व मुख्य सचिव डी एस ढेसी, आईएएस अधिकारी (सेवानिवृत्त) धीरा खंडेलवाल सहित हरियाणा सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।