Blog

  • पंजाब: पूर्व मंत्री Sunder Sham Arora गिरफ्तार 

    पंजाब: पूर्व मंत्री Sunder Sham Arora गिरफ्तार 

    होशियारपुर: विजिलेंस ब्यूरो की जांच का सामना कर रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा को विजिलेंस टीम ने जीरकपुर से ट्रैप कर गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के चीफ डॉयरेक्टर वरिंदर कुमार ने रविवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में मनमोहन के बयान पर पूर्व मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 8 के तहत प्राथमिकी संख्या 19 दिनांक 15-10-2022 दर्ज की गई है।उन्होंने आगे बताया कि एआईजी मनमोहन कुमार ने शिकायत की है कि अरोड़ा ने उनसे 14 अक्टूबर, 2022 को मुलाकात की और उनके खिलाफ दर्ज सतर्कता जांच में पक्ष लेने के लिए उन्हें एक करोड़ रुपये की पेशकश की।

    वीबी प्रमुख ने आगे कहा कि पूर्व मंत्री ने अगले दिन यानी 15 अक्टूबर, 2022 को 50 लाख रुपये और बाद की तारीख में शेष राशि का भुगतान करने की पेशकश की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिश्वत का मामला दर्ज करने के आदेश देने वाले मुख्य निदेशक को एआईजी ने अवगत करा दिया है। इस मामले में अरोड़ा को शनिवार रात जीरकपुर के कॉस्मो मॉल से गिरफ्तार किया गया है और उसके पास से 50 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।

    पता चला है कि रिश्वत देते समय उनके साथ मौजूद उनके पीए मनी को भी गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि अरोड़ा पूर्व की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। कांग्रेस सरकार का तख्तापलट होने पर जब चरणजीत सिंह को मुख्यमंत्री बनाया गया था तो अरोड़ा का मंत्री पद से पत्ता कट गया था। इसी साल विधानसभा चुनाव अरोड़ा होशियारपुर विधानसभा से चुनाव हार गए थे। कुछ समय पहले अरोड़ा भाजपा में शामिल हुए थे।

  • दंगल गर्ल खुशी के पिता बेअंत ठाकुर ने थामा हाथ

    दंगल गर्ल खुशी के पिता बेअंत ठाकुर ने थामा हाथ

    बददी/सचिन बैंसल: दून के पूर्व विधायक चौधरी राम कुमार ने अपने जन सम्पर्क अभियान “आपका बेटा आपके द्वार” के तहत आज नगर परिषद बददी के वार्ड नंबर 1 व 2 का दौरा किया। जहां वार्ड वासियों की तरफ से उनका  स्वागत किया गया। डोर टू डोर प्रचार के दौरान भारी संख्या में समर्थक उनके साथ थे। वहीं कई परिवार आज भाजपा को छोड़ कर चौधरी राम कुमार  की अध्यक्षता में कांग्रेस ज्वाइन कर गए। वहीं इस बारे बात करते राम कुमार  ने कहा कि अब लोगो का मोह भाजपा से भंग हो चुका है। जनता 12 नवंबर को हाथ का बटन दबा कर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेगी और भाजपा को दून क्षेत्र से बाहर का रास्ता दिखाएगी। आज भाजपा को छोड़ कांग्रेस में शामिल होने वालो में मुख्य तौर पर केवल ठाकुर, दंगल गर्ल खुशी के पिता और बददी विकास मंच के अध्य्क्ष बेअंत ठाकुर, बलविंदर ठाकुर, कुलविंदर ठाकुर, रोहित ठाकुर, हरबंस ठाकुर, परवेश ठाकुर, दीपक ठाकुर, महेश ठाकुर, कुणाल ठाकुर, सलोनी ठाकुर, जय सिंह, संजय ठाकुर उपस्थित थे। आज प्रचार के दौरान राम कुमार  के साथ ध्यान सिंह ठाकुर, राम लाल, शाम लाल, बलराज, जगदीश धुम्मा, मल्ली, मदन, टिंकू, राम कुमार, गुरप्रीत, भाग सिंह, राकेश ठाकुर, प्रेम ठाकुर चमन ठाकुर, गांधी,उपसतिथ थे।
  • सोशल मीडिया पर उठी विराट कोहली को गिरफ्तार करने की मांग, जाने मामला

    सोशल मीडिया पर उठी विराट कोहली को गिरफ्तार करने की मांग, जाने मामला

    नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अक्सर अपनी पॉपुलरिटी को लेकर चर्चा में रहते हैं। वहीं सोशल मीडिया पर अक्सर उनके और मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा के फैंस के बीच काफी टसल भी दिखती है। दोनों ही खिलाड़ी अपनी-अपनी जगह दिग्गज हैं लेकिन फैंस की इस पर अपनी राय होती है। हालांकि, यह दोनों खिलाड़ी हमेशा से ही एक दूसरे के काफी नजदीकी रहे हैं। ऐसा ही मंजर हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद भी नजर आया था। लेकिन आखिर ऐसा क्या अचानक हो गया कि शनिवार को ट्विटर पर #ArrestKohli ट्रेंड करने लगा?

    अब आप भी सोच रहे होंगे कि आखिरी ऐसा क्यो हो गया जो सोशल मीडिया पर विराट कोहली को गिरफ्तर करने की मांग उठ रही है? तो उसके बारे में हम आपको पूरी जानकारी देंगे। उससे पहले यह जानना जरूरी है कि यह विवाद हुआ है विराट कोहली और रोहित शर्मा के एक फैन के बीच। यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक ने दूसरे की हत्या कर दी। अक्सर क्रिकेट स्टेडियम में यह प्रतिद्वंद्विता दिखती है लेकिन एक फैन का दूसरे के खिलाफ इस हद तक जाना काफी खतरना मंजर है।

    क्या है पूरा मामला?

    इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला तमिलनाडु के अरियालुर जिले का है, जहां एक 21 साल के व्यक्ति को शराब के नशे में अपने ही दोस्त की बैट मारकर हत्या कर दी। कीलापालुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रोहित शर्मा का प्रशंसक विग्नेश और विराट कोहली के फैन धर्मराज के बीच शराब के नशे में अनबन हो गई। दोनों मल्लूर के पास सिडको इंडस्ट्रियल एस्टेट के पास एक खुले क्षेत्र में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच क्रिकेट के किसी मुद्दे पर बहस हो गई। 

    विग्नेश ने विराट कोहली और आरसीबी का मजाक उड़ाया और इसे धर्मराज बर्दाश्त नहीं कर पाया और उस पर पहले बोतल से हमला किया और फिर क्रिकेट के बैट से सिर पर वार कर दिया। इस घटना में विग्नेश की मौत हो गई। बस इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर #RIPVignesh #ArrestKohli जैसे हैशटैग ट्रेंड होने लगे। लोग विराट कोहली से सोशल मीडिया पर माफी मांगने की मांग करने लगे और ऐसा नहीं करने पर उन्हें गिरफ्तार करने की भी बातें कही गईं।

  • केंद्र सरकार का बड़ा ऐलान, राशन कार्डधारकों को दिया दिवाली का तोहफा

    केंद्र सरकार का बड़ा ऐलान, राशन कार्डधारकों को दिया दिवाली का तोहफा

    ऩई दिल्लीः अगर आप भी सरकार की फ्री राशन योजना का लाभ लें रहे लाभार्थियों के लिए बड़ी खुश खबरी है कि सरकार ने राशन में मिलने वाली चीनी की कीमत कम करने का फैसला किया है। देश भर में जहां महंगाई बढ़ रही वहीं सरकार ने महंगाई को ध्यान में रखते हुए चीनी की कीमत अब 20 रूपये प्रति किलोग्राम करने का फैसला किया है। इसके बाद राज्य सरकारें भी कार्डधारकों के लिए ऐलान कर रही है। 

    अब चीनी के लिए देने होंगे इतने रुपये 

    सरकार ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए चीनी की कीमतों को कम करने की घोषणा की है। इसके बाद आपको चीनी के लिए अब बस प्रति किलो 20 रुपये चुकाने पड़ेंगे। अंत्योदय कार्ड धारकों को सरकार की इस घोषणा का लाभ मिलेगा। सरकार के इस ऐलान से कार्ड धारकों में बढती महंगाई से राहत है। त्योहारी सीजन में सरकार की तरफ से दी जा रही इस सुविधा से फ्री राशन का लाभ उठा रहे लोगों में खुशी है और उनका कहना है कि सरकार ने इस ऐलान से दिल जीत लिया है। 

    महाराष्ट्र सरकार ने किया ऐलान 

    केंद्र सरकार की घोषणाओं के साथ राज्य सरकारें भी दीवाली तोहफा दे रही हैं। त्योहार के मौके पर महाराष्ट्र सरकार ने राशनकार्ड धारकों के लिए खास ऐलान किया है। इसके तहत सरकार आपको सिर्फ 100 रुपये में किराने का सामान दे रही है। इसमें आपको 100 रुपये में एक किलो रवा (सूजी), खाने का तेल, पीली दाल और मूंगफली मिलेगा। केंद्र सरकार कि फ्री राशन योजना के दिसंबर तक बढाए जाने से जहां देश भर के कार्डधारकों में खुशी की लहर है वहीं, महाराष्ट्र सरकार के इस ऐलान ने प्रदेश के राशन कार्डधारकों कि दीवाली को और भी ज्यादा जगमग कर दिया है।

    केंद्र सरकार ने दिसम्बर तक की फ्री राशन सुविधा 

    केंद्र सरकार की ओर से गरीबों को दिए जाने वाली फ्री राशन योजना कोरोना महामारी के समय से चलाई जा रही है। केंद्र सरकार के अलावा राज्यों की सरकार भी राशन कार्ड धारकों को फ्री राशन की सुविधा दे रही है। अब केंद्र सरकार ने फ्री राशन की अवधि तीन महीनें दिसम्बर तक बढ़ा दी है।

  • चुनाव प्रक्रिया के दौरान लगने वाले दो ग्रहण बड़े नेताओं को सत्ता सुख से वंचित कर सकते हैं: पंडित डोगरा

    चुनाव प्रक्रिया के दौरान लगने वाले दो ग्रहण बड़े नेताओं को सत्ता सुख से वंचित कर सकते हैं: पंडित डोगरा

    पंजाब व पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान बना था ऐसा ही योग

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश में नई बजारत को चुनने का समय आ गया है। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव तिथियों की घोषणा भी कर दी गई है। इस बीच अब हर किसी के मन में एक सवाल अवश्य कौंध रहा है कि आखिर इस बार कौन सी पार्टी सत्ता का सुख भोगेगी और कौन विपक्ष में बैठेगी। चुनावी तिथियों और परिणाम के अंकों को जोडक़र इस बार सत्ता का ऊंट किस करवट बैठेगा इस पर जाने-माने अंक ज्योतिषी और वशिष्ठ ज्योतिष सदन के अध्यक्ष पंडित शशिपाल डोगरा ने खास विश्लेषण किया है। पंडित डोगरा के अनुसार केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा 14 अक्टूबर को चुनाव की घोषणा की। इस बार 557261 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। 5 + 5 + 7 + 2 + 6 + 1 = 26 = 2 + 6 = 8 अंक जो शनि का अंक है। शनि न्याय का कारक है। शनि वक्री चाल चल रहा है। सत्ता में बैठे लोगों को कठिन समय है। 1 + 4 = 5 अंक बुध का अंक, युवाओं का अंक वाणी का अंक इस बार के चुनाव में युवा शक्ति अपना खेल खेलेगा। युवाओं को विधानसभा पहुंचने का मौका मिल सकता है। मतदान 12 नवंबर को है 1 + 2 = 3 अंक जो गुरु का अंक है। बुद्धि का कारक है, लेकिन यह अंक हमेशा शुभ फल नहीं देता है, इस अंक के रहते अनेक दुर्घटनाएं और हादसे इतिहास में होते रहे हैं। इस अंक में अपार दक्षताओं के बावजूद लक्ष्य में रुकावट का सामना करना पड़ता हैं। इस अंक पर मतदान होने से लोग इस बार मत देते हुए अपनी बुद्धि का इस्तेमाल ज्यादा करेंगे।
    2022 यानी 6 अंक जो चुनावी वर्ष है, 6 अंक का स्वामी शुक्र है। 6 अंक व 3 अंक आपस में शत्रु अंक हैं। दोनों अंक अपनी प्रतिष्ठा में लगे रहते हैं। इन अंकों पर चुनाव का होना बड़े-बड़े दिग्गजों को धराशाही करेगा। ऐसा ही योग बीते साल पंजाब व पश्चिम बंगाल के चुनाव में भी बना था। वैसे भी 2022 महिलाओं का वर्ष  है। इस वर्ष के होने वाले विधानसभा चुनाव में महिलाएं कईयों के भाग्य को बदल देंगी।
    पंडित शशिपाल डोगरा ने कहा कि भाजपा का 1 अंक बनता है। 1 अंक सूर्य का है। सूर्य सत्ता का कारक है। 14 अक्टूबर 1 + 4 = 5 अंक पर चुनाव की घोषणा जहां भाजपा का 1 अंक व 5 अंक बुध आदित्य योग बनता है, वही  सूर्य का 17 अक्टूबर 1 + 7 = 8 अंक पर सूर्य का नीचस्थ होना शुभ संकेत नहीं है। भाजपा में पार्टी में अंतर विरोध देगा। शनि का प्रभाव जनता में अंदर खाते विद्रोह कर सकता है। 8 दिसंबर, 2022 को परिणाम आना है। 8 अंक शनि का है शनि व सूर्य आपस में शत्रु हैं। शनि एक छाया ग्रह है, सत्ता में बैठे लोगों को अपनी छाया में लपेट सकता है। यह बड़े बड़े नेताओं को धूल चटा सकता है। कांग्रेस का 8 अंक बनता है। जहां 5 अंक पर चुनाव की घोषणा कांग्रेस को शुभ है। 5 बुध का अंक है, जो शनि 8 अंक का मित्र है। 12 को नवंबर को मतदान है। 1+2 =3 अंक गुरु का अंक गुरु समाज का मार्गदर्शक होता है। 1 अंक सूर्य व 2 अंक चंद्र के जोड़ से बनने वाला ये 3 अंक जनता में 1 अंक सत्ता के लिए 2 अंक चंद्र मन का कारक है। भीड़ के अधिक होने से कोई असर नहीं पड़ेगा। इसलिए भीड़ को देखकर खुश न हों। पंडित डोगरा ने बताया कि चुनाव के समय में 2 ग्रहण लग रहे हैं। 25 अक्टूबर को सूर्य ग्रहण, 2 + 5 = 7 अंक पर जो केतु का है, 8 नवंबर को चंद्र ग्रहण जो शनि के अंक पर लग रहा है। दोनों ग्रहण जो सत्ता व मन के कारक हैं। ऐसा लगता है बड़े बड़े नेताओं को विधानसभा तक पहुंच पाने में संकट खड़ा करेगा। वही 9 अंक आम आदमी पार्टी का है। जो कुछ नेताओं को रोकने में कामयाब हो सकता है। वही देव भूमि पार्टी का विरोध भी नेताओं को सहना पड़ेगा। बाकि सर्वज्ञ तो ईश्वर है।
  • एमसीएमसी केन्द्र डीपीआरओ कार्यालय में स्थापित: डीसी 

    एमसीएमसी केन्द्र डीपीआरओ कार्यालय में स्थापित: डीसी 

    ऊना/सुशील पंडित: विधानसभा निर्वाचन -2022 के अन्तर्गत ज़िला स्तरीय मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) की बैठक आज यहां डीआरडीए कार्यालय में आयोजित की गई। अध्यक्ष, मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की।  उन्होंने बताया कि मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति का केन्द्र ज़िला लोक सम्पर्क अधिकारी, ऊना के कार्यालय के प्रेस कक्ष में स्थापित किया गया है, जहां से प्रत्याशियों के पक्ष में प्रिंट व इलैक्टाॅनिक मीडिया के माध्यम से किये जाने वाले प्रचार की निगरानी की जाएगी।  
    उपायुक्त ने तहसीलदार (निर्वाचन) को निर्देश दिये कि केन्द्र में आवश्यक उपकरण व अन्य जरूरी सामग्री तुरन्त उपलब्ध करवाकर पूरा सैटअप त्वरित तैयार करना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त जरूरी उपकरण के साथ-साथ इंटरनेट क्नैक्टिविटी की व्वयस्था की जाए। उन्हांेने सदस्य सचिव एवं डीपीआरओ को निर्देश दिये कि केबल आॅप्रेटर्ज़ व टैलीकाॅम आॅप्रेटर्ज़ के साथ बैठक करके चुनावों में निर्धारित नियमों व उनकी भूमिका बारे अवगत करवाया जाए। इसके अतिरिक्त एमसीएमसी की दैनिक रिपोर्ट राज्य निर्वाचन अधिकारी को भेजना सुनिश्चित की जाए।  बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ.अमित कुमार शर्मा, डीपीआरओ अरूण पटियाल, तहसीलदार निर्वाचन सुमन कपूर, रिपोर्टर द ट्रिव्यून राजेश शर्मा, डीआईटीआई साहिल ने भाग लिया। 
  • जिला ऊना में 4,23,350 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोगः डीसी 

    जिला ऊना में 4,23,350 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोगः डीसी 

    चुनाव आचार सहिंता लागू होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने की प्रैस कॉन्फ्रैंस

    ऊना/सुशील पंडित:आगामी विधानसभा चुनावों में ऊना जिला के कुल 4,23,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 2,14,391 पुरुष तथा 2,08,956 महिला मतदाता शामिल हैं जबकि तीन ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इनके अतिरिक्त 6735 सर्विस वोटर भी अपने मताधिकार का प्रयोग करें। गत विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या 32,012 अधिक है। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऊना राघव शर्मा ने आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान दी।
    उपायुक्त ने बताया कि 14 अक्टूबर 2022 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हिमाचल प्रदेश में चुनावों की घोषणा के पश्चात जिला में तुरंत प्रभाव से चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर 2022 को निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी अधिसूचना जारी की जाएगी तथा 25 अक्टूबर 2022 तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। 27 अक्टूबर 2022 को दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच  होगी तथा 29 अक्टूबर 2022 को नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतदान की प्रक्रिया 12 नवंबर 2022 को होगी तथा मतगणना 8 दिसंबर 2022 को होगी। 10 दिसंबर 2022 तक चुनाव संबंधी प्रक्रिया को पूर्ण किया जाएगा।
    जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऊना जिला में कुल 515 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 54 मतदान केंद्र अति संवेदनशील, जबकि 112 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। इसके अलावा 349 मतदान केंद्र सामान्य श्रेणी के हैं। उन्होंने बताया कि चुनावों के दृष्टिगत ऊना जिला को 45 सेक्टरों में बांटा गया है। राघव शर्मा ने जानकारी दी कि ऊना जिला में 3417 दिव्यांग मतदाता, 80 वर्ष से अधिक आयु के 10,910 तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के 135 मतदाता है। उन्होंने बताया कि 80 वर्ष से अधिक आयु तथा दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा उन्हें पोस्टल बैलट पेपर के माध्यम से भी मतदान करने की सुविधा प्रदान की है, जोकि चुनाव संबंधी अधिसूचना यानी 17 अक्टूबर 2022 के पश्चात 5 दिन के भीतर फॉर्म 12 डी के माध्यम से पोस्टल बैलट पेपर हासिल कर सकते हैं। इस संबंध में संबंधित बीएलओ तथा निर्वाचन अधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस प्रक्रिया के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5-5 टीमें निर्धारित की गई हैं, जो घर-घर जाकर 80 वर्ष या इससे अधिक आयु तथा दिव्यांग मतदाताओं से पोस्टल बैलट पेपर प्राप्त करेंगे। इसके अलावा जिला में पांच ऐसे मतदान केंद्र स्थापित होंगे जहां पर दिव्यांग पोलिंग स्टाफ द्वारा मतदान प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा।
    उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की मतगणना राजकीय महाविद्यालय अंब में, गगरेट विधानसभा क्षेत्र की मतगणना राजकीय बहुतकनीकी संस्थान गगरेट में तथा ऊना, हरोली व कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना राजकीय महाविद्यालय ऊना में होगी।
    7 दिन में जमा करवाएं हथियार
    जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार सभी लाइसेंस धारक हथियार रखने वाले व्यक्तियों को चुनावी घोषणा के 7 दिन के अंदर अपने हथियार नजदीकी पुलिस थाना में जमा करवाने होंगे। उन्होंने बताया कि ऊना जिला में 5208 लाइसेंस प्राप्त हथियार धारक है।
    उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो महिला बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां पर सभी महिला कर्मचारी मतदान प्रक्रिया को अंजाम देंगी। इसके अतिरिक्त दो मॉडल मतदान केंद्र स्थापित होंगे, जहां पर बेहतरीन मतदान प्रतिशत के साथ साथ युवा मतदाताओं को मतदान के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया जाएगा।
    इस बार विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार के लिए 40 लाख रुपए अधिकतम खर्च निर्धारित किया गया है, जिसकी निगरानी के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्तर की टीमें गठित की गई है। उन्होंने बताया कि ऊना जिला के सभी 515 मतदान केंद्रों पर 2472 अधिकारी व कर्मचारी मतदान प्रक्रिया में ड्यूटी देंगे तथा सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 1200 पुलिसकर्मी तथा 27 सीआरपीएफ कंपनियां इसमें सुरक्षा संबंधी सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि ऊना जिला में 166 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं तथा 272 मतदान केंद्रों का लाइव वेबकास्ट किया जाएगा।
    हेल्पलाइन नंबर किए गए जारी
    उन्होंने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के तुरंत बाद सरकारी कार्यालय भवनों व परिसरों, सार्वजनिक स्थलों तथा निजी स्थलों पर से होर्डिंग हटाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है तथा तय समय सीमा में इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया से संबंधित किसी भी शिकायत व सुझाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 225601, 225602, 225603, 225604 के अलावा टोल फ्री नंबर 18001808063 निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सी-विजल ऐप को  आरंभ कर दिया गया है, जिसके माध्यम से भी कोई भी व्यक्ति रियल टाइम में फोटो और वीडियो के माध्यम से चुनाव आचार संहिता की उल्लंघन के संबंध में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं जिनका निराकरण 100 मिनट के अंदर किया जाएगा।
    इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ऊना डॉ अमित शर्मा, तहसीलदार निर्वाचन सुमन कपूर उपस्थित रहे। 
  • कनाडा में नकोदर के 22 साल के युवक की मौत

    कनाडा में नकोदर के 22 साल के युवक की मौत

    नकोदरः कनाडा गए पंजाबी युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जतिन पुरी (22) पुत्र सुरेश पुरी निवासी नकोदर के रूप में हुई है। मृतक के परिवार अनुसार जतिन की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। जतिन करीब 3 साल पहले 2019 में अच्छे भविष्य के लिए कनाडा गया था, जो कनाडा के ब्रैंपटन स्थित एक कॉलेज में पढ़ता था। गत दिवस कनाडा रहती उसकी बहन का जन्मदिन था और जतिन ने उसके लिए गिफ्ट लेने जाना था लेकिन नहीं जाने पर बहन ने कमरे का दरवाजा खोला तो वह गिरा पड़ा था। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पंजाब रहते परिवार का रो-रोकर हाल बेहाल है। 

  • दर्दनाक हादसाः 230 की रफ्तार से कंटेनर से टकराई BMW, चार की मौत, देखें वीडियो

    दर्दनाक हादसाः 230 की रफ्तार से कंटेनर से टकराई BMW, चार की मौत, देखें वीडियो

    रोहतासः उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी। बीएमडब्ल्यू और कंटेनर में टकराने के बाद यह हादसा हुआ था। मरने वाले चार लोग बिहार के थे। अब लाइव वीडियो सामने आया है जिससे यह साफ पता चल रहा है कि बीएमडब्ल्यू की रफतार 230 किलोमीटर प्रति घंटे तक गई थी। हादसे से पहले फेसबुक लाइव वीडियो में यह आवाज आ रही है कि आज चारों मरेंगे। कुछ ही देर में दुर्घटना होती है और सबकी मौत भी हो जाती है।

    कार की स्पीड 62-63 होते हुए 230 तक पहुंचती है। फेसबुक का पूरा वीडियो एक्सीडेंट तक तो नहीं पहुंचा, लेकिन अंदाजा जरूर लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी जबरदस्त हुई होगी। जिले के जेडीयू के जिलाध्यक्ष अजय कुमार कुशवाहा के डॉक्टर भतीजे और डेहरी शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ. निर्मल कुमार कुशवाहा के पुत्र डॉक्टर आनंद प्रकाश अपने दोस्तों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के पास हादसा हो गया। 

  • कपूरथलाः मामूली विवाद को लेकर युवकों ने पुलिस कर्मियों पर किया हमला, 2 कर्मी घायल

    कपूरथलाः मामूली विवाद को लेकर युवकों ने पुलिस कर्मियों पर किया हमला, 2 कर्मी घायल

    कपूरथलाः गांव तलवंडी मेहमा में 25 से 30 युवकों ने सीआईए स्टाफ व थाना कोतवाली की पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक कार ओवरटेक करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। जिसके बाद में यह विवाद हिंसक रूप में बदल गया। बताया जा रहा है कि युवकों ने पुलिस टीम पर पहले ईंट-पत्थर बरसाए और फिर तेजधार हथियारों से वार किए। इसमें दो पुलिस कर्मियों जख्मी हो गए। जबकि वहां से गुजर रहा एक राहगीर भी घायल हो गया। तीनों जख्मियों को सिविल अस्पताल लाया गया। जहां से एक पुलिस कर्मी व राहगीर गंभीर होने के चलते जालंधर के निजी अस्पताल भर्ती करवाया गया है। जबकि एक पुलिस कर्मी सिविल अस्पताल कपूरथला में उपचाराधीन है। डीएसपी व सीआईए स्टाफ की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    जानकारी के अनुसार सीआईए स्टाफ कपूरथला में तैनात कांस्टेबल परमिंदर सिंह निवासी गांव धंदल अपनी कार में सवार होकर ड्यूटी पर कपूरथला आ रहा था। जब वह गांव तलवंडी मेहमा के पास पहुंचा तो आगे से आ रही कार को ओवरटेक किया तो दूसरे कार सवार ने उसे रोक लिया और उसे(परमिंदर) पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उक्त कार सवार ने शोर मचाकर अपने साथी इकट्ठे कर लिए। देखते ही देखते 25-30 युवक तेजधार हथियार, बेसबाल बेट लेकर आ धमके और ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इसके बाद तेजधार हथियार से हमला कर दिया।

    इसमें परमिंदर सिंह गंभीर जख्मी हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा राहगीर सतविंदर सिंह भी घायल हो गया। वहां से ड्यूटी पर जा रहे नवदीप सिंह निवासी सैदोवाल के अनुसार उसने जब परमिंदर को जख्मी देखा तो उसने कार रोककर उसे ले जाने लगा तो किसी ने पीछे से उसके सिर पर तेजधार हथियार से हमला करके जख्मी कर दिया। नवदीप ने बताया कि उसे झगड़े की वजह नहीं पता, लेकिन वहां पर मौजूद युवकों के पास तेजधार हथियार व अन्य हथियार मौजूद थे। एसएसपी कपूरथला नवनीत सिंह बैंस ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम जांच में जुट चुकी है और हमलावरों की शिनाख्त की जा रही है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।