Blog

  • शटल ट्रेन पर हमले के बाद PAK का एक्शन, 17 आतंकियों को किया ढेर, देखें वीडियो

    शटल ट्रेन पर हमले के बाद PAK का एक्शन, 17 आतंकियों को किया ढेर, देखें वीडियो

    बलूचिस्तानः पाकिस्तान में इस वक्त आंतरिक सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है। देश के अंदर ही अलग-अलग मोर्चों पर विद्रोहियों ने पाकिस्तानी फौज की चूलें हिला रखी हैं। ऐसे में फौज भी खुद को साबित करने के लिए एक बार फिर से पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में बड़ी कार्रवाई करते 17 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है। दरअसल, पिछले सप्ताह बलूचिस्तान में एक शटल ट्रेन पर बम हमले के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 17 संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया है। 24 मई को क्वेटा में हुए संदिग्ध आत्मघाती हमले में 16 लोग मारे गए थे, जिनमें 3 सुरक्षाकर्मी शामिल थे।

    पाकिस्तान सेना के आईएसपीआर के अनुसार, घटना के बाद सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के विभिन्न जिलों में खुफिया-आधारित अभियान चलाए। इन अभियानों में मस्तंग, नुश्की, ज़ेहरी, खुज़दार और केच में विद्रोहियों के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। फिटना-अल-हिंदोस्तान से जुड़े 17 आतंकवादी भारी गोलीबारी में मारे गए। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों से हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और तैयार आईईडी बरामद किए। सुरक्षाबलों के मुताबिक मारे गए विद्रोही पाकिस्तानी क्षेत्र में कई आतंकी वारदातों में शामिल थे। बचे हुए आतंकवादियों को खत्म करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी हैं।

    किशोरों की सुरक्षा और मानसिक सेहत को लेकर बढ़ते वैश्विक दबाव के बीच सोशल मीडिया दिग्गज मेटा ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और मैसेंजर पर किशोरों के लिए कंटेंट सेटिंग्स का दायरा वैश्विक स्तर पर बढ़ा दिया है। इस पहल की शुरुआत पिछले साल अक्तूबर में कुछ चुनिंदा देशों से हुई थी, जिसका मकसद बच्चों को अनुपयुक्त सामग्री से बचाना है। मेटा ने कहा है कि अब किशोरों के खातों (अकाउंट्स) के लिए 13+ कंटेंट सेटिंग्स को डिफॉल्ट रूप से लागू कर दिया गया है। इसके अलावा इस साल के अंत तक फेसबुक और मैसेंजर पर अधिक प्रतिबंधात्मक अनुभव देने वाली लिमिटेड कंटेंट सेटिंग भी पेश की जाएगी।

    मेटा ने जानकारी दी कि वह इंस्टाग्राम पर एक नए फीचर का परीक्षण कर रहा है, जो किशोरों को एक ही तरह के कंटेंट को बार-बार देखने से रोकेगा और उनके फीड में विविधता लाएगा। मेटा ने कहा कि हम मानते हैं कि पोषण, वेटलिफ्टिंग या चिंता (एंग्जायटी) से निपटने से जुड़े पोस्ट मददगार हो सकते हैं, लेकिन इन्हें बार-बार दिखाने के बजाय अन्य प्रकार के कंटेंट के साथ संतुलित किया जाना चाहिए। यह कदम ऐसे समय में आया है, जब हाल में (25 मार्च को) लॉस एंजिल्स की एक जूरी ने मेटा और गूगल को युवाओं के लिए हानिकारक प्लेटफॉर्म डिजाइन करने का दोषी पाते हुए जुर्माना लगाया था। साथ ही मेटा ने अप्रैल में निवेशकों को चेतावनी दी थी कि युवाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी और नियामक फैसलों से उनके बिजनेस और वित्तीय नतीजों पर गंभीर असर पड़ सकता है।

     

  • Punjab News: 18 हजार रुपए रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार

    Punjab News: 18 हजार रुपए रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार

    पटियालाः पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान पुलिस थाना शुतराणा, तहसील पातड़ां, जिला पटियाला में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) जसविंदर सिंह को 18,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए राज्य विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव बकराहा, तहसील पातड़ां, जिला पटियाला के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

    प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के रिश्तेदार अपने पड़ोसियों के साथ हुई लड़ाई में घायल हो गए थे। इसके संबंध में राजेंद्र अस्पताल के डॉक्टर ने उनकी चिकित्सा करते हुए मामले की सूचना थाना शुतराणा को दी थी और संबंधित अधिकारी बाद में घायल व्यक्तियों के बयान दर्ज कराने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। प्रवक्ता ने आगे बताया कि आरोपी एएसआई ने हमले करने वाली दूसरी पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के बदले 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की।

    शिकायतकर्ता के अनुरोध पर आरोपी एएसआई 18,000 रुपये रिश्वत लेने के लिए सहमत हो गया। गैर-कानूनी रिश्वत देने से इनकार करने पर शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी एएसआई को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 18,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

  • Punjab News: मुल्तानी अस्पताल पर हुए ग्रेनेड हमले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

    Punjab News: मुल्तानी अस्पताल पर हुए ग्रेनेड हमले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

    चंडीगढ़: गुरदासपुर जिले के कस्बा कलानौर स्थित मुल्तानी अस्पताल पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के केवल छह घंटे के अंदर मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने आज सुबह कलानौर के निजी मुल्तानी अस्पताल पर ग्रेनेड से हमला किया।

    धमाका इतना जोरदार था कि अस्पताल की खिड़कियाँ और दरवाज़ों के शीशे टूट गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों में अफरातफरी फैल गई। सूचना मिलते ही गुरदासपुर पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने जांच शुरू कर दी। तकनीकी और मानव इंटेलिजेंस इनपुट्स के आधार पर तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हमले के मुख्य दोषी को गिरफ्तार कर लिया।

    पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि गुरदासपुर पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने साझा ऑपरेशन के जरिए कलानौर ग्रेनेड हमले की गुत्थी सिर्फ छह घंटे में सुलझा ली है। डीजीपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में विदेश स्थित एक हैंडलर की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने इस मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान करने और उसे बेनकाब करने के लिए जांच और तीव्र कर दी है।

  • Toll Plaza पर बेकाबू Car का कहर, पुलिस कर्मी सहित 2 को मारी टक्कर, देखें CCTV

    Toll Plaza पर बेकाबू Car का कहर, पुलिस कर्मी सहित 2 को मारी टक्कर, देखें CCTV

    ऊनाः हिमाचल-पंजाब के बॉर्डर मैहतपुर में पंजाब से हिमाचल दाखिल हो रही एक सफेद रंग की कार टोल प्लाजा पर बेकाबू होने का मामला सामने आया है। इस दौरान कार ने टोल प्लाजा पर एक टोल कर्मी और पुलिसकर्मी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को वहां से उठाया गया। गनीमत यह रही कि दोनों लोगों को मामूली चोटे आई है और बड़ा हादसा होते-होते बच गया। इस दौरान सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

    सीसीटीवी मुताबिक, मैहतपुर टोल प्लाजा पर आम दिनों की तरह वाहन गुजर रहे थे। इस दौरान अचानक एक कार आई और उसने बेकाबू होते हुए बिना ब्रेक लगाए बेरिकेड्स को टक्कर मार दी। बेरिकेड्स के पास खड़े टोल कर्मी और पुलिस कर्मी को कार ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना में दोनों बेसुध होकर गिर गए और बेरिकेड्स की वजह से कार वहीं रुक गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। गणिमत यह रही कि उन्हें गंभीर चोटें नहीं आई। वहीं गाड़ी में एक परिवार के बैठे होने की बात कही जा रही है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

     

  • Punjab News: IPL में स्टेडियम से 15 फोन चोरी, 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: IPL में स्टेडियम से 15 फोन चोरी, 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मोहालीः न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मैच के दौरान फोन चोरी की घटनाएं सामने आई थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी हुए 15 मोबाइल बरामद कर लिए हैं। इस मामले में दिल्ली से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, मोबाइल फोन 27 मई को आयोजित क्रिकेट मैच के दौरान चोरी हुए थे।

    एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के निर्देशों तथा ग्रामीण पुलिस कप्तान मनप्रीत सिंह और मुल्लांपुर गरीबदास के पुलिस कप्तान हरकीरत सिंह की निगरानी में कार्रवाई की गई। 28 मई को थाना मुल्लांपुर गरीबदास में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया, जोकि दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं।

    आरोपियों की पहचान अरबाज, नवीन कुमार उर्फ निक्कू, हेमराज उर्फ पुच्ची और अब्दुल मुगनी उर्फ मियाज के रूप में हुई है। सभी आरोपी दिल्ली और हरियाणा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर सभी मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

  • बुजुर्ग दंपति को 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट करके ठगे 2.15 करोड़

    बुजुर्ग दंपति को 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट करके ठगे 2.15 करोड़

    चंडीगढ़ः साइबर अपराधियों ने सेक्टर-47 में रहने वाले बुजुर्ग दंपति से करोड़ों रुपए की ठगी की घटना सामने आई है। जहां साइबर ठगों ने बुजुर्ग दपंति को घर में 15 दिनों तक कथित तौर पर डिजिटल अरेस्ट करके नकी जीवनभर की जमा पूंजी हड़प ली। मिली जानकारी के अनुसार ठगो ने बुजुर्ग दपंति से 2,15 करोड़ रुपये ठग लिए। बैंक से सेवानिवृत्त पीड़ित दंपति ने पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस को दी शिकायत में दपंति ने बताया कि साइबर ठगों ने खुद को सीबीआइ अधिकारी बताकर उन्हें घर में 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट करके रखा और उनकी सारी पूंजी ठग ली।

    साइबर थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बुजुर्ग दपंति ने कहा कि काल करने वाले ने खुद को मुंबई सीबीआइ का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके बैंक खाते का इस्तेमाल ड्रग्स तस्करी और मनी लान्ड्रिंग जैसे गंभीर अपराधों में हुआ है। आरोपी ने दावा किया कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है और उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। ठगों ने दंपति को सख्त हिदायत दी कि वह इस मामले की जानकारी किसी रिश्तेदार, मित्र या पड़ोसी को न दें। साथ ही यह भी धमकी दी गई कि यदि उन्होंने किसी को बताया तो उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी।

    गिरफ्तारी के डर से दंपति पूरी तरह साइबर ठगों के जाल में फंस गए। साइबर थाना पुलिस ने संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन की जांच शुरू कर दी है। ठगों ने दंपति को कथित जांच से बचाने के नाम पर रकम जमा करवाने के लिए कहा। शुरुआत में घर में रखी नकदी विभिन्न खातों में आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से ट्रांसफर करवाई गई। इसके बाद दंपति ने अपने रिश्तेदारों से भी पैसे उधार लेकर आरोपितों के खातों में जमा करवा दिए। जब इससे भी ठगों का मन नहीं भरा तो उन्होंने दंपति को घर में रखा सोना बेचकर नकदी जुटाने के लिए कहा।

    दंपति ने सोना बेचकर भी बड़ी रकम साइबर ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दी। इस तरह 15 दिनों के भीतर कुल 2.15 करोड़ रुपये से अधिक की रकम आरोपियो तक पहुंच गई। ठगों ने बाद में दंपति पर मकान के दस्तावेज गिरवी रखकर बैंक से लोन लेने और वह राशि भी जमा करवाने का दबाव बनाया। अपनी पूरी जमा पूंजी और आभूषण गंवा चुके दंपति ने जब ऐसा करने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उनसे संपर्क तोड़ दिया। इसके बाद दंपति को संदेह हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। ठगी की इतनी बड़ी वारदात के बाद बुजुर्ग दंपति गहरे सदमे में हैं। उनका बेटा नौकरी के कारण शहर से बाहर रहता है और दंपति चंडीगढ़ में अकेले रह रहे थे।

  • शेयर बाजार खुलते ही मची हाहाकार, सेंसेक्स में आई भारी गिरावट

    शेयर बाजार खुलते ही मची हाहाकार, सेंसेक्स में आई भारी गिरावट

    नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखने को मिली। आज दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टी लाल निशान पर खुले। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 800 अंक से अधिक की गिरावट आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स भी 24,300 से नीचे फिसल गया। सुबह 9.27 बजे सेंसेक्स 803.13 अंक यानी 1.08% टूटकर 73,846.71 अंक पर आ गया। निफ्टी भी 209.35 अंक यानी 0.89% फिसलकर 23,274.20 अंक रह गया। इससे पहले लगातार चार दिन की गिरावट के बाद मंगलवार को शेयर बाजार में तेजी आई थी।

    इस बीच रुपया डॉलर के मुकाबले गिरावट के साथ 95.45 पर खुला। पिछले सत्र में यह 17 पैसे गिरकर 95.36 पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर गिरावट के साथ खुले। आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। टीसीएस का शेयर सबसे ज्यादा 4.15 फीसदी टूटा। इसके अलावा इन्फोसिस, एससीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईटीसी, इटरनल, एशियन पेंट्स और बजाज फाइनेंस में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल और टाटा स्टील में तेजी रही। निफ्टी पर टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा में सबसे ज्यादा तेजी रही।

    ब्रॉडर बाजार में निफ्टी मिडकैप में 0.67 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.48 फीसदी गिरावट आई। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा तीन फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है। निफ्टी रियल्टी और निफ्टी पीएसयू बैंक में गिरावट रही। निफ्टी मेटल का प्रदर्शन बेहतर रहा। पश्चिम एशिया में संकट गहरा गया है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो का कहना है कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट के बड़े हिस्से में माइन लगा दी है और कमर्शियल जहाजों पर फायरिंग की है। इससे साफ है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फाइनल होने में अभी लंबा समय लग सकता है। इससे कच्चे तेल की कीमत में भी आज तेजी आई है। ब्रेंट क्रू़ड अभी 0.94 फीसदी तेजी के साथ 96.90 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।

  • Punjab News: रेलवे स्टेशन के बाहर बेसुध दिखे 2 नौजवान, वीडियो वायरल

    Punjab News: रेलवे स्टेशन के बाहर बेसुध दिखे 2 नौजवान, वीडियो वायरल

    लुधियानाः जिला पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चलाने और कड़ी कार्रवाई की जा रही है। लेकिन फिर भी कुछ घटनाएं अभी भी सामने आ रही है। ताजा मामला रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर सामने आया है। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में 2 युवक कथित तौर पर नशे (“जॉम्बी ड्रग”) की हालत में बेसुध दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो 2 दिन पुराना यानि सोमवार का है। थाना डिवीजन नंबर-1 के अधीन क्षेत्र में स्थित रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के बाहर दोनों युवक बदहवास अवस्था में नजर आए।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    वायरल वीडियो में एक युवक फिरोजी रंग की टी-शर्ट और काली पैंट पहने डिवाइडर पर लेटा हुआ दिखाई देता है। वह सिर पकड़कर बेसुध हालत में पड़ा नजर आ रहा है, जबकि दूसरा युवक भी उसके पास बदहवास अवस्था में दिखाई दे रहा है। वहीं उसका साथी, जिसने काले रंग का पटका बांधा हुआ है और भूरे रंग की टी-शर्ट पहनी हुई है, डिवाइडर के सहारे बेसुध अवस्था में बैठा नजर आ रहा है। वीडियो में युवक के मुंह से थूक गिरता भी दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की तस्वीरें चिंताजनक हैं। लोगों का कहना है कि रोजाना हजारों यात्री रेलवे स्टेशन से आते-जाते हैं, ऐसे में नशे की हालत में पड़े युवकों की मौजूदगी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े करती है। आस-पास के कुछ लोगों ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि रेलवे स्टेशन, लोकल अड्डे और आसपास की सड़कों पर नशे के आदी लोग अक्सर घूमते दिखाई देते हैं। कई बार राहगीरों व यात्रियों के साथ लूटपाट और मारपीट जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस गश्त तो नियमित रूप से होती है, लेकिन इसके बावजूद नशा तस्कर सक्रिय हैं। लोगों का आरोप है कि तस्कर पुलिस की निगरानी से बचकर अपना नेटवर्क चला रहे हैं, जिसका असर सार्वजनिक स्थानों पर साफ दिखाई दे रहा है।  
  • Punjab News: खूनी जंग में बदली बच्चों की लड़ाई, 5 हमलावरों ने तेजधार हथियारों से किया हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: खूनी जंग में बदली बच्चों की लड़ाई, 5 हमलावरों ने तेजधार हथियारों से किया हमला, देखें वीडियो

    लुधियानाः टिब्बा रोड की बाबा नामदेव कॉलोनी में बच्चों के मामूली विवाद ने एक बड़े खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दरअसल, पड़ोसियों के बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक पक्ष ने अपने साथियों को बुलाकर दूसरे परिवार पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बच्चे के पिता और फूफा को बेरहमी से पीटा गया है। पूरी वारदात का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक सरेआम बड़ी कृपाण (तलवार) लहराते हुए हमला करता नजर आ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बाबा नामदेव कॉलोनी में रहने वाले पड़ोसियों के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद की शुरुआत एक 12 साल के बच्चे से जुड़ी है, जो 5वीं कक्षा में पढ़ता है।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    मंगलवार शाम करीब 4 बजे बच्चों की यह लड़ाई बड़ों के बीच पहुंच गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने बात सुलझाने के बजाय रंजिश रख ली और वारदात को अंजाम देने के लिए साजिश रच डाली। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने पहले बच्चे को किडनैप कर लिया और पास के पार्क में ले जाकर पीटा और फिर उन्होंने घर पर धावा बोल दिया। आरोपी अपने साथ ‘टोपी’ नाम के एक युवक और उसके यार-दोस्तों समेत करीब 5 अज्ञात हमलावरों को लेकर आए थे। इन सभी के हाथों में तेजधार हथियार और लाठियां थीं। आते ही इन लोगों ने परिवार पर हमला बोल दिया और घर के पुरुषों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। इस खूनी हमले में 32 वर्षीय इंदरभूषण पासवान और उनके साढ़ू (फूफा) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि इंदरभूषण स्टीम प्रेस (कपड़ों पर प्रेस करने) का काम करता है और वह ससुराल परिवार में आया हुआ था। हमलावरों ने आव देखा न ताव, घर में घुसकर इंदरभूषण और बच्चे के पिता पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग इकट्ठा हुए, तब तक आरोपी लहूलुहान करके फरार हो चुके थे। इस पूरी वारदात का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में बड़ी कृपाण (तलवार) लेकर आता है और बिना किसी डर के परिवार पर हमला कर देता है। इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोग और पड़ोसी उसे रोकने की कोशिश करते हैं और बीच-बचाव करते नजर आते हैं, लेकिन हमलावर के सिर पर खून सवार था। उसने किसी की एक न सुनी और हमला करने के बाद अपने साथियों सहित मौके से भाग निकला। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने लाइव वीडियो और बयानों के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।  
  • ठेके से शराब की पेटियां और नगदी लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    ठेके से शराब की पेटियां और नगदी लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः मनीमाजरा इलाके में एक शराब ठेके में चोरी की वारदात सामने आई है। देर रात 2 युवक ठेके के ताले तोड़कर अंदर घुसे और नकदी के साथ बीयर की दो पेटियां चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक घटना रविवार सुबह करीब 3 बजे से 3:30 बजे के बीच की है। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक ठेके के बाहर आते दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक युवक लंबी हाइट का है, जबकि दूसरा कम उम्र और कम हाइट का नजर आ रहा है।

    खास बात यह रही कि दोनों आरोपियों ने अपना चेहरा नहीं ढका था, जिससे उनकी तस्वीरें कैमरे में साफ दिखाई दे रही हैं। फुटेज में देखा गया कि एक युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर ठेके के बाहर पहुंचा और ताला तोड़ने की कोशिश करने लगा। कुछ देर बाद उसका साथी भी वहां पहुंच गया। दोनों ने मिलकर ठेके के दोनों ताले तोड़े और शटर उठाकर अंदर घुस गए। अंदर घुसते ही एक आरोपी सीधे कैश काउंटर तक पहुंचा और वहां रखे दो अलग-अलग काउंटरों से नकदी निकालकर अपनी जेब में भर ली। इसके बाद दोनों आरोपी बीयर की दो पेटियां उठाकर मौके से फरार हो गए। ठेका मालिक शीतल ने बताया कि उनके ठेके पर पहली बार इस तरह की चोरी हुई है।

    उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के रहने के लिए बेसमेंट में व्यवस्था है, लेकिन घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपियों ने पहले से रेकी की होगी और उन्हें पता था कि उस समय ठेके के आसपास कोई नहीं होगा। मनीमाजरा थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों के आने-जाने का पूरा रूट पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पंजाब नंबर की एक्टिवा पर सवार होकर आए थे। पुलिस अब एक्टिवा नंबर के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।