Blog

  • कॉलेज लैब में गैस रिसाव से 25 छात्र हुए बीमार

    कॉलेज लैब में गैस रिसाव से 25 छात्र हुए बीमार

    हैदराबाद: कस्तूरबा सरकारी कॉलेज में एक लैब में रासायनिक गैस रिसाव के बाद कम से कम 25 छात्र बीमार पड़ गए। समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, चक्कर आने और जी मिचलाने की शिकायत के बाद इन छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लैब में कौन-सी गैस लीक हुई है? इसका पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है।

    इससे पहले 14 अक्टूबर को तमिलनाडु के होसुर जिले के एक निगम मध्य विद्यालय के लगभग 100 छात्र परिसर में एक सेप्टिक टैंक से संदिग्ध गैस रिसाव हुआ था। जिससे कई छात्र दोपहर के भोजन के बाद अचानक बीमार हो गए। कुछ छात्रों ने क्लास में उल्टी की, लेकिन किसी में भी गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं दिखे।

    कुल 67 लड़के और लड़कियां अस्पताल में भर्ती थे। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि इसके कारण का पता लगाने के लिए उनकी जांच की जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, होसुर निगम और स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्कूल का दौरा किया और जांच की है।

    वहीं, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 27 अक्टूबर को मदर इंडिया कॉलोनी में नगर निगम के वाटर फिल्टर प्लांट से क्लोरीन गैस का रिसाव होने लगा। गैस के प्रभाव से लोगों की सांसें फूलने लगीं और आंखों में जलन महसूस होने लगी। दहशत में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए थे। हालांकि, कुछ देर बाद निगम ने सिलेंडर को पानी के टैंक में फेंककर गैस रिसाव को बाहर फैलने से रोक लिया था।

  • MG मोटर्स पर आयकर विभाग की रेड, जाने मामला

    MG मोटर्स पर आयकर विभाग की रेड, जाने मामला

    नई दिल्लीः ब्रिटेन की प्रमुख कार निर्माता कंपनी एमजी मोटर्स पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट छापा मारा है। IT डिपार्टमेंट ने चीन की कंपनियों के साथ लिंक मामले में छापेमारी की है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी की गुरुग्राम और दिल्ली ऑफिस में छापेमारी की गई है। कंपनी ज़ी बिजनेस के सवाल का जवाब नहीं दिया है। बता दें कि MG Motors ने साल 2019 में भारत में दस्तक दी थी।

    उसने भारत में अपना पहला मॉडल एमजी हेक्टर पेश किया। इसके बाद कंपनी कई मॉडल पेश किए। इनमें MG ZS EV, MG Gloster, MG Astor शामिल हैं। मोरिस गैरेज (MG) मूल रूप से ब्रिटेन की कंपनी है लेकिन अब इसका स्वामित्व चीन की एसएआईसी के पास है। गुजरात के हलोल में एमजी मोटर इंडिया की एडवांस मैनुफैक्चरिंग फैसिलिटी है जिसकी उत्पादन क्षमता सालाना 80,000 गाड़ियों की है। इसमें लगभग 2,500 कर्मचारी कार्यरत हैं।

  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घरेड में एनएसएस शिविर का आगाज

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घरेड में एनएसएस शिविर का आगाज

    विभिन्न सामाजिक कार्यों को शिविर के दौरान दिया जाएगा अंजाम

    बददी/सचिन बैंसल: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घरेड में राष्ट्रीय सेवा योजना कैंप का शुभारंभ प्रधानाचार्य ने दीप प्रज्वलित करके किया। छात्रों के द्वारा वंदे मातरम स्वागत गीत व एन.एस.एस गीत की प्रस्तुति की गई। एनएसएस के प्रभारी सीमा देवी व प्रवक्ता राजपाल ने बच्चों का मार्गदर्शन किया व एनएसएस के बारे में विस्तार से बताया।  कृष्णा देवी ने एनएसएस की पृष्ठभूमि के बारे में दिशा निर्देश दिए व एनएसएस के प्रतीक चिन्ह के बारे में भी बताया ।  मोनिका ने संगठन के बैज के बारे में जानकारी दी। भावना देवी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य के बारे में विस्तृत रूप से बताया। इसमें सभी अध्यापक व 31 बच्चों ने भाग लिया। इस कैंप में 12 लड़कियां और 19 लडक़े राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घरेड के प्रांगण में 7 दिनों तक रहेंगे और विभिन्न सेवा कार्य करेंगे।  आज पहले दिन बच्चों ने विद्यालय के मेन गेट के आगे साफ सफाई की। एनएसएस के प्रभारी सीमा देवी व प्रवक्ता राजपाल ने अपने संबोधन में बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्र की युवाशक्ति के व्यक्तित्व विकास हेतु युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित एक सक्रिय कार्यक्रम है।

    इसके गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थी, समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज के हित के कार्य करते है। साक्षरता संबंधी कार्य, पर्यावरण सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सफाई आपातकालीन या प्राकृतिक आपदा के समय पीड़ीत लोगों की सहायता आदि। विद्यार्थी जीवन से ही समाजपयोगी कार्यों में रत रहने से उनमें समाज सेवा या राष्ट्र सेवा के गुणों का विकास होता है।
    स्वैच्छिक समुदाय सेवा के माध्यम से युवा छात्रों के व्यक्तित्व और चरित्र के विकास के प्राथमिक उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) को 1969 में शुरू किया गया था। एनएसएस इकाइयां उस गतिविधि का आयोजन कर सकती है जो समुदाय के लिए प्रासंगिक है। समुदाय की जरूरतों के अनुसार गतिविधियां जारी हैं। मुख्य गतिविधियों वाले क्षेत्रों में शिक्षा और साक्षरता, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा कार्यक्रम, महिलाओं की स्थिति में सुधार, उत्पादन उन्मुख कार्यक्रम, आपदा राहत तथा पुनर्वास संबंधी कार्यक्रम, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान, डिजिटल भारत, कौशल भारत, योग इत्यादि जैसे प्रमुख कार्यक्रमों के बारे में जागरूकता पैदा करना आदि शामिल है।
  • इनोसेंट हार्ट्स स्कूल के बच्चों ने किए गुरुद्वारा साहिब के दर्शन

    इनोसेंट हार्ट्स स्कूल के बच्चों ने किए गुरुद्वारा साहिब के दर्शन

    जालंधर: इनोसेंट हार्ट्स के पाँचों स्कूलों (ग्रीन मॉडल टाऊन, लोहारां, कैंट जंडियाला रोड, रॉयल वर्ल्ड व कपूरथला रोड) के इनोकिड्स  कक्षा स्कॉलर्स के बच्चों को  गुरुद्वारा साहिब के दर्शनों के लिए ले जाया गया। जिसका उद्देश्य बच्चों में धार्मिक प्रवृत्ति को जागृत करना, उनमें आध्यात्मिक मूल्यों, नैतिक मूल्यों का विकास करना है।
    सभी बच्चों ने बड़े अनुशासित ढंग से गुरुद्वारा साहब के भीतर प्रवेश किया। रुमाल से सिर ढककर श्री गुरु ग्रंथ साहब के सामने माथा टेका। बच्चों ने अपनी मीठी आवाज़ में मूल-मंत्र तथा ‘सतिनाम, श्री वाहेगुरु’ का जाप किया और फिर कीर्तन का श्रवण किया। कुछ बच्चों ने शबद-कीर्तन में अपना सहयोग भी दिया। गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सिंह ने बच्चों को ‘नाम जपो, वंड छको, किरत करो’ का अर्थ समझाया‌। बच्चों ने दोनों हाथ जोड़कर प्रसाद लिया। अध्यापिकाओं ने बच्चों को सिक्खों गुरुओं द्वारा किए गए कार्यों, शिक्षाओं और उनके बलिदानों  संबंधी जानकारी दी।
  • बड़े स्तर पर Police में फेरबदलः 156 के हुए तबादले, देखें लिस्ट

    बड़े स्तर पर Police में फेरबदलः 156 के हुए तबादले, देखें लिस्ट

    चंडीगढ़ः यूटी में पुलिस कर्मियों का बड़े स्तर पर फेरबदल देखने को मिला है। जारी लिस्ट के मुताबिक 156 पुलिस कर्मियों के तबादले हुए है। देखें लिस्ट

  • जालंधर-लुधियाना हाईवे पर पुलिस की Raid, किया इस रैकेट का पर्दाफाश

    जालंधर-लुधियाना हाईवे पर पुलिस की Raid, किया इस रैकेट का पर्दाफाश

    लुधियानाः शहर में जालंधर-लुधियाना हाईवे पर देह व्यापार का धंधा सरेआम चल रहा है। गली मोहल्ला के साथ होटल अब नेशनल हाईवे पर भी देह व्यापार का धंधा जोरो से चलने लगा है। लुधियाना के जालंधर-बाईपास के पास जंगलों में कुछ महिलाएं देह व्यापार में लिप्त हैं। थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने उक्त जगह पर रेड मारकर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है जबकि महिलाएं मौके से फरार हो गई।

    बता दें कि इसकी एक वीडियो भी वायरल हुई है। वीडियो में एक महिला साफ तौर पर कह रही है कि ये सब पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है। वे लोग जंगलात विभाग और पीसीआर को पैसे देते है। ये वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित थाने की पुलिस में हलचल मच गई है। 

    इन महिलाओं ने दलालों को हायर किया है और खुद हाईवे पर बैठकर युवकों को अपना शिकार बनाती हैं। यह राजमार्ग पर कोई नया व्यवसाय नहीं है। यह धंधा कई सालों से चल रहा है और इस धंधे में पुलिस और वन विभाग के कई कर्मचारी शामिल हैं। यह धंधा जंगल ही नहीं ट्रकों में भी चल रहा है।

    जंगल में गंदगी के बीच बिस्तर लगा ये महिलाएं लोगों को बीमारियां परोस रही हैं। वायरल हुई वीडियो में महिलाओं ने खुद बताया कि उनकी पुलिस से मिलीभगत है। इस कारण ये जंगल बहुत सेफ है। जिस्मफरोशी का धंधा करने वाली इन महिलाओं ने बताया कि वह 200 रुपए में यह गंदा धंधा करती हैं। ये धंधा वह करीब 12 से 15 साल पहले से करती आ रही हैं। पुलिस के कर्मचारी भी उन्हें अच्छे से जानते हैं।

  • पंजाबः रिश्वत लेते Inspector Legal Metrology गिरफ्तार

    पंजाबः रिश्वत लेते Inspector Legal Metrology गिरफ्तार

    बरनालाः पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने आज खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग, बरनाला में तैनात इंस्पेक्टर लीगल मेट्रोलॉजी वरिंदर पाल शर्मा को 4,380 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ काबू किया है। मामले की जानकारी देते हुए विजिलेंस प्रवक्ता ने बताया कि लीगल मेट्रोलॉजी विभाग के लाइसेंसी रिपेयरर पंकज कुमार की शिकायत पर आरोपी वीरेंद्रपाल शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

    उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त इंस्पेक्टर लीगल मेट्रोलॉजी फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने के लिए प्रति धर्म कांडा रिश्वत की मांग कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आरोपी इंस्पेक्टर उससे 4900 रुपये रिश्वत पहले ही ले चुका है। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी की पुष्टि करने के बाद जाल बिछाया गया और दो सरकारी गवाहों की हाजिऱी में शिकायतकर्ता से 4,380 रुपये की रिश्वत लेते हुए उपरोक्त आरोपी इंस्पेक्टर को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

  • फगवाड़ाः ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, देखें वीडियो

    फगवाड़ाः ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, देखें वीडियो

    फगवाड़ाः जिले से दुखःद ख़बर सामने आई है। जहां अमृतसर से चंडीगढ़ को जा रही ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान राहुल पुत्र अरविंद निवासी हदियाबाद फगवाड़ा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी देते हुए जीआरपी चौकी प्रभारी गुरभेज सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चेहड़ू फाटक से अमृतसर से चंडीगढ़ को जा रही ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी कार में वहां पर आया था। पुलिस ने कार को बरामद कर मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। 

  • पंजाबः लाइसेंसी हथियारों को लेकर डीजीपी गौरव यादव ने जारी किए ये आदेश

    पंजाबः लाइसेंसी हथियारों को लेकर डीजीपी गौरव यादव ने जारी किए ये आदेश

    चंडीगढ़ः पंजाब के सीएम मान ने कुछ दिन पहले ही गन कल्चर को लेकर आदेश जारी किए थे। इस दौरान उन्होंने जांच के लिए सभी मौजूदा हथियार लाइसेंसों की समीक्षा करने के निर्देश जारी किए गए थे। इस को लेकर आज पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सभी दुकानों, परिसरों और स्टॉक का अनिवार्य निरीक्षण करने का आदेश दिया।

    डीजीपी ने सभी रेंज के आईजी, डीआईजी और राज्य के सभी सीपी, एसएसपी को निर्देश देते हुए कहा कि डीएसपी, एसीपी अपने सब डिवीजन में पड़ने वाले सभी गन हाउस की दुकानों, परिसर और स्टॉक की हर तिमाही में अनिवार्य रूप से जांच करें। उल्लेखनीय है कि पंजाब में लगभग 4 लाख हथियारी लाइसेंस हैं। यूपी, बिहार और एमपी जैसे राज्यों से अंतरराष्ट्रीय सीमा और अंतर-राज्यीय सीमाओं से अवैध हथियारों का भारी तांता लगा हुआ है। यद्यपि हथियार अवैध रूप से असामाजिक तत्वों द्वारा खरीदे जाते हैं, गोला बारूद ज्यादातर पंजाब के स्थानीय गन हाउसों से चुराया जाता है। इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश में चल रहे सभी हथियारी लाइसेंसों की समीक्षा के निर्देश देने के अलावा यह भी आदेश दिया था कि यदि पूर्व में किसी असामाजिक तत्व को कोई लाइसेंस जारी किया गया है तो उसे तत्काल रद्द किया जाए।

    इसी तरह, यह भी आदेश दिया गया था कि आने वाले तीन महीनों में आम तौर पर कोई नया लाइसेंस जारी नहीं किया जाना चाहिए, यह कहते हुए कि लाइसेंस केवल वहीं जारी किया जाना चाहिए जहां यह अत्यंत और वास्तविक रूप से आवश्यक हो। पंजाब सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित हथियारों और गोला-बारूद के सार्वजनिक प्रदर्शन पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। इस बीच सीपी, एसएसपी को प्रोविजनिंग विंग की आयुध शाखा को जिलेवार त्रैमासिक रिपोर्ट भेजने के लिए भी कहा गया है, जबकि सभी रेंज के आईजीपीएस, डीआईजी को अनुपालन की निगरानी करने के लिए कहा गया है।

  • गबन- विजिलेंस ने नंगल सलांगड़ी सहकारी सभा के 5 सदस्यों पर दर्ज किया मामला

    गबन- विजिलेंस ने नंगल सलांगड़ी सहकारी सभा के 5 सदस्यों पर दर्ज किया मामला

    ऊना/सुशील पंडित: देर से ही सही लेकिन अब नंगल सलांगड़ी और धमांदरी इलाके के लोगों को उनका लूटा गया पैसा मिलने की आस बंधी है।  हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में बहुचर्चित नंगलसलांगडी कृषि सेवा सहकारी सभा समिति में हुए करोड़ों रुपए के गबन की जांच विजिलेंस विभाग ने शुरू कर दी है। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक सभा से जुड़़े पांच लोगों को मामले में आरोपी बनाया गया है ।
    इन आरोपियों में सभा के सचिव धीरज कुमार, प्रबंधक कमेटी के प्रधान रघुवीर सिंह, उपप्रधान इकबाल सिंह, कोषाध्यक्ष योगराज व शशिपाल शामिल हैं। आरोपियों को किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है। इस मामले में सहकारी सभाओं पर निगरानी रखने वाली संस्था सहायक पंजीयक के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज करवाई लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते आरोपियों पर कभी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। 
    खाताधारकों को एक संघर्ष कमेटी बनानी पड़ी और संघर्ष कमेटी ने मिलकर ग्रामीणों को न्याय दिलाने का काम अपने हाथ में लिया। संघर्ष कमेटी ने सहायक पंजीयक विभाग के पास शिकायत दर्ज करवाई तब जाकर धीरज कुमार और सभा के पदाधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो पाई। । जांच के परिणामस्वरूप सभा के सचिव धीरज कुमार को बर्खास्त किया जा सका। हालांकि यह गबन बहुत बड़ा है लेकिन फिलहाल 74 लाख रुपए के गबन के दस्तावेजों के आधार पर जांच चल रही है। 
    ज्ञात रहे कि सहकारी सभाओं में ग्रामीणों की छोटी छोटी जमापूंजी से लेकर एनआरआई, कारोबारियों और सेवानिवृत हुए सरकारी कर्मचारियों की भारी रकम जमा होती है। सहकारी सभाओं में आमतौर पर आस पास के गांवों का पैसा ही जमा होता है। यह सभाएं बैंक की भांति ही लोगों को ऋण और अन्य वित्तिय सेवाएं उपलब्ध करवातीं हैं। भोले भाले लोग सभा के पदाधिकारियों पर विश्वास करके अपनी जमापूंजी उनके हवाले कर देते हैं। 
    सभाओं में लोग एक दूसरे पर विश्वास करके अपना पैसा जमा करवाते हैं लेकिन नंगल सलांगड़ी के केस में उस विश्वास को तोड़ा गया और लोगों का पैसा चंद लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर इस्तेमाल कर लिया। जब लोग अपना पैसा निकलवाने के लिेए सचिव के पास जाने लगे तो सचिव ने आनाकानी करनी शुरू कर दी। जब एक से अधिक लोग अपना पैसा नहीं निकलवा पाए तब सभा के बाहर भीड़ जुटने लगी। तब जाकर पता चला कि उनका पैसा तो सभा के सदस्य निकलवा चुके हैं। 
    आरोपों की शुरूआती जांच में पता चला कि सभा के सचिव धीरज कुमार ने सभा की प्रबंधक कमेटी के प्रधान रघुवीर सिंह, उप प्रधान इकबाल सिंह, कोषाध्यक्ष योगराज और शशि पाल की मिलीभगत से जाली दस्तावेज तैयार किए और सदस्यों के नाम पर फर्जी ऋण दिखा कर जमा पूंजी का गबन कर दिया। ऑडिट में इस बात का खुलासा हुआ था कि मामले में कई व्यक्तियों के ऋणों को नियमानुसार नहीं दिया गया है। कई खाताधारकों ने तो अपना ऋण भी जमा करवा दिया था लेकिन खातों में कर्ज जस का तस पाया गया। कुछ के फिक्सड डिपोजिट (एफडी) भी सभा के सदस्यों ने निकलवा लिए जबकि एफडी के असली कागजात अभी भी खाताधारकों के पास हैं। 
    यह सारा गबन सहायक पंजीयक दफ्तर के अधिकारियों की नाक तले होता गया। जब दबाव बढ़ा तब जाकर अधिकारियों ने ऑडिट में माना कि घपला हुआ है। 
    इस मामले में यह भी सामने आया है कि आंकड़ों में छेड़छाड़ करके 5 आरोपियों ने मिलकर सीधे सीधे लगभग 74 लाख रुपए से अधिक के गबन को अंजाम दिया है। सभा का कुल गबन करोड़ों रुपए में है जिसकी पर्तें आने वाले दिनों में खुल सकती हैं। मगर बड़ा सवाल यह है कि सहायीक पंजीयक के होते हुए ऊना की अलग अलग सभाओं में करोड़ों रुपए के गबन कैसे हो गए। मामले की जानकारी देते हुए एएसपी विजिलेंस धर्मचंद वर्मा ने बताया कि नंगल सलांगड़ी कृषि सहकारी सभा के पांचों सदस्यों के खिलाफ विजिलेंस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड ,संहिता की धारा 406, 409, 467, 468, 471, 120बी और एचपीपीएससीपी एक्ट 1983 की धारा 28 के अधीन केस दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।