Blog

  • Jalandhar News: कार सवार फर्जी 3 बाबा ने की स्नेचिंग, पीछे भागी महिला को सड़क पर घसीटा, घायल , देखें CCTV

    Jalandhar News: कार सवार फर्जी 3 बाबा ने की स्नेचिंग, पीछे भागी महिला को सड़क पर घसीटा, घायल , देखें CCTV

    जालंधर, ENS: गुलाब देवी अस्पताल रोड स्थित रोज पार्क गुरुद्वारा साहिब के निकट बाबा का भेष धारण कर कार में आए कुछ लोगों द्वारा महिलाओं से स्नेचिंग की गई। घटना उस समय हुई जब 2 महिलाएं सड़क किनारे सब्जी खरीद रही थीं। आरोपियों की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर उनकी पहचान की जा रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं सब्जी खरीद रही थीं।

    इसी दौरान लाल रंग की ऑल्टो कार (नंबर PB10CT8816) वहां आकर रुकी। कार में सवार लंबी दाढ़ी वाले तीन व्यक्ति, जिन्होंने खुद को बाबा के रूप में पेश किया, महिलाओं से पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिलाओं के सोने के गहनों की तारीफ की और झांसे में लेकर उनके गहने अपने हाथ में ले लिए।

    महिला को शक हुआ और उसने अपने गहने वापस लेने की कोशिश की तो स्नेचरों ने कार को भगा ली और महिला कार से साथ भागती हुई नीचे गिर गई, जिससे उसे चोटें आईं। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी हुई है।

  • कोर्ट रूम में वकील ने जजों को दिए आदेश, फेंक दी केस फाइल, बोले अपशब्द, देखें वीडियो

    कोर्ट रूम में वकील ने जजों को दिए आदेश, फेंक दी केस फाइल, बोले अपशब्द, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को एक हैरतगंज मामला सामने आया है। जिसमें एक वकील ने जजों को पहले आदेश दिए, जिसके बाद हवा में फाइल उड़ाई और गालियां निकाली। जिससे कोर्ट रूम में अभूतपूर्व स्थिति पैदा हो गई। ये मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट का बताया जा रहा है, जिसकी तेजी से सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रही है। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया।
    जस्टिस केवी विश्वनाथन और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच के समक्ष कोर्ट नंबर-13 में सुनवाई के लिए आया था। याचिकाकर्ता प्रबल प्रताप, जो स्वयं अपना पक्ष रख रहे थे, शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में पेश हुए। सुनवाई के दौरान उन्होंने कथित तौर पर कहा कि न्यायपाल महोदय, मैं आपको लखनऊ के एसीपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश देता हूं। इस पर हैरानी जताते जस्टिस विश्वनाथन ने कहा कि आप मुझे आदेश दे रहे हैं? आप हमें आदेश दे रहे हैं। इसके बाद प्रबल प्रताप ने कहा कि उनकी ओर से कहने के लिए अब कुछ नहीं है और कथित रूप से अपशब्द कहने के बाद अपनी केस फाइल हवा में उछाल दी। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें काबू में लेकर कोर्ट रूम से बाहर कर दिया। इसके बाद अदालत की कार्यवाही सामान्य रूप से जारी रही। बेंच ने अपने आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता ने मामले पर दलील रखने के बजाय बेतुकी और असंसदीय बातें कहीं। हालांकि अदालत ने उनकी स्थिति को देखते उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न करने का फैसला किया। सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के अप्रैल 2026 के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज करते कहा कि विवादित आदेश में हस्तक्षेप का कोई ठोस आधार नहीं है। गौरतलब है कि इससे पहले 6 अक्टूबर, 2025 को भी सुप्रीम कोर्ट में एक अप्रिय घटना हुई थी। वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश किशोर ने तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश बीआर गवई पर कथित तौर पर जूता फेंकने का प्रयास किया था। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें तत्काल कोर्ट से बाहर कर दिया था।      
  • Punjab News: सरपंची विवाद में चली ताबड़तोड़ गोलियां, एक की मौत, 9 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: सरपंची विवाद में चली ताबड़तोड़ गोलियां, एक की मौत, 9 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसरः थाना घरिंडा के अंतर्गत आते गांव भकना कलां की अनाज मंडी में सरपंची को लेकर चल रहे पुराने झगड़े से खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों द्वारा हुई अंधाधुंध फायरिंग के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अटारी यदविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 जुलाई की शाम लगभग साढ़े 7 बजे थाना घरिंडा के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह को सूचना मिली थी कि गांव भकना कलां में सरपंच गुरदीप सिंह और पंचायती सदस्य परगत सिंह उर्फ़ बल्लू के समूह आमने-सामने हैं।

    पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच काफी समय से सरपंची को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों ने अनाज मंडी में मिलने का समय तय किया था। दोनों तरफ से 10 से 15 गाड़ियों में युवक मौके पर पहुंचे और बातचीत के दौरान झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियाँ चल गईं।

    इस गोलीबारी में परगत सिंह पक्ष के गुरशरण सिंह उर्फ़ चीनी, वासी कोटली सक्का, थाना राजासांसी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि सुखमन नामक व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्क्षण कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल सुखमन अस्पताल में उपचाराधीन है, जहां पुलिस ने सुरक्षा तैनात कर उसे भी इस मामले में गिरफ्तार दिखाया है। इस तरह अब तक कुल 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़कर अदालत में पेश किया जाएगा।

     

  • अमेरिका-ईरान में बढ़ा तनाव: ट्रंप ने दी मिट्टी में मिलाने की धमकी, कहा- 1000 मिसाइलें “लॉक्ड एंड लोडेड”

    अमेरिका-ईरान में बढ़ा तनाव: ट्रंप ने दी मिट्टी में मिलाने की धमकी, कहा- 1000 मिसाइलें “लॉक्ड एंड लोडेड”

    नई दिल्लीः अमेरिका और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बेहद सख्त और आक्रामक बयान दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया कि अमेरिका की 1000 मिसाइलें “लॉक्ड एंड लोडेड” हैं और सीधे ईरान की ओर निशाना साधे हुए हैं। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब इजरायल की तरफ से भी अमेरिका को ईरान की कथित साजिशों से जुड़ी खुफिया जानकारी साझा किए जाने की खबरें सामने आई हैं।

    हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वॉशिंगटन और तेहरान के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने उनकी हत्या की साजिश रची या ऐसी कोई कोशिश की, तो अमेरिकी सेना पूरे एक साल तक ईरान के हर हिस्से पर लगातार हमले करने के लिए तैयार है। ट्रंप ने अपने संदेश में लिखा, “अगर ईरानी सरकार दुनिया के किसी भी हिस्से में मेरे खिलाफ हत्या की धमकी को अमल में लाने की कोशिश करती है, तो अमेरिका ईरान के सभी इलाकों को पूरी तरह तबाह कर देगा।

    आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार, इच्छुक और सक्षम है।” ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल के हफ्तों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर चरम पर पहुंच गया है। जून में दोनों देशों के बीच संघर्ष के बाद एक अस्थायी युद्धविराम लागू हुआ था, लेकिन हालिया सैन्य गतिविधियों और तीखे बयानों के बाद हालात फिर बिगड़ते नजर आ रहे हैं। हाल ही में ट्रंप ने नाटो सम्मेलन के दौरान भी कहा था कि वह ईरान की “हिट लिस्ट” में सबसे ऊपर हैं। उनका दावा था कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ऐसी सूचनाएं मिली हैं कि ईरान उनके खिलाफ साजिश रच सकता है। इसी पृष्ठभूमि में उन्होंने अमेरिकी सेना को पहले से ही कड़े जवाबी सैन्य विकल्प तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

  • Jalandhar News: भीषण सड़क हादसे में 2 कबड्डी खिलाड़ियों की मौत, तीसरा घायल, देखें वीडियो

    Jalandhar News: भीषण सड़क हादसे में 2 कबड्डी खिलाड़ियों की मौत, तीसरा घायल, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: जालंधर-मोगा नेशनल हाईवे पर गांव लदड़ा अड्डे के पास शुक्रवार शाम बाइक पर मलसियां से नकोदर आ रहे तीन दोस्तों की खड़ी पराली से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। चालक ने बिना देखे हाईवे पर ट्रॉली हाईवे पर चढ़ा दी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पीछे से टकरा गई। टक्कर से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

    मृतकों की पहचान 16 वर्षीय हरजोत सिंह पुत्र तीरथ सिंह निवासी गांव पंधेरा और 23 वर्षीय गुरदीप सिंह उर्फ दीपा पुत्र अंग्रेज सिंह निवासी गांव खानपुर ढड्डा के रूप में हुई है। हरजोत 12वीं का छात्र था और गुरदीप को 10 दिन बाद यूके जाना था, उसका वीजा क्लियर हो गया था। घायल 17 वर्षीय हरदीप सिंह पुत्र सरबजीत सिंह निवासी गांव बिल्ला चाऊ को पहले नकोदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जालंधर रेफर कर दिया गया। उसका इलाज चल रहा है। तीनों युवक अच्छे दोस्त, सहपाठी और कबड्डी खिलाड़ी थे।

    वहीं, हादसे के बाद भागते ट्रैक्टर चालक को राहगीरों ने पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। थाना सदर नकोदर के प्रभारी परलविंदर सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नकोदर की मोर्चरी में रखवाया गया है। गुरदीप के मामा गुरपाल सिंह निवासी साधकपुर (शाहकोट) ने बताया कि तीनों का आपस में भाइयों जैसा रिश्ता था। वे पढ़ाई, खेल और अन्य गतिविधियों में हमेशा साथ रहते थे। शुक्रवार को भी तीनों साथ ही घर लौट रहे थे, लेकिन एक पल में दो दोस्तों की जान चली गई और तीसरा जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।

  • चलती बस के निकले टायर, बाल-बाल बचे यात्री

    चलती बस के निकले टायर, बाल-बाल बचे यात्री

    चंडीगढ़ः सेक्टर-46 / 47 के बीच शनिवार सुबह बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल, चलती इलेक्ट्रिक बस के दोनों टायर एक साथ निकल गए। इस घटना के दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल घटना के दौरान बस में करीब 15 यात्री सवार थे जो कि रामदरबार से मलोया की तरफ जा रहे थे। दरअसल, बस के टायर निकलने पर चालक बस को तुरंत नियंत्रित कर रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सामान्य गति से चल रही थी कि अचानक तेज आवाज के साथ उसका एक टायर निकल गया। चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर बस को सड़क किनारे रोक दिया। यदि बस तेज रफ्तार में होती या चालक समय पर नियंत्रण नहीं कर पाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। हालांकि शनिवार की घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नई बसों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ उनकी तकनीकी गुणवत्ता, नियमित फिटनेस जांच और रखरखाव पर कितना ध्यान दिया जा रहा है।

    यात्रियों का कहना है कि पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन तभी सफल होगा, जब उसमें सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा भी पूरी तरह सुनिश्चित हो। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर हैं कि इस घटना की तकनीकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जाती है या नहीं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

     

     

  • आज का राशिफल, 11 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 11 जुलाई 2026

    आज चंद्र उच्च के हैं और गुरू पुष्यामृत योग एक साथ हैं, जो इस महीने का सबसे शुभ संयोग है। कृत्तिका नक्षत्र की तेज और शुद्ध करने वाली ऊर्जा हर राशि में एक तेज स्पष्टता लेकर आई है। आज आपका मन शांत और स्थिर है। इस स्थिरता में लिए गए फैसले लंबे समय तक काम आएंगे। वृष, कुंभ और मीन राशि वालों के लिए आज का दिन बहुत शुभ साबित होने वाला है। ग्रहों की बदलती स्थितियों के आधार पर आइए विस्तार से जानते हैं आपका आज का भविष्यफल।

    मेष राशि: किसी पुरानी और अटकी समस्याओं में उलझेंगे। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन एकांत और आत्मचिंतन का है। अकेले में बैठकर किसी पुरानी और अटकी समस्या पर सोचेंगे, तो आज रास्ता जरूर निकलेगा। नींद आज बेहद अच्छी आएगी, रात को जल्दी सोने की कोशिश करें। खर्चों पर आज नजर रखें, फिजूलखर्ची भारी पड़ सकती है। विदेश से या किसी दूर के संपर्क से कोई काम की बात आ सकती है। पैरों के तलवों में दर्द हो सकता है, आरामदायक जूते पहनें। करियर में पुराने काम पर ध्यान दें। मन में यदि आज किसी बात को लेकर उलझन है, तो उसे किसी करीबी से साझा करें। इससे या तो रास्ता मिल जाएगा या मन तो हल्का हो ही जाएगा। आज किसी भी काम में जल्दबाजी करने से बचें।

    वृष राशि: कोई पुरानी इच्छा पूरी हो सकती है। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन इस पूरे महीने का सबसे शुभ और यादगार दिन है। व्यक्तित्व में ऐसी स्थिर और आकर्षक ऊर्जा है, जो हर तरफ असर करेगी। आत्मविश्वास आज चरम पर है, जो काम हाथ में लेंगे उसमें सफलता मिलेगी। सिर में भारीपन हो सकता है, थोड़ा आराम करें। आज आपकी बातचीत में गहराई रहेगी। करियर में आज एक मजबूत कदम आगे बढ़ाने का सही मौका है। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में एक गहरी और खास स्पष्टता आएगी। लाभ में एक अच्छी और मजबूत ऊर्जा है, कोई पुरानी इच्छा पूरी हो सकती है। हालांकि, बातचीत में कड़वे शब्दों का इस्तेमाल करने से बचें।

    मिथुन राशि: परिवार के साथ आज का दिन खास रहेगा। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन धन और परिवार के मामले में बेहद शुभ है। खान-पान का आज खास ध्यान रखें, परिवार के साथ बैठकर भोजन करने का प्रयास करें। आंखों की देखभाल आज जरूरी है, ज्यादा देर स्क्रीन पर न देखें। पैसों के मामले में मजबूत और स्थिर ऊर्जा है, कोई पुराना अटका लेन-देन पूरा हो सकता है। परिवार का माहौल आज सुकूनदेह है। अपनी वाणी और आवाज का ध्यान रखें, ज्यादा बोलने से बचें। कृत्तिका नक्षत्र की तेज ऊर्जा की वजह से बातचीत में तीखे शब्दों से बचें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। करियर में आज पुराने काम को करने पर प्राथमिकता दें।

    कर्क राशि: छोटी यात्रा का प्लान आज अचानक बन सकता है। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन बातचीत और छोटी यात्रा के मामले में असरदार है। भाई या बहन से आज कोई जरूरी और काम की बात हो सकती है, उसे ध्यान से सुनें। आज भाई-बहनों भरपूर मदद मिल सकती है। छोटी यात्रा का प्लान आज अचानक बन सकता है, माहौल अनुकूल है। कोई लेखन या संवाद का काम आज नए सिरे से शुरू करें तो नतीजा अच्छा निकलेगा। कंधों में दर्द हो सकता है, सावधान रहें। सांस से जुड़ी कोई तकलीफ हो तो नजरअंदाज न करें। व्यक्तित्व में आज एक गहरी ऊर्जा है। लोग आपकी बातों को हल्के में नहीं लेंगे। करियर में पुराने काम पर फोकस करें। बातचीत में तीखे शब्दों से बचें।

    सिंह राशि: जमीन या संपत्ति से जुड़ा कोई पुराना काम आज आगे बढ़ सकता है। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन घर और परिवार के मामले में बेहद अनुकूल है। घर का माहौल आज बदलाव से भरा रहेगा। मां के साथ आज कुछ खास वक्त बिताएं, उनकी बात ध्यान से सुनें। वाद-विवाद करने से बचें। जमीन या संपत्ति से जुड़ा कोई पुराना काम आज आगे बढ़ सकता है। वाहन में कोई गड़बड़ी आ सकती है। घर को कुछ नया देने या सजाने का मन बन सकता है। छाती या हृदय से जुड़ी कोई तकलीफ हो तो डॉक्टर से मिलें। करियर में पुराने काम पर ध्यान दें। लाभ में एक अच्छी ऊर्जा है।

    कन्या राशि: आत्मविश्वास भरा कदम आगे बढ़ाने का सही मौका है। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और धर्म के मामले में शुभ है। किस्मत में आज एक तेज और स्थिर ऊर्जा है जो सही दिशा में काम करती है। किसी गुरू, मेंटर या बड़े का आशीर्वाद और मार्गदर्शन आज जरूर लें, यह लंबे समय तक काम आएगा। किसी तीर्थ स्थान की यात्रा का प्लान आज बन सकता है। उच्च शिक्षा से जुड़ा कोई काम आज आगे बढ़ सकता है। घुटनों और हड्डियों का आज ध्यान रखें। करियर में एक मजबूत और आत्मविश्वास भरा कदम आगे बढ़ाने का सही मौका है। जीवन के प्रति नजरिया आज सकारात्मक रखें। कोई नया बड़ा फैसला जल्दी में न करें।

    तुला राशि: पुराने कर्ज को चुकाने का अवसर आज मिल सकता है। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन छुपे मामलों और गुप्त विषयों के लिहाज से असरदार है। बीमा, आयकर या पुराने दस्तावेज से जुड़ा काम आज निपटाएं, नतीजा अच्छा रहेगा। कोई छुपी या अचानक की बात आज सामने आ सकती है, घबराएं नहीं बल्कि शांति से सोचें। किसी पुराने कर्ज को चुकाने का अवसर आज मिल सकता है। शोध या विश्लेषण वाले काम में खास सफलता मिल सकती है। जांघों या कूल्हों में दर्द की परेशानी हो सकती है। लिहाजा, आज आराम को भी बराबर प्राथमिकता दें। करियर में पुराने काम को आगे बढ़ाएं। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा।

    वृश्चिक राशि: दिन साझेदारी के मामले में बेहद शुभ है। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन जीवनसाथी और साझेदारी के मामले में बेहद शुभ है। जीवनसाथी के साथ आज कहीं बाहर जाने का प्लान बनाएं, माहौल बेहद अनुकूल है। रिश्ते में आज एक गहरी और तेज स्पष्टता आएगी जो आगे बहुत काम आएगी। व्यापारिक साझेदार के साथ कोई पुरानी और अटकी बात आज सुलझ सकती है। पीठ के निचले हिस्से की तकलीफ हो तो नजरअंदाज न करें और पानी खूब पिएं। करियर में पुराने काम पर फोकस रखें। परिवार के लोगों का सहयोग मिलेगा। हालांकि, बातचीत में कड़वे शब्दों से बचें।

    धनु राशि: नौकरी में पुराने काम पर फोकस रखें। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत और रोजमर्रा के कामों के मामले में असरदार है। सेहत का आज खास ध्यान रखें, पेट और पाचन से जुड़ी कोई तकलीफ हो तो नजरअंदाज न करें। दिनचर्या को आज नियमित रखें, इसका लंबे समय तक फायदा होगा। आज मन में गहरी संवेदनशीलता है। कोई छोटी सी बात भी आपको चुभ सकती है। लिहाजा, आज चीजों और बातों को थोड़ा नजरअंदाज करने में ही भलाई है। नौकरी में पुराने काम पर फोकस रखें। कुछ समय अपने लिए निकालें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। घर का माहौल अनुकूल रहेगा। मामा पक्ष से लाभ मिल सकता है या कोई अच्छी खबर मिल सकती है।

    मकर राशि: प्रेम संबंधों में गहरी भावना महसूस होगी। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन रचनात्मकता, प्रेम और संतान के मामले में बेहद खास है। शाम को बच्चों के साथ मनोरंजन का वक्त जरूर निकालें, उनके साथ खेलें या बाहर ले जाएं। प्रेम संबंध में आज एक गहरी और स्थिर भावना महसूस होगी, उसे सही तरीके से व्यक्त करें। कोई रचनात्मक काम जो लंबे समय से अधूरा हो उसे आज उठाएं, नतीजा अच्छा निकलेगा। रीढ़ की हड्डी का ध्यान रखें, ज्यादा देर एक ही स्थिति में न बैठें। निवेश से जुड़ा कोई पुराना मामला हल होने की दिशा में बढ़ सकता है। करियर में एक मजबूत कदम आगे बढ़ाने का अच्छा मौका है। दोस्तों के साथ घूमने जा सकते हैं। कुल मिलाकर आज का दिन यादगार बन सकता है।

    कुंभ राशि: करियर में नई ऊंचाई छुएंगे, बॉस से बात आज फायदेमंद रहेगा। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन करियर और समाज में सम्मान के लिहाज से बेहद शुभ है। काम में आज एक तेज और स्पष्ट ऊर्जा है, जिससे सही फैसला लेना आसान होगा। बॉस या किसी वरिष्ठ से आज सीधी बात करने का मौका मिल सकता है, उसे जाने न दें। सरकारी काम आज आगे बढ़ सकता है। पिता या किसी बड़े का सहयोग मिलेगा। समाज में आज आपकी बात सुनी जाएगी और सम्मान बढ़ेगा। पिंडलियों और टखनों का आज ध्यान रखें, ज्यादा देर खड़े रहने से बचें। जीवनसाथी के साथ शाम को कुछ खास वक्त बिताएं।

    मीन राशि: पुरानी इच्छा पूरी हो सकती है। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और मित्रों के मामले में बेहद शुभ है। कोई पुरानी इच्छा या लंबे समय से अटका काम आज पूरा होने की दिशा में बढ़ सकता है। मां का व्यवहार आज थोड़ा सख्त हो सकता है। किसी पुराने मित्र से अचानक मुलाकात या संदेश आ सकता है जो बहुत काम आए। भाई या बहन से आज हर तरह का सपोर्ट मिल सकता है। कोई जरूरी बात हो सकती है, उसे ध्यान से सुनें। नेटवर्किंग के लिए आज का दिन अनुकूल है। रचनात्मकता और प्रेम में आज एक गहरी और स्थिर ऊर्जा है। करियर में पुराने काम पर फोकस रखें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। यदि कहीं घूमने जाने का प्लान बनाना है, तो उसके लिए आज का दिन बेस्ट रहेगा।

  • उपमुख्यमंत्री 11 जुलाई को करेंगे प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज के नए शैक्षणिक भवन का लोकार्पण

    उपमुख्यमंत्री 11 जुलाई को करेंगे प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज के नए शैक्षणिक भवन का लोकार्पण

    ऊना, सुशील पंडित: हरोली विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने जा रही है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 11 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज, हरोली के नवनिर्मित शैक्षणिक भवन का लोकार्पण करेंगे।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर आधारभूत ढांचे का विस्तार कर रही है। इसी क्रम में महाविद्यालय का नया शैक्षणिक भवन तैयार किया गया है। परिसर में आधुनिक मंच, ओपन जिम, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट तथा कैंपस कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय वातावरण उपलब्ध होगा।

    उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में वर्तमान में बीए, बी.कॉम, बीसीए, बीबीए, बी.एससी. (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल), एम.कॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेज़ी, इतिहास और हिंदी विषयों में एम.ए. की पढ़ाई संचालित है। नए शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए और बी.एससी. कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं भी आरंभ की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर साइंस लैब्स स्थापित करने की स्वीकृति भी मिल चुकी है।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शैक्षणिक ढांचे, नई प्रयोगशालाओं और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के विस्तार से हरोली क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए नए शैक्षणिक एवं करियर अवसर भी उपलब्ध होंगे।

     

  • स्वास्थ्य विभाग में भरे जाएंगे स्टाफ नर्स के 71 पद

    स्वास्थ्य विभाग में भरे जाएंगे स्टाफ नर्स के 71 पद

    ऊना, सुशील पंडितः निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हिमाचल प्रदेश द्वारा स्टाफ नर्स के 71 पद बैच आधार पर भरें जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि स्टाफ नर्स के पदों के लिए अनारक्षित वर्ग में 28 पद दिसम्बर 2010 बैच तक, अनारक्षित वर्ग की ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 7 पद जून 2011 बैच तक, अनारक्षित वर्ग की स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों की श्रेणी से 1 पद दिसंबर 2012 तक, एससी श्रेणी में 13 पद दिसम्बर 2013 बैच तक, एससी की बीपीएल श्रेणी में 3 पद दिसम्बर 2014 बैच तक, एससी की डब्ल्यूएफएफ श्रेणी में 1 पद दिसम्बर 2017 बैच, ओबीसी श्रेणी में 13 पद दिसम्बर 2012 बैच और ओबीसी की बीपीएल श्रेणी में 3 पद दिसम्बर 2013 बैच तक भरे जाएंगे।

    उन्होंने बताया कि उपरोक्त बैच व श्रेणी से पात्र अभ्यर्थी जिन्होंने अपना नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत नहीं करवाया है वे 20 जुलाई से पहले अपना नाम संबंधित रोजगार कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://eemis.hp.nic.in पर दर्ज करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01975-226063 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

  • मुख्यमंत्री ने बैंटनी, शिमला में अत्याधुनिक डिजिटल संग्रहालय का शुभारंभ किया

    मुख्यमंत्री ने बैंटनी, शिमला में अत्याधुनिक डिजिटल संग्रहालय का शुभारंभ किया

    शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के बैंटनी में अत्याधुनिक डिजिटल संग्रहालय का शुभारंभ किया। यह संग्रहालय आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और विरासत को संरक्षित करने और दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंटनी का शिमला के इतिहास में विशेष महत्व रहा है। यहां डिजिटल संग्रहालय की शुरूआत राज्य की विरासत के संरक्षण, सम्मान और वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार की दिशा में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नए संस्थान का उद्घाटन नहीं है, बल्कि विरासत संरक्षण के एक नए युग की शुरूआत है। यह डिजिटल संग्रहालय अतीत और भविष्य के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगा। यहां आने वाले लोग हिमाचल प्रदेश के समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नए और रोचक तरीके से अनुभव कर सकेंगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि संग्रहालय को इस तरह तैयार किया गया है कि हर आयु वर्ग के लोग इतिहास को आसानी से समझ सकें और उससे जुड़ सकें। इसके लिए हाई-रेजोल्यूशन 3डी स्कैनिंग, वर्चुअल रियलिटी, ऑगमेंटेड रियलिटी, इंटरैक्टिव टाइमलाइन और इमर्सिव स्टोरी टेलिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। इन सुविधाओं के माध्यम से आगंतुक हिमाचल की लोक परंपराओं, हस्तशिल्प, आध्यात्मिक विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रेरणादायक गाथाओं को जीवंत और आकर्षक रूप में देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में शिमला के विकास की पूरी कहानी को दर्शाया गया है। इसमें एक छोटे से पहाड़ी नगर से ऐतिहासिक महत्व वाले शहर बनने तक की यात्रा को प्रस्तुत किया गया है। साथ ही, हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों, महान विभूतियों के जीवन और योगदान, कालका-शिमला रेलवे, राज्य गठन के बाद की विकास यात्रा, समृद्ध कला एवं संस्कृति तथा पारंपरिक खान-पान को भी आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है।

    मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह डिजिटल संग्रहालय भविष्य में हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केन्द्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों के लिए राज्य की अमूल्य विरासत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक के माध्यम से उसे वैश्विक स्तर पर भी नई पहचान दिलाएगा। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दीपक राठौर, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग की निदेशक रीमा कश्यप और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।