Blog

  • स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए विभिन्न स्कूल किए सम्मानित

    स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए विभिन्न स्कूल किए सम्मानित

    ऊना/सुशील पंडित: स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के तहत जिला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को उपायुक्त ऊना राघव शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। योजना के तहत राप्रपा नारी, नंगनोली, धमांदरी, रावमापा अंब, बडैहर व मुबारिकपुर तथा राउमापा बसाल लोअर का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। इसके अलावा उप श्रेणियों में राप्रपा नारी, धमांदरी व बडोह-बरोडा, रामापा जलग्रां व सपौरी, राउमापा कोट, रावमापा बसाल, बदोली, चलेट, सूरी, टक्का व ऊना स्कूलों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है। 

    राघव शर्मा ने बताया कि स्वच्छ विद्यालय पुरुस्कार योजना के लिए एसवीपी पोर्टल तैयार किया गया है जिस पर स्कूलों को अपना पंजीकरण करके अपने स्कूल की आवश्यक जानकारी अपलोड करनी थी। उन्होंने कहा कि विभिन्न खंडों के बीआरसीएस ने एसवीपी पोर्टल के माध्यम से आईटी सक्षम मूल्यांकन किया। तत्पश्चात एसवीपी पोर्टल पर स्कूलों को उनकी रेटिंग के आधार पर जिला एवं राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए चयनित किया गया।

  • जालंधरः कोरोना का कहर जारी, एक की मौत, जानें कितने नए मामले आए सामने

    जालंधरः कोरोना का कहर जारी, एक की मौत, जानें कितने नए मामले आए सामने

    जालंधर/वरुणः महानगर में एक बार फिर से कोरोना वायरस का कहर देखने को मिल रहा है। जिलें में दिन-प्रतिदिन 50 से अधिक कोरोना वायरस के मामले सामने आ रहे है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जिलें में कोरोना वायरस के 60 नए मामले सामने आए है।

    हालांकि इनमें से कुछ केस दूसरे राज्यों से संबंधित है। वहीं जिलें में एक मरीज की मौत की सूचना भी मिली है। बता दें कि कोरोनावायरस को लेकर केंद्र गृह मंत्रालय की ओर से 15 अगस्त को लेकर राज्यों में सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए है।  

  • पंजाबः Golden Temple में बच्ची के शव के मामले में महिला गिरफ्तार

    पंजाबः Golden Temple में बच्ची के शव के मामले में महिला गिरफ्तार

    अमृतसर : पंजाब के अमृतसर में गोल्डन टेंपल परिसर में एक बच्ची का शव रखकर फरार हुई महिला को राजपुरा पुलिस ने पकड़ लिया है। महिला चालाकी से राजपुरा में बच्ची के गुम होने की शिकायत दर्ज करवा रही थी। लेकिन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से तस्वीरें व वीडियो वायरल किए जाने के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार महिला यमुनानगर की रहने वाली बताई जा रही है।

    एसजीपीसी से मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची का शव घंटाघर दरवाजे की तरफ प्लाजा में पड़ा हुआ था। शव की सूचना एसजीपीसी कार्यालय में पहुंची तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके साथ ही एसजीपीसी ने बच्ची को छोड़ने वाले की तलाश सीसीटीवी कैमरों में करनी शुरू कर दी। जिसमें उन्हें एक संदिग्ध महिला दिखी। एसजीपीसी ने समय ना गवांते हुए तुरंत तस्वीरों व वीडियो का वायरल कर दिया।

    राजपुरा थाने में शिकायत दर्ज करवाने पहुंची महिला 

    दोपहर अमृतसर थाना ई-डिवीजन की पुलिस को राजपुरा पुलिस ने फोन कर जानकारी दी। दरअसल, महिला राजपुरा पहुंची थी। जहां उसने राजपुरा पुलिस में शिकायत दर्ज करवानी चाही कि वह गोल्डन टेंपल गई थी, लेकिन उसकी बच्ची वहां गुम हो गई। लेकिन राजपुरा पुलिस के पास महिला की तस्वीरें पहले ही पहुंच चुकी थी। राजपुरा पुलिस ने महिला को पहचान लिया और हिरासत में ले लिया।

    बच्ची को क्यों मारा, पूछताछ में होगा स्पष्ट

    शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला यमुना नगर की रहने वाली है। वहीं दूसरी तरफ अमृतसर पुलिस महिला को गिरफ्तार करने के लिए निकल चुकी है। अमृतसर पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही महिला के बारे में पूरी जानकारी दे पाएंगे। इतना ही नहीं, उसने बच्ची को क्यों मारा और वहां क्यों छोड़ा, इसके बारे में भी पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

  • पंजाबः 31 किसान जत्थेबंदियों का आया फैसला, सरकार को दिया इस दिन तक का अल्टीमेटम

    पंजाबः 31 किसान जत्थेबंदियों का आया फैसला, सरकार को दिया इस दिन तक का अल्टीमेटम

    फगवाड़ा/ राजेशः फगवाड़ा हाइवे पर गन्ना किसानों द्वारा लगाए धरने को लेकर किसानों ने नया फरमान जारी किया है। इस दौरान 31 किसान जत्थेबंदियों ने इस मामले को लेकर मीटिंग की। मीटिंग के बाद किसान जत्थेबंदियों ने पंजाब सरकार को 25 अगस्त तक का अल्टीमेटम दे दिया है। लेकिन किसानों ने कहा है कि धरना इसी तरह से जारी रहेगा। 

    उधर, गन्ना किसानों को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बकाया सरकारी मिलों से 100 करोड़ रुपये और जारी किए हैं। हाल ही में किसानों के साथ बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सरकार द्वारा 15 अगस्त तक 100 करोड़ और जारी किए जाएंगे। सरकार ने अपना वादा निभाते हुए आज किसानों के खाते में पैसा ट्रांसफर किया है। सरकार की ओर से बचे 92.59 करोड़ रुपये 7 सितंबर को जारी किए जाएंगे।

  • स्वतंत्रता दिवस पर कोरोना को लेकर गृह मंत्रालय ने राज्यों को दिए ये निर्देश

    स्वतंत्रता दिवस पर कोरोना को लेकर गृह मंत्रालय ने राज्यों को दिए ये निर्देश

    नई दिल्लीः देश में रोजाना कोविड-19 के औसतन 15,000 से अधिक मामले सामने आने के बीच केंद्र ने राज्यों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए कोई बड़ी सभा नहीं हो और सभी लोग कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के प्रत्येक जिले के प्रमुख स्थानों पर ‘स्वच्छ भारत’ अभियान चलाने और स्वैच्छिक नागरिक भागीदारी के माध्यम से इन्हें ‘स्वच्छ’ बनाए रखने के लिए एक पखवाड़े और महीने भर तक जारी रखने को कहा है।मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘एहतियात के तौर पर कोविड -19 के खिलाफ, समारोह में बड़ी सभाओं से बचा जाना चाहिए। यह जरूरी है कि कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन किया जाए’’।

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के 16,561 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,42,23,557 हो गई है, जबकि उपचाराधीन मरीज 1,23,535 हैं। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 49 लोगों की मृत्यु होने से मृतक संख्या बढ़कर 5,26,928 हो गई है। मौत के इन 49 मामलों में वो 10 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने संक्रमण से हुई मौत की सूची में डाले हैं।

    गृह मंत्रालय ने सरकारी विभागों और शैक्षणिक संस्थानों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाने को भी कहा है।

  • रामपुर में भूस्खलन से एक महिला की मौत, बच्चे सहित 4 घायल

    रामपुर में भूस्खलन से एक महिला की मौत, बच्चे सहित 4 घायल

    हिमाचल प्रदेश: शिमला जिले में रामपुर के रनपु गांव से आज लैंडस्लाइड़ की बड़ी खबर सामने आई है। जिसमें एक महिला की मौत हो गई है। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं तीन महिलाओं सहित एक बच्चा भी घायल हो गया है। इसके साथ ही पहाड़ो में भारी बारिश के चलते सोलन जिले में भी सड़क धंस गई है।

    बता दें कि, ये हादसा कालका- शिमला हाइवे पर हुआ है। वहीं, कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर बड़ोग बाईपास में टनल की ओर जाने वाली सड़क फिर धंस गई है। टनल बंद होने से अब वाहन चालकों को काफी दूरी तय करनी होगी। इससे हादसे होने का खतरा पैदा हो गया है।

    दरअसल, कालका शिमला NH हाईवे के सोलन-कुमारहट्टी बाईपास पर फिर से दोनों और का ट्रैफिक चलाया जा रहा है। जहांटनल को जाने वाली सड़क के धंसने से बंद होने बाद ट्रैफिक व्यवस्था की गई है। हालांकि, इससे पहले इस सड़क पर चंडीगढ़ की ओर आने वाला एक तरफ के ट्रैफिक को ही चलाया जा रहा था। जबकि शिमला से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले ट्रैफिक को टनल से चलाया जा रहा था।

  • पंजाबः मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में चली गोलियां, 6 घायल

    पंजाबः मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में चली गोलियां, 6 घायल

    मलोट: जिलें में स्थित गांव कोलियांवाला से बड़ी ख़बर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक गांव में पानी की वारी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इस मामूली से विवाद ने इतना भयानक रूप धारण कर लिया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस खून टकराव में 6 लोग जख्मी हुए।

    बताया जा रहा है कि घायलों को गोलियों के छर्रे लगे हैं। जख्मी लोगों को अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया है। जानकारी के अनुसार पिछले डेढ़ वर्ष से पानी को लेकर झगड़ा चल रहा है। इस दौरान डीएसपी का कहना है कि दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेशों पर इन्हें पानी की सप्लाई शुरू करवा दी गई थी। लेकिन आज हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे।

  • पंजाबः विजीलैंस ब्यूरो ने रिश्वत लेते ASI को किया गिरफ्तार

    पंजाबः विजीलैंस ब्यूरो ने रिश्वत लेते ASI को किया गिरफ्तार

    बरनाला: पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने जिला बरनाला के थाना शहना में तैनात एएसआई जोगिंदर सिंह को 4000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि शहना निवासी जुगराज सिंह की शिकायत पर आरोपी एएसआई जोगिंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

    शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिसकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एएसआई जोगिंदर सिंह रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि वह इस काम के बदले एएसआई को पहले ही 2500 रुपए दे चुका है और अब कार्रवाई करने के लिए 4000 रुपए और मांग रहा है।

    उन्होंने बताया कि शिकायत में प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला की टीम ने 2 सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एएसआई को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

  • किराये के घर पर18% टैक्स को लेकर सरकार ने जारी किया बयान, जानें सच, GST लगेगा या नहीं

    किराये के घर पर18% टैक्स को लेकर सरकार ने जारी किया बयान, जानें सच, GST लगेगा या नहीं

    नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि मकान के किराए पर कोई जीएसटी नहीं है और मकान के किराए पर 18 फीसदी जीएसटी की खबरें झूठी हैं। सरकार ने कहा है कि जब भवन को व्यावसायिक उपयोग के लिए किराए पर दिया जाता है, तो उस पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाया जाता है।

    बता दें कि इससे पहले एक सोशल मीडिया पर ख़बर वायरल हो रही थी, जिसमें कहा गया कि जीएसटी काउंसिल की हाल ही हुई बैठक में जीएसटी से जुड़े कई नियमों में बदलाव किया गया था। जिसमें घर के किराए से जुड़े नियम शामिल हैं। नियमों के मुताबिक कुछ खास स्थितियों में घर के किराए पर जीएसटी चुकाना होगा। जिसमें कारोबार के लिए या कंपनी को किराये पर घर देना शामिल है।

    नियमों के मुताबिक अगर कोई किरायेदार जिसमें शख्स या छोटा कारोबारी कोई भी शामिल हो सकता है, जीएसटी के तहत रजिस्टर्ड है तो उसे किराए पर जीएसटी चुकाना होगा। हालांकि किरायेदार भुगतान किए गए जीएसटी को इनपुट टैक्स क्रेडिट के तहत डिडक्शन के रूप में क्लेम कर सकता है। वहीं अगर घर अपने खुद के इस्तेमाल के लिए किराये पर लिया जा रहा है तो कोई टैक्स नहीं पड़ेगा। 

  • बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेवारी: अनिल मनकोटिया

    बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेवारी: अनिल मनकोटिया

    ऊना/सुशील पंडित: आम आदमी पार्टी जिला ऊना इकाई द्वारा आज जिला मुख्यालय पर प्रदेश में बिगड़ते स्वास्थ्य सुविधाओं के हालत पर जिला सचिव अनिल मनकोटिया की अगुवाई में धरना प्रदर्शन किया। ऊना जिला में विभिन्न छोटे बड़े स्वास्थ्य केंद्रों की हालत दयनीय है कहीं डॉक्टर नहीं तो कहीं अल्ट्रा साउंड सिटी स्कैन की मशीनें खराब पड़ी हैं। मजबूरी में आम आदमी को प्राइवेट अस्पतालों की लूट का शिकार होना पड़ता है।

    प्राइवेट अस्पताल मनमर्जी की फीस वसूलते हैं जिसके ऊपर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेवारी होती है। लेकिन सरकार कुंभकर्ण की नींद सोई हुई है। ऊना जिला से कैबिनेट मिनिस्टर होने के बावजूद सरकार का आम आदमी की पीड़ा एवम समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। जिला में बहुत से स्वास्थ्य केंद्र ऐसे हैं जिनका ढांचा जल्द से जल्द दुरुस्त करने की आवश्यकता है।

    आम आदमी पार्टी इससे पहले भी कई बार क्षेत्रीय अस्पताल ऊना और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की ज़रूरत का मुद्दा उठा चुकी है। लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार इस तरफ ध्यान देने की बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में व्यस्त है। आम आदमी पार्टी तमाम हिमाचल प्रदेश की जनता से इस मुद्दे पर एकजुट होने और पार्टी के इस आंदोलन में सहयोग की अपील करती है ताकि आने वाले समय में प्रदेश से इस भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाए और आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में एक ईमानदार और मेहनतकश जनता के हक में नीतियां बनाने वाली सरकार का निर्माण किया जा सके । इस प्रदर्शन में लोकसभा अध्यक्ष राज ठाकुर राज्य उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा , ईशान ओहरी ,मनीष मनकोटिया ,विजय अजय भारती, अजेंदर भारती आदि ने हिस्सा लिया।