Blog

  • पंजाबः इस स्कूल के बाहर चली गोलियां, घटना सीसीटीवी में कैद…

    पंजाबः इस स्कूल के बाहर चली गोलियां, घटना सीसीटीवी में कैद…

    लुधियाना:  पंजाब में गैंगवार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। यहां के लादिया खुर्द हैबोवाल स्थित अमृत इंडो कैनेडियन स्कूल के बार फायरिंग होने का मामला सामने आया है। 

    बताया जा रहा है कि अज्ञात युवकों ने स्कूल के 1 नं. गेट पर गोलियां चला दी। हैरानी की बात है कि इस बात का पता उस समय लगा जब स्कूल प्रशासन ने सी.सी.टी.फुटेज चेक की। स्कूल प्रशासन ने बताया कि स्कूल के गेट नंबर 1 से एंट्री बंद है, जिस कारण इस बार नहीं पता लगा। 

    इसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मौके पर ए.डी.सी.पी. 3 अश्वनी गोटियाल, ए.सी.पी. तलविंदर सिंह, थाना हैबोवाल और सराभा नगर की टीम पहुंची। घटना स्थल से पुलिस ने 3 खोल बरामद किए। वहीं शुरूआती जांच में पुलिस ने बताया कि स्कूल के बाहर 6-7 फायर किए गए है। फिलहाल सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाया जाएगा। 

  • अपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला में सरकारी व विभिन्न स्थानों में स्थापित किए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे: डीसी

    अपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला में सरकारी व विभिन्न स्थानों में स्थापित किए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे: डीसी

    ऊना/सुशील पंडित: जिला दंडाधिकारी राघव शर्मा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि जिला ऊना में बढ़ती हुई अपराधिक घटनाएं जैसे ज्वैलरी, पर्स स्नैचिंग, मोबाईल स्नैचिंग, ईव-टीजिंग पर काबू पाने के लिए जिला के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और अपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

    राघव शर्मा ने कहा कि दो माह के भीतर पंचायत घर, नगरपालिका भवन, स्कूल, काॅलेज, पेट्रोल पंप, इंडस्ट्रियल यूनिट, होटल, विभाग प्रबंधन के प्रमुख, प्रत्येक सरकारी भवन के प्रभारी व्यक्ति और मंदिर, मस्जिद व गुरूद्वारा सहित अन्य पब्लिक जगहों के परिसरों में अपने स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी प्रवेश और बाहर जाने वाले क्षेत्र परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए सीमा के बाहरी क्षेत्र में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। राघव शर्मा ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की कम से कम 4एमपी एचडी गुणवत्ता रेसोलूशन के साथ-साथ नाईट विज़न क्षमता भी होनी चाहिए और कम से कम 30 दिनों तक का डाटा निगरानी प्रणाली की हार्ड डिस्क में रखा जाएगा। राघव शर्मा ने कहा कि सीसीटीवी बिना किसी बे्रक के निरंतर क्रियाशील रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक संस्थान में लगाए गए सीसीटीवी क्रियाशील है।

    राघव शर्मा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर निरीक्षण के दौरान उपमंडलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पुलिस प्रशासन के समक्ष सीसीटीवी कैमरों को ओपन किया जाएगा।

    इसके अलावा राघव शर्मा ने आदेश जारी किए हैं कि उपमंडल स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी बनाई जाएंगी जिसमें डीएसपी, एसएचओ, बीडीओ, ब्लाॅक प्रोजैक्ट आॅफिसर, ब्लाॅक एलिमेंटरी एजुकेशन आॅफिसर, फूड निरीक्षक, एक्साईज़ निरीक्षक, एक्सटेंशन आॅफिसर इंडस्ट्री शामिल होंगे तथा उपमंडल स्तर पर स्थापित सीसीटीवी की जांच और क्रियाशील होना सुनिश्चित करेंगे।

    राघव शर्मा ने कहा कि जिला ऊना पंजाब के बार्डर ऐरिया के साथ लगता है जिसमें बहुत सारे टूरिस्ट/यात्री, श्रमिक, दैनिक यात्री जिला ऊना में आते हैं और कई प्रवासी श्रमिक भी जिला में काम करने तथा जिला से काम करने बाहर जाते हैं जिसके चलते असामाजिक तत्वों की आवाजाही की प्रबल संभावना हमेशा बनी रहती है।

  • सोने की कीमतों में 1500 रुपये की गिरावट, चेक करें नए रेट्स…

    सोने की कीमतों में 1500 रुपये की गिरावट, चेक करें नए रेट्स…

    नई दिल्ली। शादियों के सीजन में सोने की खरीददारी करने वालों के लिए अच्छी खबर है. वैश्विक बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का असर भारतीय बाजारों पर भी दिख रहा है. सोने की कीमत में आज फिर गिरावट दिख रही है. महज एक हफ्ते में ही सोने की कीमत में 1,500 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी हुई है, जबकि अगर 3 महीने में सोना अपने निचले स्तर पर कारोबार कर रहा है. 

    मल्‍टीकमोडिटी एक्‍सचेंज (MCX) पर आज सुबह 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने का वायदा भाव 0.03 फीसदी गिरकर 50,158 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. जबकि खबर लिखे जाने तक सोने की कीमत में 0.07% की कमी आ चुकी थी. हालांकि सुबह बाजार खुलने के बाद सोने में मामूली बढ़त जरूर दिखी, लेकिन फिर सोने की कीमत गिरने लगी.

    उधर चांदी में आज उछाल देखने को मिल रहा है. आज सुबह MCX पर चांदी 0.3 फीसदी उछाल के साथ 58,920 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी. हालांकि खबर लिखे जाने तक चांदी 359 रुपये की बढ़त के साथ 59,110 पर ट्रेड कर रही थी. 

    वैश्विक बाजार में भी सोने की कीमत में गिरावट का ही माहौल है. ग्‍लोबल मार्केट में सोना अपने तीन महीने के निचले स्‍तर पर ट्रेड कर रहा है. दरअसल, डॉलर इस समय अच्छी मजबूती पर है, जिसके कारण सोने की कीमत में सुस्ती दिख रही है. सोने अभी 0.1 फीसदी गिरावट के साथ 1,820.54 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है, जबकि चांदी का हाजिर भाव 0.5 फीसदी गिरकर 20.76 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया है. यानी वैश्विक बाजार में भी धातुओं की कीमत मे गिरावट दिख रहा है. 

  • शराब के नशे में युवती के साथ पहुंचे आइपीएस ने किया हंगामा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    शराब के नशे में युवती के साथ पहुंचे आइपीएस ने किया हंगामा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    पंचकूला। लगातार विवादों में रहने वाले हरियाणा के आईपीएस हेमंत कलसन को पंचकूला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हेमंत कलसन की गिरफ्तारी पिंजौर के एक निवासी की शिकायत पर हुई है, जिसकी दुकान में घुसकर हेमंत कलसन ने मारपीट की हंगामा किया और धमकाया।

    पिंजौर पुलिस को दी शिकायत में रथपुर कालोनी निवासी तलविंदर सिंह ने बताया कि वह 75 प्रतिशत विकलांग है। वह और उसके पिता अपना कारोबार पानी टैंकर व करियाणा का करते हैं। वह बतौर केयरटेकर काम करते हैं। असल मालिक स्व. जीत सिंह पूर्व सरंपच थे और वह नगर पालिका के प्रथम प्रधान भी रहे। 

    तलविंदर ने बताया कि जीत सिंह के निधन के बाद वह पानी व करियाणा दुकान को बतौर केयरटेकर संभाल रहे हैं। एक व्यक्ति उनके पास आया। उसने खुद को आइजी होमगार्ड हेमंत कलसन बताया। कलसन अपनी गाडी में एक लड़की व चालक के साथ आए।

    तलविंदर ने कहा कि वह हेमंत कलसन को नहीं पहचानते थे। हेमंत कलसन शराब के नशे में थे। उन्होंने दुकान मे घुसकर तलविंदर सिंह के साथ दुर्व्यवहार किया, गाली गलौच व मारपीट की। दुकान में तोड़फोड़ भी की गई। इसकी वीडियो भी है। तलविंदर सिंह विकलांग होने के कारण लड़ने में असमर्थ था।

    तलविंदर ने अपने बचाव के लिए पूर्व पार्षद सतविंदर सिंह टोनी को फोन किया। सतविंदर सिंह टोनी ने संबंधित थाना प्रभारी को फोन करके मामले की सूचना दी। इसके बाद पता चला कि हेमंत कलसन थाने में एसएचओ की कुर्सी पर बैठा हुआ था।

    तलविंदर सिंह सतविंदर टोनी के साथ थाने पहुंचा तो देखा कि आइजी हेमंत कल की गाड़ी थाने में खड़ी थी। इस पर लोगों ने विरोध किया। थाना प्रभारी ने कहा कि वह हेमंत कलसन और लड़की का मेडिकल करवाने के लिए जा रहे हैं। पुलिस ने हेमंत कलसन के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

    हेमंत कलसन ने हाल ही में सेक्टर-6 पंचकूला स्थित सिविल अस्पताल में हंगामा किया था। कलसन पर नर्स व बाकी स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप थे। आरोपों के मुताबिक वह नशा किए हुए थे। पंचकूला पुलिस ने मामले में कार्रवाई भी की थी। इससे पहले भी कलसन इसी प्रकार के आरोपों में फंस चुके हैं। कलसन अपने व्यवहार के चलते कई बार निलंबित भी हो चुके हैं ।

    हेमंत कलसन को पंचकूला में अगस्त 2019 में एक महिला के घर में जबरन घुसकर दुर्व्यवहार के मामले में गिरफ्तार भी किया गया था। उनकी पिंजौर में एक घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी से छेड़छाड़ और मारपीट करने की वीडियो भी वायरल हुई थी। एक बार चुनावी ड्यूटी पर तमिलनाडु पहुंचे कलसन ने वहां रेस्ट हाउस में एक सुरक्षा गार्ड का हथियार छीनकर फायरिंग में की थी। उस मामले में भी निलंबित हुए थे।

  • पंजाबः हरियाणा से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने आई पुलिस टीम पर हमला….

    पंजाबः हरियाणा से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने आई पुलिस टीम पर हमला….

    जलालाबाद। दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने गांव चक्क बजीदा आई हरियाणा पुलिस पर आरोपी के परिवार ने हमला कर दिया। महिलाओं ने महिला इंस्पेक्टर की वर्दी के शोल्डर उखाड़ दिए, जबकि अन्य लोगों ने पुलिस टीम से धक्का-मुक्की की। इस दौरान आरोपी भागने में कामयाब हो गया।  इस मामले में सदर थाने की पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। 

    सदर थाने की पुलिस को दी शिकायत में हरियाणा के महिला थाना हिसार की इंचार्ज  इंस्पेक्टर सरोज ने बताया कि पुलिस ने गांव चक्क बजीदा के रहने वाले सोनू सिंह के खिलाफ हिसार में दुष्कर्म व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस उक्त आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पहुंची और घुबाया थाने की पुलिस को इस संबंध में थाने में आकर सूचना दी। इसके बाद टीम आरोपी के घर पहुंची। वहां आरोपी सोनू सिंह घर के प्रांगण में सो रहा था। उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जब वह सोनू सिंह को वहां से ले जा रहे थे तो सोनू सिंह ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद सोनू सिंह का पिता मंगल सिंह, एक अन्य व्यक्ति महिंद्र सिंह व पांच अज्ञात महिलाएं व पुरूष वहां आ गए।

    उन्होंने पुलिस टीम के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। उन्होंने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो महिलाओं ने उनकी वर्दी के शोल्डर को उखाड़ दिया और साथी पुलिस कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान उक्त लोगों ने सोनू सिंह को पुलिस की गिरफ्त से छुड़वाकर भगा दिया। जांच अधिकारी एएसआइ मुख्तयार सिंह ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने मंगल सिंह, सोनू सिंह, महिंद्र सिंह व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।

  • पंजाबः विधायक के पास पहुंची मां ने मांगी नशेड़ी बेटे को मारने की इजाजत….

    पंजाबः विधायक के पास पहुंची मां ने मांगी नशेड़ी बेटे को मारने की इजाजत….

    लुधियाना- नशे की दलदल में फंसे नौजवानों को इस आदत से निकालना बड़ी चुनौती बन चुका हैं। जिस कारण परिवार को कई मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नशेड़ी बेटे की हालत से परेशान हैबोवाल इलाके में रहने वाली एक महिला ने अपने बेटे को मारने की इजाज़त मांगी है। 

    महिला ने सेंट्रल हलके से विधायक अशोक पराशर पप्पी के साथ मुलाकात कर अपने बेटे को मारने की इजाज़त दिलाने की मांग की है। हालांकि इस के बाद विधायक ने उस के बेटे को सिविल अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। महिला ने बताया कि उसका बेटा नशे की दलदल में फंस चुका है। वह कोई काम नहीं करता, नशे करने के लिए वह घर का सारा सामान बेच रहा है। 

    जिस कारण वह उससे बहुत परेशान है। महिला ने कहा कि उसने ये सोचकर अपने बेटे का विवाह करवाया था कि वह सुधर जाएगा, लेकिन नशे के कारण उसने अपनी पत्नी कि जिंदगी भी नर्क बना दी है। महिला ने विधायक से मांग की है कि वह अपने बेटे को मारना चाहती है और इसके लिए वह राष्ट्रपति से इजाज़त लेकर दें।  

    विधायक अशोक पराशर ने कहा कि उनके दफ्तर में हर रोज़ एक या दो महिलाएं अपने पति या बेटे के नशे की आदत से दुखी होकर मदद के लिए आती है। उन्होंने कहा कि नशे ने कई जिंदगियां बर्बाद कर दी है। विधायक ने कहा कि वह कोशिश कर रहे है कि नौजवानों के नशे से बाहर निकालने के लिए एक बड़ा नशा केंद्र बनाया जाए। 

  • आम जनता को झटका, बिजली के दामों में बढ़ोतरी….

    आम जनता को झटका, बिजली के दामों में बढ़ोतरी….

    नई दिल्ली. गुजरात सरकार ने प्रति यूनिट बिजली पर फ्यूल सरचार्ज में 20 पैसे की बढ़ोतरी की है. इस वृद्धि के बाद प्रति यूनिट बिजली बिल पर कुल सरचार्ज बढ़कर 2.50 रुपये हो गया है. हालांकि, कृषि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को इस मूल्य वृद्धि से बाहर रखा गया है.

    जानकारी अनुसार, गुजरात विद्युत निगम लिमिटेड ने कहा है कि नया फ्यूल सरचार्ज 1 मई 2022 से प्रभावी माना जाएगा और इसकी रिकवरी मई-जून 2022 के मध्य की जाएगी. गौरतलब है कि गुजरात इलेक्ट्रिसिटी रेग्युलेटरी कमीशन की अनुमति के बाद सरचार्ज बढ़ाया गया है.

    नए फ्यूल सरचार्ज के कारण जो उपभोक्ता मई-जून 2021 में 1.8 रुपये के फ्यूल सरचार्ज दे रहे थे उन्हें अब इसके 2.5 रुपये देने होंगे जो उनके बिजली बिल में प्रति यूनिट 70 पैसे की वृद्धि है. सरकार पिछले 5 महीने में 4 बार फ्यूल सरचार्ज में वृद्धि कर चुकी है. वहीं, पिछले 2 महीने में यह 30 पैसे बढ़ा है. इन मामलों के एक जानकार के.के. बजाज ने कहा है कि इससे बिजली उपभोक्ताओं पर 270 करोड़ प्रति माह और 3,240 करोड़ रुपये प्रति वर्ष का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. बजाज का कहना है कि सरकार दावा करती है कि उसने पिछले 6 साल में बिजली बिल में वृद्धि नहीं है कि लेकिन वह फ्यूल सरचार्ज के जरिए ऐसा कर रहा है.

    यह आदेश पूरे गुजरात पर लागू होगा लेकिन अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत और धौलेरा एसआईआर में सरचार्ज नहीं बढ़ेंगे. दरअसल, यहां टौरेंट पावर बिजली आपू्र्ति करती है और इन जगहों पर पिछले साल से सरचार्ज 2.07 रुपये प्रति यूनिट से लेकर 2.31 रुपये प्रति यूनिट तक हैं.

    गुजरात के पास 37,000 मेगावॉट की बिजली उत्पादन क्षमता है लेकिन करीब 20000 मेगावॉट की पीक डिमांड का सामना करने के बाद सरकार ने महंगे दाम पर बिजली खरीदना शुरू कर दिया है. गुजरात विद्युत निगम लिमिटेड के अधिकारियों का कहना है कि सरकार पावर कट नहीं लगाना चाहती है इसलिए उसे बाहर से बिजली खरीदनी पड़ रही है. सरकार यह बिजली करीब 20 रुपये प्रति यूनिट के मूल्य पर खरीद रही है. वहीं, महंगे कोयले और प्राकृतिक गैस ने भी इस मूल्य वृद्धि की आग में तेल डालने का काम किया है.

  • पंजाबः गन कल्चर के गानों पर CM मान ने जताई चिंता, गायकों से की ये अपील…

    पंजाबः गन कल्चर के गानों पर CM मान ने जताई चिंता, गायकों से की ये अपील…

    चंडीगढ़. पंजाबी गायकों के गानों में गन कल्चर और गैंगस्टरवाद को लेकर सीएम भगवंत मान ने चिंता जताई है. उन्होंने पंजाबी गायकों से अपील की है कि वे अपने गीतों के द्वारा समाज में हिंसा, नफरत और दुश्मनी को भड़काने से गुरेज करें. उन्होंने कहा कि हम पहले तो गायकों को ऐसे रुझान को आगे न बढ़ाने की अपील करते हैं, अगर वे नहीं मानते हैं, तो सरकार उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही करेगी. मान ने गायकों को न्योता दिया कि वह ऐसे गीतों के द्वारा समाज विरोधी गतिविधियों को तूल देने की बजाय पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के मूल्यों पर चलते हुए भाईचारे, शांति और सद्भावना की जड़ों को और मजबूत करने के लिए योगदान दें.

    भगवंत मान ने इन गायकों को कहा कि वह पंजाब की सांस्कृतिक विरासत को प्रफुल्लित करने के लिए रचनात्मक भूमिका निभाएं. उन्होंने कहा कि यह हमारा फर्ज बनता है कि ऐसे गायकों को अपने गीतों के द्वारा हिंसा फैलाने की इजाजत न दी जाये जो अक्सर नौजवानों, खास कर जल्दी प्रभावित होने वाले बच्चों को बिगाड़ते हैं.

    बता दें कि जश्न के कार्यक्रमों में शराब, ड्रग, हिंसा और हथियारों की महिमा करने वाले गानों को बजाए जाने पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी है. इसके बावजूद ऐसे गानों को कई समारोहों में चलाया जाता है. कई बार इस तरह के मामले सामने आने पर हाईकोर्ट सरकार को तलब भी कर चुका है. यहां तक कि ऐसे गानों पर प्रतिबंध लगाने के लिए हाईकोर्ट ने 2017 में सरकार को एक नीति बनाने के आदेश भी जारी किए थे.

  • आज का राशिफल, 13 मई 2022

    आज का राशिफल, 13 मई 2022

    मेष राशिफल। आज आपको दूसरों की मदद करके सुकून मिलेगा,लेकिन कार्यक्षेत्र में आप अपने क्रोध के कारण माहौल को शांतिपूर्ण बना सकते हैं। यदि आप किसी से धन उधार मांगेंगे,तो वह भी आपको आसानी से मिल जाएगा,लेकिन आप अपने कुछ साथियों के साथ खाली बैठकर गपशप में समय व्यतीत करेंगे,लेकिन आपको ऐसा नहीं करना है,नहीं तो आप अपने कुछ जरूरी कामों को भी पीछे छोड़ सकते हैं। पिताजी से आपको कुछ व्यवसाय संबंधी सलाह मशवरा करना पड़े। आपको अपने खर्चों पर लगाम लगानी होगी,नहीं तो बाद में आपको पछताना पड़ सकता हैं।

    वृष राशिफल। आज आप अपने परिवार के सदस्यों के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे। परिवार के किसी सदस्य द्वारा कोई ऐसा कार्य किया जाएगा,जिससे आपके कुल का नाम रोशन होगा और आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी,लेकिन स्वास्थ्य में कुछ गिरावट चल रही थी,तो आपके कष्टों में वृद्धि हो सकती है,इसलिए आपको सावधान रहना होगा। जो लोग रोजगार के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं,उनको भी कोई शुभ सूचना सुनने को मिलेगी। यदि आपका धन कहीं पर फंसा हुआ था,तो वह भी आज आपको प्राप्त होगा।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए उत्तम संपत्ति के संकेत दे रहा है। सायंकाल के समय महान पुरुषों के दर्शन से आपका मनोबल बढ़ेगा। जीवनसाथी से चल रहे मनमुटाव को आपको समाप्त करने की पूरी कोशिश करनी होगी। आपके घर अतिथि आगमन हो सकता है,जिससे आपका धन खर्च बढे़गा। कार्यक्षेत्र में अपने जूनियर्स की गलती के कारण अधिकारियों से डांट खानी पड़ सकती है। आपको यदि किसी यात्रा पर जाना पड़े,तो आप अपनी प्रिय वस्तुओं को संभालकर रखें,नहीं तो उनके खोने का भय बना हुआ है। विदेशों से व्यवसाय कर रहे लोगों को कोई शुभ सूचना सुनने को मिलेगी।

    कर्क राशिफल। आज का दिन आपके लिए उत्तम रूप से फलदायक रहेगा। आपके कार्यक्षेत्र में बड़ी मात्रा में धन हाथ लग सकता है,जिससे आपके धन कोष में वृद्धि होगी। व्यवसाय में योजनाओं को भी आज गति मिलेगी,लेकिन यदि आपने शीघ्रता व भावुकता में आज किसी निर्णय को लिया तो बाद में आपको पछताना पड़ सकता है। सायंकाल के समय आप अपने परिवार के सदस्यों के साथ देव दर्शन की यात्रा पर जा सकते हैं। राज्य मान व प्रतिष्ठा में आज वृद्धि होगी। यदि आप किसी नई संपत्ति की खरीदारी करेंगे तो वह भी आपके लिए उत्तम रूप से फलदायक रहेगी। परिवार में किसी सदस्य के विवाह की बात पक्की हो सकती है।

    सिंह राशिफल। आज का दिन आपके पारिवारिक उत्तरदायित्वों में वृद्धि का दिन रहेगा। संतान के प्रति दायित्वों की पूर्ति होने से आपका मन प्रसन्न रहेगा। राजनीति के क्षेत्र में आपको आशातीत सफलता मिलने के योग बनते दिख रहे हैं। यदि आपको कोई पेट से संबंधित समस्या है,तो उसमें आपको डॉक्टरी परामर्श अवश्य लेना होगा। प्रतिस्पर्धा के क्षेत्र में आप आगे बढ़ेंगे। आपको अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना होगा और अत्यधिक तले हुए भोजन से परहेज रखना होगा। सायंकाल का समय अपने प्रियजनों के साथ हास परिहास में व्यतीत करेंगे।

    कन्या राशिफल। आज का दिन आपका दान पुण्य के कार्य में व्यतीत होगा। आपको पिछले किए गए कार्यों का लाभ मिलेगा,लेकिन व्यापार में आपको अपनी किसी पिछली की हुई गलती का पछतावा होगा। प्रतिद्वंदी आपका सिरदर्द बने रहेंगे। दिन का कुछ समय आप माता पिता की सेवा में भी व्यतीत करेंगे। आप अपने परिवार के सदस्यों को पिकनिक पर लेकर जा सकते हैं,लेकिन आपको आज अपने धर्म को संचय करने के बारे में भी सोचना होगा,तभी आप भविष्य में उससे लाभ कमा पाएंगे। सरकारी नौकरी में कार्यरत लोग प्रमोशन मिलने के कारण प्रसन्न रहेंगे।

    तुला राशिफल। आज का दिन शिक्षा व प्रतियोगिता के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि दिलाने वाला रहेगा। सामाजिक क्षेत्रो में कार्यरत लोगों को सावधान रहना होगा,क्योंकि उनके विरोधी उनकी छवि को खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। जीवनसाथी का सहयोग भरपूर मात्रा में मिलेगा,लेकिन कार्यक्षेत्र में काम अधिक होने के कारण भागदौड़ अधिक रहेगी, जिसके कारण मौसम का विपरीत प्रभाव आपके स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। आपको छुटपुट लाभ के कई अवसर मिलेंगे,जिनको पहचान कर आपको उन पर अमल करना होगा,तभी आप उनसे लाभ कमा पाएंगे। आपको संतान द्वारा किसी अच्छे कार्य किए जाने पर उन पर गर्व होगा। 

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आपकी यश व कीर्ति में वृद्धि का दिन रहेगा। आपके रुके हुए कार्य पूरा होंगे जिससे आप प्रसन्न होंगे। आपको आज किसी विपरीत परिस्थिति का सामना करना पड़े,तो अपनी वाणी पर संयम बनाए रखें,नहीं तो शत्रु इसका फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। आप कुछ समय अपने प्रियजनों के साथ मौज मस्ती करने में व्यतीत करेंगे,लेकिन आप अपने व्यवसाय की योजनाओं की ओर ध्यान लगाएं। राजनीति की दिशा में कार्यरत लोगों को किसी नई पार्टी में शामिल होना पड़ेगा। यदि आपको कोई निवेश संबंधी किसी योजनाओं को बनाएं तो आपको उसमें बुद्धि का प्रयोग करके ही निवेश करना बेहतर रहेगा।

    धनु राशिफल। आज का दिन आपके सांसारिक सुख भोग के साधनों में वृद्धि का दिन रहेगा। आपको रुपए पैसों का लेने देन सावधानी से करना होगा। आपको किसी सरकारी योजना में निवेश करने का मौका मिलेगा। आप अपनी उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी के लिए कुछ शॉपिंग कर सकते हैं। यदि आपका कोई मामला कोर्ट कचहरी में चल रहा है,तो उसमें भी आपको और चक्कर काटने पड़ेंगे,उसके बाद ही विजय प्राप्त हो पाएगी। कार्यक्षेत्र में कोई विरोधी आपके खिलाफ षड्यंत्र रचा सकता है,जिससे आपको सावधान रहना होगा।

    मकर राशिफल। आज का दिन आपके व्यावसायिक क्षेत्र में अनुकूल लाभ दिलाने वाला रहेगा। लेकिन आप सायंकाल के समय किसी धार्मिक आयोजन में सम्मिलित हो सकते हैं। यदि किसी यात्रा पर जाएं तो उसमें आपको वाहनों के प्रयोग से सावधानी बरतनी होगी नहीं तो आपका किसी दुर्घटना के होने का भय बना हुआ है। आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए यदि आप किसी नए व्यवसाय को करेंगे,तो उसमें भी आपको सफलता अवश्य मिलेगी। विद्यार्थी यदि किसी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं,तो उसमें उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके लिए भागदौड़ भरा रहेगा। आप किसी संपत्ति की खरीदारी की इच्छा के कारण भागदौड़ में लगे रहेंगे जिससे आपका धन खर्चा भी बढ़ सकता है। जीवनसाथी को आज कोई शारीरिक कष्ट हो सकता है,जिसके लिए आपको अपने किसी परिजन से भी मदद लेनी पड़ सकती है। सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को कुछ जनसभाएं करने का मौका मिलेगा। आपको किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने से बचना होगा नहीं तो वह आपके साथ धोखा कर सकता है। माताजी से किए हुए वादे को आपको पूरा करना होगा।

    मीन राशिफल। आज का दिन गृहस्थ जीवन जी रहे लोगों के लिए आनंदमय रहेगा। आप जीवनसाथी को कहीं घूमने फिराने लेकर जा सकते हैं। विद्यार्थियों को मानसिक व बौद्धिक भार से छुटकारा मिलता दिख रहा है। सायंकाल के समय आपको घूमने फिरने के दौरान कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी,जो आपके व्यवसाय के लिए लाभदायक रहेगी। बिजनेस कर रहे लोगों की प्रगति देखकर उनके परिवार के सदस्य प्रसन्न होंगे। माता पिता से सलाह मशवरा करके किसी कार्य को करना बेहतर रहेगा। आप दिमाग से काफी रिलैक्स रहेंगे।

  • जालंधरः Rocky’s Wood Fired Kitchen पर एक्साइज विभाग ने मारा छापा

    जालंधरः Rocky’s Wood Fired Kitchen पर एक्साइज विभाग ने मारा छापा

     मालिक दिलरूप वड़ैच पर मामला दर्ज, फरार

    जालंधर (वरुण)। थाना 7 के अंतर्गत पड़ते अर्बन स्टेट फेस 2 में Rocky’s Wood Fired Kitchen पर पुलिस और एक्साइज विभाग ने रेड कर अवैध शराब और हुक्के का सामान बरामद किया है। रेस्टोरेंट का मालिक दिलरूप वड़ैच बिना लाईसैंस के धड़ल्ले से ग्राहकों को शराब परोस रहा था। जिसकी सूचना एक्साईज इंस्पैक्टर रमन भगत और राम मूर्ति को मिली। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी राजेश कुमार के साथ संयुक्त टीम बनाकर एक्साईज विभाग ने  रॉकीज वुड पर छापा मारा तो शराब के इलावा हुक्के भी बरामद हुए।

    गौरतलब है कि Rocky’s Wood Fired Kitchen में पहले भी कई बार पुलिस ने दबिश दी है। जिसके बावजूद यहां बेखौफ ग्राहकों को सरेआम हुक्का, शराब परोसी जाती है। पुलिस ने Rocky’s Wood Fired Kitchen के मालिक दिलरूप वड़ैच पर आबकारी और तंबाकू एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दिलरूप वड़ैच की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।