Blog

  • आईटीआई के 30 प्रशिक्षुओं का प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र विज़िट पर होगा रवाना

    आईटीआई के 30 प्रशिक्षुओं का प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र विज़िट पर होगा रवाना

    शिमला: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के 30 मेधावी प्रशिक्षुओं का प्रतिनिधिमंडल कजाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र विज़िट के लिए जाएगा। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल 12 जुलाई को दिल्ली से कजाकिस्तान के लिए रवाना होगा। राज्यभर के आईटीआई से चयनित प्रतिनिधिमंडल में 30 मेधावी प्रशिक्षु, तकनीकी शिक्षा निदेशक और 3 संकाय सदस्य शामिल हैं।

    तकनीकी शिक्षा मंत्री ने आज कहा कि इस एक्सपोज़र विज़िट का उद्देश्य राज्य के युवाओं को वैश्विक स्तर के व्यवसायिक प्रशिक्षण की जानकारी उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षुओं के इस दल को रवाना करेंगे। यह वैश्विक स्तर का अनुभव, कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    इस प्रतिनिधिमंडल में 21 पुरुष एवं 9 महिला प्रशिक्षु शामिल हैं। ये प्रशिक्षु राज्य के 16 राजकीय आईटीआई तथा 10 विभिन्न ट्रेड क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, ड्राफ्ट्समैन (सिविल), इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, मैकेनिक मोटर व्हीकल, सूचना प्रौद्योगिकी, मशीनिस्ट, सर्वेयर, वायरमैन तथा टेक्नीशियन पावर इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम जैसे प्रमुख ट्रेड के प्रशिक्षु शामिल हैं।

    उन्होंने कहा कि कजाकिस्तान के अल्माटी की भौगोलिक परिस्थितियां हिमाचल प्रदेश से समरूप हैं। अल्माटी के साप्ताहिक अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र विज़िट के दौरान प्रशिक्षु प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों जैसे वाहन निर्माण के लिए हंुडई ट्रांसप्लांट तथा सामल वाटर बॉटलिंग प्लांट का भ्रमण कर आधुनिक विनिर्माण प्रक्रियाओं एवं गुणवत्ता मानकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे। प्रतिनिधिमंडल शिम्बुलक की यात्रा के माध्यम से विश्व की तीसरी सबसे बड़ी गोंडोला-आधारित केबल कार प्रणाली की इंजीनियरिंग एवं संचालन पर विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

    उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों अल्माटी मैनेजमेंट यूनिवर्सिटी, अल्माटी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी तथा तूरान यूनिवर्सिटी का भी दौरा करेगा, ताकि भविष्य में सहयोग की संभावनाओं का पता लगाया जा सके। इन संवाद सत्रों, छात्र आदान-प्रदान कार्यक्रमों, संयुक्त प्रमाणन पाठ्यक्रमों तथा संकाय क्षमता-निर्माण के क्षेत्रों में संस्थागत सहभागिता का मार्ग प्रशस्त होगा।

    उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं एवं संकाय सदस्यों को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जा रही श्रेष्ठ प्रक्रियाओं, आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों, उद्योग आधारित कौशल विकास प्रणालियों तथा नवीन तकनीकों से अवगत करवाना है। इस कार्यक्रम से राज्य में संचालित आईटीआई प्रशिक्षण प्रणाली की गुणवत्ता में सुधार तथा कौशल विकास पहलों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस एक्सपोजर विजिट के माध्यम से प्रदेश में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी कार्यबल को तैयार करने मे सहायता मिलेगी तथा वह दीर्घकालिक शैक्षणिक एवं औद्योगिक साझेदारियों के द्वार भी खोलेगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश सरकार की गुणवत्तापूर्ण कौशल विकास, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, उद्योग आधारित प्रशिक्षण एवं वैश्विक स्तर पर सक्षम मानव संसाधन तैयार करने की प्रतिबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

  • Punjab News: 15 फीट गड्ढे में बाइक गिरने से मामा-भांजा घायल

    Punjab News: 15 फीट गड्ढे में बाइक गिरने से मामा-भांजा घायल

    अबोहरः क्षेत्र के गांव भागसर और दुतारांवाली के बीच निर्माणाधीन पुलिया के पास देर रात सड़क हादसे में मामा-भांजा घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार मामा-भांजा 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। वहीं घटना को लेकर गांव वासियों ने हादसे के लिए निर्माण एजेंसी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। जानकारी के अनुसार, गांव भागसर निवासी धोलूराम अपने भांजे कालूराम पुत्र इंद्रजीत के साथ रात करीब 11 बजे किसी काम से बाइक पर अबोहर आ रहे थे।

    वे भागसर-दुतारांवाली मार्ग पर जब निर्माणाधीन पुलिया के पास पहुंचे, तो अंधेरे के कारण उन्हें खुदे गड्ढे का आभास नहीं हुआ। आरोप है कि निर्माण स्थल पर कोई चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग या रिफ्लेक्टर जैसी सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिस कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे गहरे गड्ढे में गिर गई।हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण एजेंसी ने सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे, जिससे यह हादसा हुआ।

    हादसे के बाद दोनों घायल काफी देर तक गड्ढे में पड़े मदद के लिए आवाज लगाते रहे। इसी दौरान खेतों से घर लौट रहे एक ट्रैक्टर चालक की नजर उन पर पड़ी। उसने ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार कालूराम की रीढ़ की हड्डी और कंधे में फ्रैक्चर आया है, जबकि पसलियों में भी गंभीर चोटें हैं। वहीं धोलूराम को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों की हालत को देखते हुए उन्हें उच्च केंद्र रेफर करने की सलाह दी गई है।

  • Punjab News: BJP को बड़ा झटका, AAP Party के गणेश सबलनिया मेयर नियुक्त

    Punjab News: BJP को बड़ा झटका, AAP Party के गणेश सबलनिया मेयर नियुक्त

    अबोहरः नगर निगम के वार्ड नंबर 49 से पार्षद गणेश सबलनिया नए मेयर चुन गए। ऐसे में अबोहर से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। अबोहर सुनील जाखड़ और संदीप जाखड़ का जिला है। नगर निगम में इस जिले से भाजपा के 28 पार्षद है, जबकि आप पार्टी के 20, कांग्रेस और आजाद से 1-1 पार्षद हैं।

    लेकिन फिर भी पार्षदों ने बड़ा झटका देते हुए गणेश सबलनिया मेयर चुना है। आप के हलका इंचार्ज अरुण नारंग ने कहा कि आप के पक्ष में 27 हाथ उठे जिसके बाद सबलनिया को विजेता घोषित कर दिया गया। वहीं संदीप जाखड़ धक्केशाही का आरोप लगाकर धरने पर बैठ गए। इसके बाद डीसी की गाड़ी का घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

  • सरदार पटेल की एकता और संघवाद की सोच देश की शक्तिः राज्यपाल

    सरदार पटेल की एकता और संघवाद की सोच देश की शक्तिः राज्यपाल

    शिमला : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल भारत के राजनीतिक एकीकरण के शिल्पकार ही नहीं थे, बल्कि भारतीय संघीय व्यवस्था के भी मजबूत समर्थक थे। उन्होंने कहा कि भारत का संघीय ढांचा दुनिया में अनोखा है, जहां अलग-अलग भाषाएं, संस्कृतियां और परंपराएं संविधान के माध्यम से एक सूत्र में बंधी हुई हैं जो देश की एकता की मजबूत नींव है। राज्यपाल आज भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘सरदार पटेल की दृष्टि, एकीकरण, एकात्मता और संघवाद की परिकल्पना’ तथा ‘वंदे मातरम् की यात्रा- एक प्रदर्शनी’ के शुभारम्भ समारोह को संबोधित कर रहे थे। भारत के उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे नहीं आ सके। इस अवसर पर उप-राष्ट्रपति ने वीडियो के माध्यम से अपना संदेश दिया।

    राज्यपाल ने कहा कि ये दोनों कार्यक्रम भारत की राष्ट्रीय चेतना के दो महत्त्वपूर्ण स्तंभों को समर्पित हैं। वंदे मातरम् की यात्रा- एक प्रदर्शनी स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों में जागृत हुई राष्ट्रभक्ति की भावना को दर्शाती है, जबकि यह संगोष्ठी सरदार पटेल के उस दूरदर्शी नेतृत्व को याद करती है, जिसने देश को एकजुट कर मजबूत भारत की नींव रखी। राज्यपाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका योगदान केवल 560 से अधिक रियासतों के विलय तक सीमित नहीं था। बारडोली सत्याग्रह में उनके नेतृत्व, संगठन क्षमता, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि इन्हीं गुणों के कारण उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि मिली।

    उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुजरात के केवड़िया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के निर्माण की पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्मारक सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण में दिए गए अद्वितीय योगदान को समर्पित है और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना का सशक्त प्रतीक है। इससे पूर्व, भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान की अध्यक्ष प्रो. शशि प्रभा कुमार ने संस्थान की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वर्षभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने सरदार पटेल की एकता और संघवाद की सोच को आज भी प्रासंगिक बताते हुए भारत के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सही दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करने की संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई।

    ‘ऑर्गेनाइजर वीकली’ के संपादक प्रफुल्ल केतकर ने सरदार पटेल के अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान पर अपने विचार साझा किए। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान के निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी ने राज्यपाल को सम्मानित किया तथा संगोष्ठी और प्रदर्शनी की जानकारी दी। संस्थान के सचिव मेहर चंद नेगी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

     

  • Punjab News: दिन-दहाड़े बच्चे के गले से चेन छीनकर स्नेचर फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: दिन-दहाड़े बच्चे के गले से चेन छीनकर स्नेचर फरार, देखें वीडियो

    मोहाली: ढकोली के एक रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े मासूम बच्चे के साथ चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। बच्चे की गर्दन से चांदी की चेन झपट कर 2 स्नेचर फरार हो गए। यह सारी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस घटना को लेकर इलाके में लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बच्चा अपने घर के बाहर गली में मौजूद था। इसी दौरान अनजान बदमाश वहां पहुंचे और मौका पाते ही बच्चे की गर्दन से चांदी की चेन छीन ली।

    वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ ही पलों में मौके से फरार हो गए। इस घटना को लेकर इलाका निवासियों में रोष पाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में इस तरह की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, जिसकी वजह से बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

    वहीं इलाका निवासियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।

     

  • लेबर चौक के पास झाड़ियों से नौजवान का शव बरामद, परिवार ने जताई हत्या की आंशका, देखें वीडियो

    लेबर चौक के पास झाड़ियों से नौजवान का शव बरामद, परिवार ने जताई हत्या की आंशका, देखें वीडियो

    पंचकुला: सेक्टर 16 में उस समय सनसनी फैल गई, जब लेबर चेक के झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सेक्टर 16 के चौंकी इंचार्ज भीम सिंह और एसएचओ मोहिंदर सिंह डांडा पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए।

    मृतक की पहचान 25 वर्षीय गोविंद के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए मृतक के भाई अरविंद ने बताया कि 6 जुलाई को उसका भाई घर से निकला था। लेकिन उसके बाद से वह घर पर नहीं पहुंचा। जिसके बाद परिवार द्वारा उसे काफी ढूंढने की कोशिश की गई। वहीं आज पुलिस द्वारा उन्हें सूचना मिली कि उन्हें एक डेडबॉडी सेक्टर 16 में मिली है। जिसके बाद उन्होंने घटना स्थल पर जाके देखा तो शव उसके भाई का था।

    मृतका के भाई अरविंद ने बताया कि गोविंद अपने पूरे परिवार के साथ ढ़कोली के डिफेंस कालोनी में मकान नबर 9 में अपने मां बाप और अपने बीवी और 5 साल की बेटी के साथ रहता था। 6 जुलाई को एक अज्ञात युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाता दिखाई दे रहा है। जिसकी सीसीटीवी पुलिस को भी प्राप्त हुई है। मृतका के भाई अरविंद का कहना है। की उसके भाई की हत्या करके सेक्टर 16 में फेंका गया है। सेक्टर 16 के चौंकी इंचार्ज भीम सिंह का कहना है। की बॉडी का पोस्टमाडम करवाकर बॉडी परिजनों को दे दी है। और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता लगा पाएगा कि गोविंद की हत्या की गई है या उसने सुसाइड किया है।

     

  • Punjab News: जेल से चला खूनी खेल, घर पर घुसकर नौजवान पर किया तेजधार हथियार से हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: जेल से चला खूनी खेल, घर पर घुसकर नौजवान पर किया तेजधार हथियार से हमला, देखें वीडियो

    लुधियाना: पॉश इलाके पीएयू थाना क्षेत्र के ऋषि नगर में 12 से 15 हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर बाप-बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। हैरानी वाली बात यह है कि घटना के दौरान हमलावर जेल में बंद गैंगस्टर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर ‘लाइव’ जुड़े हुए थे। जेल की सलाखों के पीछे से गैंगस्टर चीख-चीख कर निर्देश दे रहा था और उसके गुर्गे खूनी खेल खेल रहे थे। इस घटना का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बदमाश हाथों में नंगी तलवारें और दातर लेकर घर के अंदर दाखिल हो रहे हैं और नौजवान पर हमला कर रहे है।

    वहीं नौजवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो इस समय दयानंद मेडिकल अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। राहुल के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और कई टांके लगे हैं। अस्पताल में उपचार के दौरान राहुल ने पूरी वारदात की आपबीती सुनाई है। राहुल ने बताया कि शाम के समय वह परिवार के साथ घर पर बैठा था। तभी अचानक 12-15 बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए। उन्होंने आते ही घर का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुस गए। उनके हाथों में तेजधार हथियार और पिस्तौलें थीं। बदमाशों ने आते ही राहुल को घेर लिया और पिस्तौल की बट से उसके सिर व माथे पर ताबड़तोड़ वार किए।

    राहुल ने खुलासा किया कि वारदात के दौरान एक हमलावर ने अपने हाथ में मोबाइल पकड़ा हुआ था, जिस पर व्हाट्सएप वीडियो कॉल चालू थी। कॉल के दूसरी तरफ जेल में बैठा गैंगस्टर मोविश था। मोविश जेल से ही लाइव होकर चिल्ला रहा था कि “इसे मारो, इसे गालियां निकालो।”

    जब राहुल के पिता बग्गा लाल अपने बेटे को खून से लथपथ देखकर उसे बचाने दौड़े, तो बदमाशों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। हमलावरों के पास दो अवैध हथियार (पिस्तौल) थे। उन्होंने राहुल और उसके पिता के सिर पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी दी, ताकि कोई शोर न मचा सके। दहशत फैलाने के लिए हमलावरों ने जाते-जाते घर के गेट पर सीधी गोली भी चलाई। पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों में युवराज सिद्धू, उसका सगा भाई विशाल सिद्धू, तनिश उर्फ लल्ला, सैम और मुट्टू मुख्य रूप से शामिल थे। इनके अलावा कई अज्ञात बदमाश भी थे जिनकी पहचान सीसीटीवी के जरिए की जा रही है।

    यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं थी। राहुल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया (फेसबुक लाइव) पर एक-दूसरे को देख लेने की खुली चुनौतियां दी गई थीं। इसी रंजिश के चलते करीब 5-7 दिन पहले भी इन्ही हमलावरों ने राहुल के घर के बाहर आकर सरेआम गालियां दी थीं और धमकी दी थी कि ‘बाहर निकल, तेरे पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।’ मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एक्शन में आ गई है। पुलिस ने पीड़ित राहुल और उसके पिता बग्गा लाल के बयानों और घटनास्थल से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल से चल रहे इस पूरे नेटवर्क को लेकर भी पुलिस गहनता से जांच कर रही है कि आखिर जेल के अंदर फोन कैसे पहुंचा।

     

     

  • Punajb News: फर्जी चोटों के X-Ray Report बनाने को लेकर विवादों में आया Civil Hospital, देखें वीडियो

    Punajb News: फर्जी चोटों के X-Ray Report बनाने को लेकर विवादों में आया Civil Hospital, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले के कस्बा ममदोट का सिविल अस्पताल पहले भी काफी चर्चा में रहा है और फर्जी एमएलआर और चोटें बनाकर मोटे पैसे वसूलने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं, लेकिन कई मामले अभी जांच के अधीन हैं। उनकी रिपोर्ट अभी आई भी नहीं थी कि ममदोट सिविल अस्पताल का एक और मामला सामने आया है, जहां रात को 1 बजे नशे की हालत में एक्सरे विभाग के कर्मचारी डॉक्टरों के साथ मिलीभगत करके फर्जी चोटें बनाकर एक्सरे रिपोर्ट तैयार कर रहे थे। इस बार उन्होंने खुद ही अपनी पोल खोल ली, क्योंकि वे नशे की हालत में थे। जानकारी के अनुसार, वीना रानी, जो कस्बा ममदोट के गांव चपाती की रहने वाली है, उसका अपने ही रिश्तेदारों से जमीन के बंटवारे को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके दौरान वहां आपस में मारपीट भी हुई।

    मारपीट का शिकार हुई वीना जख्मी हालत में सिविल अस्पताल ममदोट में दाखिल हो गई। वीना ने बताया कि उन्हें अस्पताल से एक फोन आया कि वे जल्दी आ जाएं, उनका रात को ही एक्सरे रिपोर्ट बनाकर कार्रवाई कर देंगे। लेकिन यहीं अस्पताल का स्टाफ गलती कर बैठा। उन्होंने गलती से दूसरे पक्ष कश्मीर सिंह को फोन लगा दिया। लेकिन वह फोन पीड़ित पक्ष वीना को ही लग गया। फोन पर सारी बात सुनकर वीना का परिवार मौके पर एक्सरे विभाग में पहुंच गया, जहां फर्जी रिपोर्टें तैयार की जा रही थीं और एक्सरे किए जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने दूसरी तरफ कश्मीर सिंह आदि को वहां देखा तो वे वहां से भाग गए और साथ ही अस्पताल का स्टाफ भी एक्सरे विभाग को खुला छोड़कर वहां से फरार हो गया।

    वीना पीड़ित पक्ष की ओर से मौके पर वीडियो भी बनाए गए, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक्सरे विभाग की मशीनें देर रात 1 बजे भी चालू हैं और स्टाफ वहां से फरार है। जब वीना के परिवार ने एक्सरे विभाग के कर्मचारियों से बात की तो वे शराब के नशे में धुत दिखे। परिवार का आरोप है कि डॉक्टरों की मिलीभगत से फर्जी चोटें बनाने का काम अस्पताल में चल रहा है, जिसे देर रात अंजाम दिया जाता है, जिसकी वीडियो भी सामने हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस और सरकार से इंसाफ की मांग की है और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और जो पक्ष फर्जी चोटें बनाकर उन पर क्रॉस केस बनाना चाहता है, उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाए। इस बाबत जब सिविल सर्जन फिरोजपुर से बातचीत की गई तो वे भी गोलमोल जवाब देते हुए नजर आए और मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

     

  • Punjab News: 8 किलो हेरोइन और 2 लाख की ड्रग सहित 2 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: 8 किलो हेरोइन और 2 लाख की ड्रग सहित 2 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसर: कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी सहित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 किलो 378 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद कर 2 आरोपियों को काबू किया है, जिनमें एक जुवेनाइल भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह कार्रवाई इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन के तहत की गई। पहले चरण में थाना छाटा की पुलिस ने लवप्रीत सिंह उर्फ लव और एक जुवेनाइल को गिरफ्तार कर 2 किलो हेरोइन बरामद की।

    पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 3 किलो 10 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इस तरह पहले ऑपरेशन में कुल 5 किलो 10 ग्राम हेरोइन हाथ लगी। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एक और ऑपरेशन चलाया, जिसके दौरान 3 किलो 368 ग्राम हेरोइन और बरामद की गई। इससे कुल बरामदगी 8 किलो 378 ग्राम हेरोइन तक पहुंच गई। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मुख्य आरोपी लवप्रीत सिंह खासा गांव का 28 वर्षीय बीए पास युवक है, जिसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और रातों-रात अमीर बनने की सोच के कारण कई युवा नशा तस्करों के जाल में फंस रहे हैं।

    जांच के दौरान सामने आया है कि पाकिस्तान आधारित स्मगलर ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा के अंदर पहले से तय की गई जगहों पर हेरोइन गिराते थे, जहां से स्थानीय युवक इसे उठाकर आगे सप्लाई करते थे। पुलिस ने कहा कि इस गिरोह से जुड़े कई अन्य लोगों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने माता-पिता और समाज से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सही काउंसलिंग करें ताकि वे नशा तस्करों के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि पड़ोसी मुल्क पंजाब के युवाओं को नशे के जरिए गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, जिसका मुकाबला समाज और पुलिस को मिलकर करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

  • मुख्यमंत्री ने 19 जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 50.20 लाख लाभार्थियों के खातों में जारी किए 1,582.14 करोड़ रुपये

    मुख्यमंत्री ने 19 जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 50.20 लाख लाभार्थियों के खातों में जारी किए 1,582.14 करोड़ रुपये

    चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को विभिन्न 19 जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 50 लाख 20 हजार 442 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 1 हजार 582 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि जारी की। जारी की गई राशि में महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शामिल है। मुख्यमंत्री द्वारा जारी की गई राशि में ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की 9वीं किस्त, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दयालु योजना, हर घर-हर गृहिणी योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से राज्य सरकार समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक को आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

    ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की 9वीं किस्त जारी

    मुख्यमंत्री ने बताया कि आज ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की 9वीं किस्त जारी की गई है। इसके तहत 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहन-बेटियों के खातों में 209 करोड़ 69 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। इसे मिलाकर अब तक 9 किस्तों में 1 हजार 832 करोड़ 69 लाख रुपये की राशि दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि गत 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के 109वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ ऐप का शुभारंभ किया गया था। चालू वित्त वर्ष के बजट में इस योजना के लिए 6 हजार 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

    34.83 लाख लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन

    मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों के खातों में सीधे 1 हजार 121 करोड़ 39 लाख रुपये की राशि भेजी गई है। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से किया जा रहा यह भुगतान सरकार की पारदर्शिता और सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि सरकारी सहायता प्रत्येक जरूरतमंद तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

    दयालु योजना के तहत 3,295 परिवारों को आर्थिक सहायता

    मुख्यमंत्री ने बताया कि दयालु योजना के तहत 3 हजार 295 परिवारों को 125.11 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर से प्रदेश में कुत्ते के काटने, आवारा पशुओं जैसे गाय, सांड, बैल, गधे, कुत्ते, नीलगाय और भैंस आदि के हमले से हुई आकस्मिक मृत्यु, दिव्यांगता अथवा चोट लगने की स्थिति में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से दयालु योजना-2 लागू की गई है।

    हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत मई माह की सब्सिडी जारी

    मुख्यमंत्री ने बताया कि गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली 5 लाख 16 हजार बहनों के बैंक खातों में मई माह की 18 करोड़ 97 लाख रुपये की सब्सिडी भी जारी की गई है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रत्येक माह 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

    प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 20,165 लाभार्थियों को सहायता

    मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 20 हजार 165 पात्र लाभार्थियों के खातों में मकान निर्माण के लिए 107 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इस योजना के तहत अब तक 827 करोड़ 22 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश में 76 हजार 466 मकान स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 41 हजार 260 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 35 हजार 206 मकानों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।