Blog

  • पंजाबः कैदियों को नशा सप्लाई करते जेल के हैड वार्डन सहित 2 वार्डन गिरफ्तार

    पंजाबः कैदियों को नशा सप्लाई करते जेल के हैड वार्डन सहित 2 वार्डन गिरफ्तार

    अमृतसरः पंजाब सरकार जेलों में नशा खत्म करने के भले ही दावे कर रही है लेकिन असलियत यह है कि जेलों में अभी भी नशा मिल रहा है। वहीं आज स्पेशल टॉस्क फोर्स नशे की खेप के साथ जेल के वार्डन को काबू किया है। बता दें कि बीते एक सप्ताह में यह दूसरा मामला है, जब किसी जेल अधिकारी की गिरफ्तारी की गई है। इतना ही नहीं, बीते एक सप्ताह में एसटीएफ की तरफ से 5 मामलों को सुलझाया गया है। इसमें 22.500 किलो हेरोइन को रिकवर किया गया है और 14 लोगों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है। मामले की जानकारी देते हुए एसटीएफ के एआईजी रछपाल सिंह ने बताया कि कि बीते दिनों तरनतारन में गोइंदवाल जेल के वार्डन को गिरफ्तार किया गया था, जो बड़े-बड़े गुनाहगारों को जेल के अंदर मोबाइल बेचता था। एक सप्ताह के अंदर ही एसटीएफ ने दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। 

    एक अन्य मामले में जेल का हेड वार्डन गिरफ्तार

    एसटीएफ ने एक अन्य मामले में अमृतसर जेल के हेड वार्डन को गिरफ्तार कर लिया है। अमृतसर जेल के हेड वार्डन की पहचान शबेग सिंह के तौर पर हुई है। जिससे मौके पर 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। यह वार्डन हेरोइन जेल के अंदर ले जाकर सप्लाई करता था। दोनों जेल मामलों में केस आगे बढ़ाते हुए एसटीएफ ने कुल 12 किलो की रिकवरी की है। इसके अलावा 5 किलो हेरोइन भिखीविंड व 5 किलो हेरोइन सराए अमानत खां से विभिन्न मामलों में भी बरामद की गई है।

    एसटीएफ के रछपाल सिंह ने तरनतारन के एक तस्कर सोनू सिंह को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने जानकारी दी कि तरनतारन का सोनू इससे पहले 2017 में पकड़ा गया था। लेकिन तब उसने अपने माइनर होने का सर्टिफिकेट कोर्ट में पेश किया और बेल ले ली थी। इन सभी 5 मामलों को आगे बढ़ाते हुए उनकी टीम ने इनमें कई आरोपियों की प्रॉपर्टी को भी सीज किया है। जिसकी कुल वैल्यू तकरीबन 1.04 करोड़ रुपए आकी जा रही है। वहीं, अमृतसर जेल के शबेग सिंह के अलावा तरनतारन जेल से पकड़े गए वार्डन की प्रॉपर्टी की भी जांच करने की तैयारी चल रही है।

  • पंजाबः होटल में पुलिस की रेड, होटल मालिक व युवतियों सहित 5 काबू

    पंजाबः होटल में पुलिस की रेड, होटल मालिक व युवतियों सहित 5 काबू

    अमृतसरः जिले में पुलिस ने एक होटल में रेड की। पुलिस ने होटल में रेड दौरान होटल का मालिक, 2 युवतियों सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक होटल में देह-व्यापार चल रहा था। जिसकी जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस ने होटल में दबिश दी है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। थाना 1 के एसएचओ गगनदीप सिंह ने जानकारी दी कि होटल के बारे में पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी। बस स्टैंड के सामने एक बड़े होटल में देह व्यापार का कारोबार बड़े स्तर पर चल रहा है।

    सूचना के बाद प्लानिंग की गई। एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर होटल में भेजा गया। होटल मालिक और स्टाफ ने पुलिसकर्मी को फोन पर लड़की की तस्वीरें दिखाने के साथ-साथ रेट भी बताए गए। पुलिसकर्मी ने युवती को होटल में बुलाने के लिए रजामंदी दे दी। पैसों की अदायगी के बाद जैसे ही युवती होटल के कमरे में पहुंची, ग्राहक बने पुलिस वाले ने थाने में कॉल करके इसका इशारा दे दिया।

    पुलिस पार्टी ने होटल से लड़की को बरामद कर लिया। इतना ही नहीं, एक अन्य महिला, जिसके साथ लड़की पहुंची थी, को भी हिरासत में ले लिया। इसके बाद होटल मालिक, मैनेजर और एक अन्य व्यक्ति को होटल से गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ गगनदीप सिंह ने जानकारी दी कि पारस होटल पर कार्रवाई के बाद पकड़े गए सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पांचों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर दी गई है।

  • पंजाबः कल बंद रहेगी बिजली, 7 घंटे का लगेगा पॉवर कट

    पंजाबः कल बंद रहेगी बिजली, 7 घंटे का लगेगा पॉवर कट

    तलवाड़ाः जिले में 19 अक्तूबर को 7 घंटे का बिजली का कट लगने जा रहा है। इसकी जानकारी उपमंडल के ऑफिसर दातारपुर इंजीनियर सतविंदर सिंह ने दी है। जानकारी देते हुए इंजीनियर सतविंदर ने बताया कि 11 केवी फीडर कामाही देवी की जरूरी मुरम्मत के कारण यह कट लगाया जा रहा है। मुरम्मत के कारण 19 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पावरकट लगेगा। इस दौरान गांव बहिलखन, वहीअता, कामाही देवी, नौशहरा, बाड़ी आदि में बिजली सप्लाई बंद रहेगी। प्रशासन ने लोगों को पहले से तैयारी करके रखने के लिए आदेश दे दिेए गए है। 

  • जालंधरः दिन-दिहाड़े बिजली घर में लाखों की चोरी, विभाग में मचा हड़कंप

    जालंधरः दिन-दिहाड़े बिजली घर में लाखों की चोरी, विभाग में मचा हड़कंप

    जालंधर/हर्षः महानगर में थाना 3 के अतंगर्त आते प्रतापबाग के समीप बिजली घर से लाखों रुपए की चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक कैशियर नीतिन ने बताया कि वह खाना खाने के लिए डेढ़ बजे अपने कैबिन को लॉक करके वहां से चला गया था। जैसे ही वह खाना खाकर 2 बजे वापिस आया तो उसने देखा कि कैश के बक्से से पैसे गायब थे। नीतिन ने जैसे ही पैसे की गिनती की तो पता चला कि कैश में से 2 लाख 64 हजार 557 रुपए चोरी हो गए है। कैशियर ने बताया कि मौके पर उसे पेचकस मिला।

    चोरी की सूचना से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। बिजली विभाग की तरफ से घटना को लेकर पुलिस को सूचित कर दिया गया। लेकिन घटना के 2 घंटे बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई पुलिसकर्मी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। जिसके बाद खुद बिजली विभाग के कर्मचारी लिखित शिकायत लेकर थाने जाने की तैयारी में है। हैरानी की बात यह है कि बिजली घर में जहां घटना घटी है, वहां पर कैमरे नहीं लगे हुए है। जिसके कारण वारदात के बारे में अभी पता नहीं चल सका है। घटना स्थल पर कैमरों के ना लगे होने के कारण चोरों के मन में कोई डर ना रहा। जिससे वह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

  • पंजाबः सरकार के दावों की खुली पोल, जेल में नशा लेते कैदियो की वीडियो हुई वायरल 

    पंजाबः सरकार के दावों की खुली पोल, जेल में नशा लेते कैदियो की वीडियो हुई वायरल 

    अमृतसरः पंजाब की जेलों में कैदियों के नशा लेने के मामले सामने आ रहे है। वही अमृतसर की जेल में नशा लेने की एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। इस वायरल वीडियो से सरकार दावों की पोल खुलती दिखाई दे रही है। यह वीडियो केंद्रीय सुधार गृह (जेल) का है। जहां झुंड में बैठ कैदी नशा लेते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जेल के किसी भी अधिकारी ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया है। जेल के अंदर से नशे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी के साथ वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार यह वीडियो किसी और ने नहीं, कुछ दिन पहले जेल में ही समय बिता कर आए एक हवालाती का है।

    वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग झुंड बनाकर आराम से पन्नी का प्रयोग कर नशा ले रहे हैं। बीते कुछ समय में जेल के अंदर काफी अधिक सख्ती की गई, लेकिन इसके बावजूद जेल में नशे व मोबाइल की तस्करी का नेटवर्क तोड़ने में सरकार नाकामयाब साबित हो रही है। हैरानी की बात है कि सख्ती के बावजूद जेल में नशा बिकता है और कैदी नशा लेते भी हैं। कुछ लोग नहीं, काफी बड़ी गिनती में कैदी व हवालातियों तक नशा पहुंचता है। बीते समय में नशे व मोबाइल की तस्करी को रोकने के लिए सीआरपीएफ व अर्ध सैनिक बल भी जेलों में तैनात किए गए थे। लेकिन अभी तक इन दोनों पर शिकंजा कसने में पंजाब सरकार नाकामयाब रही है।

  • पंजाबः नशे की ओवरडोज से दो भाईयों की मौत

    पंजाबः नशे की ओवरडोज से दो भाईयों की मौत

    अमृतसरः पंजाब में नशे की ओवरडोज से कई नौजवानों की मौत के मामले सामने आ चुके है। आए दिन नशे के कारण युवक की मौत हो रही है। वहीं आज जिले में नशे ने दो भाइयों की जान ले ली। जिसमें एक नशे के साथ पकड़ा गया था और जेल में बंद था। वहीं दूसरे भाई ने गम में नशे की ओवरडोज ले ली। दोनों भाइयों की मौत एक ही दिन में तकरीबन 5 घंटे के अंतराल में हुई।

    यह घटना हल्के पूर्वी के अंतर्गत आते कटड़ा बघियां की है। दोनों भाई नशे के आदी थे। बड़ा भाई हरगुन नशा बेचता भी था। जिसके चलते पुलिस ने कुछ दिन पहले ही उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस मामले में जेल भेज दिया था। जेल में उसकी हालत खराब हो गई। जेल से उसे गुरु नानक देव अस्पताल दाखिल करवाया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने इसकी जानकारी परिवार को दे दी। बड़े बेटे के जाने का गम अभी परिवार झेल रहा था। तभी छोटे बेटे कालू की भी मौत की खबर घर पहुंच गई।

    भाई की मौत की खबर सुन कालू बेचैन हो गया और चाली खूह की तरफ नशे का इंजेक्शन लगाने चला गया। वहीं उसने ओवरडोज ले ली और बेसुध हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पड़ोसी मनीष महाजन ने बताया कि पीड़ित परिवार काफी अच्छा था। दोनों बेटों को बड़े होते उन्होंने देखा, लेकिन दोनों को नशे की आदत लग गई। यही उनके परिवार के दुखों का कारण बन गया। एक की मौत एनडीपीएस एक्ट में पकड़े जाने के बाद जेल में हो गई और दूसरे की नशे की ओवरडोज के कारण हो गई। एक ही दिन में दो मौतों के बाद परिवार संभल नहीं पा रहा।

  • पंजाबः नशे की ओवरडोज ने इकलौते 26 साल के युवक की मौत

    पंजाबः नशे की ओवरडोज ने इकलौते 26 साल के युवक की मौत

    तरनतारन: पंजाब में नशे की ओवरडोज से आए दिन जवान युवकों की मौत के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज फिर एक नौजवान युवक की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई है। यह मामला तरनतारन के मरहाना गांव से सामने आया है। जहां नशे की ओवरडोज के कारण 26 साल के सिकंदरजीत की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक वह माता-पिता का इकलौता बेटा था।

    उसके पिता निर्मल सिंह का कुछ साल पहले निधन हो गया था। वहीं सिकंदरजीत के परिवार के सदस्यों ने कहा कि रविवार रात को ड्रग ओवरडोज के कारण उसे दिल का दौरा पड़ा जिसके कारण उसका निधन हुआ। वहीं अपने इकलौते बेटे की मौत पर बेसुद्ध हुई मां ने कहा कि बुरी संगत ने ही उसके बेटे को सत्म किया है। गौर हो कि सरकार एक तरफ नशे के खिलाफ कार्रवाई के दावा कर रही है लेकिन दूसरी ओर राज्य में रोजाना नशे के कारण युवा अपनी जान गवां रहे हैं। 

  • पंजाबः राज्यपाल की बड़ी कार्रवाई, Agricultural University के वाइस चांसलर को हटाया, देखें पत्र

    पंजाबः राज्यपाल की बड़ी कार्रवाई, Agricultural University के वाइस चांसलर को हटाया, देखें पत्र

    चंडीगढ़: पंजाब सरकार के खिलाफ राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर को पद से हटाया दिया है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति असंवैधानिक तरीके से की गई थी, जिस वजह से यह कार्रवाई की गई है। राज्यपाल पुरोहित ने इस सबंधी एक पत्र भी जारी किया है।

    बता दें कि बनवारीलाल पुरोहित ने सीएम भगवंत मान से लुधियाना पीएयू के वीसी सतबीर गोसल को हटाने के लिए कहा था, क्योंकि उन्हें उनकी मंजूरी के बिना नियुक्त किया गया था और यूजीसी के मानदंडों का पालन करते हुए, नियुक्ति को “अवैध और स्वीकार नहीं किया जा सकता”।  सरकार से नए वीसी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने को भी कह दिया है।

  • दिवाली से पहले किसानों को सरकार का बड़ा तोहफा, गेंहू और सरसों पर बढ़ाई एमएसपी 

    दिवाली से पहले किसानों को सरकार का बड़ा तोहफा, गेंहू और सरसों पर बढ़ाई एमएसपी 

    नई दिल्लीः सरकार ने मंगलवार को मौजूदा फसल विपणन वर्ष के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को 110 रुपये बढ़ाकर 2,125 रुपये प्रति क्विंटल करने का फैसला किया। इसके साथ ही सरसों का एमएसपी 400 रुपये बढ़ाकर 5,450 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। एक बयान में कहा गया कि किसानों के उत्पादन और आय को बढ़ावा देने के लिए यह फैसला किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल की समिति (सीसीईए) की बैठक में एमएसपी बढ़ाने का फैसला किया गया।

    एमएसपी वह दर है, जिस पर सरकार किसानों से कृषि उपज खरीदती है। इस समय सरकार खरीफ और रबी, दोनों सत्रों में उगाई जाने वाली 23 फसलों के लिए एमएसपी तय करती है। रबी (सर्दियों) फसलों की बुवाई, खरीफ (गर्मी) फसलों की कटाई के बाद अक्तूबर में शुरू होती है। गेहूं और सरसों रबी की प्रमुख फसलें हैं।

    एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार सीसीईए ने फसल वर्ष 2022-23 (जुलाई-जून) और विपणन सत्र 2023-24 में छह रबी फसलों के लिए एमएसपी में वृद्धि को मंजूरी दी है। फसल वर्ष 2022-23 के लिए गेहूं का एमएसपी 110 रुपये बढ़ाकर 2,125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जो फसल वर्ष 2021-22 में 2,015 रुपये प्रति क्विंटल था। बयान में कहा गया है कि गेहूं की उत्पादन लागत 1,065 रुपये प्रति क्विंटल रहने का अनुमान है।

  • पंजाबः एडवोकेट के घर NIA की रेड, भड़के वकीलों ने बंद किया काम, लिखी चिट्ठी

    पंजाबः एडवोकेट के घर NIA की रेड, भड़के वकीलों ने बंद किया काम, लिखी चिट्ठी

    चंडीगढ़ः गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया गैंग द्वारा चलाई जा रही कबड्डी अकादमी के साथ जुड़े बठिंडा के 3 खिलाड़ियों के घरों में एनआईए की टीम ने आज सुबह रेड की। एनआईए की रेड के बारे में एसएसपी जे एलेंचेलियन ने पुष्टि कर दी है। वहीं गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, मोहाली आरपीजी हमले के आरोपियों की एडवोकेट शैली शर्मा के चंडीगढ़ निवास पर भी एनआईए टीम ने सुबह दबिश दी। टीम ने उनका घर तीन घंटे खंगाला। जाते समय टीम उनके दो मोबाइल भी ले गई। इसके बाद सूचना जिला बार एसोसिएशन को दी गई। एडवोकेट पर छापे के बाद जिला बार एसोसिएशन ने काम बंद कर दिया है। इसके अलावा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भी काम रोक दिया है। 

    आज एनआईए की ओर से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा सहित 40 जगहों पर यह रेड की जा रही है। वहीं एनआईए की टीम द्वारा चंडीगढ़ में वकील के आवास पर भी रेड को लेकर बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा ने सख्त निंदा की है। इस संबंध में उन्होंने एनआईए डायरेक्टर को पत्र भी लिखा है। बार काउंसिल ने पत्र में कहा कि जांच एजेंसियों से निष्पक्ष और संवैधानिक मानदंडों के अनुरूप काम करने की उम्मीद की जाती है, लेकिन एक प्रमुख एजेंसी द्वारा आधारहीन आधार पर की जा रही ऐसी छापेमारी इस तरह की ‘पुलिस ज्यादतियों’ को दर्शाती है। जिस आधार और तरीके से ये छापे मारे गए, वह विशेष रूप से पूरे वकीलों के समुदाय और सामान्य रूप से वादियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पत्र में लिखा है कि एनआईए इस तरीके से किसी वकील के आवास एवं कानूनी कार्यालय पर छापेमारी नहीं कर सकती है। परिषद आपसे अनुरोध करती है कि इस तरह के कार्यों की तुरंत निगरानी करें।

    जानकारी के अनुसार एनआईए की टीम मंगलवार सुबह भागू रोड की दस नंबर गली में बने एक मकान में रेड करने पहुंची लेकिन टीम को वहां से कुछ नहीं मिला। इसके बाद टीम ने गांव कराड़वाला में छापामारी की। वहां पर भी एनआईए के हाथ कोई सुराग नहीं मिला। लेकिन दोनों जगहों के युवक कबड्डी से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। इसके बाद एनआईए की टीम ने गांव जांडियां में कबड्डी कोच जग्गा जांडियां के घर दबिश दी। सूत्रों ने बताया कि जग्गा टीम के हाथ नहीं लगा। जग्गा गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की कबड्डी अकादमी से जुड़ा है। कुछ माह पहले कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया की हत्या कर दी गई थी। सूत्रों के अनुसार, उस समय आरोपी जग्गा को मारने आए थे लेकिन जग्गा नहीं मिला तो उन्होंने संदीप की हत्या कर दी। आरोपी जग्गू भगवानपुरिया गुट के विरोधी बताए जा रहे हैं।