Blog

  • पंजाबः पुलिस अधिकारी की गाड़ी में IED लगाने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार

    पंजाबः पुलिस अधिकारी की गाड़ी में IED लगाने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार

    अमृतसरः जिलें के रंजीत एवेन्यू पुलिस की गाड़ी से बम बरामद होने का मामले को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है। पुलिस ने सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह की गाड़ी पर आईईडी लगाने वाले दोनों आरोपियों गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी तरनतारन के रहने वाले बताए जा रहे हैं।सूत्रों के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के आतंकवादी हरिंदर सिंह रिंदा के साथ संबंध है। जानकारी के अनुसार शाम को अमृतसर पुलिस इस आईईडी मामले को लेकर प्रेस कान्फ्रेंस कर सकती है।

    बता दें कि गत दिवस घर के बाहर खड़ी सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह की गाड़ी में दो बाइक सवार आईईडी लगाकर फरार हो गए थे। जानकारी के मुताबिक आतंकवादियों ने उनकी गाड़ी के नीचे डेटोनेटर और आरडीएक्स लगाया था। यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जिसके बाद पुलिस प्रशासन जांच में जुट गया था। जानकारी के मुताबिक आतंकी दिल्ली एयरपोर्ट से विदेश भागने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट से दोनों को अमृतसर लेकर पहुंची है। अब दोनों को ज्वाइंट इंटेरोगेशन सेंटर में पूछताछ की जा रही है। 

  • पंजाबः पुलिस वर्दी का रौब दिखा देता था वारदात को अंजाम, गिरफ्तार

    पंजाबः पुलिस वर्दी का रौब दिखा देता था वारदात को अंजाम, गिरफ्तार

    लुधियानाः एक बार फिर से पंजाब पुलिस विवादों में घिरती दिखाई दे रही है। दरअसल, कुछ पुलिस मुलाजिम के गलत कारनामें पंजाब पुलिस की वर्दी को दागदार कर रहे हैं। वहीं ताजा मामला जिलें के रेलवे स्टेशन से सामने आया है। जहां जीआरपी और आरपीएफ ने पुलिस कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रेनों में चढ़कर चेकिंग के बहाने यात्रियों पर पुलिस वर्दी का रौब दिखा लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था।

    ट्रेन में मोबाइल चुराकर भागा था आरोपी

    जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को आरोपी दादर एक्सप्रेस में चढ़ गया। आरोपी बी-2 एस-टीयर 3 में चढ़ा और एसी कोच में चार्जिंग पर लगा मोबाइल चुरा लिया। इसके बाद चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। रेलवे के एसी कोच जैनिटर अजय ने तुरंत रेलवे 139 पर सूचना दे शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में थाना जीआरपी ने तुरंत एक्शन लिया और सर्च अभियान चलाया। शिकायतकर्ता अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि जिस कर्मचारी ने फोन चोरी किया उसने पुलिस की वर्दी पहनी थी और नेम प्लेट पर उसका नाम भी लिखा हुआ था।

    पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर माल गोदाम से काबू किया। आरोपी की पहचान दीपक कुमार निवासी गिदड़बाहा के रूप में हुई है। उसे अदालत में पेश कर ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी से पुलिस ने एक आधार कार्ड भी बरामद किया है, वो आधार कार्ड उसी व्यक्ति का है जिसका आरोपी ने मोबाइल चुराया है।

    नशे का आदी है आरोपी 

    आरोपी दीपक स्टेशन पर घूम कर यात्रियों को सुनसान जगह पर रोक लेता और चेकिंग के बहाने उनसे पैसे ऐंठ लेता था। पुलिस के मुताबिक जब आरोपी दीपक को पकड़ा तो वह शराब के नशे में था। आरोपी शादीशुदा है। वह नशा करने का भी आदी है, जिस वजह से वह गलत संगत में पड़ अपराध की दुनिया में आ गया। जेल वार्डन दीपक पर प्राइवेट बैंक का करीब 4 लाख रुपए का लोन है। लोन की किस्तें न भरे जाने के कारण दीपक परेशान रहता था। 

    एक अन्य मामले में बैंक प्रबंधकों ने भी किया केस दर्ज

    आरोपी दीपक के खिलाफ बैंक प्रबंधकों ने भी अदालत में केस दायर किया हुआ है। पुलिस ने आरोपी का फोन कब्जे में ले लिया है और जो फोन चुराया था उस फोन को ट्रेसिंग पर लगा दिया है ताकि पता चल सके आरोपी ने फोन किसे बेचा है। दीपक अप्रैल महीने से लगातार गैरहाजिर चल रहा था। वह 2017 से जेल वार्डन था। बताया जा रहा है कि आरोपी दीपक लोगों से लूटपाट करके ट्रेन से ही वापस भाग जाता था। कई यात्रियों से आरोपी सुनसान जगह पर मारपीट भी कर चुका है।

  • पुलिस का एक ये भी रूपः सब-इंस्पेक्टर ने दुकान से चुराए सिगरेट के पैकेट, घटना सीसीटीवी में कैद

    पुलिस का एक ये भी रूपः सब-इंस्पेक्टर ने दुकान से चुराए सिगरेट के पैकेट, घटना सीसीटीवी में कैद

    चंडीगढ़ः पुलिस अक्सर चोरों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश देती है, लेकिन पंचकूला जिले के सेक्टर 17 में वही सीसीटीवी कैमरा चंडीगढ़ पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर के गले की हड्डी बन गया। क्योंकि हाईटेक माने जाने वाले चंडीगढ़ पुलिस का सब-इंस्पेक्टर एक दुकान से सिगरेट के दो पैकेट चुरा ले गया। 

    सब-इंस्पेक्टर दुकान से सिगरेट के दो पैकेट चोरी करने के बाद थाने पहुंचा ही था कि दुकान मालिक उसकी शिकायत करने थाने आ गया। दरअसल, दुकान मालिक ने देखा कि उसकी दुकान के काउंटर पर रखे सिगरेट के दो पैकेट गायब थे। दुकानदार ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो पता चला कि चंडीगढ़ पुलिस के सब-इंस्पेक्टर ने उसकी दुकान से सिगरेट चुराई है।

    जिसके बाद सब-इंस्पेक्टर से बात की गई तो वह सिगरेट लौटाने या पैसे देने दुकान पर आ गया। ऐसे में उनकी बातचीत भी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज में पुलिसकर्मी पहले दुकान में रखे सामान को देखता नजर आ रहा है। इसके साथ ही दुकान मालिक के बाहर आते ही उसने काउंटर से सिगरेट के 2 पैकेट उठाकर जेब में रख लिया। दुकानदार ने सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो पुलिसकर्मी पकड़ा गया।

    दुकानदार ने बताया कि उसने मौलीजागरां थाने के प्रभारी को भी इस पुलिसकर्मी की हरकत की जानकारी दी गई। हालांकि गोयल ने कहा कि वह नहीं चाहते कि पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई हो। यह उसके लिए एक सबक है। गोयल ने बताया कि एक माह पूर्व भी यह पुलिसकर्मी दुकान से कॉफी का डिब्बा ले गया था।

  • ‘आप’ सरकार में पहली बार पंजाब जाएंगे पीएम मोदी

    ‘आप’ सरकार में पहली बार पंजाब जाएंगे पीएम मोदी

    चंडीगढ़ः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अगस्त को पंजाब आएंगे। वह मोहाली के मुल्लापुर में टाटा मैमोरियल अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। यह अस्पताल होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं खोज केंद्र के नाम से बना है। यहां 300 बिस्तरों की क्षमता है। यह अभी आंशिक रूप से काम कर रहा है। इसमें विभिन्न विभागों जैसे सर्जिकल का आंकोलाजी, मेडिकल आंकोलाजी, रेडिएशन आंकोलाजी, प्रीवेंटिव आंकोलाजी, एनेस्थीसिया और पेलीएटिव केयर के ओपीडी की शुरुआत की गई है।

    वह पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार बनने के बाद पहली बार पंजाब आएंगे। इससे पहले कांग्रेस सरकार और चरणजीत चन्नी के सीएम रहते उनकी सुरक्षा में चूक हो गई थी। जिसके बाद वह वापस लौट गए थे। इसके बाद वह चुनाव आचार संहिता के दौरान रैली करने पंजाब आए थे।

    इसके अलावा अलग-अलग किस्म के कैंसर के प्रबंधन के लिए एमआरआइ, सीटी, मेमोग्राफी, डिजिटल रेडियोग्राफी, एलआइएनएसीआरटी, ब्रैकीथैरेपी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। गत दिवस मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ  हास्पिटल के बारे में समीक्षा बैठक की। पंजाब सिविल सचिवालय स्थित कमेटी रूम में समीक्षा बैठक के बाद मुख्य सचिव ने जमीनी हकीकत के बारे में जानने के लिए मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) स्थित केंद्र के स्थान का दौरा भी किया। उन्होंने विभिन्न विभागों में ईलाज अधीन मरीजों के साथ भी मुलाकात की।

    मुख्य सचिव को जानकारी देते हुए होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. आशीष गुलिया ने बताया कि केंद्र में अब तक लगभग 300 मरीजों को ईलाज मुहैया करवाया जा चुका है। इस संस्था का बाकी हिस्सा लगभग 6 महीनों में मुकम्मल होने की संभावना है और इसके सभी 300 बैड कार्यशील हो जाएंगे, जिससे न केवल पंजाब से बल्कि अलग-अलग पड़ोसी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और राजस्थान के मरीजों को कैंसर के ईलाज के लिए विश्वस्तरीय सेवाएं मुहैया करवाई जाएंगी।

  • बीजेपी के नए संसदीय बोर्ड का ऐलान, शिवराज-गडकरी आउट, देखें सूचि

    बीजेपी के नए संसदीय बोर्ड का ऐलान, शिवराज-गडकरी आउट, देखें सूचि

    नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को अपने नए संसदीय बोर्ड और चुनाव समिति का गठन कर दिया है। बीजेपी के इस संसदीय बोर्ड में कुल 11 नेताओं को जगह दी गई है। इसके साथ ही संसदीय बोर्ड में बीजेपी के तीन नए चेहरों को भी जगह दी गई है। साथ ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को संसदीय बोर्ड से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। बीजेपी के संसदीय बोर्ड में इकबाल सिंह लालपुरा के तौर पर पहली बार किसी सिख को जगह मिली है।

    बीजेपी संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष जेपी नड्डा हैं। बीजेपी के संसदीय बोर्ड में जिन तीन नए चेहरों को जगह दी गई है उनमें कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, के लक्ष्मण और सर्बानंद सोनोवाल शामिल हैं। इनके अलावा नए संसदीय बोर्ड में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया और बीएल संतोष शामिल है। बीएल संतोष को संसदीय बोर्ड का सचिव नियुक्त किया गया है।

    चुनाव समिति में 15 नेता शामिल

    संसदीय बोर्ड के अलावा बीजेपी ने चुनाव समिति का गठन भी किया है। इसमें 15 नेताओं को शामिल किया गया है। इसके अध्यक्ष जेपी नड्डा हैं। उनके अलावा इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह, बीएस येदियुरप्पा, सर्वानंद सोनोवाल, के लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया, भूपेंद्र यादव, देवेंद्र फडणवीस, ओम माथुर, बीएल संतोष और वनथी श्रीनिवास इसमें शामिल हैं।

  • सतपाल सिंह सत्ती ऊना विस के चार दिवसीय प्रवास पर

    सतपाल सिंह सत्ती ऊना विस के चार दिवसीय प्रवास पर

    ऊना/सुशील पंडित: छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती 18 अगस्त को प्रातः 11 बजे ग्राम पंचायत बडैहर में रिग्ग का लोकार्पण करेंगे जबकि 19 अगस्त को प्रातः 11 बजे ग्राम पंचायत जलग्रां-टब्बा में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे और उसके उपरांत सायं 5 बजे सतपाल सत्ती ग्राम पंचायत बनगढ़ के फतेहवाल में रास्ते का उद्घाटन करेंगे। सतपाल सत्ती 20 अगस्त को प्रातः 11 बजे ग्राम पंचायत जनकौर में पटवार खाने, जिम और प्राईमरी स्कूल में 5 लाख की लागत से किए गए सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्याें का लोकार्पण करेंगे तो वहीं 21 अगस्त को प्रातः 10 बजे संतोषगढ़ में बने 30 बैड के अस्पताल के लोकापर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे। संतोषगढ़ अस्पताल का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री डाॅ राजीव सैजल करेंगे। यह जानकारी एक सरकारी प्रवक्ता ने दी।

  • वीरेंद्र कंवर 19 अगस्त को कुटलैहड़ प्रवास पर

    वीरेंद्र कंवर 19 अगस्त को कुटलैहड़ प्रवास पर

    ऊना/सुशील पंडित: ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर 19 अगस्त को प्रातः 11 बजे जीएमएस ख्वाज़ा में बनने वाले अतिरिक्त आवास भवन की आधारशिला रखेंगे और बसाल में वीडब्ल्यूएसएम भवन का भूमिपूजन करेंगे।। तदपश्चात दोपहर 2.30 नव स्तरोन्नत राजकीय उच्च पाठशाला नारी और नारी में ही सिंचाई संवर्धन टयूबवैल नं 2 का शुभारंभ करेंगे। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।

  • इस बॉलीवुड अभिनेत्री पर 200 करोड़ रुपए की ठगी के लगे आरोप, जाने मामला

    इस बॉलीवुड अभिनेत्री पर 200 करोड़ रुपए की ठगी के लगे आरोप, जाने मामला

    नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस एक बार फिर मुसीबत में आ गई हैं। दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक्ट्रेस को ठग सुकेश चंद्रशेखर संबंधित 200 करोड़ रुपये के रंगदारी मामले में आरोपी पाया है। इस बाबत ईडी बुधवार (17 अगस्त) को एक्ट्रेस के खिलाफ एक चार्जशीट भी दाखिल करेगी।

    आरोपी हैं जैकलीन फर्नांडिस?

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी ने जैकलीन को लेकर कहा है कि वह सुकेश के ठग होने और उसके एक महिला से जबरन वसूली करने के बारे में जानती थीं। बता दें, बीते काफी समय से जैकलीन 200 करोड़ रुपये के इस वसूली मामले में फंसी हुई हैं। ईडी लगातार एक्ट्रेस को तलब कर बार-बार पूछताछ करने के लिए राजधानी दिल्ली बुलाती रहती है।

    ईडी के मुताबिक, सुकेश ने जैकलीन को करोड़ों रुपये के महंगे गिफ्ट दिए थे। इस मामले में ईडी एक्ट्रेस की 7 करोड़ रुपये की संपत्ति भी अटैच कर चुकी हैं। इतना ही नहीं ईडी के मुताबिक, सुकेश ने जैकलीन के परिजनों को भी महंगे गिफ्ट दिए थे, जिसमें 1.32 और 15 लाख के फंड भी शामिल हैं। इसके अलावा सुकेश ने कई बार जैकलीन को बेशकीमती तोहफे भी दिये हैं।

    क्या है पूरा मामला?

    बता दें, दिल्ली की तिहाड़ जेल में रहते हुए सुकेश चंद्रशेखर ने एक महिला से 200 करोड़ रुपये की ठगी की थी। इसके बाद सुकेश ने इन्हीं लूटी हुई दौलत से जैकलीन को गिफ्ट में महंगे-महंगे तोहफे देने शुरू कर दिये थे, जिसमें 52 लाख एक विदेशी घोड़ा भी शामिल है।

    जैकलीन का वर्कफ्रंट

    एक्ट्रेस के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल ही में साउथ सुपरस्टार किच्चा सुदीप की फिल्म ‘विक्रांत रोणा’ में नजर आई थीं। इससे पहले एक्ट्रेस को बॉलीवुड फिल्म ‘बच्चन पांडे’ में अक्षय कुमार के साथ देखा गया था।

  • पंजाबः कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला का ट्विटर अकाउंट हैक

    पंजाबः कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला का ट्विटर अकाउंट हैक

    अमृतसर: पंजाब कांग्रेस पार्टी के सांसद गुरजीत सिंह औजला को लेकर ख़बर सामने आई है। सांसद गुरजीत सिंह औजला का ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है। उनके ट्विटर अकाउंट से एक न्यूज़ चैनल द्वारा किये गए कई ट्वीट्स को रीट्वीट किया गया है। इस बात की जानकारी गुरजीत औजला ने खुद ट्वीट करके दी है।

    उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, प्रिय ट्विटर दोस्तों, मेरा ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया और एबीपी न्यूज के कई ट्वीट्स को रीट्वीट किया गया। मेरी टीम हैकर्स द्वारा की गई अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है। 

  • घर से एक ही परिवार के 6 लोगों के शव बरामद, इलाके में दहशत का माहौल

    घर से एक ही परिवार के 6 लोगों के शव बरामद, इलाके में दहशत का माहौल

    जम्मू-कश्मीर से बड़ी ख़बर सामने आई है। जम्मू के सिदरा इलाके में एक परिवार के छह सदस्य अपने आवास पर मृत पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 

    पुलिस ने बताया कि एक परिवार के छह सदस्य बुधवार को यहां अपने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए हैं। मृतकों की पहचान सकीना बेगम, उनकी दो बेटियों नसीमा अख्तर और रुबीना बानो, बेटे जफर सलीम और दो रिश्तेदारों  हबीबुल्ला के बेटे नूर-उल-हबीब और फारूक के बेटे सजाद अहमद के रूप में हुई है।

    सिदरा इलाके में एक घर में दो शव, जबकि दूसरे घर में चार शव मिले हैं। पुलिस ने कहा कि शवों को यहां के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भेज दिया गया है। पुलिस दल इलाके में पहुंच गए हैं। जांच शुरू कर दी गई है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चला है। एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद चीजें साफ हो जाएंगी।