Blog

  • पंजाबः दिन-दिहाड़े कार-बाइक टक्कर के दौरान चली गोलियां

    पंजाबः दिन-दिहाड़े कार-बाइक टक्कर के दौरान चली गोलियां

    गुरदासपुरः बटाला के लक्ष्मी पैलेस के पास उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब कार और मोटरसाइकिल के बीच मामूली टक्कर के बाद हुए विवाद के दौरान कार सवारों ने मोटरसाइकिल सवार पर फायरिंग कर दी। मोटरसाइकिल सवार कंवरप्रीत के अनुसार, उसने भाग कर अपनी जान बचाई। जबकि गोली चलाने वाली कार का चालक मौके से फरार हो गया। कार चालक के भाई ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें कुछ दिन पहले फिरौती की धमकियां मिल रही थी। जब एक मोटरसाइकिल ने उनकी कार को टक्कर मार दी, तो उन्हें लगा कि ये लोग धमकी देने वाले ही हैं, इसलिए उन्होंने अपने लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग की। पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है।

    पीड़ित मोटरसाइकिल सवार कंवरप्रीत सिंह ने बताया कि वह बजाज फाइन्स में रिकवरी वर्कर का काम करता है और जब उसके मैनेजर का फोन आया तो वह मोटरसाइकिल पर लक्ष्मी पैलेस के पास पहुंचा तो उसकी मोटरसाइकिल की एक कार से मामूली टक्कर हो गई। इस झगड़े के दौरान कार में सवार दो लोगों ने मुझसे झगड़ा करना शुरू कर दिया और मुझ पर फायरिंग कर दी। लेकिन किसी तरह फायरिंग दौरान मैं बच गया। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की है।

    उधर, कार चालक व अमन के भाई ने कहा कि उन्हें फोन पर मैसेज करके कुछ दिनों से धमकियां मिल रही हैं और फिरौती की मांग की जा रही है। उन्होंने इस बारे में एसएसपी बटाला को भी सूचित कर चुके है। जब बाइक ने उनकी कार को टक्कर मारी तो उन्हें लगा कि बाइक वाले वही युवक हो सकते हैं जो फोन पर धमकी दे रहे हैं, इसलिए उन्होंने फायरिंग की थी। उधर, बटाला पुलिस के डीएसपी ललित कुमार ने घटना को लेकर कहा कि जांच की जा रही है। जांच के मुताबिक उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • पंजाबः दर्शन के लिए जा रही संगत के साथ दर्दनाक सड़क हादसा, एक की मौत

    पंजाबः दर्शन के लिए जा रही संगत के साथ दर्दनाक सड़क हादसा, एक की मौत

    लुधियानाः दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर आज दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश से श्री दरबार साहिब अमृतसर जा रहे तीर्थयात्रियों की बोलेरो जीप खन्ना के गांव मोहनपुर के पास के खेतों में जा घुसी। बोलेरो जीप में परिवार के करीब 12 सदस्य सवार थे। हादसे में 17 वर्षीय सिमरन की मौत हो गई, जबकि अन्य श्रद्धालु भी घायल हो गए। श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की बिलासपुर तहसील के रहने वाले हैं। हादसे का कारण चालक को नींद आना बताया जा रहा है। 

    हादसे के बाद बोलेरो के चालक तरसेम सिंह ने बताया कि अचानक उनकी आंख लग गई जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खेतों में चला गया। इस हादसे में उसकी बेटी की मौत हो गई। वाहन में सवार पलविंदर सिंह ने बताया कि रास्ते में चालक को बदल दिया गया था। वे रास्ते में बस चाय पीने की सोच रहे थे, लेकिन इससे पहले एक हादसा हो गया, जिसमें एक 17 वर्षीय लड़की सिमरन की मौत हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।  घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • पंजाबः कई इलाकों में आज इतने बजे तक बंद रहेगी बिजली

    पंजाबः कई इलाकों में आज इतने बजे तक बंद रहेगी बिजली

    लुधियानाः शहर में एक बार फिर बिजली संकट गहरा गया है। कई इलाकाें में साेमवार काे आपूर्ति प्रभावित रहेगी। पावरकाम प्रवक्ता के अनुसार शहर में 10 अक्तूबर सोमवार को बिजली की तारों एवं उपकरणों की मुरम्मत के कारण कुछ इलाकों में बिजली बंद रहेगी। इसलिए लाेगाें काे सुबह 10 बजे से पहले ही अपना जरूरी काम कर लेना चाहिए। इसके तहत सुबह 10 से लेकर शाम 4 बजे तक न्यू किचलू नगर के ब्लाक ए, बी, सी, डी एवं ई, शरमन वाटिया एक एवं दो, आरएस पुरम, कृष्णा नगर, अल्टोस नगर, आत्म रूप एनक्लेव, राधा स्वामी सत्संग घर हंबड़ा रोड पर बिजली बंद रहेगी।

    इसके अलावा सुबह 10 से लेकर शाम 5 बजे तक ग्लाडा फ्लेट्स, डिवाइडिंग रोड, दुर्गा माता मंदिर फेज एक इत्यादि इलाकों में बिजली बंद रहेगी। पहले भी कई बार इन इलाकाें में बिजली सप्लाई बंद रहने से लाेगाें काे परेशानियाें का सामना करना पड़ता है। लाेगाें ने पंजाब पावरकाम से मांग की है कि बार-बार बिजली की सप्लाई बंद न की जाए।

  • पंजाबः मंत्री फौजा सरारी की बर्खास्तगी को लेकर सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

    पंजाबः मंत्री फौजा सरारी की बर्खास्तगी को लेकर सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

    लुधियानाः पंजाब सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने माेर्चा खाेल दिया है। साेमवार काे मिनी सचिवालय पर जिला कांग्रेस ने पंजाब सरकार के दोहरे मापदंड को लेकर प्रदर्शन किया गया। पार्टी का आराेप है कि फौजा सिंह सरारी काे आम आदमी पार्टी की सरकार बचा रही है। इस मामले में फाैजा सिंह काे बर्खास्त ना किए जाने को लेकर पूर्व विधायक पार्षदों के साथ डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन देने पहुंचे।

    पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पिछली सरकारों में हुई गड़बड़ियों की जांच करा रही है। उसमें कई विपक्षी नेता कानून की गिरफ्त में हैं। कांग्रेस के ही करीब आधा दर्जन नेताओं पर शिकंजा कसा गया है। जबकि सरकार में बैठे लाेगों पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। इसे लेकर सरकार का कोई एक्शन नहीं है। इससे बिफरे विपक्षी भी अब हमलावर हो गए हैं।

    जिला कांग्रेस प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार को बने अभी छह माह से अधिक का ही वक्त हुआ है कि भ्रष्टाचार के आरोप लगने शुरू हो गए हैं। सरकार में मंत्री फौजा सिंह सरारी भी भ्रष्टाचार के मामले में लिप्त हैं। कांग्रेस उनको बर्खास्त कर उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रही है। इसे लेकर सरकार का रैवेया नर्म है। उन्होंने कहा कि सरकार बदले की राजनीति के तहत काम कर रही है। रोष प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राकेश पांडे, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुरिंदर डावर के अलावा सीनियर डिप्टी मेयर शाम सुंदर मल्हाेत्रा, डिप्टी मेयर सर्बजीत कौर के अलावा कई पार्षद, कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • पंजाबः किरच से हमला कर डॉक्टर की बेरहमी से की हत्या

    पंजाबः किरच से हमला कर डॉक्टर की बेरहमी से की हत्या

    बटालाः पंजाब के बटाला के स्टाफ रोड पर रविवार शाम एक आरएमपी डॉक्टर की दो युवकों ने किरच से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने दो हमलावरों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण रंजिश बताया जा रहा है। डॉक्टर पर हत्यारों ने किरच से 10 बार वार किए थे। मृतक की पहचान गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बटाला के स्टाफ रोड पर स्थित डॉ. गुरमीत सिंह (62) एक निजी क्लीनिक चला रहा थे। आगे क्लीनिक था और पीछे उनका घर है। वह घर में अकेले ही रहते थे। दो साल पहले पंजाब पुलिस में एएसआई के पद पर रही उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है और एक बेटा और बहू सूरत में रहते हैं।

     रविवार शाम जब डॉ. गुरमीत सिंह क्लीनिक में नहीं थे तो उनकी तलाशी में पड़ोसी घर पहुंचे। घर में डॉ. गुरमीत सिंह का शव लहू से सना पड़ा था। इस निर्मम हत्या को देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर डीएसपी ललित कुमार पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बटाला के सिविल अस्पताल में भेज दिया है। डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि रजिंशन दो युवकों ने किरच से डॉ. गुरमीत सिंह की हत्या की है। दो हमलावरों में से एक को पुलिस ने पकड़ लिया है जिसकी पहचान जोबन निवासी बटाला के रूप में हुई है। दूसरा अभी फरार है जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

  • आज बंद होंगे हेमकुंड साहिब के कपाट

    आज बंद होंगे हेमकुंड साहिब के कपाट

    उतराखंडः हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट आज दोपहर डेढ़ बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद करने की गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। हेमकुंड में बीते तीन से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। वहां बर्फ की लगभग सात इंच मोटी परत जम गई है। 

    उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने की प्रक्रिया सुबह 10 बदे से शुरू होगी। सबसे पहले सुखमणि साहिब का पाठ किया जाएगा। इसके बाद सवा 11 बजे से शबद-कीर्तन होगा। दोपहर साढ़े 12 बजे साल की अंतिम अरदास और एक बजे गुरुग्रंथ साहिब का हुक्मनामा लिया जाएगा। इसके बाद एक बजकर पांच मिनट पर पवित्र गुरुग्रंथ साहिब पंच प्यारों की अगुवाई में दरबार साहिब से गर्भ सह सतखंड में लाया जाएगा। इसके बाद ठीक डेढ़ बजे हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

    इस साल कब खुले थे कपाट

    इस साल हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई को खोले गए थे। इस यात्रा सीजन में हेमकुंड साहिब में रविवार तक 2 लाख 21 हजार से अधिक यात्री पहुंचे हैं। 7 अक्टूबर से ही इस सीजन की गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की पहाड़ियों पर इस सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो चुकी है।

  • 82 साल की उम्र में समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव ने ली अंतिम सांस

    82 साल की उम्र में समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव ने ली अंतिम सांस

    3 बार मुख्‍यमंत्री और 2 बार केंद्र में मंत्री रहे मुलायम सिंह यादव

    नई दिल्लीः समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक और तीन बार उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव नहीं रहे। नेताजी को यूरिन संक्रमण, ब्‍लड प्रेशर की दिक्‍कत और सांस लेने में तकलीफ की वजह से दो अक्‍टूबर को मेदांता अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। तभी से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। नौ दिन तक मेदांता के आईसीयू और क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहने के बाद नेताजी ने सोमवार सुबह 8:16 बजे अंतिम सांस ली। 82 साल की उम्र में सोमवार सुबह उनका निधन हो गया।

    मुलायम सिंह यादव के निधन से देश भर में उनके समर्थकों और पार्टी लाइन से ऊपर उठकर विभिन्‍न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़कर काम करने वाले राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। पिछले कई दिनों से मुलायम सिंह की सेहत को लेकर देश भर में चिंता जताई जा रही थी। समाजवादी पार्टी के अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर मुलायम सिंह यादव के पुत्र और यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से नेताजी के निधन की पुष्टि की गई। ट्वीट में लिखा है- ‘मेरे आदरणीय पिताजी नहीं रहे-अखिलेश यादव।’ मुलायम सिंह यादव के निधन की सूचना मिलते ही मेदांता अस्‍पताल पर उनके समर्थकों, परिवार के नजदीकी लोगों और राजनीतिक नेताओं-कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी है। बड़ी संख्‍या में आ रहे लोगों को देखते हुए अस्‍पताल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 

    पिछले कई दिनों से मुलायम सिंह की सेहत को लेकर देश भर में चिंता जताई जा रही थी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और सीएम योगी आदित्‍यनाथ सहित देश की तमाम राजनीतिक हस्तियां लगातार उनकी सेहत का हाल ले रही थीं। मुलायम सिंह यादव की शख्‍सयित पार्टी की सीमाओं से पार हर दल और विचारधारा के लोगों को आकर्षित करती थीं। यही वजह है कि सोमवार को उनके निधन के बाद सिर्फ समाजवादी पार्टी नहीं बल्कि हर दल और संगठन में शोक की लहर है। मुलायम जब से मेदांता अस्‍पताल में भर्ती थे तबसे उन्‍हें देखने के लिए देश भर से लोग पहुुंच रहे थे। मुलायम 1967 में पहली बार विधायक बने थे। वह आठ बार विधायक और 7 बार सांसद रहे। तीन बार यूपी के मुख्‍यमंत्री और दो बार केंद्र में मंत्री रहे। देश के रक्षा मंत्री रहते मुलायम सिंह यादव ने सीमा पर जाकर सेना का दिल जीत लिया था। मुलायम सिंह सैफई से सत्‍ता के शिखर तक का सफर बड़े ही संघर्षों के साथ तय किया था।

  • महिला को हुआ ठग से प्यार, उठाना पड़ा भारी नुकसान!

    महिला को हुआ ठग से प्यार, उठाना पड़ा भारी नुकसान!

    नई दिल्लीः डेटिंग और रिलेशनशिप के दुनियाभर से कई अनोखे और हैरान कर देने वाले मामले सामने आते रहते हैं, कई बार ये सफल होते हैं तो कई बार इनमें असफलता और धोखा मिल जाता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसमें एक महिला को डेटिंग ऐप पर चैटिंग करते करते एक युवक से प्यार हो गया। लेकिन गड़बड़ यह हुआ कि इस प्यार के बदले महिला को भारी नुकसान उठाना पड़ा और उसके बैंक खाते से 70 लाख रुपए उस युवक ने उड़ा दिए।

    दरअसल, यह घटना अमेरिका की रहने वाली एक महिला के साथ हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला का नाम क्रिस्‍टीन है और उसे डेटिंग ऐप पर एक नाइजीरियन ठग से प्यार हो गया था। इस महिला की शादी भी पहले हो चुकी है और तीन बच्चों की मां है। रिपोर्ट के मुताबिक डेटिंग ऐप पर वह ‘मार्क गॉडफ्रे’ नाम से बने एक प्रोफाइल वाले शख्स से चैटिंग करती थी और धीरे-धीरे यह चैटिंग प्यार में कब बदल गई महिला को पता ही नहीं चल पाया। लेकिन वह एक ठग निकला।

    रिपोर्ट के मुताबिक इस ठग ने ही प्रोफाइल देखकर पहले महिला को मैसेज करना शुरू किया इसके बाद जब महिला को उससे प्यार हो गया तो उसने खूब जानकारियां महिला से ले लीं। यह दोनों अपनी पहली डेट का प्लान बनाने लगे। महिला को शायद उस युवक में अपना भविष्य दिख रहा था लेकिन उस ठग को महिला का पैसा दिख रहा था। हालत यह थी कि महिला से उसने बहुत सारे झूठ बोल रखे थे।

    उसने महिला को बताया था कि वह आर्किटेक्‍ट इंजीनियर है और ग्रीस का रहने वाला है। जबकि वह नाइजीरिया का रहने वाला था। पहली डेट से पहले उस शख्स ने बहाने बनाने शुरू किए और बहन की बीमारी के नाम पर उससे पैसे मांगे तो महिला ने अपना डिटेल उसे शेयर कर दिया। उनकी पहली डेट भी हो चुकी थी और फिर इसके बाद उसने महिला के बैंक खाते से करीब 70 लाख रुपए उड़ा दिए और एकदम से गायब हो गया। अब महिला और पुलिस दोनों मिलकर इस मामले को सुलझाने में लगे हैं।

  • पंजाब: होटल में चल रही थी रेव पार्टी और अश्लील डांस, 7 लड़कियों सहित 25 गिरफ्तार

    पंजाब: होटल में चल रही थी रेव पार्टी और अश्लील डांस, 7 लड़कियों सहित 25 गिरफ्तार

    लुधियाना: पंजाब पुलिस ने लुधियाना के एक होटल में रेव पार्टी में रंगरलियां मनाते हुए 7 लड़कियों सहित 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक होटल में बड़े स्तर पर शराब का सेवन किया जा रहा था, जबकि होटल के पास बार का लाइसेंस तक नहीं था। पुलिस का दावा है कि शहर के कारोबारियों ने महाराष्ट्र और दिल्ली से लड़कियों को बुलाया था। वे होटल के बैंक्वेट हॉल में अश्लील गानों पर स्ट्रिप डांस कर रही थीं। डिवीजन नंबर 2 पुलिस के एसएचओ अर्शप्रीत कौर ग्रेवाल ने कहा कि उन्हें होटल में रेव पार्टी होने की सूचना मिली थी और पुलिस ने वहां छापा मारा था।

    महिलाओं और कारोबारियों को हिरासत में लेने के बाद उनका मेडिकल करवाया गया है और होटल के मालिक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कारोबारियों ने रेव पार्टी का आयोजन करने के लिए बाहरी राज्यों से लड़कियां बुलाई थीं। इनमें से पांच लड़कियां दिल्ली और दो लड़कियों को हरियाणा और मुंबई से बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि इस रेव पार्टी में बाहरी राज्यों के कारोबारी भी शामिल थे। हिरासत में लिए गए लोगों में लुधियाना के अलावा अमृतसर, पटना, इलाहाबाद और दिल्ली के कारोबारी भी शामिल हैं।

    सूत्रों का कहना है कि जब पुलिस की टीम होटल के अंदर पुहंची तो कारोबारी पूरी तरह से नशे में धुत थे और लड़कियों के साथ अश्लील डांस कर रहे थे। पुलिस के वहां पहुंचते ही हड़कंप मच गया और कारोबारी इधर-उधर छुपने के लिए ठिकाना तलाश करने लगे, हालांकि पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।

  • सुंदरनगर पुलिस का नशा माफिया पर शिकंजा, पुघं नाके पर 1.430 किलोग्राम चरस के साथ चार युवक गिरफ्तार

    सुंदरनगर पुलिस का नशा माफिया पर शिकंजा, पुघं नाके पर 1.430 किलोग्राम चरस के साथ चार युवक गिरफ्तार

    मंडी/ब्यूरो:  मंडी जिला के सुंदरनगर पुलिस द्वारा नशा माफियाओं के खिलाफ छेड़ा गया अभियान लगातार जारी है ताजा मामले में पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में 1 किलो 430 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है वहीं पुलिस ने दोनों मामले में चार आरोपीयों को गिरफ्तार किया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम रविवार सुबह चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे 21 पर पुघं में नाकाबंदी के दौरान मौजूद थे उसी दौरान जब एक कार की तलाशी ली गई तो उसमें सवार हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले 44 वर्षीय नरेंद्र, 21 वर्षीय आकाश व 19 तनुज के कब्जे से 380 ग्राम चरस बरामद की गई। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने जब कार की तलाशी ली गई तो कार में सवार शिमला 23 वर्षीय प्रियांशु के कब्जे से 1.050 किलोग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है।
    वहीं पुलिस ने सभी युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगामी कार्यवाही के लिए जल्द ही आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चरस बरामद की है उन्होंने बताया कि पुलिस ने हरियाणा के तीन युवकों से 380 ग्राम चरस और शिमला के एक युवक से 1,050 किलोग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि आरोपीयों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। और मामले में फाइनैंशल इन्वेस्टिगेशन भी की जाएगी।