Blog

  • घर में पिटबुल डॉगी रखने वालों के लिए जरूरी खबर, नगर निगम ने दी चेतावनी 

    घर में पिटबुल डॉगी रखने वालों के लिए जरूरी खबर, नगर निगम ने दी चेतावनी 

    वाराणसी. राजधानी लखनऊ में पालतू डॉगी पिटबुल द्वारा अपने मालकिन की जान लेने की घटना के बाद पालतू कुत्तों को रखने वालों को रजिस्ट्रेशन न करवाना अब महंगा पड़ने वाला है. वाराणसी में नगर निगम ने इसकी तैयारी करते हुए पेनाल्टी का ऐलान कर दिया है. जिसे जल्द लागू भी कर दिया जाएगा. नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग ने इसके लिए प्लान भी तैयार कर लिया है, जो कि लापरवाही करने वाले मालिकों के ऊपर भारी पड़ने वाला है.

    शहरी इलाकों में कमोबेश सभी घरों में पालतू कुत्तों को रखने का क्रेज देखा जाता है. कभी-कभी ये कुत्ते खतरनाक साबित होते हैं. ऐसे में वाराणसी नगर निगम ने पालतू कुत्तों के रजिस्ट्रेशन को लेकर पिछले 2 महीनों से अभियान चलाया है, लेकिन इसमें तेजी अभी तक नहीं देखी जा रही है. जिसे लेकर नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग ने अब अर्थदंड का ऐलान कर दिया है. 31 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन करवा लेने का समय देने के बाद विभाग क्षत्रों में भ्रमण कर पालतू कुत्तों के रखने वालों का पता लगाते हुए उनसे रजिस्ट्रेशन कागज मांगेगी. अगर परिवार ने रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया होगा तो 500 रूपये पेनाल्टी देना होगा.

    पशु चिकित्सा विभाग के अजय सिंह ने बताया कि विभाग ने इसके लिए 5 सदस्यीय टीम भी गठित की है. ये टीम लगातार शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर पालतू कुत्तों को रखने वालों का लिस्ट बनाएगी. जो यह भी देखेगी कि किसने रजिस्ट्रेशन करवाया और किसने नहीं. टीम के रिपोर्ट के आधार पर लापरवाह परिवार के ऊपर आर्थिक दंड लगाया जाएगा. बता दें कि लखनऊ की घटना के बाद रजिस्ट्रेशन को लेकर जागरूकता तो देखी जा रही है, लेकिन अभी भी आंकड़ों के अनुसार पालतू कुत्तों को रखने वाले लोगों ने रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है. ऐसे में नगर निगम पशु चिकित्सा विभाग को अर्थदंड का ऐलान करना पड़ा है.

  • अहम खबर : भारतीयों को इन देशों में जाने के लिए नहीं पड़ेगी वीजा की जरूरत

    अहम खबर : भारतीयों को इन देशों में जाने के लिए नहीं पड़ेगी वीजा की जरूरत

    नई दिल्ली। भारतीय पासपोर्ट धारक व्यक्ति अब एशिया में 11 तथा अफ्रीका में 21 देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं। इन देशों की सूची विदेश मंत्रालय ने जारी कर दी है। विश्व में ऐसे देशों की संख्या 60 बताई जा रही है।

    विदेश मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार एशिया में भारतीय पासपोर्ट धारक भूटान, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मकाऊ, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका, थाईलैंड तथा तिमोरलेस्टे में वीजा लिए बिना यात्रा कर सकते हैं।

    ऐसे अफ्रीकी देशों की संख्या 21 है जिनमें बोत्सवाना, बुरूंडी, केप वर्दे आइलैंड, कोमोडो आइलैंड, इथियोपिया, गैबॉन, गिनी बिसाऊ, मैडागास्कर, मॉरीटेनिया, मॉरीशस, मोजाम्बिक, मिरांडा, सेनेगल, साइलीशिया, सियरा लियोन, सोमालिया, तंजानिया, टोगो, ट्यूनीशिया, युगांडा तथा जिम्बाब्वे शामिल हैं। ओसेनिया देशों में कुक आइलैंड्स, फिजी, मार्शल आइलैंड, माइक्रोनेशिया, म्यूं, पलाऊ आइलैंड, सोमाया, टूआलू वनाटू शामिल हैं।

    इसी तरह मध्य पूर्वी देशों में भारतीय पासपोर्ट धारक केवल ईरान, जॉर्डन, ओमान व कतर में बिना वीजा के जा सकते हैं। यूरोप में केवल 2 देश हैं जहां भारतीय बिना वीजा के प्रवेश ले सकते हैं जिनमें अल्बानिया तथा सर्बिया शामिल हैं। दक्षिणी अमरीका में केवल 2 बोलिविया तथा एल. सल्वाडोर शामिल हैं। कैरेबियन देशों में बारबाडोस, द ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड, डोमिनिका, ग्रेनाडा, हैती, जमैका, मोंटेसेरेट, सैंटटिड्स एंड नीविया, सैंट लूसिया, सैंट विंसेंट, त्रिनिदाद एंड टोबैगो शामिल हैं जहां भारतीयों को वीजा लेने की जरूरत नहीं। 

    चाहे भारतीय पासपोर्ट धारकों को 60 देशों में वीजा लिए बिना जाने की अनुमति है परंतु कोई भी महत्वपूर्ण देश इस सूची में शामिल नहीं हैं। वास्तव में जो देश इस सूची में शामिल हैं, उनकी गिनती छोटे देशों में होती है। बड़े व महत्वपूर्ण देशों में वीजा लेकर ही भारतीयों को जाना पड़ता है।  

  • ड्रग तस्कर की तलाश में गए 3 पुलिसकर्मियों की सड़क हादसे में मौत…

    ड्रग तस्कर की तलाश में गए 3 पुलिसकर्मियों की सड़क हादसे में मौत…

    हैदराबाद. रविवार पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के चित्तूर के पास एक सड़क दुर्घटना में बेंगलुरू के तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और चार घायल हो गए. ये सभी पुलिसकर्मी आंध्र प्रदेश में एक ड्रग तस्कर की तलाश में गए थे. कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि ये पुलिसकर्मी बेंगलुरू के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में तैनात थे.

    एक खबर के मुताबिक कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र के करीबी सूत्रों ने बताया कि चित्तूर में ये सभी पुलिसकर्मी एक ड्रग तस्कर की तलाश में जा रहे थे, तभी उनकी कार सड़क के डिवाइडर से जा टकराई. इसके कारण 3 पुलिसवालों की मौत हो गई और 4 गंभीर रूप से घायल हो गए.

    कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने बताया कि कर्नाटक से पुलिस की एक टीम दुर्घटनास्थल पर पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि शवों और घायलों को बेंगलुरू लाने की व्यवस्था की गई है. बहरहाल इस बारे में अभी कोई सूचना नहीं मिली है कि पुलिस की गाड़ी किस कारण से दुर्घटना का शिकार हुई. इसके पीछे चालक की कोई मानवीय भूल थी या फिर गाड़ी की रफ्तार तेज होने के कारण वह डिवाइडर से टकरा गई.

  • शराब के नशे में धुत स्कूल पहुंची महिला टीचर, बुलाई पुलिस; सस्पेंड

    शराब के नशे में धुत स्कूल पहुंची महिला टीचर, बुलाई पुलिस; सस्पेंड

    जशपुर। शराब में धुत होकर कई शिक्षकों के द्वारा स्कूल में हंगामा करने की खबरें आती रहती हैं लेकिन क्या आपने महिला शिक्षिका को नशे में धुत होकर स्कूल में सोते देखा है. ऐसा ही मामला जशपुर के एक सरकारी स्कूल से सामने आया है. मामला सरकारी प्राइमरी स्कूल टिकैतगंज का है, जहां गुरुवार को सुबह 11 बजे बीईओ एमजेडयू सिद्दीकी निरीक्षण करने पहुंचे थे. उन्होंने पाया कि क्लास रूम में बच्चे बैठे हैं और सहायक शिक्षिका जगपति भगत अपनी कुर्सी पर बेसुध पड़ी हुई हैं. शिक्षिका को नशे में देख बीईओ ने एडिशनल एसपी को फोन किया और महिला पुलिस को बुलवाया. स्कूल में किसी महिला टीचर द्वारा शराब पीने का छ्त्तीसगढ़ का यह संभवत: पहला मामला है।

    स्कूल में कुल 54 बच्चे पढ़ते हैं. महिला टीचर जगपति भगत सभी विषय पढ़ाती हैं. जिला शिक्षा अधिकारी ने महिला टीचर को सस्पेंड कर दिया है. बीईओ एमजेडयू सिद्दीकी ने बताया, “मैं रूटीन निरीक्षण के लिए स्कूल में गया था. मैंने देखा कि शिक्षिका बेसुध होकर कुर्सी पर पड़ी हुई हैं. शुरुआत में मुझे लगा कि उनकी तबीयत खराब है. मैंने बच्चों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. मैं बच्चों के जवाब से हैरान रह गया. उन्होंने कहा कि शिक्षिका शराब पीने के कारण बेसुध हैं।”

    बीईओ ने जशपुर एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय को फोन लगाया और पूरे मामले की जानकारी दी और उनसे महिला पुलिसकर्मी को भेजने का अनुरोध किया ताकि शिक्षिका का मेडिकल चेकअप कराया जा सके. उन्होंने तत्काल दो महिला पुलिसकर्मियों को स्कूल भेजा. पुलिस वैन में महिला टीचर को जिला अस्पताल लेकर जाया गया. डॉक्टरों ने महिला टीचर द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि की।

  • पटाखा कारोबारी के घर में विस्फोट, 3 की मौत

    पटाखा कारोबारी के घर में विस्फोट, 3 की मौत

    छपरा। बिहार के छपरा से इस वक्त एक बड़ी खबर आ रही है। नगरा थाना के खोडाईबाग स्थित मस्जिद के पास पटाखा कारोबारी के घर में विस्फोट होने के बाद पूरा मकान ढह गया। इस धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। मलबे को हटाने का काम जारी है।

    स्थानीय लोगों के मकान के मलबे में कई लोग दबे पड़े हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। जिस मकान में धमाका हुआ है, उसमें पटाखा बनाने का काम होता था। 

  • जालंधर में गुरुद्वारा प्रबंधन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, भारी पुलिस बल तैनात…

    जालंधर में गुरुद्वारा प्रबंधन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, भारी पुलिस बल तैनात…

    जालंधर (वरुण)। जालंधर के एकता विहार में गुरुद्वारा श्री गुरु अमरदास के प्रबंधन को लेकर रविवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मौके पर पहुंची महिलाओं ने धरना लगातर सतनाम वाहेगुरु का जाप शुरू कर दिया है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंच गई है। डीसीपी जगमोहन सिंह तेजा खुद मौके पर हैं। पुलिस छावनी में तब्दील हुआ एकता विहार इलाका। 

    जानकारी के अनुसार पिछले करीब एक साल से एकता विहार के ही हरजिंदर सिंह समेत पांच सदस्यों की कमेटी गुरुद्वारा का प्रबंधन देख रही थी। अब कालोनी के ही कुछ लोग नए सिरे से चुनाव करवाने की मांग कर रहे थे। विरोधियों की अगुआई अमनदीप सिंह बग्गा कर रहे हैं। रविवार को दोनों पक्षों के लोग गुरुद्वारा पहुंचे और आमने-सामने आ गए। 

  • भूकंप के झटकों से हिली धरती, घरों से बाहर निकले लोग

    भूकंप के झटकों से हिली धरती, घरों से बाहर निकले लोग

    उत्‍तरकाशी :उत्‍तराखंड में चीन सीमा से सटे उत्‍तरकाशी जिले में रविवार दोपहर 12 बजे के बाद भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिससे लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल आए।

    रविवार को उत्‍तरकाशी में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहला भूकंप दोपहर 12.37 बजे आया, जिसकी तीव्रता 3.6 मापी गई है। वहीं दूसरा झटका 12.54 बजे दूसरा झटका महसूस हुआ, जो कि हल्‍का था।

    भूकंप के झटके उत्‍तरकाशी सहित जिला मुख्यालय, भटवाड़ी, डुंडा, गंगोत्री, चिन्यालीसौड़ और यमुना घाटी में भी महसूस हुए। कहीं से किसी नुकसान की सूचना नहीं है।

    इसी वर्ष अप्रैल माह में उत्‍तरकाशी में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। भूकंप के झटके पुरोला, मोरी, नौगांव और बड़कोट क्षेत्र में महसूस किए गए थे। ये क्षेत्र हिमाचल की सीमा से सटे हुए हैं।

  • सीएम का बड़ा फैसला:  हर परिवार का बनेगा फैमिली कार्ड, जानें फायदे

    सीएम का बड़ा फैसला: हर परिवार का बनेगा फैमिली कार्ड, जानें फायदे

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा फैसला लेते हुए नया परिवार कल्याण कार्ड के निर्माण की योजना बनाई है। इसके तहत प्रदेश के सभी परिवार की मैपिंग कर एक फैमिली कार्ड बनाया जाएगा। फैमिली कार्ड 12 अंकों का होगा। इस कार्ड के सहारे सरकार को परिवारों के बारे में पूरी जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी. जिसकी मदद से सरकार सरकारी योजनाओं से लेकर रोजगार और नौकरी दिलाने में सहयोग करेगी।

    परिवार कल्याण कार्ड योजना से सरकार हर परिवार को रोजगार से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा सरकार की सभी योजनाओं को भी प्रत्येक परिवार से जोड़ा जाएगा. साथ ही इससे फर्जीवाड़े पर भी रोक लगेगी. मसलन अगर एक ही परिवार को सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है तो इसका डाटा भी सरकार के पास होगा. अगर अपात्रों को लाभ दिया जा रहा है तो उनका पत्ता साफ़ हो जाएगा।

    मिल रही जानकारी के मुताबिक फैमिली कार्ड के बनने के बाद फर्जी कार्ड बंद हो जाएंगे. एक ही परिवार को किसी भी योजना का लाभ बार-बार मिलना बंद हो जाएगा. सरकार की मंशा है कि उन परिवारों को लाभ के दायरे में लाया जाए जिन्हें अभी तक लाभार्थी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका है. इतना ही नहीं इस कार्ड के बनने से सरकार के पास यह भी आंकड़ा मौजूद रहेगा कि किस परिवार को रोजगार और नौकरी की जरुरत है. उसी के मुताबिक उस परिवार के लिए उचित व्यवस्था हो सकेगी।

    अधिकारियों की मानें इस कार्ड के बनने से लोगों को बहुत ज्यादा फायदा होगा. उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा सकेगा और इसके लिए अलग से आवेदन या कोई अन्य दस्तावेज की जरूरत नहीं होगी. गौरतलब है कि पिछले दिनों योगी सरकार ने इसका प्रेजेंटेशन देखा था. अब मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग को इस पर अमल करने के निर्देश दिए हैं।

  • पंजाबः कई इलाकों में आज बंद रहेगी बिजली, लगेगा लंबा कट….

    पंजाबः कई इलाकों में आज बंद रहेगी बिजली, लगेगा लंबा कट….

    लुधियाना। शहर में रविवार काे बिजली संकट से लाेगाें काे जूझना पड़ सकता है। पावरकाम प्रवक्ता के अनुसार शहर के कुछ इलाकों में बिजली की तारों एवं उपकरणों की मरम्मत के कारण 24 जुलाई रविवार को बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी।

    सुबह 10 से लेकर शाम 5 बजे तक सीरा रोड इंडस्ट्री, धर्मपुरा कालोनी, बाजीगर कालोनी, हरकृष्ण नगर, गांव मेहरबान, गांव सीरा, सीरा रोड, गांव मांगट, मांगट रोड इंडस्ट्री, गांव केंजा, सुजातवाल, ढेरी चौड़वाल इत्यादि इलाकों में बिजली बंद रहेगी।

    इसके अलावा 11 केवी कालाेनी, भारत नगर, कंट्री होम, गडवासू, गुरदेव नगर, एफएमआई एवं आरती फीडरों में भी मरम्मत का काम चलेगा। इस वजह से सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर दोपहर साढ़े बारह बजे तक पावर कालोनी नंबर एक एवं गडवासू फीडरों की मुख्य तारों को दरूस्त किया जाएगा। प्रभावित इलाकों में पावर कालोनी नंबर एक, कंट्री होम्स के सभी ब्लाक, सीफेट, पीएयू वैक्सीन इंस्टीट्यूट, गडवासू, लड़कियों का नया हास्टल, पशुओं का अस्पताल, करतार कांप्लेक्स, धनराज कांप्लेक्स, सराभा नगर का ब्लाक के, गुरदेव नगर, मल्हार रोड में बिजली बंद रहेगी।

  • 4 दिनों से लापता युवक की रेलवे स्टेशन के पास से मिली लाश

    4 दिनों से लापता युवक की रेलवे स्टेशन के पास से मिली लाश

    गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में 4 दिनों से लापता युवक की अपराधियों ने हत्या कर दी. घटना मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोईनी गांव की है. मृतक युवक की पहचान रवि महतो के रूप में की गई है, जो मौजे कोईनी गांव निवासी को खजांति महतो के पुत्र थे. युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

    परिजनों के मुताबिक 21 जुलाई को रवि महतो दोपहर 12:00 बजे घर से बाइक से निकले थे. लेकिन, वापस नहीं लौटने पर 22 जुलाई को परिजनों ने गांव के ही सैफ अली और इदु देवान के विरुद्ध अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई. लेकिन, पुलिस ने समय रहते त्वरित कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी।

    वहीं वारदात के बाद से गांव में दो पक्षों के बीच तनाव का माहौल व्याप्त है. मृतक के पिता का आरोप है कि एक माह पूर्व दोनों युवकों ने रवि महतो को जान से मारने की धमकी दी थी. इस बीच उसका अपहरण कर लिया गया. परिजन रवि महतो की खोजबीन कर रहे थे. तब तक पुलिस को सूचना मिली कि मांझागढ़ रेलवे स्टेशन के पास रवि महतो की हाथ पैर बांधकर हत्या कर दी गई है।

    वहीं बाइक को भी काटकर स्क्रेप में बेच दिया गया है. वहीं, इस मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे गांव पूछताछ की जा रही है. सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने कहा कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि घटना को लेकर किसी तरह के तनाव नहीं है. पुलिस पूरे गांव पर नजर रख रही है।