Blog
-

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर, गरीबों को योजनाओं का मिल रहा सीधा लाभ: दविंदर भुट्टो
दविंदर कुमार भुट्टो ने समर्थकों सहित बंगाणा भाजपा कार्यालय में सुनी पीएम मोदी की मन की बातऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विस क्षेत्र में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने प्रधानमंत्री की मन की बात को भाजपा पार्टी कार्यालय होटल करण राज में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सुनी। दविंदर भुट्टो ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खेल और फिटनेस के साथ ही संडे को साइक्लिंग पर जोर दिया।इसके साथ ही कभी नक्सल का गढ़ रहे बस्तर में हो रहे ओलिंपिक की चर्चा भी की। बही कैंसर के मरीजों को मिल रहे, आयुष्मान भारत योजना के लाभ के बारे में भी बताया। प्रधानमंत्री के संबोधन से हमें ऊर्जा मिलती है और समाज सेवा की प्रेरणा भी मिलती है। भुट्टो ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन विषयों और समस्याओं पर अपने विचार शेयर करना चाहते हैं, जो आपके लिए महत्वपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री आपको मन की बात के 114 वें एपिसोड में संबोधित किए जाने वाले विषयों पर अपने विचार शेयर करने के लिए आमंत्रित करते हैं। दविंदर भुट्टो ने कहा कि प्रधान मंत्री द्वारा चलाए गए स्वच्छ भारत अभियान के 10 वर्ष का समय पूरा हो चुका है और संपूर्ण देश यह लक्ष्य हासिल कर चुका है। भुट्टो ने कहा कि प्रधान मंत्री की लंबी सोच की वजह से दस वर्ष के कार्यकाल में भारत ने 18,000 गांवों में बिजली पहुंचाने का महत्वाकांक्षी मिशन तय किया है। ये गांव आजादी के 7 दशक बाद आज भी अंधेरे में डूबे हुए हैं। प्रधान मंत्री मोदी ने अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में घोषणा की थी कि 1000 दिनों के भीतर सभी शेष गांवों में बिजली पहुंचा दी जाएगी। गांवों का विद्युतीकरण तेजी से हो रहा है। और, यह काम बहुत ही पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। एक मोबाइल ऐप और एक वेब डैशबोर्ड के जरिए विद्युतीकरण किए जा रहे गांवों के आंकड़े जनता के लिए उपलब्ध हैं। भुट्टो ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सिंचाई की सुविधाएं सुनिश्चित कर उपज को बढ़ाएगी। इस योजना का विजन यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक खेत को किसी ना किसी तरह के सुरक्षात्मक सिंचाई के साधन उपलब्ध हों। किसानों को सिंचाई के आधुनिक तरीकों के बारे में शिक्षित किया जा रहा है ताकि पानी की ‘प्रत्येक बूंद के बदले अधिक पैदावार’ मिले। इस मौके पर जिला पार्षद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा, राजेंद्र मलांगड़, उपप्रधान सूरम सिंह ,सुदर्शन शर्मा,अजय कुमार,अभय राणा, सुभाष शास्त्री,उपप्रधान जीवन शर्मा,अर्चित शर्मा,नरेश कुमार,जितेंद्र कुमार,शोभित शर्मा के अलावा गणमान्य मौजूद रहे। -

Himachal News : उना में जालंधर का युवक नशीले पदार्थ सहित काबू
ऊनाः (सुशील पंडित)। हिमाचल प्रदेश की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने मैहतपुर की सब्जी मंडी के पास पंजाब (जालंधर) के एक युवक को 10.15 ग्राम चिट्टे सहित पकड़ा है। जिसके बाद मैहतपुर थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना मैहतपुर के अंतर्गत आते सब्जी मंडी के पास हिमाचल प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कांगड़ा टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर युवक को 10.15 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है।
आरोपित युवक की पहचान विशाल गुप्पा (27) पुत्र प्रवीण कुमार निवासी मोहल्ला न. 26 मकान न. 55 जालन्धर कैंट जिला जालन्धर के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध धारा 21-61-85 मादक द्रव्य अधिनियम के तहत थाना मैहतपुर में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
-

कमरे में जला रखी थी अंगीठी, दम घुटने से बाप-बेटे की मौत
ऊना सुशील पंडित: जिला ऊना के अंतर्गत आते गांव जलग्रां टब्बा में गत रात्रि कमरे में सोए पिता-पुत्र की मौत हो गई है। दोनों बाप-बेटा सब्जी की दुकान करते थे। पिता की उम्र 50 वर्ष तो बेटे की उम्र 18 वर्ष के करीब बताई जा रही है। करीब रह रहे लोगों के अनुसार जब साथ वाले कमरे में सो रहे उन के छोटे बेटे ने उन्हें देखा तो वे दोनों अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया। जब लोगों ने मौके पर आकर देखा तो दोनों को मृत पाया। स्थानिय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस व पंचायत प्रतिनिधियों को दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। वहीं प्रारंभिक जांच के अनुसार कमरे में एक अंगीठी व हीटर मिले, ऐसी आशंका जताई जा रही है कि कमरे में जलाई गई अंगीठी से बनी गैस के चलते दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं पुलिस ने मामले जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। -

South Korea में विमान हादसे के बाद काठमांडू में हेलीकॉप्टर की Emergency Landing
काठमांडू: दक्षिण कोरिया में एक पक्षी से विमान की टक्कर के बाद नेपाल की राजधानी काठमांडू में भी एक हेलीकॉप्टर पक्षी से टकरा गया। इसके बाद उसकी आपात लैंडिंग करनी पड़ी। बतादें, कि रविवार सुबह करीब 9 बजे दक्षिण कोरिया के मुआन हवाई अड्डे पर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। ‘जेजू एयर’ की उड़ान संख्या 737-800, जिसमें 181 यात्री सवार थे, लैंडिंग से पहले एक पक्षी से टकरा गई। इस टक्कर के बाद लैंडिंग गियर नहीं खुला, जिससे विमान हवाई अड्डे की दिवार से टकरा गया और उसमें विस्फोट हो गया। इस दुखद घटना में अब तक 167 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
काठमांडू में हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग
नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक हेलीकॉप्टर को भी पक्षी से टकराने के बाद आपात लैंडिंग करनी पड़ी। निजी हेली एवरेस्ट एयरलाइन का 9एन-एकेजी हेलीकॉप्टर, जो माउंट एवरेस्ट के प्रवेश द्वार लुक्ला से काठमांडू जा रहा था, पूर्वाह्न 11 बजे एक पक्षी से टकरा गया। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को राजधानी से 50 किलोमीटर पूर्व में बनेपा में सुरक्षित उतारा। हेलीकॉप्टर में पांच अमेरिकी नागरिक और एक नेपाली पायलट सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। हालांकि हेलीकॉप्टर को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, फिर भी अगली उड़ान से पहले इसे तकनीकी जांच से गुजरना होगा।कनाडा में विमान के पंख में लगी आग
इसी तरह कनाडा के एक हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एक विमान का बायां पंख अचानक रनवे से रगड़ने लगा, जिससे उसमें आग लग गई। हालांकि, पायलट और ग्राउंड क्रू की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।सुरक्षा मानकों को और सख्त करने की आवश्यकता
इन घटनाओं ने हवाई यात्रा की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि हवाई अड्डों के आसपास पक्षियों की बढ़ती संख्या और तकनीकी खामियों के चलते ऐसे हादसों की संभावना बढ़ रही है। हवाई अड्डों के प्रबंधन और विमानन कंपनियों को सुरक्षा मानकों को और सख्त करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। -

अनियंत्रित होकर XUV गहरे गड्ढे में गिरी, 9 घायल
रामगढ़ : जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत जानियामारा जंगल में सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक एक्सयूवी गहरे गड्ढे में गिर गई। हादसे गाड़ी में सवार नौ लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान अमरपाल, अमन बाग, रश्मि पाठक, अनीस हुसैन, भावना, रोहित शर्मा, अभिषेक बाग, करण रजक और आकाश दुबे के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार एक्सयूवी सवार जमशेदपुर से पूजा करने रजरप्पा मंदिर आ रहे थे। इसी बीच जानियामारा जंगल में एक्सयूवी कार के ड्राइवर ने तीखे मोड़ के पास अपना नियंत्रण खो दिया। जिसके बाद गाड़ी गड्ढे में समा गई। इस दुर्घटना में 9 लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सभी घायलों का रामगढ़ के सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रजरप्पा थाने को सूचना दी गई। इसके बाद सभी घायलों को बाहर निकाल कर रामगढ़ सदर अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया।
-

Punjab News : गेहूं बांटने के दौरान हुआ हंगामा, लोगों ने लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो
गुरदासपुर : गांव जोड़ा छत्तरां में गेहूं बांटने के दौरान जमकर हंगामा हुआ। मौके पर गेहूं खरीदने आए लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें गेहूं बांटने की जानकारी नहीं दी जा रही है और दूसरा पिछली कटी पर्चियों पर उन्हें गेहूं नहीं मिल रहा है। उधर गेहूं बांटने वाले डिपो होल्डरों से जब पिछले गेहूं लाभार्थियों को न मिलने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसका जवाब तो उस वक्त के मौजूदा इंस्पेक्टर ही दे सकते हैं। जब लोगों ने उनसे किसी सरकारी अधिकारी की गैरमौजूदगी में अब बांटे जा रहे गेहूं को बांटने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सात सदस्यीय कमेटी बनी है जो गेहूं वितरण करती है और उनके पास विभाग से फोन आया है कि गेहूं बांट दिया जाए।
जब उनसे पूछा गया कि गेहूं का स्टॉक कम हुआ तो कौन जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होंगे। इस संबंध में जब गांव के सरपंच निसान सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि उनके गांव में पिछले दो साल से गेहूं वितरण को लेकर इस तरह की स्थिति बन रही है और इसका मुख्य कारण मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर को बताया गया कि उनके द्वारा लोगों का पिछला बकाया गेहूं वितरित नहीं किया गया।
इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार से पिछले गेहूं के बकाया के बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि गेहूं के बारे में विभाग को लिखा है। जब विभाग द्वारा बकाया गेहूं भेज दिया जाएगा तो लाभार्थियों को उनका बकाया गेहूं बांट दिया जाएगा। जब AFSO कवलजीत सिंह से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि पिछले गेहूं का बकाया होने के कारण मौजूदा इंस्पेक्टर पर नया गेहूं बांटने पर रोक लगा दी गई है और उनकी जगह इंस्पेक्टर वरिंदर कुमार को गेहूं बांटने के लिए लगाया गया है।
-

New Year Celebration से पहले पढ़े यह खबर, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में नए साल की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले समारोहों के दौरान लागू की जाने वाली व्यवस्था और पाबंदियों को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों में पर्याप्त संख्या में यातायात कर्मी तैनात किए जाएंगे। मुख्य रूप से बाजारों, नजदीकी मॉल और कनॉट प्लेस तथा हौज खास जैसे उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा जहां लोग समारोह में भाग लेने के लिए आते हैं।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यातायात पुलिस ने कनॉट प्लेस क्षेत्र के आसपास के क्षेत्रों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की है, क्योंकि नए साल की पूर्व संध्या का जश्न मनाने के लिए इस क्षेत्र में भारी भीड़ के उमड़ने की उम्मीद है। कनॉट प्लेस क्षेत्र में मंगलवार रात 8 बजे से नए साल के जश्न के खत्म होने तक पाबंदियां लागू रहेंगी। यातायात पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह परिवहन के सभी निजी और सार्वजनिक वाहनों पर लागू होगा।
इन रूट्स पर होगी पाबंदी
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि नशे में गाड़ी चलाने, तेज गति से गाड़ी चलाने, बाइक से स्टंट करने, लापरवाही से गाड़ी चलाने, जिग-जैग और खतरनाक तरीके से वाहन चालाने समेत अन्य गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर के उत्तरी छोर, मिंटो रोड –दीनदयाल उपाध्याय मार्ग क्रॉसिंग, आरके आश्रम मार्ग-चित्रगुप्त मार्ग क्रॉसिंग, गोल मार्केट, जीपीओ, कस्तूरबा गांधी रोड आदि के आसपास से वाहनों को कनॉट प्लेस की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वैध पास रखने वालों को छोड़कर कनॉट प्लेस के आंतरिक, मध्य या बाहरी हिस्से में वाहनों के आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यहां कर सकते हैं गाड़ी पार्क
पुलिस ने बताया कि गोल डाक खाना, आकाशवाणी के पीछे रकाब गंज रोड पर पटेल चौक, कॉपरनिकस मार्ग पर बड़ौदा हाउस से मंडी हाउस तक, डीडी उपाध्याय मार्ग पर मिंटो रोड और प्रेस रोड क्षेत्र, आरके आश्रम मार्ग पर पंचकुइयां रोड, कॉपरनिकस लेन पर केजी मार्ग-फिरोजशाह क्रॉसिंग और विंडसर प्लेस पर वाहन चालक अपने वाहन पार्क कर सकते हैं।
पहले आओ पहले पाओ के आधार पर कनॉट प्लेस के पास सीमित पार्किंग स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि अनधिकृत रूप से पार्क किए गए वाहनों को उठाकर ले जाया जाएगा और जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि पैदल यात्रियों और वाहन चलकों, दोनों के लिए यातायात नियमों की इंडिया गेट पर और उसके आसपास पूरी व्यवस्था की गई है।
इस जगह डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक
एक अधिकारी ने बताया कि पैदल यात्री की बड़ी संख्या में आवाजाही के मामले में वाहनों को सी-हेक्सागन, इंडिया गेट क्षेत्र से गुजरने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि पैदल यात्रियों की अधिक भीड़ होने पर वाहनों को क्यू-प्वाइंट, सुनहरी मस्जिद, राजपथ रफी मार्ग, विंडसर प्लेस, केजी मार्ग-फिरोजशाह रोड, मंडी हाउस और राजिंदर प्रसाद रोड-जनपथ के आसपास और मथुरा रोड-पुराना किला रोड आदि से से मोड़ा जा सकता है। उन्होंने बताया कि आगंतुकों को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है क्योंकि इंडिया गेट पर पार्किंग की जगह की कमी है।



-

Medical College Hostel के खाने में निकले कीड़े
चंबा : पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में स्टूडेंट्स के खाने में कीड़े निकले। जिसके बाद प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने रात में हॉस्टल में दबिश देकर भोजन व्यवस्था चैक की। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता के साथ डॉ. मानिक सहगल और अन्य डॉक्टर भी मौजूद थे। मेडिकल कॉलेज चंबा के प्रवक्ता डॉ. मानिक सहगल ने बताया कि हॉस्टल में खाने को लेकर शिकायतें मिली थीं।
इसीलिए निरीक्षण किया गया। जांच के बाद खाना सही पाया गया, लेकिन मेन्यू से संबंधित शिकायत के समाधान के लिए आदेश जारी किए गए हैं। स्टूडेंट्स ने प्राचार्य को बताया कि कई बार उनके भोजन में कीट-पतंगे निकले हैं। इसके बारे में भजन सप्लाई करने वाले से शिकायत की।
लेकिन उसने उसे पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जिस वजह से उन्हें मजबूर होकर यह मामला प्रबंधन के ध्यान में लाना पड़ा। स्टूडेंट्स ने बताया कि उन्हें मेन्यू के अनुरूप खाना नहीं दिया जा रहा। इस पर प्राचार्य ने कैंटीन संचालक को कड़ी फटकार लगाई और आदेश दिए कि मेन्यू के मुताबिक ही खाना परोसा जाए अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
-

Punjab News : किसानों ने निकाला ट्रैक्टर मार्च, देखें वीडियो
लुधियाना : किसानों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को पंजाब बंद की घोषणा कर रखी है। इस संबंध में विभिन्न किसान संगठनों की तरफ से रविवार को लुधियाना में ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। किसान नेता इंदरबीर सिंह ने बताया कि पंजाब बंद के लिए सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक टाइम निर्धारित किया गया है, जिसके तहत लुधियाना भी पूर्ण बंद रखा जाएगा। किसान नेताओं ने कहा कि फसलों पर MSP समेत 13 मांगों को लेकर खनौरी बॉर्डर पर भूख हड़ताल कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के अनशन का आज 34वां दिन है। उनकी तबीयत नाजुक बनी हुई है। अब वह बात भी नहीं कर पा रहे हैं। वह सिर्फ इशारों में ही बता पा रहे हैं। किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर जहां लोगों से बंद का समर्थन मांगा, वहीं किसानों ने शहर के व्यापारियों को अपनी दुकान, ऑफिस, फैक्ट्री समेत सभी प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील भी की। किसान नेताओं ने दावा किया कि वह पंजाब बंद को पूर्ण रूप से सफल बनाएंगे। -

Punjab News: चाइना डोर को पूरी तरह बैन करवाने को लेकर किया प्रदर्शन, देखें वीडियो
अमृतसरः हर साल लोहड़ी के त्योहार पर पतंग उड़ाने के रिवाज काफी पुराना है। लोग इस दिन पतंग उड़ाकर खूब मस्ती करते हैं। कुछ सालों से लोगों में पतंग उड़ाने को लेकर चाइना डोर का क्रेज काफी बढ़ गया है। जोकि काफी खतरनाक है। इससे हर साल कई कीमती जानें चली जाती हैं।
इसी के चलते अपराध विरोधी पशु संरक्षण संगठन ने अमृतसर हॉल गेट के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन ने अमृतसर शहर के लोगों से अपील की कि लोग इस बार चाइना डोर का इस्तेमाल न करें और केवल थ्रेड डोर का ही इस्तेमाल करें। संगठन के नेताओं ने कहा कि हम अपने शहरवासियों से हाथ जोड़कर अपील करते हैं कि पिछले साल भी कई अनमोल जानें चली गईं और बेजुबान पक्षी भी इस डोर की चपेट में आ गए।
उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा भी कहा गया था कि उन्होंने चाइना डोर पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है, लेकिन फिर भी अगले साल चाइना डोर की जोरदार बिक्री होती दिख रही है। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री से अपील करते हैं कि इस डोर पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने पंजाब के बच्चों से भी अपील की कि वे अपने शौक में कई अनमोल जिंदगियों को लेकर हत्यारे न बनें। वहीं शहरवासियों से अनुरोध है कि इस बार थ्रेडेड डोर का प्रयोग करें।