Blog

  • मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में राज्यपाल दंपत्ति की सहभागिता, गोरखपुर में दिखा सक्रिय रुझान

    मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में राज्यपाल दंपत्ति की सहभागिता, गोरखपुर में दिखा सक्रिय रुझान

    शिमला: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल एवं लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला ने आज उत्तर प्रदेश में गोरखपुर दौरे के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अपने फॉर्म भरे। कार्यक्रम के तहत उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) से बातचीत की तथा मतदाता सूची के चल रहे पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। राज्यपाल ने पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित करने में निर्वाचन तंत्र के प्रयासों की सराहना की।

    इस अवसर पर शुक्ल ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र का सबसे मजबूत स्तंभ हैं और प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल किया जाना लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मताधिकार नागरिकों को राष्ट्र के भविष्य को निर्धारित करने की शक्ति प्रदान करता है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे।

    उन्होंने सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, नव-पात्र मतदाताओं तथा हाल ही में स्थानांतरित हुए लोगों से इस विशेष अभियान का पूरा लाभ उठाने और स्वयं को मतदाता सूची में विधिवत दर्ज करवाने का आह्वान किया।

  • Punjab News: सड़क हादसे में पूर्व ASI की मौत, चालक फरार

    Punjab News: सड़क हादसे में पूर्व ASI की मौत, चालक फरार

    फिरोजपुरः पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त एएसआई की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन कुमार चोपड़ा के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना लक्खो के बहिराम के मुखी मैडम परमजीत कौर ने बताया कि पूर्व एएसआई पवन कुमार चोपड़ा मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे थे।

    इस दौरान जब वह गांव करिया के पास पहुंचे तो उनका मोटरसाइकिल अचानक खराब हो गया। जिसके बाद उन्होंने मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ा कर दिया और उसी दौरान सड़क से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में पूर्व एएसआई की मौत हो गई।

    उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर फरीदकोट के अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि गांव के पास सड़क पर लगे विभिन्न जगहों के कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • Jalandhar News: मां-बेटी से गैंगरेप के मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार

    Jalandhar News: मां-बेटी से गैंगरेप के मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: लोहियां ब्लॉक का गांव कंग कलां में मां-बेटी से गैंगरेप के मामले में पुलिस 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं इस मामले में चौथे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि 23/24-11-2025 की मध्यरात्रि लगभग 12:30 बजे थाना लोहियां के अंतर्गत गांव में रहने वाले एक प्रवासी परिवार (मां और बेटी) के साथ 4 अज्ञात व्यक्तियों ने बंदूक के बल पर बार-बार सामूहिक बलात्कार किया।

    इस संबंध में महिला/निरीक्षक सीमा, थाना लोहियां द्वारा मुकदमा संख्या 176 दिनांक 24/11/2025 को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। जिसके बाद पुलिस ने दिनांक 29 को थाना लोहियां में सामूहिक बलात्कार के मामले में 3 आरोपियों को 2 मोटरसाइकिलों (हीरो स्प्लेंडर और बजाज प्लेटिना) और घटना में प्रयुक्त हथियारों सहित गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बताया कि मामले में शामिल 14 वर्षीय एक नाबालिग को भी कानूनी कार्यवाही के तहत गिरफ्तार किया गया है।

    नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के नियमों के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच तेजी से चल रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि जालंधर पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसी आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी।

  • National Highway पर चलती MG Hector Car में लगी आग, जलकर हुई खाक, देखें वीडियो

    National Highway पर चलती MG Hector Car में लगी आग, जलकर हुई खाक, देखें वीडियो

    पंचकूलाः बागवाली गांव के नजदीक सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे नेशनल हाईवे पर चलती एमजी हेक्टर कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। घटना के दौरान कार चालक तुरंत गाड़ी से बाहर निकला और उसने अपनी जान बचाई। मिली जानकारी के अनुसार कार PB 65 AF 9996 मोहाली निवासी अजीत सिंह की बताई गई है।

    बताया जा रहा है कि घटना के दौरान वह अकेला कार में मौजूद था और वह मोहाली से गांव पटवी (जिला अंबाला) की ओर जा रहा था। इस दौरान नेशनल हाईवे पर अचानक कार में आग लगी और अजीत सिंह तुरंत कार रोककर नीचे उतर गया और खुद को सुरक्षित कर लिया। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना की सूचना दमकल विभाग को पुलिस को दी गई।

    मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा लोगों को घटना स्थल से दूर किया गया और दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।कार में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद पुलिस द्वारा ट्रैफिक को सुंचारू ढंग से चलाया गया। इस घटना में आग जलकर खाक हो गई।

  • Punjab News: कन्फेक्शनरी दुकान मालिक से Gun Point पर लूट, नगदी लेकर लुटेरे फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: कन्फेक्शनरी दुकान मालिक से Gun Point पर लूट, नगदी लेकर लुटेरे फरार, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः जिले में जहाज चौक के पास सिविल लाइन इलाके में दुकान में लूट की घटना सामने आई है। जहां अरुण दत्ता नामक व्यक्ति की कन्फेक्शनरी की दुकान पर 2 मोटरसाइकिल सवारों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। मामले की जानकारी देते हुए अरुण दत्ता ने बताया कि 2 मोटरसाइकिल सवारों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। इस दौरान उनमें से एक बाहर मोटरसाइकिल पर खड़ा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर आकर उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगाकर खड़ा हो गया।

    पहले उसने समझा कि कोई परिचित युवक उससे मज़ाक कर रहा है, लेकिन जब उन्होंने कहा कि जो कुछ भी है नहीं दिए तो गोली चला देंगे, तो वह डर गया। उन युवकों ने खुद ही दुकानदारी की चीजें छीनी, और तिजौरी में रखी सारी नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि 10 हजार रुपए की नगदी थी। पीड़ित ने लूट की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

    लेकिन हैरानी की बात यह है कि आस-पास वही इलाका है जहां कुछ ही दूरी पर पंचायत भवन चौक में जजों और पुलिस अधिकारियों के आवास हैं। लेकिन उसके बावजूद बेखौफ लुटेरे घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • Punjab News: ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ पुलिस ने कसा शिकंजा, किए वाहन बंद, देखें वीडियो

    Punjab News: ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ पुलिस ने कसा शिकंजा, किए वाहन बंद, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः बटाला की ट्रैफिक पुलिस ने मेन गांधी चौक में ई-रिक्शा वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को रोककर दस्तावेज मांगे। इस दौरान चालक के पास ना तो लाइसेंस था और ना हीं आरसी सहित अन्य दस्तावेज मिले। जिसके बाद पुलिस ने ऐसे कई ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त एक्शन लेते हुए कार्रवाई की। इस दौरान बिना नंबर वाले ई-रिक्शा चालकों के वाहन बंद किए गए।

    ट्रैफिक पुलिस के मुखी इंस्पेक्टर सुरिन्दर सिंह ने कहा कि ई-रिक्शा चालकों की शहर में काफी भरमार हो गई है। इस दौरान कई ई-रिक्शा चालक बिना दाईं-बाईं देखकर वाहन मोड़ देते है। जिसके कारण सड़क हादसे का शिकार होने का खतरा बना रहता है। अधिकारियों की अनुमति के साथ आज उक्त ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उनका कहना हैकि कई ई-रिक्शा चालकों के गलत तरीके से सड़कों पर चलाए जान के कारण शहर का माहौल खराब हो रहा हैं। इनमें बहुत सारे लोग ऐसे हैं जिनके पास कोई दस्तावेज नहीं, नशा भी करते हैं।

    इसी को लेकर आज कई चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं यूनियन के अध्यक्ष ने माना कि ई-रिक्शा चालकों में से बहुत सारे लोग नशा भी करते हैं। साथ ही, बहुत सारे लोगों के पास ना तो लाइसेंस है, ना आरसी है, ना ही ई-रिक्शा चलाने का का अनुभव है। इसके बावजूद कुछ चालक कानून की उल्लंघना कर रहे हैं और ई-रिक्शा चला रहे हैं। यूनियन के अध्यक्ष ने कहाकि वह इन्हें समझा रहे हैं कि सभी लोग लाइसेंस बनवाएं और ई-रिक्शा चलाने का अनुभव भी प्राप्त करें।

  • इस जन्म में भुगतना पड़ता है पिछले कर्मों का फल, Premanand Maharaj ने दिया जवाब

    इस जन्म में भुगतना पड़ता है पिछले कर्मों का फल, Premanand Maharaj ने दिया जवाब

    धर्म: ऐसा बोला जाता है कि पिछले जन्मों का फल इस जन्म में भुगतना पड़ता है पर इस बात में कितनी सच्चाई है। यह कोई नहीं जानता। अब प्रेमानंद महाराज ने इस पर जवाब दिया है। महाराज के अनुसार, कर्म का सिद्धांत ही ईश्वर की सबसे पहली न्याय व्यवस्था है। उनका यह कहना है कि इन दुनिया में जब कोई भी अपराध कर दे तो उसी दिन उसको सजा नहीं मिलती वैसे ही भगवान की अदालत में भी तुरंत कर्मों का फल नहीं मिलता।

    उस दरबार में नहीं चलती रिश्वत

    उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई कत्ल कर दे तो क्या उसको उसी दिन फांसी दी जाती है? नहीं न पहले मुकदमा चलता है फिर कुछ लोग गवाही देते हैं और इसके बाद वकील को फैसले तक पहुंचने में समय लगता है। ऐसे ही हमारे पिछले जन्मों के कर्म भी एक अद्भूत और विशाल-न्याय व्यवस्था के अंतर्गत आते हैं। भगवान के दरबार में किसी की गवाही, सिफारिश या रिश्वत की जरुरत नहीं पड़ती।

    सौ-सौ जन्मों का फल भी मिल जाता है

    उस अदालत में सिर्फ न्याय और सच्चाई ही चलती है। प्रेमानंद महाराज के अनुसार, ब्रह्मांड जितना बड़ा है उतना ही बड़ा हमारे कर्मों का लेखा भी होता है इसलिए कभी-कभी सौ-सौ जन्मों का फल भी किसी चरण में सामने आ ही जाता है।

    भगवान रखते हैं पूरा हिसाब

    भगवान की अदालत बहुत बड़ी होती है। वहां पर कई सारे जीवों और अनंत लोगों का हिसाब रखा जाता है। इसी कारण कर्मों का रजिस्टर देर से खुलता है।

    कर्म का मिलेगा फल

    हम समझते हैं कि अब तो पाप भूल गया होगा लेकिन भगवान कभी भी नहीं भूलते। वो बस उचित समय का इंतजार करते हैं। जब वो रजिस्टर खुलता है तभी जीव को अपने अच्छे और बुरे दोनों कर्मों का फल मिलता है। उनके अनुसार, कर्म का नियम ऐसा है कि उससे बिल्कुल बचा नहीं जा सकता। दुनिया में कभी-कभी अन्याय हो जाता है पर भगवान के दरबार में नहीं।

    कर्मों की गांठ खुलेगी

    प्रेमानंद महाराज के अनुसार, मनुष्य का शरीर बहुत ही दुर्लभ अवसर है। पाप करना आसान होता है पर उसका परिणाम बहुत कठिन होता है इसलिए वो हमेशा लोगों को अच्छे कर्म करने और सच का पालन करने के लिए और भगवान का नाम जपने की सलाह देता है। दिन के कुछ मिनट भी यदि आप अपने आराध्य को देंगे तो मन शांत होगा और जीवन अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने लगेगा। वो कहते हैं कि नाम जप आपके मन को निर्मल करेगा। कर्मों को पवित्र दिशा मिलेगी। उनके अनुसार, भगवान का स्मरण न सिर्फ व्यक्ति का आंतरिक शुद्धिकरण करेगा बल्कि इससे कर्मों की गांठ भी खुलेगी।
  • Himachal News: राजकीय महाविद्यालय ऊना में विश्व एड्स दिवस मनाया

    Himachal News: राजकीय महाविद्यालय ऊना में विश्व एड्स दिवस मनाया

    ऊना/सुशील पंडित: आज राजकीय महाविद्यालय ऊना में विश्व एड्स दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो॰ पुनीत कंवर रहे ।उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए उनके प्रयासों एवं रचनात्मक पहल की सराहना की।कार्यक्रम के अंतर्गत

    छात्रों को “Prevention is Better Than Cure” शीर्षक वाली एनिमेटेड फ़िल्म दिखाई गई।इसी क्रम में बी.एससी. द्वितीय वर्ष के छात्रों द्वारा बनाई गई एड्स जागरूकता पर वीडियो भी प्रदर्शित की गई।बी.एससी. तृतीय वर्ष (मेडिकल) के छात्रों ने मंच पर एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया गया।

    इस वर्ष विश्व एड्स दिवस 25 की थीम “Overcoming Disruption and Transforming the AIDS Response” रही।आरआरसी की नोडल अधिकारी, प्रोफेसर शशि कंवर ने सभी का धन्यवाद करते हुए इस क्लब के सदस्यों जिसमें डॉ. प्रमिला, डॉ. सुनील दत्त, प्रो. करण , प्रो. अलका एवं प्रो. निकिता के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की । इस मौक़े पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. संजय वर्मा, डॉ. रूचि, डॉ. श्वेता, प्रो. संजय शर्मा एवं डॉ. विपुल उपस्थिति रहे।

  • Punjab News: सोशल मीडिया के जरिए सीमा पार से हो रही थी हथियारों की तस्करी, 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: सोशल मीडिया के जरिए सीमा पार से हो रही थी हथियारों की तस्करी, 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसरः सीमा पार हथियारों की तस्करी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 आधुनिक पिस्तौल बरामद किए है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिशनर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कमिशनरेट पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी के मॉड्यूल का खुलासा किया है। पुलिस ने 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए सात आधुनिक पिस्तौल बरामद किए है, जिनमें तीन PX5 और चार .30 बोर शामिल हैं। ये गिरफ्तारीयां सीमा पार से हो रही गैरकानूनी गतिविधि पर बड़ा झटका मानी जा रही हैं।

    प्राथमिक जांच के दौरान यह महत्वपूर्ण खुलासा सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे। उन्हें हथियारों की डिलीवरी और पिकअप प्वाइंट निर्धारित करने के लिए व्हाट्सएप के जरिए संदेश भेजे जाते थे, जिसके माध्यम से यह पूरा नेटवर्क चलाया जा रहा था। तस्करों को विशेष लोकेशन पर पहुँचकर हथियार इकट्ठे करने की हिदायत दी जाती थी, जिससे यह साबित होता है कि पूरा मामला एक बड़ी साज़िश का हिस्सा था। जगराज सिंह और बलविंदर सिंह इन दोनों को काबू किया गया है। जगराज सिंह के खिलाफ पहले भी हत्या का केस दर्ज है।

    पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान से हथियार भेजने के लिए यह गैंग ड्रोन, नेटवर्क कैरियर और स्थानीय सहायकों की मदद लेता था। गिरफ्तार आरोपियों के फोन डेटा, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि पूरे कनेक्शन और बैक-एंड सप्लाई चेन को ट्रैक किया जा सके। पंजाब पुलिस ने कहा है कि प्रदेश की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और सीमा पार से चल रहे तस्करी माफिया को ज़रूर काबू किया जाएगा। उच्च अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस तरह के मॉड्यूल्स को तोड़ने के लिए विशेष ऑपरेशन लगातार चलाए जा रहे हैं और भविष्य में भी इस पर और सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

  • अवैध खनन के पूरे इको सिस्टम पर ऊना प्रशासन का निर्णायक प्रहार

    अवैध खनन के पूरे इको सिस्टम पर ऊना प्रशासन का निर्णायक प्रहार

    बहुस्तरीय रणनीति बनी कारगर, प्रदेश में ‘ऊना मॉडल’ की गूंज

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिले में अवैध खनन और उससे पोषित पूरे इको सिस्टम को ध्वस्त करने को जिला प्रशासन की बहुस्तरीय रणनीति कारगर साबित हो रही है।डीसी जतिन लाल ने जिले में रात्रिकालीन उत्खनन नेटवर्क, अवैध ढुलाई, शराब-आधारित नाइट एक्टिविटी, असामाजिक तंत्र और हथियारों के दुरुपयोग पर जिस तरह बहुस्तरीय और समग्र रणनीति से प्रहार किया है, वह अब पूरे प्रदेश में ‘ऊना मॉडल’ के नाम से पहचानी जाने लगी है। इस रणनीति ने बेहद कम समय में ठोस परिणाम दिए हैं और अवैध खनन के पूरे ढांचे को लगभग जड़ों से हिला दिया है।

    डीसी जतिन लाल का कहना है कि अवैध खनन सिर्फ उत्खनन का मुद्दा नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था, पर्यावरण, राजस्व, परिवहन अव्यवस्था और अपराध चक्र से जुड़ा एक व्यापक संकट है। इसलिए ऊना में एक बहुस्तरीय, वैज्ञानिक और कड़े प्रवर्तन वाला मॉडल लागू किया गया। पिछले एक पखवाड़े में प्रशासन द्वारा उठाए गए कड़े कदमों ने अवैध खनन के हर घटक, माल, मशीनरी, गतिविधि, ढुलाई और सहयोगी आपराधिक तत्वों पर नकेल कसते हुए पूरे आपराधिक ढांचे को कड़ी चोट पहुंचाई है।

    ऊना प्रशासन की यह रणनीति अवैध खनन की जड़ों को काटने वाली एक वैज्ञानिक, बहुस्तरीय और समन्वित कार्ययोजना है। आज यह संपूर्ण रणनीति प्रदेश भर में ‘ऊना मॉडल’ के नाम से पहचानी जा रही है और अवैध खनन और उसके पूरे इको सिस्टम के खात्मे का मजबूत उदाहरण बनी है।

    रात में खनन पर रोक, टूटी अवैध नेटवर्क की सबसे बड़ी ढाल

    अवैध खनन का पूरा ढांचा रात के अंधेरे पर आधारित था। इस पर निर्णायक प्रहार करते हुए जिला प्रशासन ने
    शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक खनन और माल ढुलाई पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया। अब वैध खनन केवल सुबह 6 से शाम 5 बजे तक अनुमति के साथ ही संभव है। इस एक फैसले से अवैध उत्खनन, टिपर मूवमेंट और रात्रिकालीन ढुलाई का तंत्र लगभग ठप हो गया।

    शराब बिक्री पर नियंत्रण,रात के अपराध तंत्र की कड़ी टूटी

    अवैध खनन से जुड़ी गतिविधियों में देर रात शराब खपत और भीड़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थी। इस चक्र को तोड़ने के लिए सभी शराब वेंड्स, अहाते, बार, पब, क्लब और शराब परोसने वाले रेस्टोरेंट को रात 10 बजे तक बंद करना अनिवार्य किया गया। यह कदम नशा नियंत्रण के साथ-साथ रात्रि अपराध गतिविधियों पर रोक का महत्वपूर्ण औजार सिद्ध हुआ है।

    परिवहन व्यवस्था पर सख़्ती,अवैध ढुलाई नेटवर्क निष्क्रिय

    अवैध खनन की ताकत इसकी ढुलाई चेन से जुड़ी थी। इस चेन को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह पुनर्गठित किया। सभी टिप्पर/मॉल ढुलाई वाले भारी वाहन केवल सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ही चलने के निर्देश दिए गए। खनन वाहनों के लिए समर्पित कॉरिडोर अधिसूचित किए गए। डीसी चौक से मैहतपुर बॉर्डर तक टिप्परों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया। वहीं इस मार्ग पर व्यवसायिक भारी वाहनों की आवाजाही और लोडिंग-अनलोडिंग पर सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक रोक लगाई है। प्रतिबंध अवधि में वाहनों को झलेड़ा-डीसी चौक-संतोषगढ़-अजौली मोड़ मार्ग पर डायवर्ट किया है।
    इन कठोर उपायों ने अवैध ढुलाई नेटवर्क को कमजोर कर दिया।

    स्वां नदी किनारे वाहनों का अनाधिकृत प्रवेश प्रतिबंधित, बिना अनुमति खनन पर पूर्ण रोक

    स्वां नदी को अवैध उत्खनन से सबसे बड़ा खतरा था। इस संवेदनशील क्षेत्र को बचाने के लिए प्रशासन ने नदी किनारे वाहनों का अनाधिकृत प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। इस क्षेत्र में बिना अनुमति के खनन पर रोक लगाई गई है। उल्लंघन पर वाहन जब्त करने और एफआईआर की करवाई
    ने प्रतिबंध को अधिक धारदार बना दिया है। यह कदम नदी की संरचना और पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़ा परिवर्तनकारी कदम माना जा रहा है।

    प्रशासन-पुलिस-माइनिंग विभाग का संयुक्त निगरानी मैकेनिज्म, रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाई
    अवैध खनन से निपटने में निगरानी सबसे बड़ी चुनौती थी। इसे मजबूत करने के लिए जिले में प्रशासन, पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त निगरानी तंत्र को सक्रिय किया गया। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाई गई। वहीं, संवेदनशील इलाकों, रूटों और चेक-पोस्टों पर चौबीसों घंटे सक्रिय निगरानी सुनिश्चित की गई। संयुक्त निगरानी ने जवाबदेही बढ़ाई है और मौके पर कार्रवाई की क्षमता को दोगुना किया है।

    हथियार लाइसेंसों की समीक्षा

    अवैध खनन से जुड़े कुछ मामलों में हथियारों के दुरुपयोग की शिकायतें आने पर जिला प्रशासन ने सभी लाइसेंसधारकों को हथियार थानों में जमा कराने के निर्देश जारी किए और प्रत्येक लाइसेंस की संभावित खतरे के आधार पर समीक्षा शुरू की है। विवादित या जोखिमपूर्ण मामलों में लाइसेंस निलंबित या रद्द किए जा रहे हैं।