Blog

  • पंजाबः संत नगर और ईदगाह बस्ती में नशे के खिलाफ पुलिस की दबिश, 12 लोग काबू

    पंजाबः संत नगर और ईदगाह बस्ती में नशे के खिलाफ पुलिस की दबिश, 12 लोग काबू

    अबोहरः जिले के मोहल्ला संत नगर और ईदगाह बस्ती में पुलिस ने बुधवार सुबह 6 बजे दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इन सभी लोगों के नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त होने की आशंका है। सर्च अभियान में पुलिस ने एक मोबाइल तथा नशा तौलने वाला कंप्यूटर कंडा भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को पिछले लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि अबोहर के मोहल्ला संत नगर और ईदगाह बस्ती में नशे का अवैध कारोबार हो रहा है।

    इसी को देखते हुए एसएसपी ने पूरे जिले की पुलिस को साथ में लेकर खुद सुबह 6 बजे मोहल्ला संत नगर और ईदगाह बस्ती में सर्च अभियान शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस के पास आपराधिक किस्म के लोगों की सूची पहले ही मौजूद थी। जिनके घरों पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान मोहल्ले के लोगों का भी सकारात्मक सहयोग रहा। किसी ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध नहीं किया। एसएसपी ने कहा कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

  • अनिश्चितकाल हड़ताल पर गए 10 हजार डॉक्टर, दी ये चेतावनी

    अनिश्चितकाल हड़ताल पर गए 10 हजार डॉक्टर, दी ये चेतावनी

    भोपाल: मध्‍य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के 10 हजार से ज्यादा डाक्टर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने इमरजेंसी सेवा, पोस्टमार्टम भी नहीं करने की चेतावनी दी है। इससे अस्पतालों में स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। हालांकि प्रशासन मरीजों की सहूलियत के लिए वैकल्‍पिक इंतजाम करने में जुटा है। राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्‍पताल की ओपीडी में रोज की अपेक्षा कम मरीज पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंगलवार देर रात बैठक के दौरान दिए गए निर्देशों के बाद भोपाल संभागायुक्‍त माल सिंह और कलेक्टर आशीष सिंह स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर ढंग से सुचारू बनाए रखने के लिए बुधवार सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार सुबह हमीदिया अस्पताल, कमला नेहरू चिकित्सालय पहुंचे और ओपीडी सेवाओं, सोनोग्राफी सेवाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मरीजों से मिलकर उनका हालचाल भी जाना। कलेक्‍टर ने कहा कि सभी सेवाएं सुचारू रूप से अस्पतालों में संचालित हो रही है।

    मरीजों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री के निर्देशाअनुसार हमीदिया अस्पताल में 150 निजी डॉक्टर की व्यवस्था कर ली गई है। इसके अतिरिक्त चिरायु, आरकेडीएफ, जेके अस्पताल आदि में अतिरिक्त 1500 बेड की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति में मरीजों को आवश्यकता होने पर निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया जा सकेगा और उनका इलाज मध्यप्रदेश शासन निश्‍शुल्क करवाएगा। वहीं मिसरोद के प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र पर डाक्‍टरों की हड़ताल का नोटिस लगा है, लेकिन दवाएं मिल रही हैं। यहां पर डॉक्टर अक्षय जैन और डॉक्टर कामयानी मिश्रा मिले। प्रभारी डॉक्टर जैन बोले, हड़ताल तो है पर आमजन क्यों परेशान हो इसलिए मरीजों को दवाएं दे रहे हैं। पर्चे भी बन रहे हैं 120 की ओपीडी है, सामान्य कुछ कम मरीज आ रहे हैं, पर सबको इलाज मिल रहा है।

    यहां इलाज कराने आईं मरीज कुमुदनी बाई बोली दवाएं लिखी हैं, मिल गई। एक ट्यूब नहीं मिला है। विदिशा में भी डाक्‍टरों की हड़ताल का असर देखने को मिला है। अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल कालेज और स्व श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला अस्पताल के डाक्टरों की हड़ताल से जिला अस्पताल खाली हो गया है। मंगलवार तक जहां जिला अस्पताल में 300 से अधिक मरीज भर्ती थे, बुधवार की सुबह 250 से अधिक मरीजों की छुट्टी कर दी गई है तो कुछ हड़ताल की जानकारी मिलते ही स्वयं चलते बने।

    गौरतलब है कि चिकित्सक महासंघ के पदाधिकारियों की मंगलवार को गृह मंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी सहित अधिकारियों के साथ बैठक हुई, पर कोई हल नहीं निकला। आंदोलन को देखते हुए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। इस दौरान निजी मेडिकल कालेज और नर्सिंग होम्स की मदद ली जा रही है । जरूरत पर सरकारी मेडिकल कालेजों से संबद्ध अस्पतालों के गंभीर रोगियों को निजी मेडिकल कालेजों में भेजा जाएगा। बता दें कि चिकित्सक महासंघ की सबसे प्रमुख मांग डायनमिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेसिव स्कीम (डीएसीपी) है। इसके अंतर्गत डाक्टरों को तय समय पर एक वेतनमान देने की मांग है। प्रदेश में पहली बार स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा विभाग के डाक्टरों के अलावा जूनियर डाक्टर भी हड़ताल में शामिल हो रहे हैं। इससे सबसे ज्यादा दिक्कत गंभीर रोगियों को होगी।

    यह हैं प्रमुख मांगें

    • केंद्र, बिहार एवं अन्य राज्यों की तरह प्रदेश के चिकित्सकों हेतु डीएसीपी का प्रविधान। इससे राज्य सरकार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी नहीं आएगा।
    • स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं बीमा अस्पताल (ईएसआइ) की विसंगतियां दूर हों।
    • चिकित्सकीय विभागों में तकनीकी विषयों पर प्रशासनिक अधिकारियों का हस्तक्षेप खत्म किया जाए। -राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा चिकित्सकों (एमबीबीएस) की मप्र लोक सेवा आयोग के माध्यम से की जाने चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाए।
    • एमबीबीएस के बाद ग्रामीण सेवा बांड राशि व शिक्षण शुल्क जो कि देश में सर्वाधिक है को कम किया जाए।
    • विभाग में कार्यरत समस्त बंधपत्र चिकित्सकों का वेतन समकक्ष संविदा चिकित्सकों के समतुल्य करना।

    इनका कहना है

    आयुक्त चिकित्सा शिक्षा जान किंग्सले का कहना है कि सरकारी सेवा में रहते हुए पीजी के लिए आने वाले जूनियर डाक्टर, इंटर्न डाक्टर काम करेंगे। निजी मेडिकल कालेज के डाक्टरों को बुलाया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार रोगियों को निजी मेडिकल कालेजों में भी भेजेंगे। नर्सिंग होम्स की सेवाएं ली जाएंगी। बंधपत्र वाले चिकित्सकों ने आंदोलन किया तो उनकी बंधपत्र की अवधि अधूरी मानी जाएगी।

  • कांग्रेस उम्मीदवार के भाई के घर आयकर विभाग की रेड, पेड़ पर मिले एक करोड़ रुपये! देखें वीडियो

    कांग्रेस उम्मीदवार के भाई के घर आयकर विभाग की रेड, पेड़ पर मिले एक करोड़ रुपये! देखें वीडियो

    मैसूर: कर्नाटक में इसी महीने विधानसभा चुनाव है। इस बीच आयकर विभाग टीम ने मैसूर में एक घर में छापेमारी के दौरान पेड़ पर एक बक्से में रखे गए एक करोड़ रुपये जब्त किए हैं। यह छापेमारी मैसूर में सुब्रमण्यम राय के घर पर की गई थी। यहीं पेड़ पर बक्से में रखे गए एक करोड़ रुपये बरामद हुए। सुब्रमण्यम राय पुत्तूप से कांग्रेस उम्मीदवार अशोक कुमार राय के भाई हैं। आयकर विभाग के छापे का एक वीडियो भी सामने आया है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें नजर आता है कि कुछ अधिकारी पेड़ की ओर इशारा करते हुए कुछ बातें कर रहे हैं। उनके हाथ में मोबाइल है। न्यूज रिपोर्ट के अनुसार बाद में पेड़ से मिले बक्से में एक करोड़ रुपये मिले।

    कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के तहत वोट डाले जाने हैं। नतीजे 13 मई को आएंगे। चुनाव के ऐलान के समय से ही बड़ी मात्रा में पैसे जब्त किए जाने के मामले सामने आते रहे हैं। इससे पहले बेंगलुरू पुलिस ने भी दो लोगों को करीब एक करोड़ रुपये के साथ पकड़ा था। यहं बरामदगी 13 अप्रैल को सिटी मार्केट क्षेत्र के पास एक ऑटो से की गई थी। कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के तहत वोट डाले जाने हैं। नतीजे 13 मई को आएंगे। चुनाव के ऐलान के समय से ही बड़ी मात्रा में पैसे जब्त किए जाने के मामले सामने आते रहे हैं। इससे पहले बेंगलुरू पुलिस ने भी दो लोगों को करीब एक करोड़ रुपये के साथ पकड़ा था।

    यह बरामदगी 13 अप्रैल को सिटी मार्केट क्षेत्र के पास एक ऑटो से की गई थी। हाल ही में भाजपा विधायक मदल विरुपक्षप्पा के घर से भी करीब छह करोड़ रुपये कैश बरामद हुए थे। उनके बेटे के कार्यालय से भी दो करोड़ से ज्यादा कैश बरामद हुआ था। इसके बाद विधायक के बेटे प्रशांत मदल को गिरफ्तार किया गया था। घर से आठ करोड़ बरामद होने के बाद मदल विरुपक्षप्पा ने कर्नाटक सोप्स एंड डिटर्जेंट लिमिटेड कंपनी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रशांत मदल को लोकायुक्त ने 40 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। वे बेंगलुरु जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड (BWSSB) में मुख्य लेखाकार थे। वहीं, पिता मदल विरुपक्षप्पा कर्नाटक के दावणगेरे जिला की चन्नागिरी सीट से बीजेपी विधायक हैं।

  • दर्दनाक हादसाः टक्कर के बाद बाइक चालक को कार पर 3 किमी तक लटकाया, मौत, देखें वीडियो 

    दर्दनाक हादसाः टक्कर के बाद बाइक चालक को कार पर 3 किमी तक लटकाया, मौत, देखें वीडियो 

    नई दिल्‍ली: दिल्ली के वीआईपी इलाके में कंझावला जैसा कांड सामने आया है। दिल्‍ली में कनॉट प्‍लेस से सटे कस्‍तूरबा गांधी मार्ग टॉलस्टाय-मार्ग रेड लाइट पर कार सवार शख्स ने बाइक पर सवार 2 भाइयों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक लड़का दूर उछल कर गिरा, जबकि एक लड़का कार पर जा गिरा। टक्‍कर लगने के बावजूद कार सवार लड़के गाड़ी रोकने की बजाए कार दौड़ाते रहे। एक चश्मदीद मोहम्मद बिलाल ने अपनी स्कूटी से कार का पीछा किया और उसने वीडियो भी बनाया, वो हॉर्न बजाकर चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपियों ने कार नहीं रोकी।

    वीडियो में दिख रहा है कि चलती हुई कार पर एक लड़का पड़ा हुआ है। 3 किलोमीटर बाद दिल्ली गेट पर आरोपियों ने दिल्ली गेट के पास कार पर पड़े लड़के को नीचे फेंक दिया और भाग गए। इसके बाद 30 साल के दीपांशु वर्मा की मौत हो गई, जबकि उसकी बुआ का लड़का 20 साल का मुकुल गंभीर रूप से घायल है। दिल्ली पुलिस ने कंझावला की तरह इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दीपांशु ज्वैलरी की शॉप चलाता था और माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना को लेकर दिल्ली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान हरनीत सिंह चावला के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। कार में उनका परिवार भी था।

    आभूषण की दुकान चलाने वाले दीपांशु वर्मा के परिवार में उनके माता-पिता और एक बहन है। उसकी बहन उन्नति वर्मा ने बताया, “जब इस घटना को देखने वाले दो लोगों ने कार को रुकवाने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने गति बढ़ा दी। जब (दीपांशु) गाड़ी पर था, तब वह जिंदा था। जब उन्होंने उसे जमीन पर पटक दिया। लगभग 3 किलोमीटर तक कार पर पड़े रहने के बाद जमीन पर फेंक दिया। गिरने पर उसका सिर जमीन पर लगा और तभी उसकी मृत्यु हो गई। यह सब जानबूझकर किया गया था।” मृतक की बहन ने कहा, “पुलिस ने हमें बताया कि कार चलाने वाले व्यक्ति का नाम हरनीत सिंह चावला है। वह महिंद्रा एक्सयूवी चला रहा था। मुझे लगता है कि वह नशे में था। उसे इतनी कड़ी सजा दी जानी चाहिए कि कोई भी ऐसा कुछ करने के बारे में कभी न सोचे।”

  • पंजाबः गौवंश से भरे ट्रक को किया काबू, 2 गिरफ्तार

    पंजाबः गौवंश से भरे ट्रक को किया काबू, 2 गिरफ्तार

    अबोहरः जिले में बजरंग दल हिंदुस्तान की टीम ने गौवंश से भरे ट्रक को काबू किया है। इस दौरान बजरंग दल ने उक्त ट्रक में 18 गौवंश‌ भरे हुए थे। जिन्हें गांव सप्पांवाली की गौशाला में भिजवा दिया गया। वहीं पुलिस ने इन गौवंश के ले जाने वाले 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। बजरंग दल हिंदुस्तान के पदाधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि बठिंडा के नजदीक गांव जंडवाला से एक ट्रक में लाद कर गौवंशों को ले जाया जा रहा है। जिस पर गौ प्रेमियों ने उक्त ट्रक का पीछा किया और अबोहर के फाजिल्का रोड पर गांव बुर्जमुहार के पास जब ट्रक को रुकवाना चाहा तो ड्राइवर ने ट्रक को भगाने का प्रयास किया। जिस पर गौ प्रेमियों ने शोर मचाया और मौके पर पहुंचे लोगों ने ट्रक को घेर कर उस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

    वहीं सूचना मिलते ही थाना नंबर 1 की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। जबकि ट्रक में लादी गई 7 गायों सहित 18 गौवंशों को सुरक्षित तरीके से ट्रक से उतार कर गांव सप्पांवाली की गौशाला में भिजवा दिया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस ट्रक के आगे एक पायलट गाड़ी में सवार कुछ लोग रास्ते की रैकी करते हुए आगे-आगे चल रहे थे, जो फरार हो गए। पता चला है कि ट्रक में लदी गायों को पंजाब से हरियाणा के रास्ते जम्मू-कश्मीर ले जाया जा रहा था।

  • बेकाबू क्रेन चालक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, 4 की मौत, देखें वीडियो

    बेकाबू क्रेन चालक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, 4 की मौत, देखें वीडियो

    इंदौरः मध्य प्रदेश के इंदौर में दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की जान चली गई। कई लोग घायल भी हो गए। दुर्घटना बाणगंगा क्षेत्र के भगत सिंह नगर में हुई जहां पुल से उतरते समय एक क्रेन ने पहले कार और रिक्शा को टक्कर मारी। फिर दो बाइक को रौंदते हुए आगे निकल गई। हादसा इतना वीभत्स था कि दोनों बाइक क्रेन के नीचे आ गए। करीब 50 मीटर तक क्रेन के साथ बाइक घिसटते रहे। मरने वालों में तीन बच्चे शामिल हैं। दुर्घटना के 15 घंटे बाद भी इसकी असली वजह का पता नहीं चल पाया है।

    डीसीपी धर्मेंद्रसिंह भदौरिया ने बताया कि क्रेन मैसर्स सुरेंद्र शुक्ला एंड फर्म की है जिसे शुभा शुक्ला संचालित करती है। क्रेन का ड्राइवर अनीश सुपर कॉरिडोर से लौट रहा था। क्रेन की रफ्तार काफी तेज थी। ब्रिज से उतरते वक्त ड्राइवर स्पीड पर नियंत्रण नहीं रख पाया और क्रेन ने आगे चल रहे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।

    दूसरी ओर, क्रेन के ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि पुल से उतरते समय अचानक ब्रेक फेल हो गया और वह स्पीड पर नियंत्रण नहीं रख पाया। अनीस ने कहा कि ब्रिज से उतरने के दौरान क्रेन का गियर अपने आप न्यूट्रल हो गया था। उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक फेल हो गए। फिर उसने आगे चल रहे वाहनों को सामने से हटने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन शोरगुल में किसी को सुनाई नहीं दिया।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि क्रेन की स्पीड तो ज्यादा थी ही, ड्राइवर एक बस से आगे निकलने की होड़ कर रहा था। क्रेन के आगे जय बाबा बाल हनुमान ट्रैवल्स की बस जा रही थी। ड्राइवर उससे आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। स्पीड ज्यादा होने के कारण वह नियंत्रण नहीं रख पाया और यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों की बातों में दम लगता है क्योंकि पुलिस की जांच में क्रेन सही पाई गई है। क्रेन का गियर और ब्रेक सही हालत में हैं। पुलिस अब एमटीओ से तकनीकी जांच करवा रही है जिससे असली कारण का पता चल सके।

  • नाबालिग को बंधक बनाकर करते रहे दुष्कर्म, दो भाईयों सहित 4 गिरफ्तार

    नाबालिग को बंधक बनाकर करते रहे दुष्कर्म, दो भाईयों सहित 4 गिरफ्तार

    फरसगांवः केशकाल विधानसभा के फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत अपहरण कर सामूहिक रूप से दुष्कर्म करने का मामला आया है, जहाँ दो सगे भाईयों ने नाबालिग को तीन दिनों तक बंधक बना कर गैंगरेप किया। फरसगांव पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कोंडागांव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोभराज अग्रवाल ने बताया कि 25 अप्रैल को थाना फरसगाव क्षेत्रांतर्गत आयोजित एक देव मेला देखने गयी नाबालिग बालिका को 04 व्यक्तियों ने मोटरसायकल में जबरदस्ती बिठाकर अपहरण कर फरसगांव बाजार पास में स्थित एक घर में बालिका को बंधक बनाया। जिसके बाद दो सगे भाईयों ने नाबालिग के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाकर बलात्कार किया। इसकी रिपोर्ट पर थाना फरसगाव में दिनांक 01 मई को अपराध क्रमांक 36/ 2023 धारा 363, 365. 366 (क), 376 (2/ढ), 376(3), 376 (घ/क), 34 भा.द.वि. 06, 17 पाक्सो एक्ट पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

    परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पता तलाश में जुड़ गए। इस दौरान फरसगांव बाजार पारा निवासी मंगतू मण्डावी उम्र 18 वर्ष, मनोज मण्डावी 21 वर्ष, ग्राम सारबेडा निवासी भूपेन्द्र मरकाम 21 वर्ष बालिका के साथ घटना को अंजाम देना पाया गया । जिसमें आरोपी मंगतू मण्डावी और मनोज मण्डावी के द्वारा नाबालिग पीडिता को अपने घर में लगातार 03 दिन तक बंधक बनाकर रखना और पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाकर बलात्कार करना पाया गया। इस दौरान तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया साथ ही घटना में संलिप्त बालक को भी थाना फरसगांव द्वारा निरूद्ध किया गया है सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया ।

  • होशियारपुरः कार को लगी भयानक आग, जलकर हुई राख, देखें वीडियो

    होशियारपुरः कार को लगी भयानक आग, जलकर हुई राख, देखें वीडियो

    दूसहा/सोनू थापरः होशियारपुर से दसूहा अपने रिश्तेदारों को मिलने आ रहे एक परिवार की चलती गाड़ी में आग लग गई। गनीमत रही की कार में सवार तीनों लोग गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकल गए। राहगीरों की मानें तो देखते ही देखते कुछ मिनटों के अंदर आग की बड़ी-बड़ी लपटे निकलना शुरू हो गईं। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ कुछ समय के लिए ट्रैफिक अवरुद्ध रहा। गाड़ी को आग लगी देखते हुए आने-जाने वाले राहगीरों की मदद से फायर बिग्रेड दफ्तर को सूचित किया गया। वहीं, मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड के अधिकारियों द्वारा आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह से जल चुकी थी। इस संबंधी कार चालक जितेंद्र सिंह पुत्र हिम्मत सिंह वासी होशियारपुर ने बताया कि गाड़ी न. पीबी 42 एल 1155 में मेरे साथ मेरी माता नवनीत कौर, नानी मनजीत कौर, सवार होकर दसूहा के बाल्गन गांव में जा रहे थे।

    जैसे ही गांव के कुछ पास पहुंचे तो गाड़ी से धुआं निकलना शुरू हो गया। देखते ही देखते धुआं ज्यादा निकलने लगा, जिसके उपरांत परिवार सदस्यों को गाड़ी से बाहर निकाल गाड़ी को सड़क किनारे लगा दिया। देखते ही देखते कार में आग लग गई। जब तक कुछ समझ पाते, तब तक गाड़ी में बहुत ज्यादा आग लग चुकी थी। स्थानीय लोगों व राहगीरों की मदद से फायर गाड़ी और पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि गाड़ी में धुआं निकलने के उपरांत कार में रखा सारा सामान निकाल लिया गया था। वहीं, थाना प्रमुख बलविंदर सिंह ने बताया कि मामला ध्यान में आते ही पुलिस पार्टी को मौके पर भेज दिया गया था। लोकल जानकारी के मुताबिक गाड़ी पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी। वही आग लगने का मुख्य कारण गाड़ी में हुआ शार्ट-सर्किट बताया जा रहा है।

  • कपूरथलाः युवकों ने पूर्व सरपंच के घर में चलाई गोलियां, 2 घायल

    कपूरथलाः युवकों ने पूर्व सरपंच के घर में चलाई गोलियां, 2 घायल

    महिला का हालत गंभीर, डॉक्टरों ने जालंधर किया रेफर

    कपूरधला: पंजाब में गोली चलने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। वहीं सुल्तानपुर लोधी के भागो बुढा गांव से बड़ी खबर सामने आई है, जहां सुबह 9 बजे गांव के कुछ युवकों द्वारा पूर्व सरपंच के घर में घुसकर गोलियां चला दी। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व सरपंच की पत्नी गीता रानी घर में डेयरी चलाती है। जिस दौरान गांव के युवकों के साथ किसी मामूली बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिसके बाद युवकों ने गीता रानी पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान मां की आवाज सुनकर बेटा बाहर आया तो हमलावारों ने बेटे उडीक चंद पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वहीं एक युवक को गांव के लोगों काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया।

    इस घटना के दौरान पूर्व सरपंच की पत्नी गीता रानी व उसका बेटा अरै चंद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल लाया गया है। पूर्व सरपंच मंगत राम की पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिस कारण उसे जालंधर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। जबकि उन्हीं की वजह से उडीक चंद सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी चल रहा है। वहीं कबीरपुर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं आरोपी युवक सागर को हिरासत में ले लिया गया है। थाना अध्यक्ष लखविंदर सिंह टर्नन ने बताया कि, पड़ितों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • टुकड़ों में मिला युवती का शव, जांच में जुटी पुलिस

    टुकड़ों में मिला युवती का शव, जांच में जुटी पुलिस

    बालोदः पर्रेगुड़ा गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर भोला पठार गांव के जंगल में युवती की लाश मिली है। ये लाश संदिग्ध अवस्था में और कई टुकड़ों में मिली है। पेड़ की डाली पर दुपट्टे के फंदे पर युवती की लाश लटकती पाई गई। शव के पास युवती की सेंडल, लेडीस बैग, पानी की बोतल और मोबाईल मिला है। 

    वहीं एक पेड़ की पतली सी डंगाली में दुपट्टे के फंदे से लटकती युवती के सिर के बाल मिले हैं। साथ ही कई टुकड़ों में हाथ और कंकाल इधर-उधर बिखरे पड़े है। जिसे पुलिस ने जांच के बाद सभी अवशेषों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक महीने से युवती घर से गायब थी। जिसे लेकर परिजन ने गुरुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई हुई है।

    बैग में मिले प्रवेश पत्र के अनुसार युवती का नाम कविता है। जो कि मां बहादुर कलारिन कॉलेज गुरुर की छात्रा है। शव करीब 1 महीना पुराना बताया जा रहा है। जिसे जंगली जानवरों ने छित्रविछित्र कर दिया है। इस मामले में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल बालोद एसडीओपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।

    मामले को लेकर बालोद एसडीओपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि भोला पठार गांव में लाश होने की सूचना पुलिस को मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। जिसमें पुलिस को कंकाल मिला। प्रथम दृष्टया ये युवती का कंकाल बताया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से अन्य चीजें भी बरामद की है। इन सब के आधार पर युवती की शिनाख्त की जाएगी। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।