Blog

  • राशिफल (शनिवार 8 अक्तूबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (शनिवार 8 अक्तूबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेष: संपत्ति के कार्य लाभ देंगे। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। यात्रा व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। कानूनी मामलों में लापरवाही न करें। सम्मान व कीर्ति में वृद्धि होगी। व्यापार में नए प्रस्तावों से लाभ मिलने के योग हैं।
    वृष: विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी। पारिवारिक जिम्मेदारी का पूर्ण ध्यान रखें। रचनात्मक कार्यों का प्रतिफल प्राप्त होगा। व्यापार में उन्नति होगी। कानूनी विवादों का निपटारा होगा।
    मिथुन: बुरी खबर मिल सकती है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दौड़धूप अधिक होगी। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। मकान व जमीन संबंधी कार्य बनेंगे। संतान पर अनावश्यक रोक न लगाएँ। धन लाभ होने की भी संभावना है। सामाजिक कार्यों में सीमित रहें।
    कर्क: मेहनत का फल मिलेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। निवेश, यात्रा व नौकरी लाभ देंगे। अपने प्रयासों से उन्नति पथ प्रशस्त करेंगे। इच्छित काम पूर्ण हो सकेंगे। स्वास्थ्य की समस्या सुलझेगी। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी।
    सिंह: अतिथियों का आगमन होगा। उत्साहवर्धक सूचना मिलेगी। प्रसन्नता रहेगी। स्वाभिमान रहेगा। प्रमाद न करें। बुद्धि चातुर्य से कठिन कार्य भी आसानी से बनेंगे। वैवाहिक अड़चनें समाप्त होंगी। आय-व्यय में असंतुलन की स्थिति बन सकती है। विरोधी परास्त होंगे।
    कन्या: यात्रा, निवेश व नौकरी मनोनुकूल रहेंगे। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। भौतिक विकास के कार्यों को बल मिलेगा। भागीदारी के प्रस्ताव आएँगे। दिनचर्या नियमित रहेगी। रिश्तेदारों से भेंट हो सकेगी। दूसरों की आलोचना, निंदा से दूर रहें। फालतू खर्च होगा।
    तुला: क्रोध पर नियंत्रण रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। दूसरों पर अतिविश्वास न करें। नई योजनाओं का सूत्रपात होगा। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। व्यावसायिक समस्याओं का हल आपके माध्यम से हो सकेगा। दूसरों से व्यर्थ में न उलझें।
    वृश्चिक: लेन-देन में सावधानी रखें। पुरानी लेनदारी वसूल होगी। यात्रा सफल रहेगी। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति होगी। व्यवहार-कुशलता से समस्या का समाधान संभव है। व्यापारिक निर्णय लेने में देरी नहीं करना चाहिए। लाभ होगा।
    धनु: योजना फलीभूत होगी। धन प्राप्ति सुगम होगी। प्रसन्नता रहेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। अधूरे पड़े कार्य पूरे होंगे। जीवनसाथी से संबंधों में मधुरता आएगी। प्रयास व सहयोग से अनुकूलता आएगी। पिता से व्यापार के विषय में मतभेद हो सकते हैं।
    मकर: धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। सत्संग का लाभ मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। नए प्रस्ताव प्राप्त होंगे। सुखद यात्रा के योग हैं। रचनात्मक काम होंगे। आलस्य को त्यागकर कार्यों को समय पर करने से सफलता प्राप्त हो सकती है।
    कुंभ: वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। सोच-समझकर व्यय करें। व्यापार लाभप्रद रहेगा। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। विवाद समाप्त होने से शांति एवं सुख बढ़ेगा। व्यापार अच्छा चलेगा।
    मीन: प्रेम-प्रसंग में सफलता मिलेगी। कानूनी बाधा दूर होगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। परोपकारी स्वभाव होने से दूसरों की मदद कर पाएँगे। काम के प्रति लापरवाही न करें। प्रयत्न एवं दूरदर्शिता से सहयोग व समर्थन मिलेगा। लाभ होगा।
  • दर्दनाक हादसा: चलती बस में आग लगने से 11 की मौत, कई झुलसे

    दर्दनाक हादसा: चलती बस में आग लगने से 11 की मौत, कई झुलसे

    नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में आज सुबह तड़के यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस में आग लगने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है। इसमें एक बच्चा भी शामिल है। इनके अलावा 38 अन्य यात्री इस हादसे में झुलस गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि वह अभी भी मौतों की सही संख्या का पता लगाने की कोशिश कर रही है। ये दुर्घटना औरंगाबाद रोड पर नासिक के नांदूर नाका मिरची होटल के पास अहले सुबह 5 बजे के करीब हुई है। समाचार एजेंसी के अनुसार एक कंटेनर में टक्कर मारने की वजह से बस में आग लगी। ये बस यवतमाल से मुंबई जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक नासिक से पुणे जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे के वीडियो में साफ दिख रहा है कि यात्री बस आग का गोला बन गई है और धू-धू कर जल रही है।

  • जालंधरः देहात पुलिस ने लाखों की हवाला राशि सहित आरोपी किया गिरफ्तार

    जालंधरः देहात पुलिस ने लाखों की हवाला राशि सहित आरोपी किया गिरफ्तार

    सराफा बाजार के ज्यूलर को दी जानी थी राशि

    जालंधर (वरुण)। देहात एसएसपी सवरणदीप सिंह दिशानिर्देशों पर सीआईए स्टाफ की पुलिस ने हवाला की राशि सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में खुलासा हुआ है कि पकड़ी गई यह 30 लाख रूपए की रकम जालंधर के सर्राफा बाजार में स्थित ज्यूलर को दी जानी थी।  मामला हवाले से जुड़ा होने का कारण पुलिस ने ये केस ईडी को ट्रांसफर कर दिया है।

    जालंधर देहात के सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग हवाला के ज़रिए लाखों रूपए की पेमैंट ट्रांसफर करने वाले हैं। देहात के एस.एस.पी. स्वर्णदीप सिंह के निर्देशों पर इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने एक्टिवा सवार युवक नवीन निश्चल वासी माडल हाऊस को काबू किया। आरोपी से एक्टिवा की डिग्गी में से 30 लाख रूपए कैश बरामद किए गए हैं। मौके पर कोई रिकार्ड पेश न कर पाने जाने पर पुलिस ने नकदी ज़ब्त कर ली।

     इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि ये रकम नवीन ने फुटबाल चौक के निकट स्थित तिरूपती कोरियर सर्विस से ली थी और जालंधर के सर्राफा बाजार के नजदीक स्थित ज्यूलर सोनू को देनी थी। इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि ये पेमैंट सोने की थी। संभवतः ये पेमैंट दिल्ली से आई थी।

    इसी बीच पता चला है कि पुलिस ने जांच मे एक एनआरआई को शामिल किया। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। फिलहाल जांच में एनआरआई की कोई भूमिका सामने नहीं आई। 

  • जालंधरः लांबड़ा का कबाड़िया नीरज चोर गिरोह के 2 सदस्य सहित गिरफ्तार

    जालंधरः लांबड़ा का कबाड़िया नीरज चोर गिरोह के 2 सदस्य सहित गिरफ्तार

    जालंधर/वरुणः थाना 8 की पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरपाल लाल पुत्र रतन लाल निवासी संतोखपुरा, विजय पुत्र बाबू राम निवासी विनय नगर के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए डीसीपी जसकिरनजीत सिंह तेजा, एसीपी दमनवीर सिंह ने बताया कि उक्त आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर टाटा 207 अमन नगर से चुराई थी। जिसकी शिकायत थाना 8 में दर्ज हुई थी। 

    जिस पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने दोआबा चौक पर नाकाबंदी के दौरान महिंदरा गाड़ी नंबर पीबी 06 जी 9385 सहित दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह गिरोह बनाकर होशियारपुर, भोगपुर, गोराया और लुधियाना में 24 गाड़ियां चुरा चुके है। यह गिरोह गाड़िया चुराकर उनके अलग-अलग पार्ट्स कर लांबड़ा के एक कबाड़ी को बेच देते थे।

    पुलिस ने लांबड़ा स्थित नीरज नामक कबाड़िये की दुकान पर छापेमारी कर चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी नीरज पर मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस इस गिरोह के फरार सदस्यों की तालाश में छापेमारी कर रही है।

  • जालंधर सहित इन शहरों में की जा रही Development Authority द्वारा संपत्तियों की ई-नीलामी

    जालंधर सहित इन शहरों में की जा रही Development Authority द्वारा संपत्तियों की ई-नीलामी

    चंडीगढ़: जालंधर विकास प्राधिकरण और अमृतसर विकास प्राधिकरण द्वारा राज्य के शहरों अमृतसर, गुरदासपुर, बटाला, जालंधर, फगवाड़ा, कपूरथला और सुल्तानपुर लोधी में प्रमुख संपत्तियों की ई-नीलामी की जा रही है। इस संबंधी जानकारी देते हुए आवास निर्माण एवं शहरी विकास विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि अमृतसर विकास प्राधिकरण द्वारा 13 एस.सी.ओज., 99 रिहायशी प्लॉट, गुरदासपुर में 3.58 करोड़ रुपए की कीमत वाली एक स्कूल साइट और बटाला में 5.25 करोड़ रुपए की कीमत वाली एक अन्य स्कूल साइट, गुरदासपुर में 6.10 करोड़ रुपए की कीमत वाली एक बहु-उद्देशीय साइट की पेशकश की जा रही है। इन संपत्तियों की ई-नीलामी 20 अक्तूबर, 2022 से 31 अक्तूबर, 2022 तक होगी।  

    जालंधर विकास प्राधिकरण द्वारा 105 व्यापारिक साईटों की ई-नीलामी करवाई जा रही है, जिनमें एस.सी.ओ., एस.सी.एस., एस.सी.एफ., कनवीनीऐंट बूथ, कनवीनीऐंट दुकानें शामिल हैं। 41 रिहायशी प्लॉट भी नीलामी के लिए उपलब्ध हैं। इनके अलावा सुल्तानपुर लोधी में 2.20 करोड़ रुपए की आरक्षित कीमत वाली स्कूल साइट और जालंधर में 6.36 करोड़ रुपए, 11.73 करोड़ रुपए और 26.89 करोड़ रुपए की कीमत वाली तीन चंक साईटें बोली लगाने के लिए उपलब्ध हैं। इन संपत्तियों की ई-नीलामी 17 अक्तूबर, 2022 तक होगी।  

    प्रवक्ता ने कहा कि संपत्तियों की आरक्षित कीमत, आस-पास की जगह, स्थान सम्बन्धित योजनाएँ, भुगतान और अन्य नियम एवं शर्तों समेत अन्य विवरण पोर्टल www.puda.e-auctions.in पर उपलब्ध हैं। नीलामी वाली संपत्तियों का कब्ज़ा अलॉटमैंट पत्र जारी होने के 90 दिनों के अंदर सफल बोली लगाने वालों को सौंप दिया जाएगा। साईटों का कब्ज़ा जल्द सौंपने से अलॉटियों को जल्द निर्माण शुरू करने और बाद में साइट (रिहायशी या व्यापारिक) का उचित प्रयोग करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आगे बताया कि ई-नीलामी में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक बोली लगाने वालों को नीलामी पोर्टल पर साईनअप करके उपभोक्ता आई.डी. और पासवर्ड प्राप्त करना होगा। इसके उपरांत बोली लगाने वालों को नैट बैंकिंग/डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड/आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ.टी. के द्वारा रिफंडेबल/अडजस्टेबल योग्यता फीस जमा करवानी पड़ेगी।  

  • पंजाबः भाई ने बहन का किया तेजधार हथियार से कत्ल, 11 अक्तूबर को थी लड़की शादी

    पंजाबः भाई ने बहन का किया तेजधार हथियार से कत्ल, 11 अक्तूबर को थी लड़की शादी

    तरनतारनः विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव दीनेवाल में भाई ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी छोटी बहन अरजिंदर कौर को तलवारों से मौत के घाट उतार दिया। अरजिंदर कौर का 11 अक्तूबर को विवाह होना था और वह शुक्रवार को खरीद-फरोखत के लिए घर से रवाना हुई थी कि आरोपी ने पीछे से तलवार से हमला कर दिया। गांव दीनेवाल निवासी जसपाल सिंह ने बताया कि उसकी 19 वर्षीय बेटी अरजिंदर कौर का विवाह तय किया गया था। 11 अक्तूबर को अरजिंदर कौर की शादी थी। विवाह की तैयारी के लिए अरजिंदर कौर शुक्रवार की दोपहर तीन बजे रिश्तेदार के साथ मोटरसाइकिल पर घर से निकली थी कि उसके बड़े भाई गुरजंट सिंह ने पीछे से तलवार से हमला किया।

    मोटरसाइकिल पर रिश्तेदार के पीछे बैठी अरजिंदर कौर गली में गिरी। जिस दौरान आरोपी ने तलवार से तीन वार किए। अरजिंदर कौर की मौके पर मौत हो गई। जसपाल सिंह ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करके परिवार चलाता था। बेटी के विवाह के लिए काफी मेहनत की। अरजिंदर कौर के चरित्र पर उसका बड़ा भाई गुरजंट सिंह संदेह करता था। जिसके चलते दोनों में अकसर तकरार रहती थी। घटना का पता चलते ही डीएसपी अरुण कुमार, थाना प्रभारी राजिंदर सिंह, चौकी कंग के इंचार्ज लखविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। जसपाल सिंह के बयानों पर गुरजंट सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके हत्या में प्रयोग किरपान बरामद कर ली है। हालांकि आरोपी अभी फरार है।

  • रेल मंत्री बड़ा ऐलान, जानें भारत में कब शुरू होगी पहली बुलेट ट्रेन

    रेल मंत्री बड़ा ऐलान, जानें भारत में कब शुरू होगी पहली बुलेट ट्रेन

    नई दिल्लीः रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को अहमदाबाद के दौरे पर बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि देश में पहली बुलेट ट्रेन 2026 में चलेगी। फिलहाल अभी इसको लेकर काम चल रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि 199 स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाने को लेकर मास्टर प्लान चल रहा है। इसके तहत अहमदाबाद रेलवे स्टेशन वर्ल्ड क्लास बनाया जाएगा।
    वंदे भारत एक्सप्रेस हादसे को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि देश में सभी रेलवे ट्रैक अभी भी जमीन पर हैं। ऐसे में मवेशियों की समस्या बनी रहती है। हालांकि, ऐसे मुद्दों से निपटने के लिए ट्रेनों को डिजाइन किया जा रहा है। कल की घटना के बाद भी वंदे भारत ट्रेन को कुछ नहीं हुआ। आगे के हिस्से की हुई मरम्मत के बाद ट्रेन फिर शुरू हो गई है।

    वापस पटरी पर लौटी वंदे भारत एक्सप्रेस

    मुंबई से गांधीनगर जाने देश की पहली हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस वीरवार को अहमदाबाद के पहले बटवा और मणिनगर के बीच एक भैंस से टकरा गई थी। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई थी, लेकिन ट्रेन के आगे का हिस्सा टूट गया था। अब इस ट्रेन को पूरी तरह रिपेयर कर वापस पटरी पर उतार दिया गया है। यह हादसा सुबह 11 बजे के करीब हुआ था। वंदे भारत एक्सप्रेस फिलहाल सिर्फ तीन रूटों पर चल रही है।

    गुजरात में बनेगी 5G लैब

    अश्विनी वैष्णव ने कहा कि गुजरात में 5G लैब का निर्माण किया जाएग। वैष्णव आईटी और टेलीकॉम मंत्री भी हैं। हाल ही में उन्होंने इंडिया मोबाइल कांग्रेस में कहा था कि सरकार की देश में 5जी टेक्नोलॉजी से लैस 100 लैब्स स्थापित करने की योजना है। इनमें कम से कम 12 लैब्स छात्रों को ट्रेनिंग देने और अन्य लैब्स का उपयोग नए प्रयोगों के लिए किया जाएगा।
  • शिक्षा के साथ-साथ जीवन में खेलों का भी महत्व  : वीरेंद्र कंवर

    शिक्षा के साथ-साथ जीवन में खेलों का भी महत्व  : वीरेंद्र कंवर

    अंडर 19 गलर्ज़ खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शामिल हुए कंवर  

    ऊना/सुशील पंडित: शिक्षा के साथ खेलों का भी विद्यार्थी जीवन में विशेष महत्व है जिसके द्वारा बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है तथा उनमें आपसी सहयोग व सद्भाव की भावना पैदा होती है। यह बात ग्रामीण विकास पंचायती राज कृषि पशुपालन तथा मत्स्य विभाग मंत्री वीरेंद्र कंवर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लठियाणी में 5 से 7 अक्टूबर तक आयोजित लड़कियों की 19 बर्ष से कम आयु वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उपस्थित खिलाड़ी छात्राओं व स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए कही। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में ऊना जिला के 63 विद्यालयों की 509 खिलाड़ी छात्राओं ने भाग लिया।  वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। राज्य सरकार ने सरकारी नौकरी में 3 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। इसके अलावा खिलाड़ियों को दी जाने वाली डाइट मनी को 60 रुपए से बढ़ाकर 120 रुपए किया है।
    उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए  बसाल, टक्का व धमांदरी में 90 लाख रुपए की लागत से प्रत्येक खेल स्टेडियम बनाया जा रहा है। जबकि बंगाणा में साढ़े 4 करोड रुपए की लागत से एक आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक भव्य खेल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शिक्षा के साथ-साथ खेलों का महत्व बढ़ा है तथा खेलों के माध्यम से भी बच्चे अपना भविष्य संवार रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं में भारत का वर्चस्व बढ़ा है। हाल में संपन्न हुए कॉमनवेल्थ खेलों में 22 गोल्ड मेडल के साथ-साथ कुल 61 मेडल हासिल किए हैं।
    इसी प्रकार से ओलंपिक्स खेलों में भी भारत के प्रदर्शन में सुधार आया है।
    इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सत्या देवी, ग्राम पंचायत लठियाणी के प्रधान जोगिंदर शर्मा, ग्राम पंचायत कोहडरा के प्रधान कमल देव, कांगड़ा बैंक के निर्देशक कैप्टन प्रीतम सिंह डडवाल, कुटलैहड़ भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष तरसेम लाल, सेवानिवृत्त पंचायत निरीक्षक चरन दास, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लेखराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।
  • मुख्यमंत्री ने ऊना विधानसभा क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए

    मुख्यमंत्री ने ऊना विधानसभा क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए

    ग्राम पंचायत ननग्रां में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा 

    ऊना/सुशील पंडित: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज ऊना जिला के ऊना विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। इस अवसर पर पुराना बस अड्डा ऊना में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने केन्द्र और प्रदेश में कांग्रेस की दुर्दशा पर चुटकी लेते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस के नेता भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं, वहीं केन्द्र और प्रदेश में कई कांग्रेस नेता कांग्रेस छोड़ो अभियान पर हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद पार्टी छोड़ चुके हैं और प्रदेश में भी पवन काजल, लखविन्दर राणा, योगराज तथा हर्ष महाजन इत्यादि कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए बल्क ड्रग पार्क स्वीकृत किया है, जो प्रदेश की आर्थिकी के लिए वरदान सिद्ध होगा। उन्हांेने कहा कि यह पार्क ऊना जिला के हरोली में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पार्क के स्थापित होने पर कच्चे माल के लिए भारत की चीन पर निर्भरता कम होगी।
    उन्होंने कहा कि हिमाचल में ही कच्चा माल उपलब्ध होने से यहां स्थापित फार्मा कम्पनियों को भी हजारों करोड़ रुपये की बचत होगी और दवा विनिर्माण की लागत कम होने से दवाइयों की कीमतें भी घटेंगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे प्रदेश को स्वीकृत इस परियोजना में अड़ंगा डालने का हर सम्भव प्रयास करते रहे और अब जबकि यह परियोजना स्वीकृत हो चुकी है तो इसे अब अपना ड्रीम प्रोजैक्ट होने का दावा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली और स्वभाव अन्य नेताओं से भिन्न है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्षों के अवसर पर राष्ट्र की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने वाले हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को स्मरण करने के लिए आजादी के अमृत महोत्सव का आयोजन प्रधानमंत्री की अलग शैली का परिचायक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गठन के भी 75 वर्ष पूर्ण होने पर राज्य सरकार ने प्रदेशभर में 75 कार्यक्रमों के माध्यम से इसे भव्य ढंग से मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को विकास के मामले में अग्रणी राज्यों में शुमार करने के लिए    मजदूर, किसान, युवा, कर्मचारियों और महिलाओं सहित प्रत्येक हिमाचलवासी का आभार व्यक्त करना है। 
    जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राज्य के लोगों से विशेष जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि हाल ही में बिलासपुर में एम्स सहित अन्य परियोजनाओं को समर्पित करने पहुंचे प्रधानमंत्री ने राज्य और विशेष तौर पर बिलासपुर में बिताए दिनों की यादें हम सभी के साथ साझा कीं। उन्होंने कहा कि उसी रोज प्रधानमंत्री ने अन्तरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में भी भाग लिया और कुल्लू दशहरा में शामिल होने वाले वे पहले प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने श्री रघुनाथ जी की पूजा में भाग लिया और स्थानीय लोगों से भी मिले, जो राज्य की देव संस्कृति में उनकी गहन आस्था को प्रतिबिम्बित करता है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सामाजिक सुरक्षा पंेशन पर 1300 करोड़ रुपये वार्षिक व्यय कर रही है जबकि पूर्व प्रदेश सरकार द्वारा इस पर केवल 400 करोड़ रुपये ही व्यय किए गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल में गरीब के करीब सरकार की भावना से कार्य किया और समाज के वंचित वर्गों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं प्रारम्भ कीं। उन्होंने कहा कि हिमकेयर, मुख्यमंत्री सहारा योजना, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना और मुख्यमंत्री शगुन योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंदों को आवश्यक राहत प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला यात्रियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम की साधारण बसों में किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है और प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। 
    जय राम ठाकुर ने कहा कि ऊना के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास सतपाल सिंह सत्ती की कड़ी मेहनत और समर्पण से ही सम्भव हो सके हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण अतुलनीय है।
    मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राजकीय माध्यमिक पाठशाला बटोली तथा जगराण को राजकीय उच्च पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने, राजकीय प्राथमिक पाठशाला लालसिंघी-1 और लालसिंघी-2 को राजकीय माध्यमिक पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने तथा ग्राम पंचायत ननग्रां में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठारकलां में विज्ञान कक्षाएं और क्षेत्र की एक अन्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में कॉमर्स कक्षाएं शुरू करने की भी घोषणा की। 
    मुख्यमंत्री ने 144.39 करोड़ रुपयेे लागत की 20 परियोजनाओं के लोकार्पण किए, जिनमें  28.20 करोड़ रुपये लागत से निर्मित मातृ शिशु स्वास्थ्य देखभाल केन्द्र, 33.88 करोड़ रुपये लागत से निर्मित मिनी सचिवालय भवन,  11.05 करोड़ रुपये की लागत का औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन, मैहतपुर में 8.55 करोड़ रुपये की लागत का औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन, ऊना में 6.79 करोड़ रुपये की लागत से बने परिधि गृह, बसदेहड़ा में 4.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बिस्तरों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन, ऊना में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कार्यालय भवन, रामपुर में 51.50 लाख रुपये की लागत के प्रेस क्लब भवन, 71.19 लाख रुपये की लागत से निर्मित बीज प्रसंस्करण संयंत्र और बीज भण्डारण संरचना, 36.29 करोड़ रुपये की लागत से विशेष लोगों के लिए निर्मित राष्ट्रीय करियर सेवा, ऊना विधानसभा क्षेत्र के लिए 6.20 करोड़ रुपये लागत से नल जल कनेक्शन के लिए मौजूदा योजनाओं के सुधारीकरण, 1.22   करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मलाहट जलापूर्ति योजना, 1.20 करोड़ रुपये लागत की रामपुर जलापूर्ति योजना, एक करोड़ रुपये की ननग्रां जलापूर्ति योजना, 40 लाख रुपये लागत की लाल सिंघी जलापूर्ति योजना, 42 लाख रुपये की जलापूर्ति योजना बसोली, 48 लाख रुपये लागत की जलापूर्ति योजना गुशाला, 55 लाख रुपये लागत की जलापूर्ति योजना जलग्रां और 48 लाख रुपये लागत की जलापूर्ति योजना पिनबाड़ी शामिल हैं।
    उन्होंने 54.12 करोड़ रुपये की 6 विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास भी किए, जिनमें भड़ोलियां खुर्द गांव में एनएमटी सड़क से मोहाला, शमशानघाट और ऊना-सन्तोखगढ़ सड़क तथा शमशानघाट झंकोड़ से सुनहरा पुल वाया सैनी मुहला सड़क के 4.39 करोड़ रुपयेे की लागत के सुधारीकरण कार्य, ऊना में 5.92 करोड़ रुपये की लागत के जिला कोषागार कार्यालय व आवास, 1.13 करोड़ रुपये की लागत के जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय व आवास, ऊना में 11.93 करोड़ रुपये की लागत का ई-किसान भवन, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में 23.75 करोड़ रुपये की लागत का क्रिटिकल केयर खण्ड और विद्युत मण्डल सोहरी के अन्तर्गत 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 33 के.वी. विद्युत उपकेन्द्र शामिल है।
    केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण व युवा कार्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि ऊना में 400 करोड़ रुपये लागत के पीजीआई सैटेलाइट संेटर की स्थापना से क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश को आईआईटी मण्डी, आईआईएम सिरमौर और केन्द्रीय विश्वविद्यालय कांगड़ा के रूप में कई सौगातें दी गई हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राज्य के लोगों के साथ विशेष लगाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा वन रैंक वन पेंशन योजना शुरू की गई, जिससे राज्य के एक लाख से अधिक भूतपूर्व सैनिकों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान आरम्भ किया गया। 
    अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा आरम्भ की गई योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के लिए बल्क ड्रग पार्क स्वीकृत किया गया है, जो ऊना में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से राज्य सरकार को तहेदिल से समर्थन देने का भी आग्रह किया ताकि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों के माध्यम से राज्य का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
    राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने ऊना विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि ऊना जिला और विशेष रूप से ऊना विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने क्षेत्र की विकासात्मक मांगों का ब्यौरा भी दिया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, एसआईडीसी के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, विधायक बलबीर चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोहर लाल, निदेशक श्रम एवं रोजगार मंत्रालय डॉ. शिखा आनंद, ऊना के भाजपा नेता राज कुमार, उपायुक्त राघव शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
  • जालंधरः डिप्टी कमिश्नर ने पटाखों को लेकर धारा 144 के तहत जारी किए आदेश

    जालंधरः डिप्टी कमिश्नर ने पटाखों को लेकर धारा 144 के तहत जारी किए आदेश

    जालंधर, (वरुण/हर्ष): महानगर में पटाखों को लेकर डिप्टी कमिश्नर ने आदेश जारी कर दिए है। जिला मजिस्ट्रैट जसप्रीत सिंह ने धारा 144 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किया है कि जिला जालंधर (ग्रामीण) की सीमा के अंदर सक्षम अधिकारी द्वारा अधिकृत व्यक्ति को छोड़कर कोई भी व्यक्ति दीवाली और गुरुपर्व त्यौहारों के अवसर पर पटाखों, विस्फोटक सामग्री आदि का उपयोग या स्टोर, प्रर्दशन ओर ब्रिकी नहीं करेगा।

    जारी आदेशों के अनुसार दिवाली के मौके पर रात 8 बजे से रात 10 बजे तक पटाखों चलाने की अनुमति होगी। इसी तरह गुरुपर्व के अवसर पर सुबह 4 बजे से सुबह 5 बजे तक और रात 9 बजे से रात 10 बजे तक पटाखे चलाए जा सकते हैं। इसके अलावा क्रिसमस और नए साल की पूर्व संध्या पर पटाखों का समय रात 11.55 बजे से रात 12.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि इन अवसरों को छोड़कर किसी भी व्यक्ति को पटाखे फोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आदेश में आगे कहा गया है कि पुलिस विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि निर्धारित समय के दौरान ही आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाए और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री न हो। संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में इन आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।

    आदेश में यह भी कहा गया है कि साइलेंस जोन (अस्पताल, शिक्षण संस्थान आदि के पास) में किसी भी समय पटाखे चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तेल टर्मिनलों के 500 गज के दायरे में उक्त गांव के सीमांकन और पटाखों की फायरिंग पर भी रोक रहेगी। ये आदेश 5 जनवरी 2023 तक प्रभावी रहेंगे।