Blog
-

प्रो. राम कुमार ने 74 लाभार्थियों को प्रदान की 25.45 लाख की आर्थिक सहायता
ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने आज मिनी सचिवालय, हरोली में 74 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से लगभग 25.45 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चैक प्रदान किए।इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रो. राम कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर गरीब व जरुरतमंदों के हितैषी हैं और उनके कल्याण के लिए अपने कार्यकाल के पौने पांच वर्षों के दौरान अनेको नवीन योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पौने पांच वर्षों में सीएम राहत कोष, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व मुख्यमंत्री चिकित्सा राहत कोष से लगभग 22 करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता राशि हरोली हल्के के लोगों को प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा जैसे फसलों, दुधारू पशुओं के नुकसान व चिकित्सीय सहायता के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।प्रो. राम कुमार ने बताया कि धन के अभाव में अब कोई भी जरुरतमंद उपचार से वंचित नहीं रहेगा। सरकार द्वारा प्रदेश में हिमकेयर व आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं जिनके तहत पात्र परिवरों को 5 लाख रुपये वार्षिक निशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा गंभीर बीमारी से ग्रसित रोगियों को सहारा योजना के तहत प्रतिमाह 3 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।उन्होंने कहा कि हरोली में 1405 एकड़ भूमि पर बल्क ड्रग पार्क निर्मित किया जाएगा जिसमें लगभग 10 हज़ार करोड़ रुपए का निवेश आएगा और इससे 20 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसके अलावा इलैक्ट्रिक व्हीकल पार्क की सौगात भी हरोली के पंजुआणा गांव को मिलेगी जिससे कम से कम 10 हजार युवाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त होगा।इस अवसर पर एसडीएम हरोली विकास शर्मा, पंचायती समिति अध्यक्ष रजनी देवी, बीडीसी सदस्य अंजना व शादी लाल, मंडल उपाध्यक्ष अनूप राणा, पोलियां के प्रधान कैप्टन राकेश, उपप्रधान गोपाल व पूर्व प्रधान राज ठाकुर, हलेड़ा के प्रधान सतनाम, बट्ट कलां की प्रधान रोज़ी देवी, रोड़ा के प्रधान हरीश, अमन भारद्वाज सहित अन्य उपस्थित रहे। -

पंजाबः दिन दहाड़े कार से 6 लाख रुपए लेकर फरार हुए चोर
पटियालाः पंजाब में क्राइम की वारदातें बढ़ती जा रही है। दिन दिहाड़े लूटपाट के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज पटियाला में लूट की वारदात का मामला सामने आया है। पटियाला के लाहौरी गेट इलाके में सड़क किनारे खड़ी कार से अज्ञात व्यक्तियों ने 6 लाख से ज्यादा रुपए लेकर फरार हो गए है। जानकारी के मुताबिक सुबह 10 बजे लाहौरी गेट इलाके में खड़ी साहनी बेकरी दुकान के मालिक की कार के पिछले दरवाजे का शीशा तोड़कर 6 लाख 20 हजार रुपए लेकर फरार हो गए है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने में जुट गई है।
-

डॉक्टर पर हमला और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार बदमाश काबू
जयपुर : डॉक्टर पर हमला और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार लुटरों तक पुलिस के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार राजस्थान बॉर्डर क्रॉस करने का प्रयास कर रहे आरोपियों को भरतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार बदमाशों के गिरफ्त में आने की जानकारी के बाद जयपुर (वेस्ट) पुलिस भरतपुर रवाना हो गई है। इनसे आगे की पूछताछ जयपुर में की जाएगी।
मामला जयपुर के पॉश इलाके हनुमान नगर विस्तार का है। यहां सोमवार को डॉक्टर मोहम्मद इकबाल भारती (65) पर हमला हुआ था। देर रात वारदात के बाद बदमाश बस में बैठकर उत्तर प्रदेश की ओर भागे थे।
भरतपुर में सेवर थाने के पास बस ड्राइवर को इन पर शक हुआ। जो बस लेकर सीधे थाने ही पहुंच गया। पुलिस पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया।
बताया जा रहा है कि वारदात करने वाली नौकरानी अनु के अलावा कई लोग भी इस पूरी वारदात में शामिल थे। भरतपुर पुलिस के सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। वहीं, आज डॉक्टर को लूटकर भाग रहे बदमाशों का एक वीडियाे भी आज सामने आया है।
वारदात के बाद जयपुर में छिपे हुए थे ये बदमाश
मामले में जयपुर में करीब 24 से ज्यादा नेपाली नौकरों से पूछताछ हो चुकी है। अब तक इस घटनाक्रम में कई और लोगों के शामिल होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस ने लूट की घटना के बाद इलाके में लगे हुए कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जिस में ये लोग वैशाली नगर से बाहर निकलते हुए नजर नहीं आए। पुलिस को अंदेशा था कि ये घटना के बाद वैशाली नगर में ही कहीं जाकर छिप गए।
रात होने के बाद ये लोग छुपी हुई जगह से निकले। बस पकड़ कर राजस्थान से बाहर निकलने की कोशिश की।
लुटेरों को शक था दिल्ली रोड पर सर्च ज्यादा होगी
दरअसल, जयपुर में वारदात करने के बाद राज्य से बाहर निकलने का सबसे नजदीक रास्ता दिल्ली रोड है। लुटेरे जानते थे कि दिल्ली रोड पर पुलिस की सर्च अधिक करेगी। इसलिए ये बदमाश बसों से भरतपुर की तरफ से यूपी निकल की फिराक में थे।
ये है मामला
वैशाली नगर थाने के हनुमान नगर विस्तार में रहने वाले डॉ. मोहम्मद इकबाल भारती (65) के घर 19 सितंबर को दिन में 2 बजे लूट की वारदात हुई। वह SMS हॉस्पिटल से रिटायर्ड हैं। उनकी पत्नी नसरीन भारती कावंटिया हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं।
सोमवार दोपहर डॉ. इकबाल और नौकरानी मीरा घर पर थे। पत्नी नसरीन और बेटी डॉ.आरसिया अपने काम से बाहर गए हुए थे। दो मंजिला मकान में नौकारानी घर का काम कर रही थी। डॉ. भारती नीचे बने अपने क्लिनिक में बैठे थे।
दोपहर करीब 2 बजे पुरानी नौकरानी अनु आई। उसके साथ 2 लोग और थे। उनके हाथों में पेचकस और सरिया था। बदमाशों ने डॉ. इकबाल पर हमला बोल दिया। लहूलुहान हालत में बदमाशों ने डॉक्टर भारती को एक कमरे में डाल दिया।
नौकरानी को किचन में ले जाकर लॉक कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर की तलाशी ली। बदमाश लाखों रुपए के गहने-कैश सहित घर में लगे CCTV की DVR भी समेटकर ले गए। घायल डॉक्टर सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में एडमिट हैं।
चार टीमें बनाई गईं
घटना के बाद पुलिस की चार टीमें बना दी गईं। एक टीम मोबाइल डाटा खंगाल रही थी। वहीं, घटना के बाद एक्टिव मोबाइलों की लोकेशन ली जा रही थी। बदमाशों के सम्भावित ठिकानों पर निरंतर दबिश दी जा रही थी। -

पंजाबः बंबीहा गैंग के बाद गोल्डी बराड़ की धमकी, कहा- पोस्ट डाल कर नहीं होते बदले पूरे
चंडीगढ़ : पंजाब में गैंगस्टरों की ओर से आए दिन धमकी भरे पोस्ट शेयर किए जा रहे है। बीते दिन राजस्थान में पेशी पर आए गैंगस्टर संदीप बिश्नोई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्या की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर ली गई।
जहां बंबीहा गैंग ने कत्ल की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर शेयर की, वहीं लारेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया, गोल्डी बराड़ और उनके साथियों को जान से मारने की धमकी भी दी। बंबीहा गैंग से बाद इस पोस्ट पर कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने भी जवाब दे दिया है। यह पोस्ट ऑफिशियल गोल्डी बराड़ नाम की फेसबुक आईडी पर पोस्ट की गई है।
जिसमें लिखा है कि छोटू बिश्नोई मंगाली और संदीप बिश्नोई मंगाली की आज से 10 साल पुरानी दुश्मनी थी और ये दोनों हमें जानते थे। उनका समझौता करवाने की भी कोशिश की गई लेकिन दोनों नहीं माने। दूसरी बात जो ये दावा कर रहे हैं कि हमने बदला ले लिया तो बदला लेने के लिए जोर चाहिए, पोस्ट डाल कर बदले पूरे नहीं होते।
-

जालंधरः नाकाबंदी दौरान 3 युवकों ने पुलिस पर चढ़ाई बाइक, SI सतनाम सिंह घायल
जालंधर/हर्षः श्रीराम चौक पर थाना 3 की पुलिस की ओर से शरारती अनसंरो को काबू करने के लिए नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान श्रीराम चौक पर 3 बाइक सवार युवक लाइट जंप कर भाग रहे थे। पुलिस ने ने भाग रहे युवकों को रोकने की कोशिश की। रोकने आए एसआई सतनाम के बीच युवकों ने बाइक मार उन्हें घायल कर दिया। घायल सतनाम सिंह को पुलिस कर्मचारियों ने लोगों की मदद से सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।
वहीं दूसरी ओर बाइक चला रहे नूरपुर निवासी कलीम ने बताया वह मोबाइल कवर लेने के लिए अपने साथियों के साथ आया हुआ था और वह वापस नूरपुर जा रहे थे लेकिन श्रीराम चौक में पुलिस का नाका लगा देख वह घबरा गए और जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो चालान के डर से उन्होंने बाइक तेज कर वहां से भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मी के बीच मोटरसाइकिल जा लगा।
पुलिस ने तीनों युवकों को काबू कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि उक्त युवक मोबाइक की दुकान पर काम करते है। चालान के डर से युवकों ने बाइक को भगाने की कोशिश की थी। इस दौरान घबराए युवकों ने पुलिस कर्मी के बीच बाइक मारकर उन्हें घायल कर दिया।
-

जालंधरः सेंट्रल बैंक ऑफ इम्प्लाइज यूनियन ने की हड़ताल, जानें मामला
जालंधर/वरुणः शहर में सेंट्रल बैंक ऑफ इम्प्लाइज यूनियन के सदस्यों ने बैंक मैनेजमेंट के खिलाफ हड़ताल मंगलवार को भी जारी रखी है। कर्मचारियों की ट्रांसफर को लेकर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खिलाफ हड़ताल आज दूसरे दिन जारी रही। यूनियन के सदस्य मैनेजमेंट द्वारा की जा रही क्लर्क की ट्रांसफार्मर के खिलाफ है। यूनियन के सदस्यों ने कहा कि मैनेजमेंट ने ट्रांसफर करने की बात कही थी। फिर भी मैनेजमेंट अपनी मर्जी कर रहा है। मंगलवार को भी क्लेरिकल स्टाफ हड़ताल पर रहा। बैकों में कैश लेन-देन का काम नहीं हो सका।
क्लर्क हड़ताल पर थे लेकिन अधिकारी कुर्सी पर मौजूद थे। सोमवार को यूनियन के सदस्यों ने पुड्डा कांप्लेक्स स्थित सेंट्रल बैंक शाखा के कर्मचारियों ने मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी की। आल इंडिया सेंट्रल बैंक आफिसर्स यूनियन के चेयरमैन संजीव भल्ला ने बताया कि मैनेजमेंट क्लर्क की एक शहर से दूसरे शहर में ट्रांसफार्मर कर रहा है जबकि बैंक एग्रीमेंट में ऐसा कुछ नहीं है। मई में मैनेजमेंट ने क्लर्कों की ट्रांसफार्मर न करने की बात कही थी। मैनेजमेंट अपने वादे से मुकर कर ट्रांसफार्मर कर रही है।
ट्रांसफर को रोकने के लिए कर्मचारियों ने दो दिन की हड़ताल की है। मंगलवार को भी देश भर के सेंट्रल बैंक में हड़ताल रहेगी। उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट मांगों को नजरअंदाज करती है तो आने वाले दिनों में सभी बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि दो दिन की हड़ताल के बाद मैनेजमेंट मामले का हल नहीं निकालती है तो आल इंडिया बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन के समक्ष मामला रखा जाएगा।
-

पंजाबः विश्व बैंक से 150 मिलियन डॉलर के लोन की मिली मंजूरी
वाशिंगटनः विश्व बैंक के कार्यकारी निदेशक मंडल ने आज पंजाब को अपने वित्तीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार करने में मदद करने के लिए 150 मिलियन अमेरिकी डालर के ऋण को मंजूरी दी। अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संस्थान ने एक बयान में यह जानकारी दी। विश्व बैंक के कंट्री डायरेक्टर अगस्टे तानो कौमे ने कहा, ‘विश्व बैंक समय पर, लागत प्रभावी और अच्छी गुणवत्ता वाली सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करने के राज्य के प्रयास में पंजाब राज्य का भागीदार बनकर खुश है।
परियोजना 2 चरण में होगी। पहले चरण में सेवा वितरण में सुधार के लिए नगर निगमों को प्रोत्साहित करने के लिए एक प्रदर्शन-आधारित अनुदान प्रणाली शुरू की जायेगी। दूसरा, यह अमृतसर और लुधियाना शहरों में चुनिंदा क्षेत्रों में 24×7 पानी की आपूर्ति पर काम होगा। बयान में कहा गया है कि 150 मिलियन अमरीकी डालर के ऋण की मेच्योरिटी अवधि 15 साल है, जिसमें 6 महीने की छूट अवधि भी शामिल है। -

पंजाबः दो गुटों में चली ताबड़तोड़ गोलियां, 5 घायल, गोलियों के 25 खोल बरामद, देखें वीडियो
तरनतारनः पंजाब में क्राइम की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन गोली चलने के मामले सामने आ रहे है। वहीं कस्बा भिखीविंड से कुछ ही दूरी पर स्थित भगवानपुरा गांव में आपसी विवाद को लेकर 2 पक्षों में फायरिंग होने का मामला सामने आया है। इस दौरान एक पक्ष द्वारा फायरिंग करने से दूसरे पक्ष के 5 लोग घायल हो गए। फायरिंग की इस घटना से पूरे इलाके में भय और सनसनी का माहौल है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के भगवानपुरा निवासी जसबीर सिंह पुत्र बख्शीश, गुरलाल सिंह पुत्र मंगा सिंह का गांव के ही कुछ लोगों से झगड़ा हो गया था, जिसे लेकर उनके द्वारा 20-25 साथियों की मदद से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया।
इस दौरान सतनाम सिंह पुत्र जीवन सिंह, जगरूप सिंह, सुखदेव सिंह पुत्र पाला सिंह तथा विक्की पुत्र पाला सिंह, मनदीप सिंह पुत्र बलबीर सिंह सभी निवासी भगवानपुरा गांव घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सुरसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मनदीप सिंह के सिर में चोट लगने से हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
इस विवाद में दर्जनों गोलियां चलने की बात कही जा रही है, वहीं गांव के लोग सैकड़ों गोलियां चलने की बात कह रहे हैं। उधर, घटनस्थल पर पहुंची पुलिस ने मौके पर करीब 25 गोलियों के खोल बरामद किए हैं, जबकि पुलिस के मुताबिक और भी कई खोल हो सकते हैं। मौके पर पहुंचे एसएसओ चरण सिंह ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है, जबकि पीड़ितों के बयान दर्ज कर मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
-

भूकंप के जोरदार झटके, 7.6 की तीव्रता से हिली धरती, देखें वीडियो
मेक्सिको सिटीः अमेरिका के मेक्सिको में देर रात भूकंप के जोरदार झटके लगे हैं। जानकारी के मुताबिक रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.6 दर्ज की गई है। भूकंप के झटके इतने जबर्दस्त थे कि लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की वजह से अभी तक कोई भी नुकसान की खबर नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 7.6 की तीव्रता वाले भूकंप की वजह से कई इमारतें हिल गईं। बताया जा रहा है कि भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर 1.05 बजे आया था। इसका केंद्र मिचोआकेन राज्य में ला प्लासिटा डी मोरेलोस शहर में बताया जा रहा है।
भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट जारी
स्थानीय मीडिया के मुताबिक भूकंप के झटके राजधानी मैक्सिको सिटी तक महसूस किए गए हैं। जोरदार भूकंप आने के बाद सुनामी का अलर्ट भी जारी किया गया है। भूकंप की वजह से लोगों में हड़कंप मच गया। लिहाजा लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। सुऱक्षित स्थान तलाशने लगे। गनीमत है कि अभी तक भूकंप की वजह से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। भूंकप के झटकों की वजह से मेक्सिको के कोलिमा राज्य में एक मॉल में स्थित जिम पूरी तरह से तबाह हो गया है। वहीं मेक्सिको के राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज़ ओब्रेडोर ने ट्वीट किया कि नौसेना के सचिव ने उन्हें बताया कि कोलिमा के बंदरगाह शहर मंज़ानिलो में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जब एक मॉल की दीवार गिर गई है। मेयर क्लाउडिया शीनबाम ने कहा कि अब तक राजधानी में नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है। वहीं अमेरिकी सुनामी व़ॉर्निंग सिस्टम की ओर से कहा गया है कि मिचोआकेन के तट के पास सुनामी का खतरा है।
19 सितंबर को पहले भी आ चुका है भूकंप
रिपोर्ट के मुताबिक दरअसल, आज से ठीक पांच साल पहले 19 सितंबर को ही मेक्सिको में भूकंप आया था इसमें 370 लोग मारे गए थे। सबसे ज्यादा नुकसान देश के मध्य भाग और दक्षिणी हिस्सों में पहुंचा था। जबकि 1985 में भी 19 सितंबर को भूकंप आया था। जिसने भारी तबाही मचाई थी। इस आपदा में करीब 5 हजार लोगों की मौत हुई थी।
ताइवान में भूकंप के बाद जापान में सुनामी का अलर्ट
वहीं 18 सितंबर को ताइवान में भूकंप के तीन भयानक झटके लगे। इन भूकंपों के मद्दनेजर जापान ने सुनामी अलर्ट जारी किया है। ताइवान के मौसम ब्यूरो ने कहा कि दक्षिण-पूर्वी इलाके में स्थित ताइतुंग काउंटी में भूकंपों का केंद्र दिख रहा है। शनिवार को इसी इलाके में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया था। फिर रविवार की सुबह 6.8 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद इसी जगह पर दोपहर में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया। जो ताइतुंग की सतह से 10 किलोमीटर जमीन के अंदर पैदा हुआ था।
-

पंजाब: प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इन 5 कंपनियों को बंद करने के आदेश किए जारी, काराेबारियाें में मचा हड़कंप
लुधियानाः भारत सरकार के वातावरण जंगलात एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से एक बार इस्तेमाल में आने वाली प्लास्टिक की वस्तुओं पर 1 जुलाई से पूर्ण पाबंधी है। इस संबंधी लोगों को जागरूक करने के लिए पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से समय समय पर सैमिनार आयोजित किए जा रहे हैं। पंजाब सरकार द्वारा प्लास्टिक के लिफाफे बनाने और इनके इस्तेमाल करने पर पूर्ण पाबंदी लगाई गई है। सरकार की ओर से जारी आदेशों की पालना करते हुए लुधियाना के चीफ इंजीनियर गुलशन राय के दिशा निर्देशों पर बोर्ड के अधिकारियों की ओर से प्लास्टिक के लिफाफे बनाने वाली कंपनियों की चेकिंग की गई और इस दौरान पांच कंपनियों गैर कानूनी तरीके से प्लास्टिक के लिफाफे बनाते हुए पकड़ी गई।
इस कार्रवाई से काराेबारियाें में हड़कंप मचा है। कंपनियाें के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बोर्ड की ओर से इन्हें बंद करने के आदेश किए गए हैं और पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन लिमिटेड को इनकी बिजली के कनेक्शन काटने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही उद्योगों को दो लाख रुपये का वातावरण मुआवजा लगाया गया है। गुलशन राय ने कहा कि भविष्य में भी औद्योगिक इकाइयों की चेकिंग जारी रहेगी और नियमों का पालन न करने वालों के विरुद्व कार्रवाई की जाएगी।
शहर में प्लास्टिक के लिफाफों का सबसे अधिक प्रयोग सब्जी मंडियों में हो रहा है। दुकानदार से लेकर आम लोग पाबंदी को ठेंगा दिखा रहे हैं। नगर निगम के अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। शहर के किसी भी हिस्से में नहीं लगता कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर पाबंदी लगी है। अधिकतर दुकानदारों का यह कहना है कि ऐसे प्रतिबंध पहले भी लगे हैं।