Blog

  • 3 कांग्रेस विधायकों को सोनिया गांधी ने किया निलंबित, जाने क्या है मामला…

    3 कांग्रेस विधायकों को सोनिया गांधी ने किया निलंबित, जाने क्या है मामला…

    रांची. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने झारखंड के 3 विद्यायकों को पार्टी से निलंबित कर दिया है. जामताड़ा के इरफान अंसारी, खिजरी के राजेश कच्छप और कोलेबिरा के नमन विक्सल कोंगाड़ी को निलंबित किया गया है . कैश कांड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष ने 24 घंटे के अंदर ये करवाई की है. शनिवार को पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के तीनों विधायक को उनकी गाड़ी में नोट की गड्डियों के साथ हिरासत में लिया था .

    इस घटना को झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को अपदस्थ करने के साथ जोड़ कर देखा जा रहा है . इसको लेकर रांची के अरगोड़ा थाना में भी मामला दर्ज कराया गया है. ऐसा पहली बार नहीं है जब राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को अपदस्थ करने का मामला सामने आया है. इससे पहले भी दो बार इस मामले में FIR दर्ज हो चुका है.

    इधर कांग्रेस के तीन विधायकों के कैश के साथ पकड़े जाने के बाद से ना सिर्फ पार्टी के अंदर , बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज है . कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा है कि धन – बल – षड्यंत्र के दम पर बीजेपी सत्ता हासिल करना चाहती है . ये लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है . लगातार इस तरह की कोशिश देश भर में हो रही है.

    वहीं अविनाश पांडेय के अनुसार विधायकों के इस कृत्य के लिये कांग्रेस अध्यक्ष ने तीनों विधायकों निलंबित किया है. भविष्य में अगर ये सब कुछ इसी तरह चलता रहा , तो इन्हें पार्टी से निष्काषित भी किया जाएगा .

  • पंजाबः BSF के DG से मिले CM भगवंत मान, सीमा सुरक्षा को लेकर की चर्चा

    पंजाबः BSF के DG से मिले CM भगवंत मान, सीमा सुरक्षा को लेकर की चर्चा

    चंडीगढ़ : पंजाब में आए दिन सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार और नशे की खेप बरामद हो रही है। ऐसे में सीमा सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान बीएसएफ के डीजी पंकज कुमार सिंह से मिले। इस दौरान उन्होंने पंजाब में सीमा सुरक्षा को लेकर चर्चा की।

    सीएम मान ने कहा कि हमारी सरकार और बीएसएफ दोनों ही सीमा पार ड्रोन के जरिए ड्रग और हथियारों के गिरोह पर अंकुश लगाने के लिए गंभीर हैं। आने वाले समय में पंजाब विरोधी ताकतों के साथ हम सख्ती से निपटेंगे।

  • 11 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, अगले 3 दिनों तक हो सकती है भारी बारिश

    11 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, अगले 3 दिनों तक हो सकती है भारी बारिश

    शिमला. हिमाचल प्रदेश में फिलहाल बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है. मौसम विभाग ने यहां रविवार 31 जुलाई से लेकर मंगलवार 2 अगस्त तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी ने राज्य के 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है.

    हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही इस बारिश के कारण यहां अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. राजधानी शिमला में रविवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

    इससे पहले शिमला में शनिवार को हुई भारी बारिश के चलते इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (IGMC) सहित कई घरों में पानी घुस गया. इस कारण लोगों को अस्पताल से बाहर आना पड़ा. वहीं इस भारी बारिश के कारण मंडी-पठानकोट एनएच सहित घटासनी-बरोट हाईवे भी जलमग्न हो गया. इस कारण कई वाहन घंटों जाम में फंसे रहे.

    राज्य के विभिन्न जिलों में शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण यहां 25 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद करनी पड़ी. इनमें कुल्लू की 15, चंबा की 3, लाहौल स्पीति और सोलन की 2-2 सड़कों के अलावा बिलासपुर, कांगड़ा व मंडी की एक-एक सड़क शामिल है.

    इसके अलावा यहां ट्रांसफॉर्मर खराब होने से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मंडी जिले में 15, चंबा व कुल्लू में एक-एक ट्रांसफार्मर खराब है. वहीं सिरमौर में 9, चंबा में 3 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं.

  • सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल दो गैंगस्टरों से जेल में मारपीट…

    सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल दो गैंगस्टरों से जेल में मारपीट…

    बठिंडा। सिद्धू मूूसेवाला हत्याकांड के शार्प शूटरों तक गाड़ी पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले गैंगस्टर सारज मिंटू उर्फ सारज संधू और बाबी महलोत्रा उर्फ सागर से बीती 30 जुलाई को केंद्रीय जेल बठिंडा में मारपीट की गई है। यह मारपीट बठिंडा जेल में ही बंद गैंगस्टर जोगिंदर सिंह व गैंगस्टर पलविंदर सिंह की तरफ से की गई है। बताया जा रहा है कि उक्त दोनों गैंगस्टरों का करीब 10 दिन पहले किसी बात को लेकर सारज मिंटू उर्फ सारज संधू और बाबी मल्होत्रा उर्फ सागर से झगड़ा हुआ था।

    बीती 30 जुुलाई शनिवार को जब जेल में बंदी खोली गई, तो चारों गैंगस्टर आमने-सामने हो गए और सारज मिंटू उर्फ सारज संधू और बाबी महलोत्रा उर्फ सागर से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। लड़ाई का पता चलने पर जेल अधिकारियों ने बीच बचाव करते हुए चारों गैंगस्टरों अलग-अगल कर बैरक में बंद कर दिया और मामले की सूचना थाना कैंट पुलिस को दी गई।

    थाना कैंट पुलिस ने केंद्रीय जेल बठिंडा के सहायक जेल सुपरिंटेंडेंट सुरिंदरपाल सिंह की शिकायत पर मारपीट करने वाले गैंगस्टर जोगिंदर सिंह व पलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं उनका पुलिस प्रोडेक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करने की तैयारी पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।

  • पंजाब: आप पार्षद की गोलियां मारकर हत्या

    पंजाब: आप पार्षद की गोलियां मारकर हत्या

    मलेरकोटला: मलेरकोटला में ‘आप’ पार्षद को लेकर बहुत दुखद खबर सामने आई है। मलेरकोटला के ‘आप’ पार्षद का गोलियां मारकर कत्ल कर दिया गया है। ‘आप’ पार्षद अकबर भोली सुबह जिम जा रहे थे तब 2 बदमाशों की ओर से इस वारदात को अंजाम दिया गया। अकबर भोली वार्ड नं. 18 के एम.सी. थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमालवर फरार हो गए हैं। आपको बता दें कि पार्षद अकबर भोली के बड़े भाई की भी हत्या की गई थी।

    सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है। इस वारदात होने के बाद लोगों में सहम का माहौल है। जिक्रयोग्य है कि सरेआम हत्या को अंजाम देना अपने आप में सवाल खड़ा करता है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। मामले को लेकर पुलिस गहराई से जांच में जुटी हुई है। 

  • कई जिलों में हिली धरती, लोगों ने महसूस किए भूकंप के झटके

    कई जिलों में हिली धरती, लोगों ने महसूस किए भूकंप के झटके

    पटना. इस वक्त की बड़ी खबर बिहार से है जहां रविवार की सुबह राज्य के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. बिहार के बेगूसराय, किशनगंज, कटिहार, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा अररिया, सीतामढ़ी, दरभंगा, सुपौल, लखीसराय और मुंगेर में भूकंप के झटके लोगों ने महसूस किए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक रविवार की सुबह 8 बजे के करीब सभी लोगों को अचानक से भूकंप के झटकों का एहसास हुआ.

    हालांकि भूकंप की तीव्रता काफी कम थी, इस कारण मामूली झटकों की वजह से अधिकांश लोगों को इसका आभास नहीं हो पाया है. कटिहार में भी भूकंप के हल्के झटके लोगों ने महसूस किए हैं. दरअसल रविवार को अहले सुबह से ही प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है. इसके पहले शनिवार की देर रात को भी कई इलाकों में बारिश हुई है. फिलहाल भूकंप की खबरों के बीच कहीं से भी किसी अनहोनी की खबर नहीं है.

    राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई. इसका केंद्र नेपाल की राजधानी काठमांडू से 147 किमी दक्षिण पूर्व में था. भूकंप की वजह से फिलहाल किसी भी तरह से नुकसान की कोई खबर नहीं है.

  • आज का राशिफल, 31 जुलाई 2022

    आज का राशिफल, 31 जुलाई 2022

    मेष राशिफल। आज का दिन आपके लिए प्रसन्नता दिलाने वाला रहेगा। आप परिवार के किसी सदस्य के मांगलिक आदि कार्यों के कारण व्यस्त रहेंगे। मामा पक्ष से आपको धन प्राप्ति के योग बनते दिख रहे है। नौकरी में कार्यरत लोगों को कोई उच्च पद प्राप्त हो सकता है। आपके स्वभाव का चिड़चिड़ापन आपकी परेशानी का कारण बनेगा,इसलिए आपको किसी से भी बातचीत सोच विचारकर करनी होगी,जो लोग सामाजिक क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं,उनको अपने कार्य द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

    वृष राशिफल। आज का दिन आपकी सुख व समृद्धि में वृद्धि लेकर आएगा। आपके परिवार का माहौल सुखमय रहेगा। आप किसी नई योजना में धन लगाने में सोच विचार करेंगे और आपको उसका लाभ भी मिल सकता है। माताजी की सेहत में यदि कोई गिरावट चल रही थी,तो उनके कष्ट बढ़ सकते हैं,इसके लिए आप भागदौड़ में लगे रहेंगे। कोई मन की इच्छा पूरी होने के कारण आप प्रसन्न रहेंगे। आपको नौकर चाकरों का भी भरपूर सुख मिलता दिख रहा है। सरकारी नौकरी से जुड़े लोगों को महिला मित्रों से सावधान रहना होगा,नहीं तो वह उनके कार्य में रुकावट डालने की कोशिश करेंगे।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए मध्यम रूप से फलदायक रहेगा। आप अपने आलस्य को त्यागकर सक्रिय रहेंगे और अपने रुके हुए कार्य को भी आसानी से पूरा कर पाएंगे,लेकिन आपका सुंदर वस्त्रों व अन्य किसी चीज पर मन आ सकता है,जिसकी खरीदारी भी आप करेंगे,लेकिन  आपको अपने खान-पान की आदत में सुधार लाना होगा। आपको सिर दर्द,बदन दर्द आदि जैसी समस्या हो सकती है। नौकरी में कार्यरत लोग अधिकारियों के व्यवहार से परेशान रहेंगे। संतान को कोई अच्छी नौकरी मिलने से उनके करियर के प्रति चिंता समाप्त होगी।

    कर्क राशिफल। आज का दिन विद्यार्थियों को किसी परीक्षा में सफलता दिला सकता है। सायंकाल से लेकर रात्रि तक आपको कोई विदेश में रह रहे परिजन से खुशखबरी सुनने को मिल सकती हैं। आप किसी सामाजिक कार्यक्रम में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे,जिसका आपको लाभ भी अवश्य मिलेगा। माता-पिता से आप अपने मन की कुछ समस्याओं को साझा करेंगे,जिनसे आपका मानसिक बोझ भी कम होगा। आपको किसी मित्र की मदद के लिए कुछ रुपयों का इंतजाम भी करना पड़ सकता है।

    सिंह राशिफल। आज आपके घर कोई मांगलिक और धार्मिक कार्यक्रम हो सकता है,जिसमें आप व्यस्त रहेंगे और परिजनों का आना जाना लगा रहेगा। आमदनी के नए नए स्त्रोत मिलेंगे। आप अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सफल रहेंगे,लेकिन व्यस्तता के कारण आप अपनी कुछ नई योजनाओं की ओर ध्यान नहीं देंगे। पिताजी को कोई शारीरिक कष्ट सकता है,जो आपकी परेशानी का कारण बनेगा। यदि आपके बिजनेस में लंबे समय से गिरावट आ रही थी,तो बड़ी मात्रा में धन हाथ लगेगा। आपको थकान के कारण सिर दर्द,बुखार आदि हो सकता है।

    कन्या राशिफल। आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। आपको किसी भी परिस्थिति में विरोध करने से बचना होगा,नहीं तो आप किसी बनते हुए काम को बिगाड़ कर रख देंगे। यदि आपके आस पड़ोस में कोई लड़ाई झगड़ा उत्पन्न हो,तो आपको उसमें पड़ने से बचना होगा,नहीं तो वह कानूनी हो सकता है। विद्यार्थियों को अपने मित्रों के साथ खाली बैठकर समय व्यतीत करने से अच्छा है कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान लगाएं, तभी वह परीक्षा में सफलता हासिल कर सकेंगे। भाई-बहनों से आपको किसी विशेष मुद्दे पर सलाह मशवरा करना होगा।

    तुला राशिफल। आज का दिन आपके लिए कुछ खर्चा भरा रहेगा। आपके खर्चे अचानक से बढ़ जाएंगे जिनको लेकर आप परेशान रहेंगे। प्रेम जीवन जी रहे लोग अपने साथी के प्रेम में डूबे नजर आएंगे और वह अच्छा बुरा भी नहीं सोचेंगे। माता से आपकी किसी बात पर झड़प हो सकती है। यदि ऐसा हो,तो आपको वाणी की मधुरता को बनाए रखना बेहतर रहेगा। जो लोग आर्थिक स्थिति को लेकर चिंतित थे,तो उनकी चिंता आज समाप्त होगी,क्योंकि उन्हें उनका उधार दिया हुआ धन वापस प्राप्त हो सकता है।

    वृश्चिक राशिफल। विद्यार्थियों को बौद्धिक व मानसिक बोझ से छुटकारा दिलाने वाला रहेगा। आपको अपने किसी रुके हुए कार्य के प्रति वरिष्ठ सदस्यों से डांट भी खानी पड़ सकती है। यदि आप संतान को किसी नए कोर्स में दाखिला दिलाना चाहते हैं,तो आपकी वह इच्छा भी पूरी होगी। आप माता-पिता के आशीर्वाद से लेकर यदि किसी कार्य को करेंगे,तो उसमें आप सफलता अवश्य हासिल करेंगे,जो लोग ऑनलाइन व्यवसाय करते हैं,उन्हें  कोई भी आर्डर सोच विचारकर लेना होगा,नहीं तो वह उनके लिए कोई परेशानी बन सकता है। आपको धोखा मिलने के कारण आप परेशान रहेंगे।

    धनु राशिफल। आज का दिन आपके लिए कुछ कठिनाई भरा रहेगा। भाइयों से आपका कोई वैचारिक मतभेद उत्पन्न हो सकता है। सायंकाल से लेकर रात्रि तक आपको कुछ महान पुरुषों के दर्शन का लाभ मिलेगा व आपको  अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सचेत रहना होगा,क्योंकि आपको कोई सिरदर्द,बुखार,पेट दर्द आदि जेसी समस्या हो सकती है। आपको कार्यक्षेत्र में कुछ नई योजनाओं को लागू करना पड़े,तो उसमें आपको अपने  ऊपर निर्भर नहीं रहना है व अपनी बुद्धि का प्रयोग करके ही कोई फैसला लेना बेहतर रहेगा।

    मकर राशिफल। आज का दिन आपके लिए भाग्य के दृष्टिकोण से उत्तम रहेगा और राजनीति की दिशा में कार्यरत लोगों की मान व प्रतिष्ठा में भी वृद्धि होगी। आपको ससुराल पक्ष से धन लाभ मिलता दिख रहा है,जिससे आपकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। विद्यार्थी गुरुओं के प्रति निष्ठा भाव व भक्ति में डुबे नजर आएंगे। आपकी कोई लंबे समय से चली आ रही लेन देन की समस्या समाप्त होगी,जो लोग नौकरी बदलना चाहते हैं, उन्हें कोई बेहतर अवसर हाथ लगेगा और पहले से अधिक धन कमाने में कामयाब रहेंगे। परिवार में चल रही कलह समाप्त होगी।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है,क्योंकि उसके ऊपर कुछ जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ेगा,जिसे पूरी करने के लिए आप पूरी मेहनत करेंगे और उसमें सफल भी अवश्य होंगे। सायंकाल के समय  आप अपने मित्रों के साथ किसी मंदिर,गुरुद्वारा आदि धार्मिक स्थान पर पूजा पाठ के लिए जा सकते हैं। जीवनसाथी से वैचारिक मतभेद उत्पन्न हो,तो आपको चुप रहना बेहतर रहेगा। आपको संतान से किसी भी मुद्दे पर बातचीत करते समय क्रोध नहीं दिखाना है,नहीं तो वह आपसे नाराज हो सकता है।

    मीन राशिफल। आज का दिन आपके लिए निश्चित रूप से फलदायक रहेगा। आपकी धार्मिक कार्यों के प्रति आस्था बढ़ेगी और आप गरीबों की सेवा व जरूरतमंदों पर कुछ धन भी व्यय करेंगे। आपके घर किसी मित्र व रिश्तेदार का आगमन हो सकता है,जिससे परिवार के सभी सदस्य भी प्रसन्न रहेंगे। संपत्ति से संबंधित आपको कोई शुभ सूचना सुनने को मिलेगी,लेकिन आपको किसी व्यक्ति के कहने में आकर अपने धन का निवेश सोच विचारकर करना होगा,नहीं तो आपका वह धन फंस सकता है। विदेश से आयात निर्यात का व्यवसाय कर रहे लोगों को कोई शुभ सूचना सुनने को मिलेगी।

  • जालंधरः 20 ग्राम हैरोइन सहित एक गिरफ्तार..

    जालंधरः 20 ग्राम हैरोइन सहित एक गिरफ्तार..

    जालंधर (वरुण)। सीआईए-2 की पुलिस ने 20 ग्राम हैरोइन संदीप उर्फ जुग्गा पुत्र सुरिंदर पाल को गिरफ्तार किया है। जोकि राजपूत नगर माडल हाऊस का रहने वाला है। एएसआई मोहन सिंह के मुताबिक बबरीक चौक में नाकाबंदी के दौरान मॉडल हाउस की तरफ से पैद आ रहे एक मोना व्यक्ति पुलिस पार्टी को देखकर घबरा गया, शक पड़ने पर उसे काबू किया। इस दौरान आरोपी की तलाशी लेने पर उससे 20 ग्राम हैरोइन बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। 

  • अब इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ समेत 10 शूटर्स के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

    अब इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ समेत 10 शूटर्स के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

    पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद सबसे चर्चित रहे लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह गोल्डी बराड़ पर दिल्ली पुलिस कानूनी शिकंजा कसने लगी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और सचिन बिश्नोई समेत 10 शूटर्स के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। जानकारी के मुताबिक चार्जशीट दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके के एक रियल स्टेट बिजनसमैन की हत्या की साजिश रचने, उससे 1 करोड़ की प्रोटेक्शन मनी की डिमांड करने और आपराधिक साजिश रचने पर संगीन धाराओं में दाखिल की गई है।

    पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट 

    पुलिस ने कनाडा में बैठे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़, पंजाब पुलिस की कस्टडी में मौजूद लॉरेंस बिश्नोई, दुबई में मौजूद गैंगस्टर सचिन विश्नोई, काला जठेड़ी और पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में फरार शूटर्स दीपक मुंडी और लॉरेश गैंग के दूसरे गुर्गों समेत 10 आरोपियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।

    बिजनेसमैन के ऑफिस पर चलाई थी गोलियां

    दरअसल, मोहन गार्डन इलाके में 30 मार्च 2021 को एक बिजनेसमैन के ऑफिस पर गोल्डी बराड़, लॉरेंस बिश्नोई और सचिन बिश्नोई के गुर्गों ने वारदात को अंजाम दिया था। जिसमें बिजनेसमैन के दोनो पैरों में गोली लगी थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 5 शूटर्स को राजस्थान के हनुमानगढ़ और श्री गंगानगर से गिरफ्तार किया गया था। जबकि नीमच से गैंग को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी।

    शूटर्स के कब्जे से 5 हथियार और करीब 80 कारतूस हुए थे बरामद 

    स्पेशल सेल की चार्जशीट में खुलासा हुआ था कि कनाडा में बैठा गोल्डी बरार और दुबई में मौजूद सचिन विश्नोई लगातार दिल्ली और हरियाणा की जेलों में बंद लॉरेंस गैंग के शूटर्स से बात करते थे। लॉरेंस बिश्नोई भी जेल के अंदर से ही गुर्गों को आदेश दे रहा था। चार्जशीट के मुताबिक इस गैंग के शूटर्स के कब्जे से 5 हथियार और करीब 80 कारतूस बरामद हुए थे।

  • सत्ती ने चड़तगढ़ में सामुदायिक भवन का किया शिलान्यास

    सत्ती ने चड़तगढ़ में सामुदायिक भवन का किया शिलान्यास

    85 लाभार्थियों को प्रदान किए पैन्शन के स्वीकृति पत्र

    ऊना/सुशील पंडित: छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आज ग्राम पंचायत चड़तगढ़ में विधिवत भूमिपूजन कर सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 85 पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पैन्शन के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए।

    इस दौरान अपने संबोधन में सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक गांव में सामुदायिक भवनों के निर्माण के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि विवाह-शादियों सहित अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए समुचित स्थान मिल सके। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक समारोहों के आयोजन के लिए पर्याप्त जगह की कमी होती है। सामुदायिक भवनों से उनकी इस समस्या का समाधान होता है साथ ही बरसात के मौसम में भी सुविधा रहती है।

    सत्ती ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचों को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चड़तगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यां पर 9 करोड़ से अधिक रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ऊना-अजोली रोड से उपरली चड़तगढ़ सड़क के स्तरोन्नयन पर 2.18 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। चड़तगढ़ स्कूल को 2.60 लाख रुपये लागत के कबड्डी खेल के मैट प्रदान किए गए हैं जबकि स्कूल में मरम्मत कार्य पर 1.63 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा के समीप 4.44 लाख रुपये से रिटेंनिंग वॉल का निर्माण किया गया है।

    उन्होंने बताया कि 11 लाख रुपये से मोक्षधाम के लिए रास्ते का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है जबकि नाथ मंदिर के समीप तालाब के सुधारीकरण कार्य के लिए 17 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि लाहड़ मोहल्ला में लगभग 50 लाख रुपये खर्च करके सिंचाई योजना और वाल्मिकी मोहल्ला में लगभग 8 लाख रुपये से सामुदायिक भवन बनाया गया है। गांव के 200 लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पैन्शन व 450 को किसान सम्मान निधि का लाभ प्रदान किया जा रहा है जबकि 150 लाभार्थियों को निशुल्क गैस कनैक्शन प्रदान किए गए हैं। 

    इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, जिला परिषद अध्यक्षा नीलम कुमारी, खादी बोर्ड के निदेशक सागर दत्त भारद्वाज, प्रधान सतपाल ऐरी, उपप्रधान भूषण दत्त भारद्वाज, वार्ड सदस्य कश्मीरी लाल, मोनिका शर्मा, मोनिका, रणवीर सिंह, नीलम रानी व सुदर्शन भारद्वाज, खानपुर की प्रधान रेखा रानी, पूर्व प्रधान प्रवीण भारद्वाज, पूर्व उपप्रधान कर्मचंद ऐरी व कर्मवीर ऐरी, बूथ अध्यक्ष रविन्द्र भारद्वाज व अश्वनी राणा, डीपी शर्मा, महेश भारद्वाज सहित अन्य उपस्थित रहे।