Blog

  • अब X पर भी चैट कर पाएंगे यूजर्स, जल्द Elon Musk लॉन्च करेंगे ये फीचर

    अब X पर भी चैट कर पाएंगे यूजर्स, जल्द Elon Musk लॉन्च करेंगे ये फीचर

    टेक्नोलॉजी: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने एक नया ऐलान किया है। उन्होंने एक नई मैसेजिंग सर्विस लॉन्च की है। इस सर्विस का नाम एक्स चैट रखा गया है। इस सर्विस को सिर्फ एक्स के यूजर्स ही इस्तेमाल कर पाएंगे। चैट सर्विस का इस्तेमाल करके मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप और देसी ऐप अराटाई को टक्कर दे सकते हैं। एलन मस्क ने यह चैट मैसेजिंग सर्विस कुछ खास फीचर्स के साथ पेश की है। इसमें एंड टू एंड इनक्रिप्शन, एडवांस्ड मैसेजिंग कंट्रोल और अलग मैसेजिंग इनबॉक्स मिलेगा। इस फीचर के आने के बाद अब यूजर्स डीएम और न्यू मैसेजिंग सर्विस के अंतर्गत मिलने वाले मैसेज को अलग-अलग देख पाएंगे। एलन मस्क ने ट्वीट करके दी जानकारी इसकी जानकारी खुद एलन मस्क ने यूजर्स को ट्वीट के जरिए दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि – X ने एक पूरी न्यू कम्यूनिकेशन्स सर्विस शुरु की है। एनक्रिप्शन के साथ मैसेजिंग, ऑडियो, वीडियो और फाइल ट्रांसफर करने की सुविधा मिलेगी। X Money जल्द ही जारी होगी। X money लॉन्च होने से होगा फायदा एलन मस्क के पोस्ट से यह पता चलता है कि वो X Money को लेकर भी काम कर रहे हैं। यह एक मनी ट्रांसफर सर्विस होगी हालांकि उन्होंने अभी यह नहीं बताया कि एक्स मनी (X Money)भारत में लॉन्च होगी या नहीं। भारत में मनी ट्रांसफर करने के लिए कई सारे ऐप्स पहले से ही मौजूद हैं। एक्स चैट को लेकर हेल्प सेंटर में डिटेल्स शेयर किए हैं। इसमें उन्होंने बताया कि यह पहले की तरह नहीं है। अब ग्रूप मैसेज, मीडिया को एनक्रिप्ट कर सकते हैं। इसके अलावा मस्क की नई मैसेजिंग सर्विस के अंतर्गत यूजर्स भेजे गए मैसेज को एडिट, डिलीट और गायब भी कर सकते हैं। व्हाट्सएप्प पर मैसेज डिलीट करने के बाद एक मैसेज नजर आता है कि यह मैसेज डिलीट हो गया है परंतु एक्स चैट पर यूजर्स को यह ऑप्शन नहीं दिखेगा।

    स्क्रीनशॉट्स नहीं ले पाएंगे यूजर्स

    चैट की प्राइवेसी को देखते हुए एक्स चैट में स्क्रीनशॉट्स को ब्लॉक कर सकते हैं। सामने वाला यूजर अब आपके सीक्रेट मैसेज के स्क्रीनशॉट नहीं ले पाएगा। अभी के लिए एक्स चैट सिर्फ आईओएस और वेब वर्जन पर ही मौजूद है। इसके लिए एक्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के डीएम सेक्शन में जाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। जल्द ही यह एंड्रॉयड में जारी हो जाएगी।    
  • Punjab News: 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पटवारी काबू

    Punjab News: 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पटवारी काबू

    चंडीगढ़: पंजाब भर में सीएम मान के दिशा निर्देशों पर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विजीलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। जहां, कार्रवाई करते हुए सर्कल गोलवर्ड, गांव बाला चक्क, ज़िला तरनतारन में तैनात पटवारी सरबजीत सिंह को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

    जानकारी देते हुए विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता अपनी ज़मीन बेचना चाहता था और इसके लिए उसने अपनी ज़मीन के इंतकाल (फर्द) की प्रति प्राप्त की। तब उसे पता लगा कि यह ज़मीन उसके नाम पर नहीं, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज है।

    प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायतकर्ता इंतकाल को सही करवाने के लिए सर्कल पटवारी सरबजीत सिंह से मिला। पटवारी ने शिकायतकर्ता के इंतकाल के रिकॉर्ड को सुधारने के बदले 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में सौदा 30,000 रुपये में तय हुआ। इस संबंध में, दोषी पटवारी ने मौके पर ही पहली किस्त के रूप में 5,000 रुपये ले लिए। शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी पर कार्रवाई करते हुए विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में सरबजीत सिंह को दूसरी किस्त के रूप में 25,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

    आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण कानून की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस स्टेशन विजीलेंस ब्यूरो, रेंज अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पटवारी को अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

  • 350वें शहीदी दिवस समागमों के लिए श्री आनंदपुर साहिब में सभी तैयारियां पूरी, संगतों की सुविधा पर विशेष ध्यान

    350वें शहीदी दिवस समागमों के लिए श्री आनंदपुर साहिब में सभी तैयारियां पूरी, संगतों की सुविधा पर विशेष ध्यान

    चंडीगढ़: शिक्षा और सूचना एवं लोक संपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि चारों दिशाओं से सजाये गये नगर कीर्तन शुक्रवार दिनांक 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेंगे। नगर कीर्तनों का संगतों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रीनगर, गुरदासपुर, फरीदकोट और तलवंडी साबो से आ रहे नगर कीर्तनों की कुल लंबाई 1563 किलोमीटर बनती है। इधर, पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित 23 से 25 नवंबर तक होने वाले समागमों में शामिल होने तथा तख्त श्री केसगढ़ साहिब में नतमस्तक होने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रही संगत की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा पवित्र नगरी श्री आनंदपुर साहिब में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

    उल्लेखनीय है कि श्री गुरु तेग़ बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित प्रदेश के सभी 23 जिलों में गुरु साहिब के महान जीवन एवं दर्शन को दर्शाते लाइट एंड साउंड शो करवाए गए तथा बाबा बकाला, अमृतसर और पटियाला में कीर्तन दरबार सजाए गए। 23 से 25 नवंबर तक होने वाले समागमों का ब्यौरा साझा करते हुए बैंस ने बताया कि 23 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में बाबा बुड्ढा दल छावनी के पास गुरुद्वारा साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा, जिसमें मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। इसी तरह मुख्यमंत्री द्वारा विरासत-ए-खालसा स्मारक में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन एवं दर्शन को दर्शाती प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया जाएगा। इसी दिन मुख्य पंडाल बाबा बुड्ढा दल छावनी में प्रदेश सरकार द्वारा सर्वधर्म सम्मेलन करवाया जाएगा जिसमें प्रमुख धार्मिक नेता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

    24 नवंबर को कीरतपुर साहिब से भाई जैता जी की यादगार तक सीस भेंट नगर कीर्तन सजाया जाएगा। साथ ही श्री आनंदपुर साहिब (गुरुद्वारा भोरा साहिब-गुरुद्वारा सीस गंज साहिब-गुरु तेग बहादुर अजायब घर-तख्त श्री केसगढ़ साहिब-किला आनंदगढ़ साहिब और विरासत-ए-खालसा तक समाप्त) में हेरिटेज वॉक करवाई जाएगी तथा भाई जैता जी की यादगार पर विधान सभा का विशेष सत्र करवाया जाएगा। इसी तरह चरण गंगा स्टेडियम में गतका तथा अन्य समागम जैसे टेंट पेगिंग, ढाल-तलवार मुकाबला, शस्त्र दर्शन, सिमरन व तलवार का संगम आदि समागम करवाए जाएंगे। इसी तरह विरासत-ए-खालसा यादगार में 23 से 29 नवंबर तक रोजाना ड्रोन शो करवाए जाएंगे। इसी तरह 25 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब जी के भोग कर समाप्ति के उपरांत बाबा बुड्ढा दल छावनी के मुख्य पंडाल में सरबत दा भला एकत्रता समागम करवाया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा इन समागमों में शामिल होने के लिए पवित्र नगरी में आने वाली लाखों संगतों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पार्किंग जोनों से मुख्य स्थानों तक संगतों के आने-जाने के लिए शटल सेवा सुनिश्चित की गई है। सभी पार्किंग स्थल सी.सी.टी.वी. निगरानी, रोशनी, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक मार्शल, साइन बोर्ड और मोबाइल शौचालयों से सुसज्जित हैं। मुख्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थानों के आसपास मौजूदा पार्किंग स्थलों को भी इस योजना में शामिल किया गया है।

    संगतों की सेवा के लिए तैनात साधनों में 500 ई-रिक्शा, 150 मिनी बसें, 25 फोर्स अर्बनिया वैनें, 15 कारें, 20 टाटा ऐस वाहन तथा बुजुर्गों व दिव्यांग संगत की सहायता के लिए 10 गोल्फ कार्ट शामिल हैं। शटल सेवाएं पार्किंग स्थलों और गुरुद्वारा श्री केसगढ़ साहिब, विरासत-ए-खालसा, मुख्य पंडाल, टेंट सिटीज़ तथा हेल्प डेस्क पॉइंट्स के बीच संगतों को आने-जाने की सुविधा देंगी। इस सिस्टम की पूर्ण निगरानी मुख्य कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी जिसमें समर्पित पिक-अप पॉइंट, साइनेज और वॉलंटियर्स द्वारा मार्गदर्शन शामिल है।

    इसी तरह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित समागमों के दौरान संगत की भारी आमद को सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन रूपनगर द्वारा दो प्रमुख टेंट सिटीज़ ‘चक्क नानकी निवास’ टेंट सिटी और ‘भाई मती दास निवास’ टेंट सिटी स्थापित की गई हैं जिसमें लगभग 10,000 संगत के ठहरने की व्यवस्था की गई है। अन्य सुविधाओं सहित एम्बुलेंस की तैनाती तथा 24 घंटे मुख्य कंट्रोल रूम के साथ तुरंत चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करना शामिल है। समागमों के लिए सुचारु एवं सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा, सुविधा और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए भी व्यापक प्रबंध किए हैं। इन समागमों के दौरान पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में 8,000 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं ताकि संगत की सुरक्षा, आवागमन और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

  • बिहार मंत्रिमंडल बंटवारे में हुआ बड़ा उलटफेर, 20 साल बाद नीतीश ने गृह मंत्रालय छोड़ा, सम्राट चौधरी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

    बिहार मंत्रिमंडल बंटवारे में हुआ बड़ा उलटफेर, 20 साल बाद नीतीश ने गृह मंत्रालय छोड़ा, सम्राट चौधरी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

    नेशनल डेस्क। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी नई कैबिनेट में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह है कि गृह मंत्रालय मुख्यमंत्री के पास नहीं रहेगा। यह माना जा रहा है कि ऐसा पहली बार हुआ है जब नीतीश कुमार के पास मुख्यमंत्री रहते हुए गृह विभाग नहीं है।

    सम्राट चौधरी को मिला गृह मंत्रालय
    डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को राज्य का नया गृह मंत्री बनाया गया है। इससे उनकी अहमियत और बढ़ गई है। अब तक गृह विभाग हमेशा खुद नीतीश कुमार के पास रहता था, चाहे महागठबंधन की सरकार हो या एनडीए की। लेकिन इस बार उन्होंने यह विभाग नहीं रखा।

    जेडीयू मंत्रियों को विभाग अभी नहीं मिला
    जानकारी के अनुसार जेडीयू कोटे के मंत्रियों के विभागों का बंटवारा अभी बाकी है। बीजेपी, एलजेपी (आर), हम और आरएलएम के मंत्रियों को विभाग दे दिए गए हैं।

    विजय सिन्हा और मंगल पांडे के पास कौन से विभाग आए

    -विजय कुमार सिन्हा (डिप्टी सीएम – BJP)

    -भूमि एवं राजस्व विभाग

    मंगल पांडे (BJP)

    -स्वास्थ्य विभाग (पहले भी स्वास्थ्य मंत्री थे)

    -कानून मंत्रालय

    दिलीप जायसवाल (BJP अध्यक्ष)

    -उद्योग विभाग

    राम कृपाल यादव बने कृषि मंत्री

    -बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम कृपाल यादव को बिहार का नया कृषि मंत्री बनाया गया है।

    नितिन नवीन को मिले बड़े विभाग

    -पथ निर्माण विभाग

    -नगर विकास एवं आवास विभाग

    -ये मंत्रालय गृह विभाग के बाद सबसे बड़े और महत्वपूर्ण विभाग माने जाते हैं।

    अन्य बीजेपी मंत्रियों के विभाग

    संजय टाइगर

    -श्रम संसाधन विभाग

    राम निषाद

    -पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग विभाग

    श्रेयसी सिंह

    -खेल मंत्री

    सूचना प्रौद्योगिकी विभाग

    एलजेपी (राम विलास) – चिराग पासवान की पार्टी

    -गन्ना उद्योग विभाग

    -लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग
    हम पार्टी – जीतन राम मांझी

    -लघु जल संसाधन विभाग

    -मंत्री बनाए गए: संतोष सुमन (मांझी के बेटे)

     

  • अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पर्यटकों ने कला, संस्कृति और खरीदारी का उठाया आनंद

    अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पर्यटकों ने कला, संस्कृति और खरीदारी का उठाया आनंद

    चण्डीगढ़: हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा कला परिषद, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला के साथ-साथ राज्य सरकार की तरफ से हरियाणा ही नहीं विभिन्न प्रदेशों की लोक संस्कृति को संरक्षित करने और कलाकारों को एक मंच मुहैया करवाने का काम अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के जरिए किया जा रहा है। इस महोत्सव में विभिन्न प्रदेशों की लोक कला को पर्यटकों के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इन प्रदेशों के उन लोक नृत्यों को कलाकार प्रस्तुत कर रहे हैं, जो लोक कला लुप्त होने के कगार पर पहुंच चुकी है। एक लोक कलाकार ने बातचीत के दौरान इस बात का खुलासा किया कि हरियाणा प्रदेश में कुछ कलाकार ही बचे हैं जो बीन, तुंबा, ढोलक, खंजरी बजा कर जोगी नाथ बीन सपेरा परम्परा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। हरियाणा की लोक कला और संस्कृति की लुप्त होने के कगार पर पहुंच चुकी कई विधाओं को संरक्षित करने का काम अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव कर रहा है। इस महोत्सव में ढेरु गायन गाथा, बाजीगर कला और कच्ची घोड़ी जैसी लोक कलाओं को ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर देखा जा रहा है। इस महोत्सव से न केवल लोक संस्कृति को जीवित रखने का प्रयास सरकार की तरफ से किया जा रहा है बल्कि लोक कलाकारों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करवाएं जा रहे हैं। अहम पहलू यह है कि ब्रह्मसरोवर के तट पर ढेरु गाथा गायन ग्रुप के कलाकार हरियाणवी संस्कृति का रंग जमा रहे हैं। लोक कलाकारों ने बातचीत करते हुए कहा कि ग्रुप में उनके अन्य साथी कलाकार भी उनके साथ इस कला को जीवित रखने का काम कर रहे हैं। सभी कलाकार पारम्पकि वेशभूषा से सुसज्जित होकर बीन, तुम्बा, ढोलक, खंजरी बजाकर लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं। यह महोत्सव लोक कलाकारों का एक बड़ा मंच बन चुका है। राज्य सरकार द्वारा इस प्रकार के कलाकारों को और अधिक प्रोत्साहित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव जैसे मंच उपलब्ध करवाने का काम लगातार किया जा रहा है। महोत्सव के शिल्प और सरस मेले के सातवें दिन हरियाणा के विभिन्न गांवों के लोक कलाकारों ने ब्रह्मसरोवर के उत्तरी तट पर ढेरु गाथा गायन की प्रस्तुति देकर पर्यटकों को झुमने पर मजबूर कर दिया। इन लोक कलाकारों ने ढेरु गाथा गायन के जरिए गुरु गोरख नाथ जी की गाथा, जवाहर गोगा पीर की गाथाओं का गुणगान किया। इन लोक कलाकारों का कहना है कि यह लोक कला विलुप्त करने के कगार पर पहुंच चुकी है। सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव से लोक कलाओं को जीवंत रखने का प्रयास किया जा रहा है।

    महोत्सव के सरस और शिल्प मेले में पर्यटकों ने खूब की खरीददारी

    अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के शिल्प और सरस मेले में पर्यटकों ने शुक्रवार को जमकर खरीदारी की है। एक तरफ जहां पर्यटक ब्रह्मसरोवर के तट पर खिली धूप में विभिन्न प्रदेशों के व्यंजनों का स्वाद चख रहे थे, वहीं अलग-अलग स्टॉलों पर जाकर खरीदारी भी कर रहे थे। इतना ही नहीं युवा वर्ग मेले में सेल्फी लेकर अपने आपको आनंदित महसूस कर रहे हैं।

    बिछड़ों को मिलाने का काम कर रहा है सूचना केन्द्र

    अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 में ब्रह्मसरोवर के मुख्य द्वार पर जिला सूचना एवं जन संपर्क विभाग की तरफ से सूचना केन्द्र स्थापित किया गया है। इस सूचना केन्द्र के माध्यम से बिछड़ों को मिलाने का काम कर रहा है। डीआईपीआरओ डॉ. नरेन्द्र सिंह ने बताया कि इस सूचना केन्द्र से पल-पल की सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ-साथ महोत्सव में आने वाले पर्यटकों को पल-पल की जानकारी दी जा रही है। इस सूचना केन्द्र पर विजय कुमार, राजकुमार शर्मा, शीश राम, जगदीश सहित अन्य कर्मचारी महोत्सव में आने वाले पर्यटकों को विभिन्न सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहे हैं।
  • Jalandhar News: सिविल अस्पताल में चैकिंग करने पहुंचे DG गुरप्रीत देयो और CP धनप्रीत कौर, देखें वीडियो

    Jalandhar News: सिविल अस्पताल में चैकिंग करने पहुंचे DG गुरप्रीत देयो और CP धनप्रीत कौर, देखें वीडियो

    जल्द डोमेस्टिक वायलेंस केसों में महिलाओं को मिलेगी काउंसलिंग

    जालंधर, ENS: सिविल अस्पताल में आज डीजी गुरप्रीत देयो और सीपी धनप्रीत कौर पहुंची। जहां उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया। मामले की जानकारी देते हुए डीजी ने कहा कि पुलिस द्वारा सेहत विभाग की सहायता से अस्पताल में एक नया उपराला शुरू किया जा रहा है। जहां 2 महिलाओं को तैनात किया जाएगा। उनके द्वारा इमरजेंसी वार्ड में घरेलू हिंसा के केसों को लेकर उन्हें काउंसलिंग दी जाएगी। डीजी ने कहा कि आमतौर पर डॉक्टर ऐसे केसों में उपचार करने के बाद उन्हें घर वापिस भेज देते है। लेकिन कई बार ऐसे मारपीट सहित अन्यों केसों में दोबारा उसी घर में जाना पड़ता है। ऐसे में काउंसलिंग करके महिला और उसके पति से बातचीत की जाए और वह महिलाएं दोबारा से घर में खुशहाल जीवन व्यतीत कर सके। उन्होंने बताया कि यह 2 काउंसलर सुबह से शाम तक तैनात रहेंगे। इस दौरान जहरीली वस्तु खाने वाले केसों सहित वह अन्य केसों की गहनता से जांच करेंगे। इस दौरान महिलाओं द्वारा इन केसों में बच्चों को पालने के लिए एनजीओ की भी सहायता ली जाएगी।
  • Punjab News: इस इलाके में बिल्डिंग गिराने पहुंचे अधिकारी, जमकर हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में बिल्डिंग गिराने पहुंचे अधिकारी, जमकर हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    लुधियाना। शहर के कोचर मार्केट इलाके में निगम अधिकारियों द्वारा नई बिल्डिंग गिराने को लेकर जोरदार हंगामा होने की खबर सामने आई है। जहां, बताया जा रहा है कि दुकानदार ने निगम अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इसके बाद कहा कि प्लान अप्रूवल के बावजूद बिल्डिंग गिराई गई।

    बिल्डिंग गिराने पहुंचे अधिकारियों से हुई बहसबाजी
    मार्केट इलाके में उस समय बड़ा हंगामा हो गया जब निगम अधिकारी एक बिल्डिंग गिराने पहुंचे। मौके पर दुकान मालिक ने निगम अधिकारियों से बहस बाजी हो गई। जिसके बाद मामला गरमा गया। इस दौरान दुकानदार ने अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया। इसके बाद कहा कि बिल्डिंग दूसरी बार गिराई गई है। उसने प्लान अप्रूवल करवाया था, फिर भी गलत कार्रवाई की गई है।

    अधिकारी बोले, दुकान मालिक के खिलाफ करेंगे FIR
    दूसरी ओर, निगम अधिकारियों ने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से मना कर दिया लेकिन कहा कि वे दुकान मालिक के खिलाफ FIR करेंगे, जिसके बारे में उन्होंने सीनियर अधिकारियों को शिकायत दे दी है।

  • पंचायत चुनाव को लेकर उठा पटक और सरकार का रवैया  दुर्भाग्यपूर्ण: जयराम ठाकुर

    पंचायत चुनाव को लेकर उठा पटक और सरकार का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण: जयराम ठाकुर

    मुख्यमंत्री कहते हैं पूरे स्टेट में सड़कें टूटी हैं तो मंत्री रहते हैं मात्र 15 सड़कें रिस्टोर होना बाकी

    पंचायत चुनाव टालने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा प्रतिकूल प्रभाव 

    ऊना/सुशील पंडित: विधानसभा क्षेत्र सराज के दौरे पर गए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर सरकार, अधिकारी, मंत्री और मुख्यमंत्री जो कह रहे हैं, वह बहुत उलझाने वाला है। हालात इतने खराब है कि प्रदेश के राज्य चुनाव आयुक्त को राज्यपाल को अपनी रिपोर्ट सौंपनी पड़ी। सरकार के अड़ियल रवैए की वजह से जो ताजा घटनाक्रम है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर मंत्री कह रहे हैं कि पंचायत चुनाव समय पर हो सकते हैं तो फिर अधिकारी किसके इशारे पर चुनाव में देरी करना चाहते हैं? यदि मंत्री रहते हैं कि समय पर चुनाव हो सकते हैं, तो मुख्यमंत्री को क्या आपत्ति है? माननीय न्यायालय द्वारा पहले ही पंचायत चुनाव को लेकर नोटिस जारी किया जा चुका है। मंत्रियों के फैसलों को अधिकारी कहीं न कहीं चैलेंज करना चाहते हैं। सरकार द्वारा लगातार सरकारी स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन करके भीड़ जुटाई जा रही है। प्रदेश में अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। ऐसे में सिर्फ चुनाव कराने में ही मुख्यमंत्री और मंत्री तथा अधिकारी अलग-अलग राय क्यों रख रहे हैं। व्यवस्था परिवर्तन में यह ऊहापोह की स्थिति क्यों है?

    जयराम ठाकुर ने कहा कि एक तरफ मंत्री कहते हैं कि प्रदेश में 1600 से ज्यादा सड़के दुरुस्त है,  मात्र 10-15 सही करनी बाकी हैं। जबकि मुख्यमंत्री कहते हैं कि हर नागरिक को बाकि सुविधाएं देना हमारा काम है? तो प्रदेश के लोगों को क्या बिजली और पानी सड़क की सुविधा नहीं मिल रही है? जबकि विधानसभा के मानसून सत्र में ही सरकार ने ज्यादा सुविधाओं को रिस्टोर कर लेने की बात की थी।

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री यह बताएं की डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट लागू होने के बाद उन्होंने कितने आपदा प्रभावित क्षेत्र का विशेषत: दौरा किया है? यह भी बताएं कि प्रदेश की 3615 पंचायत में से कितनी पंचायतें अभी भी मुख्य सुविधाओं से नहीं जुड़ पाई हैं? जिनकी वजह से चुनाव टाला जा रहा है? यह चुनाव प्रदेशवासियों के लोकतांत्रिक अधिकारों  पर डाका डालने जैसा है। साथ ही महात्मा गांधी पंचायती राज के स्वप्न की हत्या है। ग्रामीण आजीविका के साथ छल है। समय से चुनाव न होने पर पंचायत में मनरेगा के आम काम कैसे होंगे? केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित मनरेगा ग्रामीण आजीविका और अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख आधार है। मनरेगा के बंद होने से होने वाले नुकसान की भरपाई कौन करेगा?

    जयराम ठाकुर ने कहा कि तकनीकी और पारदर्शिता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई डीबीटी स्कीम से एक साथ लाखों करोड़ों लोगों को आर्थिक सहायता पहुंचाई जा सकती है। बीते कल ही हिमाचल प्रदेश के 8 लाख से ज्यादा किसानों को प्रधानमंत्री द्वारा 166 करोड रुपए किसान सम्मन निधि के दिए गए। देश के लगभग 8 करोड़ लोगों के खाते में एक क्लिक से 15.5 हजार करोड़ रुपए पहुंचे। तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आपदा प्रभावितों को जो भी सहायता देनी है वह डीबीटी के जरिए ही दिन में क्यों नहीं जारी कर देते? इसके लिए पंचायत के चुनाव लटकाने की क्या आवश्यकता है? जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से सीधे सवाल करते हुए कहा कि उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि उनके मंत्री झूठ बोल रहे हैं या मुख्यमंत्री स्वयं और उनके अधिकारी झूठ बोल रहे हैं?

    महीने की 21 तारीख को भी पेंशन की राह देख रहे हैं एचआरटीसी के पेंशनर

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज महीने की 21 तारीख हो गई है लेकिन एचआरटीसी के पेंशनर अभी भी पेंशन की राह देख रहे हैं। सरकार के खिलाफ हल्ला बोल रहे हैं। व्यवस्था परिवर्तन में सरकार ने धरना दो और वेतन पेंशन लो की व्यवस्था की है। सबसे हैरानी की बातें है कि एचआरटीसी के पेंशनर्स को दो साल से ज्यादा समय हो गया और उनके मेडिकल बिल का  एक पैसा भी नहीं मिला। इससे ज्यादा संवेदनहीनता सरकार की और क्या हो सकती है?

    थुनाग एवं जंजैहली मंडल के संयुक्त मोर्चा परिचय बैठक को किया संबोधित 

    जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा के थुनाग एवं जंजैहली मंडल की संयुक्त मोर्चा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्ययोजनाओं पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को  शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका जोश, प्रतिबद्धता और संगठन के प्रति समर्पण निश्चित रूप से संगठन को नई मजबूती देगा। उन्होंने  भरोसा जताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता से कार्य करेंगे और यही एकजुटता हमारे संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जनमत मिलेगा। अभी तो कांग्रेस के लोग बिहार चुनाव में भाजपा के स्ट्राइक रेट से डरे हैं लेकिन हिमाचल में भाजपा के स्ट्राइक रेट से चौंक जाएंगे।

    बचपन में जहां पढ़े वहीं मुख्य अतिथि पहुंच भावुक हुए जयराम ठाकुर 

    जयराम ठाकुर ने अपने बचपन के दिनों में जिस स्कूल में पढ़ाई की थी उसी स्कूल के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे। बचपन के स्कूल पहुंचकर वह भावुक भी हुए। उन्होंने कहा कि राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला से ही पढ़ाई करने के बाद उसी स्कूल के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर पारितोषिक वितरण करने का सौभाग्य मिलना बहुत बड़ी बात है।  यह अनुभूति शब्दों में बयां करना बहुत मुश्किल है। सभी बच्चों को देखकर हमें अपने बचपन के दिन याद आते हैं।  राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुनाग पहुंच कर 50 साल पुरानी सारी स्मृतियां ताजा हो गई। इन 50 सालों में बहुत कुछ बदल गया लेकिन इस मिट्टी पर पहुंचने पर होने वाला एहसास नहीं बदला। उन्होंने सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहाकी इस विद्यालय से निकलकर सभी लोग आगे जाएं, खूब तरक्की करें अपने विद्यालय गुरुजन माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करें। इस दौरान उन्होंने सभी मेधावी छात्रों को पुरस्कार भी वितरित किया।

  • Punjab News: इंसानियत शर्मसार! पति ने किया सरकारी टीचर का बेरहमी से कत्ल

    Punjab News: इंसानियत शर्मसार! पति ने किया सरकारी टीचर का बेरहमी से कत्ल

    श्री गोइंदवालः तरनतारन से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां पति ने पत्नी का बेहरमी से कत्ल कर दिया। दरअसल, गांव खडूर साहिब से गोइंदवाल साहिब को जाने वाली सड़क पर पति द्वारा पत्नी को तेजधार हथियार से काटकर उसकी हत्या कर दी। मृतिका की पहचान 35 वर्षीय जसपाल कौर के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए परिवारिक मैंबरों ने बताया कि उनकी बेटी जसपाल कौर सरकारी टीचर थी।

    जसपाल कौर का उसके पति अमरबीर सिंह ने अपने परिवार मैंबरों के साथ मिलकर बेहरमी से कत्ल कर दिया। लड़की परिवार ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे गोइंदवाल साहिब थाने के एसएचओ कश्मीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

  • भाजपा जिला ऊना की बैठक में सरकार पर बड़ा हमला, 4 दिसंबर को विधानसभा घेराव की तैयारियां तेज

    भाजपा जिला ऊना की बैठक में सरकार पर बड़ा हमला, 4 दिसंबर को विधानसभा घेराव की तैयारियां तेज

    ऊना/सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी की ऊना जिला इकाई ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय दीप कमल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें आगामी 4 दिसंबर को धर्मशाला के तपोवन में प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास ने की, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी रश्मिधर सूद वा जिला सह प्रभारी विशाल चौहान विशेष रूप से उपस्थित थे।जिला अध्यक्ष शाम मिन्हास वा जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ पांचों विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ चुके प्रमुख नेता—विधायक सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी,प्रो. रामकुमार, पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा, और देवेंद्र भुट्टो भी बैठक में शामिल हुए।

    बैठक के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला गया। नेताओं ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमराकर पूरी तरह विफल हो चुकी है और खासकर ऊना जिला अपराधों का केंद्र बनकर दहशत के माहौल में जी रहा है। भाजपा का दावा है कि प्रदेश की जनता अब पूरी तरह बदलाव के मूड में है और विधानसभा घेराव इस असंतोष का ऐतिहासिक प्रदर्शन होगा। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने शुक्रवार को आयोजित बैठक में प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर असफल करार देते हुए कहा कि सरकार की नाकामी के कारण हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। बैठक में पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की शह पर पल रहा माफिया अब खुलेआम गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा है और पुलिस-प्रशासन स्थिति संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। जिला प्रभारी रश्मिधर सूद ने कहा कि ऊना जिला के हालात अब “जंगलराज” से भी बदतर हो गए हैं। लोगों में भय का माहौल इतना बढ़ चुका है कि सामान्य जीवन तक प्रभावित हो रहा है।

    उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश को शांत और सुरक्षित माना जाता था, वहां आज अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, जबकि सरकार सिर्फ दर्शक बनी हुई है। बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि प्रदेश सरकार को अब जनता के आक्रोश का एहसास कराने के लिए भाजपा विधानसभा घेराव को व्यापक रूप देगी। तय किया गया कि 4 दिसंबर को धर्मशाला के तपोवन में होने वाले इस बड़े आंदोलन में ऊना जिला से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया गया है। विधायक सतपाल सिंह सत्ती सहित अन्य नेताओं ने कहा कि यह घेराव सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ते अपराध, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था के खिलाफ जोरदार शंखनाद साबित होगा। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि यह धरना-प्रदर्शन प्रदेश सरकार को झकझोरने और जनता की आवाज सत्ता तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। इस बैठक में प्रदेश के पदाधिकारी जिला के पदाधिकारी 10 मंडलों के अध्यक्ष का महामंत्री जिला और मंडल के मोर्चे और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी अध्यक्ष महामंत्री इस बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।