Blog

  • पंजाबः बड़ी साजिश नाकाम, 3 हैंड ग्रेनेड और 1 लाख रुपए सहित 2 आतंकी गिरफ्तार

    पंजाबः बड़ी साजिश नाकाम, 3 हैंड ग्रेनेड और 1 लाख रुपए सहित 2 आतंकी गिरफ्तार

    अमृतसरः जिले की पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए हैंड ग्रेनेड सहित 2 आतंकियों को किया किया है। पुलिस ने आंतकियों से 3 हैंड ग्रेनेड और 1 लाख रुपए और मोटरसाइकिल बरामद की है। मिली जानकारी के मुताबिक दोनों मकबूलपुरा इलाके की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने दोनों से ग्रेनेड, कैश और मोटरसाइकिल बरामद की है। बताया जा रहा है कि डीजीपी गौरव यादव इस बाबत कुछ देर में यहां पहुंच कर प्रेस वार्ता कर सकते हैं।

    पुलिस के सूत्रों ने आरोपियों की पहचान फिरोजपुर के बेरेके गांव निवासी प्रकाश सिंह उर्फ मिंटू और सदर थाने के अधीन पड़ते गांव अलीके निवासी अंग्रेज सिंह उर्फ गेजा के रूप में बताई है। पुलिस ने नाकाबंदी कर उक्त आरोपियों को फिरोजपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि आखिर ग्रेनेड की उक्त खेप जम्मू कश्मीर से तो नहीं भेजी गई है।

  • पंजाबः DGP गौरव यादव की रेड के बाद भी जिले में सरेआम बिक रहा नशा, वीडियो वायरल

    पंजाबः DGP गौरव यादव की रेड के बाद भी जिले में सरेआम बिक रहा नशा, वीडियो वायरल

    लुधियानाः जिले में दो दिन पहले डीजीपी गौरव यादव ने नशे बेचने वालों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया था। वहीं बीते दिन एनसीबी की टीम ने जिले में से 20 किलो हेरोइन बरामद की थी। इसके बाद भी लोग सरेआम नशा बेच रहे है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। जिसमें सरेआम शहर में गांजा व चिट्‌टा बिक कर रहा है। यह वायरल वीडियों चीमा चौक नजदीक इलाके की बताई जा रही है। बता दें ये वहीं इलाका है जहां डीजीपी गौरव यादव रेड करने पहुंचे थे।

    नशा तस्करों को पहले ही 1 घंटा संदेश मिल गया था कि रेड होनी है इसके बाद बदमाश भाग चुके थे। छुटपुट हेरोइन की पुड़ियां ही पुलिस के हाथ लगी थी। वीडियों में साफ दिख रहा है कि कैसे एक व्यक्ति कुर्सी लगा पार्क के पास बैठकर नशा की पुड़ियों बेच रहा है। नाबालिग युवा आते है उसे 70 रुपये में गांजा की पुड़ियां खरीदते है। इस तरह शहर में सरेआम सड़कों पर नशा बिकना पुलिस की नशा तस्करों के साथ मिलीभगत को दर्शाता है।

    चीमा चौक के कुछ लोगों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यहां नशा बिकना कोई नई बात नहीं है। सरेआम गांजा तो पान की दुकानों में महिलाएं बेचती है। इलाका पुलिस को सब पता है। इलाका पुलिस इन नशा तस्करों को अनदेखा किए है। यदि कोई व्यक्ति इन नशा तस्करों का विरोध करता है तो यह लोग उस व्यक्ति से मारपीट करते है। रात के समय तो नशा पूर्ति के लिए लोगों से झपटमारी होना भी इस इलाका में आम बात है।

  • श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक अभिनेता अनुपम खेर, देखें वीडियो

    श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक अभिनेता अनुपम खेर, देखें वीडियो

    अमृतसरः बॉलीवुड के प्रसिद्ध अदाकार अनुपम खेर आज सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। इस दौरान उन्हें यहां सूचना केंद्र में सूचना अधिकारी जसविंदर सिंह और अमृतपाल सिंह द्वारा श्री हरिमंदिर साहिब जी के बारे इतिहास की जानकारी दी गई।

    अनुपम खेर ने गुरु घर में माथा टेका और इलाही बाणी का आनंद भी उठाया। उन्होंने बताया कि वह आज अमृतसर में होने वाले फिक्की फ्लो के समारोह में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे है। मेरा दिल था कि मैं श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन करूं। उन्होंने कहा कि गुरु घर पहुंचकर मेरे मन को बहुत सकून मिला है। 

  • Drug Alert: देशभर में कुल 50 दवाओं के सैंपल फेल

    Drug Alert: देशभर में कुल 50 दवाओं के सैंपल फेल

    हिमाचल में बनीं कैंसर व बुखार सहित इन 9 दवाएं शामिल 

    सोलन: हिमाचल में बनी 9 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। केंद्रीय दवा नियंत्रक मानक संगठन (सीडीएससीओ) ने इस माह का ड्रग अलर्ट जारी किया है। देशभर में कुल 50 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं जिनमें हिमाचल की 9 दवाएं शामिल हैं। सीडीएससीओ ने देश में 1280 दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे थे, जिनमें से केवल 1230 दवाएं ही मानकों पर खरी उतरी हैं। हिमाचल में जिन दवाओं के सैंपल हुए हैं उनमें अधिकांश कैंसर, बुखार, एंटीबायोटिक, दर्द, उल्टी व विटामिन इत्यादि से संबंधित हैं। देश में सबसे अधिक दवाओं के सैंपल उत्तराखंड के फेल हुए हैं। उत्तराखंड में बनी 11 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। इसके अलावा गुजरात की 4, महाराष्ट्र की 1, पश्चिम बंगाल की 2, यूपी की 7, मध्य प्रदेश की 6, राजस्थान की 1, बिहार 2, सिक्किम 2, हरियाणा 1, दिल्ली 1 व तमिलनाडु 3 की दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। ड्रग विभाग ने इसका संज्ञान लेते हुए उन सभी उद्योगों को नोटिस जारी कर दिए हैं जिनके सैंपल फेल हुए हैं। यही नहीं, बाजार से इनके स्टॉक को रिकॉल करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। 

    सीडीएससीओ से मिली जानकारी के अनुसार मैसर्ज लाइफ विजिन हैल्थकेयर झाड़माजरी बद्दी की ऐयरमोल-650 का बैच नम्बर एलटीए-20967, मैसर्ज डीएम फार्मा प्राइवेट लिमिटेड भूड्ड बद्दी की ऐसोलिप 40 का बैच नंबर टीजीडी 210190, मैसर्ज सलुस फार्मास्यूटिकल बद्दी की कैनटॉप- 40 का बैच नम्बर एसपीटी 170513 डी, मैसर्ज शिवा बायोजैनेटिक लैबारेटरीज बद्दी की पामागिन-पी का बैच नम्बर पीपीटी 21010 एसएल, मैसर्ज जी लैबोरेटरीज पांवटा साहिब की डायकोविन-प्लस का बैच नम्बर 521-263, हैल्थ बायोटैक नालागढ़ की बीकॉन-एल. का बैच नम्बर एचबीके- 21008, मैसर्ज एएनजी लाइफ साइंस इंडिया बद्दी ओडासार्टन का बैच नम्बर टी 351001, हीलक्यूर लाइफ सांइसेज बद्दी ब्रोम्हेक्सीन हाईड्रोक्लोराइड का बैच नम्बर जी 22120 व मैसर्ज पुष्कर फार्मा खेड़ी कालाअंब मिडाजोलम का सैंपल फेल हुआ है। 

    राज्य दवा नियंत्रक नवनीत मारवाह ने बताया कि ड्रग विभाग ने इसका संज्ञान लेते हुए उन सभी उद्योगों को नोटिस जारी कर दिए हैं जिनके सैंपल फेल हुए हैं। यही नहीं, बाजार से इनके स्टॉक को रिकॉल करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। ड्रग निरीक्षक को इन सभी उद्योगों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए हैं।

  • जालंधर: मामूली बात को लेकर आपस में भिड़े दो दुकानदार, 4 घायल 

    जालंधर: मामूली बात को लेकर आपस में भिड़े दो दुकानदार, 4 घायल 

    जालंधर/वरुण: बस्ती दानिशमंदा अड्डे पर दो दुकानदार आपस में भिड़ गए। दानिशमंदा में अहाता चलाने वाले और क्लीनिक चलाने वाले एक डॉक्टर में पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। डॉक्टर के क्लीनिक के साथ ही कपड़े की दुकान करने वाला उसका बेटा झगड़ा देखकर मौके पर पहुंचा तो अहाता मालिक और कपड़ा व्यापारी बेटा आपस में भिड़ गए। दोनों में जमकर तेजधार हथियार चले। इस झगड़े में चार लोग घायल हुए हैं। अहाता चलाने वाले दुकानदार का कहना है कि उसकी दानिशमंदा अड्डा में अपनी दुकानें हैं। कपड़े का कारोबार करने वालों ने स्कूटर खड़ा करने को लेकर विवाद किया। अचानक पांच-छह लोग आए और उन्होंने उस पर हमला कर दिया। जब हमला किया तो वह दुकान में अकेला था। मारपीट करने के बाद हमलावर भाग गए। 

    अहाता मालिक ने कहा कि वैसे उनकी आपस में कोई रंजिश नहीं है, लेकिन जिन्होंने हमला किया है वह बार-बार उसके ऊपर दबाब बनाते हैं कि अपनी दुकानों को उन्हें बेच दे । वह उसे दुकानें कहीं बाहर खरीद कर दे देंगे। लेकिन वह दुकानें और अपना जमा जमाया अड्डा देना नहीं चाहता शायद इसी खुन्नस में उन्होंने हमाल किया है।

    जबकि दूसरी पार्टी का कहना है कि हमला उन्होंने नहीं बल्कि अहाता मालिक ने उन पर किया है। उनकी भी दुकानदारी है। अकसर वह उनकी दुकान के आगे दोपहिया वाहनों की पार्किंग करवा देते हैं। पहले भी कई बार समझाया लेकिन वह नहीं माने। अबकी बार भी उन्हें स्कूटर हटाने से लिए कहा को उन्होंने हमला बोल दिया।

  • दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, 8 की मौत

    दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, 8 की मौत

    श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ ज‍िले में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ है। एक तेज रफ़्तार कार फिसलकर गहरी खाई में गिर पड़ी। जिससे कार में सवार आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद तेज धमाके की आवाज सुनकर वहां आसपास के ग्रामीण लोग एकत्रित हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार मौके पर बचाव कार्य किया जा रहा है। कार को खाई से निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई है। अंधेरा होने के चलते बचाव कार्य में अब परेशानी हो रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर तुरंत बचाव दल व पुलिस पहुंच गई थी।

    क‍िश्‍तवाड़ के डीसी देवांश यादव ने बताया क‍ि शुरुआती जांच से पता चला है क‍ि हादसा कार के फ‍िसलने के कारण हुआ। प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि आठ लोग प्राइवेट कैब में यात्रा कर रहे थे और सभी की दुर्घटना में मौत हो गई। उन्होंने कहा क‍ि आठ लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन बचाव अभियान अब भी जारी है। इससे पहले बीते शुक्रवार को जम्मू में बस दुर्घटना में 20 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

  • आज का राशिफल, 17 नवंबर 2022

    आज का राशिफल, 17 नवंबर 2022

    मेष राशिफल। आज का दिन आपके लिए उत्तम रूप से फलदायक रहने वाला है। आप आज किसी काम में हाथ डालेंगे तो उसमें आप सफल भी अवश्य होंगे।  ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति को आपको धन उधार देने से बचना होगा। व्यक्तिगत असफलताओं को आज बढ़ावा मिलेगा। आपके कुछ प्रमुख कार्यों को गति मिलने से आप प्रसन्न रहेंगे। आपका कोई प्रियजन आपके लिए कोई शुभ सूचना लेकर आ सकता है। आप अपने परिवार के सदस्यों के साथ किसी मांगलिक उत्सव में सम्मिलित हो सकते हैं। विदेशों में व्यवसाय कर रहे लोग आज कोई बड़ी डील फाइनल कर सकते हैं।

    वृष राशिफल। आज का दिन आपकी भौतिक सुख सुविधाओं में वृद्धि लेकर आएगा। आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने से आपका मन प्रसन्न रहेगा। व्यवसाय में मन मुताबिक लाभ मिलने से आपको अपने अंदर अहंकार और घमंड की भावना को नहीं लाना है,नहीं तो लोग आपकी इस आदत के कारण आपसे नाराज हो सकते हैं। आपको राजनीतिक मामलों में कोई निर्णय अपने सीनियर से पूछकर ही लेना होगा। अविवाहित जातकों के लिए उत्तम विवाह के प्रस्ताव आएंगे,लेकिन आपकी कोई पुरानी गलती से आज आपको सबक लेना होगा। यदि आप किसी बैंक, व्यक्ति या संस्था आदि से ऋण उधार लेना चाहते हैं,तो वह भी आपको आसानी से मिल जाएगा।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए भाग्य के दृष्टिकोण से उत्तम रहने वाला है। संतान पक्ष की ओर से कोई शुभ सूचना मिलने से आप प्रसन्न रहेंगे। आप बिजनेस में यदि कुछ नई योजनाओं को शुरू करेंगे,तो उनसे आप अच्छा लाभ आसानी से कमा पाएंगे। आप अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाएंगे और परिवार में सदस्य भी आपकी इस बात से प्रसन्न रहेंगे,लेकिन आपको छोटी दूरी की यात्रा पर जाना पड़ सकता है,जो आपके लिए लाभदायक रहेगी। कामकाज ढूंढ रहे लोगों के लिए थोड़ा कमजोर रहेगा।

    कर्क राशिफल। आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। आप परिवार में सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश करेंगे। आप किसी पारिवारिक परंपरा के टूटने से परिवार के सदस्यों से नाराज हो सकते हैं। आपको आपके किसी मित्र द्वारा कोई मूल्यवान वस्तु उपहार स्वरूप मिल सकती है। गृहस्थ जीवन में आज आपको तालमेल बनाए रखना होगा,नहीं तो जीवनसाथी आपसे नाराज रहेंगे। आप समाज में कुछ अन्य बड़े लोगों से मेलजोल बढ़ाने में कामयाब रहेंगे,लेकिन आप अपने कार्य के प्रति सतर्क रहें,नहीं तो समस्या हो सकती है।

    सिंह राशिफल। आज का दिन आपके घर परिवार में खुशियां लेकर आएगा। घर में की गई पहल रंग लाएंगी और आपको मान सम्मान मिलेगा। रचनात्मक कार्य में आपकी पूरी रुचि दिखाएंगे। आपको बचत पर पूरा ध्यान देना होगा। आप परिवार में लोगों की अपेक्षा पर खरे उतरेंगे और उनसे प्रेम  मिलने से आप प्रसन्न रहेंगे।  बिजनेस कर रहे लोगों को भी अच्छा लाभ मिलने मिलने की पूरी संभावना बनती दिख रही है। आप समाज में लोगों से मेलजोल बढ़ाने में कामयाब रहेंगे। कला कौशल को पूरा बल मिलेगा।

    कन्या राशिफल। आज का दिन परोपकार के कार्य में व्यतीत करेंगे। आप धार्मिक आयोजनों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे। आपको अपने सहयोगियों का पूरा साथ मिलेगा। पारिवारिक रिश्तो में आप सकारात्मकता बनाए रखें,नहीं तो कुछ रिश्तों में दरार पैदा हो सकती है। आप परिवार के सदस्यों के साथ लंबी दूरी की यात्रा पर जा सकते हैं। आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहना होगा,नहीं तो कोई समस्या आपको घेर सकती है। आपको किसी अजनबी से लेनदेन करने से बचना होगा।

    तुला राशिफल। आज का दिन आपके लिए मिश्रित रूप से फलदायक रहने वाला है। आप अपने रुके हुए कामों के प्रति लापरवाही बिल्कुल ना बरतें,नहीं तो समस्या हो सकती है। आप करियर को लेकर आत्मविश्वास से आगे बढ़ेंगे। कामकाज ढूंढ रहे लोग आगे बढ़ेंगे और व्यापार कर रहे लोगों के लिए दिन बेहतर रहेगा। वह अपने व्यापार में कुछ नए स्त्रोतों से अच्छा लाभ कमा  सकते हैं। प्रेम जीवन जी रहे लोग खुशहाली से आगे बढ़ेंगे,लेकिन आपको किसी तीसरे से सावधान रहना होगा। विद्यार्थियों को किसी परीक्षा में जीत मिलने से उनकी प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहेगा।

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आपके लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा। आपको बजट पर पूरा ध्यान देना होगा,नहीं तो आप अपना काफी धन व्यय कर देंगे।  कार्यक्षेत्र में अधिकारी आपकी दिए गए सुझावों का पूरा मान रखेंगे। बिजनेस कर रहे लोगों को आज तेजी से काम मिलेगा,लेकिन आप कुछ योजनाओं को बनाकर खर्चा भी अधिक करेंगे। आपकी कुछ अजनबी लोगो से मुलाकात होगी,जिनसे आप सावधान रहें,नहीं तो वह आपको अपनी बातों में फंसा सकते हैं। आपका कोई मित्र आपसे लंबे समय बाद में मुलाकात करने आ सकता है।

    धनु राशिफल। आज आपके घर किसी धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन होने से आप परिजनों से मेलजोल बढ़ाने में कामयाब रहेंगे। आपको आज बड़ों का साथ मिलने से आपकी कोई मुश्किल आसानी से हल हो जाएगी,लेकिन आपको किसी बिजनेस संबंधी काम को बाकी के भरोसे नहीं करना है। विद्यार्थियों को शिक्षा में आ रही कुछ समस्याओं के कारण तनाव रहेगा। आप किसी काम में निसंकोच आगे बढ़ेंगे और उसे पूरा अवश्य करेंगे। व्यवसाय की कुछ दीर्घकालीन योजनाओं को आप फिर से शुरू कर सकते हैं,जो आपको अच्छा लाभ देकर जाएगा। आपको साझेदारी में किसी काम की शुरुआत करने से बचना होगा।

    मकर राशिफल। नौकरी में कार्यरत लोग आज किसी काम के लिए भावनात्मक दबाव में आने से बचें। किसी काम के नीति व नियमों को पढ़कर ही आगे बढ़ें। व्यवसाय में आपको जोखिम उठाने से बचना होगा,नहीं तो बाद में आपको समस्या हो सकती है। यदि आप अपने खानपान में लापरवाही बरते, तो आपको उसमें सुधार लाना होगा,नहीं तो कोई पेट संबंधित समस्या हो सकती है। आप अपनी वाणी में मधुरता बनाए रखें,नहीं तो लोगों को आपकी कोई बात बुरी लग सकती है। परिजनों की कहीसुनी बातों पर आपको भरोसा करने से बचना होगा नहीं तो कोई लड़ाई झगड़ा हो सकता है।

    कुंभ राशिफल। आज दिन का कुछ समय आप अपने माता पिता की सेवा में लगाएंगे। दांपत्य जीवन सुखमय रहेगा। यदि लंबे समय से कोई विरोध चल रहा था,तो वह समाप्त होगा और दोनों ही दूसरे की परवाह करते नजर आएंगे। स्थायित्व की भावना को बल मिलेगा, लेकिन आप अपने कार्य में लापरवाही बिल्कुल ना बरते व अपने लक्ष्यों पर पूरा फोकस बनाए, तभी आप उन्हें पूरा कर पाएंगे। अपनी किसी जिम्मेदारी को लेकर आप परेशान हो सकते हैं, लेकिन फिर भी आप उसे आसानी से पूरी कर पाएंगे। किसी नई संपत्ति की खरीदारी के लिए आज दिन बेहतर रहेगा।

    मीन राशिफल। आज का दिन आपके लिए धन संबंधित मामले में सावधानी बरतने के लिए रहेगा। आप अपनी किसी भी आवश्यकता के लिए धन उधार लेने से बचें,नहीं तो आपको समस्या हो सकती है। यदि आप किसी संपत्ति का सौदा करें,तो उसमें सावधान रहें,नहीं तो आपके साथ कोई धोखा कर सकता है। व्यवसाय से जुड़े संबंध आज आपके बेहतर रहेंगे। कार्य क्षेत्र में आपको अत्यधिक मेहनत करनी होगी,तभी आप अपने अधिकारियों की नजरों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहेंगे। आपको अपने विपक्षियों से सावधान रहना होगा। आर्थिक दृष्टिकोण से दिन सामान्य रहेगा, लेकिन फिर भी आप अपने खर्च आसानी से पूरे कर पाएंगे।

  • पंजाब: स्कूल में मिड डे मील बनाते समय हुआ जोरदार धमाका

    पंजाब: स्कूल में मिड डे मील बनाते समय हुआ जोरदार धमाका

    श्री मुक्तसर साहिब : लड़कियों के सरकारी प्राइमरी स्कूल में मिड डे मील बनाते समय अचानक कुक्कर फटने का मामला सामने आया है। जिस समय कुक्कर फटा उस समय एक मिड डे मील वर्कर रसोई में कार्य कर रही थी। कुक्कर फटने के कारण जानी नुक्सान से बचाव रहा, परंतु रसोई में बड़ा धमाका हुआ। स्कूल की रसोई में कार्य कर रही मिड डे मील वर्कर राजविंदर कौर ने बताया कि वह बच्चों के लिए खाना बना रही थी कि इस दौरान अचानक ही कुक्कर फट गया। कुक्कर फटने के कारण बड़ा धमाका हुआ व कुक्कर में बन रही चने की दाल रसोई की दीवारों पर जा गिरी व रसोई में धुआं फैल गया। उसने बताया कि कुक्कर फटने की आवाज सुनकर स्कूल का समूह स्टाफ रसोई के पास पहुंच गया।

    राजविंदर कौर ने बताया कि मिड डे मील वर्कर गत लंबे समय से स्कूलों में कार्य कर रही है। ज्यादातर वर्कर गरीब घरों से हैं। इस जोखिम भरे कार्य के लिए सरकार उन्हें सिर्फ 3 हजार रुपए माह वेतन देती है जिससे घर का गुजारा भी नहीं होता। न तो उन्हें कोई बीमा सुविधा दी गई है व न ही वेतन में बढ़ौतरी की जा रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि उनके वेतन में बढ़ौतरी की जाए, बीमे की सुविधा दी जाए व अन्य सुविधाएं दी जाएं। बता दें कि साल 2004 में मिड मील योजना शुरू की गई थी तब से लेकर अब तक न तो अकाली दल, न कांग्रेस व न ही मौजूदा आप सरकार ने मिड डे मील वर्करों को सुविधा देने की बात की है।

  • ऊना में अलग अलग मामलों में असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामले दर्ज

    ऊना में अलग अलग मामलों में असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामले दर्ज

    परिवार बाहर गया था चोरों ने घर से उड़ाए गहने

    ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के देहलां गांव में चोरी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया है। थाना मैहतपुर में दर्ज शिकायत में अप्पर देहलां निवासी हरदीप सिंह पुत्र प्यारा सिंह ने कहा है कि 11 नवंबर को वह परिवार सहित किसी काम से बाहर गए हुए थे। मंगलवार को जब वह वापस लौटे तो घर का पिछला दरवाजा खुला पाया गया। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कुछ गहने भी गायब पाए गए। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी  कार्रवाई शुरू कर दी है।

    हरोली की एक 17 वर्षीय नाबालिग लडक़ी लापता 

    थाना हरोली में एक नाबालिगा के घर से लापता होने की सूचना प्राप्त हुई है। 
    लडक़ी के परिवार वालों ने पुलिस थाना हरोली में दी शिकायत में बताया है कि 15 नवंबर को उनकी 17 वर्षीय लडक़ी अचानक घर से गई लेकिन लौट कर नहीं आई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कोई व्यक्ति उनकी बेटी को बहला फुसलाकर कहीं ले गया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लडक़ी की तालाश शुरू कर दी है। 

    लडक़ी के ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज

    बिझड़ी तहसील के लोहरली कलवाल गांव की कौशल्या देवी ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर मारपीट और गाली गलौच के आरोप लगाए हैं। बंगाणा पुलिस ने बुधवार को अलग अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। 
    प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकयतकर्ता ने कहा है कि जब वह अपनी बेटी से मिलने बंगाणा के हरोट गांव गई हुई थी तब उसके ससुराल पक्ष ने उनके साथ गाली गलौच और मारपीट की गई। जिससे उसे कई चोटें भी आईं। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    दड़ा सट्टा पर्चियां और रुपए बरामद

    उपमंडल हरोली के अंतर्गत आते गांव वीदड़वाल निवासी सुखवीर सिंह के खिलाफ दड़ा सट्टा लगाने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। 
    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जब पुलिस टीम गश्त पर थी। शक के आधार पर आरोपित की तालाशी के दौरान दड़ा सट्टा की पर्चियां और 1150 रुपए बरामद किए गए। इस संबंध में मामले की जांच अभी जारी है। 

    घर से 266 नशीली गोलियां बरामद

    ऊना के प्रेम नगर में एक घर से 266 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को गश्त के दौरान एक गुप्त सूचना के आधार पर प्रेम नगर वासी उपिंद्र कुमार के घर से प्रतिबंधित दवा की 266 गोलियां बरामद की हैं। इस मामले में एक अन्य व्यक्ति हैप्पी निवासी वार्ड न०3 लालसिंगी तहसील व जिला ऊना हि०प्र० के विरुद्ध  मादक द्रव्य अधिनियम के अन्तर्गत थाना सदर ऊना में मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
  • सशक्त मीडिया मजबूत राष्ट्र की पहचान : डीसी

    सशक्त मीडिया मजबूत राष्ट्र की पहचान : डीसी

    राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
    ऊना/सुशील पंडित: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय ऊना में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जिला लोक संपर्क अधिकारी ऊना द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उपायुक्त ऊना राघव शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में ऊना जिला के विभिन्न उपमंडलों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक तथा सोशल मीडिया से जुड़े विभिन्न संवाददाताओं ने भाग लिया।
    इस अवसर पर अपने संबोधन में उपायुक्त ऊना ने कहा कि वर्तमान में राष्ट्र निर्माण के लिए मीडिया के अनेक रूप है। अतीत में जहां सूचनाओं की जानकारी केवल समाचार पत्रों तथा दूरदर्शन के माध्यम से ही प्राप्त हो सकती थी, आज के इस दौर में सोशल मीडिया तेजी से अपने पैर पसार रहा है। उन्होंने कहा कि सशक्त मीडिया मजबूत राष्ट्र की पहचान है तथा मीडिया की विश्वसनीयता ही मीडिया की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने उपस्थित सभी मीडिया कर्मियों से आग्रह किया कि अपने दायित्व का निर्वहन करते समय जनहित को मध्य नजर रखते हुए सही जानकारी को प्रेषित करें ताकि भविष्य में भी मीडिया की विश्वसनीयता बरकरार रहे।
    इससे पूर्व प्रेस क्लब ऊना के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा व महासचिव जितेंद्र कंवर के अलावा वरिष्ठ संवाददाता सरोज मोदगिल, राजीव भनोट, जोगिंदर देव आर्य, जीवन शर्मा, सुशील पंडित सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक तथा सोशल मीडिया से जुड़े अनेक महिला व पुरुष संवाददाताओं ने राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका विषय पर अपने बहुमूल्य विचार सांझा किए। इस अवसर पर ऊना जिला के विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सोशल मीडिया से जुड़े मीडिया कर्मी उपस्थित थे।