Blog

  • केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हरोली में जन प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ की बैठक

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हरोली में जन प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ की बैठक

    हरोली विस में विभिन्न विकासात्मक कार्यों हेतू 20 लाख रुपए देने की घोषणा
    ऊना/सुशील पंडित: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बीडीओ कार्यालय हरोली में पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विधानसभा क्षेत्र हरोली के विकास संबंधी कार्यों व क्षेत्र की जनसमस्याओं वारे विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि आपसी तालमेल के साथ कार्य करें ताकि बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिल सके।
    उन्होंने क्षेत्र में स्थापित उद्योगों में हिमाचल वासियों को 70 प्रतिशत रोजगार देने, क्षेत्र में निर्माणाधीन अमृत सरोवर, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता सहित विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के तहत देशभर में 3 लाख 60 हजार करोड़ को रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हिमाचल प्रदेश को भरपूर आर्थिक मदद की जा रही है। 
    अनुराग ठाकुर ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि के रूप में 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।
    इससे पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गगरेट विधानसभा क्षेत्र के गांव थपलां स्थित कामधेनु गौशाला का दौरा किया जहां पर उन्होंने ट्रस्ट द्वारा गौशाला के अतिरिक्त अन्य संचालित कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्था की गौशाला के अलावा निर्माणाधीन हिमालयन शूटिंग रेंज सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि महावतार बाबा कामधेनु गऊशाला द्वारा गौवंश की सेवा के साथ-साथ समाज सेवा के अन्य कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शूटिंग रेंज बनने से भविष्य में यहां से न केवल अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी निकलेंगे बल्कि देश सेवा के लिए सैनिक भी बनेंगे। उन्होंने बताया कि इस गौशाला में हिंदुस्तानी नस्ल की देसी गायों की विलुप्त प्रजातियों के संरक्षण पर विशेष बल दिया जा रहा है।
    हरोली में आयोजित बैठक में एचपीएसआईडीसी के पूर्व उपाध्यक्ष प्रोफेसर राम कुमार, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, बीडीओ हरोली रजनीश सहित विभिन्न क्षेत्रों के जिला परिषद सदस्य व बीडीसी सदस्य व पंचायत प्रतिनिधिगन मौजूद रहे।
     कामधेनु गौशाला थपलां में आयोजित कार्यक्रम में योगीराज अमर ज्योति, राज्य सभा सांसद कार्तिक शर्मा, हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना,   चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बलबीर चैधरी, गगरेट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, ब्रिगेडियर संजीव सोनी सहित कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
  • वन्दे भारत ट्रेन समेत ऊना को कई सौग़ातें मोदी सरकार की देन: अनुराग ठाकुर

    वन्दे भारत ट्रेन समेत ऊना को कई सौग़ातें मोदी सरकार की देन: अनुराग ठाकुर

    1 दिवसीय ऊना दौरे पर पहुँचे अनुराग ठाकुर कंदबाड़ी में स्वामी अमरज्योति के गौशाला पहुँचे 
    हरोली में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों का जायज़ा लिया
    ऊना/सुशील पंडित: केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर एक दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र के ऊना पहुँचे। अनुराग ठाकुर गगरेट स्थित पाँवढा में कंदवाड़ी के स्वामी अमरज्योति के गौशाला पहुँचे व 108 फ़ीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण व निर्माणाधीन शूटिंग रेंज का अवलोकन किया। 

    ऊना पहुँचने पर अनुराग ठाकुर ने कहा “ विकास ही हमारी प्राथमिकता है और मोदी सरकार ने ऊना को सौग़ातें देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आदरणीय प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने देश की चौथी वन्दे भारत ट्रेन की सौग़ात हिमाचल को दी जिसके शुभारंभ के लिए ख़ुद मोदी जी ऊना आये थे। हिमाचल में अब हिंदुस्तान की सबसे आधुनिक ट्रेन भाजपा के कारण ही चल पड़ी है। हिमाचल प्रदेश में रेल सेवाओं का विस्तार हो, हिमाचल को कनेक्टिविटी से जुड़ी कोई समस्या ना हो इसके लिए मोदी सरकार नई ट्रेनें चलाने से लेकर ज़रूरी इंफ़्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट इत्यादि पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। वित्तवर्ष 2023 – 24 के लिए हिमाचल प्रदेश में रेलवे विस्तार के लिए 1838  करोड़ रुपए मंज़ूर किए हैं। सामरिक महत्व की भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन के लिए 1000 करोड़ ,चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन को 450 करोड़ रुपये , नंगल- तलवाड़ा रेल लाइन के लिए 452 करोड़ रुपए वर्ष 2023-24 के बजट में मंज़ूर किए गये हैं। रेल विस्तार के लिए 1838 करोड़ रुपए की यह मंज़ूरी यूपीए शासन काल के वर्ष 2009 – 2014  से 17 गुना ज़्यादा है । वर्तमान में प्रदेश में ₹19556 करोड़ से 258 किलोमीटर की 4 परियोजनाओं पर काम जारी है”

    आगे बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा “ गौ संरक्षण व संवर्धन व विभिन्न सामाजिक 
    कार्यों के लिए विख्यात श्रद्धेय गुरु योगीराज अमर ज्योति जी के गौशाला का अवलोकन गौसेवा कर अभिभूत हूँ। यहाँ वर्तमान में 125  से अधिक गायों का संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। देश विदेश में इस स्तर का संस्थान, खास तौर पर गायों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य अत्यंत सराहनीय है। हिमाचल प्रदेश व देश भर में आने वाली पीढ़ियां सदैव गुरुदेव की आभारी रहेंगी और इससे प्रेरणा ले जीवन को बड़े स्तर पर जीने का तरीका सीखेंगी”
    अनुराग ठाकुर ने कहा” मेरे संसदीय क्षेत्र के ऊना ज़िले के गगरेट विधानसभा में वर्षों से माँग थी कि यहाँ के लोहारली खड्ड पर 500 मीटर लंबे डबल लेन की मंजूरी, दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, अम्ब रेलवे स्टेशन तक रेल लाइन का विधुतीकरण व फ़ुटओवर ब्रिज का विस्तार, उना रेलवे स्टेशन पर दूसरे प्लेटफ़ॉर्म एवं फ़ुटओवर ब्रिज की मंज़ूरी,पुराने का का विस्तार, नई रेलगड़ियां की मंज़ूरी व चुरारू तकराला अंबाला कैंट-दौलतपुर चौक पैसेंजर स्पेशल ट्रेन व रायमेहतपुर सहारनपुर-ऊना हिमाचल पैसेंजर एक्सप्रेस का ट्रेन समेत प्रमुख गाड़ियों का स्टापेज 500 करोड़ से जिला उना में पीजीआई सेंटर, 200 करोड़ से सलोह में ट्रिपल आईटी का निर्माण कर क्लासेज कराना, जीतपुर बेहड़ी में एथनॉल प्लांट की स्वीकृति कराना ऊना समेत पूरे हिमाचल के लिए मोदी सरकार की ओर से बड़ा तोहफ़ा है”
  • बद्दी पुलिस ने बैटरी चोर को ट्रांजिट रिमांड पर लिया

    बद्दी पुलिस ने बैटरी चोर को ट्रांजिट रिमांड पर लिया

    बद्दी। बद्दी के संडोली से चोरी हुई बैटरियों के आरोपी को बद्दी पुलिस ने पंजाब पुलिस से ट्राजिट रिमांड पर लिया है।  तीनो आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। 

    13 जून को संडोली के एमसे केयर से 31 बैटरियां चोरी हो गई थी। दूसरे दिन 14 जून को इन चोरों को पंजाब पुलिस ने ढेरोंवाल बैरियर पर पकड़ लिया था। और उनके कब्जे से 14 बैटरी भी बरामद की थी। यह आरोपी पंजाब पुलिस के अधीन थे। पकड़े गए आरोपी यूपी के मुरादाबाद के राजेश, दानिश खान और हरियाणा के पिंजौर के शाहपुर निवासी मंगा सिंह थे। हिमाचल पुलिस ने इन तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर लिया।

    इन तीनों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमंाड पर भेजा गया। इन तीनों के कब्जे से हिमाचल पुलिस ने तीन और बैटरियां बरामद की है। डीएसपी प्रिंयक गुप्ता ने बताया कि अभी पुलिस को 14 और बैटरियां बरामद करनी है।

  • दारु के ठेके के विरोध में किया स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन

    दारु के ठेके के विरोध में किया स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन

    बद्दी। झाडमाजरी की प्रतिष्ठित व पॉश कालोनी हिल व्यू अपार्टमेंट के बाहर शराब का ठेका खोलने के विरोध में कालोनी के निवासी सडक़ों पर उतर आए और जम कर नारेबाजी की।  इससे पहले कालोनी की महिलाओं ने उप आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग के झाडमाजरी के कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और ठेका खोलने का विरोध किया लेकिन उसके बावजूद भी ठेका बंद नहीं हुआ। कालोनी के अध्यक्ष महेंद्र टंडन, उपाध्यक्ष कमल जीत कौर सोनू, महासचिव रोहित भार्गवा, कोषाध्यक्ष शिवराज, संगठन मंत्री सजल जोहार, कलब सचिव प्रवेश मैहता व संयुक्त सचिव नीरज गुप्ता के नेतृत्व में हिल व्यू कालोनी निवासियों ने सोसायटी के बाहर प्रदर्शन किया। महेंद्र टंड़न ने कहा कि  हमारी सोसाईटी के बाहर शराब की दुकान खुल गई है। इसकी वजह से हमारी सोसाईटी के लोगों व महिलाओं तथा बच्चों को बहुत परेशानी हो रही है। इसको तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए।

    कमल जीत कौर सोनिया ने कहा कि इस कारण से हमारी बहन बेटियों का निकलना बंद हो गया है और यह ठेका कालोनी के बिल्कुल नजदीक है। पूरी कालोनी का वातावरण खराब हो गया है व स्थानीय युवाओं में लत भी बढेगी। उन्होने उप आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग से मांग की है कि इस मुददे को गंभीरता से लें और इस ठेके को शीघ्र हटाने की मांग दोहराई है वरना हम आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।

    उधर, आबकारी एवं कराधान विभाग के उपायुक्त प्रीत पाल सिंह ने बताया कि वैसे तो यह सोसायटी से सौ मीटर की दूरी की शर्त से दूर है लेकिन उसके बावजूद भी लोगों को विरोध को देखते हुए उन्होंने सहायक आयुक्त को इसकी निरीक्षण कर रिपोर्ट देने की बात कही है। 

  • पंजाबः इस मामले में SGPC के अध्यक्ष का एक्शन, 51 कर्मचारियों को किया निलंबित

    पंजाबः इस मामले में SGPC के अध्यक्ष का एक्शन, 51 कर्मचारियों को किया निलंबित

    अमृतसर: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने लंगर श्री गुरु राम दास जी में प्रशासनिक अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। हरजिंदर सिंह धामी ने अनुकरणीय कार्रवाई करते हुए 51 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। जानकारी देते हुए एसजीपीसी सचिव प्रताप सिंह ने बताया कि जब यह मामला हमारे ध्यान में आया तो एसजीपीसी फ्लाइंग विभाग से जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट के अनुसार यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि निलंबित कर्मचारियों में प्रबंधक, पर्यवेक्षक, स्टोरकीपर और गुरुद्वारा निरीक्षक शामिल हैं जो उस दौरान लंगर श्री गुरु रामदासजी में ड्यूटी पर थे।

    उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान इन 51 आरोपियों में से 2 स्टोरकीपर को निलंबित कर दिया गया था। इस बीच शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा है कि गुरुद्वारे की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों के साथ संगत की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं, जो गुरुद्वारों के प्रबंधकों व कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। गुरुद्वारे की व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।

  • पंजाब में NIA का एक्शन: 2 भाइयों का घर किया कुर्क

    पंजाब में NIA का एक्शन: 2 भाइयों का घर किया कुर्क

    अमृतसरः राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA ने पंजाब के अमृतसर जिले में पाकिस्तान प्रायोजित नार्को-टेरर मामले में गिरफ्तार दो भाइयों के घर को कुर्क कर लिया है। एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि बिक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की और उनके भाई मनिंदर सिंह उर्फ मनी की आवासीय संपत्ति को ‘आतंकवाद की आय’ के रूप में नामित करने के बाद गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत कुर्क किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दोनों भाइयों को पहले ही एनआईए गिरफ्तार कर चुकी है।

    इससे पहले एनआईए ने इस मामले में 7.5 एकड़ जमीन, छह वाहन कुर्क किए थे। 6.35 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की थी। एनआईए ने पहले ही इस मामले में यूएपीए, नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की प्रासंगिक धाराओं के तहत 13 आरोपियों के खिलाफ चार आरोप पत्र (तीन पूरक) दाखिल कर चुकी है। 2020 में पंजाब पुलिस ने पहले मामला दर्ज किया था। बाद में आठ मई 2020 को एजेंसी ने मामले की जांच शुरू की। 

    प्रवक्ता ने कहा कि मामला पाकिस्तान से भारत में बड़ी मात्रा में ड्रग्स की तस्करी के लिए एक नार्को-आतंकवादी मॉड्यूल द्वारा रची गई साजिश से जुड़ा है। सीमा पार से आयातित सेंधा नमक की आड़ में दवाओं की तस्करी की जा रही थी। तस्करी की गई दवाओं की बिक्री से प्राप्त आय का उपयोग पंजाब में चल और अचल संपत्ति बनाने में किया जा रहा था। इसके अलावा कश्मीर में प्रतिबंधित हिजबुल मुजाहिदीन संगठन के आतंकवादियों को वित्त पोषित करने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा था।  

  • पंजाबः सुनील जाखड़ को प्रधान बनाए जाने पर बगावत शुरू, पूर्व विधायक ने जताया रोष, दिया इस्तीफा, देखें वीडियो

    पंजाबः सुनील जाखड़ को प्रधान बनाए जाने पर बगावत शुरू, पूर्व विधायक ने जताया रोष, दिया इस्तीफा, देखें वीडियो

    पूर्व प्रधान अश्वनी पर लगाए ये गंभीर आरोप

    चंडीगढ़ः भाजपा पार्टी ने आज साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले अपने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने कई राज्यों में अपने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। सुनील जाखड़ को पंजाब में बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। पंजाब, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ये बदलाव हुए हैं।  बाबूलाल मरांडी को झारखंड की जिम्मेदारी मिली है। वहीं दूसरी ओर पंजाब में सुनील जाखड़ को भाजपा प्रधान बनाए जाने के बाद पार्टी में बगावत शुरू हो गई है।

    अबोहर से भाजपा के पूर्व विधायक अरुण नारंग ने सुनील जाखड़ को भाजपा पंजाब का प्रधान बनाए जाने को लेकर विरोध किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने 40 साल पुराने जितने भी वर्कर है उनको इग्नोर किया गया। उन्होने कहा कि मुझे सुनील जाखड़ से कोई विरोध नहीं है, लेकिन पार्टी से नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने किसान आंदोलन में पूरा पार्टी के साथ रहे। उन्हें पार्टी ने इग्नोर कर दिया। इस दौरान उन्होने आने वाले समय को लेकर पार्टी को शुभकामनाएं दी है। वहीं उन्होंने पूर्व प्रधान अश्वनी शर्मा पर सवाल करते हुए कहा कि सारा दोष अश्वनी शर्मा का है।

    उन्होंने कहा कि सारी जिम्मेदारी अश्वनी शर्मा की थी। पार्टी को संभालना और पार्टी वर्करों को साथ लेकर चलने में वह नाकाम रहे है। जिसके चलते दिल्ली भाजपा हाईकमान ने देखा कि पंजाब की पुरानी लीडरशिप बची नहीं है। इसी कारण उन्होंने नई लीडरशिप को चुना है। उन्होने कहा कि मैं पार्टी के बीच काम नहीं करूंगा। पूर्व विधायक ने कहा कि मैं पार्टी की सभी पदों से इस्तीफा देता हूं। लेकिन मैं पार्टी के साथ रहूंगा। मैं देश के साथ हूं, पीएम मोदी के साथ रहूंगा। लेकिन पार्टी की एक्टिव पोस्टो पर कोई काम नहीं करूंगा।

  • पंजाबः गैंगस्टर जसविंदर के एनकाउंटर पर उठने लगे सवाल, जानें मामला

    पंजाबः गैंगस्टर जसविंदर के एनकाउंटर पर उठने लगे सवाल, जानें मामला

    बठिंडाः एनकाउंटर पर सवाल उठने लगे हैं। गैंगस्टर जसविंदर सिंह उर्फ घोड़ा की मां राजप्रीत कौर और गांववासियों ने इसे झूठा बताया है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोप बेबुनियाद हैं। मंगलवार को गैंगस्टर जसविंदर सिंह घोड़ा की मां राजप्रीत कौर और गांववासियों के साथ मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह बेटा जसविंदर घर में मौजूद था। कुछ देर बाद पुलिस की एक टीम घर में दाखिल हुई और उसे उठाकर ले गई। शाम को पता चला कि पुलिस ने फर्जी मनगढ़त कहानी बनाकर बेटे जसविंदर के पैर पर गोली मारकर एनकाउंटर दिखा दिया है।

    यह पूरा मामला बिल्कुल झूठा है। गैंगस्टर की मां ने आरोप लगाया पुलिस ने अपने पास से ही हथियार और मोटरसाइकिल उनके बेटे और साथी बुधराम पर लगाए हैं। बेटे के पास कोई हथियार नहीं था। गांव जज्जल के पूर्व सरपंच जगदेव सिंह ने कहा कि जसविंदर को घर से ले जाने की घटना घर के समीप स्थित आटा चक्की में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई होगी। इसका पता चलते ही पुलिस वाले सीसीटीवी की डीवीआर अपने साथ ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि जसविंदर पर केस जरूर दर्ज है, लेकिन एनकाउंटर की कहानी फर्जी है।

    वहीं, दूसरी तरफ सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर तरलोचन सिंह ने कहा कि आरोपी जसविंदर की मां राजप्रीत कौर और ग्रामीणों के आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसके घर से गोली सिक्का भी बरामद किया है लेकिन अभी इस मामले में उसे शामिल नहीं किया है।

  • Punjab National Bank की खिड़की तोड़कर दाखिल हुए चोर, देखें वीडियो

    Punjab National Bank की खिड़की तोड़कर दाखिल हुए चोर, देखें वीडियो

    पठानकोटः जिले के कस्बा भोआ में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चोर बीती रात खिड़की तोड़ कर अंदर घुस गए। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए हुए बैंक के मैनेजर ने बताया कि चोरों  की ओर से बीती रात खिड़की तोड़ कर बैंक के अंदर घुस कर स्ट्रांग रूम को तोड़ने का असफल प्रयास किया गया। जिसमें वह सफल नहीं हुए। फिलहाल बैंक को किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नही हुआ है। बता दें कि इसी बैंक को चोरों की ओर से पहले भी एक बार अपना निशाना बनाने की कोशिश की गई थी।

    जब बैंक कर्मियों से यह पूछा गया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ आया है तो उन्होंने कहा कि 11 बजे पॉवर  बैकअप खत्म हो जाने के बाद चोरों की कोई भी गतिविधि कैमरे कैद नहीं हो पाई। बैंक कर्मी का कहना है कि सारी घटना 11 बजे के बाद हुई है। जब उनसे पूछा गया कि बैंक में कोई सुरक्षा कर्मचारी तैनात है। तो उन्होंने कहा कि बैंक में कोई भी सुरक्षा गार्ड नहीं है। वहीं इस सम्बन्धी जब थाना सदर की एसएचओ हरप्रीत कौर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बीती रात चोरों ने पँजाब नेशनल बैंक में चोरी करने का असफल प्रयास किया है। मैंने अपनी टीम के साथ घटना स्थल का दौरा किया है। इस मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

  • सिस इंडिया द्वारा भरे जाएंगे सुरक्षा गार्ड सुपरवाइज़र व ग्रेजुएट ट्रेनी ऑफिसर के पद 

    सिस इंडिया द्वारा भरे जाएंगे सुरक्षा गार्ड सुपरवाइज़र व ग्रेजुएट ट्रेनी ऑफिसर के पद 

    ऊना/सुशील पंडित: मैसर्ज़ सिस इंडिया लिमिटेड द्वारा सुरक्षा गार्ड सुपरवाइज़ार (केवल पुरुष) और ग्रेजुएट ट्रेनी ऑफिसर(केवल पुरुष) वर्ग में 100 पद भरे जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए साक्षात्कार वीरवार 6 जुलाई को प्रातः 10.30 बजे जिला रोजगार कार्यालय ऊना में आयोजित होगा।अक्षय शर्मा ने बताया कि सुरक्षा गार्ड सुपरवाइज़र पद के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास तथा ग्रेजुएट ट्रेनी ऑफिसर  पद के लिए ग्रेजुएशन निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड सुपरवाइज़र व ग्रेजुएट ट्रेनी ऑफिसर  के पदों हेतू आयु 21 से 37 वर्ष, शारीरिक लम्बाई 160 सेंटीमीटर अथवा इससे अधिक, शारीरिक वज़न 56 किलोग्राम से अधिक अथवा 95 किलोग्राम से कम होना चाहिए। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यार्थी दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01975-226063 पर सम्पर्क किया जा सकता है।