Blog
-

Punjab News: कांग्रेस में गरमाई सियासत, प्रताप बाजवा से चन्नी ने की मुलाकात
चंडीगढ़ः पंजाब कांग्रेस में लगातार घमासान चल रहा है। दरअसल, कांग्रेस हाईकमान पंजाब में होने वाले चुनावों को लेकर तैयारियां कर रही है। ऐसे में पार्टी में चन्नी गुट की नाराजगी को लेकर जल्द मामले को सुलझाने में लगी है। आज भी पार्टी हाईकमान की मीटिंग जारी रही। वहीं दूसरी ओर कहा जा रहा है कि पार्टी प्रताप सिंह बाजवा को प्रधान नियुक्त कर सकती है। उधर, आज चंडीगढ़ में एलओपी नेता प्रताप सिंह बाजवा के आवास में जालंधर से सासंद चरणजीत सिंह चन्नी ने मुलाकात की। हालांकि इस दौरान दोनों ने मीडिया से कोई बात नहीं की। पंजाब कांग्रेस में जारी सियासी घमासान के बीच पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने एक बार फिर साफ कर दिया कि फिलहाल प्रदेश नेतृत्व में किसी तरह का बदलाव नहीं होने जा रहा है। दिल्ली में कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक के बाद बघेल ने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन कोई “गुड्डा-गुड़िया का खेल” नहीं है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब के राजनीतिक हालात पर अपनी रिपोर्ट वेणुगोपाल को सौंप दी गई है और अब अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान ही करेगा। बुधवार को केसी वेणुगोपाल के आवास पर पंजाब कांग्रेस को लेकर अहम बैठक हुई। इसी दौरान पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी वेणुगोपाल से मिलने दिल्ली पहुंचे। इससे पहले मंगलवार को राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और केसी वेणुगोपाल के बीच भी पंजाब कांग्रेस के हालात पर चर्चा हुई थी। हालांकि, बघेल के बयान के बावजूद पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान थमती नहीं दिख रही है। -

अमृतसर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, I.S.I. का गुर्गा हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल समेत गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे : डी.जी.पी. गौरव यादव
चंडीगढ़ / अमृतसर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए जारी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक व्यक्ति को हैंड ग्रेनेड, 9 एम.एम. ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूसों समेत गिरफ्तार कर सीमा पार की आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरैक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डी.जी.पी.) पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार उर्फ पंडित (24) के रूप में हुई है, जो रूपनगर के गांव सुखसाल का रहने वाला है और वर्तमान में अमृतसर के पंडोरी वड़ैच में रह रहा था। हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए सीमा पार के आई.एस.आई. हैंडलरों के संपर्क में था और उसे कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने के लिए पुलिस संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों तथा हैंडलरों की पहचान के लिए आगे की जांच की जा रही है। ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सी.पी.) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने सुमित कुमार उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया और शुरू में उसके कब्जे से एक ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खुलासों के आधार पर पुलिस टीमों ने एक और हैंड ग्रेनेड बरामद किया, जिससे उक्त आरोपी के सीमा पार के हैंडलरों से संबंधों का खुलासा हुआ और एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हो गया। उन्होंने बताया कि आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि की आगे की जांच से पता चला है कि उसके खिलाफ पहले भी एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत आपराधिक मामला दर्ज है। इस संबंध में अमृतसर के थाना कैंट में शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25(6,7,8), भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 113 और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 4 और 5 के तहत एफ.आई.आर. संख्या 109 दिनांक 21.06.2026 दर्ज की गई है। -

Punjab News: मनरेगा बिल का प्रदर्शन कर लौट रहे लोगों के साथ हुआ हादसा, एक की मौत, 20 घायल, देखें वीडियो
लुधियानाः जिले में मनरेगा वर्कर्स द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन से लौटते समय एक हादसा हो गया। खन्ना में मनरेगा वर्कर्स और अन्य संगठनों द्वारा निगम कार्यालय के बाहर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर लौट रहे लोगों से भरा एक छोटा हाथी (छोटा कमर्शियल वाहन) अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 के करीब लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, इस वाहन में रंघोवाल और बबीजे गांव के करीब 20 -22 लोग सवार थे। ये सभी खन्ना में चल रहे विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन अचानक सामने कुछ आ जाने के कारण अनियंत्रित हो गया और असंतुलित होकर पलट गया।
हादसा होते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में पहले पायल स्थित अस्पताल ले जाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत लुधियाना के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल सभी घायलों का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान सुखदेव सिंह के रूप में हुई है, जो मनरेगा के तहत काम करते थे। उनके परिवार में एक बेटा है, जो वर्तमान में मस्कट में काम करता है और दो बेटियां हैं। अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ।
-

देहलां में सड़क पार कर रही महिला को स्कूटी ने मारी टक्कर, चालक फरार
ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना मैहतपुर के अंतर्गत देहलां में सड़क हादसे में एक महिला घायल हो गई। जानकारी के अनुसार प्रीतो देवी पत्नी गुरमेल सिंह सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया। घायल महिला को चोटें आई हैं। पुलिस ने अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ BNS और मोटर वाहन अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
-

बंगाणा में रास्ते के विवाद पर दो पक्षों में मारपीट, दोनों के खिलाफ केस दर्ज
ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना बंगाणा के तहत गांव कोट में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत क्रॉस एफआईआर दर्ज की है।
पहले पक्ष के ब्रह्म दास ने आरोप लगाया कि खेत से लौटते समय आरती देवी ने रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। वहीं आरती देवी का आरोप है कि खेतों की ओर जाते समय ब्रह्म दास ने रास्ते के विवाद में उसके साथ मारपीट की। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
-

एआई-संचालित स्क्रीनिंग अभियान के माध्यम से हरियाणा में टीबी के 25,600 से अधिक नए मामलों का पता चला
चंडीगढ़: हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि हरियाणा ने तपेदिक (टीबी) के खिलाफ अपनी लड़ाई में महत्वपूर्ण प्रगति की है। राज्य ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) द्वारा समर्थित बड़े पैमाने पर सक्रिय स्क्रीनिंग के माध्यम से चल रहे 100-दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान (चरण-II) के पहले 104 दिनों के दौरान टीबी के 25,666 नए मरीजों का पता लगाया है। विश्व टीबी दिवस (24 मार्च, 2026) पर शुरू किया गया यह अभियान टीबी के मामलों की जल्द पहचान करने और बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए समय पर इलाज सुनिश्चित करने की राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि पारंपरिक स्वास्थ्य दृष्टिकोणों के विपरीत, जो मरीजों के स्वास्थ्य केंद्रों पर आने पर निर्भर करते हैं, यह अभियान ‘एक्टिव केस फाइंडिंग’ (एसीएफ – सक्रिय रूप से मामलों की खोज) पर केंद्रित है। इसके तहत स्वास्थ्य टीमें संवेदनशील और उच्च जोखिम वाले समुदायों में लोगों तक पहुंच रही हैं, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं जिनमें लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हों। इस सक्रिय रणनीति ने स्वास्थ्य विभाग को उन हजारों मरीजों की पहचान करने में सक्षम बनाया है जो अन्यथा बिना जांच के रह सकते थे।
हरियाणा के इस अभियान की एक प्रमुख विशेषता स्क्रीनिंग और निदान (डायग्नोसिस) को बेहतर बनाने के लिए एआई-संचालित तकनीकों का व्यापक उपयोग रही है। राज्य ने एआई-सक्षम हैंडहेल्ड (हाथ में पकड़ी जाने वाली) एक्स-रे मशीनें तैनात की हैं, जो दूरदराज के क्षेत्रों में भी तेजी से स्क्रीनिंग के परिणाम देने में सक्षम हैं। इसके अलावा, ‘कफ अगेंस्ट टीबी’ (सीएटीबी) मोबाइल एप्लीकेशन स्मार्टफोन के माध्यम से खांसी की आवाजों का विश्लेषण करने और उन व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करती है जिन्हें आगे की जांच की आवश्यकता हो सकती है। विभाग ने 2,111 उच्च जोखिम वाले गांवों और शहरी वार्डों की पहचान करने के लिए ‘वल्नेरेबिलिटी मैपिंग’ (वीएम-टीबी) को भी अपनाया है, जिससे स्वास्थ्य टीमों को टीबी संक्रमण के प्रति सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रित स्क्रीनिंग करने की अनुमति मिली है।
डॉ. मिश्रा ने जानकारी दी कि अभियान ने 24 मार्च से 5 जुलाई, 2026 के बीच प्रभावशाली उपलब्धियां दर्ज की हैं। इस अवधि के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने 3,914 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया, जिसमें चिन्हित उच्च जोखिम वाले गांवों और शहरी वार्डों में 2,854 शिविर शामिल हैं। कुल 4,73,197 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि 2,25,321 चेस्ट एक्स-रे और 1.25 लाख नैत (NAAT) नैदानिक परीक्षण किए गए, जिसके परिणामस्वरूप टीबी के 25,666 नए मरीजों की पहचान हुई।
इलाज के दौरान मरीजों की सहायता के लिए, सरकार ने टीबी से उबरने में पर्याप्त पोषण के महत्व को स्वीकार करते हुए 23,962 पोषण किट वितरित किए। सामुदायिक भागीदारी ने भी गति पकड़ी है, जिसमें टीबी मरीजों को पोषण और सामाजिक सहायता प्रदान करने के लिए 2,635 नए ‘निक्षय मित्र’ आगे आए हैं। अभियान में जमीनी स्तर पर मजबूत भागीदारी देखी गई है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के रूप में काम करने वाले 65 ‘निक्षय वाहन’ वंचित और दुर्गम क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग और नैदानिक सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। सांसदों, विधायकों और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित जन प्रतिनिधियों ने जागरूकता अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लिया है, जिससे लोगों को जांच कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया है और बीमारी से जुड़े सामाजिक कलंक (स्टिग्मा) को कम करने में मदद मिली है।
टीबी स्क्रीनिंग को ‘आयुष्मान आरोग्य शिविरों’ के साथ भी एकीकृत किया गया है, जिससे नागरिक एक ही मंच के तहत टीबी, उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), मधुमेह (डायबिटीज), एनीमिया और अन्य स्वास्थ्य स्थितियों की स्क्रीनिंग सहित व्यापक स्वास्थ्य जांच प्राप्त कर पा रहे हैं।
-

ऊना पुलिस की कार्रवाई: सट्टा लगाते युवक को दबोचा, ₹2320 व सट्टा पर्चियां बरामद
ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर के रेड लाइट चौक से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी शहर ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर विकास साम्भर निवासी पुलवाला बाजार, वार्ड नंबर-11, ऊना के कब्जे से ₹2320 नकद और सट्टा पर्चियां बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-

ऊना पुलिस की सतर्कता से यूपी का लापता 10-12 वर्षीय बालक सुरक्षित मिला, चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा
ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उत्तर प्रदेश से लापता 10-12 वर्षीय एक बालक को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। परिजनों के ऊना पहुंचने तक बच्चे को सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय ऊना के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 जुलाई की रात पुलिस थाना मैहतपुर के अंतर्गत एचसी बीरबल के नेतृत्व में गश्त के दौरान सब्जी मंडी मैहतपुर के समीप करीब 10-12 वर्षीय एक बालक अकेला घूमता हुआ मिला। पुलिस टीम ने तुरंत उसे अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ की। बच्चे ने अपना नाम हर्ष सोनी, पुत्र रामजी सोनी, निवासी अम्बाघर गेट, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) बताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मैहतपुर पुलिस ने तत्काल उत्तर प्रदेश के थाना ठाकुरगंज से संपर्क किया। वहां से पुष्टि हुई कि बालक उनके थाना क्षेत्र से लापता था। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के पिता रामजी सोनी से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि उनका बेटा कुछ दिन पहले बिना बताए घर से चला गया था और वे उसे लेने के लिए ऊना पहुंचेंगे।
सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने और बच्चे का मेडिकल परीक्षण करवाने के बाद उसे परिजनों के आने तक सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय ऊना के सुपुर्द कर दिया गया। जिला पुलिस ऊना ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में अकेला या लावारिस अवस्था में दिखाई दे तो उसकी अनदेखी न करें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके ।
-

रेलवे यार्ड में खड़ी ट्रेन में भीषण आग, प्रशासन में मचा हड़कंप, देखें वीडियो
अहमदाबादः अहमदाबाद के साबरमती यार्ड में खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन के खाली कोच में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। कुछ ही पलों में ट्रेन आग की चपेट में आ गई। इस घटना को लेकर रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। इस घटना से ट्रेन परिचालन पर भी कोई असर नहीं पड़ा। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने बताया, ‘‘साबरमती यार्ड में खड़ी एक यात्री रेल की बोगी में सुबह करीब 11 बजकर 55 मिनट पर आग लग गई।
आग लगने के कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।’’उन्होंने बताया कि यह बोगी आठ जुलाई से यार्ड में खड़ी थी और घटना के समय उसमें ताला लगा हुआ था। मंडल अग्निशमन अधिकारी एसबी जडेजा ने बताया कि एक रेलवे कर्मचारी ने बोगी से धुआं निकलते देखा और अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और 4 दमकल वाहनों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया।View this post on Instagram -

17 जुलाई को जींद रचेगा नया इतिहास- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देंगे हरियाणा को विकास की अनेक ऐतिहासिक सौगात
चंडीगढ़: हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित हरियाणा दौरे एवं जींद में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा की तैयारियों को लेकर बुधवार को नरवाना में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गयी। उन्होंने कार्यक्रम को पूरी भव्यता और अनुशासन के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह केवल रेलवे के इतिहास का ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी भारत की एक बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देशवासियों को प्रदूषण मुक्त भारत और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का संदेश देने का कार्य कर रहे हैं तथा हाइड्रोजन तकनीक भविष्य के भारत की पहचान बनेगी।
यह कार्यक्रम दोहरी ऐतिहासिक उपलब्धि का साक्षी बनेगा। एक और देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ होगा तो दूसरी ओर अमृत भारत योजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जींद और नरवाना रेलवे स्टेशनों का भी लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा रेलवे संरचना को नई पहचान मिलेगी।
हरियाणा के लोग इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर बेहद उत्साहित हैं तथा नरवाना में भी प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भारी जोश है। जींद में होने वाली यह जनसभा पूर्णतया इको फ्रेंडली होगी। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा केवल रेलवे परियोजनाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश को अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिलेगी। कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर सिख गुरुओं के अद्वितीय बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को चिरस्थाई बनाने के उद्देश्य से लगभग 150 एकड़ भूमि पर एक भव्य सिख संग्रहालय विकसित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने तथा इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने का आह्वान भी किया।