Blog

  • तेजी के साथ खुला शेयर बाजार, कोटक महिंद्रा बैंक सहित इनमें आई गिरावट

    तेजी के साथ खुला शेयर बाजार, कोटक महिंद्रा बैंक सहित इनमें आई गिरावट

    नई दिल्लीः सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार, 6 जुलाई 2026 को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सुस्त और फ्लैट देखने को मिली.शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स करीब 157 अंक यानी 0.20% की बढ़त के साथ 77,921.41 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 24 अंक (0.10%) की मामूली बढ़त लेकर 24,294.95 के स्तर पर खुला। बाजार की फ्लैट ओपनिंग के बाद निचले स्तरों पर आई खरीदारी ने कुछ ही मिनटों में कमाल कर दिया। सुबह 9:23 बजे तक दोनों प्रमुख इंडेक्स ने अपनी सुस्ती तोड़ दी और बाजार में अच्छी तेजी दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स करीब 272 अंक यानी 0.35% की छलांग लगाकर 78,036.83 के स्तर पर पहुंच गया।

    इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 76 अंकों (0.31%) की मजबूत बढ़त के साथ 24,347.10 के पार निकल गया। बाजार में आई इस तेजी को सबसे ज्यादा सपोर्ट डिफेंस और बैंकिंग सेक्टर से मिल रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, निफ्टी डिफेंस इंडेक्स में 1.04% की शानदार बढ़त दर्ज की गई है, जबकि निफ्टी बैंक 0.60% और निफ्टी मेटल 0.50% की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसके अलावा फाइनेंशियल सर्विसेज, रियल्टी, ऑटो और एनर्जी सेक्टर के शेयर भी हरे निशान में हैं।

    दूसरी ओर, आज आईटी (IT) और मीडिया शेयरों पर दबाव दिख रहा है। निफ्टी आईटी में 0.51% और निफ्टी मीडिया में 0.40% की गिरावट आई है, जबकि ऑयल एंड गैस सेक्टर भी 0.18% नीचे लुढ़क गया है। सेंसेक्स के कई बड़े शेयरों में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। बीईएल, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एसबीआई, ट्रेंट, सन फार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर टॉप गेनर्स में शामिल रहे।

    वहीं, बाजार में बढ़त के बावजूद कुछ दिग्गज शेयरों में मुनाफावसूली और बिकवाली का दबाव देखने को मिला। कोटक महिंद्रा बैंक, टीसीएस, और इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, आईटीसी, इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, एलएंडटी, एनटीपीसी और बजाज फाइनेंस के शेयरों में गिरावट आई. जिससे ये सभी टॉप लूजर्स में शामिल थे।

  • Jalandhar-Amritsar Highway पर भीषण सड़क हादसे में एक परिवार के 3 लोगों की मौत

    Jalandhar-Amritsar Highway पर भीषण सड़क हादसे में एक परिवार के 3 लोगों की मौत

    जालंधर, ENS: जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर विधिपुर फ्लाईओवर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 3 बच्चियाँ गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान गांव बिलासपुर लुधियाना के रहने वाले सुरिंदर शुक्ला उनकी पत्नी प्रियंका और माँ यावंती के रूप में हुई है। इनोवा चालक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहा था। हादसे के बाद मौके से फरार हो गया और पुलिस जांच में जुटी हैं। जानकारी के अनुसार, सुरिंदर शुक्ला अपने परिवार के साथ कार में ब्यास की ओर जा रहे थे। विधिपुर फ्लाईओवर के पास एक इनोवा कार गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से तेज रफ्तार में आई और उनकी स्विफ्ट कार को सामने से टक्कर मार दी।

    परिवार का आरोप है कि टक्कर के बाद इनोवा चालक घायलों की मदद करने या उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से फरार हो गया। हादसे का शिकार हुई स्विफ्ट कार में सुरिंदर शुक्ला खुद गाड़ी चला रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी प्रियंका, मां यावंती और तीनों बच्चियां सवार थीं। हादसे के समय प्रियंका की मौत हो गई थी। बाद में रात 8 बजे सुरिंदर और रात 9 बजे उनकी मां यावंती का भी निधन हो गया।

    टक्कर में कार में सवार तीन बच्चियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में 13 साल की अंशिका शामिल है, जिसकी दोनों टांगें गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो चुकी हैं। 8 साल की अर्पिता और 1 साल की मानवी को भी गंभीर चोटें आई हैं। इन बच्चियों ने अपने माता-पिता और दादी को खो दिया है।

  • आज का राशिफल, 6 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 6 जुलाई 2026

    आज का सबसे बड़ा संदेश यही है कि जो काम, बातचीत या फैसले पिछले कुछ दिनों से अटके पड़े थे, वे आगे बढ़ने का रास्ता पा सकते हैं, बशर्ते जल्दबाजी न हो। बुध अभी शैडो फेज में हैं, इसलिए पूरी स्पष्टता आने में दो-तीन दिन और लगेंगे। कुंभ से मीन की तरफ चंद्रमा के खिसकने का वक्त संधिकाल जैसा है, इसलिए सुबह नौ से दस बजे के आसपास कोई बहुत बड़ा फैसला लेने से बचें। दिन का पहला पहर निर्णय, बातचीत और नेटवर्किंग के लिए ज्यादा अनुकूल है, जबकि दोपहर बाद का समय आत्मनिरीक्षण, आराम और पारिवारिक मामलों के लिए बेहतर रहेगा। सोमवार होने से शिवजी की आराधना पूरे दिन शुभ फल देगी।

    मेष राशि: आज किस्मत आपके लिए नए अवसरों के दरवाज़े खोलने का संकेत दे रही है। आपकी मेहनत और समझदारी लोगों के बीच आपकी पहचान को और मजबूत बना सकती है। आर्थिक मामलों में कोई महत्वपूर्ण फैसला लेने का विचार मन में आ सकता है, जो आने वाले समय में लाभ का कारण बनेगा। साझेदारी में किया गया काम उम्मीद से बेहतर परिणाम दे सकता है। दिल से आप सबका भला चाहेंगे, लेकिन हर व्यक्ति आपकी भावना को सही ढंग से समझ पाए, यह जरूरी नहीं है। घर में किसी शुभ आयोजन की तैयारी शुरू हो सकती है, जिससे परिवार में उत्साह और रौनक बनी रहेगी। रिश्तेदारों का आना-जाना बढ़ेगा और माहौल खुशियों से भरा रहेगा। रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को भी कोई नई उम्मीद की किरण दिखाई दे सकती है।

    वृष राशिः आज का दिन जिम्मेदारियों को सफलता में बदलने का अवसर लेकर आया है। परिवार के साथ बिताए गए पल आपके मन को सुकून देंगे और आप खुद को पहले से अधिक हल्का और प्रसन्न महसूस करेंगे। मौज-मस्ती का मूड बना रहेगा और छोटी-छोटी खुशियां भी आपको बड़ी लगेंगी। यदि किसी बात को लेकर मन में चिंता थी, तो उसका समाधान धीरे-धीरे सामने आता दिखाई देगा। मित्रों की सहायता करने का अवसर मिलेगा और आपका सहयोग किसी के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। संतान की ओर से कोई ऐसी खबर मिल सकती है जो आपके चेहरे पर मुस्कान ले आए। अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखेंगे तो सफलता आपके कदम चूम सकती है।

    मिथुन राशि : आज परिवार के बड़े-बुजुर्गों का साथ और आशीर्वाद आपके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देगा। किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय में जल्दबाज़ी करने के बजाय गहराई से सोच-विचार करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। संतान से जुड़ी जिम्मेदारियों को संतुलित ढंग से निभाएं, क्योंकि अधिक दबाव रिश्तों में दूरी ला सकता है। यदि किसी जरूरतमंद की मदद करने का अवसर मिले, तो आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी के जीवन में बड़ी खुशी ला सकता है। व्यापार में नए प्रयोग और नई योजनाएं आपके लिए लाभ के नए रास्ते खोल सकती हैं। वाहन चलाते समय थोड़ा अतिरिक्त सावधान रहना बेहतर रहेगा।

    कर्क राशि: आज आपके लिए संतुलन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी साबित होगा। आय और खर्च के बीच सही तालमेल बैठाने में सफलता मिलेगी और कई रुके हुए काम भी गति पकड़ सकते हैं। कोई पुराना सपना पूरा होने की दिशा में आगे बढ़ता दिखाई देगा, जिससे मन बेहद प्रसन्न रहेगा। जीवनसाथी के साथ बिताए गए खास पल रिश्तों में नई मिठास घोल सकते हैं। हालांकि मन के किसी कोने में हल्की बेचैनी बनी रह सकती है, लेकिन समय के साथ वह भी दूर हो जाएगी। संतान के साथ किसी विषय पर मतभेद हो सकता है, इसलिए धैर्य और प्रेम से बात करना बेहतर रहेगा।

    सिंह राशि: आज आपको अपने विरोधियों से अधिक अपने धैर्य पर भरोसा रखने की जरूरत है। कुछ लोग आपकी राह में बाधाएं डालने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन आपका आत्मविश्वास आपको आगे बढ़ाता रहेगा। नई संपत्ति या निवेश से जुड़ी कोई सकारात्मक खबर मिल सकती है। परिवार के साथ बिताया गया समय मानसिक शांति देगा और आपकी कोई पुरानी इच्छा पूरी होने से घर में खुशी का माहौल बन सकता है। साथ ही किसी नए कार्य की शुरुआत करने का विचार भी मन में जोर पकड़ सकता है, जो भविष्य के लिए लाभदायक साबित होगा।

    कन्या राशि: आज का दिन मेहनत और समझदारी का सुंदर मेल लेकर आया है। काम का दबाव थोड़ा अधिक रहेगा, लेकिन आपकी लगन आपको सफलता की ओर ले जाएगी। प्रेम जीवन में मधुरता बढ़ेगी और साथी के साथ बिताए गए पल यादगार बन सकते हैं। आर्थिक मामलों में सतर्क रहना जरूरी होगा, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी नुकसान का कारण बन सकती है। विद्यार्थियों के मन में कुछ नया सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने की इच्छा जागृत होगी। यदि पढ़ाई पर पूरा ध्यान देंगे तो अच्छे परिणाम मिलने की संभावना मजबूत है।

    तुला राशिः आज आपको विवादों से दूर रहकर अवसरों पर ध्यान देने की जरूरत है। धन कमाने के कई नए रास्ते सामने आ सकते हैं और आपकी सूझबूझ उन्हें सफलता में बदल सकती है। परिवार में चल रही किसी पुरानी गलतफहमी का अंत हो सकता है और रिश्तों में फिर से मधुरता लौट सकती है। किसी को धन उधार देने से पहले अच्छी तरह विचार कर लें। संपत्ति से जुड़ा कोई मामला थोड़ी चिंता बढ़ा सकता है, लेकिन व्यापारिक क्षेत्र में लाभ के मजबूत संकेत मिल रहे हैं। धैर्य और समझदारी आपको आगे बढ़ाएगी।

    वृश्चिक राशिः आज व्यापार और आर्थिक मामलों में आपके लिए शुभ संकेत दिखाई दे रहे हैं। पुराने निवेश का अच्छा लाभ मिल सकता है और आर्थिक स्थिति पहले से मजबूत महसूस होगी। परिवार के साथ किसी धार्मिक यात्रा या आध्यात्मिक कार्यक्रम की योजना बन सकती है। बड़ों का सम्मान और उनका मार्गदर्शन आपके लिए सौभाग्य के द्वार खोल सकता है। यदि कोई जिम्मेदारी मिले तो उसे पूरी निष्ठा से निभाएं। सरकारी मामलों में सतर्कता बरतना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।

    धनु राशिः आज परिस्थितियां आपको सावधानी और समझदारी से आगे बढ़ने का संदेश दे रही हैं। कामकाज से जुड़े कुछ निर्णयों को लेकर मन में असमंजस रह सकता है, लेकिन धैर्य रखने से सही रास्ता दिखाई देगा। बैंक ऋण या वित्तीय सहायता से जुड़ा कोई प्रयास सफल हो सकता है। संतान की गतिविधियों और संगति पर ध्यान देना जरूरी रहेगा। घर में किसी नए सदस्य या मेहमान के आगमन से खुशियों का माहौल बनेगा। कहीं अटका हुआ धन वापस मिलने से राहत महसूस होगी और कुछ नया करने की आपकी कोशिशें रंग ला सकती हैं।

    मकर राशिः आज का दिन आपके लिए अवसरों से भरा हुआ दिखाई दे रहा है। साझेदारी में किए गए कार्य अच्छे परिणाम दे सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों की मेहनत और ईमानदारी वरिष्ठ अधिकारियों का दिल जीत सकती है। मनपसंद भोजन का आनंद मिलेगा और दिन में कुछ सुखद पल भी जुड़ेंगे। ससुराल पक्ष से किसी खास व्यक्ति का आगमन हो सकता है। हालांकि व्यवसाय से जुड़ी कोई भी नई बातचीत किसी अनजान व्यक्ति के साथ करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

    कुंभ राशिः आज सेहत आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यक्षेत्र में जल्दबाजी से बचें, क्योंकि छोटी-सी गलती भी बड़ा असर डाल सकती है। जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए आप कुछ नए कदम उठा सकते हैं और आपकी लंबी अवधि की योजनाएं भी गति पकड़ सकती हैं। किसी सहयोगी की बात आपको थोड़ी चुभ सकती है, लेकिन संयम बनाए रखना ही समझदारी होगी। आपकी सलाह और अनुभव को कार्यस्थल पर महत्व मिलेगा। साथ ही रुका हुआ धन वापस मिलने से मन को बड़ी राहत मिल सकती है।

    मीन राशिः आज धन से जुड़े मामलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। किसी बड़े निवेश या जोखिम भरे निर्णय को फिलहाल टालना ही बेहतर रहेगा। शेयर बाजार या निवेश से जुड़े मामलों में विशेषज्ञ की सलाह आपके लिए लाभदायक साबित हो सकती है। किसी अजनबी की बातों में आकर निर्णय लेने से बचें। पिताजी की सेहत को लेकर थोड़ी भागदौड़ करनी पड़ सकती है, इसलिए उनका विशेष ध्यान रखें। धैर्य और समझदारी के साथ उठाया गया हर कदम आपको संभावित परेशानियों से बचा सकता है।

  • Punjab Congress के क्लेश में पूर्व मंत्री रज़िया सुल्तान के पति Mustafa की हुई एंट्री

    Punjab Congress के क्लेश में पूर्व मंत्री रज़िया सुल्तान के पति Mustafa की हुई एंट्री

    पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में टूट के आसार बढ़ गए हैं। चरणजीत चन्नी और प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग की लड़ाई में नवजोत सिद्धू गुट की भी एंट्री हो गई है। साथ ही पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना के पति पूर्व DGP मोहम्मद की भी इस क्लेश में एंट्री हो गई है। इन्होंने अपने अधिकारिक एक्स पर एक ट्वीट किया है। जिसमें लिखा है कि मैं यह पत्र एक ऐसे शुभचिंतक के तौर पर लिख रहा हूँ जो पार्टी का सदस्य नहीं है और न ही कभी बनेगा, हालांकि मेरा पूरा परिवार पिछली तीन पीढ़ियों से कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रूप से शामिल रहा है। लेकिन, पंजाब कांग्रेस में हाल की घटनाओं को देखते हुए, मुझे पिछले छह महीने “बेतुके नाटक” (थिएटर ऑफ़ द एब्सर्ड) का एक सटीक उदाहरण लगते हैं।   कल मोरिंडा में जो हुआ, वह पार्टी के फ़ैसले लेने के तरीके में मौजूद “करें या न करें” वाली दुविधा का सीधा नतीजा था। पार्टी अभी खुद की बनाई हुई उलझन में फंसी हुई है। इसकी वजह एक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है: पार्टी के बड़े नेताओं ने उन लोगों के प्रति बहुत ज़्यादा नरमी दिखाई है जो चालाकी से यह मानते हैं कि वे पार्टी से बड़े हैं। राहुल जी, वे पार्टी से बड़े नहीं हैं। जिन लोगों ने 2012 में पार्टी जॉइन की और जिन्हें संगठन ने सब कुछ दिया, वे अब बंदूक की नोक पर अपनी शर्तें मनवाने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब के लोगों की सोच में बहादुरी और फ़ैसले लेने की क्षमता को सराहा जाता है; वहीं हिचकिचाहट, दुविधा और कमज़ोर इरादों को पसंद नहीं किया जाता। RG को यह समझना होगा कि पंजाब में “राहुल गांधी ही कांग्रेस हैं – न कि इसका उल्टा।” आगे का रास्ता: ‘कैच-22’ (असमंजस) वाली स्थिति से बाहर निकलना; राजा ने अपनी नासमझी और बहुत ज़्यादा महत्वाकांक्षाओं के बोझ और अपने मुख्य सलाहकार संदीप संधू की चालाकी भरी चालों के कारण राज्य के नेताओं के एक बड़े हिस्से को नाराज़ कर दिया है; अब उन्हें पार्टी की उदारता का जवाब देना चाहिए। राहुल गांधी को मज़बूत करने के लिए, उन्हें तुरंत पद छोड़ देना चाहिए और आगे क्या करना है, यह फ़ैसला हाई कमान पर छोड़ देना चाहिए। नेतृत्व को दबाव में नहीं, बल्कि योग्यता के आधार पर अपने विकल्पों, फ़ायदों और नुकसानों पर विचार करना चाहिए। अड़ियल रवैया नेतृत्व का गुण नहीं है; बिना हिचकिचाहट के अपनी दिशा बदलने की क्षमता ही असली गुण है। मौजूदा हालात में, अगर नेतृत्व नया PCC चीफ़ चुनता है, तो उसे योग्यता के आधार पर चुनना चाहिए, न कि किसी को खुश करने या जगह देने के लिए। पंजाब को ऐसे नेता की ज़रूरत है जो मौजूदा सरकार का डटकर सामना करने के लिए तैयार हो।    
  • Punjab News: ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ के फॉर्म बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, देखें वीडियो

    Punjab News: ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ के फॉर्म बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, देखें वीडियो

    लुधियानाः पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई 1000 रुपये महीना वाली ‘मावां-धियां सत्कार योजना’  को लेकर एक जानकारी सामने आई है। पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन (एक्साइज एंड टैक्सेशन) के सदस्य नीतीश मल्होत्रा ने जनता के लिए जरूरी सूचना जारी करते हुए बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 तारीख तय की गई है। उन्होंने बताया कि जो भी लाभार्थी इस योजना का फायदा उठाना चाहते हैं,  उन्हें अपने फॉर्म हर हाल में जमा करने होंगे।

    फॉर्म बेचने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
    योजना को पारदर्शी बनाने और लोगों को ठगी से बचाने के लिए कमीशन मेंबर नीतीश मल्होत्रा ने सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि इस योजना के फॉर्म बिल्कुल मुफ्त (फ्री) उपलब्ध करवाए गए हैं। यदि कोई भी व्यक्ति, दुकानदार या एजेंट इन फॉर्म्स को बेचता हुआ या इनके बदले आम जनता से पैसे वसूलता हुआ पकड़ा गया,  तो उसके खिलाफ प्रशासन सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

    जनता से अपील: किसी भी दलाल को न दें पैसे
    प्रशासन की ओर से आम जनता से भी विशेष अपील की गई है कि वे किसी भी तरह के झांसे या दलालों के चक्कर में न आएं। यह सरकारी योजना पूरी तरह से निशुल्क है और सरकार का लक्ष्य है कि इसका सीधा लाभ बिना किसी भ्रष्टाचार के हकदार महिलाओं तक पहुंचे। अगर कोई भी व्यक्ति फॉर्म के एवज में पैसों की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत प्रशासन को दें।

     

  • Punjab News: पुलिस और बदमाशों के बीच चली गोलियां, Target Killing की साजिश नाकाम, देखें वीडियो

    Punjab News: पुलिस और बदमाशों के बीच चली गोलियां, Target Killing की साजिश नाकाम, देखें वीडियो

    अमृतसर: अजनाला के गांव भख्खा तारा सिंह के पास पुलिस और बदमाशों के बीच गोलिया चलने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो हथियारबंद व्यक्ति इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक मे घूम रहे हैं।

    SSP Kanwalpreet Singh Chahal के दिशा निर्देशों पर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने व्यक्तियों का पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। जिसे सिविल अस्पताल अजनाला में इलाज के लिए दाखिल कराया गया।

    इस मामले मे जानकारी देते हुए SSP Chahal ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी पहचान सुखराज सिंह और अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, कारतूस, मोबाइल फोन और एक थार गाड़ी बरामद की है।

    पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस मॉड्यूल का संचालन यूके में बैठे एक गैंगस्टर द्वारा किया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी टारगेट किलिंग को अंजाम देने के लिए इलाके में रेकी कर रहे थे।

    पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से भी गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस गैंग से जुड़े अन्य व्यक्तियों, हथियारों की सप्लाई और साजिश के संबंध मे जानकारी हासिल की जा सके।

     

  • स्वतंत्रता सेनानियों के कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं : मोहिंदर भगत

    स्वतंत्रता सेनानियों के कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं : मोहिंदर भगत

    पंजाब सरकार स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार स्वतंत्रता सेनानियों तथा उनके परिजनों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। यह बात पंजाब के स्वतंत्रता सेनानी कल्याण, रक्षा सेवाएं कल्याण एवं बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने कही।

    कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर अद्वितीय बलिदान दिए हैं। उनका योगदान राष्ट्र के इतिहास का अमूल्य अध्याय है, जिसके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा तथा उनके सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

    उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों, उनकी विधवाओं, अविवाहित एवं बेरोजगार पुत्रियों तथा बेरोजगार पुत्रों को 11,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है, ताकि उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित किया जा सके।

    मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए जनहितैषी नीतियां लागू कर रही है। इसी क्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान का सम्मान सदैव अक्षुण्ण बना रहे।

  • राज्यपाल ने विकसित भारत-2047 के निर्माण के लिए बौद्ध मूल्यों और आधुनिक विज्ञान पर दिया बल

    राज्यपाल ने विकसित भारत-2047 के निर्माण के लिए बौद्ध मूल्यों और आधुनिक विज्ञान पर दिया बल

    युवाओं से नालंदा परंपरा के मूल्यों का अनुसरण करने का आह्वान किया

    शिमलाः राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में पूरा विश्व हिंसा, असहिष्णुता, युद्ध, पर्यावरण संकट तथा नैतिक मूल्यों में कमी जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे समय में भगवान बुद्ध की करुणा, मध्यम मार्ग, अहिंसा और आत्म ज्ञान पर आधारित शिक्षाएं पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गई हैं। उन्होंने धम्मपद के शाश्वत संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि घृणा का अंत कभी घृणा से नहीं किया जा सकता, बल्कि केवल प्रेम और करुणा से इसे समाप्त किया जा सकता है और यही शाश्वत सत्य है। राज्यपाल ने आज बैजनाथ के ताशीजोंग में ‘फ्रॉम नालंदा टू हिमालयास्-दि अन ब्रोकन लिगेसी ऑफ द बुद्धिस्ट नॉलेज ट्रेडिशन’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।

    इस अवसर पर गुप्ता ने कहा कि प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं था, बल्कि सम्पूर्ण विश्व के लिए ज्ञान का एक प्रकाश-स्तंभ था, जहां दर्शन, तर्कशास्त्र, चिकित्सा, व्याकरण, गणित और खगोल विज्ञान जैसे विषयों पर उच्च स्तरीय शोध कार्य किए जाते थे। उन्होंने कहा कि समय के साथ नालंदा का भौतिक स्वरूप भले ही नष्ट हो गया हो, लेकिन हिमालय में स्थित मठों, विहारों तथा बौद्ध संस्थानों ने भारतीय भाषाओं, संस्कृति, कला और अमूल्य पांडुलिपियों का संरक्षण कर इस महान विरासत को सदियों से जीवंत बनाए रखा है। भारतीय हिमालय वास्तव में नालंदा की जीवंत विरासत के वास्तविक संरक्षक हैं।


    राज्यपाल ने परिषद द्वारा मठों में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के पाठ्यक्रम को लागू करने की अनुपम पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कदम पारंपरिक मठ शिक्षा और आधुनिक शिक्षा पद्धति के बीच एक सार्थक सेतु का कार्य करेगा, जिससे युवा भिक्षु एवं भिक्षुणियां अपनी आध्यात्मिक साधना को बनाए रखते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त शैक्षणिक योग्यताएं अर्जित कर सकेंगे।

    परम पावन धर्मगुरू दलाई लामा के मार्गदर्शन में स्थापित परिषद के पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने देश के युवाओं से नालंदा परम्परा के मूल आदर्शों जिज्ञासा, तार्किक चिंतन, अनुशासन, करुणा और मानव सेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के साथ-साथ भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों को भी समान महत्व देना आवश्यक है।

    इस राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन इंडियन हिमालयन नालंदा बुद्धिस्ट ट्रेडिशन काउंसिल द्वारा खाम्पागर मठ, ताशीजोंग के सहयोग से किया गया है। संगोष्ठी में मठ शिक्षा के आधुनिकीकरण तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान में बौद्ध दर्शन की प्रासंगिकता पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

    इस अवसर पर धर्म एवं संस्कृति मंत्री, सीटीए, धर्मशाला त्सेग्याल चुक्या द्रान्यी, खाम्पागर मठ के आध्यात्मिक प्रमुख खामत्रुल रिनपोछे, खेनपो छोयिंग लुंदुप, पालपुंग शेराबलिंग मठ से खेनपो पेमा नेगी, बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल, एनआईओएस के निदेशक डॉ. राजीव कुमार सिंह, कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

  • डॉ. बलजीत कौर का बड़ा ऐलान: अनुसूचित जाति (एस.सी.) विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल शुरू

    डॉ. बलजीत कौर का बड़ा ऐलान: अनुसूचित जाति (एस.सी.) विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल शुरू

    अधिकारियों को गांव-गांव जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश

    चंडीगढ़: पंजाब सरकार द्वारा राज्य के प्रत्येक वर्ग तक उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज घोषणा की कि अनुसूचित जाति (एस.सी.) के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना (शैक्षणिक सत्र 2026-27) का पोर्टल आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया गया है।

    योजना को अधिक पारदर्शी, आधुनिक एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से इसे नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जो 1 जुलाई 2026 से विद्यार्थियों के लिए सक्रिय हो चुका है। विद्यर्थी पक्षीय पहुंच पर बल देते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार का स्पष्ट मानना है कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के उच्च शिक्षा प्राप्त करने के सपनों में बाधा नहीं बनना चाहिए।

    योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी किया गया है—

    योजना प्रारंभ होने की तिथि: 1 जुलाई 2026

    विद्यार्थियों द्वारा आवेदन करने की अंतिम तिथि: 15 नवंबर 2026

    त्रुटिपूर्ण (Defective) आवेदनों में सुधार की अंतिम तिथि: 30 नवंबर 2026

    संस्थान स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि: 30 नवंबर 2026

    डी.एन.ओ./एस.एन.ओ./एम.एन.ओ. स्तर पर अंतिम सत्यापन 15 दिसंबर 2026

    कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में “रंगला पंजाब” के निर्माण के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराकर राज्य में ही रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करना भी है। छात्रवृत्ति योजनाएं जहां आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का वित्तीय बोझ कम करेंगी, वहीं राज्य सरकार योग्यता के आधार पर हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर प्रतिभाओं के पलायन (ब्रेन ड्रेन) को रोकने की दिशा में भी प्रभावी कार्य कर रही है।

    योजना को जमीनी स्तर तक सफलतापूर्वक पहुंचाने के लिए डॉ. बलजीत कौर ने सभी जिला सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ गांवों एवं दूरदराज़ के इलाकों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जानकारी के अभाव अथवा प्रक्रिया संबंधी कठिनाइयों के कारण कोई भी पात्र विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे।

    इसके अतिरिक्त उन्होंने उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, स्कूल शिक्षा तथा पशुपालन विभाग के निदेशकों सहित सभी संबंधित विभागों एवं उनके अधीन शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों को आवेदन भरने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा समय पर आवेदन जमा कराने में सक्रिय सहयोग दें।

  • मुख्यमंत्री ने एवरेस्ट विजेता रुचि ठाकुर को किया सम्मानित

    मुख्यमंत्री ने एवरेस्ट विजेता रुचि ठाकुर को किया सम्मानित

    उल्लेखनीय उपलब्धि पर एक लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की

    शिमलाः जिला मंडी की तहसील करसोग की निवासी रुचि ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से आज ओक ओवर में शिष्टाचार भेंट की। रुचि ठाकुर ने 21 मई, 2026 को माउंट एवरेस्ट पर फतेह हासिल की थी।  मुख्यमंत्री ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर रुचि ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता युवा पीढ़ी को दृढ़ संकल्प और साहस के साथ उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

    उन्होंने रुचि ठाकुर को सम्मानित किया तथा उनकी इस शानदार उपलब्धि के लिए एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में अपनी असाधारण प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। उनकी उपलब्धियों से प्रदेश का नाम रोशन हो रहा है और वे समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत है।