Blog

  • Punjab News: पाबंदी के बावजूद भी नहर में नहा रहे युवक, पुलिस ने दी चेतावनी, देखें वीडियो

    Punjab News: पाबंदी के बावजूद भी नहर में नहा रहे युवक, पुलिस ने दी चेतावनी, देखें वीडियो

    पठानकोट: जिले में प्रशासन की ओर से लगाई गई पाबंदी के बावजूद भी लोगों का लगातार नहरों में नहाने का सिलसिला जारी। पुलिस ने भीषण गर्मी के बीच नहरों में नहा रहे लोगों के खिलाफ चलाया अभियान भी चलाया है। इसी के तहत शहर के अबरोल नगर, काठ वाला पुल और एम बी-लिंक नहर क्षेत्र में पुलिस ने दबिश दी। जहां कई युवक नहर में नहाते हुए पाए गए।

    इस संबंधी जानकारी देते हुए ट्रैफिक इंचार्ज ब्रह्म दत्त ने बताया कि पुलिस को नहर में युवकों के नहाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही नहर में नहा रहे युवक तुरंत वहां से भाग गए।

    इंचार्ज दत्त ने बताया कि गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नहरों का रुख कर रहे हैं, लेकिन यह खतरनाक साबित हो सकता है। जिस के चलते जिला प्रशासन ने नहरों में नहाने की पाबंदी लगा रखी है,  इसके बावजूद भी लोगों का लगातार नहरों में नहाने का सिलसिला जारी है। नहर में पानी का बहाव कभी भी अचानक तेज हो जाता है, जिससे डूबने या बह जाने का खतरा बना रहता है।

    उन्होंने यह भी बताया कि इस नहर में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोग तेज बहाव के कारण पानी में बह गए थे। ट्रैफिक इंचार्ज ने लोगों से विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे अपनी जान जोखिम में डालकर नहरों में न नहाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

    पुलिस ने चेतावनी दी है कि नहरों में नहाने वालों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त और कार्रवाई जारी रहेगी।

  • मुख्य सचिव ने आगामी मानसून की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की

    मुख्य सचिव ने आगामी मानसून की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की

    शिमला: मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत ने आज यहां जिला प्रशासन और विभिन्न संबंधित विभागों के साथ आगामी मानसून सीजन की तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुख्य सचिव ने मानसून में भारी बारिश के कारण आपदाओं और उनसे होने वाले नुकसान को कम करने के लिए राज्य की तैयारियों को और मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय, समय रहते चेतावनी प्रणाली, बाढ़ नियंत्रण तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया है।

    उन्होंने अधिकारियों को दूर-दराज और अधिक संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री और आपातकालीन ईंधन का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, बांध प्राधिकरणों को चेतावनी संबंधी सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने तथा अतिरिक्त पानी छोड़े जाने से पहले स्थानीय लोगों को पूर्व सूचना देना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों पर विशेष ध्यान दे रही है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग लगातार बदलते मौसम की स्थिति पर नजर रख रहा है और राहत कार्यों का समन्वय कर रहा है। बैठक में भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मानसून पूर्वानुमान, पिछले मौसम के रुझानों तथा चेतावनी प्रणालियों पर प्रस्तुति दी। इसके अलावा केंद्रीय जल आयोग ने बाढ़ पूर्वानुमान और प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली से संबंधित जानकारी साझा की।

    राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के प्रतिनिधियों ने मानसून के दौरान अपनी तैयारियों और उपलब्ध उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, होम गार्ड्स, नागरिक सुरक्षा और अग्निशमन सेवाओं सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी तैयारियों के बारे में अवगत करवाया।

    इससे पूर्व, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव डॉ. पुष्पेंद्र राणा ने राज्य में मानसून तैयारियों के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। विभिन्न विभागों के सचिवों, विभागाध्यक्षों तथा स्वास्थ्य, पुलिस, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (एचपीएसईबी), कृषि, बागवानी, वन, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।

  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क

    चंडीगढ़: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से संत कबीर कुटीर में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों ने क्रिकेट एवं खेलों के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा मुख्यमंत्री और माइकल क्लार्क ने क्रिकेट भी खेला।

    मुलाकात के दौरान माइकल क्लार्क ने मुख्यमंत्री के खेल प्रेम और क्रिकेट के प्रति उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को एक गेंद फेंकी और मुख्यमंत्री ने उस पर शानदार छक्का जड़ दिया।

    माइकल क्लार्क ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा दोनों देशों के बीच खेलों के माध्यम से सहयोग और अधिक मजबूत हो सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेल प्रतिभाओं की भूमि है और यहां अनेक विश्वस्तरीय खिलाड़ी तैयार हुए हैं। उन्हें विश्वास है कि राज्य में क्रिकेट की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और भविष्य में यहां से और भी उत्कृष्ट क्रिकेटर सामने आएंगे।

    उन्होंने कहा कि वह हरियाणा में अधिक समय बिताने के इच्छुक हैं ताकि राज्य के युवा खिलाड़ियों को अपने अनुभव का लाभ दे सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में क्रिकेट अकादमी स्थापित करने की संभावना पर भी विचार किया जा सकता है। माइकल क्लार्क ने कहा कि वह युवा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भारत लाने के साथ-साथ भारतीय खिलाड़ियों को भी ऑस्ट्रेलिया ले जाने की दिशा में कार्य करना चाहते हैं, ताकि दोनों देशों के युवा क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीखने और अनुभव प्राप्त करने के अधिक अवसर मिल सकें।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने माइकल क्लार्क का हरियाणा में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का मार्गदर्शन राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा।

    इस अवसर मुख्यमंत्री के पॉलीटिकल एडवाइजर तरुण भंडारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

  • महिला ने पति व ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप

    महिला ने पति व ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप

    ऊना/सुशील पंडित : महिला पुलिस थाना ऊना में तहसील ऊना की एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी शादी वर्ष 2020 में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अभिषेक कुमार निवासी अमन नगर, सलेम टाबरी, लुधियाना (पंजाब) के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसके पति अभिषेक कुमार, सास रितिका तथा ननदें दीपशिखा और नेहा दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती रहीं। प्रताड़ना से परेशान होकर वह वर्तमान में अपने मायके जिला ऊना में रह रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • हरोली में रास्ता रोककर युवक से मारपीट

    हरोली में रास्ता रोककर युवक से मारपीट

    ऊना /सुशील पंडित : पुलिस थाना हरोली में अब्दुल नसीम निवासी छत, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 8 जून की शाम वह ट्रक चालक के रूप में ट्रक मालिक के बेटे परवेज खान के साथ टाहलीवाल यूनियन से गांव वालेवाल जा रहा था। आरोप है कि लालूवाल स्थित एक ट्रक वर्कशॉप के पास रोहित, विजय खान, आसमीन खान और संजीव खान पुत्र अल्फू खान निवासी गांव वालेवाल, डाकघर दुलैहड़, तहसील हरोली ने उनका रास्ता रोक लिया और परवेज खान के साथ मारपीट की। घटना में परवेज खान को चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • फर्जी मार्कशीट और डिग्री बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 लोग गिरफ्तार, देखें वीडियो

    फर्जी मार्कशीट और डिग्री बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 लोग गिरफ्तार, देखें वीडियो

    कानपुरः उत्तर प्रदेश की कानपुर पुलिस ने फर्जी मार्कशीट और डिग्री बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान में हीरामन का पुरवा निवासी जियाउल हसन उर्फ समीर उर्फ आतिफ, नूरुद्दीन, हसन आसिफ, आमिर अहमद  के रूप में हुई है।

    ये हुई बरामदगी
    बेकनगंज थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों से दो लैपटाप, कलर प्रिंटर, डेस्कटाप कंप्यूटर, तीन हार्डडिस्क, वाइफाइ राउटर, अन्य स्टेशनरी, विभिन्न विश्वविद्यालय के 141 मुहर, थ्री डी मोनोग्राफ समेत कई दस्तावेज बरामद किये हैं।

    लंदन का मोबाइल फोन कर रहा था इस्तेमाल
    पुलिस ने मामले बारे जानकारी देते हुए बताया कि इस गिरोह के कुछ सदस्य केवल 5वीं तक पढ़े हैं, लेकिन वे नकली डिग्रियां तैयार कर रहे थे। इस गिरोह का सरगना तो दो बार लंदन भी जा चुका है, जो लंदन में सेट के चक्कर में था। जियाउल बा ग्राफिक्स एक्सपर्ट भी है। सरगना लंदन से भी फर्जी मार्कशीट बनाने का नेटवर्क चलाता था। इसके लिए वह भारत आने के बाद भी लंदन का मोबाइल इस्तेमाल कर रहा था।

    13 वर्षों से चल रहा था खेल
    पुलिस ने गिरोह से पूछताछ के बाद बताया कि पिछले 13 वर्षों से देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की फर्जी डिग्री और मार्कशीट तैयार कर लोगों से मोटी रकम वसूलता था। इनके नेटवर्क का विस्तार भारत के कई राज्यों के अलावा विदेशों तक फैला हुआ था। पुलिस के मुताबिक फर्जी दस्तावेज सऊदी अरब, कनाडा और ब्रिटेन तक बेचे जाने के साक्ष्य मिले हैं।

     

  • Punjab News: सरेआम अस्पताल पर गोलियां चलाकर बाइक सवार फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: सरेआम अस्पताल पर गोलियां चलाकर बाइक सवार फरार, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः बटाला में गोलियां चलने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार छीना अस्पताल पर फायरिंग करके बाइक सवार हमलावर फरार हो गए। घटना को लेकर अस्पताल के कर्मियों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। इस घटना में अस्पताल के शीशे टूट गए है। बाइक सवारों द्वारा अस्पताल पर 4 गोलियां चलाई गई।

    घटना को लेकर डीएसपी सुखविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारियों द्वारा गहनता से मामले की जांच जारी है। वहीं अस्पताल के कर्मी चश्मदीद कुलदीप सिंह ने बताया कि वह अस्पताल में कुर्सी पर बैठे हुए थे। इस दौरान बाइक पर सवार 2 नौजवान आए और उन्होंने 4 फायर किए। उन्होंने कहा कि पहली गोली हमलावारों ने गेट पर मारी। इस दौरान उन्होंने बाइक सवारों को गालियां निकाली। जिसके बाद वह 3 अन्य फायर करके मौके से फरार हो गए। घटना में अस्पताल का शीशे का दरवाजा टूट गया।

    दूसरी ओर अस्पताल के डॉक्टर गुरमीत सिंह छीना ने कहा कि वह ऑपरेशन के सिलसिले से दूसरे अस्पताल में गए हुए थे। इस दौरान उन्हें गोलियां चलने की सूचना मिली थी। घटना में गोली से ककंर लगने से अस्पताल की कर्मी घायल हुई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डीवीआर कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

     

     

  • कुटलैहड़ की 10 मेगावाट सौर परियोजना में आयोजित हुआ योग सत्र

    कुटलैहड़ की 10 मेगावाट सौर परियोजना में आयोजित हुआ योग सत्र

    ऊना /सुशील पंडित : कुटलैहड़ क्षेत्र स्थित 10 मेगावाट सौर परियोजना में कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडली डिस्पेंसरी में कार्यरत डॉ. पल्लवी शर्मा ने परियोजना के सभी कर्मचारियों को योग का अभ्यास करवाया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। योग सत्र में परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने लगभग 20 मिनट तक विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। डॉ. पल्लवी शर्मा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए निकालकर व्यक्ति अनेक बीमारियों से बच सकता है तथा अपने शरीर और मन को स्वस्थ रख सकता है। डॉ. शर्मा ने भविष्य में भी इस प्रकार के योग सत्र आयोजित करने के लिए सभी को प्रेरित किया और योग को नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया। सौर परियोजना के प्रबंधक श्री देवराज सांखला ने डॉ. पल्लवी शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन के लिए किसी गुणकारी औषधि से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में कम से कम 30 से 40 मिनट योग के लिए अवश्य निकालने चाहिए। नियमित योगा भ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रबंधन कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कर्मचारियों ने भी योग सत्र को उपयोगी बताते हुए इसे नियमित रूप से जारी रखने की इच्छा व्यक्त की। कार्यक्रम में चायपान का आयोजन किया गया, जहां सभी कर्मचारियों ने आपसी संवाद के साथ कार्यक्रम की सराहना की। इस अवसर पर परियोजना प्रबंधन की ओर से डॉ. पल्लवी शर्मा का विशेष धन्यवाद किया गया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवन और नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।  
  • कुटलैहड़ की पंचायत लमलैहड़ी के प्रतिनिधियों ने भाजपा नेता भुट्टो से की मुलाकात

    कुटलैहड़ की पंचायत लमलैहड़ी के प्रतिनिधियों ने भाजपा नेता भुट्टो से की मुलाकात

    ऊना/ सुशील पंडित : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो से ग्राम पंचायत लमलैहड़ी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पूर्व प्रधान धरम जीत, पूर्व उपप्रधान मदन लाल, नव निर्वाचित वार्ड पंच, डेरा बाबा रूद्रानंद से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अजू राणा सहित बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने सभी प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने पंचायत चुनावों में निर्वाचित हुए प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन्हें अपने क्षेत्र की सेवा और विकास के लिए चुना है।

    ऐसे में सभी जनप्रतिनिधियों को बिना किसी भेदभाव के पंचायत के प्रत्येक व्यक्ति और परिवार की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना चाहिए। भाजपा नेता भुट्टो ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास की अपार संभावनाएं हैं और यदि जनप्रतिनिधि स्थानीय लोग एकजुट होकर कार्य करें तो क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर वह हमेशा लोगों के साथ खड़े रहेंगे। इस अवसर पर पूर्व प्रधान धरमजीत और पूर्व उपप्रधान मदन लाल ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी लोग मिलकर कार्य करेंगे तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

    नव निर्वाचित वार्ड पंचों ने भी पंचायत के विभिन्न विकासात्मक मुद्दों को पूर्व विधायक के समक्ष रखा और क्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत करवाया। मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अजू राणा ने कहा कि युवा वर्ग क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ सूरम सिंह अभय राणा सतीश धीमान सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

  • Punjab News: Airport पर सिस्टम में आई खराबी, यात्रियों की लगी कतारें, हुआ हंगामा, वीडियो वायरल

    Punjab News: Airport पर सिस्टम में आई खराबी, यात्रियों की लगी कतारें, हुआ हंगामा, वीडियो वायरल

    अमृतसरः श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारी हंगामा हो गया। घटना देर रात की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट पर सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, इमिग्रेशन सिस्टम में आई दिक्कत की वजह से एयरपोर्ट पर चेकिंग और प्रोसेसिंग का काम धीमा पड़ गया, जिसके चलते यात्रियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इसके चलते एयरपोर्ट पर हंगामे की स्थिति बन गई। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभालने की कोशिश की और तकनीकी टीम को मौके पर बुलाकर सिस्टम को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया।

    धीरे-धीरे स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और यात्रियों की प्रोसेसिंग दोबारा सामान्य रूप से शुरू कर दी गई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर अव्यवस्था का माहौल बन गया और यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने अपनी फ्लाइट्स को लेकर चिंता भी जताई, जबकि कुछ को देरी के कारण असुविधा का सामना करना पड़ा।

    वहीं मामले की जानकारी देते हुए एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपिंदर सिंह ने बताया कि बीती रात इमिग्रेशन से संबंधित तकनीकी गड़बड़ी के कारण कुछ समय के लिए हंगामे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। उन्होंने कहा कि यह समस्या रात लगभग 11-12 बजे तक बनी रही, लेकिन इसके बाद पूरी तरह से सिस्टम को ठीक कर दिया गया और स्थिति सामान्य हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब एयरपोर्ट पर सभी सेवाएं सुचारू रूप से चल रही हैं और यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए सिस्टम की और मजबूत निगरानी और तकनीकी सुधार के निर्देश भी जारी किए हैं। फिलहाल एयरपोर्ट पर हालात सामान्य हैं और यात्रियों की आवाजाही पहले की तरह सुचारू रूप से जारी है।