Blog

  • हरियाणा में श्रमिकों को बड़ा तोहफा- न्यूनतम वेतन में 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी : श्रम मंत्री अनिल विज   

    हरियाणा में श्रमिकों को बड़ा तोहफा- न्यूनतम वेतन में 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी : श्रम मंत्री अनिल विज  

    चण्डीगढ़: हरियाणा के श्रम मंत्री  अनिल विज ने कहा कि आज राज्य सरकार ने श्रमिकों को दिए जाने वाले न्यूनतम वेतन (मिनिमम वेजेज) की दरों में वृद्धि करके एक तोहफा दिया हैं और यह वेतन वृद्धि 1 अप्रैल, 2026 से लागू होगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आज मंत्रिमंडल की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई है।

     चार नई संहिताओं के लागू होने के बाद न्यूनतम वेतन वृद्धि करने वाला हरियाणा पहला राज्य- विज

    अनिल विज ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा पहला राज्य है जिसने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय के अंतर्गत चार नई श्रम संहिताएँ-(वेतन संहिता, 2019; औद्योगिक संबंध संहिता, 2020; सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020; तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थिति संहिता, 2020) के लागू होने के उपरांत अपने राज्य में श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन की दरों में भारी वृद्धि की है।

    न्यूनतम वेतन दरों में लगभग 35 प्रतिशत तक हुई वृद्धि- विज

     इस ऐतिहासिक निर्णय से राज्य के लाखों श्रमिकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि अब अकुशल (अनस्किल्ड) श्रमिक का वेतन 11274.60 रुपये से बढ़कर 15220 रुपये होगा, जिसके तहत लगभग 3945.40 रुपये की बढ़ोतरी होगी और यह बढ़ोतरी लगभग 35 प्रतिशत होगी। इसी प्रकार, अर्द्ध-कुशल (सेमी-स्किल्ड) श्रमिकों का वेतन 12430.18 रुपये से बढ़कर 16780.74 रुपये होगा, जिसके अंतर्गत इस श्रेणी के श्रमिकों का 4350.56 रुपये वेतन बढ़ेगा और यह बढ़ोतरी लगभग 35 प्रतिशत होगी।

    अनिल विज ने बताया कि कुशल (स्किल्ड) श्रमिकों का वेतन 13704.31 रुपये से बढ़कर 18500.81 रुपये होगा, जिसके तहत इस श्रेणी के श्रमिकों का वेतन 4796.50 रुपये बढ़ेगा और यह बढ़ोतरी लगभग 35 प्रतिशत होगी। इस तरह, उच्च कुशल (हाई-स्किल्ड) श्रमिकों का वेतन 14389.52 रुपये से बढ़कर 19425.85 रुपये होगा, जिसके तहत इस श्रेणी के श्रमिकों का 5036.33 रुपये वेतन बढ़ेगा और यह बढ़ोतरी भी लगभग 35 प्रतिशत होगी।

    चार नई श्रम संहिताएँ-वेतन संहिता, 2019; औद्योगिक संबंध संहिता, 2020; सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020; तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थिति संहिता, 2020- को 21 नवंबर 2025 से लागू किया गया और इन संहिताओं के लागू होने से देश के 29 पुराने और बिखरे हुए श्रम कानूनों का सरलीकरण और तर्कसंगत एकीकरण किया गया है।

    श्रमिकों की आय में यह उल्लेखनीय वृद्धि- विज

     यह निर्णय श्रमिकों के कल्याण के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की आय में यह उल्लेखनीय वृद्धि न केवल उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाएगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगी।

     श्रमिकों के हितों की रक्षा करना मेरी प्राथमिकता – विज

    अनिल विज ने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा श्रमिकों के हितों की रक्षा करना और उन्हें बेहतर कार्य परिस्थितियाँ उपलब्ध कराना रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी श्रमिकों के हित में इसी प्रकार के ठोस और प्रभावी निर्णय लिए जाते रहेंगे।

    श्रमिक देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़- विज

    श्रमिक देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास संभव नहीं है। इसी दृष्टिकोण के साथ राज्य सरकार निरंतर श्रमिक हितैषी नीतियों को लागू कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षित कार्य वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए भविष्य में और भी व्यापक कदम उठाए जाएंगे।

    न्यूनतम वेतन वृद्धि श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी – विज

    उन्होंने विश्वास दिलाया कि यह ऐतिहासिक वेतन वृद्धि श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी और उनके परिवारों को आर्थिक मजबूती प्रदान करेगी। श्री अनिल विज के इस सराहनीय प्रयास से प्रदेश में श्रमिक कल्याण की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ा है, जो अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

  • बद्दी  के सिपेट संस्थान ने अपनी उपलब्धियों का दिया ब्यौरा

    बद्दी के सिपेट संस्थान ने अपनी उपलब्धियों का दिया ब्यौरा

    बद्दी (सचिन बैंसल): केंद्र सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से तकनीकी प्रशिक्षण मे प्रतिबद्ध संस्थान सिपेट राज्य का ऐसा संस्थान है जिसमें शत प्रतिशत प्लेसमेंट का इतिहास है। आज लघु उद्योग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चेयरमैन विचित्र सिंह पटियाल में उद्यमियों व मीडिया दल ने बददी के संडोली स्थित सिपेट संस्था का दौरा किया। इस दौरान उद्यमियों को संस्थान के परिचर्चा के दरमियान संथान के सह निदेशक एवं प्रमुख परमिंदर प्रीत सिंह ने बताया कि सिपेट बददी मे संचालित सभी पाठ्यक्रमों के प्लेसमेंट से लिंक रखा गया है तथा पाठ्यक्रम की आवश्यकतानुसार सत-प्रतिशत छात्रों को विभिन्न उद्योगों मे इंटर्नशिप हेतु भेजा जाता है।
    कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि फेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी डा. रणेश राणा ने अवगत कराया कि सिपेट (केंद्रीय पैट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान) जब से किराए के परिसर को छोडक़र अपने नए परिसर बददी में संचालित हुआ है तब से नियमित रूप से विभिन्न उद्योगपरक  कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। भटौली कलां के पूर्व प्रधान बलबीर ठाकुर ने कहा कि वह संस्थान के प्रारंभ से अभी तक सिपेट कि गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सिपेट की स्थापना से लेकर अभी तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला । सिपेट संस्थान के मनोज कुमार राजपूत , प्रबंधक (तकनीकी) ने प्रेसेंनटेशन के माध्यम से उपस्थित सदस्यों को सिपेट की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी साझा की । उन्होंने बताया कि सिपेट कौशल , तकनिकी सहायता सेवा , अकादमिक पाठ्यक्रम तथा शोध कार्यों के माध्यम से सेवाएं प्रदान करता है। उन्होने यहां पर संचालित दसवीं तथा ग्रैजुएशन के बाद उपलब्ध रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के वर्तमान मे जारी प्रवेश प्रक्रिया के बारे मे भी अवगत कराया ।
    उन्होंने बताया कि किस प्रकार यह कि विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेकर तथा अंतिम छमाही मे औद्योगिक इंटरनशिप के माध्यम से अपनी पढ़ाईका पूरा खर्च बिना आर्थिक कष्ट के पूरा कर सकता है। आज के उद्यमिता विकास एवं स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने मे घनश्याम चौबे,  पुष्पेन्द्र कुमार, संदीप मदान , जतिंदर गिल तथा सभी तकनिकी विभागों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। संस्थान के सह निदेशक परमिंदर प्रीत सिंह, संयुक्त निदेशक ने सभी आगंतुकों का समय निकालने के लिए आभार व्यक्त किया  और बताया कि  जहां विभिन्न उद्योगों के तकनीकी –कार्य तथा विभिन्न डिप्लोमा और कौशल प्रशिक्षण के कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं।
    सिपेट का औद्योगिक विकास में अहम योगदान-पटियाल
    इस अवसर पर लघु उद्योग संघ के चेयरमैन विचित्र सिंह पटियाल ने कहा कि बददी बरोटीवाला नालागढ़ के औद्योगिक विकास में अहम योगदान रहा है। उन्होने कहा कि सिपेट संस्थान में हर प्रकार के मोल्ड जहां बनते हैं वहीं प्लास्टिक के उत्पादों का का भी उच्च श्रेणी में थर्ड पार्टी उत्पादन होता है।
    निदेशक ने बताया प्लास्टिक प्रसंस्करण विभाग जहां विभिन्न उद्योगों के वस्तुए जोबवार्क आधार पर बनाए जाते हैं , टेस्टिंग विभाग जहा बीआईएस तथा एनएबीएल प्रमाणित परीक्षण प्रयोगशालाएं , लोहे तथा अन्य धातु मे मोल्ड-डाई बनवाने अथवा जोबवार्क हेतु टूलरूम विभाग, प्रोडक्ट डिजाइन तथा 3 डी प्रिंटिंग तकनीक हेतु कैड कैम विभाग के कार्यों से अवगत कराया गया।
     
  • हरियाणा में अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी अब 15,220 रुपये प्रतिमाह,कैबिनेट ने दी मंजूरी

    हरियाणा में अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी अब 15,220 रुपये प्रतिमाह,कैबिनेट ने दी मंजूरी

    बंगाल की जनता परिवर्तन के लिए तैयार, भाजपा सरकार बनना तय : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज चंडीगढ़ में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने प्रदेश के श्रमिक वर्ग के हित में बड़ा फैसला लेते हुए अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर 15,220 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से प्रदेश के लाखों अकुशल श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र में उन्होंने घोषणा की थी कि एक्सपर्ट कमेटी ने अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी को बढ़ाने की सिफारिश की है। आज मंत्रिमंडल ने इस घोषणा को पूरा करते हुए मजदूरी 15,220 रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। न्यूनतम मजदूरी में यह वृद्धि न केवल अकुशल श्रमिकों की आय बढ़ाएगी, बल्कि उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती देगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज कैबिनेट के समक्ष कुल 7 एजेंडे रखे गए, जिनमें से 6 एजेंडे पारित हुए।

    प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने की मजबूत पृष्ठभूमि तैयार हो रही है। बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और वहां विकास, उद्योग, महिलाओं की सुरक्षा तथा सुशासन के लिए भाजपा पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

    पश्चिम बंगाल में लंबे समय तक वामपंथी शासन और उसके बाद वर्तमान सरकार के दौरान उद्योग और रोजगार को नुकसान पहुंचा। महिलाओं पर अत्याचार, किसानों को MSP का लाभ न मिलना, आम जनता में असुरक्षा का माहौल और कानून-व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति के कारण वहां लोग बदलाव के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में बंगाल में भाजपा सरकार बनना तय है।

    एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश सेवा का प्रतीक है। जब भी देश पर कोई विपत्ति आई है, संघ के कार्यकर्ता सबसे पहले सेवा के लिए खड़े दिखाई दिए हैं। संघ ने कभी प्रचार की राजनीति नहीं की, बल्कि हमेशा शांत और समर्पित भाव से समाज सेवा का कार्य किया है। लेकिन इस बारे विपक्ष द्वारा बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है ।  आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देशभर में लाखों लोगों को उपचार का लाभ मिला है, लेकिन पश्चिम बंगाल और पंजाब सरकारों द्वारा इस योजना को लागू न किए जाने के कारण वहां के अनेक जरूरतमंद लोग इसके लाभ से वंचित रह गए।

    मतदाता सूची शुद्धिकरण पर उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग की नियमित और आवश्यक प्रक्रिया है। मतदाता सूची की शुचिता लोकतंत्र के लिए जरूरी है और समय-समय पर इसका शुद्धिकरण होना चाहिए। सरकार का फोकस हर वर्ग के लोगों को काम और अवसर उपलब्ध कराने पर है। जनता को विकास, रोजगार और सुरक्षा चाहिए, केवल आरोपों से समस्याओं का समाधान नहीं होगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और हरियाणा सरकार भी उसी सोच के साथ प्रदेश हित में कार्य कर रही है।इस अवसर पर सूचना,जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल एवं मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय उपस्थित रहे ।

     

  • गेहूं के प्रसंस्करण में गुणवत्ता नियंत्रण अनिवार्य: राज्य खाद्य आयोग

    गेहूं के प्रसंस्करण में गुणवत्ता नियंत्रण अनिवार्य: राज्य खाद्य आयोग

    शिमला: राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एस. पी. कत्याल की अध्यक्षता में आज यहां जिला शिमला, बिलासपुर, सिरमौर एवं मण्डी के आटा मिल मालिकों के साथ आयोजित बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत गेहूं एवं गेहूं के आटे की खरीद, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, फोर्टिफिकेशन तथा वितरण से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

    बैठक में प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग के संदर्भ में निर्धारित मिलिंग मानकों के अनुपालन एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा निर्धारित फोर्टिफिकेशन मानकों (आयरन, फोलिक एसिड एवं विटामिन बी 12) के अनिवार्य अनुपालन पर बल दिया गया। फोर्टिफिकेशन प्रीमिक्स के सटीक मिश्रण के लिए माइक्रो-फीडर तकनीक अपनाने को प्रोत्साहित किया गया। पैकेजिंग से संबंधित मुद्दों, जैसे बैग की शेल्फ लाइफ एवं लेमिनेशन पर भी चर्चा की गई, जिसमें मिलर्स ने नमी के उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए वजन में अनुमेय सहनशीलता की मांग की।

    बैठक में निर्णय लिया गया कि परिवहन दूरी एवं लागत को कम करने के लिए जिलावार तर्क संगत आवंटन (मैपिंग) किया जाएगा और निरीक्षण प्रणाली को सुदृढ़ करते हुए गोदामों पर वाहनों की प्लेटफॉर्म तौल सुनिश्चित की जाएगी ताकि रिसाव को रोका जा सके और मात्रा की सटीकता बनी रहे। मिलर्स को एफसीआई गोदामों से ही निम्न गुणवत्ता अथवा संक्रमित गेहूं को अस्वीकार करने तथा प्रतिस्थापन के लिए उचित दस्तावेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यह भी निर्णय लिया गया कि मिलर्स संबंधित जिला नियंत्रकों को खरीद एवं मिलिंग की समय सीमा संबंधी नियमित एवं समेकित जिलावार रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

    गुणवत्ता आश्वासन एवं निगरानी के संबंध में प्री-डिस्पैच परीक्षण प्रणाली को सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया। औद्योगिक क्षेत्रों में अतिरिक्त परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया ताकि समयबद्ध एवं वैज्ञानिक गुणवत्ता जांच सुनिश्चित की जा सके।बैठक में खरीद, मिलिंग एवं वितरण प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने के लिए डिजिटल रिकॉर्ड-कीपिंग प्रणाली अपनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।मिलर्स ने कई परिचालन संबंधी चुनौतियों के बारे में भी अवगत करवाया, जिनमें पैकेजिंग और परिवहन एवं बिजली की लागत आदि से संबंधित विषय शामिल हैं।  बैठक में आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • श्री अकाल तख्त साहिब के फैसलों पर सवाल उठाना सुखबीर बादल की हताशा का प्रतीक: मालविंदर सिंह कंग

    श्री अकाल तख्त साहिब के फैसलों पर सवाल उठाना सुखबीर बादल की हताशा का प्रतीक: मालविंदर सिंह कंग

    चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप)के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि सिखों की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त साहिब के फैसलों पर सवाल उठाना सुखबीर बादल की हताशा और सिख मर्यादाओं के प्रति उनके मन में शून्य सम्मान को दर्शाता है। कंग ने कहा कि जिस तरह से सुखबीर बादल अब अपनी राजनीतिक जमीन खिसकते देख पवित्र संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

    सांसद कंग ने याद दिलाया कि जब पहले सुखबीर सिंह बादल को श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा तलब किया गया था, तब उन्होंने गुरु महाराज की पावन उपस्थिति में अपनी तमाम गलतियों को स्वीकार किया था। पूरी दुनिया ने लाइव प्रसारण के माध्यम से उन्हें अपनी भूल मानते हुए देखा था। लेकिन, इसके तुरंत बाद श्री मुक्तसर साहिब की एक रैली में उन्होंने अपने सुर बदल लिए और बेशर्मी से कह दिया कि उन्होंने कोई गुनाह नहीं किया है। यह दोहरा चरित्र उनके अहंकार और सिख कौम के प्रति उनकी बेरुखी का प्रमाण है।

    सुखबीर बादल के उस हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब में अपने खिलाफ ‘साजिश’ होने की बात कही है, कंग ने कहा कि ऐसी बड़ी भूल या गुस्ताखी तो कोई गैर-सिख भी नहीं कर सकता।उन्होंने कहा कि जहाँ पाँच सिंह साहिबान ने गुरु महाराज की हजूरी में बैठकर, सिख मर्यादाओं और गौरवशाली इतिहास के आधार पर फैसला सुनाया हो, उसे ‘साजिश’ करार देना सिख इतिहास की सबसे दुखद और शर्मनाक घटनाओं में से एक है।

    कंग ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल ने जो गुनाह पंजाब और सिख पंथ के खिलाफ किए हैं, उसकी सजा तो पंजाब के लोग उन्हें लगातार दे ही रहे हैं। लेकिन अब, जिस तरह से उन्होंने सिखों की सर्वोच्च संस्था की साख और फैसलों पर उंगली उठाई है, उसके लिए पूरा पंथ उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। कौम और संगत आने वाले समय में इस गुस्ताखी के लिए उन्हें कड़ी सजा देगी।

     

     

  • Punjab News : Divider से पलटियां खाकर Car पर चढ़ी Bus , मची चीख-पुकार,  देखें वीडियो

    Punjab News : Divider से पलटियां खाकर Car पर चढ़ी Bus , मची चीख-पुकार, देखें वीडियो

    गुरदासपुर : जिले के बस स्टैंड से निकली ABTC कंपनी की बस बाईपास पर पलटियां खाकर एक गाड़ी पर चढ़ गई। जिस समय यह हादसा हुआ बस सवारियों से लैस थी। इस दौरान बस की गति बहुत तेज थी। बस डिवाइडर से टकरा कर पलटियां खाकर रॉंग साइड चली गई और दूसरी ओर से आ रही गाड़ी पर चढ़ गई। जिसे देख राहगीरों के होश फाख्ता हो गए।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी दलजिंदर सिंह ने बताया कि बस 4:45 बजे गुरदासपुर बस स्टैंड से निकली थी। बस चालक द्वारा बस तेजी से चलाई जा रही थी। जिस कारण बस डिवाइडर से टकरा कर पलटियां खाकर सड़क के दूसरी ओर चली गई और गाड़ी पर जा चढ़ी। इस घटना में बस में सवार 30 से 35 लोग जख्मी हुए है। जिन्हें अलग अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। गाड़ी में सवार लोग भी जख्मी हुए है।    
  • Himachal News : भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस मनाया

    Himachal News : भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस मनाया

    ऊना/सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस सोमवार को पूरे उत्साह और जोश के साथ जिला मुख्यालय स्थित दीप कमल कार्यालय में मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति एवं संगठन के प्रति समर्पण का माहौल बना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम मिन्हास ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती उपस्थित रहे। इस दौरान पार्टी का ध्वजारोहण किया गया और कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के साथ संगठन के प्रति अपनी निष्ठा जताई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनावों के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का संदेश दिया। जिला मुख्यालय के दीप कमल कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सतपाल सिंह सत्ती ने विधिवत रूप से पार्टी का ध्वज फहराया और उपस्थित कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है और 2014 के बाद से जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में होने वाली चुनावी गतिविधियों के लिए पूरी तरह तैयार रहें। सत्ती ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावों में जीत की कुंजी है और इसके लिए हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया और आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने का भरोसा जताया।
     
  • हिप्र अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने किया सेवानिवृत्त गैर-राजपत्रित प्रतिनिधियों को सम्मानित

    हिप्र अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने किया सेवानिवृत्त गैर-राजपत्रित प्रतिनिधियों को सम्मानित

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला ऊना ने बुधवार को ज़िला मुख्यालय पर स्थित लोक निर्माण विश्राण गृह में महासंघ के सेवानिवृत्त प्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में महासंघ के विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके 20 सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता महासंघ के वरिष्ठ उप-प्रधान तारा सिंह ने की, जबकि विभिन्न विभागों के कर्मचारी प्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने अनुभव और समर्पण से संगठन तथा समाज के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य कर प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ संगठन में भी पूर्ण समर्पण भाव से कार्य  किया है। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान समारोह उन कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है, जिन्होंने वर्षों तक संगठन में रहकर कर्मचारी हितों की पैरवी के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सेवानिवृत्त कर्मचारी भविष्य में भी अपने अनुभवों से संगठन की मजबूती के लिए जरूरी मार्गदर्शन देते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की गई।

    समारोह में जिला प्रधान रह चुके रजनीश शर्मा, बंगाणा ब्लॉक के प्रधान प्रकाश चन्द, हरोली ब्लॉक के प्रधान हरजिन्दर सिंह व महासचिव प्रेम सिंह जसवाल, गगरेट ब्लॉक से राज्य प्रतिनिधि नरेन्द्र कुमार व जिला प्रतिनिधि जगजीत सिंह, जिला प्रतिनिधि राजीव कुमार व राजकुमार, जिला उप-प्रधान इन्दु बाला, जिला मुख्यालय शहरी इकाई के प्रतिनिधि अश्वनी शर्मा व रमन कुमार, अम्ब से जिला प्रतिनिधि अवतार सिंह व राजकुमार , संगठन सचिव ऊना रह चुके चमेल सिंह व गगरेट के मनोज कुमार को महासंघ की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रतिनिधि इंदु बाला, रमन कुमार और अश्वनी शर्मा ने महासंघ के सहयोग के लिए नकद राशि दान की, जिस पर एनजीओ वरिष्ठ उप-प्रधान तारा सिंह ने महासंघ की ओर से इनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महासचिव राजेश कुमार, प्रदेश प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, राजीव पाठक, ब्लॉक प्रधान बलबीर सिंह व मनोज कुमार के सहित अन्य प्रतिनिधि जुगल किशोर, राज कुमार, सुरेश अत्री, मंजीत सिंह, विनय उपस्थित रहे।

  • Punjab News: मोहाली में इंफोसिस कैंपस के पास ₹250 करोड़ का कन्वेंशन सेंटर बनेगा: मंत्री संजीव अरोड़ा

    Punjab News: मोहाली में इंफोसिस कैंपस के पास ₹250 करोड़ का कन्वेंशन सेंटर बनेगा: मंत्री संजीव अरोड़ा

    चंडीगढ़, 8 अप्रैल 2026: पंजाब सरकार ने राज्य में निवेश और आधुनिक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए मोहाली में अत्याधुनिक बहु-उद्देश्यीय प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर (ECC) बनाने की घोषणा की है। यह प्रोजेक्ट पल्कशा यूनिवर्सिटी और सेक्टर 83 स्थित इंफोसिस कैंपस के पास विकसित किया जाएगा।

    पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, स्थानीय निकाय और बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने इस प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल राज्य को अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और निवेश के लिए प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

    ₹250 करोड़ की लागत, IT सिटी में बनेगा सेंटर

    मंत्री ने बताया कि यह प्रोजेक्ट मोहाली IT सिटी के बीच लगभग 14 एकड़ क्षेत्र में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत करीब ₹250 करोड़ है और इसे Exhicon Events Media Solutions Limited द्वारा तैयार किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की रियायत अवधि 15 वर्ष होगी और इसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा—पहला चरण दिसंबर 2026 तक और दूसरा चरण दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

    प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर में आधुनिक कॉलम-फ्री प्रदर्शनी हॉल बनाए जाएंगे, जिनमें लगभग 40,000 और 15,000 वर्ग फुट के बड़े हॉल शामिल होंगे। इसके अलावा करीब 15,000 वर्ग फुट का रिटेल, फूड और बेवरेज ज़ोन भी विकसित किया जाएगा।

    इस केंद्र में लगभग 1,000 वाहनों की पार्किंग सुविधा, सुंदर लैंडस्केप वाले खुले सार्वजनिक क्षेत्र और बड़े इवेंट्स के लिए ओपन स्पेस भी होगा।

    मंत्री ने बताया कि यह केंद्र 5,000 से 10,000 डेलीगेट्स वाली कॉन्फ्रेंस, 200 से 500 बूथ वाले ट्रेड फेयर, बड़े कॉर्पोरेट इवेंट्स, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और 15,000 लोगों तक के सामाजिक आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम होगा।

    मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि यह प्रोजेक्ट आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा। अनुमान है कि पहले पांच वर्षों में 15,000 से 25,000 तक रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

    इसके साथ ही पर्यटन, होटल उद्योग और अन्य सहायक क्षेत्रों को भी बड़ा फायदा मिलेगा और पंजाब एक प्रमुख MICE (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्जीबिशन) डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा।

    मोहाली को ग्लोबल हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम

    इस प्रोजेक्ट में आधुनिक डिजाइन और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इसमें उन्नत संरचनात्मक प्रणाली, बेहतर ट्रैफिक और लॉजिस्टिक्स प्लानिंग, और आधुनिक IT व AV सिस्टम शामिल होंगे।

    यह केंद्र नेशनल बिल्डिंग कोड (NBC), फायर सेफ्टी और एक्सेसिबिलिटी मानकों का पालन करेगा और ग्रीन 5-स्टार सस्टेनेबल डिजाइन सिद्धांतों के आधार पर तैयार किया जाएगा।

    मंत्री ने कहा कि यह प्रोजेक्ट पंजाब सरकार के उस विजन का हिस्सा है, जिसके तहत मोहाली को 21वीं सदी का IT और सर्विस हब बनाया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि इससे न केवल व्यापार करना आसान होगा, बल्कि निवेशकों का विश्वास भी बढ़ेगा और पंजाब को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

    इस मौके पर Exhicon ग्रुप के चेयरमैन एम. क्यू. सईद, PUDA के अधिकारी और प्रोजेक्ट से जुड़े आर्किटेक्ट्स भी मौजूद रहे।

  • Punjab News: घटिया मटेरियल को लेकर विधायक का एक्शन, केस दर्ज, देखें वीडियो

    Punjab News: घटिया मटेरियल को लेकर विधायक का एक्शन, केस दर्ज, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के रामदास क्षेत्र में विकास कार्यों के दौरान घटिया मटेरियल इस्तेमाल के मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल एक्शन मोड में आ गए। इस दौरान विधायक ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। विधायक ने कहा कि जिनके पास यह टेंडर था, उनकी पूरी जांच कराई जाएगी और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। धालीवाल ने कहा कि वह पहले ही ठेकेदारों को गुणवत्ता के बारे में सख्त निर्देश दे रहे हैं और खुद भी मौके पर जाकर काम की जांच करते हैं।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि मटेरियल की गुणवत्ता पर किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामदास में बन रहे छप्पड़ के दौरान ईटों की खराबी, मारा सीमेंट, घटिया बजरी और रेत का इस्तेमाल हो रहा था, जिसे देखकर तुरंत कार्रवाई की गई। विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा गांवों में बड़े स्तर पर विकास कार्य जैसे स्टेडियम, सड़कें और अन्य प्रोजेक्ट चल रहे हैं, इसलिए यह जरूरी है कि हर काम में मानक सामग्री का प्रयोग किया जाए।

    विधायक ने सभी ठेकेदारों से हाथ जोड़कर विनती की कि वे ईमानदारी से काम करें और सरकार को कानूनी कार्रवाई के लिए मजबूर न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति खराब मटेरियल का उपयोग करता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भी स्पष्ट आदेश दिए हैं कि किसी भी ठेकेदार को कोई रियायत नहीं दी जाएगी और सिर्फ बेहतर और मानक काम ही स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि पंजाब में विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।