Blog

  • सफर करने के लिए करना होगा इंतजार, अगले साल शुरू हो पाएगी उड़ान

    सफर करने के लिए करना होगा इंतजार, अगले साल शुरू हो पाएगी उड़ान

    ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा में बन रहे जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सितंबर माह से शुरू होने वाली उड़ाने 6 महीने के लिए आगे बढ़ा दी गई हैं। इसकी जानकारी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एक बयान जारी कर दिया है। उन्होंने बताया है कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की वाणिज्यिक शुरुआत का समय 6 महीने आगे बढ़ा दिया गया है, यही नहीं यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने अभी तक के काम का प्रेस विज्ञप्ति जारी का ब्यौरा भी साझा किया है।

    बता दें जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य करने वाली कंपनी ने बताया कि इसका निर्माण और विकास कार्य आखिरी चरण में चल रहा है। यहां रनवे यात्री टर्मिनल और नियंत्रण टावर पर काम तेजी से चल रहा है। हाल ही में अभी ग्राउंड हैंडलिंग कमर्शियल क्षेत्र के लिए संचालन और जरूरी रख रखाव का अनुबंध किया गया है।

    ग्रेटर नोएडा के जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की क्षमता 12 मिलियन यात्रियों की होगी। यह भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। इसके लिए एक मानक तय किया जाएगा। वह मानक अभी तक किसी भी हवाई अड्डे में नहीं होगा। वह बिल्कुल नया मानक होगा।

  • Punjab: Police Station में बदमाश ने किया तेजधार हथियार से हमला, मुलाजिमों ने भागकर बचाई जान, देखें वीडियो

    Punjab: Police Station में बदमाश ने किया तेजधार हथियार से हमला, मुलाजिमों ने भागकर बचाई जान, देखें वीडियो

    लुधियानाः थाना मोती नगर से बड़ी खबर सामने आई है। जहां थाने में घुसकर बदमाश ने पुलिस पर हमला कर दिया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हालांकि घटना रविवार की बताई जा रही है। इस दौरान थाना मोती नगर में एक शख्स ने थाने में बैठे पुलिस कर्मचारियों पर तलवार से धावा बोल दिया। हालात ये हो गए कि मुलाजिमों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। आखिर में उक्त शख्त को किसी तरह काबू किया गया। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति दिमागी तौर पर बीमार है। इस घटनाक्रम ने पुलिस के थानों में सुरक्षित होने पर सवालिया निशान लगा दिया है। इस हमले में दो पुलिस कर्मचारी घायल हुए है वहीं हमलावर को भी इसमें चोट आई है।

    पुलिस कर्मचारियों ने उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया है। जानकारी मुताबिक रविवार की नाइट शिफ्ट चल रही थी। अचानक 8 बजे मुलाजिम मुख्य मुंशी के कमरे में मौजूद थे। तभी एक शख्स हाथ में तलवार लिए उनके कमरे की पिछली तरफ से अंदर मुलाजिमों की तरफ बढ़ा और तलवार से उनपर धावा बोल दिया। अचानक हुए अटैक के बाद मुलाजिमों इधर-उधर भागने लगे। हालात ये बन गए कि एक पुलिस कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए कमरा छोड़ इधर-उधर भागने लगा। लेकिन दूसरी मुलाजिम अंदर ही रह गया। जिस पर उक्त हमलावर ने ताबड़तोड़ वार किए। तलवार लगने से मुलाजिम घायल हो गया।

    तभी जो मुलाजिम बाहर भागा था, उसने हमलावर को काबू करने के लिए उप पर ईंट से वार कर दिया। इससे हमलावर गुस्से में आकर उसकी तरफ तलवार लेकर भागा। तब तक थाने में शोर-शराबा सुन लोग इक्ट्ठे हो गए। लोगों की मदद से हमलावर को दबोचा गया। 28 सेकेंड तक ये हल्ला थाना में चलता रहा। घटना के तुरंत बाद पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने पुलिस कर्मचारियों ने अवगत करवाया। हमला करने वाला व्यक्ति दिमागी तौर पर बीमार है। हमने उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया है। फिलहाल इस मामले में अभी कोई एक्शन नहीं लिया गया।

  • Jalandhar: 2 व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ’त

    जालंधर,ENS : दिन प्रति दिन गर्मी बढ़ती ही जा रही है। बीते दिन गर्मी के कारण शहर में 2 लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग का शव ट्रांसपोर्ट नगर और दूसरे व्यक्ति का शव इंडस्ट्रियल एरिया से मिला है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जालंधर सिविल अस्पताल भेजे गए हैं। 

    दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों का फोटो सर्कुलेट कर दिया है। ट्रांसपोर्ट नगर में सुबह 70 साल के बुजुर्ग का शव मिला। घटना की सूचना मिलने पर थाना-8 में तैनात जांच अधिकारी बलजीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव की पहचान कराने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।

    इसी तरह पुलिस को इंडस्ट्रियल एरिया गली नंबर 1 ट्रांसपोर्ट नगर से एक 40-45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। उक्त शव के पास कोई दस्तावेज नहीं मिलने से उसकी भी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने कहा है कि दोनों की मौत गर्मी के कारण हुई है।

    हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और पहचान के लिए 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। शवों की पहचान नहीं होने पर पुलिस नगर निगम की मदद से अंतिम संस्कार कर देगी।

  • Punjab: Police एनकाउंटर से डरकर Gangster ने सिरेंडर करने का किया ऐलान, देखें वीडियो

    Punjab: Police एनकाउंटर से डरकर Gangster ने सिरेंडर करने का किया ऐलान, देखें वीडियो

    बोला-पत्नी पर झूठा पर्चा रद्द करे पुलिस

    लुधियानाः गैंगस्टर सागर न्यूटन पुलिस द्वारा किए जा रहे एकाउंटर से डर गया है। वहीं अब उसकी एक वीडियो सामने आई है। उसने पुलिस पर कई उसकी पत्नी के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करने के भी गंभीर लगाए है। सागर ने वीडियो वायरल कर पुलिस को चेतावनी भी दी है कि यदि उसकी लाइफ खराब होती है तो वह किसी की भी लाइफ ठीक नहीं रहने देगा। बता दें सागर न्यूटन पर इरादा-हत्या सहित कई मामला दर्ज है। पुलिस सागर न्यूटन की तलाश में लगातार छापामारी कर रही है। सागर ने पुलिस पर उसकी एंटी पार्टी से पैसे लेकर झूठा मामला दर्ज करने की बात भी वीडीयो में कही है। मैं किसी की मिन्नतें करने के लिए ये वीडियो नहीं बना रहा हूं।

    मैं सिर्फ इतनी बात रखनी चाहता हूं कि जो मैने अपराध किया था उसके मुताबिक मुझ पर 307 का मामला दर्ज हुआ। उस व्यक्ति ने हमारी जाति के बारे गलत बोला था। इस कारण उसे घर में घुसे थे ताकि उसे पता चले कि वाल्मीकि बिरादगी कुछ गलत सहन नहीं करेगी। न्यूटन ने कहा कि वह अपने बच्चे और पत्नी के कारण सुधर रहा था। इसी कारण वह पंजाब से बाहर रह रहा था। मैनें ये अपराध की दुनिया छोड़नी थी। जब मैं जेल जाता था कि मेरी पत्नी घर पर बच्चों को संभालती थी लेकिन अब पुलिस ने मेरी पत्नी पर झूठा 302 का मामला दर्ज किया है। पिछले 4 दिन से उसे थाना दुगरी में रखा हुआ है। न्यूटन ने कहा कि पुलिस कमिश्नर ने उसे साथ नाजायज की है। सागर ने कहा कि उसकी पूरी जिंदगी पुलिस ने खराब कर दी है। इसलिए अब वह किसी की भी जिंदगी सेट नहीं रहने देगा। न्यूटन ने कहा कि वह अभी भी लुधियाना में ही घुम रहा है। वह पुलिस के सामने पेश होने के लिए भी तैयार है यदि उसकी पत्नी पर डाले गए झूठे पर्चे रद्द किए जाए। न्यूटन ने कहा कि पुलिस ने मेरी एंटी पार्टी से 50-50 लाख रुपए खाए है। उसके पास इतना पैसा नहीं है कि वह केसों पर पैसे खर्च कर सके।

    उसने कहा कि यदि विरोधियों के पास पैसा है तो मेरे पास स्वाभीमान है। सरेआम विधायक के रैली में भगोड़े लोग घुमते है। ये लोग पैसे और पावर के दम पर घुमते है। सागर ने कहा कि जो लोग पुलिस की गाड़ियों में बैठकर गनमेनों के साथ तस्वीरें डालते है उन्हें पुलिस पकड़ती नहीं है। ये वो लोग है कि नशा तस्करी करते है। सागर ने कहा कि क्या उसे उसके परिवार के साथ सही ढंग से जीवन व्यत्तीत करने का हक नहीं है। न्यूटन ने कहा कि उसे पता है कि पुलिस ने उसका एनकाउंटर करना है। न्यूटन ने कहा कि 307 के केस में वह खुद मानता है कि उससे गलती हुई थी। उसने मारपीट की और महिला पर भी हाथ उठाया। न्यूटन ने कहा कि 307 के केस में इंटेलीजेंस, AGTF की टीम एनकाउंटर करने के लिए 50-60 कर्मचारी बुलेटप्रूफ गन से लेस होकर मेरे फ्लेट पर रेड करने आए।

    सागर ने कहा कि मेरी किस्मत अच्छी थी कि वहां मैं पुलिस को मिला नहीं अन्यथा पुलिस ने उसे मार देना था। फ्लेट पर छोटी बेटी और पत्नी मौजूद थी जिसे पुलिस कर्मी अपने साथ ले गए। पत्नी के साथ पुलिस ने क्या व्यवहार किया इस बारे पता नहीं। सागर ने कहा कि आज तक उसने कोई हथियार नहीं रखा था लेकिन पत्नी जेल जाती है तो मैं हथियार भी मंगवाउंगा और सब कुछ करुंगा। सागर ने कहा कि मेरे मरने के बाद भी इसी तरह से ये कुछ होगा। सागर ने कहा कि मुझे पता कि पुलिस ने मुझे मारना है। न्यूटन ने कहा कि मुझे मेरी बेटी की कसम है यदि पुलिस पत्नी पर दर्ज FIR रद्द करती है तो वह सिरेंडर करेगी। बाकी यदि कोई वाल्मीकि समाज के बारे गलत कहेगा तो उसके घर में घुसेगे।

  • Jalandhar: मेडिकल स्टोरों पर पुलिस की Raid , अवैध दवाएं जब्त

    Jalandhar: मेडिकल स्टोरों पर पुलिस की Raid , अवैध दवाएं जब्त

    जालंधर, ENS: मकसूदा और करतारपुर थाना के अधीन आने वाले मेडिकल स्टोरों पर सोमवार को अधिकारियों के आदेश अनुसार छापामारी की गई। डीएसपी कुलविंदर सिंह ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर अनुपमा कालिया और परमिंदर सिंह जालंधर 3 ने मेडिकल स्टोरों पर छापामारी की।

     चेकिंग के दौरान करीब तीन मेडिकल स्टोरों पर अवैध दवाइयां बरामद हुईं, जिन्हें सीज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि पुलिस की ओर से मेडिकल स्टोरों को चेक करने का काम किया जा रहा है। ताकि तलाशी में अवैध दवाइयों को पकड़ा जा सके।

  • अहम खबरः Canada में बदले नियम, Indian Students को पोस्ट ग्रेजुएशन Work Permit के जरिए अब नहीं मिलेगी एंट्री

    अहम खबरः Canada में बदले नियम, Indian Students को पोस्ट ग्रेजुएशन Work Permit के जरिए अब नहीं मिलेगी एंट्री

    ओटावा: कनाडा में एंट्री के लिए पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट (पीजीडब्ल्यूपी) अब कारगर नहीं होगा। कनाडा सरकार ने पीडीडब्लूपी के जरिए विदेशी नागरिकों को प्रवेश को रोक दिया है। 21 जून, 2024 के बाद से विदेशी नागरिक पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट के लिए आवेदन बंद कर दिए गए हैं। कनाडा सरकार ने सीमा सेवा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे कनाडा में प्रवेश के लिए पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट आवेदनों पर कोई विचार ना करें। कनाडा सरकार के बयान के अनुसार, विदेशी नागरिक अब बॉर्डर पर पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

    फाइनेंशिल एक्सप्रेस के मुताबिक, आवेदक कनाडा के भीतर से पीजीडब्ल्यूपी के लिए आवेदन कर सकते हैं, अगर उनका अध्ययन परमिट समाप्त नहीं हुआ है। जो आवेदक अपने अध्ययन परमिट के वैध रहने के दौरान अपने वर्क परमिट के लिए आवेदन करते हैं, उन्हें वर्क परमिट आवेदन पर निर्णय आने तक बिना परमिट के काम करने की अनुमति दी जा सकती है। किसी विदेशी नागरिक ने अपने अध्ययन परमिट को बढ़ाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है और वे अध्ययन कर रहे हैं तो यह नियम उन पर लागू नहीं होता है, तथा उन्हें पात्र होने के लिए अपने नए अध्ययन परमिट प्राप्त होने तक प्रतीक्षा करनी होगी। जिन आवेदकों का अध्ययन परमिट अमान्य हो जाता है या वर्क परमिट के लिए आवेदन करने से पहले ही समाप्त हो जाता है, वे कनाडा से आवेदन करने के योग्य नहीं होंगे।

    जिन आवेदकों के पास कनाडा में वर्क परमिट के लिए आवेदन करने की क्षमता नहीं है, वे कनाडा से बाहर प्रक्रिया के लिए अपना आवेदन इलेक्ट्रॉनिक रूप से जमा कर सकते हैं। आवेदक इलेक्ट्रॉनिक रूप से आवेदन जमा कर सकते हैं, अगर वो कनाडा में रहते हैं। उन्हें वास्तविक कार्य परमिट प्राप्त होने तक आगंतुक के रूप में अपनी स्थिति बनाए रखनी चाहिए। हालांकि, वे अपने PGWP आवेदन पर निर्णय की प्रतीक्षा करते समय काम करने के योग्य नहीं हैं।

    कनाडा में पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट किसी को भी पढ़ाई पूरी करने के बाद कनाडा में रहने और काम करने की अनुमति देता है। पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट कनाडा में रहने और कनाडा के पोस्ट-सेकेंडरी संस्थान से स्नातक होने के बाद 3 साल तक पूर्णकालिक काम करने की अनुमति देता है। कनाडा में स्नातकोत्तर कार्य परमिट के लिए आवेदन करने हेतु पात्र होने के लिए कम से कम 8 महीने के शिक्षा कार्यक्रम से स्नातक होना, कनाडा के किसी विश्वविद्यालय से स्नातक या स्नातकोत्तर कार्यक्रम पूरा करना होना जरूरी है। परमिट के लिए आपके अंतिम अंक जारी करने के 180 दिनों के भीतर वर्क परमिट के लिए आवेदन करना होगा।

  • 14 राज्यों में Heavy Rain की चेतावनी

    नई दिल्ली : दिल्ली-NCR समेत देश कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। कहीं बादल छाए हैं तो कहीं पर बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान तटीय कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरीं, कराईकल, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, ओडिशा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

      इन राज्यों के अलावा उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम और गुजरात के अलग-अलग इलाकों में 26 जून तक तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान इन राज्यों में  115.5-204.4 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। दिल्ली में सोमवार शाम आसमान में बादल छाये रहे और लुटियंस दिल्ली समेत राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान जताया है। 

    मौसम विभाग ने मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश होने तथा तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। वहीं, अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है।

  • Jalandhar : तेज रफ्तार Car की ट्राले से हुई टक्कर, टीचर की मौत

    Jalandhar : तेज रफ्तार Car की ट्राले से हुई टक्कर, टीचर की मौत

    जालंधर, ENS: मैक्लोडगंज में गर्मी की छुट्टियां बिताकर जालंधर लौट रहे परिवार की तेज रफ्तार कार आदमपुर के गांव कठार के पास खड़े ट्राले में टकरा गई। हादसा सोमवार को शाम करीब 4 बजे हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी भयानक थी कि खड़े ट्राले को कार 15 मीटर दूर तक धकेलते हुए ले गई। हादसे में अध्यापक रुपिंदर सिंह निवासी बेअंत नगर, रामामंडी, जालंधर की मौके पर ही मौत हो गई। 

    जबकि बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पत्नी नेहा व 12 साल की बेटी को मामूली चोटें लगी हैं। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में ले दाखिल करवाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना आदमपुर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पहले घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्राले वाला पानी पीने के लिए रुका था, उसने ट्राले को साइड पर खड़ा किया था। 

    तभी तेज रफ्तार कार पीछे से आई और खड़े ट्राले में टकरा गई। हादसे के बाद कार का स्पीडो मीटर 100 पर अटक गया। जानकारी के अनुसार मृतक रुपिंदर सिंह पेशे से अध्यापक हैं। वे गर्मी की छुट्टियों के लिए परिवार के साथ मैक्लोडगंज गए थे। वहां से वह वापस लौट रहे थे तो हादसा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • Jalandhar: Truck की चपेट में आने से 2 भाइयों की मौ’त

    Jalandhar: Truck की चपेट में आने से 2 भाइयों की मौ’त

    जालंधर, ENS: पठानकोट बाईपास पर सोमवार तड़के 3 बजे के ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव करलूब, जम्मू निवासी आयान शर्मा( 24) और आकाश शर्मा (27)के रूप में हुई है। दोनों अभी कुंवारे थे। दोनों जम्मू से मनाली होकर जालंधर के रास्ते चंडीगढ़ जा रहे थे कि हादसा हो गया। आयान बुआ के बेटे आकाश के साथ निकला था। राहगीर ने हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम व एंबुलेंस को दी थी। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा की फोर्स मौके और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों को सिविल अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

    इसके बाद सड़क सुरक्षा फोर्स ने दोनों के शवों पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा कर थाना-8 की पुलिस को सूचित कर दिया। फोकल पॉइंट चौकी की पुलिस ने मृतकों की जेब से मिले आईडी प्रूफ से दोनों की पहचान की। मृतकों के मोबाइल से परिवार का नंबर निकलवा कर उन्हें हादसे की सूचना दी। दोपहर को दोनों का परिवार जालंधर पहुंचा। पुलिस ने दोनों के चाचा पवन कुमार शर्मा के बयान पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पवन ने बताया कि पूरा परिवार जम्मू में एक ही गांव में रहते हैं। इनके मनाली मे 2 होटल व शोरूम है। 

    उसी के कुछ काम के लिए दोनों बाइक पर चंडीगढ़ के लिए निकले थे। फोकल पाइंट चौकी के इंचार्ज अवतार सिंह ने बताया कि सुबह 4 बजे के करीब उन्हें हादसे की सूचना मिली थी। तभी ड्यूटी अफसर बलविंदर सिंह ने मौके पर पहुंच कर मृतकों की पहचान कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी थी। मृतकों के चाचा के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी ट्रक ड्राइवर को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • आज का राशिफल, 25 जून 2024

    आज का राशिफल, 25 जून 2024

    आज आषाढ़ कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि और मंगलवार का दिन है। चतुर्थी तिथि आज रात 11 बजकर 12 मिनट तक रहेगी। आज सुबह 9 बजकर 6 मिनट तक वैधृति योग रहेगा। साथ ही आज दोपहर 2 बजकर 33 मिनट तक श्रवण नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज संकष्टी श्रीगणेश चतुर्थी व्रत है। आचार्य इंदु प्रकाश से जानिए कैसा रहेगा आपके लिए 25 जून 2024 का दिन और किन उपायों से आप ये दिन बेहतर बना सकते हैं। साथ ही जानते हैं कि आपके लिए लकी नंबर और लकी रंग कौन सा होगा

     मेष राशि-आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज आप ऑफिस में अपना चमत्कारी प्रभाव दिखाने वाले हैं, कोई बहुत ही कठिन काम बड़ी आसानी से पूरा करने में सफल रहेंगे और आप अपने काम से बॉस के खास बन जायेगे। आज बेवजह के खर्चों से बचें क्योंकि थोड़ा-थोड़ा करके काफी लम्बा खर्चा हो सकता है। आज जीवनसाथी से कोई उपहार मिलने वाला है। बच्चों की उपलब्धियों से समाज में मान सम्मान बढ़ेगा।

    वृष राशि-आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आज आपका आध्यात्मिक लोगों से मिलना होगा। आज थोड़े से प्रयास से बड़ी उपलब्धि हासिल हो जायेगी। राजनीति में बड़े लोगों से मेल-जोल बढ़ेगा। आज आपकी देर शाम दोस्तों के साथ मीटिंग हो सकती है, इससे आपको कोई बड़ा लाभ भी होगा। आपको अच्छे स्वास्थ्य के लिए थोड़ा समय निकालना चाहिए। बेहतर होगा की सुबह-सुबह योग करनें की आदत डालें। आर्थिक स्थिति मजबूत होने वाली है, और अब जल्द ही आपकी आमदनी फिक्स हो जाएगी।

     मिथुन राशि-आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आज आप अपनी चतुराई से बिजनेस को तीव्र गति से दौड़ा देंगे जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान निकाल लेंगे और आप मालामाल हो जायेगे। इस राशि के जो लोग रंगमंच से जुड़े हैं, उन्हें आज अपना कौशल दिखाने के लिए कोई बड़ी उपलब्धि हासिल होगी। बच्चों की जिम्मेदारी पूरी करने का वक्त आ गया है और प्रभु की कृपा से सफलतापूर्वक आप अपनी जिम्मेदारी को पूरा भी कर लेंगे। अपना व अपनों का ख़ास ख्याल रखें।

     कर्क राशि-आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आज वाणी पर नियंत्रण करके आप सफलता हासिल कर लेंगे। आज प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े बड़े फैसले ले सकते हैं, जिससे आपको आगे चलकर अच्छा परिणाम हासिल होगा। स्वास्थ्य पर आज सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। परिवारजनों के साथ किसी पर्यटन-स्थल पर घूमने जायेंगे। आपको सामाजिक क्षेत्र में सफलता और यश-कीर्ति प्राप्त होगी। छात्रों के लिए समय अनुकूल रहने वाला है। मेहनत जारी रखें सफलता मिलने के योग बने हुए हैं।

     सिंह राशि-आज आपका दिन लाभदायक रहेगा। आज आपको ऑफिस में कोई ऐसा काम दिया जा सकता है जो चुनौतीपूर्ण है, लेकिन आप सफलता पूर्वक उसे निपटाने की पूरी भरपूर कोशिश करेंगे। आज आपकी कुछ कठिन विषयों में रुचि बढ़ सकती है। बिजनेस में नए अनुभव मिलने की सम्भावना है। आज आपकी लगन और मेहनत पर लोग ग़ौर करेंगे… जल्द ही नौकरी में प्रमोशन के साथ ही इनकम में भी इजाफा होगा। घरेलू जीवन में सामंजस्यपूर्ण स्थिति बनी रहेगी। साझेदारी के व्यवसाय से आपको लाभ हो सकता है।

     कन्या राशि-आज का दिन आपके अनुकूल रहेगा। आज किस्मत आपका साथ देने वाली है। आज आपको कोई खुशखबरी मिलेगी। कार्यक्षेत्र में आपको मिला-जुला परिणाम प्राप्त होगा। इस राशि के स्टूडेंट्स को उनके सीनियर्स से भरपूर मदद मिलेगी। जीवनसाथी के नज़रिये को समझकर व्यक्तिगत समस्याएं सुलझाएंगे तो दोनों में अच्छी अंडरस्टैंडिंग बनेगी। आज आप रसोई के लिए जरूरी चीजों की खरीदारी में व्यस्त रहेगें। आज आपका मन पूजा पाठ में लगेगा।

     तुला राशि-आज आपका दिन खास होने वाला है। हँसी-मज़ाक में कही गई बातों को लेकर उलझने से बचें। व्यापार की बढ़ोतरी के लिए आज आप कुछ अलग प्लान बनायेंगे। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, अपने रिश्ते की बात घर पर करेंगे। घरवाले इसपर सोच विचार करेंगे। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। किसी टॉपिक को समझने में शिक्षकों का सहयोग मिलेगा।

     वृश्चिक राशि-आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। आज आप अपने भाई के किसी महत्वपूर्ण कार्य में मदद करेंगे। आज आपको अपने दोस्तों के साथ कही घूमने का अवसर मिलेगा। आज अपना पसंदीदा काम निपटाने की योजना बना सकते हैं। रुके काम शुरू करने में किसी की मदद लेंगे। नौकरी के लिहाज से दिन काफी ठीक रहेगा, साथ ही काम में मन लगेगा और उत्साह भी बढ़ेगा। आज किसी से आर्थिक लेन-देन में आपको सतर्क रहने की जरूरत है।

    धनु राशि-आज आपका दिन नया बदलाव लेकर आया है। आज बनायी गई व्यापार संबंधित नई योजनाएं काफी आकर्षक साबित होंगी और अच्छी आमदनी का जरिया भी साबित होगी। अपने लक्ष्य को पाने के लिए अभी से काम पर लग जाएं आगे चलकर मेहनत का फल अच्छा मिलेगा। आज लोगों से बातचीत करते वक़्त मधुर भाषा का प्रयोग करें। नया कंप्यूटर खरीदने का कोई विचार है तो आज का दिन अच्छा है।

     मकर राशि-आज आपका दिन अच्छा रहेगा। लोगों के समस्याओं का समाधान निकालने के लिए आज भाग-दौड़ या किसी प्रकार की यात्रा हो सकती है। जीवनसाथी के साथ रिश्ते को और मजबूत करेगा। छात्रों के लिए आज का दिन शुभ रहेगा। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को जल्द ही सफलता मिलेगी। आज आप खुद को ऊर्जा से सराबोर महसूस करेंगे। आज लवमेट के साथ अपनी पसंदीदा जगहों पर घूमने जा सकते हैं।

     कुंभ राशि–आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। अपनी इच्छा से आप किसी की मदद भी कर सकते हैं। आपकी आज कोई नई योजना पूरी होगी उससे फायदा भी मिलेगा। आज आपकी आय में इज़ाफ़ा होने की संभावना है। कारोबार के लिए आप अनुभवी लोगों से राय मश्वरा करेंगे तो सफलता आपके कदमों में होगी। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, एक दूसरे से उपहार मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। कुल मिलाकर आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। 

     मीन राशि-आज आपका दिन ताजगी से भरा रहेगा। आज आपको अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना होगा। हर जरूरी बात अपने जीवनसाथी से जरूर शेयर करें, जिससे उलझने खत्म होगी और नए आइडिया भी सामने आ सकते हैं। आज किसी शुभ समाचार के मिलने से घर का वातावरण उत्सव जैसा रहेगा। अगर आपका बहुत जरूरी सरकारी काम रुका पड़ा है तो बिना किसी हिचक के उच्चाधिकारी से बात करें, सफलता मिलने के योग बने हुए हैं