Blog

  • पंजाबः 16 पुलिस अधिकारियों समेत 63 को मिलेगा स्पेशल ऑपरेशन अवॉर्ड

    पंजाबः 16 पुलिस अधिकारियों समेत 63 को मिलेगा स्पेशल ऑपरेशन अवॉर्ड

    DIG गुरप्रीत सिंह भुल्लर और ADGP प्रमोद बान का नाम भी शामिल


    चंडीगढ़: आज राष्ट्रीय एकता दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पंजाब पुलिस के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एडीजीपी प्रमोद बान, एआईजी गुरमीत चौहान और एआईजी संदीप गोयल सहित पंजाब के 16 अधिकारियों सहित कुल 63 पुलिस अधिकारियों को स्पेशल ऑपरेशन मेडल से सम्मानित किया जाएगा। जिनमें अन्य राज्यों के पुलिस अधिकारी भी शामिल है। जबकि पंजाब के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर सहित 16 अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।

    जिन अधिकारियों का सम्मान के लिए चयन हुआ है उनमें एडीजीपी प्रमोद बान, डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एआईजी गुरमीत सिंह चौहान, संदीप गोयल, डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़, सब इंस्पेक्टर सुखप्रीत सिंह, सुमित गोयल, नितिन कुमार, शगनजीत सिंह, कुलविंदर सिंह, राहुल कुमार चेची, मोहिंदर सिंह, राहुल शर्मा, गुरप्रीत सिंह, अवतार सिंह और एएसआई सुखजिंदर सिंह शामिल हैं।

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के डीजीपी ऑफिस में पत्र भेज कर सभी पुलिस अधिकारियों के प्रोफाइल मांगे हैं। गृह मंत्रालय ने अपने पत्र में लिखा है कि सभी अधिकारियों के प्रोफाइल हिंदी या अंग्रेजी में भेजे जाएं। साल 2021 के सर्विस रिकॉर्ड के अनुसार उनके नाम के साथ पदनाम भी बताया जाए। हालांकि केंद्रीय गृह मंत्रालय से जारी पत्र में यह नहीं बताया गया है कि इन पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किस तारीख को किया जाएगा।

    गृह मंत्रालय के पत्र अनुसार तेलंगाना, दिल्ली, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर के पुलिस अधिकारियों को गृह मंत्रालय सम्मानित करने जा रहे हैं। इनके भी राज्यों के पुलिस मुख्यालयों से प्रोफाइल मंगवाए गए हैं।

    बता दें कि वर्ष 2018 को गृह मंत्रालय द्वारा ‘केंद्रीय गृह मंत्री के स्पेशल ऑपरेशन मेडल की शुरुआत की गई थी। यह मेडल भारत में राज्य और केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों (सीपीओ), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और सुरक्षा संगठनों को दिया जाता है।

  • पंजाबः दिन चढ़ते पेड़ से लटकता मिला व्यक्ति का शव, इलाके में दहशत

    पंजाबः दिन चढ़ते पेड़ से लटकता मिला व्यक्ति का शव, इलाके में दहशत

    लुधियानाः कंगनवाल के ईस्टमैन चौक स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से बड़ी ख़बर सामने आई है। सोमवार सुबह मिष्ठान भंडार के पीछे 30 वर्षीय व्यक्ति का शव शहतूत के पेड़ पर बिजली की तार के सहारे लटका मिला। जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहगीरों ने शव के बारे में पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची थाना साहनेवाल व चौकी कंगनवाल पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी कैलाश के रूप में हुई।

    वह ग्यासपुरा के न्यू राम नगर में भीम सिंह रावत के मकान में किराये पर रहता था। वहां पहुंचे भीम सिंह रावत ने बताया कि कैलाश रविवार रात 11 बजे अपने पड़ोसी बहादुर को अपने कमरे का ताला बंद कर चाबी देकर गया था। कैलाश 4 वर्ष से लुधियाना में रह रहा था। पहले वो भीम सिंह रावत के बगल में किराये के मकान में रहता था। मगर 2 महीने पहले मकान मालिक से अनबन होने के बाद वो भीम सिंह रावत के मकान में रहने लगा। भीम सिंह रावत ने कहा कि कैलाश किसी से कोई विशेष मतलब नहीं रखता था और ईमानदार था।

    लेकिन वो शराब पीने का आदी था। थाना साहनेवाल के एसएचओ कंवलजीत सिंह ने कहा कि यह मामला संदिग्ध है, अभी इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। अभी कहना गलत होगा कि कैलाश ने खुद फंदा लगाया है या फिर किसी ने उसकी हत्या करके शव को पेड़ पर लटका दिया है। मामले की जांच के बाद उसका पूरा खुलासा हो पाएगा।

    उधर, फोन पर बात करते हुए कैलाश के पिता आसाराम चौधरी ने बताया कि उनका बेटा 3 साल से घर नहीं आया है। उसकी पत्नी भी 5 साल पहले घर से भाग चुकी है। करीब 10 दिन पहले उसने फोन पर अपने पिता से बात की थी। मृतक कैलाश मध्य प्रदेश के जिला पन्ना थाना सिमरिया के गांव कुंवरपुर का रहने वाला और तीन भाइयों में मझला था।

  • पंजाबः जेल मंत्री की बड़ी कार्रवाई, 2 हैड वार्डन सहित ASI सस्पेंड

    पंजाबः जेल मंत्री की बड़ी कार्रवाई, 2 हैड वार्डन सहित ASI सस्पेंड

    पटियालाः पंजाब सरकार के मिशन क्लीन जेल के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। जिसमें पटियाला जेल के अंदर तैनात 2 हैड वार्डनों व एएसआई को नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा गया है। आरोपियों को कार्रवाई के लिए स्पेशल टॉस्क फोर्स (STF) के हवाले कर दिया गया है। यह जानकारी खुद जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने ट्वीट करके दी है।

    जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर रविवार को 3 पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को यह कार्रवाई पटियाला जेल में की गई। पटियाला जेल में चेकिंग के दौरान हैड वार्डन नरेश कुमार और राजीव कुमार और एक पीएपी के एएसआई को नशीले पदार्थों के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपियों से भारी मात्रा में बीड़ियां, तंबाकू और काले रंग का नशीला पदार्थ बरामद किया है।

    तरनतारन व अमृतसर की जेलों में कार्रवाई के बाद पटियाला जेल में यह कार्रवाई की गई। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तीनों को एसटीएफ के हवाले कर दिया गया है। इतना ही नहीं, दोनों हैड वार्डनों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

  • पंजाबः गैंगस्टरों के खौफ से बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ियों की बढ़ी डिमांड

    पंजाबः गैंगस्टरों के खौफ से बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ियों की बढ़ी डिमांड

    चंडीगढ़ः पंजाब में सीएम भगवंत मान सरकार की 7 महीने से अधिक का समय हो गया है। लेकिन राज्य में गैंगस्टरों का सफाया करना सरकार के लिए अभी भी एक बड़ी चुनौती है। पंजाब में गैंगस्टरों का खौफ इस कदर बढ़ गया कि बिजनेसमैन, राजनेता, गायक, कलाकार सबकी चिंता बढ़ गई है। पंजाब में नशे के साथ-साथ अपराध भी तेजी से बढ़ता जा रहा है।

    मूसेवाला की हत्या के बाद राज्य में बढ़ा गैंगस्टरों का खौफ

    सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद राज्य में गैंगस्टरों का खौफ और बढ़ गया है। गैंगस्टरों का खौफ केवल पंजाब तक ही सीमित नहीं है बल्कि कई राज्यों तक फैला हुआ है। इसके गिरोह हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में भी सक्रिय हैं। विदेश में इस गिरोह का मजबूत नेटवर्क है। पंजाब के गैंगस्टर्स हत्या, रंगदारी मांगने और हथियार तस्करी की वारदातों को अंजाम देते हैं।

    राज्य में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग हुई आम

    गैगस्टरों के खौफ से यहां के व्यापारी, नेता बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ियां खरीद रहे हैं। राज्य में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग आम हो गई है। बुलेटप्रूफ गाड़ियों की मांग 55 फीसदी बढ़ गई हैं। बुलेटप्रूफ जैकेट्स और गाड़ियों की सप्लाई करने वाली एक फर्म ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि पंजाब में पिछले 4 महीने में बुलेटप्रूफ जैकेट्स और गाड़ियों की डिमांड वाकई काफी बढ़ गई हैं।

    बुलेटप्रूफ जैकेट्स और गाड़ियों दोनों की बढ़ी डिमांड

    उन्होंने कहा कि पहले बुलेटप्रूफ जैकेट के 8-10 ऑर्डर आते थे और अब 15 से 20 ऑर्डर आने लगे हैं। उन्होंने आगे बताया कि एक सामान्य बुलेटप्रूफ जेकेट का वजन 4-5 किलोग्राम तक होता है। डिमांड के मुताबिक इसे तैयार किया जाता है। पहले हर महीने 2 से 3 बुलेटप्रूफ गाड़ियों की डिमांड थी वहीं अब यह बढ़कर 4-6 हो गई है। उन्होंने बताया कि बुलेटप्रूफ जैकेट्स की कीमत 40 हजार से लेकर ढाई लाख तक होती है। वहीं, बुलेटप्रूफ गाड़ियों के बारे में उन्होंने बताया कि ज्यादातर लोग स्कॉर्पियों, फॉर्च्यूनर, पजेरो और एंडेवर जैसी गाड़ियों को ही बुलेटप्रूफ बनाते हैं। उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियों करीब 12 लाख में और फॉर्च्यूनर करीब 18 लाख रुपये में बुलेटप्रूफ बन जाती है।

    29 मई को हुई थी मूसेवाला की हत्या

    पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला अपने दोस्त और चचेरे भाई के साथ मानसा में स्थित जवाहर के गांव जा रहे थे, तभी 6 आरोपियों ने उनके वाहन को रोका और गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इसके मूसेवाला को उसी अवस्था में मानसा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। हत्यारों ने मूसेवाला पर 30 से अधिक राउंड फायरिंग की थी। गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस घटना की जिम्मेदारी ली थी। पंजाब सरकार द्वारा स्थायी तौर पर उनकी सुरक्षा वापस लिए जाने के एक दिन बाद ही यह घटना हुई थी।

  • जालंधरः गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कोर्ट में पेशी, अब इस दिन होगी सुनवाई

    जालंधरः गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कोर्ट में पेशी, अब इस दिन होगी सुनवाई

    जालंधर/वरुणः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस का मुख्य आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस का 10 दिनों का रिमांड खत्म होने के बाद आज जालंधर कोर्ट में पेश किया गया। अवैध हथियारों के मामले में गैंगस्टर लॉरेस बिश्नोई को भारी सुरक्षा के बीच जालंधर कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे आज न्यायिक रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है, मामले की अगली सुनवाई 14 नवंबर को होगी।

    आज उसे अमृतसर पुलिस ने रिमांड पर लिया है। बता दें इससे पहले लॉरेंस को 21 अक्तूबर को कोर्ट में पेश किया गया था। जहां पुलिस ने लॉरेंस का 10 दिनों का रिमांड कोर्ट से हासिल किया था। बता दें कि हथियार और नशा तस्करी के मामले में पुलिस ने लॉरेंस का रिमांड हासिल किया था। पुलिस ने लॉरेंस के 10 दिनों के मिले रिमांड दौरान क्या पूछताछ की इसको लेकर अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है। 

  • पंजाबः स्कूलों के समय में हुआ बदलाव, कल से ये होगा समय

    पंजाबः स्कूलों के समय में हुआ बदलाव, कल से ये होगा समय

    चंडीगढ़ः पंजाब के सरकारी स्कूलों का समय 1 नवंबर से बदला जाएगा। पंजाब सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि 1 नवंबर से 28 फरवरी तक स्कूलों का समय बदला गया है। नए समय के अनुसार अब सरकारी प्राईमरी स्कूल सुबह 9.00 से 3.00 बजे तक खुलेंगे। इसी तरह सभी मिडल/हाई/ सीनियर सैकेंडरी स्कूलों का समय 9.00 बजे से 3.20 तक का होगा।

  • पंजाब: पंप लूटने आए लुटेरों और सुरक्षागार्ड के बीच चली गोलियां

    पंजाब: पंप लूटने आए लुटेरों और सुरक्षागार्ड के बीच चली गोलियां

    अमृतसर: जिले में लूटपाट के मामले पर फिर से बढ़नी शुरू हो गए है। वहीं रविवार देर रात पेट्रोल पंप लूटने आए लुटेरों पर गार्ड ने गोलियां बरसा दी। पिस्टल दिखा लूटने की कोशिश करने वाले एक लुटेरे की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। यह वही पेट्रोल पंप है, जहां बीते महीने भी लुटेरे 90 हजार रुपए लूट कर ले गए थे। घटना रात अमृतसर के जंडियाला गुरु के पास मल्लियां गांव स्थित पेट्रोल पंप की है। रात 9.06 बजे दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर पिस्टल तान पैसे मांगने लगा। यह देख पास ही खड़े गार्ड ने भी अपनी दोनाली तान दी।

    लुटेरा जैसे ही फायर करने के लगा, गार्ड ने बिना समय गंवाए फायर कर दिया। गोली सीधा लुटेरे को लगी । लुटेरे ने फिर फायर की कोशिश की और गार्ड ने सुरक्षा में दूसरा फायर भी कर दिया। लुटेरा वहीं ढेर हो गया। यह देख मोटरसाइकिल पर बैठा लुटेरा वहां से फरार हो गया। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पहचान शुरू कर दी है। वहीं दूसरी तरफ लुटेरे के साथ का भी पता लगाया जा रहा है।

  • पंजाबः फिर सुर्खियों में केंद्रीय जेल, कैदी ने जेल सुपरिटेंडेंट और स्टाफ पर किया हमला

    पंजाबः फिर सुर्खियों में केंद्रीय जेल, कैदी ने जेल सुपरिटेंडेंट और स्टाफ पर किया हमला

    बठिंडा: जिले बठिंडा की केंद्रीय जेल एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। केंद्रीय जेल बठिंडा में बंद कैदी कर्मजीत सिंह निवासी बलमगढ़ द्वारा जेल में हंगामा किया गया और जेल सुपरिटेंडेंट और स्टाफ पर हमला किया गया। पुलिस ने जेल सुपरिटेंडेंट बिंदर सिंह की शिकायत पर गैंगस्टर कर्मजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि बठिंडा की केंद्रीय जेल में आए दिन फोन बरामद या कैदियों द्वारा हमले के मामले सामने आते रहते है। 

  • जालंधर: बस्ती बावा खेल में रबड़ की फैक्ट्री में लगी आग

    जालंधर: बस्ती बावा खेल में रबड़ की फैक्ट्री में लगी आग

    जालंधर/वरुण: बस्ती बावा खेल में देर रात एख रबड़ फैक्ट्री में आग लग गई। यह आग तैयार माल में नहीं बल्कि नया माल तैयार करने के लिए रखे कच्चे माल में लगी । बस्ती बावा खेल में लगी इसको लेकर फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया। लेकिन फायर ब्रिगेड को आने में देरी हो गई। इस पर लोगों ने बिना समय खराब किए अपने आप ही आग पर पानी की बौछारें फेंक कर लपटों को शांत कर डाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ लोगों ने बस्ती बावा खेल के पास स्थित रबड़ फैक्ट्री के प्रांगण में ही पड़े रॉ मैटीरियल की बोरियों में से आग की लपटें निकलती हुई देखीं। लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद फैक्ट्री में काम करने वाले लोग और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। किसी ने पानी की बाल्टी उठाई तो कोई पानी की पाइप लेकर खुद ही आग बुझाने लगा।
    लेकिन पानी की बौछारें फेंकने के बावजूद लपटें कम नहीं हो रही थी और आग बढ़ती जा रही थी । ज्वलनशील मैटीरियल होने के कारण अग भड़क रही थी। लोगों ने फायर ब्रिगेड को भी फोन किया। लेकिन आग बुझाने वाली गाड़ी देरी से पहुंची। इसी दौरान लोगों ने हौसला नहीं छोड़ा और वह लगातार बाल्टियों पाइपों से आग की लपटों पर पानी डालते रहे। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची लोगों ने खुद ही प्रयास करके आग पर काबू पा लिया था। आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। कच्चा माल फैक्ट्री के बाहर पड़ा था शॉर्ट सर्किट से भी आग की कोई संभावना नहीं लग रही है। बहरहाल फैक्ट्री मालिक अपने स्तर पर आग लगने के कारणों की जांच करवा रहे हैं।

  • पंजाब: कुत्तों को लेकर हुआ विवाद, तेजधार हथियारों से पुलिसकर्मी का किया कत्ल

    पंजाब: कुत्तों को लेकर हुआ विवाद, तेजधार हथियारों से पुलिसकर्मी का किया कत्ल

    लुधियाना: पंजाब में जिला लुधियाना के कस्बा खन्ना के गांव हौल में पालतू कुत्तों को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मी का तेजधार हथियारों से घायल कर दिया है। अस्पताल में उपचार दौरान पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि जिस गांव में पुलिस कर्मचारी रहता था उसी गांव के तीन लोगों ने उस पर गाड़ी में आते समय हमला कर दिया था। मरने वाले पुलिस कर्मचारी की पहचान सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जिन लोगों ने हमला किया उन्होंने पालतू कुत्ते रखे हुए हैं। कुत्तों के कारण पहले किसी बात की आरोपियों के साथ सुखविंदर की कहासुनी हो गई थी। इसके बाद दो दिन पहले सुखविंदर शाम के समय जब गाड़ी से आ रहा था तो बदमाशों ने उसे रोक लिया और उस पर तेजधार हथियारों आदि से हमला कर दिया। मरने वाला मुलाजिम पुलिस लाइन में तैनात था।
    आरोपियों पर पहले 307 के तहत मामला दर्ज किया गया था, लेकिन अब सुखविंदर की मौत हो जाने के बाद आरोपियों पर 302 के तहत मामला दर्ज कर दिया गया है। जानकारी देते हुए डीएसपी वीलियम जैजी ने बताया कि आरोपियों में से अवतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी के दो आरोपी सुखचैन सिंह और गुरविंदर सिंह की तालाश के लिए छापामारी जारी है। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।