Blog

  • पंजाबः NIA की इन 7 जगहों पर रेड, आतंकी रिंदा से संबंधित दस्तावेज किए जब्त

    पंजाबः NIA की इन 7 जगहों पर रेड, आतंकी रिंदा से संबंधित दस्तावेज किए जब्त

    लुधियानाः हरियाणा में करनाल से नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने पिछले महीने जब्त आईइडी के मामले में पंजाब में दबिश दी है। एनआईए की टीम ने सूबे के 7 जिलों में तालाशी ली। इस दौरान एनआईए ने पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा से संबंधित दस्तावेज व डिजिटल इक्विपमेंट जब्त किए हैं।

    लुधियाना, फिरोजपुर और गुरदासपुर में 7 जगहों पर रेड 

    एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया से यह जानकारी सांझा की। जांच के दौरान पता चला कि बब्बर खालसा इंटरनेशनल के पाकिस्तान स्थित ऑपरेटिव हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा ने आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के इशारे पर विस्फोटक, हथियार और गोला-बारूद की डिलिवरी भारत में करवाई थी। इसी सूचना के आधार पर बुधवार को पंजाब के लुधियाना, फिरोजपुर और गुरदासपुर में 7 जगहों पर रेड मारी गई, जिसमें डिजिटल उपकरण, वित्तीय लेनदेन व संपत्ति से संबंधित दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

    करनाल से जब्त किया गया था आईइडी

    गत 5 मई 2022 को हरियाणा के करनाल जिले के बसताड़ा टोल प्लाजा से आईइडी और हथियार व गोला-बारूद को जब्त किया गया था। 3 आईइडी, 1 पिस्टल, 2 मैगजीन, 31 लाइव राउंड, 6 मोबाइल और 1.30 लाख नकद बरामद किए गए थे। सफेद रंग की इनोवा कार में जा रहे चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था। मामला शुरू में 5 मई 2022 को करनाल जिले के मधुबन पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था, लेकिन उसी दिन इस मामले को एनआईए ने अपने हाथ में लेकर जांच शुरू कर दी थी।

  • नंगड़ां में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

    नंगड़ां में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित: आतमा परियोजना के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कृषक एवं पशु पालक महिलाओं के लिए नंगड़ा में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस संबंध में जानकारी देेते हुए आतमा परियोजना निदेशक डॉ. रविंद्र सिंह जसरोटिया ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में प्राकृतिक खेती, बीज गुणवत्ता चयन, मृदा व जल संरक्षण, हानिकारक व लाभकारी कीट की पहचान, पशुओं का प्रजनन, जानवरों की नस्लों की जानकारी, चारा और चारा प्रबंधन व स्वास्थ्य प्रबंधन बारे प्रशिक्षित किया गया।
  • रामगढ़ धार पेयजल योजना पर खर्च हो रहे 14.50 करोड़ रुपएः वीरेंद्र कंवर

    रामगढ़ धार पेयजल योजना पर खर्च हो रहे 14.50 करोड़ रुपएः वीरेंद्र कंवर

    वीरेंद्र कंवर ने संपर्क से समर्थन यात्रा के तहत खोली, गुलैहड़, डोह तथा बराल में सुनीं जन समस्याएं

    ऊना/सुशील पंडित: ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज संपर्क से समर्थन यात्रा के तहत बुढवार ग्राम पंचायत के तहत खोली, गुलैहड़, डोह तथा बराल में जन समस्याएं और अधिकारियों को उनके निवारण के निर्देश दिए।

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या का स्थाई समाधान करने के लिए 14.50 करोड़ रुपए रामगढ़ धार पेयजल योजना पर खर्च किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत पहले 40 टैंक बनाए जाने थे, लेकिन अब 50 टैंकों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही पानी की लाइनें भी बदली जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के निवासियों को साफ पीने का पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि थाना कलां-भाखड़ा सड़क को डबल लेन बनाने के लिए 22 करोड़ रुपए की डीपीआर केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेजी है, जिसे जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार ने अनेक कल्याणकारी निर्णय लिए हैं। महिलाओं के लिए बस किराया आधा कर दिया है, बिजली की 125 यूनिट फ्री कर दिए गए हैं, ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की बिल पूरी तरह से माफ किया गया है। 

    कंवर ने कहा कि आज पंचायतों के माध्यम से करोड़ों रुपए विकास कार्यों पर खर्च किए जा रहे हैं तथा बुढवार पंचायत में ही लगभग 2.50 करोड़ खर्च किए गए हैं। इसके अलावा 50 लाख रुपए के अतिरिक्त विकास कार्य मंजूर किए गए हैं, जिन्हें अगले छह माह में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले पंचायतों में छोटे-छोटे कार्य होते थे लेकिन अब लाखों रुपए के रास्ते पंचायतों के माध्यम से बनाए जा रहे हैं और विकास कार्यों के लिए भरपूर धन उपलब्ध करवाया जा रहा है। 

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने शिव टिल्ला में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही गुलैहड़ में पानी का अलग टैंक बनाने तथा शमशान घाट तक लिंक रोड बनाने की घोषणा की। उन्होंने आपदा प्रभावित खोली निवासी रमेश चंद को 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। 

    श्यामा प्रसाद मुखर्जी को अर्पित की श्रद्धांजलि
    वीरेंद्र कंवर जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर बराल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए बलिदान दिया, जो सभी के लिए प्रेरणा है। 

    इस अवसर पर जिप उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम, केसीसी बैंक के डायरेक्टर कैप्टन प्रीतम डढवाल, बीडीओ यशपाल सिंह परमार, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग एके बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के भरें जाएंगे 38 पद

    आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के भरें जाएंगे 38 पद

    ऊना/सुशील पंडित: निदेशक आयुष, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के अनुबंध आधार पर 38 पद भरे जाएंगे। यह जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी ऊना अनीता गौतम ने बताया कि इन पदों के लिए सामान्य श्रेणी में 16 पद, एससी वर्ग की सामान्य श्रेणी में 7 व बीपीएल श्रेणी में 1 पद, एसटी श्रेणी में 2, ओबीसी वर्ग की सामान्य श्रेणी में 7 व बीपीएल श्रेणी में 1 पद तथा ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 4 पद अधिूसूचित किए गए हैं।

    अनीता गौतम ने बताया कि आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं तथा हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त बोर्ड/महाविद्यालयों से आयुर्वेदिक फार्मेसी में डिग्री/डिप्लोमा होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट पदों के लिए 18 से 45 वर्ष आयु निर्धारित की है तथा हिमाचल प्रदेश सरकार के मापदंडों अनुसार एससी, एसटी व ओबीसी श्रेणियों को आयु सीमा में नियमानुसार छुट दी जाएगी। 
    जिला रोजगार अधिकारी अनीता गौतम ने बताया कि इच्छुक एवं योग्य अभ्यार्थी संबंधित रोजगार कार्यालय में 27 जून तक पंजीकृत करवा सकते हैं।

  • आईटीआई ऊना में कैम्पस साक्षात्कार 27 जून को

    आईटीआई ऊना में कैम्पस साक्षात्कार 27 जून को

    ऊना/सुशील पंडित: आईटीआई में 27 जून को प्रातः 10 बजे आईटीसी लिमिटेड कपूरथला यूनिट (पंजाब) के लिए एक कैंपरस साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए आईटीआई प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह ने बताया कि यह साक्षात्कार भारत सरकार के राष्ट्रीय रोजगार वृद्धि मिशन (एनईएएम और एनएपीएस) के तहत एक से तीन वर्ष के प्रशिक्षण हेतू आयोजित किया जा रहा है, जिसमें इलैक्ट्रिशियन, फिटर, मशीनिस्ट, वायरमैन, इलैक्ट्राॅनिक्स एंड मोटर मकैनिक व्हीकल में एनसीवीटी के तहत वर्ष 2017, 18, 19, 20 व 2021 में उत्तीर्ण 18 से 25 आयु वर्ष के अभ्यार्थी भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि कम्पनी द्वारा लिखित परीक्षा में सफल अभियार्थियों का पर्सनल इंटरव्यू लिया जाएगा। साक्षात्कार प्रक्रिया में सफल अभियार्थियों को कम्पनी द्वारा प्रथम वर्ष के दौरान 9,973 रूपये मासिक वेतन व अन्य सुविधाएं देय होगी।

    रविंद्र सिंह ने बताया कि उक्त ट्रैडों के लिए आईटीसी कपूरथला नेशनल अप्रेंटिसशिप टेªनिंग के लिए भी शिक्षणार्थियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यार्थी आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आईटीआई डीएमसी, हिमाचली बोनाफाईड, दो पासपोर्ट साईज फोटो के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।

  • कार में लगी आग, MBBS के तीन छात्र जिंदा जले

    कार में लगी आग, MBBS के तीन छात्र जिंदा जले

    सोनीपतः हरियाणा के सोनीपत जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन डाक्टरों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 अन्य डाक्टरों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है। तीनों आइसीयू में भर्ती हैं और हालत गंभीर है।

    सभी डाक्टर कार के जरिये रोहतक से हरिद्वार जा रहे थे, इस बीच सोनीपत में बुधवार रात को यह भीषण हादसा हुआ। हादसे में मृतक तीनो युवकों की पहचान पुलकित निवासी नारनौल, सन्देश निवासी रेवाड़ी व रोहित निवासी गुरुग्राम एमबीबीएस तीसरे साल के छात्र के रूप में हुई है। घायल छात्रों की पहचान अंकित, नरवीर व सोमबीर के रूप में हुई है।

    तेज़ रफ़्तार आई-20 कार में लगी आग 

    मिली जानकारी के मुताबिक सोनीपत से गुज़रने वाले मेरठ झज्जर नेशनल हाईवे पर देर रात एक तेज़ रफ़्तार कार पत्थरों की बेरिकेड्स से जा टकराई। टक्कर के बाद आई-20 कार में भयंकर आग लग गई। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सोनीपत भेज दिया है। सोनीपत पुलिस हादसे की जांच कर रही है। 

    झज्जर-मेरठ हाईवे पर एक कार पत्थरों से टकराई

    मामले में जानकारी देते हुए राई थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि देर रात झज्जर-मेरठ हाईवे पर एक कार पत्थरों से टकरा गई। पत्थरों से टकराने के बाद कार में आग लग गई। आग लगने से 3 की मौके पर ही मौत हो गई और तीन को कार से निकाला गया है, जिनकी हालत गंभीर है। उनका इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

    एनएचएआई की बड़ी लापरवाही आई सामने 

    वहीं दूसरी ओर एनएचएआई की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आखिरकार सड़क बनाने के बाद सड़क के बीचों-बीच पत्थर क्यों लगाए गए थे। क्योंकि अगर पत्थर ना होते तो इतना बड़ा हादसा भी शायद टल सकता था।

  • वीरेंद्र कंवर ने बच्चों को ट्रैफिक नियमों के प्रति सजग रहने का दिया संदेश

    वीरेंद्र कंवर ने बच्चों को ट्रैफिक नियमों के प्रति सजग रहने का दिया संदेश

    ऊना/सुशील पंडित: विश्व ओलम्पिक दिवस के उपलक्ष्य में इंदिरा ग्राउंड ऊना से ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने ओलंपिक डे रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली इंदिरा स्टेडियम से होते हुए पुलिस लाइन झलेड़ा में सम्पन्न हुई, जिसमें खिलाड़ियों सहित स्कूली छात्रों ने भाग लिया। 
    इस मौके पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने विद्यार्थियों को खेलों के साथ-साथ ट्रैफिक नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया। 
    आरटीओ ऊना राजेश कुमार कौशल ने सड़क सुरक्षा दर्शाते बैनर्स संदेशों से पुलिस लाइन झलेड़ा में बच्चों, युवाओं व ओलम्पिक रैली के प्रतियोगियों को मुद्रित पुस्तकें व अन्य सामग्री वितरित की तथा स्कूल पुस्तकालय के लिए अतिरिक्त मुद्रित सामग्री भी वितरित की गई। आरटीओ ने कहा कि लोगों को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से देखते हुए सरकार द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में पीडित की सहयाता के लिए आम जन मानस को प्रेरित करने के लिए गुड समेरिटन की सुरक्षा एवं अधिकारों के लिए कानून में प्रावधान किए गए हैं ताकि वह बिना किसी डर व झिझक के सड़क दुर्घटना में पीड़ित व्यक्ति की सहायता कर उसे समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवा सके।
  • बाढ़ से मची तबाही, मकान व फसलें बर्बाद, 5 लाख से ज्यादा लोग भोजन-पानी को तरसे

    बाढ़ से मची तबाही, मकान व फसलें बर्बाद, 5 लाख से ज्यादा लोग भोजन-पानी को तरसे

    जियांग्शी: चीन में भारी बारिश और बाढ़ से मची तबाही के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जियांग्शी प्रांत में आई भीषण बाढ़ से 5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। प्रांत के कई शहरों में पानी भरा हुआ है और लोग अपने घरों में कैद हैं। 

    बाढ़ से फसलें बर्बाद 

    बाढ़ की वजह से खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं और फैक्ट्रियों में काम-धंधा रुक गया है। प्रांतीय सरकार का आकलन है कि इस बारिश से राज्य में करोड़ों रुपये का नुकसान हो गया है और लोगों के काम-धंधे छूट गए हैं। बाढ़ के चलते प्रांत में भोजन और साफ पानी की भी किल्लत हो गई है। लोग बाढ़ के पानी को उबालकर पीने को मजबूर हैं। प्रांत में बारिश फिलहाल बंद हो गई है लेकिन चीनी मौसम विभाग का कहना है कि वहां पर फिर से बरसात के हालात बन रहे हैं।

    अधिकतर इमारतें पानी में डूबी 

    बारिश और बाढ़ की वजह से जियांग्शी प्रांत के कई इलाकों में भूस्खलन का खतरा पैदा हो गया है। अधिकतर इमारतें पानी में डूबी हुई हैं, जिनमें कई काफी पुरानी भी हैं। ऐसे में बारिश के दौरान उन इमारतों के गिरने का खतरा बनता जा रहा है।

    जियांग्शी प्रांत में 28 मई से रुक-रुककर लगातार बारिश हो रही है। प्रशासन के अधिकारी पानी में डूबे लोगों को निकालने के लिए अभियान चला रहे हैं। अभी तक करीब 1 लाख लोगों को बाढ़ के पानी से बाहर निकाल लिया गया है।

    50 करोड़ डॉलर का नुकसान 

    जियांग्शी प्रांत के अधिकारियों का कहना है कि राज्य में आई बाढ़ से करीब 45 हजार हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है, साथ ही 50 करोड़ डॉलर का नुकसान हो चुका है। बाढ़ की वजह से प्रांत में मौजूद मीठे पानी की पोयांग झील के जलस्तर में भी वृद्धि हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि अगर यह झील टूटी तो राज्य में स्थिति और विकट हो सकती है और कई पुराने मकान ढह सकते हैं। हालात से निपटने के लिए प्रांत में चीनी सेना बुलाई गई है।

  • सीवेज में पाया गया पोलियो वायरस, अलर्ट जारी, विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

    सीवेज में पाया गया पोलियो वायरस, अलर्ट जारी, विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

    जेनेवाः लंदन में सीवेज के सैंपल से पोलियो वायरस का पता चला है। बुधवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन और ब्रिटिश स्वास्थ्य अधिकारियों ने ये जानकारी दी और बताया कि टीकों से प्राप्त एक प्रकार के पोलियो वायरस का पता चला है, साथ ही यह भी कहा कि इस मामले को लेकर अभी जांच चल रही है। 

    ब्रिटेन में अलर्ट जारी 

    वहीं ब्रिटेन में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बता दें कि करीब दो दशक पहले पोलियो की बीमारी को ब्रिटेन से खत्म कर दिया गया था। इसके बाद से इंसानों में पोलियो का एक भी मामला सामने नहीं आया। WHO ने एक बयान में कहा कि ब्रिटिश राजधानी लंदन में सीवेज के सैंपल में ‘पोलियो वायरस टाइप-2 (VDPV2)’ पाया गया है।

    लकवा के किसी भी संबंधित मामले का नहीं चला पता 

    द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक WHO ने बयान जारी कर कहा, ‘यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि वायरस को केवल पर्यावरणीय सैंपल से अलग किया गया है।’ साथ ही यह जोर देकर कहा कि ‘हाल में लकवा के किसी भी संबंधित मामले का पता नहीं चला है। कहीं भी पोलियो वायरस का कोई भी वैरिएंट हर जगह बच्चों के लिए खतरा साबित हो सकता है।’ 

    बता दें कि हाल के कुछ वर्षों में वैश्विक स्तर पर पोलियो का सफाया करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया है। 1988 के बाद से मामलों में 99 प्रतिशत की कमी आई है, जब 125 देशों में पोलियो का प्रकोप था और दुनिया भर में 350,000 मामले दर्ज किए गए थे।

    साल 2003 में पोलियो मुक्त हुआ ब्रिटेन


    पोलियो वायरस का खतरनाक संस्करण अब केवल अफगानिस्तान और पाकिस्तान में मौजूद है। बता दें कि साल 2003 में ब्रिटेन को पोलियो मुक्त देश घोषित किया गया था। उसके बाद से अब तक यहां कोई नया मामला सामने नहीं आया है। हालांकि पोलियो सहित अन्य खतरनाक बीमारियों पर लंबे समय से नजर रखा जा रहा है। ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी ने इसी क्रम में फरवरी और मई महीने में सीवेज के गंदे पानी के सैंपल लिए थे। जांच के दौरान वायरस का पता चला है।

  • पंजाबः इंसाफ के लिए टंकी पर चढ़ा आम आदमी पार्टी का नेता, देखें वीडियो

    पंजाबः इंसाफ के लिए टंकी पर चढ़ा आम आदमी पार्टी का नेता, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब में भगवंत मान की सरकार में इंसाफ के लिए आम आदमी पार्टी  के नेता को ही वीरवार सुबह वल्ला स्थित टंकी पर चढ़ना पड़ा। अभी तक वह टंकी पर चढ़ा हुआ है और पुलिस उसे मनाने में जुटी है। टंकी पर चढ़े युवक की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है। वहीं जंडियाला गुरु थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची हुई है।

    30 मई को आप नेता से की गई थी मारपीट

    गांव मियांपुर के मौजूदा पंचायत मैंबर प्रदीप सिंह ने जानकारी दी कि टंकी पर चढ़ा युवक कोई और नहीं, खुद आप नेता है। बीते दिनों उसने पंचायत में हो रहे कामों की जानकारी लेने के लिए आरटीआई का प्रयोग किया था, जिसके बाद गत 30 मई को उसके साथ मारपीट की गई। उस पर हथियारों से हमला किया गया और उसके केसों की बेअदबी भी की गई। उसने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन आज तक उसे इंसाफ नहीं मिला और न ही पुलिस ने कोई कार्रवाई की।

    जंडियालागुरु की पुलिस मौके पर पहुंची

    घटना की जानकारी मिलते ही जंडियालागुरु की पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह से ही युवक को नीचे उतारने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस लगातार उसके संपर्क में है और उसे मनाने की कोशिशों में जुटी हुई है, लेकिन टंकी पर चढ़ा धर्मेंद्र लगातार इंसाफ की मांग कर रहा है।