Blog

  • पंजाबः जेई की परीक्षा दौरान कड़ा उतरवाने का मामला गरमाया

    पंजाबः जेई की परीक्षा दौरान कड़ा उतरवाने का मामला गरमाया

    बठिंडाः जिलें के पॉलिटेक्निक कॉलेज में आज जेई के पेपर देने आए छात्रों से कड़ा उतवाने का मामला फिर से गरमा गया है। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने भी इस घटना की निंदा की है। जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने पंजाब सरकार से इस घटना के संबंध में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है।

    बता दें कि जेई का पेपर देने आए छात्रों को कॉलेज के गेट के बाहर ही कड़ा उतारने के लिए कहा गया था। इनमें छात्रों में कई सिख छात्र भी शामिल थे, जिसके कारण आज पेपर से पहले ही सिखों में रोष पाया गया। यह मामला शहर के मलोट रोड स्थित रीजनल पॉलिटेक्निक कॉलेज का है।

    इस मामले को लेकर छात्रों के अभिभावकों की ओर से कड़ा विरोध भी किया। मामले संबंधित जेई का पेपर देने आए छात्र शगनप्रीत सिंह ने बताया कि वह अबोहर से जेई का पेपर देने आया था, लेकिन उसे कॉलेज के मेन गेट पर रोककर लोहे का कड़ा उतारने के लिए कहा गया, छात्र ने बताया कि यदि वह ऐसा नहीं करता तो उसे पेपर में बैठने नहीं दिया जाएगा। वहीं अब इस मामले को लेकर सिखों में काफी रोष पाया गया।

  • जालंधरः रिश्वत लेते रंगे हाथों जेई गिरफ्तार

    जालंधरः रिश्वत लेते रंगे हाथों जेई गिरफ्तार

    जालंधर, (वरुण): पंजाब में भ्रष्टाचार को मुक्त करने के लिए मान सरकार के आदेशों पर विजीलेंस ब्यूरो ने पीएसपीसीएल के अधिकारी को रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है। विजीलैंस ब्यूरो ने आज पीएसपीसीएल अलावलपुर जिला जालंधर के जूनियर इंजीनियर शाम सिंह को बिजली ट्रांसफार्मर लगाने के बदले में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है।

    पीड़ित किसान की शिकायत पर हुई कार्रवाई

    इस मामले की जानकारी देते हुए विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि तरलोचन सिंह निवासी ग्राम सरमस्तपुर, जिला जालंधर की शिकायत पर आरोपी शाम सिंह जेई को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता विजीलेंस ब्यूरो से पास आए थे और उन्होंने यह आरोप लगाते हुए कहा था कि वह एक छोटा किसान है और उसने अपने ट्यूबवेल के लिए कृषि बिजली आपूर्ति के साथ एक व्यक्तिगत ट्रांसफार्मर के लिए आवेदन किया हुआ है।

    जेई ने 15 हजार रुपए की मांगी थी रिश्वत

    शिकायतकर्ता ने आगे बताया कि जेई ने पीएसपीसीएल को ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए दिया गया काम पहले ही पूरा कर लिया था लेकिन उसने 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग की और उनके बीच यह सौदा 10,000 रुपये में तय हुआ है। उन्होंने आगे बताया कि शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर शिकायतकर्ता से 10 हजार की रिश्वत लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।

    दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी गिरफ्तार

    अधिकारियों ने बताया कि मौके पर दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में उसकी जेब से रिश्वत के पैसे बरामद किए गए। उन्होंने आगे बताया कि थाना विजिलेंस ब्यूरो जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • पंजाबः 30 साल के किसान की गोली मारकर हत्या, आरोपी मौके से फरार

    पंजाबः 30 साल के किसान की गोली मारकर हत्या, आरोपी मौके से फरार

    बठिंडाः जिले से क्राइम को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक तलवंडी साबो के गांव राइयां में पंचायती जमीन पर कब्जा करने को लेकर आधा दर्जन हथियारबंद लोगों ने किसान भुच्चर सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना तलवंडी साबो पुलिस ने मृतक के दोस्त की शिकायत पर दो लोगों को नामजद कर उनके अज्ञात साथियों समेत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। गांव राइयां के खुशदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि गत सोमवार को गांव राइयां में स्थित चार किले पंचायती जमीन की बोली हुई थी। पंचायत अधिकारियों की अगुआई में हुई इस बोली में उसने ज्यादा बोली देकर जमीन ठेके पर ले ली। 

    30 साल के भुच्चर सिंह लगी दो गाेलियां, अस्पताल में तोड़ा दम

    खुशदीप सिंह के मुताबिक उसने बोली के जरिए जो जमीन ठेके पर ली है, उस पर आरोपित अमृतपाल सिंह व कृपाल सिंह ने पहले से कब्जा कर रखा था। बोली देने के बाद वह सोमवार शाम को उक्त लोगों से जमीन से अपना कब्जा छोड़ने को कहने गया था। इसके बाद अमृतपाल सिंह व कृपाल सिंह ने अपने कुछ अज्ञात साथियों को बुलाकर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद वह मंगलवार सुबह इस बाबत शिकायत दर्ज करवाने के लिए पुलिस चौंकी सिंगो मंडी गया हुआ था।

    इस दौरान उसे उसके साथी भुच्चर सिंह का फोन आया कि अमृतपाल सिंह व कृपाल सिंह अपने साथ हथियारबंद लोगों को लेकर फिर से उसे धमकाने आए हैं। इसके बाद वह पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचा, लेकिन वे पुलिस की बात सुनने को भी तैयार नहीं हुए। हमलावरों ने उनपर फायरिंग कर दी। दो गाेलियां लगने से उसके साथी 30 वर्षीय भुच्चर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत तलवंडी साबो के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    अमृतपाल व कृपाल सिंह सहित अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज

    खुशदीप सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने इससे पहले भी उस पर जानलेवा हमला किया था। इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने तब भी उन पर कार्रवाई नहीं की थी। उसने बताया कि अमृतपाल सिंह के पास देसी कट्टा और कृपाल सिंह के पास पिस्टल था। वारदात को अंजाम देने के बाद वे फरार हो गए। थाना तलवंडी साबो पुलिस ने खुशदीप सिंह की शिकायत पर अमृतपाल व कृपाल सिंह समेत अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • पंजाबः गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के 2 करीबी साथी गिरफ्तार

    पंजाबः गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के 2 करीबी साथी गिरफ्तार

    चंडीगढ़ः पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ चलाई मुहिम के तहत गोल्डी बराड़ के दो करीबी साथियों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने दी है। उन्होंने कहा कि बठिंडा पुलिस और पंजाब पुलिस के एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने मिलकर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और अनमोल बिश्नोई को बड़ा झटका देते हुए ऑपरेशन में उनके दो को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि यह दोनों बठिंडा के पथराला गांव से हरियाणा भागने की कोशिश कर रहे थे।

    आरोपियों से हथियार और पुलिस वर्दी बरामद

    पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव भैनी निवासी मलकीत सिंह उर्फ ​​किट्टा और बठिंडा जिले के अकालिया जलाल गांव निवासी हरदीप सिंह उर्फ ​​मामा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और आरोपी कई घिनौने अपराध के मामलों में वांछित है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 7 पिस्तौल (छह .32 बोर और एक .30 बोर) के साथ बुलेट के सिक्के और एएसआई रैंक की पुलिस की वर्दी भी बरामद की है। इसके साथ ही पुलिस ने उस बाइक को भी जब्त किया है, जिससे वह भागने की कोशिश कर रहे थे।

    गुप्त सूचना पर आरोपियों को किया गिरफ्तारः डीजीपी

    यह सफलता AGTF द्वारा अमृतसर के भकना गांव में एक मुकाबले के दौरान पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के दो हत्यारों को मारने के बाद मिली है। गौरतलब है कि गोल्डी बराड़ जोकि इस समय कनाडा में रह रहा है, वह सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। इस संबंधी जानकारी देते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि बड़ी संख्या में हथियारों के साथ बाइक पर जा रहे गोल्डी बराड़ के दो साथियों के राज्य से भागने की कोशिश करने की विश्वसनीय सूचना मिली थी। जिसके बाद एजीटीएफ ने बठिंडा पुलिस के साथ मिलकर गांव पथराला के लिंक रोड पर नाकेबंदी कर दोनों को काबू किया है।

    आरोपियों पर पहले भी कई मामले दर्ज

    उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी ने गोल्डी बराड़ के निर्देश पर जैसलमेर में राजस्थान के गैंगस्टर कैलाश मंजू को मारने का असफल प्रयास किया था, जब वह जमानत पर बाहर था। इसके अलावा डीजीपी ने बताया कि 
    गिरफ्तार व्यक्तियों ने गैंगस्टर सुखा दुनेके के तीन साथियों डागर, फतेह नगर और कौंसुल चौधरी को भी उस समय मारने की असफल कोशिश की थी, जब नकोदर पुलिस ने कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया हत्याकांड में उनको प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। डीजीपी ने कहा कि इन दोनों गिरफ्तार व्यक्तियों के सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से संबंध के बारे में पुलिस जांच कर रही है।

  • सतपाल सिंह सत्ती ने कारगिल योद्धाओं की अर्पित की श्रद्धांजलि

    सतपाल सिंह सत्ती ने कारगिल योद्धाओं की अर्पित की श्रद्धांजलि

    ऊना/सुशील पंडित: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आज रक्कड़ कॉलोनी स्थित सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की देश के लिए अपनी प्राण न्यौछावर करने वाले वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। 

    इस अवसर पर सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कारगिल का युद्ध दुनिया के सबसे कठिन युद्धों में से एक रहा है। कारगिल युद्ध में हमारे वीर सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए विजयी पताका फहराई। उन्होने कहा कि जिस शौर्य व अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश के जवानों ने अपना जीवन न्यौछावर कर कारगिल युद्ध को जीता है, इसके लिए पूरा देश उन्हे नमन करता है। उन्होंने कहा कि उन वीर सपूतों की याद में हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में देश भर के 527 सैनिक शहीद हुए थे जिनमें हिमाचल प्रदेश के 52 और जिला ऊना के 2 सैनिक शामिल थे। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में कुल 4 परमवीर चक्र प्रदान किए गए थे जिनमें से दो हिमाचल प्रदेश के वीर सैनिकों के नाम रहे। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिक सतर्कता से अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं, इसीलिए हम सब अपने घरों में सुरक्षित हैं। 

    इस अवसर पर कर्नल डीपी वशिष्ठ, कर्नल कुलदीप कुमार, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिलाध्यक्ष बलदेव डोगरा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष एडवोकेट रमेश चौधरी, मंडलाध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, जिला परिषद अध्यक्षा नीलम कुमारी, एमपीएमसी अध्यक्ष बलबीर सिंह बग्गा, खादी बोर्ड के निदेशक सागर दत्त भारद्वाज, जिला परिषद सदस्य अशोक धीमान, जिला महामंत्री राज कुमार पठानिया, मंडल महामंत्री राहुल देव, खामोश जैतक, सहिल बाली, सूबेदार अश्वनी कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

  • 27 जुलाई को प्रेम आश्रम ऊना में लगाई जाएगी कोविड 19 की डोज

    27 जुलाई को प्रेम आश्रम ऊना में लगाई जाएगी कोविड 19 की डोज

    ऊना/सुशील पंडित: मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डाॅ मंजू बहल ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 जुलाई को प्रेम आश्रम ऊना में 12 से 14 वर्ष व 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना महामारी से बचाव हेतु कोविड-19 का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयु वर्ग के जो बच्चें कोविड टीकाकरण से वंचित रहे गए हैं वह अपना टीकाकरण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोरोना की दोनांे डोज लग जाने से कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा कम हो जाता है।

    इसके अलावा डाॅ मंजू बहल ने कहा कि जिला में कोरोना मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोरोना संबंधित सुरक्षा नियमों की अनुपालना करना भी सुनिश्चित करें।

  • पंजाबः शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस कोरोना पॉजिटिव

    पंजाबः शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस कोरोना पॉजिटिव

    चंडीगढ़: पंजाब में कोरोना वायरस के केसों में एक बार फिर से बढ़ौतरी होनी शुरू हो गई है। वहीं कोरोना वायरस को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

    इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी गई है। उन्होंने सम्पर्क में आने वाले सभी लोगों से अपील की है कि अपना ख्याल रखे। बता दें  हरजोत सिंह बैंस काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं और गत 23 जुलाई को वह बहबलकलां पहुंचे जहां उन्होंने सिख जत्थेबंदियों से मुलाकात की थी। 

  • पंजाब: अब गैंगस्टरों की म्यूजिक इंडस्ट्री पर नजर, IB को मिला इनपुट

    पंजाब: अब गैंगस्टरों की म्यूजिक इंडस्ट्री पर नजर, IB को मिला इनपुट

    चंडीगढ़ः पंजाब में बढ़ रहे गैंगस्टरवाद को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है। गैंगस्टर पंजाब के गायकों पर नजर बनाए हुए है। इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) पंजाब को इसका इनपुट मिला है। मिली जानकारी के मुताबिक गैंगस्टर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के जरिए अपने काले धन को सफेद करना चाहते है। इस तथ्य की जांच में आईबी को कनाडा में बैठे पंजाब से संबंध रखने वाले कुछ पंजाबी सिंगरों का कनेक्शन मिला है, जिसके बाद वह आईबी के रडार पर आ गए हैं।

    60 हजार करोड़ तक पहुंच चुकी पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री

    पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के अनुसार इस इंडस्ट्री का वर्तमान मूल्य लगभग 60 हजार करोड़ तक पहुंच चुका है। पंजाब में म्यूजिक इंडस्ट्री में 450 से अधिक पंजीकृत संगीत लेबल हैं, जो हर दिन लगभग 20 से 25 गाने जारी करते हैं। 2021 में इस इंडस्ट्री ने 5000 से अधिक म्यूजिक वीडियो जारी किए थे। करोड़ों की इस म्यूजिक इंडस्ट्री पर पंजाब के गैंगस्टर अब अपना साम्राज्य जमाने की होड़ में लगे हैं। इसका खुलासा पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद हो चुका है। 

    पुलिस जांच में खुलासा: पंजाबी गायकों के गैंगस्टरों से संबंध

    पुलिस जांच में खुलासा हो चुका है कि कई पंजाबी गायकों के गैंगस्टरों से संबंध हैं। इसके बाद अब आईबी को ऐसे सबूत मिले हैं कि इस इंडस्ट्री के जरिये गैंगस्टर रंगदारी, हत्या और अन्य आपराधिक कार्यों से अर्जित काले धन को सफेद करने की जुगत में हैं। इसके पीछे की बड़ी वजह यह भी है कि चूंकि अधिकांश सफल पंजाबी गायकों के कनाडा के साथ संबंध हैं। उनके पास या तो स्थायी निवास परमिट या उत्तरी अमेरिकी देश की नागरिकता है। ऐसे में कनाडा में बैठे पंजाब से संबंध रखने वाले गैंगस्टर आसानी से उनसे संपर्क साध लेते हैं। इस इनपुट पर आईबी की जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि कई कनाडा बेस्ड पंजाबी सिंगर भी इसमें गैगस्टरों के साथ संलिप्त हैं।

    इन संगीत कंपनियों को ये गैंग कर रहा संचालित

    कई संगीत कंपनियां, जैसे ठग्स लाइफ और गोल्ड मीडिया को सीधे तौर पर बंबीहा गैंग संचालित कर रहा है। 2021 में मोहाली पुलिस इसका खुलासा कर चुकी है। गैंगस्टर इन संगीत कंपनियों में जबरन वसूली का पैसा लगा रहे हैं, और काले धन को सफेद कर रहे हैं। सिद्धू मूसेवाला ने भी इन कंपनियों में कई गाने गए हैं, जो काफी हिट हुए थे।

    इन गायकों को मिल चुकी है धमकियां

    अभिनेता और गायक गिप्पी ग्रेवाल और जालंधर के पंजाबी गायक राय जुझार को वीडियो कॉल के माध्यम से जबरन वसूली की धमकी मिल चुकी है। गायक-राजनेता बलकार सिद्धू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उन्हें रंगदारी के कॉल आए। गायक करण औजला को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली और कनाडा के सरी में उनके दोस्त के घर पर गोलियां चलाई गईं।

    मूसेवाला की हत्या के बाद इन गायकों की बढ़ी सुरक्षा

    मूसेवाला की हत्या के बाद एहतियात के तौर पर हाल ही में गायकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पंजाब पुलिस ने गायक मनकीरत औलख की भी सुरक्षा बढ़ाई है। उन्होंने दविंदर बंबीहा गिरोह से कथित तौर पर धमकी मिलने के बाद पुलिस से सुरक्षा उपाय करने का अनुरोध किया था।

  • प्रो. राम कुमार ने 15 लाख से बनने वाली पेयजल योजना का किया भूमिपूजन

    प्रो. राम कुमार ने 15 लाख से बनने वाली पेयजल योजना का किया भूमिपूजन

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने आज हरोली विधानसभा के तहत गांव कांटे में 15 लाख रूपये की लागत से बनने वाली पेयजल योजना का विधिवत रूप से भूमिपूजन किया। उन्होंनेे बताया कि इस पेयजल योजना के निर्मित होने से इलाके के लगभग 150 घर लाभान्वित होंगे।

    इस अवसर पर प्रो राम कुमार ने कहा कि गत साढ़े चार वर्षों के दौरान वर्तमान सरकार ने आम आदमी के हित में अनेकों फैसले लिए हैं। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश में 7.78 लाख घरों को पानी के कनेक्शन दिए गए हैं जिससे 90 प्रतिशत से अधिक घरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो पाया है। इसके अलावा महिलाओं के लिए बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी है, ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के बिल पूरी तरह से माफ कर दिए हैं तथा बिजली के 125 यूनिट फ्री कर दिए हैं। यही नहीं प्रदेश सरकार ने बुढ़ापा पेंशन की आयुसीमा पिछले साढ़े चार साल में 80 वर्ष के घटाकर 60 वर्ष कर दी है, जिससे लाखों नए लोगों को पेंशन की सुविधा प्राप्त हुई है और उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने का रास्ता मिला है।  

    इस अवसर पर एसडीओ यशवंत सिंह, जेई संजीव डोगरा, मुलतान सिंह, कुलदीप सिंह, बलवीर सिंह, मोहन लाल, हरमिंद्र सिंह, शीष सिंह, चमन लाल, ओंकार व पूर्व बीडीसी अध्यक्ष अवतार सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

  • इनोसेंट हार्टस के हेल्थ एंड वैलनेस क्लब के विद्यार्थियों ने रेनीसीजन में क्या करें, क्या न करें रोल प्ले के माध्यम से किया सचेत

    इनोसेंट हार्टस के हेल्थ एंड वैलनेस क्लब के विद्यार्थियों ने रेनीसीजन में क्या करें, क्या न करें रोल प्ले के माध्यम से किया सचेत

    जालंधर/विजयः इनोसेंट हार्टस के पाँचों स्कूलों (ग्रीन माॅडल टाऊन, लोहारां, कैंट जंडियाला रोड, रॉयल वर्ल्ड व कपूरथला रोड) के हेल्थ एंड वैलनेस क्लब के विद्यार्थियों द्वारा बरसाती मौसम में क्या करें, क्या न करें विषय पर रोल प्ले व नुक्कड़ नाटिका प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों के लिए विशेष असेंबली का आयोजन किया गया, जिसमें हेल्थ एंड वैलनेस क्लब के अंबेसडर, मॉडरेटर तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई।

    इस नुक्कड़ नाटिका व रोल प्ले के माध्यम से सभी को बताया गया कि बरसाती मौसम में हमेशा उबलीया ग्रिल्ड सब्जियों का ही सेवन करें, फल खाने से पहले और सब्जियाँ पकाने से पहले अच्छी तरह से धोलें, चाय और कॉफी जैसे गर्म पेय पदार्थों में पुदीना, तुलसी, अदरक आदि शामिल अवश्य करें। फिर उन्होंने बताया कि बरसाती मौसम में किन-किन चीज़ों के सेवन से व किन-किन चीज़ों को करने से बचना चाहिए, बाहर का खाना खाने से बचें, खासकर बाहर का खुला खाना। पहले से ही छीले हुए फलों का सेवन कदापि न करें। रेस्तरां और फूड स्टॉल में शीतल पेय लेते समय उसमें बर्फ न डालें।पिज़्ज़ा, पास्ता, बर्गर जैसे जंक फूड का सेवन न करें। किसी भी परिस्थिति में अपने बच्चों के बुखार को अनदेखा न करें; विशेष रूप से शरीर में दर्द के साथ बुखार को। अपनी आँखों व चेहरे को छूने से बचें। गीले कपड़े व गीलेजूते न पहनें और न ही बारिश के पानी में बच्चों को खेलने दें। घर के किसी भी कंटेनर में या घर के आसपास पानी जमा न होने दें, इससे मच्छरों के प्रजनन से फैलने वाले डेंगू, चिकुनगुनिया जैसे खतरनाक रोगों से बचा जा सकता है। इसके अतिरिक्त अध्यापिकाओं ने भी अपनी-अपनी कक्षा में बच्चों को सचेत करते हुए कहा कि इस बारिश के मौसम में वे सभी भी अपने-अपने स्वास्थ्य का ध्यान अवश्य रखें।