Blog

  • पंजाबः 5 करोड़ रुपए की हेरोइन सहित 2 गिरफ्तार

    पंजाबः 5 करोड़ रुपए की हेरोइन सहित 2 गिरफ्तार

    अमरकोटः पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने करोड़ों रुपए की हेरोइन सहित 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पकड़ी गई हेरोइन की कीमत 5 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। मामले को लेकर एसएचओ जगदीप सिंह ने बताया कि गांव महमूदपुर के सूए से अमरकोट राजोके रोड पर विशेष नाकाबंदी के दौरान पाकिस्तान में बैठे तस्करों से ड्रोन के जरिए असला,हेरोइन मंगवाने वाले गिरोह की सूचना मिली थी। पुलिस ने नाकाबंदी करके निरमल सिंह उर्फ निम्मा पुत्र कारज सिंह निवासी गांव तारा सिंह, गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक पुत्र गुरमेज सिंह निवासी लाखना को मोटरसाइकिल सहित काबू किया, जिनसे 510 ग्राम और 490 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। 

  • देश के टॉप 10 स्कूलों की लिस्ट जारी, बेस्ट सरकारी स्कूलों में पंजाब भी शामिल, देखें लिस्ट

    देश के टॉप 10 स्कूलों की लिस्ट जारी, बेस्ट सरकारी स्कूलों में पंजाब भी शामिल, देखें लिस्ट

    नई दिल्लीः भारत के बेस्ट स्कूल्स की लिस्ट जारी हुई है। प्राइवेट, सरकारी, आवासीय, सेंट्रल गवर्नमेंट, स्टेट गवर्नमेंट समेत कई अलग-अलग श्रेणियों में देश के बेस्ट स्कूलों की लिस्ट जारी की गई है। गवर्नमेंट रेजिडेंशियल स्कूल के मामले में केंद्र सरकार और एनवीएस द्वारा संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय यानी जेएनवी लगातार हर साल पहले नंबर पर कायम है। वहीं अगर सामान्य डे स्कॉलर सरकारी स्कूलों की बात करें तो देश के टॉप 10 में से 5 दिल्ली सरकारी स्कूल हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके अपनी खुशी जाहिर की है। दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों के सरकारी स्कूल ने भी टॉप 10 में जगह बनाई है। देखिए पूरी लिस्ट।

    ये रैंकिंग एजुकेशन वर्ल्ड द्वारा जारी की गई है। इसका नाम है एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2022-23 या फिर EW India School Rankings। ये निजी संस्था है जो वर्ष 2014 से टॉप स्कूल रैंकिंग जारी करती आ रही है। वर्ष 2022 के लिए भारत के बेस्ट प्राइवेट और सरकारी स्कूलों की लिस्ट यहां दी जा रही है।

  • CM के OSD, करीबी अधिकारियों और कारोबारियों पर ईडी की छापेमारी, IAS के घर से करोड़ों रुपये बरामद

    CM के OSD, करीबी अधिकारियों और कारोबारियों पर ईडी की छापेमारी, IAS के घर से करोड़ों रुपये बरामद

    नई दिल्लीः छत्तीसगढ़ के कई शहरों में मंगलवार तड़के से ईडी की कार्रवाई जारी है। इस दौरान ईडी ने एक आईएएस अफसर के घर से करीब चार करोड़ रुपये की नकदी, सोना, करोड़ों की ज्वैलरी और दस्तावेज बरामद हुए हैं। हालांकि यह नहीं बताया गया है कि ये सब सामान कहां से बरामद किया गया है। सूत्रों के दौरान कार्रवाई आज भी जारी रहेगी। बताया जा रहा है कि शाम तक दिल्ली के अधिकारी भी रायपुर पहुंच चुके हैं। कहा जा रहा है कि CRPF के करीब 200 जवान और छत्तीसगढ़ पहुंच गए हैं। रायपुर के अलावा रायगढ़,बिलासपुर, कोरबा में भी कार्रवाई जारी है। ईडी के टारगेट में कोयला और रेत का कारोबार करने वाले लोग ज्यादा हैं। माना जा रहा है कि शराब के कुछ और कारोबारी भी निशाने में आ सकते हैं।

    रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू के आवास के कुछ कमरे सील

    बताया जा रहा है कि रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू दिल्ली में है। इसके चलते ईडी ने उनके आवास के कुछ कमरों को सील कर दिया है। कलेक्टर रानू साहू के आज दिल्ली से लौटने की संभावना है। तब तक कलेक्टर बंगले के कमरों के बाहर ईडी ने अपने दो लोग तैनात कर दिए हैं। 

    जाने किन अधिकारियों के घर ईडी की रेड जारी 

    छत्तीसगढ़ के दुर्ग में मुख्यमंत्री बघेल की ओएसडी सौम्या चौरसिया, रायगढ़ में कलेक्टर रानू साहू के आवास पर, महासमुंद में अग्नि चंद्राकर, सूर्यकांत तिवारी, माइनिंग हेड आईएएस जेपी मौर्य के रायपुर स्थित आवास पर, रायगढ़ के गांजा चौक निवासी नवनीत तिवारी, प्रिंस भाटिया, सीए सुनील अग्रवाल के ठिकानों पर ईडी की कार्यवाही जारी है। 

    सुबह पांच बजे से चल रही छापेमारी

    बताया जा रहा है कि सुबह पांच बजे से इन सभी के घर ईडी दर्जनभर टीम के साथ रेड कर रही है। इससे पहले भी आईटी और ईडी द्वारा मुख्यमंत्री की ओएसडी सौम्या चौरसिया, कलेक्टर रानू साहू, सूर्यकांत तिवारी से पहले भी पूछताछ की जा चुकी है। इस दौरान कोयला व्यापारी सूर्यकांत तिवारी और सौम्या चौरसिया के घर से बड़ी मात्रा में लगभग 200 करोड रुपये की चल अचल संपत्ति सामने आई थी।

  • हादसे में घायल हुए पंजाबी गायक अल्फाज ने सीएम से की ये अपील, शेयर की पोस्ट

    हादसे में घायल हुए पंजाबी गायक अल्फाज ने सीएम से की ये अपील, शेयर की पोस्ट

    चंडीगढ़ः पंजाबी अभिनेता-गायक अमनजोत सिंह पंवार उर्फ अल्फाज अभी भी अस्पताल में भर्ती है। हाल ही में उनका दर्दनाक एस्सीडेंट हुआ था। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में भी कहा कि वह हादसे में घायल हुए हैं। इस हादसे में पुलिस ने पंचकूला से एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया था। हादसे की जानकारी यो यो हनी सिंग ने दी थी और उन्हें गंभीर हालत में भर्ती करवाया। अल्फाज की हालत गंभीर होने के कारण कुछ दिन आईसीयू में रहे। 

    अब अल्फाज को होश आ गया है और उसके द्वारा पहला बयान भी जारी कर दिया गया है। अल्फाज ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए अपनी सेहत को लेकर प्रशंसकों को जानकारी दी है। अल्फाज ने लिखा,” जो कुछ हुआ, उस कारण अभी भी सदमे में हूं… पहले वाहेगुरु का धन्यावाद, जिन्होंने मुझे दूसरी जिंदगी दी… मेरे परिवार, दोस्तों और चाहने वालों का धन्यावाद, जिन्होंने मेरी जल्द ठीक होने की अच्छी सेहत के लिए दुआ की मांग की…मैं पहले से ठीक हूं और जल्द ही वापस आऊंगा। सी.एम. मान को अपील करते अल्फाज ने लिखा,” मैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और मोहाली पुलिस को बेनती करता हूं कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाएं क्योंकि यह कोई अचानक हादसा नहीं हुआ है..मैं दुआ करता हूं कि इस दर्द और सदमे से कोई ना निकले…मीडिया और मोहाली पुलिस का समर्थन देने के लिए धन्यावाद।”

  • अमित शाह के कार्यक्रम से लौट रही पुलिस बस ने बाइक सवारों को रौंदा, 3 की मौत

    अमित शाह के कार्यक्रम से लौट रही पुलिस बस ने बाइक सवारों को रौंदा, 3 की मौत

    टक्कर के बाद बस में लगी आग

    पटना: बिहार में छपरा-सीवान हाईवे पर मंगलवार को पुलिसकर्मियों को ले जा रही एक बस बाइक से टकरा गई, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। बाइक से टक्कर के बाद बस में भी आग लग गई और देखते ही देखते इसने भयानक रूप पकड़ लिया। हादसा देवरिया के पास उस समय हुआ जब बाइक सवार तीन लोग पुलिस अधिकारियों को ले जा रही बस की चपेट में आ गए। बाइक सवारों में से एक बस के नीचे फंस गया और वह कुछ 100 गज की दूरी तक घसीटता चला गया, जिसके बाद बस का ईंधन टैंक फट गया।

    बस में सबसे पहले नीचे लगी आग की चपेट में बाइक पर सवार ये युवक भी आ गया और जिंदा जल गया। वहीं बस में आग लगते ही पुलिसकर्मी उतरकर भागने लगे। बताया जा रहा है कि सीवान-छपरा हाईवे पर रिविलगंज थाना क्षेत्र के टेकनीवास देवरिया ए-1 चिमनी के पास अनियंत्रित पुलिस बस ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा। पुलिसकर्मियों की ये बस सीताब दियारा में जयप्रकाश नारायण की 120वीं जयंती समारोह से लौट रही थी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए थे।

    बस में आग लगने के बाद पुलिसकर्मी वहां से भाग खड़े हुए। बस में आग लगने का हादसा कैमरे में भी कैद हो गया। हादसे से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। हादसे में मृतकों की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के रेवाड़ी पंचायत के पकड़भिंढा निवासी सत्यनारायण मांझी के 28 साल के पुत्र संजय मांझी सहित इसी गांव निवासी सुखल मांझी के 16 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार मांझी के रूप में हुई है। भगवान बाजार थाना क्षेत्र के मंगाई डीह निवासी 22 साल के किशोर कुमार की भी हादसे में मौत हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस में करीब 50 से 60 पुलिसकर्मी सवार थे और इसकी रफ्तार काफी तेज थी। 

  • कपूरथलाः न्यू खालसा बेकरी से लाखों रुपए लेकर फरार चोर

    कपूरथलाः न्यू खालसा बेकरी से लाखों रुपए लेकर फरार चोर

    कपूरथलाः पंजाब के कपूरथला शहर में करवा चौथ के त्योहारों की गहमागहमी के बीच देर रात मुख्य चौक पर स्थित न्यू खालसा बेकरी में 3 चोरों द्वारा लाखों रुपए की चोरी करने की घटना घटी है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में चोरों की सारी घटना कैद हो गई है। चोरी की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सिटी थाना पुलिस ने मौके से मिले एक पेचकस तथा टॉर्च को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 3 चोर एक बाइक पर आए और उन्होंने दुकान का शटर तोड़ा। फिर अंदर घुसकर सिर्फ कैश को ही टारगेट बनाया है।  

    कपूरथला के शिव मंदिर चौक पर स्थित न्यू खालसा बेकरी के मालिक अमनदीप सिंह ने बताया कि देर रात वह रोजाना की तरह अपनी बेकरी बंद कर गए थे। लेकिन जब वह सुबह बेकरी खोलने के लिए आए तो देखा की दुकान का मुख्य शटर टूटा हुआ था। जब अंदर जाकर देखा तो गल्ला भी खुला था और उसमें पड़ा लगभग सवा लाख रुपए का कैश भी गायब था।

    दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में जब देखा तो उक्त चोर 3:20 मिनट पर दुकान में घुसे और उन्होंने घटना को अंजाम दिया। बता दें कि करवा चौथ त्यौहार की गहमागहमी को लेकर उक्त घटनास्थल के नजदीक ही देर रात लगभग 1:30 बजे तक मेहंदी लगवाने वाली महिलाओं की भीड़ लगी रहती है। वहीं पर पीसीआर टीम भी गश्त कर रही थी। इसके बावजूद लगभग साढ़े 3 बजे घटना को अंजाम देना पुलिस की गतिविधि को चुनौती देना माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पीसीआर टीम तथा सिटी थाना के जांच अधिकारी हरप्रसाद ने मौके पर मिले एक पेचकस और टॉर्च को फिंगर प्रिंट विभाग से जांच हेतु कब्जे में ले लिया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है।

  • दर्दनाक हादसाः घर में सिलेंडर फटने से गिरी छत, 2 बच्चों समेत 7 झुलसे

    दर्दनाक हादसाः घर में सिलेंडर फटने से गिरी छत, 2 बच्चों समेत 7 झुलसे

    रोहतकः हरियाणा के रोहतक शहर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां की एकता कॉलोनी में बुधवार सुबह करीब सात बजे रसोई में रखा गैस सिलिंडर फट गया। धमाके के साथ न केवल परिवार के चार लोग झुलस गए, बल्कि मकान की छत गिरने से तीन किरायेदार भी घायल हो गए।

    सभी को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया है। घायलों में एक साल का बच्चा भी शामिल है। एकता कॉलोनी निवासी विशाल अपने परिवार समेत रहते हैं।

    सुबह उनकी पत्नी रसोई में गई और गैस चालू किया। अचानक सिलिंडर में आग लग गई। देखते ही देखते सिलिंडर धमाके के साथ फट गया। परिवार में मौजूद विशाल (34), उनकी पत्नी शिल्पा (30), बेटा रेहान (8) व रिवान (1) बुरी तरह झुलस गए। साथ ही धमाके में मकान की छत गिरने से किरायेदार 16 वर्षीय प्रीति, 20 वर्षीय उपासना और 18 वर्षीय पार्थिव घायल हो गए हैं। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घायलों को पीजीआई में दाखिल करवाया गया, जहां झुलसे परिवार के चारों लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

  • पंजाबः PRTC की बस और बलेरो की भयानक टक्कर, कई घायल

    पंजाबः PRTC की बस और बलेरो की भयानक टक्कर, कई घायल

    बठिंडाः मलोट से बठिंडा जा रही पीआरटीसी की बस एक बलेरो वाहन से टकरा गई। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी भयानक थी कि इस हादसे में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • वायुसेना का मिग 29K लड़ाकू विमान क्रैश

    वायुसेना का मिग 29K लड़ाकू विमान क्रैश

    नई दिल्लीः गोवा में एक मिग 29के लड़ाकू विमान क्रैश हुआ है। गोवा तट पर नियमित उड़ान के दौरान यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पायलट बाहर निकलने में कामयाब हो गया, जिससे उसकी जान बच गई। भारतीय नौसेना ने इस मामले में जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब तकनीकी खराबी आने के बाद विमान वापस बेस लौट रहा था। 

    बता दें, रूस की मिकोयांग कंपनी द्वारा निर्मित मिग-29 विमान भारतीय सेना में अहम भूमिका निभाता रहा है। वायुसेना में इसकी संख्या 70 के करीब है। वायुसेना के साथ-साथ भारतीय नौसेना भी इस विमान का इस्तेमाल करती है। इससे पहले राजस्थान के बाड़मेर में इसी साल 29 जुलाई को प्रशिक्षण उड़ान के दौरान भारतीय वायुसेना का मिग-21 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलट शहीद हो गए थे। इनकी पहचान हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के संधोल के विंग कमांडर मोहित राणा (39) और जम्मू के फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितिया बल (26) के रूप में हुई थी।

  • पंजाब: हाईकोर्ट ने कुमार विश्वास और तेजिंदर पाल बग्गा की FIR की रद्द

    पंजाब: हाईकोर्ट ने कुमार विश्वास और तेजिंदर पाल बग्गा की FIR की रद्द

    चंडीगढ़ः पंजाब हाईकोर्ट ने कवि कुमार विश्वास और भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा के ऊपर दर्ज एफआईआर को खारिज कर दिया है। पंजाब सरकार के लिए बड़ा झटका है कुमार विश्वास ने ट्वीट करते हुए कहा है कि सरकार बनते ही, मुझ पर FIR करके असुरक्षित आत्ममुग्घ बौने ने जो पंजाब-पुलिस मेरे घर भेजी थी, उस बेबुनियाद FIR को आज उच्च न्यायालय पंजाब ने ख़ारिज कर दिया। न्यायपालिका व मुझे प्यार करने वालों का आभार प्यारे अनुज भगवंत मान को पुनः सलाह कि पंजाब के स्वाभिमान को बौनी-नजरों से बचाए। कुछ दिन पहले ही तजिंदर पाल सिंह बग्गा के ऊपर पंजाब में एफआईआर दर्ज की गई थी। उसके बाद आधी रात पंजाब पुलिस दिल्ली आकर बग्गा को गिरफ्तार किया था। मामला बढ़ने के बाद पंजाब पुलिस को हरियाणा पुलिस ने रोक लिया था और फिर दिल्ली पुलिस बग्गा को लेकर वापस दिल्ली लौट आई थी। कुमार विश्वास पर भी ऐसा ही मामला दर्ज किया था। आज पंजाब कोर्ट ने दोनों एफआईआर को रद्द कर दिया है।

    प्रिय छोटे भाई @BhagwantMann ख़ुद्दार पंजाब ने 300साल में, दिल्ली के किसी असुरक्षित तानाशाह को अपनी ताक़त से कभी नहीं खेलने दिया।पंजाब ने तुम्हारी पगड़ी को ताज सौंपा है किसी बौने दुर्योधन को नहीं।पंजाब के लोगों के टैक्स के पैसों व उनकी पुलिस का अपमान मत करो पगड़ी सम्भाल जट्टा…

    कुमार विश्वास ने कसा तंज

    इसी साल 6 मई को कुमार विश्वास के ऊपर मुकदमा दर्ज किया गया था। तब कुमार विश्वास ने लिखा था प्रिय छोटे भाई भगवंत मान ख़ुद्दार पंजाब ने 300 साल में, दिल्ली के किसी असुरक्षित तानाशाह को अपनी ताक़त से कभी नहीं खेलने दिया। पंजाब ने तुम्हारी पगड़ी को ताज सौंपा है किसी बौने दुर्योधन को नहीं। पंजाब के लोगों के टैक्स के पैसों व उनकी पुलिस का अपमान मत करो। पगड़ी सम्भाल जट्टा।

    बग्गा पर लगाए थे ये आरोप

    बग्गा की गिरफ्तारी के बाद उनके पिता ने आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारी तजिंदर को घसीटने लगे, उन्होंने उसे पगड़ी पहनने की अनुमति नहीं दी। ये हमारे धार्मिक सिद्धांतों के खिलाफ है। हमने पंजाबी भाइयों से इसके खिलाफ आवाज उठाने को कहा है। आखिर में तजिंदर वापस आ गया, ये सच्चाई की जीत है। दिल्ली बीजेपी के प्रवक्तातजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। बग्गा पर भड़काऊ बयान देने, दुश्मनी को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी देने के आरोप लगे हैं।