Blog

  • Holy Child School में Guard की हत्या, इलाके में फैली सनसनी

    Holy Child School में Guard की हत्या, इलाके में फैली सनसनी

    नीमरानाः जापानी औद्योगिक क्षेत्र स्थित होली चाइल्ड स्कूल में एक सुरक्षा गार्ड की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक के सिर पर लोहे की रॉड जैसी किसी भारी वस्तु से हमला किया गया है। घटना का पता तब चला जब सुबह करीब 7 बजे दूसरा गार्ड ड्यूटी पर पहुंचा। मृतक की पहचान भूंगड़ा अहीर निवासी सुभाष नाई (50) के रूप में हुई है।

    जानकारी देते डीएसपी चारुल गुप्ता ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि होली चाइल्ड स्कूल के गेट के बाहर एक बाॅडी पड़ी हुई है। मौके पर पहुंचे तो पता चला कि मृतक सुभाष नाई यहां 2-3 साल से गार्ड का काम कर रहा था। प्रथम दृष्टया सामने आया है कि इसी स्कूल के माली से रात में गार्ड का कोई विवाद हुआ था। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मौके पर एफएसएल और पुलिस की टीम जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पाॅस्टमार्टम के लिए नीमराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया। घटनास्थल पर FSL और पुलिस की टीम साक्ष्य जुटा रही है। वहीं पूछताछ में सामने आया कि स्कूल के सीसीटीवी कैमरे पीछले तीन दिन से बंद है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

  • Punjab News: पाकिस्तानी शहज़ाद भट्टी मामले में यादविंदर सिंह के घर NIA की Raid

    Punjab News: पाकिस्तानी शहज़ाद भट्टी मामले में यादविंदर सिंह के घर NIA की Raid

    मानसाः बुढ़लाडा में पाकिस्तानी डॉन शहज़ाद भट्टी से संबंधों को लेकर आज सुबह करीब 5 बजे गांव कुलाना में यादविंदर सिंह उर्फ प्रीता के घर पर NIA ने रेड की। मिली जानकारी के अनुसार करीब 7 से 8 अधिकारियों की टीम 3 गाड़ियों में सवार होकर यादविंदर सिंह के घर आई थी। इस दौरान अधिकारियों द्वारा सुबह 9:30 तक पूरे घर की तलाशी ली गई। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान टीम को मौके से कुछ नहीं मिला। हालांकि टीम ने यादविंदर सिंह को 15 जून को चंडीगढ़ कार्यालय में जांच के लिए फिर बुलाया है। करीब एक महीने पहले भी एनआईए की टीम ने यादविंदर सिंह के घर रेड की थी।

    +2 कक्षा की पढ़ाई बीच में छोड़ चुके यादविंदर सिंह ने बताया कि करीब 2 साल पहले वह पाकिस्तानी डॉन शहज़ाद भट्टी के संपर्क में जरूर आया था, लेकिन उसके बाद उसका उससे कोई मेलजोल नहीं रहा। यादविंदर सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि पहले भी एनआईए दो बार उनके मोबाइल अपने साथ ले गई थी। एनआईए टीम द्वारा की गई पूछताछ के बारे में पूछने पर यादविंदर ने बताया कि हर बार टीम के सदस्य उसके मोबाइल नंबर साझा करके उससे लिंक होने के बारे में पूछताछ करते हैं। यादविंदर के मुताबिक, पहले ली गई दो मोबाइल फ़ोनों को उसकी माता ने एनआईए कार्यालय के चक्कर लगाकर बड़ी मुश्किल से वापस लिया था।

    यादविंदर सिंह के रिश्तेदार जगिंदर सिंह ने बताया कि एनआईए की टीम तीन बार उनके घर रेड कर चुकी है और आज सुबह भी वे उठने से पहले ही टीम घर पहुंच चुकी थी। उन्होंने स्वीकार किया कि यादविंदर सिंह करीब 2 साल पहले पाकिस्तानी डॉन शहज़ाद भट्टी के संपर्क में आया था, लेकिन उसके बाद उसके मोबाइल और सिम नष्ट कर दिए गए थे। इसके बाद उसका शहज़ाद भट्टी से कोई कनेक्शन नहीं है।

  • Punjab News: केंद्र के खिलाफ कौमी इंसाफ मोर्चा का प्रदर्शन, Free किया Toll Plaza, देखें वीडियो

    Punjab News: केंद्र के खिलाफ कौमी इंसाफ मोर्चा का प्रदर्शन, Free किया Toll Plaza, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में कौमी इंसाफ मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए लाडोवाल टोल प्लाजा आज 2 घंटे के लिए टोल-फ्री कर दिया। कौमी इंसाफ मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के तहत 9 जून को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक टोल वसूली बंद रखने का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट है। टोल प्लाजा पर किसी भी तरह की अनहोनी से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

    पुलिस की पैनी नजर हर गतिविधि पर रहेगी। कौमी इंसाफ मोर्चा के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से जेलों में बंदी सिखों कैदियों की रिहाई की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही। उनका आरोप है कि कैदियों की रिहाई तो दूर, उन्हें पैरोल तक नहीं दी जा रही। इसी के विरोध में और अपनी आवाज दिल्ली तक पहुंचाने के लिए मोर्चा ने यह कदम उठाने का फैसला किया है।

    कार्यकर्ताओं के अनुसार मोर्चे की ओर से सरकार को घुटनों पर लाने के लिए सिलसिलेवार आंदोलनों का खाका तैयार किया है। कौमी इंसाफ मोर्चा ने साफ कर दिया है कि यह तो सिर्फ एक ट्रेलर है। अगर उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और भयानक रूप ले लेगा। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि 4 जुलाई को पूरे पंजाब में बड़ा ‘रेल रोको’ आंदोलन किया जाएगा। वहीं 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सीधे पंजाब के राज्यपाल के घर का घेराव किया जाएगा।

     

     

  • Punjab News: शॉल की मदद से महिला गैंग 2 मिनट में दुकान से नगदी लेकर फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: शॉल की मदद से महिला गैंग 2 मिनट में दुकान से नगदी लेकर फरार, देखें वीडियो

    पठानकोटः थाना-1 के अंतगर्त आते इलाके में कपड़ों के शोरूम में महिला गैंग द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। दरअसल, महिला चोर गैंग ने शॉल की ओट में शटर खींचकर जगह बनाई। फिर दुबली-पतली महिला को दुकान के अंदर घुसा दिया। कुछ ही मिनटों में कैश काउंटर से नकदी लेकर गैंग फरार हो गया। वारदात के दौरान गैंग की अन्य सदस्य बाहर निगरानी करती रहीं। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शोरूम मालिक करण ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। सोमवार तड़के करीब 4:28 बजे गैंग की 6 महिलाएं शोरूम के बंद शटर के पास आकर बैठ गईं। सभी ने चुनरी से अपना चेहरा ढक रखा था। कुछ देर तक उन्होंने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी।

    इसके बाद करीब 4:29 बजे तीन महिलाएं उठीं और शॉल को पर्दे की तरह इस्तेमाल कर शटर को ढक लिया। महज 20 सेकंड में दो महिलाओं ने शटर को बीच से बाहर की ओर खींचकर करीब 25 इंच की जगह बना दी। इसके बाद गैंग की सबसे दुबली-पतली महिला शटर के नीचे से रेंगकर दुकान के अंदर घुस गई। महिला के अंदर घुसते ही बाहर मौजूद गैंग की पांचों महिलाएं वापस बैठ गईं। कुछ देर इधर-उधर देखने के बाद वे शोरूम से हटकर सड़क पर अपनी-अपनी पोजिशन में खड़ी हो गईं, ताकि किसी भी गतिविधि पर इशारा कर सकें। इसी बीच अंदर घुसी दुबली-पतली महिला ने दुकान खंगाल डाली और महज 2 मिनट में गल्ले में रखे 7500 रुपए निकाल लिए।

    यह पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आसपास मौजूद गैंग की बाकी महिलाओं ने फिर से पॉजिशन ली और पहले दुकान के बाहर आकर बैठ गईं। फिर से शॉल का पर्दा बनाकर शटर को खींचकर गैप बनाया। इसके बाद रेंगते हुए कैश चुराने वाली महिला वापस बाहर निकल आई। वारदात को अंजाम देकर महिला चोर गैंग पैदल फरार हो गई। सोमवार सुबह करीब 10 बजे शोरूम मालिक करण दुकान पर पहुंचे। गल्ले में रखा कैश गायब मिला। शक होने पर करण ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो महिला चोर गैंग की करतूत देख होश उड़ गए। दुकान में अजब-गजब तरीके से महिला चोर गैंग की शिकायत थाना-1 में की। अब पुलिस सीसीटीवी के आधार पर महिला चोर गैंग की तलाश कर रही है।

    करण ने रोष जताते हुए कहा कि डलहौजी रोड शहर का ऐसा व्यस्त इलाका है, जो 24 घंटे चलता है। पास में ही प्रसिद्ध शनि मंदिर है और बड़े-बड़े शोरूम खुले हुए हैं। पुलिस का दावा रहता है कि पीसीआर की गाड़ियां यहां 24 घंटे गश्त करती हैं। अगर पुलिस मुस्तैद थी, तो सुबह साढ़े चार बजे मुंह लपेटकर घूम रही इन संदिग्ध महिलाओं पर किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी? इस तरह की घटनाओं से व्यापारियों में डर का माहौल है, पुलिस को तुरंत एक्शन लेना चाहिए। थाना-1 प्रभारी अमनप्रीत कौर ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं के इस अनोखे गैंग की तलाश कर रही है। आरोपी महिलाओं की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगी हैं। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। हालांकि, खबर लिखे जाने तक संदिग्धों की पहचान नहीं हो सकी थी।

     

     

  • Punjab News: Dimple Murder Case में पुलिस को आरोपी का मिला 15 दिन का रिमांड, देखें वीडियो

    Punjab News: Dimple Murder Case में पुलिस को आरोपी का मिला 15 दिन का रिमांड, देखें वीडियो

    मोहालीः कुछ दिन पहले पुलिस ने डिंपल की एक प्राइवेट कॉल सेंटर में चाकू मारकर हत्या करने के मामले में उसके दोस्त हैरी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड हासिल कर ली है। गौरतलब है कि हैरी डिंपल से एकतरफा प्यार करता था। जब डिंपल ने उसका प्यार स्वीकार नहीं किया, तो हैरी ने डिंपल के ऑफिस में घुसकर 30 से 35 बार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने खुदकुशी की कोशिश की थी और अपनी गर्दन पर भी 10 से 12 बार चाकू मारे थे।

    उसे घायल हालत में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां वह ठीक हो गया है। अब पुलिस ने हैरी को कोर्ट में पेश किया है और डिंपल की हत्या के मामले में उसे 15 दिन के रिमांड पर लिया है। यह पूरी घटना कॉल सेंटर में लगे कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई थी, जिसमें हैरी डिंपल पर चाकू से हमला करते हुए और फिर उसकी हत्या करने के बाद खुदकुशी की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहा है। अब पुलिस रिमांड के दौरान हैरी से गहनता से पूछताछ करेगी और पूरे मामले की जानकारी हासिल करेगी।

     

  • Punjab News: पैसों के विवाद को लेकर फायरिंग, इलाके में फैली दहशत, देखें वीडियो

    Punjab News: पैसों के विवाद को लेकर फायरिंग, इलाके में फैली दहशत, देखें वीडियो

    अमृतसरः छेहरटा पुलिस स्टेशन इलाके के गुरु की वडाली में देर रात उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब 2 गुटों के बीच चल रहा विवाद हिंसक हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों पर ईंटें फेंकने और गोलियां चलाने के आरोप लगे हैं।

    पीड़ित परिवार के सदस्य गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई प्रिंस दूध लेने गया था, जहां कुछ युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद आरोपी उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं और परिवार को डराने की कोशिश कर रहे हैं। देर रात कुछ युवक कथित तौर पर उनके घर के बाहर जमा हुए और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान घरों में तोड़फोड़ भी की गई। पीड़ित परिवार का दावा है कि हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। उन्होंने कहा कि पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जिसे पुलिस को सौंप दिया जाएगा।

    दूसरी ओर, मामले की जानकारी देते हुए छेहरटा पुलिस स्टेशन के एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रिंस नाम के युवक और कुछ अन्य युवकों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। यह घटना इसी रंजिश के कारण हुई है। एसएचओ ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल से कुछ कारतूस के खोल भी बरामद किए हैं और मामले में कुछ लोगों की पहचान की गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के दौरान जिनकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

     

  • Jalandhar News: लोकल मिलिट्री अथॉरिटी के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन, किया बाजार बंद, देखें वीडियो

    Jalandhar News: लोकल मिलिट्री अथॉरिटी के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन, किया बाजार बंद, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: कैंट में लोकल मिलिट्री अथॉरिटी के खिलाफ लोगों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। ऐसे में आज लोगों ने दोपहर तक बाजार बंद रखने का ऐलान किया है। इस दौरान भारी संख्या में लोग हाथों में मनमानी नहीं की तखतियां लेकर प्रदर्शन करते दिखें। लोगों को कैंट में सड़कों के रास्ते बंद किए जाने को लेकर विरोध जताया जा रहा है। पार्षद पुनीत भारतीय शुक्ला ने कहाकि कंट्रोलमेंट बोर्ड सीईओ कंट्रोल अधिकारी के अंतगर्त आता है। लेकिन पिछले काफी समय से लोकल मिलिट्री अथॉरिटी की दखलअंदाजी कैंट में काफी ज्यादा हो रही है। उन्होंने कहाकि कुछ रास्ते पहले से रात को 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रखे जाते है। आरोप है कि कैंट के अंदर रहने वाले लोगों को परेशान किया जा रहा है और उन्हें सैर करने से भी रोका जा रहा है।

    वहीं सिविल एरिया मोहल्लों में लोकल मिलिट्री अथॉरिटी के मनीष भारद्वाज अधिकारी द्वारा कैंट में लोगों की चैकिंग कर रही है। आरोप है कि कैंट का मुख्य प्रशासन (कैंट बोर्ड थाना) यह काम नहीं कर रहा है, बल्कि कैंट बोर्ड थाने का काम लोकल मिलिट्री अथॉरिटी कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा घर बनाने के दौरान 73 नंबर के आर्डर के तहत नोटिस भेजा जाता है। इस दौरान सबसे बड़ा मुद्दा यह है कि लोकल मिलिट्री अथॉरिटी के लोग कैंट के लोगों को चैकिंग के नाम पर परेशान कर रहे है। इससे कैंट का व्यापार बर्बाद हो रहा है।

    उन्होंने कहा कि अगर कैंट में लोग नहीं आएंगे तो व्यापारी काम कैसे करेंगे। इसी के कारण आज लोगों का गुस्सा फूट रहा है और लोगों द्वारा धक्केशाही बंद करने को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए व्यक्ति ने फौजियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह कभी सड़कों कों बंद कर देते है और नाके लगा लेते है। इससे लोगों का कामकाज काफी प्रभावित हो रहा है और लोग परेशान हो रहे है। व्यक्ति ने कहा कि आसपास गांवों में काफी मात्रा में दुकानें खुल गई है और अब कैंट में कोई आना नहीं चाहता। व्यक्ति ने कहाकि वह पूछना चाहते हैकि किस अधिकारी ने आदेश जारी किए है तो वह 87 नंबर आर्डर दिखा रहे है और कह रहे है कि उस ऑर्डर के तहत आदेश जारी है।

  • Punjab News: 541 श्रद्धालुओं का जत्था इस दिन पाकिस्तान होगा रवाना, SGPC कमेटी सचिव का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: 541 श्रद्धालुओं का जत्था इस दिन पाकिस्तान होगा रवाना, SGPC कमेटी सचिव का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः 5वें गुरु साहिब श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीद पर्व के मौके पर पाकिस्तान में ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा भेजे जाने वाले जत्थे के 541 श्रद्धालुओं को वीजा मिल गया है। यह जत्था 10 जून को शिरोमणि कमेटी के हेड ऑफिस से उत्साह के माहौल में पाकिस्तान के लिए रवाना होगा।

    जानकारी देते हुए शिरोमणि कमेटी की धर्म प्रचार कमेटी सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि शिरोमणि कमेटी ने कुल 561 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास भेजे थे। इनमें से 541 तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किया गया है, जबकि 20 तीर्थयात्रियों को वीजा नहीं मिल सका। श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में 18 जून को पाकिस्तान में होने वाले मुख्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए यह जत्था 10 जून को अमृतसर से रवाना होगा। यह जत्था पाकिस्तान स्थित विभिन्न ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों के दर्शन करेगा और शहीदी दिवस से जुड़े धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद 19 जून को भारत लौटेगा। सचिव मथरेवाल ने कहा कि जिन तीर्थयात्रियों को वीजा मिला है, वे आज शिरोमणि कमेटी के दफ्तर से अपने वीजा-स्टैम्प वाले पासपोर्ट प्राप्त कर रहे हैं। शिरोमणि कमेटी ने पाकिस्तान जाने वाले जत्थे के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं और तीर्थयात्रियों को किसी भी तरह की समस्या या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

    दूसरी ओर वीजा पाने वाले तीर्थयात्रियों ने खुशी जाहिर की और कहा कि पाकिस्तान में स्थित ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों के दर्शन की उनकी लंबे समय से चली आ रही इच्छा अब पूरी होने जा रही है। श्रद्धालुओं ने कहा कि वे खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें गुरुओं से जुड़े पवित्र स्थलों के दर्शन का मौका मिल रहा है। पाकिस्तान में अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर मत्था टेकने और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद, वे 19 जून को अटारी बॉर्डर के रास्ते भारत लौटेंगे। इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और श्रद्धा है।

  • Punjab News: अकाली दल पुनर सुरजीत और वारिस पंजाब दे में गठबंधन को लेकर सांसद के पिता का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: अकाली दल पुनर सुरजीत और वारिस पंजाब दे में गठबंधन को लेकर सांसद के पिता का आया बयान, देखें वीडियो

    पूर्व विधायक अय्याली ने पार्टी से जुड़ने की कही बात

    चंडीगढ़ः वारिस पंजाब दे पार्टी के प्रमुख सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रैंस की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों को लेकर बातचीत की। तरसेम सिंह ने ‘पुनर-सुरजीत शिरोमणि अकाली दल’ में कोई गठबंधन न होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी ऐसी पार्टी का समर्थन नहीं करेंगे, जो दिल्ली से संचालित होती हो। तरसेम सिंह ने कहा कि अकाली दल वारिस पंजाब दे पंजाब के हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठा रही है और लोगों का समर्थन भी उसे मिल रहा है। तरसेम सिंह ने कहा कि चाहे सांसद सरबजीत सिंह खालसा हों या अमृतपाल सिंह से जुड़े अन्य साथी, सभी का उद्देश्य पंजाब के हितों की रक्षा करना है। पंजाब के मुद्दों की लड़ाई के लिए सबसे पहले दीप सिद्धू ने एक आंदोलन की शुरुआत की थी। दीप सिद्धू ने पंजाब के अधिकारों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें अपनी मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए अधिक समय नहीं मिल पाया। उनके अनुसार, बाद में यह जिम्मेदारी अमृतपाल सिंह के कंधों पर आई और उन्होंने भी पंजाब के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना शुरू किया। उन्होंने कहा कि जनता की इच्छा के अनुसार अमृतपाल सिंह को राजनीति में लाया गया और बाद में लोगों ने उन्हें चुनाव में जीत दिलाकर संसद तक पहुंचाया। तरसेम सिंह ने कहा कि अमृतपाल सिंह को सांसद चुने जाने के बावजूद लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और उनके सुख-दुख में शामिल होने का अवसर नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को भी लगातार उठाया जाएगा। अपने संबोधन में तरसेम सिंह ने शिरोमणि अकाली दल पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले शिरोमणि अकाली दल पंथ और पंजाब के मुद्दों के लिए संघर्ष करने वाली पार्टी मानी जाती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उनका कहना था कि इसी वजह से लोग अब अकाली दल वारिस पंजाब दे की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं और उसे आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। तरसेम सिंह ने दावा किया कि पूर्व विधायक मनप्रीत सिंह अय्याली भी जल्द उनके साथ जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अय्याली उनके “परिवार का हिस्सा” बनने जा रहे हैं, जिससे पंजाब के मुद्दों को लेकर चल रही मुहिम को और मजबूती मिलेगी। मनप्रीत अयाली ने कहा कि वारिस पंजाब दे पार्टी अच्छी भूमिका निभा रही है जिसमें की आज मुख्य तौर पर अमृतपाल सिंह के पिता सांसद सरबजीत सिंह खालसा आदि शामिल हैं और उन्होंने फैसला किया है कि आने वाले दिनों में अब वह अकाली दल वारिस पंजाब दे के साथ चलेंगे।
  • Haryana News: CM Nayab Saini ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये किए जारी, देखें वीडियो

    Haryana News: CM Nayab Saini ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये किए जारी, देखें वीडियो

    पंचकूला: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय सशक्त पंचायत समारोह में हिस्सा लेते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की सहायता राशि लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की। इस अवसर पर प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पंच, सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

    मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत भी 9.89 लाख लाभार्थियों को 207.75 करोड़ रुपये की राशि जारी की। वहीं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत 35.76 लाख लाभार्थियों को 1151.51 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ओबीसी और डीएनटी वर्ग के 25,729 छात्र-छात्राओं को 23.17 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की। वहीं हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत अप्रैल 2026 के लिए 5.37 लाख लाभार्थियों को 19.75 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की गई।

    समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 350 अटल ई-लाइब्रेरी का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ज्ञान और तकनीक तक पहुंच बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न पंचायतों को विकास कार्यों के लिए स्वीकृत लाभ राशि का सीधा हस्तांतरण भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार पंचायतों को सशक्त बनाकर गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण पवार, कृष्ण बेदी, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा, श्रुति चौधरी, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।