Blog

  • पंजाबः आप विधायक पर ईडी का एक्शन, 35.10 करोड़ की संपत्ति कुर्क

    मोहालीः आप विधायक जसवंत सिंह गज्जन माजरा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, ईडी ने आप विधायक के खिलाफ पिछले कुछ समय की गई कार्रवाई के बाद उनकी 35.10 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर दी है। यह कार्रवाई बैंक लोन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। ईडी के मुताबिक गज्जनमाजरा की मालेरकोटला स्थित तारा कॉर्पोरेशन कंपनी की संपत्ति को कुर्क किया गया है। ईडी के मुताबिक लोन राशि को तारा कॉर्पोरेशन लिमिटेड से विभिन्न फर्मों में ट्रांसफर किया गया है।

    इसके बाद इसे तारा हेल्थ फूड लिमिटेड और एक अन्य सहायक कंपनी तारा सेल्स लिमिटेड में एकीकृत कर दिया गया। वहीं, ईडी का कहना है तारा हेल्थ फूड्स लिमिटेड में प्राप्त राशि का प्रयोग लोन लेने के अलावा अन्य उद्देश्यों के लिए किया गया। एजेंसी की जांच में यह भी सामने आया है कि 3.12 करोड़ रुपए गज्जनमाजरा के व्यक्तिगत खातों में डायवर्ट किए गए हैं। इसके अलावा 33.19 करोड़ रुपए मेसर्स टीएचएफएल को दिए थे। आप विधायक गज्जनमाजरा को इस मामले में नवंबर माह की शुरुआत में ईडी ने किया गिरफ्तार किया था।

    मनी लॉन्ड्रिंग का मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एफआईआर से जुड़ा है, जो कि 40.92 करोड़ रुपए के बैंक लोन से जुड़ा हुआ है। आप के विधायक जसवंत सिंह गज्जनमाजरा तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने घोषणा की थी कि वह सिर्फ एक रुपया वेतन लेंगे। गज्जनमाजरा ने कहा था कि पंजाब वित्तीय समस्याओं से जूझ रहा है। इसलिए मैं बतौर विधायक एक रुपया वेतन लूंगा। चुनाव में उन्होंने शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान को हराया था।

  • इस इलाके में हुई मोबाइल इंटरनेट सेवा सस्पेंड

    जम्मूः पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और वह बार-बार जम्मू-कश्मीर में अशांति फैला रहा है, लेकिन भारतीय सेना हर बार पाक की करतूतों को नाकाम कर दे रही है। घाटी में छुपे आतंकियों को पकड़ने के लिए सेना ने सर्च ऑपरेशन चलाया है। सुरक्षा बलों के जवान जमीन और आसमान दोनों जगहों से तलाशी में जुटे हुए हैं। इस बीच पुंछ और राजौरी में मोबाइल इंटरनेट सेवा सस्पेंड कर दी गई है। बता दें कि पिछले दिनों आतंकवादियों ने पुंछ-राजौरी हाइवे पर भारतीय सेना की दो गाड़ियों को अपना निशाना बनाया था। इस आतंकी हमले में सेना के पांच जवान शहीद हो गए और दो सैनिक गंभीर रूप से घायल हैं।

    घटना को अंजाम देने के बाद आतंकी घाटी के जंगलों में जाकर कहीं छुप गए हैं। इसके बाद सुरक्षा बलों की टीम ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया है। हालांकि, अभी तक आतंकवादी पकड़े नहीं गए हैं। सेना के वाहनों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में राजौरी सेक्टर के डेरा की गली के वन क्षेत्र में सेना के जवानों का तलाशी अभियान जारी है। जमीन के साथ-साथ आसमान से भी आतंकवादियों को खोजा रहा है। आतंकियों को बिल से निकालने के लिए राजौरी और पुंछ में मोबाइल इंटरनेट सेवा बैन कर दी गई हैं।

    अब मदद पहुंचाने के लिए आतंकियों से न तो कोई संपर्क कर पाएगा और न ही आतंकी किसी से सहायता मांग पाएंगे। अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित जम्मू के खौर और अखनूर में सेना ने एक आतंकवादी को मार गिराया है। सेना के सूत्रों का कहना है कि देर रात अंतरराष्ट्रीय सीमा से आधी रात को चार आतंकवादी घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। इस पर भारतीय सेना ने गोलीबारी की, जिसमें एक आतंकी ढेर हो गया।

  • फिर हिंदू मंदिर की दीवारों पर लिखे मिले भारत विरोधी और खालिस्तान नारे 

    नई दिल्लीः खालिस्तान समर्थकों ने एक बार फिर से हिंदू मंदिर को निशाना बनाया है। अमेरिका के कैलिफोर्निया के नेवार्क में खालिस्तान समर्थकों ने हिंदू मंदिर की बाहरी दीवारों पर भारत विरोधी और खालिस्तान समर्थन में नारे लिखे हैं साथ ही उन्हें क्षतिग्रस्त भी किया है। ये मंदिर स्वामीनारायण मंदिर है। जिसकी दीवारों पर काले रंग से आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही नेवार्क पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई। अमेरिका के हिंदू-अमेरिकन फाउंडेशन ने सोशल मीडिया पर मंदिर की कुछ तस्वीरों को शेयर किया है। इसके साथ ही फाउंडेशन ने कैप्शन में लिखा कि स्वामीनारायण मंदिर वासना संस्था को खालिस्तान समर्थकों ने निशाना बनाकर शकी दीवारों पर खालिस्तानी नारे लिखे हैं, साथ ही उसे क्षतिग्रस्त भा किया है।

    फाउंडेशन ने इस मामले की जानकारी पुलिस के साथ ही न्याय विभाग के नागरिक अधिकारों को भी दी है। फाउंडेशन का कहना है कि वो चाहती है कि इस घटना की जांच पुलिस इसे हेट क्राइम मानकर करे।वहीं खालिस्तान आतंकवादी भिंडरावाले का जिक्र करते हुए कहा है कि उसने हत्या के लिए हिंदुओं को निशाना बनाया है अब मंदिर को निशाना बनाया जा रहा है ताकि लोगों खौफ पैदा हो सके। फाउंडेशन का कहना है कि इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि पुलिस इसे घृणा अपराध मानकर जांच करे।

    वहीं इस मामले पर सैन फ्रांसिस्को में मौजूद भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कड़ी आपत्ति जताई है। दूतावास ने स्वामीनारायण मंदिर पर भारत विरोधी नारे लिखे जाने की कड़ी निंदा करते हुए बयान दिया है कि इस घटना से भारतीय समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। वैसे ये कोई पहला मौका नहीं है जब विदेशी सरजमी पर हिंदुओं के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले भी कई र इस तरह के मामले सामने आए हैं। ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में भी खालिस्तानियों ने मंदिरों को निशाना बनाया है। इस तरह की घटनाओं पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताते हुए सरकार ने कई राजनयिक मंचों पर इस मुद्दे को उठाया है।

    इसी साल अगस्त में खालिस्तानी समर्थकों ने कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया शहर में एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की थी। साथ ही मंदिर के दरवाजे पर खालिस्तानी पोस्टर चिपका दिए थे। ये सारी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी। वहीं ऑस्ट्रेलियाके मेलबर्न में भी इसी साल जनवरी में ऐसा ही मामला सामने आया था। यहां स्वामीनारायण मंदिर पर भी खालिस्तान समर्थकों ने भारत विरोधी नारे लिखे थे। वहीं एक दूसरे मंदिर इस्कॉन टेम्पल में भी हिंदुस्तान मुर्दाबाद और खालिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे लिखे गए थे।

  • पंजाबः बस ने बाइक सवारों को कुचला, हादसे में एक युवक की मौत, दूसरे के टूटे हाथ-पैर, देखें वीडियो

    लुधियानाः दक्षिणी बाइपास पर दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां बस चालक ने बाइक सवार 2 युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक के हाथ और पैर टूट गए। घटना के बाद ड्राइवर बस मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने घायल युवक को अस्पताल में पहुंचाया। मृतक की पहचान बाड़ेवाल रोड के रहने वाले दलीप के रूप में हुई है। मुकेश ने बताया कि दलीप मलेरकोटला किसी काम से जा रहा था।

    अचानक एक प्राइवेट बस के चालक ने तेज रफ्तार से उनकी बाइक को ओवरटेक करते समय टक्कर मारी। बस ड्राइवर ने दलीप के सिर पर टायर चढ़ा दिया। उसके साथी अरविंद के हाथ और पैर टूट गए है। मुकेश ने बताया कि दलीप POP का काम करता है। उसके पास 2 बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के तुरंत बाद उन्होंने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस चालकों ने उन्हें व्यस्त होने की बात कही। मुकेश के मुताबिक, जब वह मौके पर पहुंचे तो बस का ड्राइवर भाग चुका था। उसकी बस की चाबी उन्होंने छीन ली। घटनास्थल पर थाना सराभा नगर की पुलिस पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

  • पंजाबः पड़ोसियों में हुए झगड़े में जमकर चले लात-घूसें, कड़े से हमला कर तोड़ा जबड़ा

    लुधियानाः काकोवाल रोड के पास विशाल कॉलोनी से बड़ी खबर सामने आई है। जहां देर रात पड़ोसियों में झड़प होने का मामला सामने आया है। इस दौरान दोनों पड़ोसियों में हुए झगड़े में जमकर लात-घूंसे चले। वहीं घायल हुए एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष पर कड़ों से हमला करने के आरोप लगाए है। मामले की जानकारी देते हुए विनय ने कहा 4 दिन पहले उनके घर पर चोरी हुई थी। उसे पड़ोसियों पर ही चोरी का शक है। थाना में पड़ोसियों के खिलाफ थाना बस्ती जोधेवाल में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी।

    पड़ोसी शिकायत वापस लेने का उस पर दबाव बना रहे हैं। चोरी मामले की शिकायत की रंजिश के चलते आए दिन पड़ोसी उन्हें तंग कर रहे हैं। शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि उसी रंजिश के चलते पड़ोसियों ने कुछ युवक बुलाकर हमला करा दिया। उसका आरोपियों ने जबड़ा तोड़ दिया। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात कैद हो गई। पीड़ित विनय दुग्गल ने बताया कि उसकी सास देवकी देवी का उसे फोन आया। उसने उसे बताया कि पड़ोसी घर के बाहर आकर गालियां निकाल रहे हैं।

    दुग्गल मुताबिक उसकी पत्नी और सास दोनों उस समय घर पर अकेली थी। वह तुरंत घर पहुंचा और उसने 112 पुलिस कंट्रोल पर फोन किया।कंट्रोल रूम से उन्हें पीसीआर दस्ते का नंबर मिला। पीसीआर मुलाजिमों ने उनसे कहा कि वह थाना आ जाए, वहां आकर अपनी शिकायत दर्ज करवा दें। विनय मुताबिक थाना बस्ती जोधेवाल में वह पड़ोसियों के खिलाफ गाली गलौज आदि की शिकायत देकर आया ही था कि उन्होंने 15 से 20 युवक बाहर से बुला लिए। इसके बाक उसके साथ मारपीट गई। पीड़ित ने कहा कि वह अब दोबारा आरोपियों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाएंगे।

  • पंजाबः सड़क हादसे में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे 2 युवकों की हुई मौ’त, गाड़ी के उड़े परखच्चे, देखें वीडियो 

    बठिंडा: माल रोड पर सड़क भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक मेडिकल की पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स की कार के डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसें में 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 स्टूडेंट्स घायल हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक चारों युवक बठिंडा के आदेश मेडिकल यूनिवर्सिटी में MBBS के छात्र बताए जा रहे हैं। मृतकों में पंजाब के एडीजीपी लॉ एंड आर्डर गुरिंदर ढिल्लों का भांजा अमोलवीर और राजन जस्सल शामिल हैं। वहीं संकेत एवं रिधम गंभीर रूप में घायल हो गए। दोनों का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चारों युवक आदेश यूनिर्वसिटी में पढ़ते थे। जानकारी के अनुसार अमोलवीर सिंह अपने दोस्त राजन जस्सल, संकेत, रिधम के साथ शुक्रवार देर रात को माल रोड पर अपनी होंडा सिटी कार में जा रहा था। तेज रफ्तार के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। असंतुलित होकर गाड़ी सबसे पहले डिवाइडर के साथ टकराई और फिर यूनिपोल में जा भिड़ी।

    इस हादसे में ड्राइवर सीट पर बैठे अमोलवीर सिंह ढिल्लों और और बगल में बैठे राजन जस्सल की मौके पर ही मौत हो गई। कार की पिछली सीट पर बैठे संकेत एवं रिधम इस हादसे में गंभीर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ये हादसा कार की रफ्तार तेज होने के कारण हुआ है। इस भयानक हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। घायल युवकों को आदेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों की हालत गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मौके पर जांच कर रही है।

    वहीं मामले की जानकारी देते हुए साहिब सिंह ने बताया कि वह वेल्फेयर सोसायटी के मैंबर है। उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि देर रात तेज रफ्तार गाड़ी की माल रोड़ पर मल्टीपार्किंग के पास टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में सवार चारों युवकों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में दो की मौत हो गई। जबकि घायलों में से एक ही हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को बाद में आदेश मेडिकल अस्पताल में रैफर कर दिया गया है।

  • मोटिवेशनल स्पीकर के खिलाफ केस दर्ज, वीडियो आया सामने

    नोएडाः उत्तर प्रदेश के नोएडा में मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। विवेक बिंद्रा पर आरोप हैं कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की है। मामूली विवाद में पत्नी के साथ मारपीट करने के मामले में ‘मोटिवेशनल स्पीकर’ विवेक बिंद्रा के खिलाफ नोएडा के सेक्टर-126 थाने में केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पिटाई के बाद महिला का कई दिन तक दिल्ली के निजी अस्पताल में इलाज चलता रहा। आरोप है कि महिला के साथ इस कदर मारपीट की गई है कि उनके कान का पर्दा तक फट गया है।

    पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। इसी संबंधित विवेक बिंद्रा का पत्नी से झगड़े का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में दिख रहा है वह अपनी सोसाइटी के मेन गेट पर अपनी पत्नी के साथ जबदस्ती कर रहे हैं। पीड़ित पत्नी के भाई वैभव क्वात्रा ने पुलिस में जो शिकायत दी है उसमें उसने बताया, मेरी बहन की शादी 6/12/2023 को ललित मानगर होटल मे विवेक बिन्द्रा से हुई थी। जो नोएडा में सुपरनोवा वेस्ट रेसीडेन्सी, फ्लैट- 4209, सेक्टर 94 में रहते हैं।

    7/12/2023 की सुबह 2.30 से 3.00 बजे के बीच मेरे जीजा विवेक बिन्द्रा अपनी मां प्रभा जी से बहस बाजी कर रहे थे। इस बात को लेकर मेरी बहन यानिका ने बीच बचाव किया तो मेरे जीजा ने मेरी बहन के साथ कमरा बन्द करके गाली-गलौज करते हुए खूब मारपीट की, जिसकी वजह से उसके पूरे शरीर पर घाव हैं। कान से सुनाई भीं नही दे रहा। बाल भी खूब नोचे और सर के घाव की वजह से चक्कर भी आ रहे हैं। जिसका इलाज कडकड़डुमा दिल्ली स्थित कैलाश दीपक हॉस्पिटल में हो रहा है। 

  • विमान में जा रहे 300 भारतीयों पर लगा तस्करी का आरोप

    कांसुलरः दुबई से निकारागुआ जा रहे A340 विमान को शुक्रवार को फ्रांस में रोक दिया गया। इस विमान में 303 भारतीय नागरिक सवार थे। जिनकी तस्करी किए जाने का शक है। फ्रांस ने 2 लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, भारतीय दूतावास भी कांसुलर एक्सेस मिलने के बाद मामले की जांच में जुट गया है। इंडियन ऐंबैसी ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए लिखा, फ्रांस के अधिकारियों ने हमें इस मामले की जानकारी दी है। हम अपने नागरिकों तक पहुंच गए हैं। उनकी पूरी तरह से मदद कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

    न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट फ्यूल के लिए फ्रांस के एक छोटे एयरपोर्ट वाट्री पर रुकी थी। पुलिस को इसी दौरान जानकारी मिली कि इसमें मौजूद भारतीय नागरिक मानव तस्करी का शिकार बनने जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इस एयरक्राफ्ट को रोक लिया। फिलहाल, इस बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। पेरिस पुलिस ने भी इस एयरक्राफ्ट को रोके जाने की पुष्टि की थी। इसके मुताबिक- एक सीक्रेट इन्फॉर्मेशन मिली थी। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाएगी तब तक फ्रांस की पुलिस एयरक्राफ्ट को नहीं छोड़ेगी। प्लेन ने दुबई से टेकऑफ किया था और यह निकारागुआ के किसी हिस्से में उतरने वाला था। अब फ्रांस की इंटेलिजेंस एजेंसी और पुलिस मिलकर मामले की जांच कर रही हैं।

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- जिस एयरक्राफ्ट को वार्टी एयरपोर्ट पर पुलिस ने रोका है, वो रोमानिया की चार्टर कंपनी का है। वाट्री एयरपोर्ट पर फ्यूल और टेक्निकल मेंटेनेंस के लिए इसका उतरना पहले से तय था। लैंडिंग के कुछ देर बाद ही पुलिस की कई गाड़ियां यहां पहुंचीं और एयरक्राफ्ट को कब्जे में ले लिया। फ्रांस की एंटी ऑर्गनाइज्ड क्राइम यूनिट को इस मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक- यह A340 एयरक्राफ्ट है। रोमानिया की लीजेंड एयरलाइंस ने इस प्लेन को कुछ लोगों के लिए बुक किया था। जांच से एक अफसर ने नाम न बताने की शर्त पर कहा- हमें शक है कि इन भारतीयों को सेंट्रल अमेरिका में किसी जगह ले जाया जाना था। यह भी मुमकिन है कि इनमें से कुछ लोग कनाडा जाना चाहते हों। फिलहाल, सभी पैसेंजर्स को रिसेप्शन हॉल में रखा गया है। पुलिस ने कहा- जांच पूरी होने तक हम इन्हें बेहतर सुविधाएं देंगे।

  • पंजाबः पुलिस और बदमाशों के बीच हुई झड़प, 1 काबू, देखें वीडियो

    अबोहरः कृष्णा नगरी रोड़ पर पुलिस और बदमाशों में झड़प होने का मामला सामने आया है। दरअसल, सिटी थाना पुलिस ने हथियार लेकर मोटरसाइकिल पर जा रहे युवक को कड़ी मशक्कत के बाद काबू कर लिया है, जबकि दो युवक भागने में सफल रहे। उक्त सभी युवक हथियार से कहां वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। इस दौरान पकड़े गए युवक की ओर से पुलिस के साथ हाथापाई करने के साथ-साथ कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस युवक को गाड़ी में बैठाया। जानकारी के अनुसार, एसएचओ सुनील कुमार पुलिस पार्टी सहित गश्त कर थे कि इसी दौरान गश्त वाले स्थान से ही तीन युवक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल लेकर निकले। एक युवक के पास तलवार थी, जबकि दूसरे के पास कोई शक्की हथियार था। पुलिस ने उक्त युवकों को इतनी तेजी से जाता हुआ देखकर उनका पीछा शुरू कर दिया।

    पुलिस टीम ने कृष्ण नगर मुख्य रास्ता पर एक युवक को तो काबू कर लिया, जबकि दूसरे दोनों भागने में सफल रहे। करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक को गाड़ी में बैठाया। इस दौरान पकड़े गए युवक की ओर से पुलिस के साथ हाथापाई करने के साथ-साथ कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि उक्त युवक ने शहर का माहौल खराब किया है। पुलिस की ओर से जांच की जा रही है कि उक्त युवक कहां पर वारदात करने के लिए जा रहे थे। इस वारदात में जो लड़का पकड़ा गया है बनी नाम का उस पर पहले भी आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है यह पुलिस ने खुलासा किया है।

  • पंजाबः रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार

    फिरोजपुरः पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार को फरीदकोट में तैनात सहायक उप-निरीक्षक ASI हरविंदर सिंह को 11,500 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। वह फरीदकोट पुलिस स्टेशन में पुलिस केस में जमानत बाँड स्वीकार करने के बदले में 15,000 रुपए की रिश्वत की मांग थी। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त मुलजिम को दिलप्रीत सिंह निवासी गाँव गोले वाला, फरीदकोट की तरफ से दर्ज करवाई शिकायत के आधार पर गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो के पास पहुंचकर दोष लगाया कि उक्त पुलिस मुलाजिम उसके और उसके भाई के खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में दर्ज हुए एक पुलिस केस सम्बन्धी ज़मानती बाँड कबूलने के बदले 15,000 रुपए की रिश्वत की माँग कर रहा है।

    शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त दोषी पहले भी उससे इसी संबंधी पहली किश्त के तौर पर 2000 रुपए रिश्वत ले चुका है और अब रिश्वत के बाकी रहते 13,000 रुपए देने पर कई बार ज़ोर डाल रहा है। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की माँग करते हुए उक्त पुलिस मुलाजिम के साथ हुई बातचीत की ऑडियो रिकार्ड भी कर ली जोकि सबूत के तौर पर उसने विजिलेंस ब्यूरो को सौंप दी। प्रवक्ता ने आगे बताया कि विजिलेंस ब्यूरो फ़िरोज़पुर रेंज ने इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद जाल बिछाया और उपुलिस मुलाजिम को दो सरकारी गवाहों की हाज़िरी में शिकायतकर्ता से 11,500 रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू कर लिया। मुलजिम के खि़लाफ़ विजिलेंस ब्यूरो के थाना फ़िरोज़पुर रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया है। इस मुलजिम को कल अदालत में पेश किया जायेगा और केस की आगे तफ्तीश जारी है।