Blog
-

सेब की पेटियों में छिपाकर ला रहे 190 किलो चूरापोस्त सहित एक गिरफ्तार
लुधियानाः जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने पंजाब के जिला लुधियाना के युवक को साथी सहित नशा तस्करी मामले में गिरफ्तार किया है। तस्करों का एक साथी मौके से फरार हो गया। तस्करों से पुलिस को 190 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ है। ये चूरापोस्त पंजाब के विभिन्न शहरों में सप्लाई होना था। पुलिस ने गुप्त सूचना के बाद आरोपी को मनपोरा पंपोर में ही दबोच लिया। दो लोगों को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन एक आरोपी पुलिस को गच्चा देकर भाग गया।एसडीपीओ पंपोर मीर इम्तियाज अहमद की निगरानी में एसएचओ मंजूर अहमद के नेतृत्व में खरियू पुलिस स्टेशन की एक टीम ने गांव एंड्रोसा में नाकाबंदी के दौरान पंजाब जा रहे ट्रक को रोका। जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर पीबी19एच-0454 था, जिसमें तीन लोग सवार थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक की जब तालाशी ली तो नशा तस्करों ने सेब की पेटियों में छिपाया चूरापोस्त मिला। चेकिंग के दौरान 22 पेटियां सेब की बरामद हुई।तीन आरोपियों में से दो आरोपियों की पहचान बलराज सिंह निवासी जमालपुर और दानिश गफ्फार निवासी पाहू पुलवामा के रूप में हुई है। जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मुताबिक तीसरे तस्कर को दबोच लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि लुधियाना से ही आरोपी का बड़ा नेटवर्क नशा तस्करी का चलाया जा रहा था। आरोपियों के खिलाफ थाना खरियू में मामला दर्ज कर लिया है। -

अगर आप पासपोर्ट बनवाने जा रहे हैं तो पढ़े ये ख़बर, आ रही ये परेशानी
चंडीगढ़ः इन दिनों पासपोर्ट बनवाने के लिए खूब मारामारी हो रही है। हालात यह है कि अब पासपोर्ट के लिए लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। विदेश घूमने या नौकरी के लिए जाने वाले लोगों के लिए पासपोर्ट बनवाने में इन दिनों दिक्कत आ रही है। पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को अगले साल की आठ फरवरी तक इंतजार करना होगा। आठ फरवरी तक सभी बुकिंग फुल है। यही हाल तत्काल कोटे में पासपोर्ट बनवाने का भी है। तत्काल कोटे में पासपोर्ट बनवाने के लिए 16 जनवरी 2023 तक कोई बुकिंग या तारीख उपलब्ध नहीं है।
ऐसे में जिन लोगों का पासपोर्ट नहीं बना है और वह अपने स्टडी वीजा या विदेश घूमने के लिहाज से पहली बार पासपोर्ट बनवा रहे हैं, उनके लिए समस्या बनी हुई है। सामान्य तरीके से पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को नौ फरवरी 2023 की तारीख दी जा रही है। जबकि तत्काल कोटे में पासपोर्ट बनवाने के लिए 16 जनवरी 2023 की तारीख दी जा रही है। पूछताछ की बुकिंग भी 30 दिसंबर तक फुल सेक्टर-34 ए के एससीओ नंबर-28-32 स्थित रीजनल पासपोर्ट आफिस में लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए पूछताछ केंद्र तक में बुकिंग फुल चल रही है। पूछताछ केंद्र में 30 दिसंबर 2022 तक एडवांस बुकिंग है, पूछताछ के लिए भी लोगों को आनलाइन अप्वाइंटमेंट 31 दिसंबर 2022 के बाद की दी जा रही है।
बता दें आरपीओ में केवल पूछताछ की सुविधा उपलब्ध है, जबकि सामान्य, तत्काल कोटे या पासपोर्ट में किसी प्रकार के संशोधन के लिए इंडस्ट्रियल एरिया फेज दो स्थित प्लाट नंबर-50 में विजिट करना पड़ता है। शहर के पासपोर्ट केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया प्लाट नंबर-50 में आदर्श लाइफस्टाल माल में जल्द ही लोगों की सुविधा के लिए एटीएम की सुविधा उपलब्ध होगी। अंबाला के पासपोर्ट सेवा केंद्र अंबाला सिटी प्लाट नंबर-2014 ए और लुधियाना स्थित ज्ञान सिंह रारेवाला मार्केट अकाश दीप कांप्लेक्स के पासपोर्ट सेवा केंद्र में एटीएम की सुविधा उपलब्ध होगी।
-

कनाडा में बैठे गैंगस्टर की दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को खुली धमकी, जाने क्या कहा
नई दिल्लीः कनाडा में छिपे गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को खुलेआम धमकी दे डाली है। गैंगस्टर ने स्पेशल सेल को धमकी दी है कि उनके किसी भी अफसर ने अगर पंजाब में कदम रखा तो उसका अंजाम बुरा होगा। इतना ही नहीं उसने गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी की हत्या करवाने का दावा भी किया है। यह गैंगस्टर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारों पर काम करता है और फिलहाल कनाडा में छिपा हुआ है।
खालिस्तानी समर्थक गैंगस्टर है लखबीर लांडा
बता दें कि लखबीर सिंह लांडा एक खालिस्तानी समर्थक गैंगस्टर है जो कि पाकिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के साथ मिलकर काम करता है। इन दोनों को पाकिस्तानी आतंकी संगठनों और खुफिया एजेंसी का सपोर्ट मिल रहा है। हालांकि एक दिन पहले ही खबर आई थी कि हरविंदर सिंह रिंदा की पाकिस्तान में मौत हो गई है। गैंगस्टर लखबीर ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उसने इटली में रह रहे गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी का मर्डर करवा दिया है। लखबीर सिंह ने लिखा है कि हरप्रीत दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ के लिए खबरी का काम कर रहा था। इसलिए लखबीर ने उसकी हत्या करवाई है।
दिल्ली पुलिस को दी चुनौती
लखबीर ने अपने पोस्ट में लिखा है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के सभी अधिकारियों की फोटो उसके गैंग के पास है। उसने लिखा कि अगर इनमें से किसी ने भी पंजाब में घुसने की कोशिश भी की तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। बता दें लखबीर पर पंजाब में कई मामला दर्ज हैं। पुलिस इसे कई हत्याओं और अन्य मामलों में तलाश कर रही है। इंटेलिजेंस को पता चला है कि यह फिलहाल कनाडा में रहकर अपना गैंग चला रहा है।
सुधीर सूरी की हत्या में आया नाम
पंजाब के अमृतसर में हिंदूवादी नेता सुधीर सूरी की सरेआम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के पीछे भी पुलिस और स्पेशल सेल ने खालिस्तानी आतंकियों की साजिश बताई थी। पुलिस के अनुसार पाकिस्तानी में बैठा खालिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा और लखबीर सिंह लांडा का इस हत्या की साजिश के पीछे हाथ हैं। दरअसल खालिस्तान समर्थक आतंकी और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी भारत में हिंदू नेताओं की हत्या करवाकर हिंदू और सिखों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही हैं।
-

पंजाबः कांग्रेसी नेता मंड का घर छावनी में तबदील
लुधियाना: कांग्रेसी नेता गुरसिमरन सिंह मंड को लगातार गैंगस्टरों के नाम से धमकियां मिल रही है। पिछले 8 दिन से मंड को नजरबंद किया है। गैंगस्टरों के नाम से मिल रही धमकियों को देखते हुए मंड की सुरक्षा में और बढ़ौतरी कर दी गई है। दरअसल, अब आशंका जताई जा रही है कि मंड एवं उनके बेटे को गैंगस्टरों द्वारा निशाना बनाया जा सकता है। इसलिए मंड की सुरक्षा के लिए थ्री लेयर सुरक्षा की गई है।
आसपास डिजिटल सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और घर की दीवारों पर भी कांच के टुकड़े लगा दिए गए हैं, ताकि कोई दीवार फांद कर अंदर न आ सके। दरअसल, गुरसिमरन सिंह मंड के घर के बाहर गली में चारों तरफ रेत की बोरियां लगाकर बंकर बनाए गए हैं। घर के बाहर पुलिस मुलाजिम हथियारों से लैस हैं। इसके साथ-साथ अब पुलिस की तरफ से पीसीआर की कैमरे वाली वैन भी खड़ी कर दी गई है।
गली तो पहले ही सील कर रखी है। वहां रहने वाले लोगों का भी पूरा ब्यौरा पुलिस ने अपने पास नोट कर रखा है। पुलिस की तरफ से अब उनके बेटे को भी जाने नहीं दिया जा रहा है। अधिकारी भी रोजाना चैकिंग के लिए आते हैं और बाहर सुरक्षा में तैनात मुलाजिमों को दिशा-निर्देश देते रहते हैं।
-

पंजाब: बड़ी लापरवाही, सीपी ऑफिस में पड़े डस्टबीन में मिला ये सामान
लुधियाना: जिले में कमिश्नरेट पुलिस के कुछ मुलाजिमों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सीपी ऑफिस के एंट्रेंस पर ही पड़े डस्टबीन में पंजाब पुलिस की खाकी रंग की टोपी डस्टबीन के अंदर कूड़े के ढेर में पड़ी मिली। डस्टबीन में एक ही बल्कि तीन टोपियां पड़ी हुई थी। हालांकि, टोपी को सिर का ताज कहा जाता है। मगर इस तरह टोपी की बेक्रदी से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि पुलिस अपने ताज को लेकर कितनी गंभीर है। दरअसल, रविवार को पुलिस कमिश्नर ऑफिस के एंट्री पर बने असला लाइसेंस के ऑफिस के बाहर पड़े डस्टबीन में पंजाब पुलिस की वर्दी की तीन टोपियां पड़ी हुई थी। हालांकि, टोपियां गंदी और मैली हो चुकी थी। देखने से ऐसा लगता है कि उसे किसी पुलिस मुलाजिम ने ही गंदी समझकर डस्टबीन में फैंका हो सकता है। लेकिन, यह सबसे बड़ी लापरवाही साबित हो सकती है।
-

पंजाब: 5 नकाबपोशों ने हथियार के बल पर बाइक सवार युवकों को लूटा, देखे सीसीटीवी
अमृतसर: जिले में लूट की वारदातें बढ़ती जा रही है। देर रात लुटेरे झुंड बनाकर आम जनता को लूट रहे हैं। रात के समय इनका अधिकतर शिकार काम से लौट रहे प्रवासी या शादी-समारोह से वापस लौट रहे शहरवासी हो रही हैं। एक ऐसी ही घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। वायरल वीडियो रात 11 बजे की बताई जा रही है। जिसे दो बाइक पर सवार होकर आए 5 नकाबपोशों ने अंजाम दिया। घटना 100 फीट रोड की है। विवेक अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था।
शादी में समय लग गया और उन्हें निकलते हुए 11 बजे गए, लेकिन 100 फीट रोड पर पहुंचते 5 लुटेरों ने पहले उनके मोटरसाइकिल को घेरा और फिर लूट को अंजाम दिया। लुटेरों ने पहले उनकी बाइक को ओवरटेक किया और फिर चाबी निकाल ली। मोटरसाइकिल के रुकते ही लुटेरों ने उन पर धावा बोल दिया। लुटेरों ने सबसे पहले दोनों के मोबाइल अपने पास रखवा लिए। वहीं खुद दोनों की जेबों की तलाशी लेकर कैश साथ ले गए। मोबाइल फोनों के अलावा उनकी जेब में 3-4 हजार रुपए कैश था। लुटेरों का उनके पर्स पर ध्यान नहीं गया। वह बाइक लेकर फिर घर के लिए निकलने लगे। तभी बाइक सवार वापस आ गए और उन्हें दोबारा घेर लिया। उन्होंने उनकी जेब से पर्स निकाला और दोबारा वहां से लूट का अंजाम देकर लौट गए।
-

कपूरथला में युवक ने शादी में की फायरिंग
गिरफ्तार कर लाइसेंस किया रद्द
कपूरथला: पंजाब सरकार द्वारा हथियारों के जनतक प्रदर्शनों पर पिछले दिनों से रोक लगाई गई है, जिसका उल्लंघन करते विवाह में हवाई फ़ायर करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं पुलिस ने सख़्त कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गयाआरोपी का हथियार लाइसेंस को रद्द करने की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।
जिला मैजिस्ट्रेट कम डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल द्वारा 16 नवंबर को पंजाब सरकार द्वारा हथियार कल्चर को रोकने के लिए जारी आदेशों के मद्देनज़र ज़िले में हत्यारों के जन प्रदर्शन एवं विवाह आदि के दौरान फ़ायरिंग करने पर पाबंदी लगायी गई थी। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्रशासन को गाँव चक दोना, थाना सदर कपूरथला में विवाह के अवसर पर बलबुटा सिंह पुत्र सुखवंत सिंह निवासी शिकारपुर, थाना सुल्तानपुर लोधी जागो दौरान लाइसेंसी हथियार से हवाई फ़ायर करने की शिकायत मिली थी।
पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच के बाद फायरिंग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ थाना सदर कपूरथला में एफआईआर क्रमांक 126 दिनांक 20 नवंबर 2022 को दर्ज किया गया है। जिला मैजिस्ट्रेट सारंगल ने कपूरथला पुलिस के द्वारा इस गंभीर मामले में तत्काल कार्रवाई करने की सराहना की और कहा कि पंजाब सरकार द्वारा सार्वजनिक प्रदर्शन और हथियारों के अवैध प्रयोग को रोकने के लिए जारी किए गए निर्देशों को लागू किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से विवाह, शादियों और सामाजिक आयोजनों में झूठी लोकप्रसिद्धि के लिए फ़ायर करने वालों को कड़ी चेतावनी देते कहा कि प्रशासन ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा, क्योंकि ऐसे व्यक्ति आम लोगों के जीवन और संपत्ति के लिए खतरा पैदा करते हैं।
जिला मैजिस्ट्रेट ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशानुसार हथियार लाइसेंसों की समीक्षा भी की जा रही है और लाइसेंसी हथियारों का दुरूपयोग करने वालों के लाइसेंस रद्द करने के साथ ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने, नफरत फैलाने वाले भाषण देने वालों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया सेल को और सक्रिय किया जा रहा है और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मैजिस्ट्रेट ने हथियारों या हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी है। इसके अलावा सार्वजनिक समारोहों, शादियों, धार्मिक स्थलों या अन्य आयोजनों में हथियार ले जाने और प्रदर्शन करने पर भी प्रतिबंध है। इस दौरान एसएसपी कपूरथला नवनीत सिंह बैंस ने कहा कि बलबुटा सिंह को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि कपूरथला पुलिस हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर प्रदर्शनों के प्रति सख्त रवैया अपना रही है और सभी डीएसपी, थानाध्यक्षों, साइबर सेल, सोशल मीडिया सेल को भी ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
-

पंजाब: सालासर से वापिस आ रही बस की रेहड़े से टक्कर, आग लगने से 2 की मौत, देखें वीडियो
बठिंडा: संगत मंडी में दीप बस को आग लगी है। सालासर से बस वापिस आ रही थी। संगत मंडी के गांव गुरथड़ी के पास रविवार रात लगभग 8 बजे बस की वहां पीटर रेहड़ा की आपस में टक्कर के बाद बस को अचानक आग लग गई। इसके चलते पीटर रेहड़े पर सवार 2 लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए।
जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में दोनों लाेगाें की मौत भी हो गई है, लेकिन उनकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। बस बठिंडा की दीप सर्विस की बताई जा रही है जोकि सालासर से माैड़ मंडी जा रही थी।
-

पंजाब: होजरी बिल्डिंग में लगी भीषण आग, आसपास के घरों को कराया जा रहा खाली
लुधियाना: बस्ती जोधेवाल के निकट शक्ति नगर से बड़ी खबर सामने आई है। शक्ति नगर इलाके में स्थित गोयल होजरी में भयानक आग लग गई। आग तड़के करीब 6:00 बजे बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से शुरू हुई, देखते ही देखते आग ने सारे माल सहित मशीनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल की दीवारों पर दरारे तक आ गई। दमकल विभाग की गाड़ियां आग को बुझाने में लगी हुई है। हालांकि, उन्हें डर सता रहा है कि कहीं बिल्डिंग गिर ना जाए। इसीलिए एहतियातन आसपास के घरों को खाली करवाया जा रहा है।
-

आज का राशिफल, 21 नवंबर 2022
मेष: नई योजना बनेगी। प्रेमी जोड़े को खुशखबरी मिलेगी। कार्यशैली में परिवर्तन करना पड़ सकता है, जिसका तत्काल लाभ नहीं मिलेगा। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड मनोनुकूल लाभ देंगे। संतान पक्ष से स्वास्थ्य तथा अध्ययन संबंधी चिंता रहेगी।
वृष: आय बनी रहेगी। भाइयों का सहयोग मिलेगा। निवेश शुभ रहेगा। आज के काम कल पर नहीं टालें। विवेक का प्रयोग करें। लाभ होगा। दुष्टजनों से सावधान रहें, हानि पहुंचा सकते हैं। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। कहीं से बुरी खबर मिल सकती है। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे।
मिथुन: नौकरी में अधिकार बढ़ेंगे। घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। सट्टे व लॉटरी के चक्कर में न पड़ें। जल्दबाजी में कोई भी लेन-देन न करें। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। प्रेमी साथी पर खर्च होगा।
कर्क: भाग्य का साथ मिलेगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। जीवनसाथी के साथ रोमांस के पल बिताएंगे। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। चिंता तथा तनाव में वृद्धि होगी। किसी अपरिचित व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें। समय नेष्ट है। नकारात्मकता रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी।
सिंह: शत्रु शांत रहेंगे। धनलाभ के अवसर हाथ आएंगे। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। मित्रों का सहयोग मिलेगा। नए कार्य प्रारंभ करने की योजना बनेगी। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। भाग्य का साथ रहेगा।
कन्या: कम प्रयास से ही कार्यसिद्धि होगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। रोजगार में वृद्धि होगी। मित्रों की सहायता कर पाएंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। व्यापार लाभदायक रहेगा। शेयर मार्केट में सोच-समझकर निवेश करें। कष्ट, भय, चिंता तथा तनाव का वातावरण बन सकता है। कुसगंति से हानि होगी।
तुला: थकान व कमजोरी रह सकती है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो सकता है। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति मनोनुकूल होगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। सुख के साधनों की प्राप्ति हो सकती है। धन प्राप्ति सुगम होगी।
वृश्चिक: प्रेम-प्रसंग में हड़बड़ी से बचें, वर्ना विवाद हो सकता है। नकारात्मकता दूर होगी। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें। प्रेमी युवक व युवती विशेष सावधानी बरतें। विवाद को बढ़ावा न दें। स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। आय में निश्चितता रहेगी।
धनु: कानूनी बाधा संभव है। हल्की हंसी-मजाक करने से बचें। विरोधी सक्रिय रहेंगे। धनहानि किसी भी तरह हो सकती है। जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। कानूनी अड़चन दूर होकर लाभ की स्थिति बनेगी। घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। लाभ में वृद्धि होगी।
मकर: सुख के साधनों पर व्यय होगा। स्थायी संपत्ति में वृद्धि के योग हैं। प्रॉपर्टी के काम बड़ा लाभ दे सकते हैं। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। नौकरी में सुख-शांति रहेंगे। निवेश में सोच-समझकर हाथ डालें। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे अपमान हो। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। चिंता तथा तनाव रहेंगे।
कुंभ: आज भाग्य का साथ मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। भागदौड़ रहेगी। जोखिम न लें। कष्ट, भय, चिंता तथा तनाव का वातावरण बन सकता है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। वाणी पर नियंत्रण रखें। दूसरों के काम में हस्तक्षेप न करें। दु:खद समाचार प्राप्त हो सकता है। अपेक्षित कार्यों में विलंब होने से खिन्नता रहेगी।
मीन: मनोरंजक यात्रा की आयोजना हो सकती है। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। मनपसंद भोजन का आनंद प्राप्त होगा। प्रेमी, मित्र या संबंधियों के साथ समय अच्छा व्यतीत होगा। कारोबार मनोनुकूल रहेगा। जोखिम न लें। आंखों को रोग व चोट से बचाएं। लेन-देन में जल्दबाजी न करें।