Blog

  • पंजाब सरकार को बड़ा झटकाः मोहल्ला क्लिनिक में नहीं रुक रहे डॉक्टर!

    पंजाब सरकार को बड़ा झटकाः मोहल्ला क्लिनिक में नहीं रुक रहे डॉक्टर!

    बरनालाः आम आदमी क्लिनिक से डॉक्टरों के इस्तीफे का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब बरनाला के उगोके गांव में आम आदमी क्लिनिक में तैनात ऑर्थो एमएस सर्जन ने इस्तीफा दे दिया है। अब इस क्लिनिक में केवल एक ट्रेनी फार्मेसी अधिकारी ही बचा है। बता दें कि उगोके आप विधायक लाभ सिंह का गांव है। एसएमओ तपा डॉ. नवजोतपाल सिंह भुल्लर ने अपने इस्तीफे की पुष्टि की है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई जगह डॉक्टर इस्तीफा दे चुके हैं।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. ऑर्थो एमएस सर्जन डॉ. गुरसागरदीप सिंह ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को अपना इस्तीफा दे दिया है। हालांकि इस्तीफे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूत्रों का कहना है कि वह ऑर्थो एमएस सर्जन थे और आम आदमी क्लिनिक दवाओं और उपकरणों की कमी के कारण बीमारियों का इलाज करने में असमर्थ थे। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवजोतपाल सिंह भुल्लर ने बताया कि आम आदमी क्लिनिक उगोके के चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरसागरदीप सिंह का इस्तीफा उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है।

    प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टल्लेवाल के चिकित्सा अधिकारी को क्लिनिक चलाने के लिए तैनात किया गया है, जबकि फार्मेसी अधिकारी और क्लीनिकल ​​सहायक ने आकर पद संभाल लिया है। बता दें कि आम आदमी क्लिनिक के कर्मचारियों को पंजाब सरकार द्वारा ठेके के आधार पर भर्ती किया गया है। इसके तहत चिकित्सा अधिकारी और फार्मेसी अधिकारी को रोजाना 50 मरीजों तक के पैसे पक्के दिए जाएंगे, जबकि अगर अधिक मरीज आते हैं तो चिकित्सा अधिकारी को प्रति मरीज 50 रुपये और फार्मेसी अधिकारी को 12 रुपये प्रति मरीज दिए जाएंगे।

  • इस दिग्गज नेता ने छोड़ी कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी को भेजा 5 पन्नों का इस्तीफा

    इस दिग्गज नेता ने छोड़ी कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी को भेजा 5 पन्नों का इस्तीफा

    नई दिल्ली: गुलाम नबी आजाद ने बड़ा झटका देते हुए कांग्रेस पार्टी को छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता को भी छोड़ने की घोषणा की। आजाद पिछले कई दिनों से पार्टी से नाराज चल रहे थे। सामने आई जानकारी के अनुसार आजाद ने पांच पन्नों का अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को भेजा है।

    आजाद कांग्रेस के नाराज नेताओं के जी-23 गुट में भी शामिल थे। यह गुट लंबे समय से कांग्रेस में नेतृत्व सहित कई तरह के बदलाव की मांग करता रहा है। कुछ दिन पहले ही आजाद की नाराजगी उस समय भी सामने आई थी जब उन्होंने जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के कुछ ही घंटों में उस पद से इस्तीफा दे दिया था।

    गुलाम नबी आजाद ने इस्तीफे में क्या लिखा?

    आजाद ने सोनिया गांधी को भेजे अपने इस्तीफे में बेहद तल्ख बातें लिखी हैं। पांच पन्नों के अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा है कि एआईसीसी को संचालित कर रहे कुछ लोगों द्वारा नियंत्रित कांग्रेस ने इच्छाशक्ति और क्षमता खो दी है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने से पहले ‘कांग्रेस जोड़ो यात्रा’ करनी चाहिए थी। आजाद ने पत्र में कहा कि सोनिया और राहुल के 2014 से अब तक के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी 49 विधानसभा चुनाव में से 39 में हार चुकी है। बाकी 10 में से केवल चार में पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला और बाकी छह मौकों पर पार्टी गठबंधन के साथ गई।  

    2019 के चुनाव के बाद लगातार पार्टी की स्थिति होती जा रही बदतर 

    आजाद ने लिखा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी की लगातार बदतर स्थिति होती जा रही है जब आननफानन में राहुल ने अध्यक्ष पद छोड़ दिया था। आजाद ने लिखा, ‘आप (सोनिया गांधी) फिर अंतरिम अध्यक्ष बन गईं और पिछले तीन साल से आप इस पद पर हैं।’ आजाद के अनुसार, सबसे खराब ये है कि ‘रिमोट कंट्रोल मॉडल’ जिसने यूपीए सरकार की संस्थागत समग्रता को नुकसान पहुंचाया अब वह इंडियन नेशनल कांग्रेस पर भी लागू हो गया है। आप केवल एक चेहरा मात्र हैं और सभी अहम फैसले राहुल गांधी या कहें कि उनके सिक्योरिटी गार्ड या पीए द्वारा लिए जा रहे हैं।

  • पंजाबः बुलेट और पल्सर की आमने-सामने टक्कर, 3 घायल, देखें वीडियो

    पंजाबः बुलेट और पल्सर की आमने-सामने टक्कर, 3 घायल, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः पंजाब के गुरदासपुर-मुकेरियां की मेन रोड स्थित गांव नचिरा पाटन में बुलेट और पल्सर मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर होने का मामला सामने आया है। इस हादसे में एक महिला समेत 3 लोग घायल हो गए। घटना का मामला वहां पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हादसे दौरान मौजूद लोगों ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।

    मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने जानकारी देते हुए बताया कि बंटी व उसकी पत्नी पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मुकेरियां की ओर जा रहे थे, जबकि बुलेट मोटरसाइकिल सवार युवक मुकेरियां से गुरदासपुर जा रहा था। आमने-सामने की टक्कर सड़क हादसे की पूरी घटना सामने एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

    उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बुलेट मोटरसाइकिल का अगला टायर भी फट गया और रिम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में पल्सर मोटरसाइकिल सवार बंटी और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बुलेट मोटरसाइकिल सवार एक युवक भी घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। 

  • दिल दहला देने वाली घटना, घर में पड़े मिले परिवार के 6 सदस्यों के शव 

    दिल दहला देने वाली घटना, घर में पड़े मिले परिवार के 6 सदस्यों के शव 

    हरियाणा के अंबाला में से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, अभी तक मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने जानकारी दी है कि घर से सुसाइड नोट बरामद किया गया है। फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है। हाल ही में जम्मू से भी इस तरह की घटना सामने आई थी, जहां एक परिवार के 6 सदस्यों के शव दो अलग-अलग घरों में पाए गए थे।

    अंबाला डीएसपी जोगिंदर शर्मा ने बताया, ‘दो बच्चों समेत एक ही परिवार के 6 सदस्य मृत पाए गए हैं। क्राइम टीम को मौके पर बुलाया जा रहा है। सुसाइड नोट बरामद हुआ है। आगे की जांच जारी है।’ घटना अंबाला के बलाना गांव की है। मृतकों की पहचान संगत राम, महिंद्र कौर (पत्नी), सुखविंदर सिंह (बेटा), रीना (सुखविंदर की पत्नी) के तौर पर हुई है। इसके अलावा मरने वालों में नाबालिग बेटियां आशू और जस्सी भी शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि सुखविंदर ने खुदकुशी से पहले परिवार को जहर दे दिया था। वह निजी कंपनी के लिए काम करता था। शवों को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेजा गया है।

  • गैंगस्टर मनदीप मनाली की गोलियां मारकर हत्या

    गैंगस्टर मनदीप मनाली की गोलियां मारकर हत्या

    गोल्डी बराड़ गैंग ने ली कत्ल की जिम्मेवारी, ऑडियो हुआ वायरल

    चंडीगढ़। सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल गोल्डी बराड़ की दुश्मन गैंग का एक गैंगस्टर गैंगवॉर में मारा गया है. फिलीपींस में उस गैंगस्टर को मौत के घाट उतारा गया है. मारे गए गैंगस्टर का नाम संदीप है जो बमबीहा गैंग के लिए काम करता था. 

    जानकारी के लिए बता दें कि बमबीहा और गोल्डी बराड़ गैंग के बीच लंबे समय से दुश्मनी चल रही है. दोनों ही गैंग के कई सदस्य इस गैंगवॉर की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं. अब पंजाब का रहने वाला मंदीप भी इसी गैंगवॉर की वजह से दुनिया को अलविदा कह गया है. अब किस वजह से उसे मारा गया, किस बात को लेकर विवाद रहा, ये अभी तक स्पष्ट नहीं है.

    सिद्धू मूसेवाला की बात करें तो इसी साल 29 मई को उनकी हत्या की गई थी. उन पर 28 राउंड फायरिंग की गई थी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. उनकी हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार का नाम सामने आया था. इस समय लॉरेंस बिश्नोई की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसी के जरिए दूसरे आरोपियों तक पहुंचा जा रहा है. वैसे मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार भी सवालों के घेरे में आ गई थी.

    असल में सिंगर की हत्या से कुछ दिन पहले ही सरकार ने कई वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस ली थी. उसमें सिद्धू मूसेवाला का नाम भी शामिल था. अब तर्क दिया जा रहा है कि पहले से ऐसे इनपुट मिले थे कि मूसेवाला की जान को खतरा हो सकता है, लेकिन फिर भी सुरक्षा में कटौती हुई और फिर बाद में उनकी हत्या कर दी गई. कुछ दिन पहले पाकिस्तान से किसी शख्स ने मूसेवाला के पिता को भी जान से मारने की धमकी दी. उस मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है.

  • आज का राशिफल, 26 अगस्त 2022

    आज का राशिफल, 26 अगस्त 2022

    मेष राशिफल। आज का दिन व्यापारिक दृष्टिकोण से अनुकूल रहेगा। आप अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव करेंगे,जिसके बाद आप अपने घर व बाहर दोनों जगह लोगों को समय दे पाएंगे,जिसके कारण लोग आपसे अपने मन की कुछ बातें शेयर करेंगे और आप भी उन्हें अपने परिजनों के बारे में बताएंगे। आपको आय के सीमित स्त्रोत मिलते रहेंगे, लेकिन उसमें भी आप मनमुताबिक लाभ कमा सकते हैं। आपको किसी अपने परिजन की चिंता सता सकती है,जिनके लिए आपको कुछ रुपयों का इंतजाम भी करना पड़ सकता है।

    वृष राशिफल। आज का दिन राजनीति से जुड़े लोगों के लिए उत्तम रहेगा। कुछ नए लोगों से संपर्क बढ़ेंगे। आपको बड़ों से बातचीत करते समय अपनी बातों में विनम्रता बनाए रखनी होगी, नहीं तो लोग आपसे नाराज हो सकते हैं। सरकारी नौकरी का प्रयास कर रहे लोगों को अभी कुछ समय और इंतजार करने होंगे,उसके बाद ही उन्हें राहत मिलेगी। आपका शेयर बाजार में अटका हुआ धन आज वापस मिल सकता सकता है। आप परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय अकेले में व्यतीत करेंगे।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए उत्तम रूप से फलदायक रहने वाला है। संतान द्वारा किसी अच्छे काम को करने के कारण आपको उनके ऊपर गर्व होगा और परिवार के सदस्य भी प्रसन्न रहेंगे,लेकिन आपकी कोई ऐसी इच्छा पूरी होगी,जिसकी आप कोशिश कर रहे थे। मित्रों की मदद से आप किसी धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकते हैं। परिवार के लोग आपका प्रत्येक कार्य में पूरा साथ देंगे। विद्यार्थी अपनी शिक्षा में कठिन परिश्रम करेंगे,तभी वह सफलता की सीढ़ी चढ़ेंगे।

    कर्क राशिफल। आज आपके लिए दिन की शुरुआत सामान्य रहेगी। किसी जान पहचान वाले व्यक्ति से आप अपने मन के कुछ समस्याओं को साझा करेंगे तो वह उसका समाधान आपको बताएंगे। आपको किसी से धन उधार लेने में परेशानी आ सकती है। व्यवसाय के लिए आपको किसी यात्रा पर भी जाना पड़ सकता है,जो आपके लिए लाभदायक रहेगी। विदेश से आयात-निर्यात का व्यवसाय कर रहे लोग अपनी किसी बड़ी डील को फाइनल कर सकते हैं।

    सिंह राशिफल। आज का दिन आपके लिए कुछ नई चुनौतियां लेकर आएगा। महिलाएं आज किसी घरेलू काम की शुरुआत कर सकती हैं,लेकिन उन्हें अपने मन में छोटे और बड़े की धारणा नहीं रखनी है। आपको किसी विपरीत परिस्थिति का सामना करना पड़ सकता है,जिसमें आपको हिम्मत बनाए रखनी होगी। पिताजी आपकी बातों से नाराज हो सकते हैं। यदि ऐसा हो,तो आपको उन्हें मनाने की पूरी कोशिश करनी होगी। प्रेम जीवन जी रहे लोगों में आज एक नई ऊर्जा का संचार होगा।

    कन्या राशिफल। आज का दिन आपके लिए कोई खुशखबरी लेकर आ सकता है। बिजनेस कर रहे लोगों को अच्छे मुनाफे की पूरी उम्मीद है,लेकिन उनको आंख बंद करके भरोसा किसी पर भी करना नुकसानदायक साबित हो सकता है। आप अपने रुके हुए कार्य को किसी मित्र की मदद से पूरा कर सकते हैं। संतान द्वारा किसी ऐसे काम को अंजाम दिया जाएगा,जिससे आपको निराशा होगी,इसलिए आप किसी वाद विवाद में ना पड़े तो आपके लिए बेहतर रहेगा। परिवार के चल रही काफी समस्याएं भी समाप्त होगी।

    तुला राशिफल। आज का दिन आपके लिए मिश्रित रूप से फलदायक का रहने वाला है। गृहस्थ जीवन जी रहे लोगों में एक नयापन आएगा और वह अपनी गृहस्थी में चल रही समस्याओं को सुलझाने का पूरा प्रयास करेंगे। बिजनेस कर रहे लोगों ने यदि साझेदारी में किसी डील को फाइनल किया हुआ है,तो वह आपके लिए परेशानी बन सकती है। प्रेम जीवन जी रहे लोगो के बीच का वाद विवाद किसी महिला की मदद से समाप्त होगा। पिताजी से आप यदि किसी प्रकार की कोई मदद मांगेंगे,तो वह उन्हे अवश्य देंगे।

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आपके आत्मविश्वास में वृद्धि लेकर आएगा। जिन लोगों ने बैंक अथवा व्यापार के लिए ऋण लिया हुआ है,तो उन्हें उसे समय पर उतारना होगा,नहीं तो आपको कोई परेशानी हो सकती है। आप किसी नए कार्य को करने में पूरी मेहनत लगाएंगे,जिसमें आप सफल भी अवश्य होंगे। जिससे आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा और आप हर लक्ष्य की प्राप्ति आसानी से कर पाएंगे। यदि आपको पारिवारिक बिजनेस को लेकर कुछ चिंताएं बनी हुई थी,तो वह भाइयों की मदद से समाप्त होगी। राजनीति की दिशा में प्रयास कर रहे लोगों को आज कोई नया पद मिल सकता है।

    धनु राशिफल। आज का दिन व्यापार कर रहे लोगों के लिए उत्तम रहेगा। आप अपने चुलबुले स्वभाव के कारण लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगे और कारोबार कर रहे लोग किसी रुपये पैसों के मामले में आगे बढ़ेंगे। जीवनसाथी के साथ आप कुछ समय अकेले में व्यतीत करेंगे और उन्हे कहीं घुमाने भी लेकर जा सकते हैं और उनके मन में जो उलझन चल रही हैं उसका समाधान मिलकर खोजने में कामयाब रहेंगे। विद्यार्थी अपने सीनियर से शिक्षा में आ रहे किसी वाद विवाद को लेकर बातचीत कर सकते हैं। आप ननिहाल पक्ष के लोगों से मेल मिलाप कराने लेकर जा सकते हैं।

    मकर राशिफल। आज का दिन आपके लिए मिश्रित रूप से फलदायक रहने वाला है। आपको कामकाज के सिलसिले में कोई सुखद परिणाम मिल सकता है जिसके कारण आप गर्व महसूस करेंगे। अपने काफी कामों को पूरा करेंगे और आप किसी विरोधी की भी चिंता नहीं करेंगे और आगे बढ़ते जाएंगे। व्यावसायिक क्षेत्रों में भी आपको लाभ मिलते दिख रहे हैं। आपका कोई पैतृक संपत्ति संबंधित मामला निपट सकता है,जिसमें फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। आपको अपने रुके हुए कानून की चिंता सता सकती है।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके खर्चों में बढ़ोतरी लेकर आ सकता है। आप अपने अच्छे कामों से खूब सुर्खिंया बटोरेंगे। आज आपके कुछ बढ़ते हुए खर्चे तो आपको परेशानी में डाल सकते हैं,लेकिन आपको खर्चों को करने से पहले अपनी जेब का ख्याल आवश्यक होगा। आप यदि जीवनसाथी को शॉपिंग पर लेकर जाएं तो आय को ध्यान में रखकर ही व्यय करें तभी आपके लिए बेहतर रहेगा। जो लोग रोजगार की तलाश कर रहे हैं। उन्हें कोई शुभ सूचना सुनने को मिल सकती है। उनके मित्रों की ओर से उनको आज कोई नौकरी संबंधित शुभ सूचना भी सुनने को मिल सकती है।

    मीन राशिफल। आज के दिन नौकरी में उच्च पद दिलवाने वाला रहेगा। रिश्तेदारों से यदि आपको कुछ लेनदेन की समस्या लंबे समय से आपको परेशान कर रही थी,तो आपको उससे भी छुटकारा मिल सकता है। आपकी आमदनी के स्त्रोत बढ़ने से आय भी बढ़ेगी। आपको किसी वरिष्ठ सदस्य से क्रोध से बातचीत करने से बचना होगा व अपनी बातों में विनम्रता बनाए रखें। परिवार के सदस्यों के साथ किसी पिकनिक पर जाने की योजना बना सकते हैं, जिससे सभी के बीच आपसी प्रेम बढ़ेगा और एक दूसरे की परवाह करेंगे।

  • जालंधरः 200 पेटी अवैध शराब, नशीले पदार्थ और लाखों रुपए ड्रग मनी सहित 4 तस्कर गिरफ्तार

    जालंधरः 200 पेटी अवैध शराब, नशीले पदार्थ और लाखों रुपए ड्रग मनी सहित 4 तस्कर गिरफ्तार

    जालंधर (वरुण)। सीआईए देहात की पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब, नशीले पदार्थ और लाखों की ड्रग मनी सहित 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए एसपी सरबजीत सिंह बाहिया ने बताया कि सीआईए स्टाफ के प्रभारी सुरिंदर कुमार की अगुवाई में पुलिस पार्टी कपूर पिंड के इलाके में मौजूद थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि नरेंद्र सिंह उर्फ काका पुत्र मलकीत सिंह वासी गढ़दीवाल और उसका साथी कुलदीप सिंह उर्फ दीपा पुत्र फकीर चंद वासी फगवाड़ा ट्रक में अवैध शराब छिपाकर सप्लाई करने का काम करते हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर कारवाई करते हुए दोनो शराब तस्करों को ट्रक नंबर पीबी 07 बीजी 2755 की तलाशी के दौरान चंडीगढ़ मार्का की 200 पेटी अवैध शराब सहित काबू कर लिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तस्कर काका के ऊपर पहले भी चंडीगढ़ से शराब लेकर पंजाब में सप्लाई करने के अलावा चोरी का मामला भी दर्ज है। 

    इसी तरह सीआईए स्टाफ के एएसआई गुरमीत राम और उनकी टीम गन्ना पिंड पर मौजूद थे, इस दौरान पुलिस पार्टी ने सुनील कुमार उर्फ शीली पुत्र बलवीर चंद वासी गन्ना पिंड को 10ग्राम हैरोईन और डेढ़ लाख की ड्रग मनी सहित काबू किया। पूछताछ के दौरान आरोपी शीली ने बताया कि उसका भाई सुमित कुमार उर्फ शंभू नशा तस्करी के मामले में कपूरथला जेल में बंद है। नशे का कारोबार करते हुए दोनो भाईयों ने 11 लाख 30 हजार रुपए अपने घर में छिपाकर रखे हुए हैं। पुलिस ने शंभू को भी इस मामले नामजद कर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर उससे पूछताछ कर रही है।

  • मूसेवाला मर्डर केसः कैंडल मार्च दौरान मां-बाप ने सरकार के आगे रखी ये 3 मांगे

    मूसेवाला मर्डर केसः कैंडल मार्च दौरान मां-बाप ने सरकार के आगे रखी ये 3 मांगे

    मानसाः पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला को इंसाफ दिलाने के लिए मानसा में कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च की अगुवाई करते हुए पिता बलकौर सिंह ने सरकार के सामने 3 मांगें रखीं है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की सुरक्षा में हुई चूक की जांच के लिए एक शक्तिशाली आयोग का गठन किया जाना चाहिए। इस बात की जांच होनी चाहिए कि उनके बेटे की सुरक्षा किसने वापस ली और क्यों? पंजाब फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े गैंगस्टर की जांच होनी चाहिए।

    इसके अलावा गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को कनाडा से भारत लाया जाए। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है लेकिन यह एक लंबी लड़ाई है। जब गैंगस्टर 200 पुरुषों की वीआईपी सिक्योरिटी लेकर चलते है तब तक हमारा दिल दुखता है। केंद्र सरकार ने कहा कि लॉरेंस की जान को खतरा है। 70 एफआईआर दर्ज होने के बाद और लोगों के बच्चों को मारने के बाद भी इन्हें खतरा है? उन्होंने कहा कि हम जैसे लोगों के मानवाधिकार कहां हैं जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया?

    बता दें कि 29 मई को मानसा के जवाहरके में मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी। दिल्ली पुलिस ने इन्हें मारने वाले 3 शार्प शूटर प्रियव्रत फौजी, अंकित सेरसा और कशिश को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस ने अमृतसर में मुठभेड़ में दो शार्प शूटर मनप्रीत मन्नू और जगरूप रूपा को मार गिराया। छठा शार्पशूटर दीपक मुंडी अभी भी फरार है।

  • पैगंबर मोहम्मद विवादित मामलाः ‘सिर तन से जुदा’ नारे लगाने वाला सामाजिक कार्यकर्ता कशफ गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पैगंबर मोहम्मद विवादित मामलाः ‘सिर तन से जुदा’ नारे लगाने वाला सामाजिक कार्यकर्ता कशफ गिरफ्तार, देखें वीडियो

    तेलंगानाः पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने वाले बीजेपी से निलंबित विधायक टी राजा सिंह की गिरफ्तारी के बाद हैदराबाद पुलिस की ओर से ‘सिर तन से जुदा’ के नारे का बचाव करने वाले  सामाजिक और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता सैयद अब्दाहू कशफ को गिरफ्तार कर लिया है। हैदराबाद के एक प्रभावशाली व्यक्ति और स्वयं घोषित सामाजिक और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता सैयद अब्दाहू कशफ को तेलंगाना के निलंबित भाजपा विधायक टी राजा सिंह के खिलाफ उनके पैगंबर की टिप्पणी के लिए नारे लगाने वाले ‘सर तन से जुदा’ का समर्थन करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।

    पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध शाखा) ने कहा कि प्रभावित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। बता दें कि बीजेपी के निलंबित विधायक टी राजा सिंग की विवादित टिप्पणी के बाद स्व-घोषित सामाजिक और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता सैयद अब्दाहू कशफ के नेतृत्व में विरोध के बाद हुआ है, जिन्होंने ‘सर तन से जुदा’ नारे का बचाव किया था। अब्दाहू कशफ ने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह ‘सर तन से जुदा‘ के नारे लगाते हुए और लोगों से हैदराबाद में दक्षिण क्षेत्र के डीसीपी कार्यालय के बाहर भाजपा विधायक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखने का आग्रह करते हुए नजर आ रहा था।  

    राजा सिंह की गिरफ्तारी के बाद सैयद अब्दाहू कशफ ने कथित ईशनिंदा वाली टिप्पणियों के विरोध में ‘सर तन से जुदा’ नारे का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की और ऐसा करने के लिए कोई खेद नहीं व्यक्त किया था। कशफ ने कहा था कि, ‘इसके विरोध में मैंने खुद इस नारे का इस्तेमाल किया। जिसके बाद हैदराबाद पुलिस की तरफ से ये कार्रवाई की गई है। 

  • जालंधरः जौहल अस्पताल के समर्थन में आई IMA, अस्पतालों की ओपीडी बंद करने की दी चेतावनी

    जालंधरः जौहल अस्पताल के समर्थन में आई IMA, अस्पतालों की ओपीडी बंद करने की दी चेतावनी

    जालंधर/वरुण : रामा मंडी में स्थित जौहल अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत का मामला एक बार फिर से गरमा गया है। लेकिन इस बार जौहल अस्पताल के मालिक डॉ. बलजीत सिंह जौहल के समर्थन में आईएमए उतर आई है। डॉ. जौहल के समर्थन में उतरी आईएमए के सदस्यों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इस मामले को लेकर मुलाकात की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के दौरान डॉ. आलोक, डॉ. नवजोत दहिया, डॉ. सुषमा चावला, डॉ. अमरजीत डॉक्टर दीपक चावला आदि ने बलजीत सिंह जौहल का समर्थन किया। इस दौरान आईएमए ने कहा कि डॉ. जौहल के खिलाफ गलत आरोपों के तहत केस दर्ज किया गया है। 

    उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द इस केस से डॉ. जौहल का नाम हटाया जाए। आईएमए के सदस्यों ने कहा कि अगर डॉ. जौहल को राहत न दी गई तो पूरे जालंधर जिले के निजी अस्पतालों में ओपीडी बंद रखी जाएगी और सारी जिम्मेवारी पुलिस प्रशासन की होगी। पुलिस ने राजनीतिक दबाव में आकर गलत केस बनाया है। अगर सरकार ने इस मामले को लेकर ध्यान ना दिया तो आने वाले समय में कोई भी डॉक्टर इमरजेंसी केस लेने से मना कर देंगे। इसके बाद जो भी परेशानियां जनता को होगी उन सबकी जिम्मेवारी प्रशासन की होगी। इस मामले को लेकर पहले जालंधर जिले के निजी अस्पतालों में ओपीडी बंद रखेंगे, फिर अस्पताल बंद कर दिए जाएंगे। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार होगी। 

    बता दें कि बीती रात एक प्रवासी परिवार की महिला को गर्भवती हालत में जौहल अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। परिवार वालों का आरोप है कि महिला की डिलीवरी वहीं हुई, लेकिन परिवार को बच्चा पैदा होने पर न तो बच्चा दिखाया गया और डिलीवरी के कुछ देर बाद कहा गया कि उसकी मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने वहां हंगामा भी किया। इस दौरान आप विधायक शीतल अंतराल और कमिश्नेरेट पुलिस के आला अधिकारी डीसीपी जसकीरन तेजा, डीसीपी जगमोहन सिंह, एसएचओ नवदीप पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर सम्बन्धित थाने में अस्पताल प्रबंधन खिलाफ FIR नंबर 246 दर्ज कर ली गई थी।