Blog

  • Punjab News: धनतेरस पर हुआ हादसा, ढाबे के पास भरभराकर गिरी 2 मंजिला बिल्डिंग, दबा मजदूर, देखें वीडियो

    Punjab News: धनतेरस पर हुआ हादसा, ढाबे के पास भरभराकर गिरी 2 मंजिला बिल्डिंग, दबा मजदूर, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के धनतेरस के दिन भरावा दा ढाबा के पास शनिवार सुबह 2 मंजिला इमारत गिर गई। इस घटना में एक मजदूर मलबे में दब गया। मिली जानकारी के अनुसार भरभरा गिरी पुरानी इमारत को लेकर लोगों में भगदड़ मच गई। इमारत के गिरने की आवाज सुन आनन-फानन में आसपास के लोग इकट्ठा हुए और लोगों ने मलबे में दबे मजदूर को बाहर निकाला।

    घटना में घायल मजदूर को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया है। गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ इमारत में कोई मौजूद नहीं था। बिल्डिंग का सारा मलबा सड़क पर बिखर गया। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई है। घटना की जांच की जा रही है।

    मिली जानकारी के अनुसार इस इमारत में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। हादसे में एक मजदूर सरवन सिंह निवासी गांव लधेवाल का घायल हो गया। उसकी टांग में हल्की चोट आई है और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे के कुछ दूरी पर श्री हरमंदिर साहिब स्थित है, जहां हर रोज हजारों पर्यटक आते हैं। स्थानीय निवासी साहिब सिंह ने बताया कि इमारत का काम लगातार चल रहा था, लेकिन किसी भी तरह की सुरक्षा या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी।

    चश्मदीदों के अनुसार इमारत को ढहाने का काम चल रहा था, लेकिन गिराने से पहले किसी भी तरह की चेतावनी या रोकथाम नहीं की गई। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि इस मामले की जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने क्षेत्र में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उन इलाकों में जहां रोजाना हजारों लोग आते हैं।

  • Punjab News: ज्वैलर की दुकान पर बाइक सवार गोली चलाकर हुए फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: ज्वैलर की दुकान पर बाइक सवार गोली चलाकर हुए फरार, देखें वीडियो

    होशियारपुरः पंजाब में त्यौहारी सीजन पर भले पुलिस द्वारा चौकसी बढ़ाई जा रही है। लेकिन उसके बावजूद गोलियां चलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं ताजा मामला माहिलपुर से सामने आया है, जहां सुनार की दुकान पर गोली चलाकर बाइक सवार 2 व्यक्ति फरार हो गए। दोनों व्यक्तियों ने हेलमेट पहना हुआ था। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।

    वहीं घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दूसरी ओर इस घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। घटना की शिकायत दुकानदार द्वारा पुलिस को दे दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे गढ़शकंर के डीएसपी दलजीत सिंह खख और थाने माहिलपुर के प्रभारी जयपाल पुलिस पार्टी सहित पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • ये है धनतेरस का इतिहास, आयुर्वेद से भी जुड़ा है त्योहार

    ये है धनतेरस का इतिहास, आयुर्वेद से भी जुड़ा है त्योहार

    धर्मः कार्तिक माह (पूर्णिमान्त) की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन पूरे देश में धनतेरस मनाया जाता है। इस त्योहार को दिवाली की शुरुआत भी बताया जाता है। वहीं भारत सरकार ने धनतेरस को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसके पीछे भी बहुत बड़ा इतिहास छिपा हुआ है। वहीं जैन आगम में धनतेरस को ‘धन्य तेरस’ या ‘ध्यान तेरस’ भी कहते हैं। भगवान महावीर इस दिन तीसरे और चौथे ध्यान में जाने के लिये योग निरोध के लिए चले गए थे। 3 दिन के ध्यान के बाद योग निरोध करते हुए दीपावली के दिन निर्वाण को प्राप्त हुए। तभी से यह दिन धन्य तेरस के नाम से प्रसिद्ध हुआ। 2025 में धनतेरस 18 अक्टूबर यानि आज मनाया जा रहा है। आज लोग पूजा पाठ करेंगे और घर में कोई सोने-चांदी की चीज भी खरीदेंगे जो घर में खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक मानी जाती है। कई लोग धनतेरस के इतिहास से जागरूक नहीं है, जिसके बारे में आज इस आर्टिकल के माध्यम से जानकारी देंगे। ये जानकारी पटकथाओं और ज्योतिष शास्त्रों से ली गई है जो केवल सूचना के लिए है।

    ये है मान्यता

    मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान इस दिन भगवान धन्वंतरि हाथ में अमृत कलश और आयुर्वेद की पुस्तक लेकर प्रकट हुए थे। भगवान धन्वंतरि के नाम पर ही इस पर्व का नाम धनतेरस पड़ा, क्योंकि उस दिन कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि थी। इसी कारण इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है, जिन्हें आयुर्वेद का जनक और स्वास्थ्य, समृद्धि व दीर्घायु का देवता माना जाता है। हिंदू धर्मग्रंथों के अनुसार, भगवान धन्वंतरि भगवान विष्णु के अवतार हैं। वे आयुर्वेद के देवता और चिकित्सा शास्त्र के प्रवर्तक माने जाते हैं। पुराणों में बताया गया है कि उनका प्रादुर्भाव समुद्र मंथन के दौरान हुआ था। देवताओं और असुरों के बीच अमृत प्राप्ति के लिए समुद्र मंथन किया गया था, उसमें भगवान धन्वंतरि अमृत का कलश लेकर प्रकट हुए थे। इस कारण उन्हें अमृत का प्रतीक और जीवन रक्षक माना जाता है। इसके अलावा, धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि के साथ माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की भी पूजा की जाती है। यह पर्व धन, समृद्धि और स्वास्थ्य के लिए विशेष माना जाता है। प्रदोष काल में दीपदान और यम तर्पण की परंपरा भी इस दिन निभाई जाती है, ताकि अकाल मृत्यु से रक्षा हो। भागवत पुराण और विष्णु पुराण में भगवान धन्वंतरि का उल्लेख इस प्रकार है कि वे चार भुजाओं वाले, शंख, चक्र, जलौका और अमृत कलश धारण किए हुए प्रकट हुए थे। उनकी उत्पत्ति के बारे में वेदों में कहा गया है… ‘कार्तिकेकृष्ण पक्षे त्रयोदश्यां गुरोर्दिने। हस्त नक्षत्र संयुक्ते यामे प्राथमिके निशि। धन्वंतर्याख्यया चाहं धनंगुप्तमिवादते। अवतीर्णोयतस्तस्मात् सा तिथि सर्वकामदा।’ इसका अर्थ है कि भगवान धन्वंतरि का प्रादुर्भाव कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को, हस्त नक्षत्र में, रात्रि के प्रथम प्रहर (प्रदोष काल) में हुआ। इस कारण यह तिथि सभी कामनाओं को पूर्ण करने वाली मानी जाती है।

    इस वजह से है भगवान धन्वंतरि का आयुर्वेद से है संबंध

    भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद का जनक कहा जाता है। माना जाता है कि उन्होंने मानवजाति को स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखाई। आयुर्वेद एक प्राकृतिक चिकित्सा और जीवनशैली पर आधारित है। इसका ज्ञान भगवान धन्वंतरि द्वारा ही दिया गया था। वे न केवल रोगों के उपचार, बल्कि रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवन जीने के सिद्धांतों के प्रतीक हैं। आयुर्वेद ग्रंथों में उनकी शिक्षाओं का उल्लेख है और चरक संहिता व सुश्रुत संहिता जैसे ग्रंथ उनसे प्रेरित हैं।
  • Donald Trump ने एक बार फिर किया दावा, भारत नहीं खरीदेगा रुस से तेल

    Donald Trump ने एक बार फिर किया दावा, भारत नहीं खरीदेगा रुस से तेल

    नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक बार फिर व्हाइट हाउस में दावा किया है। उन्होंने राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ बैठक के दौरान कहा कि भारत अब रुस से तेल नहीं खरीदेगा। इससे पहले उन्होंने बुधवार को यह कहा था कि पीएम मोदी ने इस बारे में उन्हें आश्वासन दिया है कि उन्होंने पहले ही आयात कम कर दिया है। यह एक बड़ा कदम होगा। ट्रंप ने यह भी कहा है कि अब वे चीन पर भी ऐसा ही दबाव डालेंगे ताकि वह रुस से कच्चा तेल न खरीदें। ट्रंप के बयान से पहले गुरुवार को भारत के विदेश मंत्रालय ने तेल खरीद से जुड़ा हुआ यह दावा खारिज कर दिया था।

    भारत ने खारिज किया था दावा

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यह कहा था कि पीएम और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच में किसी भी तरह की बात या टेलीफोन कॉल की जानकारी नहीं है। दोनों नेताओं के बीच हाल में किसी भी तरह बात नहीं हुई है ऐसे में तेल खरीद पर आश्वासन का सवाल ही नहीं उठता।

    इस वजह से रुसी तेल की खरीद पर भड़के हैं ट्रंप

    अमेरिका का यह भी मानना है कि भारत की ओर से तेल खरीद जारी रखने से मॉस्को को यूक्रेन युद्ध के वित्त पोषण में मदद मिलती है हालांकि भारत ने यह बार-बार कहा भी है कि वह अपनी ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर फैसला लेता है। भारत अब भी रुस से रियायती दरों पर कच्चा तेल खरीदता है लेकिन इस आयात में पिछले महीनों में कुछ महीनों में कमी आई है।

    हंगरी के साथ नरम व्यवहार कर रहा ट्रंप

    पत्रकारों ने हंगरी के रुसी तेल आयात पर भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि हंगरी एक तरह से फंसा हुआ है क्योंकि उनके पास समुद्र नहीं है और तेल लाने के लिए सिर्फ पाइपलाइन पर निर्भर हो चुका है। वे तनाव कम कर रहे हैं और अब लगभग रुक चुके हैं। उन्होंने हंगरी के पीएम विक्टर ऑर्बन को एक महान नेता भी बताया है। आने वाले हफ्तों में वह उनके साथ मुलाकात भी करने वाले हैं।

    रुस से तेल खरीद रहा है भारत

    डोनाल्ड ट्रंप की बयानबाजी के बाद भी भारत का कच्चा तेल आयात अब अक्टूबर के पहले पखवाड़े में मजबूत हुआ है। इससे जुलाई सितंबर के दौरान आवक में तीन महीने की गिरावट भी थम गई है। त्योहारी मांग को पूरा करने के लिए रिफाइनरियां भी पूरी तरह से काम पर लौट आई है। रुस से आयाज जून में 20 लाख बैरल प्रतिदिन से कम होकर सितंबर में 16 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया था। अक्टूबर की शुरुआत में आंकड़े में सुधार का संकेत मिलता है।    
  • Jalandhar News: घर के बाहर खड़ी कार को आग लगाकर व्यक्ति फरार, केस दर्ज, देखें वीडियो

    Jalandhar News: घर के बाहर खड़ी कार को आग लगाकर व्यक्ति फरार, केस दर्ज, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: कैंट क्षेत्र के गांव संसारपुर में घर के बाहर एक व्यक्ति द्वारा खड़ी कार को आग लगा दी गई। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे की है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए कार मालिक अमन लूथर ने बताया कि उसने घर के बाहर कार पार्क की हुई थी। इस दौरान शुक्रवार सुबह 3 बजे उसे अचानक शोर सुनाई दिया।

    जिसके बाद उसने बाहर आकर देखा कि उसकी कार को आग लगी हुई थी। जिसके बाद उसने स्थानीय लोगों की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाया। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस को दे दी है, जहां पुलिस द्वारा पीड़ित के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

    वहीं सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि चेहरा ढका एक शख्स आया और कार पर तेल छिड़ककर आग लगाकर मौके से फरार हो गया। वहीं थाना कैंट के एएसआई गुरदीप चंद ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • Dead Skin से परेशान है तो इन फलों को Diet में जरूर करें शामिल

    Dead Skin से परेशान है तो इन फलों को Diet में जरूर करें शामिल

    हेल्थः सर्दियों में ठंडी हवा हमारी स्किन को डल और बेजान कर देती है। ड्राइनेस, खुजली और स्किन का फटना इस मौसम में आम समस्या बन जाती है। लेकिन अगर आप चाहते हैं कि सर्दियों में भी आपकी स्किन ग्लोइंग बनी रहे तो कुछ फलों को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। इन फलों में मौजूद विटामिन, एंटीऑक्सीडेंट और पानी स्किन को अंदर से हाइड्रेट और हेल्दी रखते हैं।

    संतराः सर्दियों में ड्राइनेस और डलनेस से बचना है तो संतरा जरूर खाएं। इसमें विटामिन C भरपूर होता है जो शरीर में कोलेजन को बढ़ावा देता है और स्किन को टाइट और यंग बनाए रखता है। यह स्किन को फ्री रेडिकल्स और प्रदूषण से होने वाले नुकसान से भी बचाता है।

    अनारः सर्दियों में स्किन के लिए किसी वरदान से कम नहीं है अनार। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स स्किन की एजिंग को स्लो करते हैं और डैमेज सेल्स को रिपेयर करते हैं।इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और चेहरा नेचुरली गुलाबी और ग्लोइंग दिखता है।

    पपीताः स्किन को सॉफ्ट और ग्लोइंग बनाने के लिए बेस्ट है। इसमें पपेन नामक एंजाइम होता है जो डेड स्किन सेल्स को हटाकर नई, फ्रेश स्किन लाता है। यह विटामिन A, C और E से भरपूर होता है जो स्किन को रिपेयर और मॉइस्चराइज करते हैं।

    आंवलाः diet आंवला यानी इंडियन गूसबेरी सर्दियों का सुपरफूड है। इसमें विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स की भरपूर मात्रा होती है जो स्किन को फर्म, ब्राइट और यंग बनाए रखते हैं। यह शरीर से टॉक्सिन्स निकालता है जिससे पिंपल्स और डलनेस कम होती है। आप इसे कच्चा खा सकते हैं, इसका जूस पी सकते हैं या इसका अचार के रूप में ले सकते हैं।

  • पटाखों को लेकर लोगों में क्रेज, लगी लंबी लाइनें, वीडियो वायरल

    पटाखों को लेकर लोगों में क्रेज, लगी लंबी लाइनें, वीडियो वायरल

    गुरुग्रामः प्रशासन ने पटाखों पर लगा प्रतिबंध हटा दिया है। अब दिवाली के दौरान सिर्फ ग्रीन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल की इजाजत होगी। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद लिया गया है, जिसमें एनसीआर में सिर्फ सर्टिफाइड ग्रीन पटाखों की अनुमति है। वहीं पटाखों की खरीद को लेकर पटौदी रोड पर गांव गडोली खुर्द में लोगों की लबी लाइनें लगी देखने को मिली। जहां लोगों में पटाखों की खरीद को लेकर काफी क्रेज देखने को मिला है। वहीं इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। जिसमें देखा जा सकता हैकि लोग लंबी लाइनों में लगकर पटाखें खरीदने की होड़ में लगे हुए है। लोगों की लगी लंबी लाइनों के कारण मेन रोड़ पर जाम की स्थिति देखने को भी मिली। बता दें कि वीरवार को डिप्टी कमिश्नर अजय कुमार ने इस नए आदेश की घोषणा की। उन्होंने बताया कि NEERI (नेशनल एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट) द्वारा प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री 18 से 20 अक्टूबर तक होगी। इन पटाखों का इस्तेमाल दिवाली से एक दिन पहले और दिवाली के दिन तय समय सीमा में ही किया जा सकेगा। पटाखों को जलाने की अनुमति सुबह 6 बजे से 7 बजे तक और रात 8 बजे से 10 बजे तक ही होगी। पटाखों की बिक्री सिर्फ उन्हीं व्यापारियों को करने की इजाजत होगी जिनके पास पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) का लाइसेंस है। साथ ही, यह बिक्री जिला प्रशासन द्वारा पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरणों के साथ मिलकर तय की गई जगहों पर ही होगी। सुप्रीम कोर्ट ने अपने हालिया आदेश में साफ कहा है कि एनसीआर में सिर्फ ग्रीन पटाखों की ही बिक्री और इस्तेमाल की जा सकती है। ये ग्रीन पटाखे ऐसे होते हैं जो पर्यावरण के तय मानकों को पूरा करते हैं और NEERI द्वारा प्रमाणित होते हैं। इन नए नियमों को लागू करने के लिए, जिला प्रशासन ने जिला और ब्लॉक स्तर पर निगरानी टीमें बनाई हैं। इन टीमों में पुलिसकर्मी, जिला अधिकारी और हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि शामिल हैं। ये टीमें तय जगहों पर पटाखों की बिक्री पर नजर रखेंगी। इन टीमों का काम यह सुनिश्चित करना है कि सिर्फ वही पटाखे बेचे जाएं जो NEERI की वेबसाइट पर सूचीबद्ध हैं और जिन पर जरूरी QR कोड लगे हैं। अधिकारीयों ने बताया कि नियमित जांच और सैंपल कलेक्शन किए जाएंगे। अगर कोई भी नियम तोड़ता पाया गया तो गैर-अनुपालन वाले पटाखों को जब्त कर लिया जाएगा और लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया जाएगा।    
  • पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सरेआम दी अफगानिस्तान को धमकी

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सरेआम दी अफगानिस्तान को धमकी

    नई दिल्ली: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने काबुल के प्रति तीखे तेवर दिखाए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में रहने वाले सभी अफगान नागरिकों को अपने देश वापिस जाना होगा। अब अफगानिस्तान के साथ पहले जैसे संबंध नहीं रहेंगे। उनके इस बयान के बाद अब सीमापार तनाव बढ़ चुका है। सोशल मीडिया पोस्ट और अपने सार्वजनिक बयानों में विदेश मंत्री ने कहा कि काबुल की अपनी सरकार और व्यवस्था है इसलिए अब पाकिस्तान की जमीन और संसाधन 25 करोड़ पाकिस्तानियों के हैं। विदेशी शरणार्थियों के कारण स्थानीय सुरक्षा और संसाधनों पर भी दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा है कि पाकिस्तान काफी समय तक धैर्य रखता रहा है पर अफगान पक्ष से उसे कोई भी पॉजिटिव प्रतिक्रिया नहीं मिली।

    युद्धविराम के बाद भी हुआ हमला

    दोनों पक्षों में तनाव के बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान की ओर से कुछ समय पहले 48 घंटे के लिए युद्धविराम पर सहमति भी जताई गई थी। इसके बाद में बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों के लिए बढ़ाने पर चर्चा हुई हालांकि आरोप यह है कि युद्धविराम के तुरंत बाद पाकिस्तान ने पक्तिका और आस-पास के कुछ क्षेत्रों में हवाई हमले भी किए। इसके बाद तालिबान ने कहा कि युद्धविराम टूट गया। इन घटनाओं के बाद दोनों देशों के बीच शांति प्रयासों को भारी झटका लगा।

    भारी कीमत चुकानी पड़ेगी

    रक्षा मंत्री ने इस बात का दावा किया है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को सीमा पार से होने वाली आंतकवादी घटनाओं के बारे में कई नोटिस दिए हैं। उन्होंने 836 विरोध पत्र और 13 डेमार्श भेजने का हवाला दिया। अब सिर्फ कूटनीतिक अपीलों या पत्रों पर निर्भर नहीं रहा जाएगा। ख्वाजा आसिफ ने यह दावा किया है कि जहां से भी आतंकवाद की हरकतें आ रही हैं उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

    तालिबान सरकार पर भी लगाए गंभीर आरोप

    आसिफ ने काबुल में शासन करने वाली तालिबान सरकार पर भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि तालिबान भारत के हितों के लिए काम कर रहा है। भारत और प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के बीच मिलीभगत से पाकिस्तान के खिलाफ साजिश हो रही है। इस आरोप को भारत ने खारिज कर दिया है और क्षेत्रीय खिलाड़ियों के द्वारा लगाए गए आरोप-प्रत्यारोप ने स्थिति को और भी कठिन बना दिया है।

    पाकिस्तान को उठाने पड़े नुकसान

    रक्षा मंत्री का कहना है कि 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान को मानवीय सुरक्षा क्षेत्रों में बड़े नुकसान उठाने पड़े हैं। उन्होंने 10,347 आतंकी घटनाओं और 3,844 हताहतों का जिक्र करते हुए इस अवधि में हुई हिंसा को गिनती पेश की है। आसिफ ने कहा कि यदि अफगान हिस्सों से हमला हुआ तो पाकिस्तान उसका सख्त और निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार है। रिपोर्ट्स की मानें तो कूटनीति जारी रखने की फिर से कोशिश की जा रही है। कतर में संभावित मुद्दे पर बातचीत और सीजफायर की भी बात की जा रही है ताकि सीमावर्ती हिंसा को कंट्रोल किया जा पाए। आगे के लिए कूटनीतिक राह ढूंढी जा पाए वहीं दूसरी ओर हवाई हमलों और एक-दूसरे पर लगे हुए आरोपों ने क्षेत्रीय तनाव को तेज कर दिया है। ऐसे में दोबारा से हिंसा की आशंका बनी हुई है।  
  • Punjab के पड़ोसी देश में 2 बार लगे भूकंप के झटके

    Punjab के पड़ोसी देश में 2 बार लगे भूकंप के झटके

    बलूचिस्तान: पाकिस्तान में शनिवार सुबह भूकंप के झटकों से एक बार फिर धरती हिल गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, 18 अक्टूबर की सुबह 5 बजकर 4 मिनट पर पाकिस्तान में 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राहत की बात यह है कि भूकंप की तीव्रता कम होने से कोई हानि नहीं हुई है। भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिससे आफ्टरशॉक्स की आशंका जताई गई है।

    इससे पहले शुक्रवार देर रात 3.9 तीव्रता का भूकंप भी पाकिस्तान के इसी इलाके में दर्ज हुआ था। यह भूकंप 18 अक्टूबर को सुबह 3 बजकर 25 मिनट पर आया था, जिसकी गहराई भी 10 किलोमीटर बताई गई। इसके अलावा 17 अक्टूबर को भी पाकिस्तान में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जो 20 बजकर 20 मिनट पर महसूस किया गया।

    पाकिस्तान दुनिया के भूकंपीय रूप से सक्रिय देशों में से एक है, जिसके बीच में कई बड़े भूकंपीय क्षेत्र हैं। बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और गिलगित-बाल्टिस्तान जैसे प्रांत यूरेशियन प्लेट के दक्षिणी किनारे पर स्थित हैं, जबकि सिंध और पंजाब भारतीय प्लेट के उत्तर-पश्चिमी किनारे पर स्थित हैं, जिससे यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। बलूचिस्तान अरब और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की सक्रिय सीमा के पास स्थित है। पंजाब जैसे अन्य संवेदनशील क्षेत्र, जो भारतीय प्लेट के उत्तर-पश्चिमी किनारे पर स्थित है, भूकंपीय गतिविधियों के प्रति संवेदनशील हैं।

     

  • Punjab News: सड़क हादसे में 2 नौजवानों की हुई मौत

    Punjab News: सड़क हादसे में 2 नौजवानों की हुई मौत

    एक नौजवान की 6 माह पहले हुई थी शादी

    मानसाः जिले के गांव तामकोट के पास सड़क हादसे में 2 नौजवानों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार 2 नौजवानों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय जसपाल दास पुत्र अमरनाथ निवासी रल्ला और 32 वर्षीय गगन शर्मा पुत्र शिवजी राम निवासी अकालियां, मानसा के रूप में हुई है। ये दोनों नौजवान मानसा में रेडिमेड कपड़ों की दुकान पर काम करते थे और वह अपने घर वापस लौट रहे थे। जहां रास्ते में उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई। इस घटना को लेकर दोनों गांवों में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार जसपाल दास की लगभग 6 महीने पहले शादी हुई थी। जबकि गगन शर्मा एक बच्चे के पिता थे। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दे दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।