Blog

  • वीरेंद्र कंवर ने जगात खाना-ऊना वाया हंडोला बस सेवा को दिखाई हरी झंडी

    वीरेंद्र कंवर ने जगात खाना-ऊना वाया हंडोला बस सेवा को दिखाई हरी झंडी

    ऊना/सुशील पंडित : ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज जगात खाना से ऊना वाया हंडोला बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कंवर ने कहा कि यह बस प्रातः 8 बजे जगात खाना से वाया हंडोला होते हुए प्रातः 9.30 बजे के करीब ऊना पहुंचेगी। वहीं शाम को यह बस 5.15 बजे चलेगी और सांय 6.45 बजे जगात खाना पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इस बस सेवा के शुरू होने से जहां जगात खाना व हंडोला के स्कूली बच्चे समय पर स्कूल पहुंचेंगे, वहीं स्थानीय लोगों को भी इस बस सेवा का भरपूर लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की काफी लंबे अरसे से चल रही मांग को राज्य सरकार ने आज पूर्ण कर दिया है। वीरेंद्र कंवर ने इस रूट पर बस की सुविधा मुहैया करवाने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर एवं परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया है।
  • पंजाब में हो सकती हैं गैंगवारः लॉरेंस गैंग ने इस गैंगस्टर से मिलाया हाथ

    पंजाब में हो सकती हैं गैंगवारः लॉरेंस गैंग ने इस गैंगस्टर से मिलाया हाथ

    चंडीगढ़ः पंजाब में गैंगवार होने की आशंका जताई जा रही है। केंद्र की खुफिया एजेंसियों ने भी पंजाब सरकार के गैंगवार होने के लिए अलर्ट किया हुआ है। सोशल मीडिया पर एक्टिव हुए गैंगस्टरों द्वारा गैंगवार का खतरा सिर्फ पंजाब ही नहीं दिल्ली और हरियाणा में भी मंडरा रहा है। इस बात का खुलासा दिल्ली की स्पेशल सेल ने किया है, जिन्होंने बीते दिन राजेश बवाना गैंग के शूटर्स को गिरफ्तार किया था।

    पूछताछ में उसने खुलासा किया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने राजेश बवाना से हाथ मिला लिया है। जिसके बाद दोनों ही अपने विरोधियों को ठिकाने लगाने के लिए खौफनाक साजिश रच रहे है। बता दें कि इससे पहले भी गैंगवार को लेकर पंजाब पुलिस को एजेंसियों ने इनपुट दिया था। जिस तरह गोल्डी बराड़ और बंबीहा गैंग एक दूसरे को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां दे रहे है, पंजाब में पहले से ही गैंगवार का खतरा मंडरा रहा है।

  • स्कूल में हमलावर ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 14 लोगों की मौत, 21 घायल

    स्कूल में हमलावर ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 14 लोगों की मौत, 21 घायल

    नई दिल्लीः रूस के इजवेस्क शहर के एक स्कूल में सोमवार को हुई फायरिंग में अब तक 14 लोगों की मौत हुई जबकि 21 घायल बताए जा रहे हैं। देश के गृहमंत्री ने इसकी जानकारी दी। रूस की समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, एक बंदूकधारी ने स्कूल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर हमलावर ने खुद को भी गोली मार सुसाइड कर लिया। मृतकों में स्कूली बच्चे और सुरक्षा गार्ड बताए जा रहे हैं।

    इसके बाद में रेस्क्यू टीम ने स्कूल से छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला है। Udmurtia क्षेत्र के गवर्नर एलेक्जेंडर ब्रेकालव ने बताया कि एक अज्ञात शख्स Pushkinskaya स्ट्रीट पर स्थित स्कूल के भीतर घुसा और उसने सुरक्षाकर्मी को गोली मार दी। गोलियों की आवाज सुनकर बच्चे कक्षाओं में छिप गए। यह फायरिंग उस समय शुरू हुई, जब स्कूल में क्लासेज चल रही थीं।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय स्कूल में लगभग 1,000 छात्र और 80 शिक्षक थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने स्कूल की चौथी मंजिल के कमरा नंबर 403 में खुद को भी गोली मार ली। अभी तक हमले के मकसद का पता नहीं चल पाया है। ऐसी भी खबरें हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि हमलावर के पास दो हथियार थे।

  • पत्नी ने पति को दिलवाई कनाडा की PR, परिवार की पैरों तले खिसकी जमीन 

    पत्नी ने पति को दिलवाई कनाडा की PR, परिवार की पैरों तले खिसकी जमीन 

    अमृतसर: विदेश में रह रही एन. आर. आई. पत्नी ने जब अपना स्त्री धर्म निभाते हुए अपने पति को भारत से कनाडा अपने साथ पी. आर. दिलवाने के लिए स्पाउस वीजा दिलवाकर अपने पास बुलाया तो वहां पर पहुंचते ही पति और उसके परिवारजनों की आंखें बदल गई। नतीजन पत्नी को 6 साल पहले हुई शादी में कम दहेज लाने के लिए इतना प्रताड़ित किया गया कि वह तिलमिला उठी। 

    आखिरकार विवाहिता वधू को अमृतसर से अपने माता-पिता की मदद लेकर कनाडा को छोड़कर अपने शहर वापस आने को मजबूर होना पड़ा घटनाक्रम में तभी एक नया मोड़ ले लिया, जब पत्नी ने यहां आकर बताया कि जिस स्पाऊस वीजा के कारण उसने अपने पति को कनाडा की नागरिकता दिलवाई थी तो दस्तावेज चैक करने के उपरांत पता चला कि पति द्वारा अपनी शैक्षणिक योग्यता की डिग्री ही जाली दिलवाई है तो विवाहिता के परिवारिक लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

    उस दिन तो हद ही हो गई, जब पति की जाली डिग्री के बारे में आपत्ती जताने पर गुस्साए पति ने पत्नी को इतना पीटा की उसका बुरा हाल हो गया और उसे उसी हालत में कनाडा में घर से निकाल दिया। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पति और उसके परिवार जनों के विरुद्ध धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न के साथ-साथ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। हालांकि इसके उपरांत विवाहिता अपनी माता के साथ दोबारा कनाडा वापस गई हैं, ताकि वहां जाकर भी कनाडा सरकार को उसकी जाली डिग्री का रहस्य उजागर कर सके। पुलिस में दर्ज एफ. आई. आर के मुताबिक लड़की के पिता हरचरण सिंह ने कहा कि उसकी बेटी जसमीत कौर की शादी वर्ष 2016 में न्यू अमृतसर निवासी सी.ए. बलवीर सिंह के पुत्र बलजिंदर सिंह रॉकी के साथ हुई थी। विवाह के समय उसने लाखों रुपए खर्च करके होंडा सिटी कार आदि देकर अपनी बेटी को विदा किया। विवाह के उपरांत लड़के और उसके परिवार वाले संतुष्ट नहीं थे। आरोपियों ने कहा कि उनका बेटा पंजाब टैक्निकल यूनिवर्सिटी से बी. टेक की डिग्री होल्डर है और हमें कई बड़े अमीर घरानों के रिश्ते मिलते थे। इसे लेकर उन्होंने विवाहिता को बराबर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। दो वर्ष इसी प्रकार प्रताड़ना सहते हुए बीत गए तो ससुरालियों द्वारा लड़की के पिता को निवेदन किया गया कि अभी लड़के को उसकी डिग्री के मुताबिक काम नहीं मिल रहा। वहीं लड़के वालों ने पैंतरा मारा कि यदि वह विवाहिता को विदेश भेजने का इंतजाम कर दे तो इन दोनों की जिंदगी बन सकती है।

    हरचरण सिंह के अनुसार उसने अपने पास से पैसे खर्च करके अपनी बेटी को कनाडा वर्ष 2018 में भेज दिया। जहां उसे 1 वर्ष के उपरांत पी. आर. मिली तभी लड़के वालों ने कहा कि अब लड़के को भी कनाडा बुला लिया जाए। इस पर विवाहिता पत्नी ने वहां से स्पाऊस वीजा लगवाकर अपने पति को भेजा तो उसे अमृतसर से कनाडा रवाना कर दिया गया। इस मामले में नाटकीय मोड़ तब आया जब लड़के ने वहां पर छोटे मोटे काम करने शुरू कर दिए और घर पर भी कम ही जाता था। लड़की ने जब अपने पति से पूछा कि वह इतने छोटे-छोटे काम क्यों करता है ? यदि वह उसे अपनी बी.टेक की डिग्री दिखा दे तो उसे यहां अच्छी नौकरी दिलवाने का प्रयास करेगी। इस पर लड़का आक्रमक हो गया और उसने अपनी पत्नी को पीटा, लेकिन लड़की बार-बार अपनी मांग पर खड़ी रही। वहीं पुलिस ने पीड़ित लड़की के बयानों के आधार पर  पति बलजिंदर सिंह रोमी पिता बलवीर सिंह माता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। 

  • कलाबाजी दिखा रहे थे दो जहाज हवा में आपस में टकराये

    कलाबाजी दिखा रहे थे दो जहाज हवा में आपस में टकराये

    दोनों पायलट की मौत

    नेशनल : सोशल मीडिया पर आए दिन तरह तरह के हैरान कर देने वाले वीडियो सामने आते रहते हैं ऐसे में एक प्लेन दुर्घटना का वीडियो सामने आया है जिसमें दो जहाज हवा में आपस में टकरा जाने से दोनों पायलट की मौत हो गई। यह हादसा पिछले दिनों जर्मनी में हुआ। जहां के लेमुनिज़ एयरफिल्ड पर दो जहाज की आसमान में टक्कर हो गई। खास बात ये है कि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड कर ली गई, हादसे के इस वीडियो को देख आपके भी होश उड़ जाएंगे। ये घटना शनिवार शाम 6 बजे की है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो जहाज आसमान में कलाबाजी दिखा रहे थे कि तभी दोनों की अचानक टक्कर हो गई और हादसा इतना भयानक था कि दोनों जहाज एक दूसरे में जाकर फंस गए. फि दोनों तेजी से नीचे की तरफ गिरने लगे और ज़मीन पर गिरते ही चारों तरफ धुएं का गुबार दिखने लगा। 

    दमकल विभाग के एक प्रवक्ता ने टक्कर के बाद दो पायलटों की मौत की पुष्टि की। दोनों पायलट “मिरर फ्लाइट” के लिए एक ट्रेनिंग ले रहे थे. ऐसे मौके पर विमान एक दूसरे के समानांतर उड़ान भरता है। इन दोनों पायलट ने 2019 में विंटेज एरोबेटिक्स में विश्व चैंपियनशिप का खिताब भी जीता था।  विमानन विशेषज्ञ एंड्रियास स्पाएथ ने कहा कि ऐसा लगता है कि दोनों पायलट अपने विमान के साथ एरोबेटिक्स में एक जैसी ट्रेनिंग कर रहे थे। ऐसा लग रहा है कि दो मशीनें फंस गईं और और फिर एक साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गईं।

  • पंजाबः सरकार ने दो सीनियर IAS अधिकारियों को सौंपा Additional Charge, देखें लिस्ट

    पंजाबः सरकार ने दो सीनियर IAS अधिकारियों को सौंपा Additional Charge, देखें लिस्ट

    चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने दो सीनियर आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इनमें राहुल भंडारी और विमल कुमार सेतिया अपने मौजूदा कार्यभार के साथ अन्य सौंपे गए विभाग की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। आईएएस राहुल भंडारी को तकनीकी शिक्षा और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के प्रमुख सचिव के साथ ही अब फ़ूड सिविल सप्लाई एंड कंस्यूमर अफेयर का अतरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके साथ ही वह सिविल एविएशन और पब्लिक रिलेशन विभाग में भी प्रमुख सचिव का कार्यभार देखेंगे। इसके साथ ही विमल कुमार सेतिया को ट्रांसपोर्ट सचिव के साथ-साथ अब को-ऑपरेटिव सोसाइटी पंजाब के रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी भी सम्भालनि होगी। 

  • बड़ी ख़बरः वित्त मंत्री ने दिया इस्तीफा, अब यह संभालेंगे जिम्मेदारी

    बड़ी ख़बरः वित्त मंत्री ने दिया इस्तीफा, अब यह संभालेंगे जिम्मेदारी

    इस्लामाबादः आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के वित्त मंत्री मिफ्ताह इस्माइल ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इशाक डार अब नए वित्त मंत्री बनाए गए हैं। डार को वित्त मंत्री बनाने का औपचारिक फैसला शनिवार को लंदन में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके भाई नवाज शरीफ के बीच हुई बैठक के दौरान लिया गया। बैठक में मिफ्ताह इस्माइल और इशाक डार के अलावा पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अन्य नेता मौजूद थे।

    इस्माइल ने अपना इस्तीफा नवाज शरीफ को सौंप दिया है जो भ्रष्टाचार के मामलों में दोषसिद्धि के कारण राजनीति से बाहर हैं, लेकिन उनके फैसलों को पार्टी के लिए बाध्यकारी माना जाता है। पीएमएल-एन ने इस्माइल के हवाले से एक बयान में कहा मैंने चार महीने तक अपनी पूरी क्षमता से काम किया और पार्टी तथा देश के प्रति वफादारी निभाई।  जियो न्यूज के मुताबिक डार प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ लंदन से वापस आएंगे और अगले सप्ताह संभवत: मंगलवार को शपथ लेंगे। डार का संबंध नवाज शरीफ से भी है, क्योंकि उनके बेटे की शादी पूर्व प्रधानमंत्री नवाज की एक बेटी से हुई है।


    पाकिस्तान के पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने 2019 में नई दिल्ली द्वारा जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को रद्द करने के बाद भारत के साथ व्यापार संबंध तोड़ दिए थे और दावा किया था कि शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार इसे फिर से शुरू करना चाहती है। खैबर पख्तूनख्वा के कराक में एक रैली को संबोधित करते हुए 69 वर्षीय खान ने यह भी कहा कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की उपाध्यक्ष मरियम नवाज सच बोलने में असमर्थ थीं क्योंकि उन्होंने एक बार फिर उन पर भाई-भतीजावाद को राष्ट्रीय हितों से ऊपर रखने का आरोप लगाया। उन्होंने एक ऑडियो लीक का जिक्र करते हुए कहा कि मरियम अपने दामाद के लिए भारत से बिजली संयंत्र मशीनरी आयात करना चाहती है। 

  • पंजाबः हादसे का शिकार होने से बची बच्चों से भरी स्कूल वेन

    पंजाबः हादसे का शिकार होने से बची बच्चों से भरी स्कूल वेन

    डेराबस्सीः बरवाला रोड पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूल के बच्चों से भरी हुई वेन यहां एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। टूटी सड़क और सड़क पर पानी जमा होने के कारण गड्ढे में स्कूल वैन फंस गई। मूसलाधार बारिश की वजह से यहां पानी जमा हो गया है, जिस वजह से वाहनों के आने-जाने में परेशानी हो रही है। गौर हो कि बरवाला रोड की हालत दिन-भर-दिन खराब होती जा रही है। बारिश ने सड़क की हालत और ज्यादा खराब कर दी है।

    लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत नहीं होने से यह सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर कई बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। बीते दिन लोगों ने पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ मूसलाधार बारिश में सड़क की स्थिति में सुधार की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने प्रदर्शनकारियों से संपर्क किया और जल्द सड़क निर्माण का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।

  • ट्राईसिटी कैब एसोसिएशन ने किया हड़ताल का ऐलान, राजभवन का करेंगे घेराव

    ट्राईसिटी कैब एसोसिएशन ने किया हड़ताल का ऐलान, राजभवन का करेंगे घेराव

    चंडीगढ़ः ट्राईसिटी कैब एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लेकर आज (26 सितंबर) को हड़ताल का ऐलान किया है। चंडीगढ़ समेत पंचकूला और मोहाली में आने जाने के लिए आज लोगों को कैब और टैक्सी नहीं मिलेगी। एसोसिएशन अपनी मांगों को लेकर राजभवन का घेराव करेंगे। ट्राईसिटी कैब एसोसिएशन अवैध तरीके से चलने वाली बाइक टैक्सियों और कारों पर कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज है। ऐसे में एसोसिएशन से जुड़े कैब चालक मोहाली के फेज-8 में मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर जुटे हुए हैं। इनका कार्यक्रम चंडीगढ़ स्थित पंजाब राजभवन के घेराव करने का है।

    प्रशासन और पुलिस अलर्ट है। कैब चालकों की नारेबाजी लगातार जारी है। एसोसिएशन का कहना है कि वह कई बार चंडीगढ़ की स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (STA) को शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद धड़ल्ले से बिना रोक-टोक के अवैध टैक्सियां चल रही हैं। इनमें कुछ ऐप आधारित बाइक टैक्सी और कारें हैं, जिन्हें STA ने मंजूरी नहीं दी, फिर भी वे ट्राइसिटी में दौड़ रही हैं। इनके चलते रजिस्टर्ड कैब चालकों का व्यापार खराब हो रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि ट्राईसिटी में 10 हजार से ज्यादा अवैध बाइक, टैक्सी और कारें चल रही हैं। निजी गाड़ी के रूप में रजिस्ट्रेशन करवा कर इन्हें टैक्सियों के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसी अवैध टैक्सियों में यात्री भी सुरक्षित नहीं।

  • पंजाबः 7 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद

    पंजाबः 7 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद

    फिरोजपुरः भारत-पाक सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तान में बैठे एक ड्रग तस्कर के एक और नापाक मंसूबे को नाकाम कर दिया है। तस्करों ने सतलुज नदी के पानी से हेरोइन की खेप भारत भेजने की कोशिश की, जिसे जवानों ने बरामद कर जब्त कर लिया। वहीं दूसरी तरफ अमृतसर बॉर्डर पर लगातार दूसरे दिन ड्रोन मूवमेंट देखेने को मिली है। मिली जानकारी के अनुसार, सतलुज में पानी के बहाव के साथ बहने वाले जंगली पौधों के साथ हेरोइन से भरी बोतल को बांध कर भेज गया। फिरोजपुर सेक्टर में तैनात BSF के जवानों ने उसे रिकवर किया। जब बोतल को खोला गया तो उसमें हेरोइन थी, जिसका कुल भार 1 किलोग्राम था। इंटरनेशनल मार्केट में 1 किलोग्राम हेरोइन की वैल्यू तकरीबन 7 करोड़ रुपए है।

    अमृतसर बॉर्डर पर पड़ती बीओपी कानगढ़ में रात 2.30 बजे के करीब ड्रोन मूवमेंट हुई। गश्त कर रहे बीएसएफ ने पाकिस्तान ने पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन की आवाज को आते हुए सुना। जवानों ने सतर्कता के लिए आवाज की तरफ फायरिंग शुरू कर दी। कुछ समय बाद ही ड्रोन की आवाज आना बंद हो गई। सतर्कता के लिए आसपास के एरिया में सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।

    बीते एक सप्ताह में पाकिस्तानी तस्करों की यह पांच कोशिशें की है। रविवार को ही अमृतसर के अटारी के पास बीेएसएफ ने 3.250 किग्रा हेरोइन की खेप बरामद की थी, जिसे पाक तस्करों ने ड्रोन के माध्यम से भेजा था। 6 दिन पहले तरनतारन के खेमकरण सेक्टर में ड्रोन की मूवमेंट देखने को मिली थी। एक सप्ताह पहले अमृतसर के अटारी बॉर्डर से सटे गांव पुलमोरां से ड्रोन ने 2.570 किग्रा हेरोइन ड्रॉप की थी। पाक तस्करों ने इस खेप के साथ पिस्टल व गोलियां भी डिलिवर करवाई थीं।