Blog
-

सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थी 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से करवाएं ई-केवाईसी सत्यापन – आवास पंडित
ऊना/सुशील पंडित: प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को पेंशन राशि समय पर, पारदर्शी एवं सीधे उनके बैंक अथवा डाकघर खातों में उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा ऑनलाइन माध्यम से ई-केवाईसी सत्यापन की व्यवस्था लागू की गई है। इस प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए विभाग द्वारा एक मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है। जिला कल्याण अधिकारी ऊना, आवास पंडित ने जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है, उनकी पेंशन अस्थायी रूप से रोक दी गई है। उन्होंने ऐसे सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे 15 फरवरी 2026 तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन अवश्य करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि तक ई-केवाईसी सत्यापन न करवाने की स्थिति में संबंधित लाभार्थी को पेंशन के लिए अपात्र माना जा सकता है तथा पेंशन स्थायी रूप से बंद की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड किसी कारणवश नहीं बना है अथवा उसमें संशोधन अथवा अद्यतन की आवश्यकता है, तो वह संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकता है। जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि ई-केवाईसी सत्यापन से संबंधित जानकारी अथवा किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए लाभार्थी अपने नजदीकी जिला कल्याण अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना पर्यवेक्षक अथवा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं। -

ऊना बना वृंदावन,बाबा बाल जी आश्रम कोटला कलां से निकली भव्य शोभायात्रा
उपमुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री ने श्री राधाकृष्ण मंदिर के वार्षिक महासम्मेलन में लिया भाग
ऊना/सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को ऊना ज़िले के कोटला कलां स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति द्वारा आयोजित वार्षिक धार्मिक महासम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माथा टेका तथा राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री ने श्रद्धा-भाव के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की पावन पालकी उठाई और भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित होकर परिक्रमा पूर्ण की। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा भी इस अवसर पर साथ रहे। शोभायात्रा के लिए सुसज्जित विशेष वाहन में उपमुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री तथा विधायक विवेक शर्मा राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के साथ विराजमान रहे।
विकास और विरासत दोनों को समान रूप से आगे बढ़ाने को कटिबद्ध : मुकेश अग्निहोत्री
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सभी श्रद्धालुओं को उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति, आस्था और धार्मिक परंपराएं हमारी पहचान की आधारशिला हैं। इन परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास और विरासत, दोनों को समान रूप से आगे बढ़ाया जाए। ऊना ज़िले की अपनी विशिष्ट ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है। यहां स्थित सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं, जिनके सुदृढ़ीकरण और सुविधा विस्तार के लिए सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे महान संत समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं और उनकी उपस्थिति से सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को बल मिलता है।
परंपरा और प्रगति को साथ लेकर चलना सरकार की प्रतिबद्धता : विक्रमादित्य सिंह
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समाज में आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखना सरकार की निरंतर प्राथमिकता है।
उन्होंने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संत समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके सान्निध्य से सामाजिक सौहार्द और आध्यात्मिक चेतना को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए सरकार हरसंभव सहयोग देती रहेगी। परंपरा और प्रगति को साथ लेकर चलना ही सरकार की मूल प्रतिबद्धता है।
भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत रही शोभायात्रा
राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज की अगुवाई में श्री राधाकृष्ण मंदिर, कोटला कलां द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति-भाव से शामिल हुए। इस दौरान भजन सम्राट संत चित्र-विचित्र महाराज के भक्तिमय भजनों से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
हर वर्ष आयोजित होता है दिव्य धार्मिक समागम
उल्लेखनीय है कि श्री राधाकृष्ण मंदिर, कोटला कलां में प्रतिवर्ष 1 से 12 फरवरी तक दिव्य धार्मिक समागम का आयोजन किया जाता है। इस दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्री राधाकृष्ण जी के श्रीविग्रह स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ऊना शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है।
समागम में राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, आयोग के सदस्य विजय डोगरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-

Punjab News: रवनीत बिट्टू पर भड़कें कैबिनेट मंत्री सोंध, किसान आंदोलन में भाजपा-कांग्रेस की दिलाई याद, देखें वीडियो
मोहालीः पंजाब रूरल डेवलपमेंट और पंचायत मंत्री, तरुनप्रीत सिंह सोंध और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया आज सेक्टर 88 स्थित सारस मेला ग्राउंड में लगे मोहाली कार्निवाल पहुंचे, जहां उन्होंने पंजाब सखी शक्ति मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। यह मेला महिला सशक्तिकरण, स्व-सहायता समूहों और गांव आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। मेले में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तकलां उत्पाद, देसी खान-पीन के स्टेशन और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे।
आयोजकों के मुताबिक, इस कार्निवाल के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और उद्योगपतियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया गया है। इस दौरान बिक्रम मजीठिया को सुप्रीम कोर्ट से बेल मिलने को लेकर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केस अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बेल मिलना कानून अधिकार है। उन्होंने कहा कि सीरियस लीडरशीप पंजाब को चाहिए थी और वह उन्हें मिल चुकी है। कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष पर निशाने साधते हुए कहा कि पंजाब के विपक्ष ने उजाड़ दिया है, जिसे सुलझाने में पिछले 4 सालों से आप सरकार लगी हुई है।
आज जो पंजाब में मेले लग रहे है विपक्ष ने यह मेले खत्म कर दिए थे। आप सरकार के आने के बाद दोबारा से पंजाब का विरसा और मेले दोबारा से दिखने लगे है। वहीं रवनीत सिंह बिट्टू पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन पर बिट्टू ने भाजपा पर तीखे शब्दावली हमले करते थे और आज वह उनके साथ मिलकर रह रहे है। उन्होंने कहा कि बिट्टू जिनके पीछे लगकर बातें करते थे, आज उन्हें देश के दुश्मन बता रहे है। कैबिनेट मंत्री ने कहाकि बिट्टू तितलियों जैसे है, शायद वह आने वाले समय में दोबारा से कांग्रेस पार्टी में दिखाई दे सकते है। उन्होंने कहा कि वह मीडिया में बने रहना चाहते है और चौधरपुणे के भूखे है, उन्हें पंजाब के दुख से कोई लेना-देना नहीं है।
-

कांगड़ा में ‘रोजगार संकल्प मेले’ में CM Sukhu ने 1253 कांस्टेबलों को बांटे नियुक्ति पत्र
अगले दो महीनों के अंदर 800 और पुलिस कांस्टेबल किए जाएंगे भर्ती
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के पुलिस कॉलेज डरोह में ‘रोजगार संकल्प मेले’ के दौरान नवनियुक्त 1253 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि इस बार पुलिस भर्ती पूरी पारदर्शिता के साथ की गई है, जबकि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती के पेपर लीक हुए और पिछली सरकार को युवाओं के दबाव में भर्ती प्रक्रिया को रद्द करना पड़ा। वर्तमान सरकार ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार पुलिस की भर्ती के पेपर पुलिस विभाग से नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से करवाना सुनिश्चित किया।
सीएम सुक्खू ने यह घोषणा की है कि सरकार आगामी दो महीनों के भीतर 800 और पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती करेगी। यह कदम हिमाचल प्रदेश पुलिस को और मजबूत करेगा तथा इससे कानून व्यवस्था को बेहतर तरीके से लागू करने में सहायता मिलेगी।
आज आप केवल नौकरी नहीं ले रहे हैं बल्कि आज आप एक जिम्मेदारी, एक पहचान और एक मिशन को स्वीकार कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश शांति, संस्कृति और देवभूमि के लिए जाना जाता है। आज सरकार ने नशे के विरुद्ध लड़ाई को एक जन आंदोलन बनाया है जिसकी सबसे सबसे मजबूत ताकत हिमाचल प्रदेश पुलिस है। हिमाचल पुलिस देश की सबसे आधुनिक, सबसे तेज और सबसे भरोसेमंद पुलिस फोर्स में शामिल है। आपातकालीन सेवा (ईआरएसएस-112) में औसत प्रतिक्रिया समय के मामले में हिमाचल पुलिस पूरे देश में पहले स्थान पर है जबकि सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टमस) में पहाड़ी राज्यों में हिमाचल प्रदेश लगातार प्रथम स्थान पर बना हुआ है। आईटीएसएसओ (इनवेस्टिगेशन ट्रैकिंग सिस्टम फॉर सैक्सुअल ओफेंसिसद्ध में हिमाचल पुलिस लगातार देश-भर में पांचवां स्थान प्राप्त कर रही है।
हमारी सरकार पुलिस वर्दी की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए गए हैं कि देश की प्रतिष्ठित कंपनियों से उत्तम गुणवत्ता का कपड़ा लिया जाए। साथ ही, पुलिस कांस्टेबलों की यूनिफॉर्म ग्रांट बढ़ाने पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इस साल से सभी भूतपूर्व सैनिक 10 वर्ष की सेवा के बाद हॉनरेरी हैड कांस्टेबल और 15 वर्ष की सेवा के बाद हॉनरेरी सहायक सब इंस्पेक्टर बनाए जाएंगे। कांस्टेबल से हेड-कांस्टेबल बनने के लिए बी-1 परीक्षा का निर्णय लिया गया था। उच्च न्यायालय में इस विषय में अंतरिम स्थगन है, लेकिन सरकार पूरी मजबूती से अपना पक्ष रखेगी।
राज्य सरकार ने चिट्टा माफिया के विरुद्ध छेड़ी लड़ाई
राज्य सरकार ने चिट्टा माफिया के विरुद्ध एक लड़ाई छेड़ी है। वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 2149 मामले दर्ज किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत अधिक हैं। प्रदेश सरकार ने युवाओं को चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक करने के लिए राज्य में जन-आंदोलन आरम्भ किया है तथा एंटी-चिट्टा अवेयरनेस वॉकथॉन इस जन-आंदोलन का एक प्रमुख स्तंभ हैं। इन वॉकथॉनों को हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा बेहद सफलता के साथ आयोजित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने चिट्टे में संलिप्त 12 पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया है और चिट्टे में संलिप्त अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी बर्खास्त किया जाएगा।
नशे के विरुद्ध दिलवाई शपथ
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नशे के विरुद्ध शपथ भी दिलाई। पुलिस विभाग ने विभिन्न बचाव तकनीकों का प्रदर्शन भी किया। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विभाग की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, विधायक किशोरी लाल व मलेंद्र राजन, हि.प्र. कृषि एवं ग्रामीण विकास बैक के चेयरमैन संजय सिंह चौहान, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, वूल फेडरेशन के चेयरमैन मनोज ठाकुर, एपीएमसी कांगड़ा के चेयरमैन निशु मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बैरवा, एसपी अशोक रतन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-

सड़क किनारे खड़ी BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता की मां को कार ने मारी टक्कर, अस्पताल में भर्ती, देखें वीडियो
पुणेः भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की मां सड़क हादसे में घायल हो गई। इस घटना में उनके पैर में फैक्चर आया है और वह अस्पताल में भर्ती है। भाजपा नेता ने सीएम देवेंद्र फडणवीस से कार्रवाई की मांग कर ही है। वहीं पुलिस ने कार नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं डाक्टरों के मुताबिक अब उनका ऑपरेशन किया जाएगा। घटना के समय एक पेट्रोल पंप पर उनकी गाड़ी में गैस भरी जा रही थी।
शहजाद की मां गाड़ी के बगल में खड़ी थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनको अपनी कार से टक्कर मारकर घायल करने की कोशिश की। शहजाद पूनावाला ने बताया कि पुणे के पेट्रोल पंप पर एक कार ने उन्हें जानबूझकर टक्कर मारी। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, महिला पेट्रोल पंप पर एक किनारे खड़ी दिख रही हैं, तभी कुछ दूरी पर खड़ी एक कार रिवर्स होकर उन्हें टक्कर मार देती है। वह गिर जाती हैं और आस-पास के लोग उनकी मदद के लिए दौड़ते हैं, जबकि ड्राइवर भाग जाता है।
शहजाद पूनावाला ने बताया कि उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, जहां उनकी सर्जरी होगी। शहजाद पूनावाला के भाई तहसीन पूनावाला ने सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज साझा किया है। इसमें उनकी मां के साथ हुई घटना साफ दिख रही है। तहसीन ने बताया कि इसको लेकर उन्होंने संयुक्त पुलिस आयुक्त और उप पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात की है। उन्होंने पुष्टि की है कि उनकी मां को हिप सर्जरी की जरूरत होगी और उन्हें जिंदगी भर रॉड लगवानी पड़ेगी।
-

Punjab News: राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, देखें वीडियो
अमृतसरः देश की लोकसभा संसद के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच हुई शब्दाबली को लेकर भाजपा नेताओं में भारी रोष पाया जा रहा है। इसी को लेकर हाथी गेट के बाहर भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिला प्रधान हरविंदर संधू की अगुवाई में राहुल गांधी के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंककर अपना गुस्सा जाहिर किया।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा जिला प्रधान हरविंदर संधू ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री और सिख नेता रवनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार’ कहना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और गांधी परिवार की मानसिकता सिख-विरोधी रही है, जिसका उदाहरण 1984 के सिख कत्लेआम से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिखों के जख्मों पर मरहम लगाने की बजाय हमेशा उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
हरविंदर संधू ने मांग की कि राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से रवनीत सिंह बिट्टू, सिख समाज और पंजाब के लोगों से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले को लोकसभा के स्पीकर के पास ले जाएगी और राहुल गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी। इस मौके पर भाजपा नेता सुखविंदर सिंह पिंटू ने कहा कि सिख कौम कभी भी गद्दार नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी की सोच देशविरोधी और सिख-विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि 1984 का दर्द सिख कभी नहीं भूल सकते और इस तरह के बयानों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।
-

Punjab News: भारी मात्रा में नशीले पदार्थ सहित 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो
मोगा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक क्विंटल 80 किलो भुकी चूरा पोस्त सहित 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, चौंकी नथुवाला के इंचार्ज सुरजीत सिंह की अगुवाई में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 20-20 किलो की 9 बोरियां बरामद की गईं। तलाशी के दौरान इन बोरियों में से कुल एक क्विंटल 80 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान ज्ञान सिंह और जसकरण सिंह निवासी गांव मल्लके के रूप में हुई है।
इस संबंधित थाना बाघा पुराना में मामला नंबर 31, धाराएं 15/61/85 NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ज्ञान सिंह के खिलाफ पहले ही 7 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 6 मामले NDPS एक्ट के अंतर्गत हैं। दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस द्वारा अगली जांच और कार्रवाई जारी है।
-

मुख्यमंत्री ने कैथू को दी सौगात, HPSCB शाखा का उद्घाटन
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कैथू में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की नव-स्थापित शाखा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राज्य में सहकारी बैंकिंग नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और समाज के सभी वर्गों तक सुलभ बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
सहकारी बैंक हिमाचल प्रदेश के किसानों, छोटे व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य सरकार सहकारी संस्थाओं के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। सुक्खू ने इस बात पर बल दिया कि राज्य सरकार की जमा राशि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में रखी जानी चाहिए ताकि राज्य में सहकारी बैंकिंग प्रणाली की वित्तीय मजबूती और स्थिरता को और अधिक बढ़ावा मिल सके।

एचपीएससीबी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बैंक आम लोगों की सेवा की मूल भावना को बनाए रखते हुए आधुनिक, प्रौद्योगिकी-आधारित बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर सराहनीय कार्य कर रहा है। आशा व्यक्त करते हुए सुक्खू ने कहा कि कैथू शाखा स्थानीय लोगों की वित्तीय आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से पूरा करेगी और आर्थिक विकास में योगदान देगी। एचपीएससीबी राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे ई-टैक्सी योजना को लागू करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 करोड़ रुपये का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बैंक के इस उदार योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह वित्तीय सहायता प्रभावितों को राहत प्रदान करने तथा राज्य में प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में अत्यंत सहायक साबित होगी। एचपीएससीबी के प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा ने बैंक की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बैंक ने लगातार अपनी वित्तीय स्थिति को मजबूत किया है तथा बैंक के नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। ग्राहकों की सुविधा के लिए बैंक ने डिजिटल बैंकिंग समाधानों को शुरू किया है।

इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेन्द्र चौहान, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार डी.सी. नेगी, बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।
-

T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की बढ़ी मुश्किलें, सुपर 8 की राह हुई मुश्किल
नई दिल्लीः T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, पाकिस्तान टीम ने सरकार के निर्देशों पर T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ अपना ग्रुप-स्टेज मैच बॉयकॉट करने का फैसला लिया है। ऐसे में यह फैसला उनके लिए महंगा साबित हो सकता है। क्योंकि इसमें दो अहम पॉइंट्स दांव पर लगे हैं। पाकिस्तान को ग्रुप A में अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत, यूएसए, नीदरलैंड्स और नामीबिया के साथ रखा गया है। खास बात यह है कि पाकिस्तान अपने सभी ग्रुप मुकाबले श्रीलंका में खेलने वाला है, जहां मौसम हमेशा से टीमों के लिए चुनौती रहा है।
सलमान आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम को ग्रुप स्टेज में 4 मुकाबले खेलने हैं। पाकिस्तान 7 फरवरी को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में नीदरलैंड्स के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप 2026 का अपना पहला मैच खेलेगा। इसके बाद वे 10 फरवरी को यूएसए का सामना करेंगे और फिर 15 फरवरी को आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के खिलाफ हाई-प्रोफाइल मैच का बॉयकॉट करेंगे। पाकिस्तान अपना आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेलेगा, जो फिर से सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में होगा।
बाकी बचे 3 मुकाबलों में से 2 पर बारिश का साया मंडरा रहा है, जिससे पाकिस्तान की क्वालिफिकेशन की राह और भी मुश्किल हो सकती है। दरअसल, कोलंबो में बारिश कई मैचों में खलल डाल सकती है, जिससे पाकिस्तान को पॉइंट्स और नेट रन रेट दोनों के मामले में नुकसान हो सकता है। AccuWeather के अनुसार, नीदरलैंड्स के खिलाफ पाकिस्तान के पहले मैच में बारिश की लगभग 90 प्रतिशत संभावना है।
USA और भारत के खिलाफ मैचों में बारिश का कोई अनुमान नहीं है, लेकिन नामीबिया के खिलाफ आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच में बारिश की लगभग 25 प्रतिशत संभावना है। भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने के अपने रुख पर पाकिस्तान के कायम रहने के कारण, मौसम की गड़बड़ी सुपर 8 स्टेज में पहुंचने की उनकी उम्मीदों को और नुकसान पहुंचा सकती है। बारिश को लेकर चिंताएं बेवजह नहीं हैं, पिछले महीने दांबुला में श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच दूसरा T20I मैच एक भी गेंद फेंके बिना बारिश की वजह से रद्द हो गया था।
-

अचानक धुंआ निकलने पर Turkish Airlines फ्लाइट की हुई इमरजेंसी लैंडिंग, यात्रियों में मचा हड़कंप
कोलकाताः पश्चिम बंगाल के कोलकाता एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट 727 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। मिली जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान विमान से अचानक धुआं निकलने की सूचना मिली थी। जिसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया गया। घटना के दौरान विमान में 236 यात्री सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान यात्रियों में हड़कंप मच गया। दरअसल, यह विमान काठमांडू से इस्तांबुल जा रहा था। उड़ान के दौरान धुआं निकलने की आशंका से जुड़े इनपुट मिलते ही पायलट ने एहतियातन विमान को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारने का निर्णय लिया।
फ्लाइट के कैप्टन ने कोलकाता एटीसी को दाहिने इंजन में संभावित आग की खबर दी थी। ये फ्लाइट दोपहर 2:49 बजे कोलकाता एनएससीबीआई एयरपोर्ट पर पहुंची, जिसमें 236 यात्री सवार थे। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एयरपोर्ट डारेक्टर ने कहा कि विमान इस वक्त कोलकाता एयरपोर्ट पर है। उसका निरीक्षण जारी है। तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट 727 काठमांडू से इस्तांबुल के लिए रवाना हुई थी। तभी पायलट ने कोलकाता के आसमान में इंजन में चिंगारी देखी।
फिर पायलट ने तुरंत कोलकाता एटीसी से संपर्क किया और हरी झंडी मिलने पर फ्लाइट ने आपातकालीन लैंडिंग की। फिलहाल विमान की मरम्मत चल रही है और यात्री इंतजार कर रहे हैं। इससे पहले मुंबई से भी मंगलवार को विमानों से जुड़ी बड़ी खबर आई थी। यहां एअर इंडिया और इंडिगो की 2 फ्लाइट के पंखों के किनारे एक-दूसरे से आपस में टकरा गए थे। इसके बाद दोनों फ्लाइट्स को जांच के लिए खड़ा कर दिया गया था। यह घटना तब हुई जब एअर इंडिया का विमान एयरपोर्ट से रवाना हो रहा था और इंडिगो की फ्लाइट लैंड हो रही थी।
गौरतलब है कि मुंबई एयरपोर्ट पर समानांतर रनवे हैं। दोनों ही फ्लाइट एयरबस ए320 थे। एअर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक, 3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI2732 में देरी हुई थी, क्योंकि निर्धारित विमान टेकऑफ होने से पहले टैक्सीवे पर इंतजार के दौरान एक अन्य फ्लाइट के संपर्क में आ गया था। दोनों फ्लाइट्स के पंखों के किनारे टकराने से हमारी फ्लाइट के पंख के किनारे को नुकसान हुआ।