Blog

  • पंजाबः चोरों ने आप विधायक के घर को बनाया निशाना

    पंजाबः चोरों ने आप विधायक के घर को बनाया निशाना

    बठिंडा: पंजाब में लूटपाट और चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे है। अब तो चोर आप विधायक के घर को भी निशाना बनाने लगे है। आम आदमी पार्टी के विधायक जगदीप सिंह काका बराड़ के घर से चोरी होने का मामला सामने आया है। विधायक के घर से सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी हुए सोने की कीमत 13 लाख रुपये बताई जा रही है।

    घर में काम करने वाली नौकरानी पर चोरी का आरोप लगा है। जगदीप सिंह काका बराड़ बठिंडा से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बयानों के मुताबिक चोरी हुआ सोना करीब 25 तोले का है, जिसकी कीमत 13 लाख रुपये है। एसएचओ नवप्रीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और चोर को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

  • पंजाबः मूसेवाला के पिता के ‘अल्टीमेटम’ पर सीएम मान का आया बड़ा बयान, जाने क्या कहा

    पंजाबः मूसेवाला के पिता के ‘अल्टीमेटम’ पर सीएम मान का आया बड़ा बयान, जाने क्या कहा

    मानसाः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस को लेकर पिता बलकौर सिंह ने बीते दिन पंजाब सरकार को 25 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने  एक महीने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर उन्हें  इंसाफ न मिला तो वे देश छोड़ कर चले जाएंगे। पिता बलकौर ने कहा कि वह 25 नवंबर को डीजीपी से मिलकर बातचीत करेंगे और उन्हें कोई रास्ता दिखाई न दिया तो वह अपने बेटे की हत्या मामले में दर्ज की गई एफआईआर वापिस ले लेंगे। जिसके बाद आज सीएम भगवंत मान का मूसेवाला मर्डर केस को लेकर बयान सामने आया है।

    सीएम मान ने कहा कि सरकार की ओर से जांच में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। शूटर और मास्टरमाइंड गिरफ्तार कर लिए गए हैं। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में चालान पेश किया जा चुका है। सरकार इंसाफ में देरी नहीं कर रही है। विदेश में बैठे गैंगस्टरों को भी पंजाब लाने की कोशिश जारी है। लगातार कोई न कोई गिरफ्तारी हो रही है। केंद्र सरकार को भी रेड कार्नर नोटिस जारी करने के लिए कहा गया है।

  • दर्दनाक घटनाः भगत सिंह की फांसी का रिहर्सल करते वक्त 7वीं कक्षा के बच्चे की हुई मौत

    दर्दनाक घटनाः भगत सिंह की फांसी का रिहर्सल करते वक्त 7वीं कक्षा के बच्चे की हुई मौत

    बेंगलुरुः कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक 12 वर्षीय लड़के की उस समय मौत हो गई, जब वह शनिवार शाम अपने घर पर स्कूल में होने वाले एक कार्यक्रम के लिए भगत सिंह को फांसी की सजा के सीन का रिहर्सल कर रहा था। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त बच्चा घर पर अकेला था, उस समय उसके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। जब वह लौटे तो उन्होंने बेटे को पंखे से लटका पाया।

    एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार संजय गौड़ा के माता-पिता नागराज और भाग्यलक्ष्मी शहर के केलागोट बडावने इलाके में एक भोजनालय चलाते हैं। बडावने पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर केआर गीताम्मा ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि सातवीं कक्षा के छात्र के साथ हुई घटना का पता तब चला जब उसकी मां रात करीब 9 बजे होटल से लौटी।

    घर का दरवाजा अंदर से बंद था, और उन्होंने दरवाजे को देर तक पीटा। जब दरवाजा अंदर से नहीं खुला तो उनके पड़ोसी आ गए। पड़ोसियों ने खिड़की से देखा और लड़के को छत के पंखे से लटका पाया। इसके बाद तुरंत लड़के की मां भाग्यलक्ष्मी ने पति नागराज को फोन किया, जिन्होंने मास्टर चाबी से दरवाजा खोला। वह संजय को अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि लड़के ने रस्सी से फंदा बनाया और भगत सिंह की तरह फांसी देने की कोशिश की। उसने कथित तौर पर फंदे में सिर रखा और खाट से कूद गया और उसकी मौत तुरंत हो गई।

  • आप पार्टी के खिलाफ पंजाब की टीचर्स एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन

    आप पार्टी के खिलाफ पंजाब की टीचर्स एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन

    शिमलाः पंजाब के तीन प्रमुख संगठनों डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) पंजाब ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार द्वारा शिक्षकों के साथ हो रहे अन्याय और भेदभाव से संबंधित मुद्दों का कोई ठोस समाधान नहीं करने और पंजाब की जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का विरोध किया है। ईटीटी टेट पास टीचर्स एसोसिएशन 6505 और ओडीएल। शिक्षक संघ के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षकों ने शिमला रिज पर पोल खोल धरना दिया। पुलिस से झड़प के बावजूद शिमला रिज से माल रोड तक मार्च निकाला गया। पुलिस ने शिक्षकों को थाने में हिरासत में लिया और दो घंटे बाद रिहा कर दिया। मांगें पूरी नहीं होने पर 6 नवंबर को पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को आनंदपुर साहिब (पंजाब) आवास के पास बड़े पैमाने पर धरना देने और गुजरात में भी विरोध करने की चेतावनी दी गई थी।

    इस मौके पर डीटीएफ पंजाब के अध्यक्ष विक्रम देव सिंह, ओडीएल यूनियन पंजाब के अध्यक्ष बलजिंदर ग्रेवाल और ईटीटी टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आप के चुनाव प्रभारी हरजोत बैंस ने पंजाब में शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने की बजाय पहले कांग्रेस-अकाली-भाजपा। सरकारों की तरह डराने-धमकाने की नीति का इस्तेमाल किया जा रहा है। पीड़ित शिक्षकों के मुद्दों के बारे में कहा गया कि वर्ष 2016 में पंजाब के शिक्षा विभाग के अधीन 4500 ईटीटी थे। 180 ईटीटी टीईटी पास शिक्षक जो पदों पर नियमित रूप से भर्ती थे, उन्हें पिछले पांच वर्षों की सेवा समाप्त करने के लिए मजबूर किया गया था।

    प्रारंभिक भर्ती की सेवा शर्तों से और मई 2021 में दो साल की परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पारित करने के बावजूद। नए नियुक्ति पत्रों के विपरीत, परिवीक्षा अवधि और वेतन को कम करके नए वेतनमान लागू किए गए हैं। इसी प्रकार 7654 शिक्षक, 3442 तथा 5178 भर्तियों के शेष सभी शिक्षक तीन वर्ष के संविदात्मक रोजगार के बाद विज्ञापन एवं नियुक्ति पत्र की शर्तों के तहत नियमित हो गए हैं, लगभग 125 शिक्षकों के साथ मुक्त दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्राधिकार के बाहर और उनके साथ भेदभाव किया गया था। विश्वविद्यालय। डिग्री के संदर्भ में नियमित नहीं। जबकि इन हजारों ओडीएल के पहले और बाद में कई भर्तियां होती हैं।

    शिक्षकों को नियमित किया जाता है और पदोन्नत भी किया जाता है। नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार पंजाब के खजाने पर अधिक दबाव डाल रही है, जो पहले से ही रुपये के कर्ज में डूबा हुआ है। शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देने वाले राज्य आम आदमी पार्टी के पंजाब के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के 25000 से अधिक पद और शिक्षा अधिकारियों के 40 प्रतिशत पद खाली हैं। ‘आप’ के अलावा इस मौके पर गुरपियार कोटली, कुलविंदर जोशन, हरदीप टोडरपुर, लखविंदर सिंह, परमिंदर मनसा, मनजीत बाबा, सोहन सिंह, राकेश कुमार, जसविंदर सिंह, अमन बरनाला, संदीप मोगा, परमजीत सिंह, जतिंदर सिंह, अमनदीप कौर, प्रभजोत सिंह, मोहन सिंह और परमजीत कौर और अन्य भी शामिल थे।

  • पंजाबः 16 पुलिस अधिकारियों समेत 63 को मिलेगा स्पेशल ऑपरेशन अवॉर्ड

    पंजाबः 16 पुलिस अधिकारियों समेत 63 को मिलेगा स्पेशल ऑपरेशन अवॉर्ड

    DIG गुरप्रीत सिंह भुल्लर और ADGP प्रमोद बान का नाम भी शामिल


    चंडीगढ़: आज राष्ट्रीय एकता दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पंजाब पुलिस के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एडीजीपी प्रमोद बान, एआईजी गुरमीत चौहान और एआईजी संदीप गोयल सहित पंजाब के 16 अधिकारियों सहित कुल 63 पुलिस अधिकारियों को स्पेशल ऑपरेशन मेडल से सम्मानित किया जाएगा। जिनमें अन्य राज्यों के पुलिस अधिकारी भी शामिल है। जबकि पंजाब के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर सहित 16 अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।

    जिन अधिकारियों का सम्मान के लिए चयन हुआ है उनमें एडीजीपी प्रमोद बान, डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एआईजी गुरमीत सिंह चौहान, संदीप गोयल, डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़, सब इंस्पेक्टर सुखप्रीत सिंह, सुमित गोयल, नितिन कुमार, शगनजीत सिंह, कुलविंदर सिंह, राहुल कुमार चेची, मोहिंदर सिंह, राहुल शर्मा, गुरप्रीत सिंह, अवतार सिंह और एएसआई सुखजिंदर सिंह शामिल हैं।

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के डीजीपी ऑफिस में पत्र भेज कर सभी पुलिस अधिकारियों के प्रोफाइल मांगे हैं। गृह मंत्रालय ने अपने पत्र में लिखा है कि सभी अधिकारियों के प्रोफाइल हिंदी या अंग्रेजी में भेजे जाएं। साल 2021 के सर्विस रिकॉर्ड के अनुसार उनके नाम के साथ पदनाम भी बताया जाए। हालांकि केंद्रीय गृह मंत्रालय से जारी पत्र में यह नहीं बताया गया है कि इन पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किस तारीख को किया जाएगा।

    गृह मंत्रालय के पत्र अनुसार तेलंगाना, दिल्ली, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर के पुलिस अधिकारियों को गृह मंत्रालय सम्मानित करने जा रहे हैं। इनके भी राज्यों के पुलिस मुख्यालयों से प्रोफाइल मंगवाए गए हैं।

    बता दें कि वर्ष 2018 को गृह मंत्रालय द्वारा ‘केंद्रीय गृह मंत्री के स्पेशल ऑपरेशन मेडल की शुरुआत की गई थी। यह मेडल भारत में राज्य और केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों (सीपीओ), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और सुरक्षा संगठनों को दिया जाता है।

  • पंजाबः दिन चढ़ते पेड़ से लटकता मिला व्यक्ति का शव, इलाके में दहशत

    पंजाबः दिन चढ़ते पेड़ से लटकता मिला व्यक्ति का शव, इलाके में दहशत

    लुधियानाः कंगनवाल के ईस्टमैन चौक स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से बड़ी ख़बर सामने आई है। सोमवार सुबह मिष्ठान भंडार के पीछे 30 वर्षीय व्यक्ति का शव शहतूत के पेड़ पर बिजली की तार के सहारे लटका मिला। जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहगीरों ने शव के बारे में पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची थाना साहनेवाल व चौकी कंगनवाल पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी कैलाश के रूप में हुई।

    वह ग्यासपुरा के न्यू राम नगर में भीम सिंह रावत के मकान में किराये पर रहता था। वहां पहुंचे भीम सिंह रावत ने बताया कि कैलाश रविवार रात 11 बजे अपने पड़ोसी बहादुर को अपने कमरे का ताला बंद कर चाबी देकर गया था। कैलाश 4 वर्ष से लुधियाना में रह रहा था। पहले वो भीम सिंह रावत के बगल में किराये के मकान में रहता था। मगर 2 महीने पहले मकान मालिक से अनबन होने के बाद वो भीम सिंह रावत के मकान में रहने लगा। भीम सिंह रावत ने कहा कि कैलाश किसी से कोई विशेष मतलब नहीं रखता था और ईमानदार था।

    लेकिन वो शराब पीने का आदी था। थाना साहनेवाल के एसएचओ कंवलजीत सिंह ने कहा कि यह मामला संदिग्ध है, अभी इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। अभी कहना गलत होगा कि कैलाश ने खुद फंदा लगाया है या फिर किसी ने उसकी हत्या करके शव को पेड़ पर लटका दिया है। मामले की जांच के बाद उसका पूरा खुलासा हो पाएगा।

    उधर, फोन पर बात करते हुए कैलाश के पिता आसाराम चौधरी ने बताया कि उनका बेटा 3 साल से घर नहीं आया है। उसकी पत्नी भी 5 साल पहले घर से भाग चुकी है। करीब 10 दिन पहले उसने फोन पर अपने पिता से बात की थी। मृतक कैलाश मध्य प्रदेश के जिला पन्ना थाना सिमरिया के गांव कुंवरपुर का रहने वाला और तीन भाइयों में मझला था।

  • पंजाबः जेल मंत्री की बड़ी कार्रवाई, 2 हैड वार्डन सहित ASI सस्पेंड

    पंजाबः जेल मंत्री की बड़ी कार्रवाई, 2 हैड वार्डन सहित ASI सस्पेंड

    पटियालाः पंजाब सरकार के मिशन क्लीन जेल के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। जिसमें पटियाला जेल के अंदर तैनात 2 हैड वार्डनों व एएसआई को नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा गया है। आरोपियों को कार्रवाई के लिए स्पेशल टॉस्क फोर्स (STF) के हवाले कर दिया गया है। यह जानकारी खुद जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने ट्वीट करके दी है।

    जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर रविवार को 3 पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को यह कार्रवाई पटियाला जेल में की गई। पटियाला जेल में चेकिंग के दौरान हैड वार्डन नरेश कुमार और राजीव कुमार और एक पीएपी के एएसआई को नशीले पदार्थों के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपियों से भारी मात्रा में बीड़ियां, तंबाकू और काले रंग का नशीला पदार्थ बरामद किया है।

    तरनतारन व अमृतसर की जेलों में कार्रवाई के बाद पटियाला जेल में यह कार्रवाई की गई। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तीनों को एसटीएफ के हवाले कर दिया गया है। इतना ही नहीं, दोनों हैड वार्डनों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

  • पंजाबः गैंगस्टरों के खौफ से बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ियों की बढ़ी डिमांड

    पंजाबः गैंगस्टरों के खौफ से बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ियों की बढ़ी डिमांड

    चंडीगढ़ः पंजाब में सीएम भगवंत मान सरकार की 7 महीने से अधिक का समय हो गया है। लेकिन राज्य में गैंगस्टरों का सफाया करना सरकार के लिए अभी भी एक बड़ी चुनौती है। पंजाब में गैंगस्टरों का खौफ इस कदर बढ़ गया कि बिजनेसमैन, राजनेता, गायक, कलाकार सबकी चिंता बढ़ गई है। पंजाब में नशे के साथ-साथ अपराध भी तेजी से बढ़ता जा रहा है।

    मूसेवाला की हत्या के बाद राज्य में बढ़ा गैंगस्टरों का खौफ

    सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद राज्य में गैंगस्टरों का खौफ और बढ़ गया है। गैंगस्टरों का खौफ केवल पंजाब तक ही सीमित नहीं है बल्कि कई राज्यों तक फैला हुआ है। इसके गिरोह हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में भी सक्रिय हैं। विदेश में इस गिरोह का मजबूत नेटवर्क है। पंजाब के गैंगस्टर्स हत्या, रंगदारी मांगने और हथियार तस्करी की वारदातों को अंजाम देते हैं।

    राज्य में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग हुई आम

    गैगस्टरों के खौफ से यहां के व्यापारी, नेता बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ियां खरीद रहे हैं। राज्य में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग आम हो गई है। बुलेटप्रूफ गाड़ियों की मांग 55 फीसदी बढ़ गई हैं। बुलेटप्रूफ जैकेट्स और गाड़ियों की सप्लाई करने वाली एक फर्म ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि पंजाब में पिछले 4 महीने में बुलेटप्रूफ जैकेट्स और गाड़ियों की डिमांड वाकई काफी बढ़ गई हैं।

    बुलेटप्रूफ जैकेट्स और गाड़ियों दोनों की बढ़ी डिमांड

    उन्होंने कहा कि पहले बुलेटप्रूफ जैकेट के 8-10 ऑर्डर आते थे और अब 15 से 20 ऑर्डर आने लगे हैं। उन्होंने आगे बताया कि एक सामान्य बुलेटप्रूफ जेकेट का वजन 4-5 किलोग्राम तक होता है। डिमांड के मुताबिक इसे तैयार किया जाता है। पहले हर महीने 2 से 3 बुलेटप्रूफ गाड़ियों की डिमांड थी वहीं अब यह बढ़कर 4-6 हो गई है। उन्होंने बताया कि बुलेटप्रूफ जैकेट्स की कीमत 40 हजार से लेकर ढाई लाख तक होती है। वहीं, बुलेटप्रूफ गाड़ियों के बारे में उन्होंने बताया कि ज्यादातर लोग स्कॉर्पियों, फॉर्च्यूनर, पजेरो और एंडेवर जैसी गाड़ियों को ही बुलेटप्रूफ बनाते हैं। उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियों करीब 12 लाख में और फॉर्च्यूनर करीब 18 लाख रुपये में बुलेटप्रूफ बन जाती है।

    29 मई को हुई थी मूसेवाला की हत्या

    पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला अपने दोस्त और चचेरे भाई के साथ मानसा में स्थित जवाहर के गांव जा रहे थे, तभी 6 आरोपियों ने उनके वाहन को रोका और गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इसके मूसेवाला को उसी अवस्था में मानसा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। हत्यारों ने मूसेवाला पर 30 से अधिक राउंड फायरिंग की थी। गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस घटना की जिम्मेदारी ली थी। पंजाब सरकार द्वारा स्थायी तौर पर उनकी सुरक्षा वापस लिए जाने के एक दिन बाद ही यह घटना हुई थी।

  • जालंधरः गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कोर्ट में पेशी, अब इस दिन होगी सुनवाई

    जालंधरः गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कोर्ट में पेशी, अब इस दिन होगी सुनवाई

    जालंधर/वरुणः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस का मुख्य आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस का 10 दिनों का रिमांड खत्म होने के बाद आज जालंधर कोर्ट में पेश किया गया। अवैध हथियारों के मामले में गैंगस्टर लॉरेस बिश्नोई को भारी सुरक्षा के बीच जालंधर कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे आज न्यायिक रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है, मामले की अगली सुनवाई 14 नवंबर को होगी।

    आज उसे अमृतसर पुलिस ने रिमांड पर लिया है। बता दें इससे पहले लॉरेंस को 21 अक्तूबर को कोर्ट में पेश किया गया था। जहां पुलिस ने लॉरेंस का 10 दिनों का रिमांड कोर्ट से हासिल किया था। बता दें कि हथियार और नशा तस्करी के मामले में पुलिस ने लॉरेंस का रिमांड हासिल किया था। पुलिस ने लॉरेंस के 10 दिनों के मिले रिमांड दौरान क्या पूछताछ की इसको लेकर अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है। 

  • पंजाबः स्कूलों के समय में हुआ बदलाव, कल से ये होगा समय

    पंजाबः स्कूलों के समय में हुआ बदलाव, कल से ये होगा समय

    चंडीगढ़ः पंजाब के सरकारी स्कूलों का समय 1 नवंबर से बदला जाएगा। पंजाब सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि 1 नवंबर से 28 फरवरी तक स्कूलों का समय बदला गया है। नए समय के अनुसार अब सरकारी प्राईमरी स्कूल सुबह 9.00 से 3.00 बजे तक खुलेंगे। इसी तरह सभी मिडल/हाई/ सीनियर सैकेंडरी स्कूलों का समय 9.00 बजे से 3.20 तक का होगा।