Blog

  • कई फिल्मों में अनाउंसर के तौर पर काम कर चुके मशहूर रेडियो प्रस्तोता का हुआ नि+धन

    मुबंईः प्रसिद्ध रेडियो अनाउंसर अमीन सयानी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। खबर है कि दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। उनके बेटे राजिल सयानी ने इस खबर की पुष्टि की है और कहा कि अमीन सयानी ने कल रात मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली है। बता दें कि वह रेडियो/विविध भारती के सबसे जाने-माने अनाउंसर व टॉक शो होस्ट में से एक थे। उनके बेटे राजिल ने कहा, “उनके पिता अमीन सयानी को शाम 6 बजे अचानक हार्ट अटैक आया जिसके बाद उन्हें फौरन दक्षिण मुम्बई स्थित एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज करने के कुछ देर बाद ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    अमीन सयानी का जन्म 21 दिसंबर, 1932 को मुंबई में ही हुआ था। उन्होंने अपना करियर एक अंग्रेजी प्रेजेंटर के रूप में शुरू किया लेकिन आजादी के बाद उन्होंने हिंदी की ओर रुख किया। माना जाता है कि साल 1952 में प्रसारित होने वाले शो ‘गीतमाला’ से अमीन सयानी को प्रसिद्धि मिली थी। चार्ट-टॉपिंग हिट्स वाला यह कार्यक्रम दक्षिण एशिया का एक बेहतरीन कार्यक्रम साबित हुआ और लंबे समय तक चला। साल 1952 से 1994 तक यह शो लगातार प्रसारित हुआ था फिर 2000-2001 और 2001-2003 में इसके नाम में मामूली बदलाव के साथ इसे फिर शुरू किया गया था।

    मिली जानकारी के अनुसार, फेमस रेडियो अनाउंसर अमीन सयानी हाई ब्लड प्रेशर समेत कई अन्य बीमारियों से ग्रसित थे। कहा जाता है कि पिछले 12 साल से पीठ दर्द‌ की भी शिकायत थी और यही वजह है कि उन्हें चलने‌ के लिए वॉकर‌ का इस्तेमाल करना पड़ता था। इन सबके बीच मंगलवार की शाम उन्हें हार्ट अटैक आया जिसके बाद उनका निधन हो गया। जानकारी यह भी कि उन्होंने करीब 19,000 जिंगल्स के लिए आवाज़ दिया है जिस वजह से उनका नाम लिम्का बुक्स ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है।

    वहीं, उन्होंने भूत बंगला, तीन देवियां, कत्ल जैसी फिल्मों में अनाउंसर के तौर पर भी काम किया था। रेडियो पर सितारों पर आधारित उनका शो ‘एस कुमार्स का फ़िल्मी मुकदमा’ भी काफ़ी लोकप्रिय साबित हुआ था। अब ऐसी खबरें मिल रही है कि वीरवार को दक्षिण मुंबई में अमीन सयानी का अंतिम संस्कार हो सकता है। हालांकि, इससे संबंधित कोई भी आधिकारिक जानकारी अभी तक निकलकर सामने नहीं आई है।

  • जालंधरः कार और बुलेट की टक्कर में एक की मौ+त

    जालंधर, ENS: रामामंडी होशियारपुर रोड के अधीन आते गांव जोहलां के मछली गेट के सामने देर रात भीषण हादसे का मामला सामने आया। दरअसल, I-20 कार और बुलेट सवार युवकों में भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि इस हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से जौहल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान दलजीत सिंह पुत्र चरणजीत सिंह निवासी गांव विरकां के रूप में हुई है।

    वहीं मामले जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) टीम प्रभारी ASI द्वारका दास ने बताया कि उन्हें एक राहगीर ने दुर्घटना की सूचना दी थी कि I-20 कार नंबर PB 09AN 4921 तेज रफ्तार के कारण बुलेट बाइक PB 08DF 0846 से टकरा गई। हादसे के दौरान बुलेट सवार एक युवक की मौत हो गई। ​​​​​​​जबकि, दूसरे युवक मनदीप सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह निवासी गांव कंगनीवाल का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि I-20 कार ड्राइवर करमजीत सिंह पुत्र हरबलास निवासी भगवानपुर, कपूरथला अपने परिवार के साथ माता चिंतपूर्णी के दरबार से माथा टेक कर वापस कपूरथला जा रहा था, जबकि बुलेट सवार मृतक दलजीत सिंह नंगल-शमां की ओर से आ रहा था।

    जोहलां मछली गेट के कट के पास बुलेट सवार ने बाइक अचानक मोड़ दी, जिस कारण होशियारपुर की ओर से आ रहा कार ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिस कारण यह हादसा हो गया। दुर्घटनास्थल के आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, बुलेट सवार दलजीत सिंह तेजगति से आ रहा था और गेट के पास अचानक मोड़ आने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, SSF टीम की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पतारा थाने के ASI जीवन शर्मा ने बताया कि फिलहाल बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है।

  • दिल्ली कूच से पहले किसानों की Emergency प्रेस कांफ्रेंस

    चंडीगढ़: दिल्ली कूच से पहले शंभू बॉर्डर पर किसान नेताओं ने Emergency प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि अगर सरकार को किसानों की चिंता है तो सरकार उनकी मांगें क्यों नहीं मानती। केंद्र सरकार किसानों पर अत्याचार न करे, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को MSP पर कानून बनाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की भावनाओं को कंट्रोल में किया जा सकता है। पंधेर ने कहा कि या तो हमारी मांगें मान ली जाएं या फिर हमें शांति से दिल्ली की ओर जाने दिया जाए। अशांति फैलाना हमारा मकसद नहीं है। केंद्र सरकार को देश के किसान-मजदूर के हित में फैसला लेना चाहिए। वहीं किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने  नौजवानों से  संयम में रहने की अपील की है।

    डल्लेवाल ने कहा कि हमारा मकसद किसी भी तरह से शांति भंग करना नहीं है। हम 7 नवंबर से दिल्ली जाने का प्रोग्राम बना रहे हैं, लेकिन रोकने के लिए इतनी बड़ी बैरिकेडिंग लगाना बहुत गलत है।  हम शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली कूच करना चाहते हैं। सरकार को बैरिकेड हटा देना चाहिए और हमें दिल्ली की ओर मार्च करने देना चाहिए। बता दें कि बीते दिन ही किसान पोकलेन मशीन और जेसीबी लेकर पहुंच चुके है। वहीं दूसरी और अंबाला पुलिस ने इस मशीनों के बॉर्डर पर लाने को लेकर 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

  • भाजपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य के बेटे-बहू को लुटेरों ने बनाया निशाना

    लखनऊः भाजपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं बिल्डर संजय सेठ के बेटे कुनाल की कार का सोमवार देर रात कार सवारों ने गौतमपल्ली थाने तक पीछा किया। इतना ही नहीं उन्हें रोकने का प्रयास किया। कुनाल के कार चालक चंद्र मोहन रावत ने गाड़ी गौतमपल्ली थाने ले जाकर रोकी। पीछा कर रहे कार सवार भी थाने तक पहुंचे, तभी कुनाल के चालक ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस के आते ही पीछा कर रहे कार सवार लौट गए। मंगलवार को चालक चंद्र मोहन रावत ने पीछा कर लूट का प्रयास करने की तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।

    चालक चंद्र मोहन रावत ने तहरीर देते हुए बताया कि शहीद पथ की तरफ वह मालिक कुनाल और उनकी पत्नी के साथ एक समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। देर रात वहां से विक्रमादित्य मार्ग से आवास लौट रहे थे। चंद्रमोहन की तहरीर के मुताबिक अहिमामऊ चौराहे पर पहुंचते ही, कार सवार युवक पीछा करने लगे। आरोप है कि रास्ते में कई बार लूट करने का प्रयास किया। यह देख गाड़ी आवास की तरफ न ले जाकर गौतमपल्ली थाने की तरफ मोड़ दी।

    आरोपी कार सवार भी थाने तक पहुंच गए और फिर माफी मांगकर लौट गए। इस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने कार्रवाई की जगह उसको छोड़ दिया। वहीं दूसरे दिन उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आते ही मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त मध्य रवीना त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

  • बॉर्डर पर पोकलेन और जेसीबी लेकर पहुंचे किसान, 2 पर मामला दर्ज, देखें वीडियो

    अंबालाः शंभू बॉर्डर पर किसान पोकलेन और जेसीबी मशीन लेकर कल पहुंच गए। वहीं इस मामले को लेकर हरियाणा के डीजीपी ने पंजाब के डीजीपी को पत्र भी लिखा था। अब अंबाला पुलिस ने 2 अज्ञात ड्राइवरों पर मामला दर्ज कर लिया है। कहा जा रहा है कि पोकलेन मशीन चला कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की मंशा रखने के संबंध में अज्ञात ड्राइवरों पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं किसानों का दिल्ली कूच करने की घोषणा के तहत संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के नेता और सदस्य मंगलवार सुबह से ही शंभू और खनौरी बॉर्डर पर रणनीति बनाने में जुट गए।

    दरअसल, बीते दिन दिल्ली कूच को लेकर पुलिस बैरिकेडिंग हटाने के लिए भारी पोकलेन और जेसीबी मशीनें लेकर किसान शंभू बॉर्डर पर पहुंच गए है। हालांकि आंदोलन कर रहे किसानों को रोकने के लिए इंतजाम पुख्ता हैं। हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स अलर्ट है। शंभू बॉर्डर पर सीमेंट के गार्डर, कंटीली तारें बिछाकर 7 लेयर बैरिकेडिंग की गई है।

    पुलिस ने 8 दिन तक इन्हीं तरीकों से किसानों को रोके रखा। अब प्रदर्शन कर रहे किसान इससे मुकाबला करने के लिए JCB और हाईड्रोलिक क्रेन जैसी हैवी मशीनरी लेकर पहुंच गए हैं। उनके पास बुलेटप्रूफ पोकलेन मशीन भी लाई गई है। दावा किया जा रहा है कि डिजाइन ऐसा किया गया है कि इन पर आंसू गैस के गोलों का भी असर नहीं होगा। बताया जा रहा है कि किसान दिल्ली में एंट्री,सीमेंट के खंभे और अन्य भारी बाधाओं से पार पाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल कर सकते हैं। 

  • पंजाबः शिवसेना नेता को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 4 पर मामला दर्ज, देखें वीडियो

    लुधियानाः ईसा नगरी दफ्तर में पुलिस ने देर रात रेड करके शिवसेना युवा मोर्चा नेता समर डिसूजा को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सीआईए-1 की टीम ने रेड कर नेता को गिरफ्तार किया है। इस मामले में शिवसेना नेता और तीन अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने दड़ा सट्‌टा लगाने के मामले में FIR दर्ज की है। दरअसल, रेड के दौरान CIA-1, थाना डिवीजन नंबर 2 और थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस टीम पहुंची। दफ्तर में बैठे 7 से 10 लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। कुछ लोग समर के पास पंचायती राजीनामा के लिए भी आए हुए थे। उनके पीछे ही पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस ने दफ्तर में घुसकर सर्च शुरू की। दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी पुलिस खंगाल रही है।

    समर के पारिवारिक सदस्यों ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि समर को किस आरोप में पुलिस ने पकड़ा है। राजीनामा का मामला लेकर आए संदीप कुमार ने बताया कि मैं राजमिस्त्री का काम करता हूं। बड़े भाई के साथ कोई पारिवारिक विवाद था। इस कारण समर डसूजा के दफ्तर में बैठा था। उनके तुरंत बाद अचानक पुलिस ने रेड की। समर ने पुलिस मुलाजिमों से कहा भी था कि वह किसी राजीनामा के मामले को निपटा रहा है। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों ने पूरा दफ्तर खंगाला, लेकिन पुलिस को दफ्तर से कुछ बरामद नहीं हुआ। उधर, इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 3 के SHO अमृतपाल सिंह ने कहा कि पुलिस ने 4 लोगों पर दड़ा सट्‌टा का मामला दर्ज किया है। समर के दफ्तर से क्या बरामद हुआ, इस बारे में CIA-1 के अधिकारी ही बता सकते हैं।

  • पंजाबः हमलावारों ने तेजधार हथियार से युवक पर किया हमला, हालत गंभीर, देखें वीडियो

    लुधियानाः पक्खोवाल रोड स्थित गांव दाद दो पक्षों में मारपीट होने का मामला सामने आया है। कुछ युवकों द्वारा एक युवक से जमकर मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि इस घटना के दौरान हवाई फायर भी की गई है। वहीं हमलावारों के द्वारा युवक की दोनों टांगों पर दातर से वार किए गए। घायल युवक को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसकी हालत गंभीर देख परिजनों किसी अन्य प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहीं परिजनों ने आप पार्टी के विधायक जीवन सिंह संगोवाल पर हमलावरों को शह देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि विधायक संगोवाल की शह पर अवैध कॉलोनियों के लिए रास्ते गलत तरीके से निकाले जा रहे हैं। विरोध करने पर उन लोगों से मारपीट हो रही है।

    मामले की जानकारी देते हुए बलकार सिंह बली ने कहा कि वह गांव दाद में रहते हैं। बलदीप सिंह उसका छोटा भाई है। भाई बलदीप बंसल मार्केट सराभा नगर में अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। तभी कुछ गांव के लोग और बाकी अज्ञात युवक हथियार लेकर आए। उन लोगों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। बलकार ने कहा कि पहले भी उसके भाई की गाड़ी को तोड़ा गया था। उसके भाई के साथ उस समय भी मारपीट हुई थी। बहुत मुश्किल से मामला तो पुलिस ने दर्ज कर लिया, लेकिन अभी तक पुलिस चालान पेश नहीं कर रही।

    बलकार का आरोप है कि सभी आरोपी विधायक जीवन सिंह संगोवाल के करीबी हैं, इस कारण पुलिस उन पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं कर रही। ​​​​​​​बलकार के मुताबिक, इलाके में कॉलोनियां के लिए धक्के से रास्ते निकाले जा रहे हैं। बसंत सिटी कॉलोनी के साथ एक अवैध कॉलोनी इन्होंने बनाई है, जहां पर अवैध रास्ते निकाले गए हैं। सुनने में आया है कि बदमाशों ने हवाई फायर भी किया है। बलकार के मुताबिक, कई बार विधायक संगोवाल से आग्रह कर चुके हैं कि गलत लोगों का साथ न दें, लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही। फिलहाल, थाना सराभा नगर में वह शिकायत दर्ज करवाएंगे। उधर, इस मामले संबंधी विधायक जीवन सिंह संगोवाल से संपर्क करना चाहा, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।

  • पंजाबः कपड़ा कारोबारी के सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर नगदी और कैश लेकर लुटेरे फरार, देखें वीडियो

    लुधियानाः कारोबारी पर बदमाशों ने तेजधार हथियार से वार किए। लुटेरों ने उसके पहना हुआ सोना और नकदी लूट ली। कारोबारी किसी दोस्त के जन्म दिन से वापस घर जा रहा था। लुटेरों ने उसके सिर पर दातरी से वार कर हड्‌डी तोड़ दी। घायल कारोबारी CMC अस्पताल के ICU में दाखिल है। पीड़ित की पहचान दीपक अरोड़ा के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए पीड़ित के भाई हरमेश अरोड़ा ने बताया कि उसका भाई 19 फरवरी की रात दोस्त के जन्म दिन से वापस घर आ रहा था। गौशाला रोड से उसके पीछे कुछ लुटेरे पड़ गए। 

    बदमाशों से खुद का बचाव करने के लिए उसने गलियों में एक्टिवा दौड़ाई। ललकारें मारते हुए लुटेरे उसका पीछा करने लगे। कुछ दूरी पर जाकर लुटेरों गौशाला रोड पर उसके भाई की एक्टिवा को बाइक की टक्कर मार कर गिरा दिया। नशे में धुत बदमाश ने बीच सड़क उसके भाई पर तेजधार हथियारों से वार किए। रात पौने दो बजे बीच सड़क उसका भाई चीखता चिल्लाता रहा लेकिन मदद के लिए कोई पीसीआर दस्ता तक सड़क पर पैट्रोलिंग करना दिखाई नहीं दिया। बदमाश उसके भाई घायल अवस्था में मरा हुआ समझ कर उससे सोना व नकदी छीन कर फरार हो गए। 
    दीपक कुछ देर बाद होश आने पर खुद ही CMC अस्पताल दाखिल होने गया। फिलहाल चौकी शिंगार पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • आज 11 बजे दिल्ली कूच करेंगे किसान, बॉर्डर पर पुलिस और किसानों में झड़प, SP और SHO घायल

    चंडीगढ़ः पंजाब के किसान आज (बुधवार) सुबह 11 बजे दिल्ली कूच करेंगे। किसानों का मुख्य काफिला पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर से रवाना होगा। इसके अलावा खनौरी बॉर्डर से भी किसान हरियाणा में घुसेंगे। यहां से वे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में दिल्ली की तरफ जाएंगे। इससे पहले मंगलवार देर रात पंजाब से शंभू बॉर्डर की तरफ हैवी मशीनरी लेकर जा रहे किसानों और पुलिस में नाकाबंदी पर झड़प हो गई। इसमें शंभू थाना के SHO इंस्पेक्टर अमनपाल सिंह विर्क और मोहाली के SP जगविंदर सिंह चीमा घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

    वहीं हरियाणा पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए शंभू बार्डर पर घग्गर नदी के ऊपर बने पुल पर सीमेंट के गर्डर और कंटीले तारों से बैरिकेडिंग की है। इसे तोड़ने के लिए किसान JCB, हाईड्रोलिक क्रेन और बुलेट प्रूफ पोकलेन मशीन भी साथ लाए हैं। किसान नेताओं की रणनीति के मुताबिक, सुबह 6 बजे ट्रैक्टर लाइन में खड़े कर दिए जाएंगे। केंद्र के अनुमान के अनुसार, पंजाब-हरियाणा सीमा पर 1,200 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 300 कार और 10 मिनी बस के अलावा कई अन्य छोटे वाहनों के साथ लगभग 14,000 लोग जमा हैं और उसने इसे लेकर पंजाब सरकार के समक्ष कड़ी आपत्ति जताई है।

    सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इनकी संख्या बढ़ सकती है। आंदोलन का आज 9वां दिन है। आठ दिन से जारी किसान आंदोलन में अलग-अलग वजह से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 2 किसान और 2 पुलिस सब इंस्पेक्टर हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार को भेजे पत्र में कहा कि पिछले कुछ दिनों से राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति चिंता का विषय है और मंत्रालय ने राज्य सरकार को कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। गृह मंत्रालय ने कहा कि किसानों की आड़ में कई उपद्रवी पंजाब की हरियाणा से लगी शंभू सीमा के पास भारी मशीनरी जुटा रहे हैं और पथराव कर रहे हैं।

  • आज का राशिफल, 21 फरवरी 2024

    आज का राशिफल, 21 फरवरी 2024

    Aaj Ka Rashifal: आज माघ शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि और बुधवार का दिन है। द्वादशी तिथि आज दोपहर पहले 11 बजकर 28 मिनट तक रहेगी, उसके बाद त्रयोदशी तिथि लग जाएगी। आज दोपहर पहले 11 बजकर 50 मिनट तक आयुष्मान योग रहेगा। साथ ही आज दोपहर 2 बजकर 18 मिनट तक पुनर्वसु नक्षत्र रहेगा। जानिए कैसा रहेगा आपके लिए 21 फरवरी 2024 का दिन और किन उपायों से आप ये दिन बेहतर बना सकते हैं। साथ ही जानते हैं कि आपके लिए लकी नंबर और लकी रंग कौन सा होगा।

    आज आपका दिन खास रहने वाला है। आज आपको परिवार के लोगों से सपोर्ट मिलेगा। माता-पिता के साथ किसी तीर्थस्थल पर जाने का योग बन रहा है। जो लोग टूर एंड ट्रेवलिंग का बिजनेस कर रहे हैं,उन्हें आज उम्मीद से अधिक फायदा होगा। आप कोई नया वाहन खरीदने के लिए जीवनसाथी से सलाह ले सकते हैं। बच्चों को आज अपने काम के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। आज शॉपिंग के लिए घर से बाहर जाने से पहले सामानों की लिस्ट तैयार करके जाएं। आज सामाजिक कार्यों में आपकी रूचि बढ़ेगी। आज अपना काम ध्यानपूर्वक करें।

    वृष राशि-

    आज का दिन शानदार रहने वाला है। जो शिक्षक हैं, वो आज छात्रों को कुछ नया सिखाएंगे। घर में किसी दूर के रिश्तेदार के आने की संभावना बन रही है। आज शाम का समय परिवार के साथ बीतेगा। परिवार में खुशी का माहौल बना रहेगा। वहीं जो लोग स्वीट्स का बिजनेस कर रहे हैं, उनको अच्छा मुनाफा होगा। बड़े भाई के सहयोग से घर के लिए टी.वी या कोई इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीद सकते हैं। दांपत्य जीवन में आपसी सहयोग से सब अच्छा बना रहेगा। समस्याओं का समझ-बुझ से मुकाबला करने की क्षमता आज आपको खास पहचान दिलाएगी।

    मिथुन राशि-

    आज का दिन ठीक-ठाक रहेगा। आपको खुद पर ध्यान रखने की जरूरत है। आज आप कोई चीज भूल सकते हैं। ऑफिस जाते समय सामान और जरूरी पेपर को लेना न भूलें। गुस्से पर काबू रखें, वरना आपके काम बिगड़ सकते हैं। आज बॉस आपके द्वारा किए गए काम की लिस्ट को चेक कर सकते हैं, अपनी फाइल को तैयार रखें। अगर आप साझेदारी में व्यापार करते हैं, तो आज आपको अच्छा लाभ मिलेगा। आज बच्चे घर पर खेल-कूद में समय बिताएंगे। कई उलझे सवालों के जवाब आज आपको मिल जाएगा, कन्फ्यूजन की स्थिति खत्म होगी।

    कर्क राशि-

    आज का दिन कुछ मिला-जुला रहने वाला है। आपका पूरा दिन भाग-दौड़ में बीतेगा। पेपर वर्क पूरा न होने से कोई जरूरी काम बनते-बनते रुक सकता है। पेपर वर्क पूरा होने पर कार्य पूरा भी हो जाएगा। आज कोई नया काम शुरू करने की सोच रहे हैं, तो बेहतर होगा कि बड़ों की सलाह लेकर ही शुरुआत करें, इससे काम सही और समय से पूरा होगा। आज का दिन समझ-बूझ के कदम उठाने का है, इसलिए तब तक अपने विचार व्यक्त न करें जब तक आवश्यकता न हो। आपकी इनकम बढ़ने के योग बन रहे हैं।

    सिंह राशि-

    आज का दिन ठीक-ठाक रहने वाला है। आज अपना कॉन्फिडेंस कम न होने दें, मन लगाकर काम करें। उचित मेहनत से आपके काम में आई रुकावट से भी पार पा लेंगे। जो लोग कहीं बाहर घूमने जा रहे हैं,उनका प्लान किसी कारण वश अंतिम समय में कैंसिल हो सकता है। कारोबार में पैसों का मामला कहीं उलझ सकता है। आज हर मामले पर आपको बारीकी से ध्यान देना होगा। शारीरिक रूप से आप स्वस्थ रहेंगे। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आज आपका कठिन परिश्रम फलदायी सिद्ध होगा। आपका आकर्षक व्यक्तित्व सभी को अपनी तरफ खींचेगा।

    कन्या राशि-

    आज का दिन बहुत ही बढ़िया रहने वाला है। बिजनेस में कोई नया निवेश करने का विचार बना सकते हैं। आप अपनी रूटीन लाइफ में थोड़ा बदलाव कर सकते हैं। जहां जरूरत लगे, वहां समझौता करने के लिए तैयार रहेंगे, इससे आपको काफी फायदा भी होगा। आज किसी पुराने दोस्त से आपकी अचानक मुलाकात होगी, उनसे बिजनेस के लिए किसी तरह की मदद भी मिल सकती है। जीवनसाथी से किया हुआ कोई वायदा आज पूरा करेंगे। इससे रिश्तों में मिठास बढ़ेगी। जो लोग अविवाहित हैं, उनके रिश्ते के लिए कहीं से फोन आ सकता है।

    तुला राशि-

    आज का दिन ठीक रहने वाला है। काम को लेकर किसी तरह का डर मन में न रखें। आज ऑफिस में आपने कार्यों को लेकर सतर्क रहें। कुछ लोग आपके विरुद्ध प्लानिंग कर सकते हैं, आपको ऐसे लोगों से थोड़ा संभलकर रहना चाहिए। शारीरिक रूप से आपको थोड़ी थकावट महसूस होगी, आपके काम की गति कुछ रुक सकती है। आज वाहन चलाते समय आपको थोड़ा ध्यान रखना चाहिए। इस राशि के जो लोग फ्री-लांस करते हैं, उन्हें उम्मीद से अधिक लाभ होगा। इस राशि की महिलाओं को आज जीवनसाथी से सरप्राइज मिल सकता है, जिससे आपका मन प्रसन्न हो जाएगा।

    वृश्चिक राशि-

    आज का दिन उत्साह से भरा रहेगा। परिवार के किसी खास व्यक्ति के बारे में आपको कुछ रोचक बात पता चल सकती है। आज आप ज्यादातर काम आसानी से निपटाने में सफल रहेंगे। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ा हुआ रहेगा। आज अपने पुराने कामों का फॉलोअप ले सकते हैं। अपनी प्रेजेंटेशन और प्लान किसी के सामने रखने से पहले एक बार चेक जरूर कर लें। किसी काम के लिए आपकी कोशिश सफल होगी। छात्र कुछ नया सीखने के बारे में विचार करेंगे। संतान पक्ष से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिलेगी। आज आपके काम में आत्मविश्वास की झलक दिखाई देगी। आज आप दूसरों को अपनी बातों से अपनी ओर आकर्षित कर लेंगे।

    धनु राशि-

    आज का दिन खुशियां लेकर आया है। आज आपकी सोच और प्लानिंग स्पष्ट रहेगी। आपकी कल्पना शक्ति का विस्तार होगा। आज कार्यक्षेत्र में आपको कुछ अलग तरह के अनुभव हो सकते हैं। अधिकारियों से अपनी बात कहने के लिए, आज का दिन अच्छा है। परिवारिक मामलों में कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। जो लोग बिजनेसमैन है, उनकी किसी दूसरी बड़ी कंपनी से डील साइन हो सकती है,बिजनेस में अच्छे मुनाफे का योग बन रहा हैं। इस राशि के छात्रों को आज प्रतियोगी परिक्षा से संबंधी कोई शुभ समाचार मिलने वाला है, जिसे सुनकर घर वालों के चेहरे खिल उठेंगे।

    मकर राशि-

    आज का दिन आपके लिए बेहतर रहेगा। इस राशि के जो लोग लेखन के क्षेत्र में आगे जाना चाहते हैं उनके लिए आज अपनी प्रतिभा को निखारने का दिन है। आज किसी से बेवजह की बातें न करें, जितना हो सके विवाद से दूर रहें। अगर आप खुद की कोई फर्म खोलना चाहते हैं, तो आपको अपने बड़े भाई से सहयोग मिल सकता है। आज किसी अच्छी कंपनी से इंटरव्यू के लिए आपके पास कॉल आ सकता है, आपको अपनी मेहनत से सफलता जरूर मिलेगी। आज नौकरी तथा व्यवसाय में किसी भी प्रकार की लापरवाही न रखें दूसरों के भरोसे काम नहीं छोड़ें, नहीं तो देर हो सकती है।

    कुंभ राशि-

    आज खुशियां खुद चलकर आपके सामने आएंगी। आपको किसी नए बिजनेस में साझेदारी का प्रस्ताव मिल सकता है, इसका आपको आने वाले दिनों में काफी फायदा होगा। अगर आप कुछ दिनों से किसी बात को लेकर परेशान चल रहे थे, तो मित्रों के साथ साझा करने से आपको राहत मिलेगी। अगर आप आईटी फिल्ड से जुड़े हैं, तो महत्वपूर्ण लोगों से आपके कॉन्टैक्ट के योग बन रहे हैं। जीवनसाथी के साथ पहले बिताए गए समय को याद करके आनंद की अनुभूति करेंगे। आपका किसी बिजनेस मीटिंग में परफॉर्मेंस अच्छा रहेगा और आसपास के लोग आपसे प्रभावित होंगे जिससे आपको बहुत बड़ा फायदा भी होगा।

    मीन राशि-

    आज का दिन आपके लिए फेवरेबल रहेगा। आज बिजनेस में नए एग्रीमेंट होने की संभावना है। कार्यक्षेत्र में आप जो काम करेंगे, उसमें आपको सफलता मिलेगी। कई दिनों से घर में चल रही समस्या आज सुलझ जाएगी। आप कोई पार्टटाइम वर्क की शुरूआत कर सकते हैं, धैर्य और संयम बनाकर रखें। आज अपने बच्चों की पढ़ाई के लिये टीचर से सलाह लेंगे, आपको अपने किसी दोस्त का सहयोग भी मिल सकता है। लवमेट्स आज एक दूसरे के भावनाओं की कद्र करेंगे। रिश्ते में और मजबूती आएगी। आज शांत मन से कोई भी निर्णय लेना बेहतर रहेगा।