Blog
-

आंगनबाडी कार्यकर्ताओं के लिए क्षमता वर्धन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
बीबीएन के 50 आँगनबाड़ी केन्द्रों में चल रहा या प्रशिक्षण शिविरबददी/सचिन बैंसल: ग्राम पंचायत गुल्लरवाला में सामाजिक संस्था ह्यूमना पीपल टू पीपल इंडिया द्वारा आंगनवाडी कार्यकर्ताओं को मजबूत करने के कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का शुभारंभ संस्था परियोजना अधिकारी अशोक यादव एवं संस्था के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डा. अविरल सक्सेना ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था परियोजना अधिकारी अशोक यादव ने कहा कि यह परियोजना बद्दी नालागढ़ क्षेत्र के 50 आंगनवाड़ी केंद्रों पर चल रही है।इसका मुख्य उद्देश्य मातृ एवं बाल स्वास्थ्य में सुधार लाना और स्वास्थ्य फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं का क्षमता वर्धन करना है। परियोजना के अंतर्गत सभी कार्यकर्ताओं को बाल स्वास्थ्य प्रारंभिक बाल देखभाल, टीकाकरण एवं शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने में परियोजना सहयोग करेगी। इस दौरान संस्था के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉक्टर अविरल सक्सेना ने प्रशिक्षण में कुपोषण और खाद्य सामग्री के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस प्रशिक्षण में बद्दी क्षेत्र की 20 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संस्था के कार्यकर्ता संदीप वैद्य, रीना, रोशनी आदि ने भाग लिया। -

सीएम मान और कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान कोर्ट में हुए पेश
चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान शनिवार को चंडीगढ़ कोर्ट में आरोपी के रूप में पेश हुए। सीएम और मंत्री दो मामलों में पेश हुए हैं। वहीं अब इन केसों में आरोपी अन्य आप नेता और वर्कर भी इन केसों में पेश होंगे। विपक्ष में रहते हुए भगवंत मान समेत आम आदमी पार्टी के अन्य नेताओं ने पावर टैरिफ के मुद्दे पर पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री की कोठी का घेराव करने को लेकर प्रदर्शन किया था।
वहीं दूसरा प्रदर्शन उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खेरी में किसानों की मौत के विरोध में किया गया था। बता दें कि जनवरी 2020 में भगवंत मान समेत अन्यों को दंगा करने और पुलिस इंस्पेक्टर समेत 2 कॉन्स्टेबल को चोट पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया था। पंजाब में पावर टैरिफ के मुद्दे पर आप सरकार को घेरने निकली थी। सेक्टर 4 में विधायक हॉस्टल के पास पार्टी वर्कस ने प्रदर्शन किया था। यह पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की कोठी का घेराव करने निकले थे। चंडीगढ़ पुलिस की महिला कॉन्स्टेबल मनप्रीत कौर की शिकायत पर यह केस दर्ज किया था।
जानकारी के मुताबिक इंस्पेक्टर मलकीत सिंह समेत कॉन्स्टेबल विनित कुमार को चोटें आई थी। वह प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज भी किया था और वाटर कैनन का भी प्रयोग किया था। इसमें कुछ प्रदर्शनकारी भी घायल हुए थे। जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों की उल्लंघना कर यह धरना-प्रदर्शन किया गया था। सेक्टर 3 थाना पुलिस ने मामले में IPC की धारा 147(दंगा करना), 149(गैरकानूनी रुप से एसेंबली करना), 332(सरकारी कर्मचारी को उसकी ड्यूटी के दौरान चोटिल करना), 353(सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी में बाधा पहुंचाते हुए चोटिल करने), 188(सरकारी आदेशों की उल्लंघना करना) के तहत केस दर्ज किया था।
-

20 किलो चूरा पोस्त के साथ महिला गिरफ्तार
जालंधर/हर्ष कुमारः थाना नकोदर की पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 किलो चूरा पोस्त बरामद किए हैं। गिरफ्तार महिला की पहचान कुलविंदर कौर पत्नी बलविंदर सिंह निवासी पनडोरी खास के रूप में हुई है। थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि उनकी टीम के एसआई मनदीप सिंह पुलिस पार्टी सहित गश्त व नाकेबंदी के दौरान गांव खुरसैदपुर से पनडोरी खास की तरफ मौजूद थे।
उसी दौरान बाइक व्यक्ति और औरत पुलिस पार्टी को देख कर वहां से भागने की कोशिश करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने व्यक्ति और औरत को पकड़ने की कोशिश की लेकिन बाइक सवार व्यक्ति वहां से भागने में कामयाब हो गया और औरत को पुलिस ने दबोच लिया। और उसके पास प्लास्टिक के बोरे को जब चेक किया तो उसमें से 20 किलो चूरा पोस्त बरामद हुए। पुलिस ने कुलविंदर के पति बलविंदर सिंह को भी मुकदमे में नामजद कर लिया है।
-

गर्लफ्रैंड को रूम में बुला 20वीं मंजिल से सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने लगाई छलांग, मौत
नई दिल्ली : थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में सेक्टर-168 स्थित गोल्डन पाम सोसायटी में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहने आए 26 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने शुक्रवार देर रात 20वी मंजिल की बालकनी से छलांग लगा दी। उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एक्सप्रेस-वे कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के गर्लफ्रेंड से पूछताछ की जा रही है।
सुसाइड करने वाले युवक की पहचान नमन मदान के रूप में हुई है जिसकी उम्र 26 साल थी। थाना एक्सप्रेस वे प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि नमन मदान पुत्र अनिल मदान निवासी सेक्टर-15 सोनीपत, वीवान कंपनी बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। उन्होंने गोल्डन पाम सोसायटी में किराए पर फ्लैट लिया था और अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वीरवार शाम करीब पांच बजे ओ टावर के स्टूडियो अपॉर्टमेंट में रुकने के लिए आए थे।लेकिन शुक्रवार की रात को नमन मदान ने उसी फ्लैट के कमरे की 20वी मंजिल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि उसने खुदकुशी क्यों की यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। कहा जा रहा है कि युवती से किसी विवाद के बाद युवक ने खुदकुशी की है। पुलिस ने इस संबंध में युवती को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी का कहना है कि प्रारम्भिक पूछताछ से पता चला है कि मृतक नमन मदान की गर्लफ्रेंड भी सोनीपत की ही रहने वाली है। दोनों बैचमेट हैं। नमन मदान के परिवार वालों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है। अभी तक नमन के आत्महत्या करने का कारण सामने नहीं आया है। हालांकि गर्लफ्रेंड की उपस्थिति में घटना घटित होने के कारण पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और जांच में जुट गई है।
-

हमलावारों ने बुजुर्ग पर हथौड़े से किया हमला
लुधियानाः गांव शेरीया के नजदीक में कुछ लोगों ने बुजुर्ग व्यक्ति पर हथौड़े से हमला कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग का कुछ लोगों से पैसों का लेन देन था। इस दौरान आरोपियों ने उसे पेमेंट वापस देने के बहाने बुलाया और उसके सिर पर हथौड़े मारे। पीड़ित व्यक्ति की कर्मजीत सिंह के रूप में हुई है। जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। कर्मजीत का आरोप है कि उसने मोहन सिंह से 7 लाख रुपए लेने थे।
उक्त आरोपी ने उसे फोन करके पैसे देने के लिए बुलाया था। कर्मजीत मुताबिक वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर गांव भमां के अड्डे नजदीक पहुंचा। जहां आरोपी मोहन सिंह अपने एक अज्ञात साथी के साथ मौजूद था। उस व्यक्ति ने अपना मुंह छिपाया हुआ था। मोहन सिंह कर्मजीत की स्कूटी पर उसके पीछे बैठ गया। कर्मजीत मुताबिक जब वह कुछ दूरी पर गांव शेरीया के नजदीक पहुंचे तो अज्ञात व्यक्ति ने अपना बाइक उसकी स्कूटी के आगे लगा उसे रोक लिया।
अज्ञात व्यक्ति ने हथौड़े के साथ उसके सिर पर वार कर दिया। इस दौरान स्कूटी के पीछे बैठे मोहन सिंह ने भी उस अज्ञात व्यक्ति से हथौड़ा लेकर 2 से 3 वार सिर पर किए। दोनों आरोपियों ने कर्मचारी को मरा समझा और उसकी जेब से मोबाइल और पर्स से 20 हजार रुपए लूट लिए। कर्मजीत की हालत गंभीर देख लोगों ने उसके परिजनों को सूचित किया। लोगों ने एंबुलेंस बुला उसे फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसी हालत गंभीर है। थाना कुमकलां की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
-

कांग्रेस को बड़ा झटकाः 3 बार पार्षद रहे थापर सहित बलजिंदर आप में शामिल
लुधियानाः नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने कमर कसनी शुरू कर दी है। आए दिन पार्टी विपक्ष को बड़े झटके देकर उनके कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कर रही है। चंडीगढ़ में विधायक हरदीप मुंडियां, विधायक मदन लाल बग्गा की अगुवाई में शिअद व कांग्रेस को अलविदा कह कई नेताओं ने आप का दामन थाम लिया। वहीं अब तीन बार कांग्रेस पार्षद रह चुके सुशील कुमार राजू थापर और बलजिंदर सिंह संधू कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। आप के पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह ने इन नेताओं को सम्मानित किया।
जरनैल सिंह ने कहा कि पिछले 30 जून को उनकी पार्टी ने ऐलान किया था कि जल्द बिजली मुफ्त करने जा रहे हैं तो उन्होंने अपनी ये पहली गारंटी पूरी कर दी थी। जरनैल सिंह ने कहा कि पंजाब और दिल्ली दो ऐसे राज्य हैं जहां आप ने लोगों को किए वादे पूरे किए हैं। आज जो नेता बाकी राजनीतिक पार्टियों को छोड़ कर आम में शामिल होने आए हैं उनका वह स्वागत करते हैं। जरनैल सिंह ने कहा कि हर पार्टी में अच्छे बुरे लोग होते है। हमें जरूरत है अच्छे लोगों को अपने साथ जोड़ने की ताकि पंजाब को बेहतरी और विकास की तरफ ले जा सकें। बता दें कि सुशील कुमार राजू थापर लुधियाना से कांग्रेस पार्षद रहने के बाद महारानी परनीत कौर के काफी करीब थे।
-

शौकीनों को बड़ा झटका, तंदूर जलाने पर लगा बैन, लगेगा 5 लाख रुपये जुर्माना
जबलपुरः शहर में तंदूर जलाने पर रोक लगा दी गई है, यानि आप अब तंदूरी रोटी या तंदूरी चिकन के लिए तरस जाएंगे। काफी दिनो से प्रशासन की जानकारी में यह बात सामने आ रही थी की शहर में तंदूर ज्यादा मात्रा में जलने से प्रदूषण का लेवल खूब बढ़ रहा है। इसलिए इन पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। ऐसे में जबलपुर ऐसा पहला शहर होगा जहां तंदूर जलाने पर रोक लग गई है। गौरतलब है कि प्रशासन के एक आदेश के बाद होटल और टैंट संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
तंदूरी रोटी और तंदूरी चिकन के शौकीनों में निराशा
इस आदेश के बाद तंदूरी रोटी के शौकीन लोगों को निराशा हो रही है। अब उनकी पसंदीदा डिश आसानी से उपलब्ध नहीं होगी। हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि सेहत के लिहाज से यह आदेश लोगों में खुशी लेकर आया है, लेकिन इसमें होटल संचालक भी बेहद खफा हैं, उनके अलग मत हैं, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों के अलग मत हैं। होटल संचालकों का कहना है कि प्रशासन का यह आदेश गैर व्यावहारिक है। इस आदेश पर प्रशासन को पुनर्विचार करना चाहिए, वहीं प्रशासन प्रदूषण की दुहाई दे रहा है।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन का तर्क यह है कि तंदूर से निकलने वाले धुएं से प्रदूषण फैलता है और तंदूर सेहत के लिए नुकसानदायक है और यह निर्णय हवा की क्वालिटी सुधारने के लिए लिया गया है। प्रशासन के अनुसार प्रदूषण कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर 5 लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान है। संभवतया जबलपुर प्रदेश का पहला जिला है, जहां इस तरह का आदेश जारी किया गया है।
निराश ना हों, ऐसे बनाएं तंदूरी
इस आदेश के तहत यह भी कहा गया है कि आप तंदूरी खाद्य पदार्थ दूसरी तरह से भी बना सकते हैं। खाद्य विभाग ने हाल ही में 50 होटलों को नोटिस जारी किया था जिसमें लकड़ी और कोयले वाले तंदूर नहीं जलाने की बात कही गई थी। साथ ही खाद्य विभाग ने यह छूट दी थी कि एलपीजी या इलेक्ट्रिक तंदूर जलाकर तंदूरी खाद्य पदार्थ बनाए जा सकते हैं।
हवा क्वालिटी सुधारने चल रहे विभिन्न अभियान
केंद्र के निर्देश पर हवा की क्वालिटी सुधारने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने की दृष्टि से सभी राज्य अलग-अलग अभियान चला रहे हैं, जिससे प्रदूषण कम किया जा सके। इसी क्रम में जबलपुर प्रशासन ने भी कोशिश की है कि जिले में हवा की गुणवत्ता बेहतर रखना है। ऐसे में संभागायुक्त चंद्रशेखर ने मीडिया से बात करते वक्त बताया कि हमें जानकारी मिली थी कि होटलों में चलने वाले तंदूर लकड़ी और कोयला की आग से बनाए जा रहे थे और इससे निकलने वाले धुएं से प्रदूषण फैल रहा था।
-

नेशनल अवॉर्ड विनिंग मशहूर सिंगर का निधन, हाल ही में पद्म भूषण से किया गया था सम्मानित
नई दिल्ली: म्यूजिक जगत से एक दुखद खबर सामने आ रही है। नेशनल अवॉर्ड विनिंग लेजेंडरी सिंगर वाणी जयराम अब हमारे बीच नहीं रहीं। सिंगर का निधन हो गया है। वह चेन्नई में अपने घर में मृत पाई गई हैं। उनके निधन की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया है। हर तरफ शोक की लहर है।

वाणी जयराम ने दुनिया को कहा अलविदा
सिंगर वाणी जयराम ने 77 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। सिंगर का निधन उनके घर में हुआ है। वे अपने घर में मृत पाई गई हैं। सिंगर की मौत कैसे हुई इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
10 हजार से ज्यादा गानों को दी आवाज
वाणी जयराम ने हाल ही में एक प्रोफेशनल सिंगर के रूप में म्यूजिक इंडस्ट्री में 50 साल पूरे किए थे। वो अपने करियर में 10,000 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड कर चुकी थीं। वाणी जयराम आरडी बर्मन, केवी महादेवन, ओपी नैय्यर और मदन मोहन समेत कई अन्य प्रसिद्ध संगीतकारों के साथ काम कर चुकी थीं। उन्होंने सदाबहार चार्टबस्टर्स गाने दिए हैं। गणतंत्र दिवस के ठीक एक दिन पहले 25 जनवरी को सरकार ने पद्म पुरस्कारों की अनाउंसमेंट की थी। सिंगर वाणी जयराम का नाम भी इस बार पद्म भूषण की लिस्ट में शुमार था। वाणी जयराम को आधुनिक भारत की मीरा भी कहा जाता था। उन्होंने संगीत जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था।
इतनी भाषाओं में गाए थे गाने
वाणी जयराम ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, हिंदी, उर्दू, मराठी, बंगाली, भोजपुरी और उड़िया में कई गाने गाए थे। उन्हें तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात और ओडिशा से राज्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने अपने सिंगिंग करियर में कई खूबसूरत गानों को अपनी आवाज दी है। म्यूजिक वर्ल्ड में उनका योगदान हमेशा सराहा जाएगा। वाणी जयराम के निधन की खबर ने उनके तमाम चाहने वालों के दिल तोड़ दिए हैं। फैंस उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं।
-

जिस्मफरोशी का धंधा करती लड़कियां काबू, देखें वीडियो
लोगों का आरोपः 10 सालों से चल रहा था चिट्टे का धंधा, अब जिस्मफरोशी शुरू
जालंधर/वरुणः होशियारपुर रोड़ स्थित दीप कॉलोनी में इलाका निवासियों ने एक घर में जिस्मफरोशी का धंधा करते लड़के लड़कियों को रंगे हाथों काबू किया है। इस दौरान लोगों का आरोप है कि इलाके में पिछले 10 सालों से चिट्टे का धंधा चल रहा था, लेकिन अब उसके साथ जिस्मफरोशी का धंधा चलना शुरू हो गया। जिससे परेशान होकर देर रात इलाका निवासियों ने इकट्ठे होकर घर से लड़कियों को काबू किया। इस दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने कार्रवाई का आश्वसान देकर लेडिस पुलिस साथ ना आने के कारण लड़कियों को वहीं छोड़कर चले गए।
लोगों का आरोप है कि पहले पुलिस अधिकारी उक्त दो लड़कियों को साथ लेकर जाने लगे थे, लेकिन इसी दौरान उन्हें किसी का फोन आया। जिसके बाद उन्होंने लेडिस पुलिस साथ ना होने का कहकर लड़कियों को वहीं छोड़कर चले गए। लोगों का आरोप है कि इस धंधे में वह प्रशासन को महीना देते है, जिसके तहत कार्रवाई नहीं की जा रही। इस दौरान लोगों ने पुलिस अधिकारी को नशे के बारे में बताया तो उन्होंने नशे की शिकायत देने के लिए कहा।
जिसके बाद लोगों ने नशे बेचने वालों के नाम भी पुलिस को वीडियो में बताए है। लोगों ने पुलिस अधिकारी को बताया भी कि प्रवीण और सपना चिट्टा बेचती है। लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उक्त नशे बेचने वालों पर कार्रवाई करना सही नहीं समझा। वीडियो में आप देख सकते है कि इस दौरान लोगों की पुलिस वालों के साथ बहस भी हुई। लोगों ने बताया कि उन्होंने 4 लड़कियों को काबू किया। इस दौरान 2 मौके से भाग गई। वहीं जिस घर से लड़कियां बरामद हुई उनसे बात की गई तो उन्होंने कहा हमें बदनाम किया जा रहा है।
-

इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल डेवलपमेंट ने फ़्रेजीनियस काबी कम्पनी के साथ मिलकर मनाया विश्व कैंसर दिवस
कैंसर जागरूकता रैली का भी किया आयोजनभोजिया नर्सिंग कॉलेज के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए किया लोगों को कैंसर के प्रति जागरूकबददी/सचिन बैंसल: इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल डेवलपमेंट द्वारा फ्रेजीनियस काबी कम्पनी में शनिवार को विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया ।सबसे पहले कैंसर जागरूकता रैली निकाली गई जिसको कम्पनी के प्लांट हेड दिब्येंदु बेरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कम्पनी परिसर से शुरू होकर किशनपुरा, हररायपुर से होते हुए वापिस कम्पनी में समाप्त हुई।जिसमें कम्पनी के कामगारों के साथ साथ भोजिया नर्सिंग कॉलेज के बच्चो ने लोगों को केंसर के प्रति जागरूक किया।कंपनी के प्लांट में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया जिसका शुभारम किशनपुरा पंचायत प्रधान सुरजन सैनी ने किया जिसमे महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अंजली गोयल, बल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पी के गोस्वामी, डॉक्टर वी एस चनरिया व दन्त चिकित्सक डॉक्टर अभिजीत अवस्थी ने मरीजो की जांच की। कैंप में 260 मरीजों की जांच कर निशुल्क दवाइयां दी गई। डॉक्टर अंजली गोयल ने लोगों को केंसर के बारे मे जानकारी दी वही भोजिया नर्सिंग कॉलेज व अवस्थी नर्सिंग कालेज के बच्चो द्वारा नुक्कड नाटक भी पेश किया गया जिसमे नाटक के माध्यम से आए हुए लोगों को जागरूक किया गया। फ्रेजीनियस काबी कम्पनी के एच आर हेड ने कम्पनी के बारे मे बताया की कंपनी मूल रूप से केंसर की दवाइयां बनाती हैं और समय समय पर सीएसआर एक्टिविटी के अन्तर्गत समाजिक कार्यकर्म करते रहते हैं। आईजीडी संस्था के परियोजना आधिकारी बलजिंदर सिंह ने सभी आए हुए लोगों का आभार व्यक्त किया।