Blog

  • बॉर्डर पर घायल हुए किसान प्रीतपाल को लेकर गर्माई सियायत

    ‘आप’ और मजीठिया के बाद अब कैप्टन अमिरंदर का आया बयान

    चंडीगढ़ः पंजाब-हरियाणा सीमा पर पुलिस के साथ टकराव में गंभीर रूप से घायल हुए युवा किसान प्रीतपाल सिंह को हरियाणा से वापस लाने को लेकर जहां आम आदमी पार्टी व शिरोमणि अकाली दल में क्रेडिट वाॅर शुरू हो गई है। वहीं, दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी इस मामले को लेकर मैदान में उतर गए हैं। कैप्टन ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि वह प्रीतपाल सिंह के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से अपील की है कि उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, जो निहत्थे किसान प्रीतपाल सिंह पर हमले व मारपीट में शामिल थे।

    उन्होंने कहा कि प्रीतपाल सिंह सिर्फ वहां लंगर की सेवा कर रहा था। इसके बावजूद उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की गई। साथ ही शिरोमणि अकाली दल ने रविवार को कहा कि घायल किसान प्रीतपाल सिंह को अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के प्रयासों से हरियाणा से चंडीगढ़ रेफर करवाया गया है। मजीठिया ने इस मामले को हरियाणा के समक्ष उठाया था। इससे पहले आप पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने कहा था कि मुख्यमंत्री मान के निर्देशों पर मुख्य सचिव ने प्रीतपाल सिंह को इलाज के लिए पंजाब को सौंपने के बारे में हरियाणा के मुख्य सचिव को पत्र लिखा था और सीएम मान के हस्तक्षेप के बाद ही प्रीतपाल को चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया।

  • ज्ञानवापी में पूजा को लेकर हाईकोर्ट का आया फैसला

    वाराणसी : ज्ञानवापी तहखाना (व्यास तहखाना) में हिंदुओं का पूजा-पाठ जारी रहेगा। 26 फरवरी को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ये फैसला सुना दिया। इससे पहले वाराणसी जिला कोर्ट ने व्यास तहखाने में हिंदुओं को पूजा करने का अधिकार दिया था। इसके बाद 31 जनवरी की रात तहखाने में पूजा शुरू हुई थी।  व्यास तहखाने में पूजा पर रोक लगाने के लिए मुस्लिम पक्ष यानी अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी ने याचिका लगाई थी। मुस्लिम पक्ष ने हाईकोर्ट में दलील दी थी कि तहखाना लंबे समय से उनके अधिकार क्षेत्र में रहा है। यह ज्ञानवापी का हिस्सा है और उसमें डीएम समेत प्रशासन ने जल्दबाजी में तत्काल पूजा शुरू करा दी, जबकि इसके लिए समय था। तहखाना में तत्काल पूजा रोकनी चाहिए। जस्टिस रोहित रंजन अग्रवाल ने हिंदू और मुस्लिम पक्षों के तर्क सुनने के बाद व्यास तहखाना में पूजा को लेकर 15 फरवरी को फैसला सुरक्षित रख लिया था। वाराणसी कोर्ट ने 31 जनवरी की रात ज्ञानवापी के व्यास तहखाने में व्यास परिवार को पूजा-पाठ का अधिकार दिया था। मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल याचिका दाखिल करते हुए पूजा पर रोक की मांग की थी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इंकार करते हुए मुस्लिम पक्ष को पहले हाईकोर्ट जाने का सुझाव दिया था।

    मुस्लिम पक्ष यानी अंजुमन इंतजामिया के वकील मुमताज अहमद का कहना है कि व्यास तहखाना मस्जिद का पार्ट है। यह वक्फ बोर्ड की संपत्ति है। इसलिए पूजा-पाठ की अनुमति नहीं दी जा सकती। फैसले के बाद मुस्लिम पक्ष के वकील मेराजुद्दीन ने कहा कि फैसला न्यायसंगत नहीं है। हालांकि तहखाने के पारंपरिक पुजारी रहे व्यास परिवार के शैलेंद्र व्यास ने याचिका दाखिल कर पूजा-पाठ की इजाजत मांगी थी और तहखाना में पूजा-पाठ शुरू करा दिया गया। वाराणसी जिला कोर्ट ने 1 फरवरी को ज्ञानवापी के व्यास तहखाने में पूजा करने की इजाजत दी थी। इस तहखाने में 1993 से पूजा-पाठ बंद था।​ यानी 31 साल बाद यहां पूजा-पाठ की इजाजत दी गई थी। कोर्ट ने कहा था कि काशी-विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट बोर्ड पुजारी का नाम तय करे और DM सात दिन के अंदर पूजा-पाठ के लिए जरूरी इंतजाम करेंगे।

  • एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा: ट्रक से SUV की हुई टक्कर, 2 की मौ+त, देखें CCTV

    सुलतानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अभी दो दिन पहले ही बिहार की ओर जा रही तेज रफ़्तार कार डिवाइडर से टकराकर हादसे का शिकार हो गई थी। इसमें पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, बीते दिन देर शाम फिर एक बड़ा हादसा हो गया। जहां एक एसयूवी की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला की इलाज के दौरान मौत हुई। इस घटना में अन्य तीन लोग घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

    बल्दीराय तहसील क्षेत्र से गुजरी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से बनारस जा रही तेज रफ्तार एसयूवी अचानक टायर फटने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर होने से एसयूवी डिवाइडर से टकरा गई। इसमें गाड़ी सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान शारदा अरोड़ा (62) पत्नी नरेंद्र अरोड़ा निवासी वसुंधरा इनक्लेव ईस्ट दिल्ली थाना अशोकनगर के तौर पर हुई है। इसके अलावा मुकुल अरोड़ा (36) पुत्र नरेंद्र अरोड़ा, नरेंद्र अरोड़ा (64), नूपुर अरोड़ा पत्नी मुकुल अरोड़ा, भावना अरोड़ा (34) पुत्री नरेंद्र अरोड़ा और अमराबेदी (8) पुत्री भवना अरोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए।

    सभी घायलों को अयोध्या के सौ शैया पिठला कुमारगंज भिजवाया गया। यहां पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद 2 घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उनको ट्रॉमा सेंटर अयोध्या के लिए रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान भावना अरोड़ा की मौत हो गई। वहीं, अमराबेदी और मुकुल की स्थिति सामान्य है। बल्दीराय थानाध्यक्ष आरबी सुमन ने बताया कि घटना की जांच चल रही है। पहली नजर में एसयूवी का टायर फटने से टकराने की बात सामने आ रही है।

  • नफे राठी पर हमला करने वाले आरोपियों की CCTV आई सामने

    बहादुरगढ़ः हरियाणा के बहादुरगढ़ में INLD के प्रदेश अध्यक्ष रहे नफे सिंह का ताबड़तोड़ फायरिंग कर मर्डर कर दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि कैसे वारदात को अंजाम देने से पहले हमलावर काफी देर तक कार में सवार होकर नफे सिंह के गुजरने का इंतजार करते रहे। सामने आया सीसीटीवी फुटेज घटनास्थल से कुछ दूरी का है। वीडियो में नजर आ रही कार में ही सवार होकर शूटर्स आए थे। वारदात की जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में पुलिस को संदिग्ध कार नजर आई है। पुलिस गाड़ी के नंबर को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

    हत्या के कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग अब तक नहीं मिल पाया है। नफे सिंह के हत्यारों को पकड़ने के लिए जांच में दो डीएसपी और स्पेशल टास्क फोर्स को लगाया गया है। नफे सिंह राठी के शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के अस्पताल ले जाया गया है। आज शव का पोस्टमार्टम होगा. उनके दो सुरक्षाकर्मियों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। हरियाणा पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ नामज और 4 अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है, पुलिस ने पूर्व विधायक नरेश कौशिक, पूर्व चेयरमैन और मौजूदा चेयरपर्सन सरोज राठी के पति रमेश राठी और चाचा ससुर कर्मवीर राठी, देवर कमल राठी, पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के पुत्र सतीश राठी, पोते गौरव और राहुल के खिलाफ दर्ज की गई है।

    हालांकि बताया जा रहा है कि हमलावर 5 थे। एफआईआर में आरोपियों के नाम नरेश कौशिक, रमेश राठी, सतीश राठी और राहुल बताए गए हैं। शिकायत नफे सिंह के भांजे राकेश उर्फ संजय जो कार के ड्राइवर थे, उनके खिलाफ तय की गई है। आरोपियों के खिलाफ 147, 148, 149, 307, 302, 120बी, 25-27- 54-59 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि आई10 कार में आए शूटरों ने राठी पर रविवार को उस वक्त हमला किया, जब वो किसी व्यक्ति की मौत पर शोक प्रकट कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान हमलावरों ने पीछे से उनकी फॉर्च्यूनर कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी. कहा जा रहा है कि शूटरों ने राठी की गाड़ी पर 40 से 50 राउंड गोलियां दागीं और उन्हें छलनी कर दिया। इस हमले में ना सिर्फ नफे सिंह राठी की मौत हुई बल्कि उनके एक सुरक्षाकर्मी की भी जान चली गई।

    जिस वक्त नफे सिंह पर यह हमला हुआ, उस समय उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी में कुल पांच लोग मौजूद थे। नफे सिंह ड्राइवर के साथ आगे वाली सीट पर बैठे थे, जबकि उनके 3 गनमैन पीछे की सीट पर बैठे थे। शाम के करीब 5 बजे जब उनका काफिला बराही रेलवे फाटक पर पहुंचा तो पहले से पीछा कर रहे शूटरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। नफे सिंह और उनके एक सुरक्षा गार्ड को कई गोलियां लगी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके अन्य सुरक्षाकर्मियों को भी जांघ और कंधे में गोली लगी है। उनके काफिले में और भी कई गाड़ियां चल रही थीं।

  • पंजाब : EMG उद्घाटन में पहुंची हरसिमरत कौर बादल, देखें वीडियो

    बठिंडा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पंजाब को दो बड़ी सौगातें दीं। प्रधानमंत्री ने फिरोजपुर में 100 बिस्तरों वाले पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का शिलान्यास किया। साथ ही संगरूर में 300 बिस्तरों वाला पीजीआई सैटेलाइट राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में गुजरात के राजकोट से वर्चुअली शामिल हुए। इस मौके पर हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि एम्स अस्पताल में आईसीयू बेड कम होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मैंने इसे 500 बेड का आईसीयू वाला एम्स अस्पताल बनाने की अपील की है।

    एम्स अस्पताल स्वर्गीय सरदार प्रकाश सिंह बादल की देन है, उनके प्रयासों से वर्ष 2014 में बठिंडा में एम्स लाया गया। 2014 में लाई गई छवि से न केवल पंजाब बल्कि पड़ोसी राज्यों को भी फायदा हो रहा है। मंच पर बोलते हुए हरसिमरत कौर बादल ने किसानों को लेकर भी बात की और अब पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा बॉर्डर पर पंजाब के किसानों की शहादत बेहद निंदनीय है। इसको लेकर केंद्र सरकार को कोई समाधान निकालना होगा।

    पंजाब के किसानों का मसला, इसके अलावा पंजाब में पिछले आंदोलन के दौरान करीब 700 किसान शहीद हुए थे और अब 10 दिन में चार से पांच किसानों की मौत हो गई है। इस बीच केंद्र सरकार को समझदारी से पंजाब के किसानों और उनकी भावनाओं का मसला सुलझाना चाहिए। पांच राज्यों की 46 संसदीय सीटों पर आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि इन दोनों पार्टियों का गठबंधन पहले ही हो चुका है। यह सिर्फ पंजाब की जनता को गुमराह करने की योजना है

  • पंजाबः तस्कर को नशा बेचने से रोकना पड़ा महंगा, तेजधार हथियार मारकर की ह+त्या, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले में लगातार गुंडागर्दी बढ़ रही है। पंजाब सरकार की सख्ती के बावजूद नशा अभी भी नहीं रूक रहा। वहीं आए दिन दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले सामने आ रहे है। इस बीच पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। वहीं देर रात गुआल मंडी इलाके में एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमलाकर कर हत्या कर दी गई। शहीद उधम सिंह नगर गली नंबर 5 में देर रात एक युवक की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। इस मौके पर पीड़ित परिवार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि छोटा राजन और उसका परिवार सरेआम ड्रग्स बेचने का काम करता है।


    जिसके चलते हमारे भाई ते उनपर गलत इलजाम नशा बेचने के लगाए जा रहे है। जिसके बाद उनके भाई ने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए थे। लेकिन छोटा राजन और उसका परिवार उनके साथ रजिंश रख रहा था और आए दिन वह उनके साथ झगड़े करते थे। वहीं देर रात उन्होंने हमारे पिता पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिसके बाद उनका भाई घायल अवस्था में अपने पिता को पुलिस प्रशासन के पास चला गया। वहीं पुलिस ने उन्हें सिविल अस्पताल भेज दिया। इसके तुरंत बाद, छोटा राजन और उसके परिवार के सदस्य सिविल अस्पताल पहुंचे।

    परिवार ने आरोप लगाए है कि जहां उन्होंने उसके भाई पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद घटना को अंजाम देकर सिविल अस्पताल से फरार हो गए। परिवार ने आरोप लगाए है कि आरोपियों ने पुलिस प्रशासन के सामने ही उसके भाई पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस मौके पर जब पुलिस अधिकारियों से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने बताया कि यह झगड़ा न्यू शहीद उधम सिंह नगर गली नंबर 5 में हुआ है। जिसके बाद घायल को सिविल अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उन्होंने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • भीषण सड़क हादसे में मशहूर गायक सहित 9 की मौ’त

    कैमूर : मोहनिया थाना क्षेत्र के देवकली गांव के पास देर शाम भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी। स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर दूसरे लेन में सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई स्कॉर्पियो में 2 महिलाएं सहित 8 लोग सवार थे वहीं बाइक पर एक व्यक्ति सवार था हादसे में सबकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी इन सबकी पहचान हो गई है इस घटना में भोजपुरी गायक छोटू पांडेय और उनके राइटर की भी मौत हुई है देर रात घटना की सूचना मिलते ही बक्सर के सांसद सह केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे सदर अस्पताल भभुआ पहुंचे।

    अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि दिल्ली से बनारस होते हुए रामगढ़ में शादी समारोह में जाना था कैमूर डीएम का फोन आया और उन्होंने इसकी जानकारी दीपहले तो मरने वालों की पहचान नहीं हो पा रही थी बाद में पता चला। इसमें जितने कलाकार थे सभी अच्छे थे लगभग सारे कलाकारों के साथ मैंने मंच पर कार्यक्रम किया है हृदय विदारक घटना को देखकर काफी दुख हुआ वहीं कैमूर डीएम सावन कुमार ने कहा है कि जो भी मुआवजा होगा वह दिया जाएगा सभी शवों की पहचान कर उसके आधार नंबर की जांच कर उनके खाते में 10 से 15 दिनों के अंदर राशि आ जाएगी ये इंश्योरेंस कंपनी के आधार पर होता है कि कितने पैसे मिलेंगे प्रति व्यक्ति 4 से 5 लाख रुपये के मुआवजे का प्रावधान है

  • पंजाबः बनियान में थाने में बैठकर शिकायत दर्ज करने वाला Sub Inspector सस्पेंड, देखें वीडियो

    अमृतसरः थाने के अंदर बनियान पहन लोगों से डील करना सब इंस्पेक्टर के लिए भारी पड़ गया। बनियान में लोगों से बातचीत करते हुए का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस कमिश्नर अमृतसर भी हरकत में आ गए। पुलिस ने सब इंस्पेक्टर को आइडेंटिफाई करके उसे सस्पेंड कर दिया है। सब-इंस्पेक्टर की पहचान स्वर्ण सिंह के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना थाना रामबाग-डिवीजन की है। कोई व्यक्ति अपने घर पर हुए हमले को लेकर शिकायत लेकर पहुंचा था। थाने में पुलिसकर्मी बनियान में बैठा था और उसने बिना वर्दी पहने ही शिकायतकर्ता के साथ बातचीत करना शुरू कर दिया।

    वीडियो में सब इंस्पेक्टर स्वर्ण सिंह के बाल बिखरे हुए थे और एक तरफ उसकी बेल्ट रखी हुई थी। बातचीत करते हुए वे कुछ खा रहा था, खाने वाला बर्तन भी उसके सामने पड़ा था। बीच में उसने गिलास उठाया और दूसरी तरफ रख दिया। इसी दौरान उक्त सब इंस्पेक्टर की किसी ने वीडियो बना ली और वायरल कर दी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। एडीसीपी नवजोत सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए सब इंस्पेक्टर स्वर्ण सिंह को सस्पेंड कर दिया है। बनियान में बैठ कर लोगों से डील करना निंदनीय बात है। सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

  • पंजाबः MBD Mall के पास बेकाबू होकर पलटी कार, खड़ी कार भी हुई क्षतिग्रस्त, देखें वीडियो

    लुधियानाः फिरोजपुर रोड पर देर शाम एमबीडी मॉल के पास एक तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान सड़क पर खड़ी एक टैक्सी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ड्राइवर को बेकाबू होकर पलटी गाड़ी से ड्राइवर को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले गए। गाड़ी के मालिक का कहना है कि वह मुल्लापुर की तरफ से आ रहा था तभी अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

    पीड़ित ड्राइवर को गाड़ी से बाहर निकालने वाले व्यक्ति ने कहा कि उन्होंने दुर्घटना के तुरंत बाद उसे गाड़ी से बाहर निकाला और पास के एक निजी अस्पताल में ले गए। इसके बाद उन्होंने गाड़ी को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा कर दिया ताकि यातायात बाधित न हो। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच करने की बात कही है।

  • पंजाबः फैक्ट्री में कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौ+त, देखें वीडियो

    लुधियानाः चंडीगढ़ रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जिसके बाद परिजन बीते दिन देर शाम शव को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक गुरचरण सिंह पिछले 8 साल से फैक्ट्री में काम करता था और वहीं रहता था। शाम को उन्हें फोन आया कि गुरचरण सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है।

    परिजनों का आरोप है कि गुरचरण सिंह के मुंह से खून बह रहा था। इसके अलावा उनके शरीर पर चोटों के निशान भी हैं। परिजनों ने इस मामले में प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई हैं। उधर, चौकी रामगढ़ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अस्पताल पहुंचे पुलिसकर्मी ने बताया कि उन्होंने मौके पर जाकर मामले की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।