Blog

  • जन सुराज को लगा बड़ा झटका, मशहूर सिंगर ने पार्टी से दिया इस्तीफा

    जन सुराज को लगा बड़ा झटका, मशहूर सिंगर ने पार्टी से दिया इस्तीफा

    पटना: बिहार में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बड़ा झटका लगा है। चुनाव से पहले पार्टी में शामिल हुए भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने अब पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपनी इस जानकारी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया। रितेश ने बताया कि उन्होंने लोकतंत्र के महापर्व यानी चुनाव में हिस्सा लिया, लेकिन परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहे। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है।

    हार का अफसोस नहीं
    रितेश पांडेय ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्होंने एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में जन सुराज पार्टी के साथ जुड़कर चुनाव में भाग लिया। परिणाम उनके अनुकूल नहीं रहे, लेकिन उन्हें इस बात का किसी भी तरह का दुख या अफसोस नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना काम ईमानदारी और मेहनत से किया।

    एक्स पर दी इस्तीफे की जानकारी
    रितेश ने आगे लिखा कि अब वह जन सुराज पार्टी की सदस्यता छोड़ रहे हैं, क्योंकि उनके लिए राजनीतिक दल के माध्यम से काम करना बहुत मुश्किल हो रहा था। उन्होंने बताया कि वह एक साधारण किसान परिवार से आते हैं और लोगों के प्यार और सम्मान ने उन्हें यहां तक पहुंचाया। रितेश ने उम्मीद जताई कि उनके फैंस और समर्थक उनकी बात को समझेंगे।

    करगहर सीट पर मिली हार
    रितेश पांडेय ने बिहार के रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। चुनाव से पहले वह कई जगहों पर प्रशांत किशोर के साथ प्रचार करते नजर आए।

    चुनाव में रितेश पांडेय को 16,298 वोट मिले
    चुनाव के परिणाम के अनुसार रितेश पांडेय को 16,298 वोट मिले। JDU के वशिष्ठ सिंह ने 92,485 वोट लेकर जीत हासिल की। BSP के उदय प्रताप सिंह को 56,809 वोट मिले। इस तरह, रितेश को करगहर सीट पर हार का सामना करना पड़ा।

     

     

  • गैंगस्टर और शूटर देश में कहीं भी नहीं बचेंगे, पीछा कर गिरफ्तारी करेगी पंजाब पुलिस: बलतेज पन्नू

    गैंगस्टर और शूटर देश में कहीं भी नहीं बचेंगे, पीछा कर गिरफ्तारी करेगी पंजाब पुलिस: बलतेज पन्नू

    चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब पूरी तरह सुरक्षित है और कानून व्यवस्था पूरी तरह काबू में है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून को अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सोमवार को पार्टी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जो भी व्यक्ति हिंसा करेगा या गोलियां चलाएगा, उसे उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा।

    पन्नू ने सरपंच हत्या, लुधियाना के हैबोवाल मुठभेड़ और मोहाली गोलीबारी मामलों का हवाला देते हुए बताया कि पुलिस ने अपराधियों का पीछा कर उन्हें दूसरे राज्यों से गिरफ्तार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैंगस्टर और शूटर पंजाब में अपराध करने के बाद कहीं भी नहीं छिप सकते और पुलिस किसी भी राज्य में जाकर उन्हें पकड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के माध्यम से विभिन्न राज्यों में की गई गिरफ्तारियों का उल्लेख करते हुए पन्नू ने कहा कि पंजाब पुलिस को अपराधियों को बख्शने की कोई छूट नहीं है।

    बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब पुलिस आधुनिक वाहनों, उन्नत निगरानी प्रणाली और नवीनतम तकनीक से लैस है और हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ ताकतें बार-बार शांति भंग करने की कोशिश करती हैं, लेकिन वे असफल होंगी। पन्नू ने यह भी कहा कि मान सरकार गैंगस्टरों को सरपरस्ती नहीं देती और किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को भी कानून के दायरे से बाहर नहीं रखा जाएगा।

  • Haryana News: चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस को चकमा दे हुआ फरार, देखें वीडियो

    Haryana News: चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस को चकमा दे हुआ फरार, देखें वीडियो

    पंचकूला। सेक्टर 6 अस्पताल में चोरी के मामले में गिरफ्तार चोर को पुलिस मेडिकल कराने के लिए आई तो चोर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं क्राइम ब्रांच की टीम भी चोर की तलाश कर रही है। पंचकूला के सेक्टर 14 थाना पुलिस के द्वारा दीपक नाम के आरोपी को सेक्टर 14 में एक दुकानदार के गल्ले से 6000 चोरी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था और गिरफ्तार करने के बाद जब पुलिस आरोपी को सेक्टर 6 अस्पताल में मेडिकल के लिए लाई तो पुलिस को चकमा देकर आरोपी फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

    इस पूरे मामले में एसीपी हेड क्वार्टर विक्रम नेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि जब पुलिस आरोपी का मेडिकल करवा रही थी तभी चोर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी को सेक्टर 14 में एक दुकानदार के गल्ले से 6000 चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था और लगातार क्राइम ब्रांच और पुलिस की टीमें आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सेक्टर 7 थाने में आरोपी के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।

  • कड़ाके की ठंड में भी जनता के बीच पहुंचे CM Mann, जालंधर लोक मिलनी में विकास पर दिया जोर

    कड़ाके की ठंड में भी जनता के बीच पहुंचे CM Mann, जालंधर लोक मिलनी में विकास पर दिया जोर

    जालंधर: कड़ाके की ठंड के बावजूद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज जालंधर में आयोजित लोक मिलनी के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक मिलनियां पारदर्शी और जवाबदेह शासन की मजबूत कड़ी हैं, जो सरकार को जमीनी स्तर की वास्तविकताओं से जोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली, बड़े पैमाने पर रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा सुधारों जैसी जन-हितैषी नीतियों से आम लोगों पर आर्थिक बोझ लगातार कम हुआ है।

    लोक मिलनी को शासन का नियमित हिस्सा बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब की पुरातन शान को बहाल करने और उसे पुनः देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ‘रंगला पंजाब’ के विज़न का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक समृद्ध और विकसित पंजाब बनाने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

    मुख्यमंत्री ने प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य के 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली दी जा रही है और 63,000 से अधिक युवाओं को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में 881 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से मुफ्त इलाज और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • Punjab News: सरपंच कत्ल मामले में आरोपियों को कोर्ट में किया गया पेश, देखें वीडियो

    Punjab News: सरपंच कत्ल मामले में आरोपियों को कोर्ट में किया गया पेश, देखें वीडियो

    अमृतसर। बाईपास पर वल्टोहा के सरपंच मर्डर केस में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ के रायपुर से जिन दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो इस मर्डर में शूटर बताए जा रहे हैं, और उनके साथ दो और आरोपियों को अमृतसर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश होने के बाद यहां आरोपियों की रिमांड नहीं मिल पाई।

    जानकारी के मुताबिक, अब पुलिस इन आरोपियों को मजिस्ट्रेट के घर पेश करेगी और आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करेगी। पुलिस ने इस पूरे केस के बारे में मीडिया से कोई ऑफिशियल जानकारी शेयर नहीं की है। गौरतलब है कि हाल ही में अमृतसर बाईपास पर स्थित एक प्राइवेट रिसॉर्ट में आम आदमी पार्टी से जुड़े एक सरपंच की दो शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

    घटना के बाद दोनों शूटर रायपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां भाग गए थे, जिन्हें पुलिस ने रविवार को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।

  • मुख्यमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं की समीक्षा की

    मुख्यमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं की समीक्षा की

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विभागों और उपक्रमों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने गर्मियों के मौसम में बांधों और जलाशयों से पानी के वाष्पीकरण का वैज्ञानिक और विस्तृत अध्ययन कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई शहरों में बढ़ते धुंध स्तर पर चिंता जताते हुए कहा कि यह जानना जरूरी है कि जलाशयों से वाष्पीकरण का बादल फटने की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।

    मुख्यमंत्री ने ग्लेशियरों के पिघलने की दर और इसके बाढ़ प्रबंधन व पर्यावरण पर प्रभाव का भी अध्ययन करने को कहा। उन्होंने बताया कि ग्लेशियरों का तेज़ी से पिघलना पारिस्थितिक तंत्र और प्राकृतिक संतुलन के लिए गंभीर खतरा है। बैठक में उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    मुख्यमंत्री ने स्मार्ट मीटर और फीडर बिलिंग मैपिंग पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि 13 जल विद्युत परियोजनाओं के पूर्ण होने से राज्य की ऊर्जा उत्पादन क्षमता में 1229 मेगावाट की वृद्धि हुई है। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

  • चिट्टा मामले में सख्त कार्रवाई, हिमाचल सरकार ने हटाए 11 पुलिसकर्मी

    चिट्टा मामले में सख्त कार्रवाई, हिमाचल सरकार ने हटाए 11 पुलिसकर्मी

    शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने चिट्टा तस्करी में शामिल 11 पुलिस कर्मियों को आज सेवा से बर्खास्त कर दिया। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के मामलों में संलिप्त पाए जाने और राज्य सरकार की चिट्टा और नशे के खिलाफ शून्य सहिष्णुता नीति के तहत की गई है। कार्रवाई अनुच्छेद 311(2)(बी) के तहत की गई और यह स्पष्ट संदेश है कि पुलिस बल में कानून तोड़ने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।

    मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला में उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी चिट्टा और अन्य ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिट्टा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी पद पर हो, को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने विभाग की कार्रवाई का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

    मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि चिट्टे की तस्करी और गतिविधियों में शामिल कर्मचारियों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्य सचिव को प्रस्तुत की जाए। उन्होंने चिट्टे से संबंधित सूचना देने वाले नागरिकों के लिए ईनाम राशि की भी घोषणा की। इसके तहत 2 ग्राम तक की सूचना पर ₹10,000, 1 किलो तक ₹5 लाख और 1 किलो से अधिक पर ₹10 लाख तक का पुरस्कार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से 112 आपातकालीन नंबर पर किसी भी जानकारी साझा करने की अपील की।

  • डेज़ी शर्मा, जीवविज्ञान प्रवक्ता, स्मृद्धि योजना के तहत राष्ट्रीय मंच पर करेंगी हिमाचल का प्रतिनिधित्व

    डेज़ी शर्मा, जीवविज्ञान प्रवक्ता, स्मृद्धि योजना के तहत राष्ट्रीय मंच पर करेंगी हिमाचल का प्रतिनिधित्व

    ऊना /सुशील पंडित: जिला ऊना के राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टक्का की जीवविज्ञान प्रवक्ता डेज़ी शर्मा का चयन स्मृद्धि योजना के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय शैक्षणिक प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट एवं नवाचारी शैक्षणिक प्रस्तुति के आधार पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के लिए योग्यता प्राप्त की है और अब वे हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

    स्मृद्धि योजना का उद्देश्य शिक्षकों में नवाचार को प्रोत्साहित करना, कक्षा-कक्ष में रचनात्मक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों में वैचारिक समझ और कौशल विकास को सुदृढ़ करना है। इस योजना के अंतर्गत चयनित शिक्षक अपने विषय से जुड़े अभिनव प्रयोग, बहुविषयक दृष्टिकोण एवं प्रभावी शिक्षण मॉडल को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करते हैं।

    राष्ट्रीय स्तर की यह प्रस्तुति भुवनेश्वर, ओडिशा में आयोजित की जाएगी, जहां डेज़ी शर्मा जीवविज्ञान विषय पर आधारित अपने नवाचारों को 20 मिनट की प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत करेंगी। उनकी प्रस्तुति में विषयगत गहराई, पैटर्न-आधारित शिक्षण, गतिविधि-आधारित अधिगम तथा कला एवं विज्ञान के समन्वय जैसे पहलुओं को शामिल किया जाएगा।

    विद्यालय प्रशासन, DIET, सहकर्मियों एवं विद्यालय विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि पर डेज़ी शर्मा को हार्दिक बधाई दी है तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दी हैं। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय और जिले बल्कि सम्पूर्ण हिमाचल प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभा के लिए गर्व का विषय है।

  • Jalandhar News: Ertiga car सहित एक नशा तस्कर गिरफ्तार

    Jalandhar News: Ertiga car सहित एक नशा तस्कर गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: CIA स्टाफ जालंधर देहाती टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्कर को कार सहित गिरफ्तार किया है। जिससे पुलिस टीम ने 101 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पकड़े गये आरोपी की पहचान परवेज सिद्धू उर्फ ​​घोड़ा पुत्र जोगिंदर मसीह, निवासी जलोवाल, थाना भोगपुर के रूप में हुई।

    ये कार्रवाई SSP हरविंदर सिंह विर्क, डॉ. मुकेश कुमार PPS SP (लोकल/इन्वेस्टिगेशन) और इंद्रजीत सिंह PPS DSP (इन्वेस्टिगेशन) जालंधर रूरल के निर्देशों के मुताबिक, CIA स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर पुष्प बाली की टीम ने की है।

    पुलिस टीम ने प्रेस को जानकारी देते हुए SSP हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि इंस्पेक्टर पुष्प बाली इंचार्ज CIA स्टाफ जालंधर रूरल, ASI परविंदर सिंह की लीडरशिप में CIA स्टाफ की एक टीम को पुलिस स्टेशन आदमपुर/भोगपुर एरिया की तरफ पेट्रोलिंग के लिए भेजा गया था। पेट्रोलिंग के दौरान जब पुलिस पार्टी जंडु सिंघा से अलावलपुर होते हुए गांव ब्यास पहुंची, तो गांव ब्यास के लिंक रोड पर एक सफेद अर्टिगा कार नंबर (PB-01-G-0301) खड़ी दिखी। कार में एक युवक बैठा था, जो पुलिस की गाड़ी देखकर अचानक अपनी कार भगाने की कोशिश करने लगा।

    पुलिस पार्टी ने तुरंत उसकी गाड़ी के आगे सरकारी गाड़ी लगाकर उसे रोका और उसका नाम और पता पूछा। उसने अपना नाम परवेज सिद्धू उर्फ ​​घोड़ा बताया। गाड़ी की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से 101 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना आदमपुर, जालंधर ग्रामीण में धारा 21B-61-85 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया।

    SSP ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शादीशुदा है और जल्दी अमीर बनने के लालच में हेरोइन बेचने लगा था। वह कपूरथला जिले के हमीरा और सुभानपुर इलाकों से सस्ते दामों पर हेरोइन लाकर आदमपुर और भोगपुर इलाकों में सप्लाई करता था। 101 ग्राम हेरोइन के साथ उसकी गिरफ्तारी से उसके चल रहे ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है।

    गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है और पुलिस रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी कि वह हेरोइन कहां से लाया, किसे सप्लाई करनी थी, वह पहले कितनी बार कपूरथला इलाके से हेरोइन लाकर आदमपुर/भोगपुर में सप्लाई कर चुका है और इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़ा है। पुलिस रिमांड के दौरान और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

  • उद्योग नगरी बद्दी के सुरेंद्र शर्मा को मिली शहरी निकाय दून भाजपा की कमान

    उद्योग नगरी बद्दी के सुरेंद्र शर्मा को मिली शहरी निकाय दून भाजपा की कमान

    शहरी निकाय प्रकोष्ठ नगर निगम बददी क्षेत्र को करेंगे मजबूत

    बद्दी/सचिन बैंसल: भारतीय जनता पार्टी शहरी निकाय प्रकोष्ठ ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार किया है। जिला संयोजक सोलन लोकेश दत्ता ने नगर निगम बददी के आठ के निवासी सुरेंद्र शर्मा को शहरी निकाय प्रकोष्ठ दून मंडल का संयोजक नियुक्त किया है। सुरेंद्र शर्मा जो कि मूलत: हमीरपुर के गांव भिडा के रहने वाले हैं औद्योगिक नगर बददी में चार दशक से रह रहे हैं। शर्मा बददी बरोटीवाला के कई सामाजिक, धार्मिक व उद्योग संगठनों से जुडे हुए हैं। उनकी दून में रहने वाले प्रवासी व हिमाचली लोगों पर गहरी पकड है। नगर निगम बददी की हर आवासीय कालोनी में उनका तीन दशक से व्यापक जनसंपर्क है और हिमाचली व प्रदेश के अन्य जिलों के बददी के उद्योगों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों व श्रमिक शक्ति से बेहतर संपर्क है।

    उनके सुख दुख में वो शरीक होते रहे हैं। भाजपा ने उनकी नियुक्ति आने वाले नगर निगम बददी के चुनावों व विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए की है ताकि यहां के प्रवासी वर्ग को साधा जा सके। सुरेंद्र शर्मा दून जनहित मोर्चा के माध्यम से बददी शहर की सडक़, सीवरेज, गलियों व साफ सफाई का मुददा उठाते रहे हैं। भाजपा को अब आशा है कि शहरी क्षेत्र में कमजोर चल रही पार्टी को सुरेंद्र शर्मा के आने से मजबूती मिलेगी वहीं शहरी क्षेत्र के साथ साथ प्रवासी लोगों पर भी पकड मजबूत होगी। सुरेंद्र शर्मा ने अपनीे नियुक्ति के लिए पार्टी के हाईकमान सहित प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एडवोकेट अजमेर सिंह ठाकुर व जिला संयोजक सोलन लोकेश दत्ता का आभार जताया है।