Blog

  • Punjab News: इस इलाके में पहुंचे Health Minister, युवाओं से की बातचीत, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में पहुंचे Health Minister, युवाओं से की बातचीत, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू आज गुरदासपुर पहुंचे। जहां उन्होंने नशे के लिए बदनाम इलाकों का दौरा किया। उन्होंने गुरदासपुर के बबरी बाईपास स्थित सरकारी नशा मुक्ति केंद्र का भी दौरा किया और इलाज कराने आए युवाओं से बातचीत की।

    उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशा छोड़ने वाले युवाओं के साथ है और युवाओं को दलदल से निकालने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि विदेश में बैठे कुछ लोग पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं और पंजाब के युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाना चाहते हैं, इसलिए पंजाब के युवाओं को उनकी साजिशों को समझने की जरूरत है। वहीं उन्होंने लुधियाना में हुए चुनाव को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया देते कहा कि चुनाव में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत होगी।

  • अंतरराष्ट्रीय उड़ानों सहित Air India ने 8 उड़ाने की रद्द

    अंतरराष्ट्रीय उड़ानों सहित Air India ने 8 उड़ाने की रद्द

    9 दिन में 84 उड़ानें की गई रद्द

    मुंबईः एअर इंडिया ने रखरखाव और परिचालन संबंधी कारणों से 4 अंतरराष्ट्रीय विमानों सहित 8 उड़ाने शुक्रवार को रद्द कर दी है। इन उड़ानों को लेकर एअर इंडिया ने कहा कि यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य स्थल तक पहुंचाने के लिए उसकी टीम वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही हैं। विमान कंपनी ने यात्रियों को टिकट रद्द कराने पर पूरा पैसा लौटाने या पूरक व्यवस्था की पेशकश भी की है। जिन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द किया गया है, उनमें दुबई से चेन्नई के लिए एआई906, दिल्ली से मेलबर्न के लिए एआई308, मेलबर्न से दिल्ली के लिए एआई309 और दुबई से हैदराबाद के लिए एआई2204 शामिल हैं। एअर इंडिया ने कहा कि 4 घरेलू उड़ानों में से पुणे से दिल्ली के लिए एआई874, अहमदाबाद से दिल्ली के लिए एआई456, हैदराबाद से मुंबई के लिए एआई-2872 और चेन्नई से मुंबई के लिए एआई571 के लिए उड़ान रद्द कर दी गई हैं। बता दें कि बीते 9 दिन में 84 उड़ानें रद्द कर दी गई है। दरअसल, वीरवार 12 जून को विमान हादसा होने के बाद अब तक 9 दिन में एयर इंडिया अपनी 84 उड़ानों को अलग-अलग कारणों से रद्द कर चुका है। एयर इंडिया ने 12 जून को पांच, 13 जून को 11, 14 जून को 12, 15 जून को 14, 16 जून को 11, 17 जून को 16, 18 जून को तीन, 19 जून को चार और 20 जून को सुबह 10 बजे तक 8 उड़ान रद्द की है। इनमें अधिकतर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें थीं।
  • अस्पताल के NICU Ward में बिजली गुल, गर्मी से मरीज परेशान, वीडियो वायरल

    अस्पताल के NICU Ward में बिजली गुल, गर्मी से मरीज परेशान, वीडियो वायरल

    हरदोईः जिले के सरकारी अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को इन दिनों भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के आईसीयू वार्ड की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें देखा जा सकता है कि मेडिकल कॉलेज में बीती रात नवजात गहन चिकित्सा कक्ष (एनआईसीयू) की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे वहां भर्ती गंभीर नवजात मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

    एनआईसीयू वार्ड में लगे चारों एयर कंडीशनर काम नहीं कर रहे थे। बिजली कटौती के दौरान जनरेटर भी चालू नहीं किया गया। बैकअप की कोई व्यवस्था नहीं की गई। वार्ड का तापमान बढ़ने से नवजातों की स्थिति बिगड़ने लगी। परिजनों के विरोध के बाद स्टाफ ने दो एसी की सर्विसिंग करवाई।

    मरीजों के विरोध के बाद मौक़े पर पहुंचे सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने बताया मेडिकल कॉलेज में मूलभूत सुविधाएं और गंभीर वार्डों में मानक अनुरूप संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन सिर्फ कागजी कार्रवाई कर रहा है। वास्तविक स्थिति इससे अलग है। किसी भी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया। इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया गया है।

  • शुभांशु को अंतरिक्ष ले जाने वाला Axiom-4 Mission फिर टला, इस दिन होना था लॉन्च

    शुभांशु को अंतरिक्ष ले जाने वाला Axiom-4 Mission फिर टला, इस दिन होना था लॉन्च

    नई दिल्लीः भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को इंटरनेशनल स्पेस सेंटर यानी ISS ले जाने वाला एक्सिओम-4 मिशन ( Axiom Space Mission) एक बार फिर टल गया है। इसे 22 जून को लॉन्च किया जाना था, लेकिन ISS की सुरक्षा जांच के चलते इसे स्थगित कर दिया गया। एक्सिओम 4 मिशन को लॉन्च करने की नई तारीख का ऐलान जल्द ही होगा। अब तक नई तारीख सामने नहीं आई है।

    इससे पहले इस मिशन को 11 जून को भारतीय समय अनुसार शाम 5.30 बजे लॉन्च किया जाना था। हालांकि, प्रोपल्शन बे में ऑक्सीजन लीक के कारण इसे टाल दिया गया था।एक्सियम मिशन 4 (Ax-4) में चार देशों के चार एस्ट्रोनॉट 14 दिन के लिए स्पेस स्टेशन जाने वाले हैं।

    शुभांशु ISS पर जाने वाले पहले और स्पेस में जाने वाले दूसरे भारतीय होंगे। इससे पहले राकेश शर्मा ने 1984 में सोवियत यूनियन के स्पेसक्राफ्ट से अंतरिक्ष यात्रा की थी। नासा ने बताया कि ISS के Zvezda सर्विस मॉड्यूल के पिछले हिस्से में हाल ही में हुए मरम्मत कार्य की समीक्षा और सुरक्षा जांच के लिए और समय चाहिए। स्पेस स्टेशन की कई प्रणालियां आपस में जुड़ी हुई हैं, इस वजह से नई टीम के लिए सभी तकनीकी सिस्टम पूरी तरह तैयार रहना जरूरी है।

  • Punjab News: 20 वर्षीय नौजवान के कत्ल का आरोपी गिरफ्तार, हुआ चौकाने वाला खुलासा

    Punjab News: 20 वर्षीय नौजवान के कत्ल का आरोपी गिरफ्तार, हुआ चौकाने वाला खुलासा

    होशियारपुरः गढ़शंकर-नंगल सड़क पर बुधवार-गुरुवार की देर शाहपुर के घाटे में युवक 20 वर्षीय आरियन पुत्र सुमित कुमार निवासी सींहवा की गोली मारकर हत्या की गुत्थी को गढ़शंकर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के अनुसार देर रात दर्ज मामले में आरियन का मामा का लड़का नवीन कुमार, पुत्र सतीश कुमार निवासी कोकोवाल मजार ही उसका हत्यारा निकला है। ये दोनों देर रात लुधियाना से लौट रहे थे।

    पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे के अनुसार आरियन और नवीन कुमार के बीच दुकान खोलने को लेकर विवाद था, जिसके चलते नवीन कुमार ने आरियन को गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने नवीन कुमार के खिलाफ धारा 302 आईपीसी, 25-27/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

     

  • Punjab News: भीषण गर्मी में बारिश ने लोगों को दी राहत, सैर पर निकले बुजुर्गों के चेहरे खिले, देखें वीडियो

    Punjab News: भीषण गर्मी में बारिश ने लोगों को दी राहत, सैर पर निकले बुजुर्गों के चेहरे खिले, देखें वीडियो

    पठानकोटः गर्मी का मौसम शुरू होने के बाद से पठानकोट में पारा लगातार बढ़ता जा रहा था, जिसके चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था और अगर बाजारों की बात करें तो बाजार बंद थे और लोग सिर्फ सुबह और शाम को ही खरीदारी करने के लिए घरों से निकल रहे थे, लेकिन आज हुई बारिश के चलते लोगों के चेहरे खिल गए हैं और लोग भगवान का शुक्रिया अदा करते नजर आ रहे हैं। इस संबंध में जब सुबह पार्कों में सैर करने निकले बुजुर्गों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बारिश के चलते उन्हें राहत मिली है।

    मदन मोहन छाबड़ा ने बताया कि गर्मी के कारण जहां वे पहले अपने चार पहिये वाहन से ही घरों से निकलते थे, लेकिन आज बारिश के साथ सुहावना मौसम देखकर वे पहले से ज्यादा समय पैदल चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी के कारण लोगों के कारोबार ठप पड़े हुए थे और अब बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोग घरों से निकलकर बाजारों में खरीदारी करने आएंगे, जिससे कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

  • सुबह से हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित, वाहन बुरी तरह से हुआ क्षतिग्रस्त

    सुबह से हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित, वाहन बुरी तरह से हुआ क्षतिग्रस्त

    कैंट से हथनी की धार को जोड़ने वाली सड़क हुई अवरुद्ध

    शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून आने से पूर्व ही भारी बारिश का असर अब भूस्खलन की घटनाओं के रूप में सामने आने लगा है। राजधानी शिमला में शुक्रवार सुबह तड़के से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। शिमला में सुबह से घनी धुंध छाई हुई है, जिससे दिन में अंधेरा छा गया। कांगड़ा-धर्मशाला मार्ग भारी बारिश से चेतडू के पास भूस्खलन होने से बंद हो गया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे से मार्ग बंद रहा। वाहनों को बाया शीला-औरा-सराह मार्ग से कांगड़ा भेजा गया। बारिश के चलते शिमला के उपनगर टूटू के नजदीक जतोग कैंट क्षेत्र में भूस्खलन की घटना घटी, जिससे कुछ समय के लिए जतोग कैंट से हथनी की धार को जोड़ने वाली सड़क अवरुद्ध हो गई। भूस्खलन के चलते सड़क किनारे खड़ा एक वाहन मलबे की चपेट में आ गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे राहत की सांस ली गई। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क पर गिरे मलबे को हटाया गया और अब यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया है। मौसम विभाग ने पहले ही राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी और आने वाले एक सप्ताह तक लगातार बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने 26 जून तक के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है, जिसमें विशेष रूप से 22, 23, 25 और 26 जून को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ऐसे में पर्वतीय इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि बारिश से जमीन की परतें कमजोर हो जाती हैं और इससे भूस्खलन की घटनाएं अचानक हो सकती हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसमें सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में सर्वाधिक 84 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा शिमला में 15 मिमी, पंडोह में 35, सराहन में 20, जोगिंद्रनगर और पांवटा साहिब में 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन इसके साथ ही भूस्खलन और जलभराव जैसी समस्याओं ने नई चिंता भी खड़ी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून जल्द प्रदेश में दस्तक देगा। इससे बारिश का दौर और तेज़ होगा।
  • किडनैप प्रैंक REEL बनाना युवक को पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    किडनैप प्रैंक REEL बनाना युवक को पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    राजस्थानः किडनैप प्रैंक रील बनाना युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त की है। दादिया थानाधिकारी अशोक कुमार झाझड़िया ने बताया कि सीकर एसपी ऑफिस से एक वीडियो मिला, यह वीडियो सीकर में पिपराली चौराहे के पास का था। जिसमें एक स्कॉर्पियो गाड़ी में दो से तीन लड़के आते हैं और जबरदस्ती सड़क के नजदीक खड़े एक लड़के को अपने साथ गाड़ी में डालकर ले जाते हैं। यह देखकर वहां खड़े लोग भी अचंभित हो जाते हैं।

    वीडियो में गाड़ी के नंबरों की जांच के बाद मालिक का पता किया तो सामने आया कि गाड़ी कुड़ली गांव के प्रताप की है, जिसे उसका बेटा राहुल चला रहा था। मामले में राहुल को पूछताछ के लिए बुलाया तो वह स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर पुलिस थाने पर पहुंचा। पूछताछ कि तो उसने कहा कि हंसी-मजाक में दोस्तों के साथ वीडियो बनाया। इसके बाद राहुल पुलिस वालों से कहने लगा कि मेरी स्कॉर्पियो है, मैं चाहूं जैसे रील बनाऊं। अभी थाने से निकलते ही इस तरह और भी रील बनाऊंगा। जिसके बाद शांति व्यवस्था बिगड़ते देख पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार किया। साथ ही उसकी गाड़ी को भी जब्त कर लिया। थानाधिकारी झाझड़िया का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों से भी पूछताछ की जाएगी। इस तरह के वीडियो बनाकर समाज में भय न फैलाएं।

  • Deputy CM और MLA को मिली जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

    Deputy CM और MLA को मिली जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

    ऊनाः हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस विधायक राकेश कालिया को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया के जरिए दोनों नेताओं को यह धमकी मिली है। वहीं पुलिस ने शिकायत के बाद हरोली थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, हरोली निवासी अरुण कुमार द्वारा दी शिकायत के अनुसार, किसी ने अमरीश राणा की गिरफ्तारी से जुड़ा फेसबुक पोस्ट किया था।

    इस पर 19 जून को दिलीप कुमार नाम का सोशल मीडिया यूजर लिखता है दोबारा तलवार की मांग कर रही है पब्लिक।आगे रणदीप ठाकुर नाम का सोशल मीडिया यूजर पूछता है कि किस जुर्म में.. इस पर शार्प शूटर नबाईं वाला लिखता है वो डिप्टी और विधायक राकेश कालिया ही जाने।इसके बाद अरुण कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों नेता ऊना जिला से संबंध रखते हैं। मुकेश अग्निहोत्री ऊना के हरोली से विधायक है, जबकि राकेश कालिया गगरेट विधानसभा से उप चुनाव में जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।

    दरअसल, कुख्यात गैंगस्टर अमरीश राणा के चाल चलन को देखते हुए उसे 25 साल बाद दो-तीन महीने पहले ही जेल से रिहा किया गया था। मगर जेल से बाहर आते ही अमरीश राणा का नाम माइनिंग विवाद से जुड़ गया। इसके बाद अमरीश राणा की दोबारा गिरफ्तारी हुई है। डिप्टी सीएम और विधायक को धमकी भी अमरीश राणा की गिरफ्तारी से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट पर ही मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि धमकी देने वाले का अमरीश राणा से क्या संबंध है और उसने ऐसी धमकी क्यों दी? इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।

  • Jalandhar News: चोर ने एडिशनल सेशन जज की कोठी को बनाया निशाना, मोटर और टूटियां लेकर फरार

    Jalandhar News: चोर ने एडिशनल सेशन जज की कोठी को बनाया निशाना, मोटर और टूटियां लेकर फरार

    जालंधरः थाना-4 के अंतर्गत आती पुरानी बारादरी में चोर एडिशनल सेशन जज की कोठी में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। चोरी के बारे में जब जज के पियून को पता चला तो उसने थाना चार की पुलिस को सूचित किया। थाना-4 के जांच अधिकारी एएसआइ हीरा लाल ने जांच के दौरान चोर के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार एडिशनल सेशन जज परविंदर सिंह राय को पुरानी बारादरी में कोठी अलॉट हुई है, लेकिन जज कोठी में शिफ्ट नहीं हुए हैं, जिसमें रिपेयर का काम चल रहा था। बुधवार रात चोर कोठी में रिपेयर के काम का फायदा उठाकर दाखिल हो गया। वह कोठी के अंदर से एक पानी की मोटर और बाथरूम से पानी की टूटियां चोरी करके ले गया। चोरी का पता सुबह एडिशनल सेशन जज के पियून अशोक कुमार को लगा तो उसने पुलिस को सूचना दी।

    चोरी की सूचना पाकर मौके थाना-4 के जांच अधिकारी एएसआई हीरा लाल टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच के दौरान चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि कोठी के आस पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और वह चोर का रूट ब्रेक कर उसे गिरफ्तार कर लेंगे।